छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा
खोखरी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन
कलेक्टर आकाश छिकारा ने शिविर में दी शासन की योजनाओं की जानकारी
जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की मांग एवं समस्याओं के समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं लाभ देने के लिए जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत खोखरी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिक सहित आस-पास गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर में माँग एवं समस्याओं से संबधित कुल 359 आवदेन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी आवेदनों को समय सीमा में दर्ज कराया गया है। इस दौरान विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का विधायक शेषराज हरवंश, उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर आकाश छिकारा सहित अतिथियों ने अवलोकन किया।
जन समस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए विधायक पामगढ़ शेषराज हरवंश ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से एक मंच में सभी विभागीय योजनाओं को जानकारी मिल रही है और आम जनता की समस्याओं का निराकरण हो रहा है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन देकर निराकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो आवेदन प्राप्त हो रहे है उनका समय सीमा के भीतर निदान किया जाए। टीम वर्क से शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से लोगो की समस्याओं का समाधान हो रहा है। पहले जिस समस्याओं को लेकर आवेदन करने जिला जाना पड़ता था वह शासन प्रशासन लोगो के घर तक पहुंच रहा है और नागरिक गण अपनी समस्याओं के निदान के साथ ही सरकारी सेवाओं का लाभ ले रहें है।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि शासन की योजनाएं आम नागरिक तक पहुंचे और उनका क्रियान्वयन शत प्रतिशत हो इसको लेकर जिले में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने शासन द्वारा चलाये जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं व जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे नवाचार कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य सेवाओं के साथ साथ आप 5 लाख तक स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं। इसी प्रकार पीएम सम्मान निधि, विश्वकर्मा योजना शासन द्वारा चलाई जा रही है जिसका अधिक से अधिक लाभ लें। जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन भी शासन-प्रशासन के सभी विभागों को एक जगह उपस्थित होकर आम लोगों की समस्या, जरूरत व मांगों का समाधान करने व जरूरतमंद व पात्र हितग्राहियों व जनहित के मुद्दे का निराकरण करने आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धान के अलावा दूसरी कृषि, उद्यानिकी की फसलों को भी जरूर लगाए। इसके अलावा पीएम आवास योजना के माध्यम से जिनको आवास मिला है। इसके अलावा महात्मा गांधी नरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, बिहान योजना के माध्यम से स्व सहायता समूह के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को हम सबको पूरा करना है।
शिविर में कृषि विभाग, महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, आयुर्वेद विभाग आदि द्वारा जानकारी प्रदान की गई। शिविर में गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन, मोटराईज्ड ट्राईसायकल, जाति प्रमाण पत्र का वितरण, मत्स्य पालन के लिए तालाब को लीज पर देने के पट्टे का वितरण भी किया। एक पेड़ मां के नाम पौधे का वितरण भी अतिथियों द्वारा किया गया। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में हितग्राहियों को मुख्यमंच से योजनाओं से लाभांवित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम को श्री गुलाब सिंह चंदेल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य धरमलाल भारद्वाज, चंद्रकांत तिवारी, सहायक कलेक्टर दुर्गाप्रसाद अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, एसडीएम वहीदूर्रहमान, जनपद पंचायत सीईओ मनीशंकर कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकजन उपस्थित रहे।
भाजपा सदस्यता अभियान में जांजगीर-चांपा जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर
1.62 लाख के लक्ष्य के एवज में 1.30 लाख सदस्य बने
जांजगीर। भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान 6 सितम्बर से जारी हैं जिसका समापन 30 अक्टूबर को होना है इस अवधि में जांजगीर-चांपा जिला बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में दूसरे स्थान पर काबिज हो चुका हैं।
इस संबंध में सदस्यता अभियान के जिला संयोजक अमर सुल्तानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष गुलाब सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में पूरे जिले में बढ़ चढ़ कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान चलाया है जिसका परिणाम रहा कि समापन तिथी के पूर्व जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर आ चुका हैं। जिले में अब तक 1.30 लाख सदस्यता पूर्ण कर ली गई हैं।
अमर सुल्तानिया ने आगे बताया कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से इतिहास रचने जा रही हैं। भाजपा के कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों तक सीधे पहुंच कर उन्हें पार्टी की रितियों और नीतियों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं जिससे प्रभावित होकर लोग बढ़ चढ़ कर भाजपा के सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। अब तक प्रदेश में 47 लाख से ज्यादा सदस्य बन चुके हैं वहीं देश में साढ़े 9 करोड़ से ज्यादा सदस्यों का आंकड़ा पार हो चुका है। उन्होंने कहा कि जिला सहसंयोजक अरूण झाझड़िया, नंद चौधरी, धनंजय सिंह ठाकुर, श्रीमती शांति देवी भारते सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के द्वारा जांजगीर-चांपा जिले को दिये गये 1.62 लाख के लक्ष्य के एवज में अबतक 1.30 लाख सदस्यता पूर्ण कर लिया हैं और सत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में प्रयासरत हैं।
अमर सुल्तानिया ने सदस्यता अभियान से जुड़े हर एक पार्टी कार्यकर्ता का आभार प्रकट करते हुए उनके बहुमूल्य योगदान को सराहा है। उन्होने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हर एक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण हैं। सभी के सहयोग से भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित है।
सदस्यता अभियान के संयोजक ने बताया कि सदस्यता ऑनलाईन और ऑफलाईन दोनो तरह से चलाया जा रहा है जिन क्षेत्रों मे ऑनलाईन की सुविधा नही है या जिनके पास स्मार्ट फोन नही है ऐसे नागरिको को भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ऑफलाईन मोड पर दिलाई जा रही हैं। जिले में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा हैं। लोग बढ़ चढ़ कर सदस्यता अभियान में भागीदारी निभाते हुए भाजपा के मूल्यों, नितियों और रितियों को अपना रहे हैं। अमर सुल्तानिया ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि विकास के लिए प्रतिबद्ध विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्या बनकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनें।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदा (महुदा) में 24 को प्लेसमेंट कैम्प
जांजगीर-चांपा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदा (महुदा) में 24 अक्टूबर 2024 को सुजूकी मोटर्स-शेपर्स टैलेंट हायर सर्विस (कैम्पस रिक्रूटमेंट पार्टनर) की ओर से 24550 रुपये मासिक की दर से एनसीवीटी एवं एनसीवीटी के विभिन्न व्यवसाय (फिटर, मैकेनिक डीजल, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, विद्युतकार, टूल एण्ड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, ट्रैक्टर मैकेनिक, पेटर जनरल, वायरमेन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, शीट मेटल वर्क) के ऐसे पुरुष प्रशिक्षणार्थी जो कि 2017 से 2024 के बीच पास हुये है एवं जिनकी आयु 18-24 वर्ष हो आवेदन कर सकते है। आवेदक 24 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे समस्त आवश्यक दस्तावेज (10वीं, 12वीं, आई.टी.आई. आधार/पैन कार्ड की मूल एवं 02 छायाप्रति वर्तमान पासपोर्ट फोटो की 03 प्रति) के साथ संस्था में आयोजित प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित हो सकते हैं।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
24 अक्टूबर को पामगढ़ विकासखंड के ग्राम खोखरी में जनसमस्या निवारण शिविर का होगा आयोजन
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने मुख्य मंत्री जनदर्शन, समय सीमा के प्रकरण, कलेक्टर जनदर्शन और जनशिकायत, चैट बोट संवाद 24×7 के प्रकरणों पर चर्चा कर संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर व चैट बोट संवाद 24×7 में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री छिकारा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 5 नवंबर को हाई स्कूल मैदान में राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राज्योत्सव कार्यक्रम के गरिमामय आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को आवश्यक तैयारी एवं सौपे दायित्व का कर्तव्यपूर्वक निर्वाहन करने कहा। उन्होंने आवागमन, स्टॉल, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग एवं विद्युत व्यवस्था करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को शासन के योजनाओं कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आकर्षक प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर ने उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा के तहत मासिक टेस्ट में 10वीं एवं 12वीं के टॉप करने वाले 15-15 बच्चों को रायपुर साइंस सेंटर भ्रमण कराने हेतु आवश्यक तैयारी करने कहा। उन्होंने अनुकम्पा नियुक्ति पर भर्ती कार्यवाही एवं अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की रिक्त पदों की जानकारी ली एवं रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती की कार्यवाही करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। उन्होंने राजस्व एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप आय-जाति प्रमाण पत्र बनाने में प्रगति लाने के निर्दश दिए। कलेक्टर ने सीएमओ, जनपद सीईओ एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को ई-केवाईसी, श्रम कार्ड का पंजीयन, राशन का नवीकरण में प्रगति लाने कहा।
कलेक्टर श्री छिकारा ने कहा कि 24 अक्टूबर को पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत खोखरी में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारी करने कहा। उन्होंने शिविर में सीमांकन, बटांकन, नामांतरण, नक्शा सुधार, राशन कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र के कार्य सहित नागरिकों के अन्य मांग, समस्याएं व शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन, पीएम जन आरोग्य योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, पीएम विश्वकर्मा, महतारी वंदन योजना, केसीसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एस पी वैद्य, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
ट्रैक्टर की टक्कर से दो की मौत
जांजगीर। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर की टक्कर से जिले के दो लोगों की मौत हो गई थी। दोनों शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदई के निवासी हैं। जानकारी अनुसार धरदई निवासी आदित्य पटेल व चंद्र राम साहू अपनी बाइक सीजी 11 एके 5340 में सवार होकर ग्राम जोंधरा की ओर जा रहे थे।
ग्राम सोनसरी ढाबा के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने उन्हें ठोकर मार दी। इससे बाइक चालक जमीन पर गिर पड़े। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद जानकारी परिजनों को दी गई। पुलिस मर्ग दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। परिजन व चश्मदीदों का बयान लिया जाएगा।
समय-सीमा, जनदर्शन के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से करें निराकरण : कलेक्टर
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय सीमा की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर ने बैठक में स्वस्थ जांजगीर-चांपा अभियान की चर्चा करते हुए स्वास्थ्य अमले को चिन्हित व संदिग्ध लोगों का शत प्रतिशत सैम्पल जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी की भी जांच नहीं छूटनी चाहिए और संबंधित की बीमारी की जानकारी मिलने पर उसका हर संभव इलाज किया जाए। इस दौरान उन्होंने जिले में बाढ़ आपदा प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को एवं मौसमी बीमारियों पर स्वास्थ्य अमले को लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डायरिया के जहां जहां प्रकरण आए थे वहा पर नियमित जांच की जाए। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड को लेकर नियमित शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से युक्तियुक्तकरण में राज्य शासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की गाइडलाइन समय सीमा के साथ निर्धारित कर दी गयी है, जिसका पूरी तरह पालन करना है।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से आने वाले आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित अनुकम्पा नियुक्ति के पत्रों, निर्देशों के आधार पर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में प्रतिभाओं को निखारने, पहचानने ‘‘टैलेंट तिहार: प्रतिभा को पंख‘‘ कार्यक्रम हेतु स्कूलो में प्रतिस्पर्धा की आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 22 अगस्त को बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जर्वे-ब के शासकीय प्राथमिक शाला प्रागंण में आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविर एवं 23 अगस्त को विकासखंड अकलतरा के ग्राम पंचायत तरौद में होने वाले आजीविका ऋण मेला की आवश्यक तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम किसान योजना में नवीन कृषक पंजीयन प्रगति की जानकारी लेते हुए हितग्राहियों के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करते हुए किसानों का पंजीकरण करने कहा। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए अभियान चलाकर अधिक से अधिक जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र बनाने विशेष ग्राम सभा का भी आयोजन किया जाए। बैठक में उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से छात्रावास, अस्पताल, स्कूल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार करने कहा। उन्होंने साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से जल संरक्षण के कार्यों को किया जाए और मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मनरेगा श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीयन कराया जाए। उन्होंने जिले में खाद बीज भण्डारण की जानकारी लेते हुए पर्याप्त भंडारण रखने कहा। इसके साथ ही कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, समय सीमा के प्रकरण, कलेक्टर जनदर्शन और जनशिकायत, चैटबोट संवाद 24×7 के प्रकरणों पर चर्चा कर संबंधित विभागों को समय-सीमा कर अंदर निराकरण करने के निर्देश दिए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, जल जीवन मिशन, पीएम जन आरोग्य योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, पीएम विश्वकर्मा, अग्निवीर, महतारी वंदन योजना, केसीसी की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर एसपी वैद्य सहित जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रगतिशील कृषक राम प्रकाश ने की कलेक्टर से मुलाकात
महेश्वर फूल धान से होने वाले लाभ की दी जानकारी
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा से लखुर्री ग्राम के प्रगतिशील कृषक राम प्रकाश केशरवानी एवं कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ राजीव दीक्षित ने मुलाकात कर महेश्वर फूल धान के चावल के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि यह चावल मधुमेह रोगियों हेतु उपयुक्त है। कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ राजीव दीक्षित ने बताया कि चावल में ग्लाइसेमिक इंडेक्स 52.5 है जो मधुराज - 55 धान से भी कम है। उक्त धान को कृषक द्वारा वर्ष 2015 में कृषि विज्ञान केंद्र की सहायता से पौध किस्म कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम 2001 अंतर्गत पंजीयन हेतु प्रेषित किया था। दिसंबर 2023 को कृषक को जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त धान का पंजीयन उनके नाम से हो गया है। कलेक्टर छिकारा ने प्रगतिशील कृषक द्वारा की जा उन्नत धान की फसल की पैदावर को लेकर सराहना करते हुए उनकी प्रशंसा की। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ राजीव दीक्षित ने बताया कि ग्लाइसेमिक इंडेक्स से यह पता लगता है कि मधुमेह से ग्रसित लोगों के लिए कौन सा भोजन सबसे अच्छा और उपयुक्त है। 55 से कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला खाद्य पदार्थ निम्न श्रेणी में, 55 से 70 मध्यम श्रेणी में व 70 से 100 उच्च श्रेणी में आता है। क्योंकि महेश्वर फुल धान का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 52.5 है अतः उक्त धान मधुमेह के रोगियों हेतु उपयुक्त है।
मुर्गी पालन से श्यामबाई प्रति माह मुनाफा कमा रही हैं
जांजगीर-चांपा । मुर्गी पालन से श्यामबाई प्रति माह मुनाफा कमा रही हैं, और वह सोनाली मुर्गी पालन से घर बैठे आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है, अपितु अन्य लोगों को भी अपने कार्य से प्रेरित कर रही हैं। उनके इस कार्य में उनका पूरा परिवार हाथ बटाता है। इससे उन का पूरा परिवार उद्यमी के रूप में आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रहा है और उनके इस आत्मनिर्भरता के पीछे खड़ा हुआ है महात्मा गांधी नरेगा, जिससे उनके घर में मुर्गीपालन शेड बनाकर दिया है।
जिला जांजगीर-चांपा से 33 किलोमीटर दूर जनपद पंचायत से 4 किलोमीटर दूर है है ग्राम पंचायत मेऊ। जहां पर रहती है श्यामबाई टंडन। जो अपनी जमीन पर खेती करके अपना एवं अपने परिवार का जीवन यापन कर रही है। अपने विगत दिनों के बारे बात करते हुए श्यामबाई बताती है कि 2004 में उनके पति भारत टंडन की मृत्यु हो जाने के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई। उनके पति के रहते ही उन्होंने दोनों लड़कियों की जिम्मेदारी शादी करके पूरी कर दी थी, लेकिन उनके ऊपर अपनी स्वयं की जिम्मेदारी जरूर थी, ऐसे में उन्होंने हौंसला नहीं छोड़ा और मजबूती के साथ ही वह अपने पैरों पर खड़ी हुई। उनके पास महज 92 डिसमिल ही जमीन है जिस पर वर्षा आधारित खेती होने से पर्याप्त मात्रा में उपज नहीं होने के कारण पारिवारिक जरुरतों को पूरा करने में बडी दिक्कत आती थी, और मैं खुद मजदूरी करते हुए पालन पोषण कर रही थी। उनकी तकलीफ को देखते हुए उनकी एक बेटी उनके पास रहने लगी और उनकी जिम्मेदारी उठाई।
श्यामबाई जुझारू महिला थी इसलिए उन्होंने अपने परिवार के लिए कुछ नया करने का सोचा। इसके लिए परिवार के साथ उन्होंने मुर्गी पालन शुरू किया। लेकिन कच्चा घर होने के कारण मुर्गियां मर जाती थी, या फिर उन्हें बिल्लियां खा जाती थी। इस समस्या से जूझ रहीं श्यामबाई के परिवार को ऐसे में एक दिन पता चला कि महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से मुर्गी पालन के लिए शेड बनाकर दिया जाता है, फिर उन्होंने ग्राम रोजगार सहायक के माध्यम से आवेदन तैयार कर ग्राम सभा में अपने प्रस्ताव को दिया। ग्राम सभा से प्रस्ताव की मंजूरी मिलते ही तकनीकी सहायक राकेश लहरे ने तकनीकी प्रस्ताव तैयार करते हुए जनपद से जिला पंचायत भेजा। जिला पंचायत से प्रशासकीय स्वीकृति 92 हजार रूपए की स्वीकृति मिलने के उपरांत बिना देर किये ही काम शुरू किया गया। जैसे-जैसे मुर्गीपालन शेड बनता गया उनकी उम्मीद और हौंसला बढ़ता गया। जिस दिन उनका शेड तैयार हुआ उन्होंने सोनाली मुर्गियों को उस शेड में सुव्यवस्थित तरीके से रखना शुरू किया। श्यामबाई के नाती रोशन भारद्वाज एवं नातिन नीतू बताती हैं नानी ने बहुत संघर्ष किया है अपने जीवन में उम्र के इस पडाव पर भी वह बेहद कर्मठ है। हम सब परिवार मिलकर उनके साथ मुर्गीपालन का कार्य करते हैं, अप्रैल में चूजे लाए थे, जिन्हें अच्छी खुराक दी धीरे-धीरे वह मुर्गी बढ़ी हो गई, जिसे बाजार में बेचकर परिवार को प्रतिमाह 7 से 8 हजार रूपए की आमदनी होने लगी। रोशन बताते हैं कि खेती-किसानी के साथ ही मुर्गीपालन से होने वाली आय से वह अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं और गांव में ही रहते हुए उन्हें रोजगार भी मिला है। महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से मुर्गीपालन शेड ने उनके परिवार को बहुत बल मिला है, जहां पहले मुर्गियां मर जाती थी वहीं अब उन्हें बेहतर शेड मिल गया है, जिसमें अब किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो रही है।
कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में डायरिया से बचाव के लिए सभी जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में डायरिया से बचाव के लिए सभी जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने डायरिया रोकने के लिए अधिकारियों को जनजागरूकता के लिए व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव-गांव में कोटवारों, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से मुनादी कराने एवं स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों में जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि सभी संबंधित अधिकारी मैदानी स्तर पर उतर कर कार्य करें। उन्होंने कहा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि फ़ील्ड स्तर पर सचिव, सुपरवाईजर, आरएचओ, मितानिन के माध्यम से जांच बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी ग्रामवासियों को ओआरएस, जिंक टेबलेट का वितरण एवं उबाल कर पानी पीने के लिए प्रेरित करें। डायरिया के मरीज़ों को नियमित अंतराल पर जाँच किया जाए एवं गंभीर स्थिति होने पर हायर सेंटर में रेफ़र किया जाए। उन्होंने जिन गांवों में डायरिया के प्रकरण निकल रहे हैं उन गाँव के समस्त पारे का कम से कम अगले 15 दिवस तक प्रतिदिन मितानिनों के द्वारा प्रत्येक घर में जाकर कोई डायरिया पीड़ित मरीज़ तो नहीं है, ये जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य अमलों से कहा कि यदि आपके किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में किसी गाँव से कोई डायरिया के मरीज़ आता है, तो तुरंत उस गाँव के सेक्टर सुपरवाइज़र, आरएचओ एवं मितानीन को डोर टू डोर जाकर सभी घरों में कोई डायरिया से पीड़ित तो नहीं है इसकी जानकारी संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल कुमार रावटे, एसडीएम जांजगीर श्रीमती ममता यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ स्वाति वंदना सिसोदिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ अनिल जगत, डीपीएम उत्कर्ष तिवारी, वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम, बीएमओ, सीएमओ, जनपद सीईओ सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
"कलेक्टर के निर्देश: 335 अनुपस्थित शिक्षकों के वेतन में कटौती का आदेश,देखे...."
जांजगीर–चांपा: कलेक्टर ने 335 शिक्षकों के वेतन काटने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए है। ये वो शिक्षक है जो लगातार बिना सूचना के स्कूल से नदारद रहते हैं।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जिले का पदभार सम्हालते ही स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर स्कूली रिजल्ट व पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने लिए बैठक ली थी। बैठक में जब उन्हें पता चला कि बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट बेहद खराब है तब वे बेहद नाराज हुईं और स्कूल शिक्षा अधिकारियों पर जमकर बरसीं।
कलेक्टर ने स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बोर्ड परीक्षाओं में शत प्रतिशत परिणाम लाने के लिए कार्ययोजना बना कर काम करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर का स्पष्ट मानना है कि स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु शिक्षकों की स्कूलों में शत प्रतिशत उपस्थिति जरूरी हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालयीन समय में उपस्थित रह कर यदि अध्यापन कार्य करवाएंगे तो ही स्कूलों के परिणाम में सुधार आ सकता है। उन्होंने अधिकारियों को शत प्रतिशत शिक्षकों की उपस्थिति विद्यालयों में सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए है।
राजस्व अमले को भी लगाया निरीक्षण में
स्कूलों का नियमित रूप से निरीक्षण करने के लिए कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अलावा राजस्व अधिकारियों को भी लगाया और अनुपस्थित शिक्षकों पर कार्यवाही के निर्देश दिए थे।
सैकड़ों शिक्षक मिले गैरहाजिर
कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विगत 8 अगस्त से 14 सितंबर तक शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूलों से बिना किसी पूर्व सूचना के सैकड़ों शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। यही कारण है कि कलेक्टर ने ऐसे 335 शिक्षकों के वेतन में कटौती के निर्देश DEO को दिए हैं। कलेक्टर के इस आदेश के शिक्षकों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर के निर्देशन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विकासखंड पामगढ़ के सदभावना भवन में सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर के निर्देशन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विकासखंड पामगढ़ के सदभावना भवन में सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया गया। जिसमे धार्मिक रीति रिवाज से 15 जोड़ों का विवाह हुआ। नव दंपत्तियों को उपहार देकर उनके सुखद गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर विधायक पामगढ़ श्रीमती शेषराज हरबंश ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कन्या के विवाह के लिए होने वाली आर्थिक कठिनाईयों के निवारण और विवाह के अवसर पर होने वाले फिजूल खर्चों को रोकना और प्रतिष्ठापूर्ण माहौल में सामूहिक विवाह का आयोजन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम को जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, गुलाब सिंह चंदेल, अंबेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और नव दंपतियों को उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत सभापति धरमलाल भारद्वाज, जनपद पंचायत पामगढ़ अध्यक्ष कल्याणी सीताराम यादव, नगर पंचायत पामगढ़ के अध्यक्ष तेरसराम यादव कल्याण बर्मन, गुलाब सिंह चंदेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल सहित ब्लॉक परियोजना अधिकारी अनिमा मिश्रा, सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित नागरिकगण उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड जांजगीर-चांपा से जुड़कर युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं
जांजगीर-चांपा । छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड जांजगीर-चांपा से जुड़कर युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं। साथ ही साथ बेरोजगारों को रोजगार भी मुहैया करा रहे हैं। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत उन्हें अनुदान के रूप में राशि उपलब्ध करा रहे है। ऐसे ही जिले के अकलतरा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत सराईपाली में रहते है नवनीत साहू। जो खादी ग्रामोद्योग की तरफ से उठाए जा रहे कदम से लाभ लेकर अगरबत्ती उद्योग के माध्यम से आगे स्वयं बढ़े बल्कि उन्होंने गांव की आठ से दस महिलाओं को भी स्वरोजगार प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के माध्यम से दूर-दराज के गांवों में लोगों को रोजगार मुहैया कराना है। योजना के माध्यम से युवाओं के लिए स्वरोजगार से जोड़कर को बेरोजगारी से मुक्ति दिलाने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे ही अकलतरा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत सराईपाली के रहने वाले नवनीत साहू हैं, जिन्होंने वर्ष 2022-23 में खादी ग्रामोद्योग की योजना का लाभ लेकर बैंक से लोन लिया और अगरबत्ती उद्योग की शुरूआत की। नवनीत बताते हैं कि अगरबत्ती का कार्य छोटे स्तर पर वह कर रहे थे, लेकिन मुनाफ उतना नहीं हो रहा था, ऐसे में एक दिन उन्हें खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा दी जाने वाली योजना के बारे में जानकारी मिली। फिर उन्होंने विभाग से सारी जानकारी एकत्रित की और अपना आवेदन किया। अगरबत्ती उद्योग लगाने के लिए उन्हें 12 लाख रूपए की लोन की जरूरत थी, आवेदन विभाग के माध्यम से बैंक में जमा किया और इसमें खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से उन्हें 35 फीसदी अनुदान के रूप में 4.20 लाख रूपए प्राप्त हुई। इसके बाद उन्होंने अगरबत्ती बनाने की मशीन खरीदी और अगरबत्ती बनाने का सामान खरीदा और अपने व्यवसाय को बढ़ाया। वह बताते हैं कि मशीन आने के बाद कारोबार बढ़ गया और आसपास के व्यापारियों सहित अकलतरा, जांजगीर, बिलासपुर एवं रायपुर के व्यापारियों को अगरबत्ती बनाकर देने लगे। इस कार्य में उन्होंने गांव की आठ से दस महिलाओं को भी रोजगार मुहैया कराया है, जो गांव में रहते हुए आमदनी अर्जित कर रही है। प्रतिमाह सारे व्यय करने के बाद उन्हें 20-25 हजार रूपए की आमदनी हो रही है, जिससे वह अपने परिवार का पालन पोषण बेहतर तरीके से कर पा रहे हैं। नवनीत का कहना है कि स्वयं के व्यवसाय करने से आत्मसंतुष्ठि मिलती है और आगे बढ़ने का मौका भी मिला। वह सरकार की इस योजना के लिए धन्यवाद भी देते हैं और कहते हैं वह आसपास की महिलाओं को भी इस स्वरोजगार से जोड़ने का सतत प्रयास कर रहे हैं, ताकि सभी आत्मनिर्भर बनकर अपनी आजीविका अर्जित कर सकें।
जांजगीर के मनका दाई मंदिर में चोरी
जांजगीर-चांपा । समीपस्थ ग्राम खोखरा के मनका दाई मंदिर से अज्ञात चोरों ने दान पेटी और पूजा के बर्तन चांदी का लोटा, सोने की नथनी सहित लगभग दो लाख रुपए का सामान पार कर दिया। जानकारी के अनुसार जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम खोखरा में मां मनकादाई का मंदिर है। शुक्रवार की रात मंदिर में अज्ञात चोर घुसे और गर्भगृह से दान पेटी, पूजा के लिए रखे चांदी का लोटा, देवी के चांदी का करधन, सोने की नथनी और पूजा का बर्तन पार कर दिया। सुबह जब चौकीदार उठे तो मंदिर का गर्भगृह खुला देखा इसकी सूचना मंदिर समिति को दी गई और पुलिस को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर एएसपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष राधे थवाईत ने बताया कि मंदिर में सीसी कैमरा भी लगा है उसमे चोरों की तस्वीर आई होगी। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। मंदिर में चोरी की खबर लगते ही वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। उनमें चोरी को लेकर आक्रोश भी देखा गया ।पुलिस ने डाग स्क्वायड की भी मदद ली। हालाकि कोई सुराग नहीं लग सका। मंदिर में लगे सीसी कैमरे भी पुलिस खंगाल रही है।
श्रमिकों के लिए शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत कैंटीन का वर्चुअली शुभारंभ
उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान अंतर्गत शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए नीव सहित कई योजनाएं प्रारंभ
जांजगीर-चांपा । जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री और वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने आज वर्चुअल माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत परियोजना मड़वा में शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत कैंटीन का शुभारंभ किया। इसके साथ कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री ओ पी चौधरी के द्वारा कलेक्टर आकाश छिकारा की अभिनव पहल पर नींव - एक स्वर्णिम भविष्य की, समग्र प्रगति पत्र, आंगनबाड़ी बाल प्रगति पत्र, मेरा विद्यालय स्वच्छ विद्यालय, दस प्रयत्नम अभियान का शुभारंभ करते हुए जांजगीर-चांपा जिले के लोगो अनावरण किया।
शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना के तहत संचालित कैंटीन के माध्यम से निर्माणी, संगठित एवं असंगठित वर्ग के श्रमिकों को मात्र 5 रुपए में चावल, दाल, सब्जी, आचार या चटनी के साथ गरम और ताजा भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उल्लेखनीय है की शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना वर्ष 2017 से छत्तीसगढ़ में प्रारंभ होकर संचालित है। इस अवसर वर्चुअल माध्यम से प्रभारी मंत्री ओ पी चौधरी ने मड़वा पावर प्लांट में कार्यरत श्रमिक सतीश कुमार एवं रमेश कुर्रे से बात की। श्रमिक सतीश कुमार ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना बहुत ही अच्छी योजना है इस कैंटिंन में हमें कम कीमत पर ताजा भोजन मिलता प्राप्त होता है। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
नींव - एक स्वर्णिम भविष्य की: प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आकलन उपकरण तैयार
कार्यक्रम में जिले के प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों के लिए नींव - एक स्वर्णिम भविष्य की कार्यक्रम की शुरूआत की गई इसके तहत शासकीय शालाओं के प्राथमिक श्रेणी में पढ़ने वाले बच्चों के अंदर हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित का बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान वर्धन करने का प्रयास किया जाएगा। इसमें पहली बार अंग्रेजी को भी जोड़ा गया है। इसके तहत तीनों विषयों का आकलन उपकरण तैयार किया गया है। उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान अंतर्गत शिक्षा में गुणात्मक सुधार एवं छ.ग. राज्य के मेरिट में जांजगीर-चांपा जिला का स्थान सुनिश्चित करने के लिए एवं बेहतर परिणाम के लिए कक्षा 10 वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का समग्र प्रगति पत्रक बनाया जाएगा। जिसमें छात्र-छात्राओं की उपस्थित, परीक्षा परिणाम एवं शिक्षा के स्तर की प्रगति की प्रतिमाह मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम के चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की।
आंगनबाड़ी बाल प्रगति पत्र
जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों का ‘‘बाल समग्र प्रगति पत्रक‘‘ तैयार किया गया है। यह कार्ड एक शिशु का आंगनबाड़ी में 3 से 6 साल तक की प्रगतियों को रिकॉर्ड करेगा। इसमें हर तिमाही में बच्चों का वजन और लंबाई नापी जाएगी। जिसके तहत बच्चों की आयुगत समृद्धि, कुपोषण की स्थिति नापी जाएगी। इसके अलावा यह आधारभूत शिक्षा एवं अन्य क्रियाकलापों का भी रिकॉर्ड रखेगा। इस रिकॉर्ड के माध्यम से अभिभावकों का हर तिमाही में दस्तखत लिया जाएगा जिसके तहत वह भी अपनी बच्ची की प्रगति के बारे में अपडेटेड रहे।
हर शनिवार को होगा विशेष स्वच्छता अभियान
इस कार्यक्रम के तहत स्कूल के बच्चों के अंदर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक स्कूल में स्वच्छता नायक तथा स्वच्छता नायिका के रूप में विद्यार्थियों को अभिहित कर स्कूल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का प्रयत्न किया जाएगा। तथा इसके अलावा प्रत्येक शनिवार को स्वच्छता श्रमदान के तहत स्कूल को साफ़ रखा जाएगा। अच्छे प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
ग्रामो के सर्वागीण विकास के लिए ‘‘दस प्रयत्नम अभियान‘‘ प्रारंभ
गांव के सर्वांगीण विकास और स्वास्थ्य के लिए जिला प्रशासन द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से चलो अपनाएं स्वास्थ्य व्यवहार समृद्ध बनेगा घर-द्वार की थीम पर ‘‘दस प्रयत्नम अभियान‘‘ की शुरूआत की गई है। जिसके अंतर्गत दस प्रमुख लक्ष्य सुपोषित जांजगीर-चांपा, शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव, एनीमिया मुक्त जांजगीर-चांपा, शत-प्रतिशत टीकाकरण, शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड पंजीकरण, कुष्ठरोग मुक्त जांजगीर-चांपा, शत-प्रतिशत शिक्षित जांजगीर-चांपा, स्वस्थ एवं सुरक्षित किशोरावस्था, स्वच्छ जांजगीर-चांपा, महिला स्वसहायता समूहों का सामाजिक उत्थान में सक्रीय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से संकल्प ले कर बदलाव की शुरुआत करने की है।
डिस्ट्रिक्ट लोगो लॉन्च
आज जिला लोगों को भी लॉन्च किया गया। जिसका उद्देश्य इस जिले की परंपरा, संस्कृति एवं मूल्यबोधों को सामने लाकर जिले की एक अलग पहचान बनाना है। कोसा, कांसा कंचन की नगरी जांजगीर चांपा के लोगो में इन तीनों का चित्रात्मक रूप में वर्णन है। इसके अलावा इस लोगो में प्रख्यात विष्णु मंदिर, पावर प्लांट, हसदेव नदी, शिवरीनारायण मंदिर, कोटमी सोनार मगरमच्छ उद्यान तथा धान का भी चित्रात्मक विवरण है।
मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरगवाँ में पढ़ाई की सहुलियत बढ़ी
आकर्षक रंगरोगन, कलात्मक चित्रों से बच्चों को मिल रहा बेहतर परिवेश
रायपुर : अब जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरगवां में बच्चों को पढ़ाई करने में सहुलियत होगी। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत यहां कुल 16.10 लाख रूपये की लागत से दो नए कमरे बनकर तैयार हो गए है। दरअसल इस स्कूल में बच्चों के लिए पढ़ने हेतु कक्षों की कमी हो रही थी।
स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के कारण उन्हें एक ही कक्ष में बैठकर पढ़ना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। तीन बने हुए कक्षों में एक कक्ष का सात साल पहले जीर्णोद्धार हुआ था। बाकी जर्जर स्थिति में थे। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के माध्यम से इस समस्या का समाधान निकालने के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण का निर्णय लिया गया।
जांजगीर-चांपा के जनपद पंचायत अकलतरा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरगवाँ में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के माध्यम से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग जांजगीर के द्वारा 02 नग अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य कराया गया है। शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हो जाने से विद्यार्थियों को बैठक व्यवस्था मंे सुविधा होने लगी। कक्षावार विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था होेने से उनके अध्ययन कार्य और शिक्षकों के अध्यापन कार्य में सहजता हुई है। विद्यार्थियों को अब पढ़ने के लिए आरामदायक वातावरण मिल गया है, विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं। यहां 6वीं, 7वीं और 8वीं में कुल 102 बच्चे अध्ययनरत हैं। तीन कक्ष में एक ही हाल में दो नए कमरे बनने से अब कक्षों में विद्यार्थियों की कम भीड़ है, जिससे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों, शिक्षकों ने मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत कक्ष बनने के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए खुशी जाहिर की है।
जीवन में तरक्की के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ के रहना जरूरी: श्री सोनमणि बोरा
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने जांजगीर-चांपा जिले में किया छात्रावास, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय का निरीक्षण
छात्रावासों की व्यवस्था, स्वच्छता और सुविधाओं का बारीकी से लिया जायजा
शिक्षा के क्षेत्र में चलाए जा रहे उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान की प्रभारी सचिव ने की सराहना
रायपुर : आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग तथा अल्प संख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी सचिव श्री सोनमणि बोरा ने छात्रावास-आश्रम व पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रभारी सचिव श्री बोरा ने निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में तरक्की के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ के रहना जरूरी है। प्रकृति से जुड़े रहने से मन शांत और एकाग्र रहता है।
जिले के प्रभारी सचिव ने कहा कि छात्रों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिले और सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने छात्रावासों में बिजली, पानी और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त आपूर्ति के लिए भी विशेष ध्यान देने संबंधितों को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों की व्यवस्था, स्वच्छता और छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। श्री बोरा ने छात्रावास में रहने वाले छात्रों से भी चर्चा की। उन्होंने बच्चों को नियमित योगाभ्यास करने कहा।
पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए जिले के प्रभारी सचिव श्री बोरा ने कहा कि अपने विषय की तैयारी लक्ष्य बनाकर करें। इससे संबंधित विषय को लेकर बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने जिले में चलाये जा रहें उत्कृष्ट जांजगीर-चांपा अभियान को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों से चर्चा की और बोलेगा बचपन, पढ़ाई का कोना अभियान की सराहना भी की। उन्होंने बारहवीं के विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा में लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने से आप सफलता की ओर बढ़ सकते हैं। इसके लिए आपको लक्ष्य बनाने से आपको मोटिवेशन मिलता है। उन्होंने कहा कि आपके पास अभी जो समय है उसका सही तरीके से उपयोग करें। लक्ष्य बनाकर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने से सफलता प्राप्त कर सकते हैं और अपने जीवन के लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं। बच्चों ने अपने हाथों से बनायें ग्रीटिंग भी जिले के प्रभारी सचिव श्री बोरा को भेंट किये, जिन्हे देखकर उन्होंने बच्चों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने जाति प्रमाण पत्र का वितरण भी किया।
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने राहौद के शासकीय नवीन प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रवास के बच्चों से खेल कूद मनोरंजन एवं पढ़ाई से संबंधित सवाल जवाब किये। उन्होंने एसडीएम तहसीलदार को समय-समय पर छात्रावास का निरीक्षण करने तथा बच्चों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में बागवानी एवं फल-सब्जी भी लगाने कहा। इस मौके पर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला, सहायक कलेक्टर दुर्गा प्रसाद अधिकारी उपस्थित थे।
90 हजार रूपये की गांजा के साथ तीन गिरफ्तार
जांजगीर - चांपा। चांपा पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि एक महिला और दो पुरूष रेलवे स्टेशन के बाहर निर्माणाधीन पार्किंग स्थल बिजली खंभा के पास बैग में गांजा भरकर रखे है। सूचना मिलने पर चांपा थाना प्रभारी डा. नरेश पटेल पुलिस स्टाफ और साइबर सेल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे । जहां दिलीप भोई, संपत कुमार सूर्यवंशी व मोंगरा बाई खड़े हुए मिले। पुलिस ने तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर उनके पास रखे बैग की तलाशी ली । उनके पास से तीन बेग में 10 किलो 456 ग्राम गांजा मिला जिसे जब्त किया गया। जब्त गांजा की कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे उड़ीसा से गांजा को लेकर आए हैं। पुलिस ने दिलीप भोई पिता मोतीराम 33 वर्ष ग्राम गटागी थाना बाली गुंटा जिला कंधमाल उड़ीसा, मोंगरा बाई केंवट 33 साल पति जयराम केंवट ग्राम कनई थाना जांजगीर और संपत कुमार सूर्यवंशी (31) पिता सुदामा सूर्यवंशी ग्राम पिसौद थाना जांजगीर केविरूद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) , 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया और तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।