छत्तीसगढ़ / कबीरधाम
300 लीटर कच्ची महुआ शराब और 1000 किलो( 1 टन) से अधिक महुआ लाहन जब्त
जिला कबीरधाम दिनांक: 08 मई 2025 कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 300 लीटर कच्ची महुआ शराब और 1000 किलो( 1 टन) से अधिक महुआ लाहन जब्त, अवैध शराब माफियाओं की कमर तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम
जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कबीरधाम पुलिस ने आज एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब निर्माण के बड़े अड्डे का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल* तथा श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन में की गई। आज प्रातः एसडीओपी कवर्धा श्री कृष्ण चंद्राकर के निर्देशन में डीआरजी, कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम सरोधा के समीप जंगल क्षेत्र में स्थित बैगा टोला में छापेमारी की। पुलिस को पूर्व में मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई इस दबिश में लगभग 300 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और 50 डिब्बों में भरे हुए लगभग 1000 किलो से अधिक महुआ लाहन बरामद किए गए।
मौके पर बनाई गई अस्थायी भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर नष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण – प्लास्टिक ड्रम, गंज, पाइप, एल्यूमीनियम बर्तन आदि को जब्त किया गया है। पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ से कार्य करते हुए यह दर्शाया है कि अब कोई भी अवैध गतिविधि पुलिस की निगाहों से छिपी नहीं रह सकती।
इस अभियान में कोतवाली थाना प्रभारी श्री लालजी सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक श्री मनीष मिश्रा, महिला थाना प्रभारी सुश्री शांता लकड़ा, थाना कोतवाली से एएसआई उमा उपाध्याय, एचसी खुबीराम साहू, डीआरजी से एएसआई दिलीप सोनकर व अन्य अधिकारियों कर्मचारी व पुलिस बल के सदस्य मौजूद रहे। संयुक्त दल की यह कार्रवाई केवल शराब माफियाओं के विरुद्ध एक चेतावनी नहीं, बल्कि समाज को यह विश्वास भी दिलाती है कि कबीरधाम पुलिस अवैध नशे की जड़ तक जाकर उसे उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुकी है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि, "नशा आज समाज के स्वास्थ्य, युवाओं के भविष्य और परिवारों की शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। कबीरधाम पुलिस इसे केवल कानून व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि सामाजिक बुराई मानते हुए इससे कठोरता से निपट रही है। गाँव-गाँव में चल रहे इस तरह के कारोबार को समाप्त करने हेतु पुलिस लगातार सतर्क है और ऐसी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। आने वाले समय में इस अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा और जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।"
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे इस अभियान में भागीदार बनें और यदि उन्हें किसी भी स्थान पर अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले, तो बिना संकोच उसे पुलिस तक पहुंचाएं। आपकी सूचना न केवल एक अपराध को रोक सकती है, बल्कि समाज को एक नई दिशा देने में भी सहायक बन सकती है। पुलिस आपकी पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखेगी।
कबीरधाम पुलिस का यह अभियान यह दर्शाता है कि अब अवैध शराब माफियाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह एक निर्णायक लड़ाई है, जिसे प्रशासन, पुलिस और समाज की साझेदारी से ही जीता जा सकता है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि ऐसी सतत कार्यवाहियों से युवा पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य मिलेगा और गाँव-गाँव से नशे की प्रवृत्ति पर रोक लग सकेगी।
अवैध महुआ शराब के विरुद्ध छापामार कार्रवाई में 15 आरोपी गिरफ्तार
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण — भोजली तालाब उद्यान निर्माण में गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए सख्त निर्देश
कवर्धा, 7 मई 2025। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज कवर्धा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजली तालाब के समीप निर्माणाधीन उद्यान, पाथवे निर्माण कार्य का स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ निर्माण प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष पटेल, श्री मनीराम साहू, श्री राम बिलास चंद्रवंशी, पार्षद श्री देवा साहू, सुनील साहू सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने भोजली तलाब क्षेत्र के समीप चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए वहां चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। इसके साथ ही भोजली तालाब के समीप विकसित किए जा रहे सुंदर उद्यान निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह स्थल शहरवासियों के लिए आकर्षक और सुविधाजनक बने, इसलिए निर्माण में सुंदरता, मजबूती और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा कुछ देर बाद निर्माणाधीन चौपाटी का निरीक्षण करने पहुचेंगे।
निरीक्षण के दौरान कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश चन्द्रवंशी ने उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा को विकसित कवर्धा की अवधारणा के तहत चल रहे समस्त निर्माण कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। श्री चन्द्रवंशी ने बताया कि नगर को नया स्वरूप देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चौपाटी, तालाब सौंदर्यीकरण और पाथवे निर्माण जैसे कार्य तीव्र गति से पूरे किए जा रहे हैं।निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कार्य की गति और तकनीकी मानकों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
भारतीय सेना के अदम्य साहस और निर्णायक नेतृत्व ने आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से पूरे देश को गर्व से भर दिया-उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा
कवर्धा, 7 मई, 2025-उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना के अदम्य साहस और निर्णायक नेतृत्व ने आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से पूरे देश को गर्व से भर दिया है। हमारे जांबाज़ जवानों ने जिस तरह दुश्मन के इरादों को नेस्तनाबूद किया है, वह हमारी सैन्य शक्ति और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान की धरती पर मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया और नौ आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया।यह कार्यवाही सिर्फ एक जवाबी हमला नहीं, बल्कि उन माताओं-बहनों के आंसुओं का प्रतिशोध है, जिनका सिंदूर पहलगाम जैसी नृशंस घटनाओं में मिटा दिया गया था। जब निर्दोष लोगों के सामने उनके पति, बेटे, भाई को गोलियों से छलनी किया गया, तब देश की आत्मा रो पड़ी थी। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उस पीड़ा का उत्तर है, उस व्यथा का प्रतिशोध है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इस अभियान का नाम ‘सिंदूर’ इसीलिए रखा गया है, क्योंकि यह उन बहनों के सम्मान और उनके अधिकार की पुनर्प्राप्ति का प्रतीक है। हमारी सेना ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा। यदि कोई भी देश या संगठन हमारे नागरिकों के विरुद्ध हिंसा का प्रयास करेगा, तो उसका परिणाम बहुत ही घातक होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री और वीर सैनिकों को इस साहसी निर्णय और कार्रवाई के लिए नमन करता हूँ। यह पूरा देश एकजुट होकर शहीदों के बलिदान को सलाम करता है, और माताओं-बहनों के सम्मान की रक्षा के इस संकल्प में पूरी तरह एकजुट है।
जिले में अपराध नियंत्रण और तकनीकी दक्षता हेतु मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़)
दिनांक- 05-05-2025 को 10:30 बजे पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में मासिक क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारियों, रक्षित निरीक्षक, साइबर सेल प्रभारी, यातायात प्रभारी, शाखा प्रभारियों एवं समस्त पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक का उद्देश्य जिले में लंबित अपराधों की समीक्षा, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग, CCTNS डाटा अपलोडिंग की प्रगति तथा पुलिस बल की दक्षता बढ़ाने हेतु ठोस रणनीति तैयार करना था।
लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा और तकनीकी टूल्स के प्रभावी उपयोग पर बल।
बैठक में 60 से 90 दिवस से अधिक समय से लंबित अपराधों की थानेवार समीक्षा की गई, जिसमें अपराध क्रमांक, धारा, कायमी तिथि, आरोपी की जानकारी, विवेचक की प्रगति एवं अंतिम कार्रवाई को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए अनावश्यक विलंब वाले मामलों में उत्तरदायित्व तय करने की बात कही। साथ ही, अपराधों के निराकरण में तकनीकी संसाधनों जैसे e-Sakshya, e-Summon, 10-Mitaan तथा I-GOT Karmyogi App के समुचित उपयोग पर बल दिया गया। इन प्लेटफॉर्म्स में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अब तक किए गए पंजीयन व प्रशिक्षण की स्थिति की समीक्षा करते हुए, उपयोग में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित शाखाओं को कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
CCTNS पोर्टल पर अपराधों की जानकारी समयबद्ध रूप से अपलोड किए जाने को लेकर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक विवेचना अधिकारी को आगामी दो माह के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का डाटा एंट्री पूर्ण करने हेतु एक्शन प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहन नीति।
बैठक में पुलिस बल की तकनीकी दक्षता एवं क्षमतावृद्धि पर भी विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करें एवं अधीनस्थ स्टाफ को भी प्रशिक्षित करें, जिसके लिए व्यक्तिगत एवं समूह प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, जिले में अवैध शराब बिक्री, अवैध गांजा परिवहन तथा अन्य नशीले पदार्थों के व्यापार पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में नियमित गश्त, मुखबिर तंत्र की सक्रियता तथा ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रमुख चौराहों व मार्गों पर प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था, चालान, जागरूकता कार्यक्रम एवं सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों का समय पर उत्तर भेजे जाने, कार्यालयीन जवाबदेही में विलंब न होने तथा फाइलों के त्वरित निपटारे हेतु सभी शाखा/थाना/ चौकी प्रभारियों को कड़ाई से निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह द्वारा बैठक में उस थाने एवं शाखा के कार्यों की सराहना की गई, जिन्होंने विगत माह में उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करते हुए अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों के समुचित उपयोग एवं प्रशासनिक कार्यों में अनुकरणीय भूमिका निभाई। ऐसे थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य अधिकारी भी प्रेरित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक कुशलतापूर्वक करें।
पारदर्शिता, समयबद्धता और उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली पर विशेष जोर।
बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि अपराधों की विवेचना में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं तकनीकी दक्षता समय की मांग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक का समुचित उपयोग न केवल अपराध नियंत्रण में सहायक है, बल्कि इससे न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक सशक्त व त्वरित होती है। अतः सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए उत्तरदायित्वपूर्वक कार्य निष्पादन सुनिश्चित करे।
उक्त मीटिंग में उपस्थित पुलिस के अधिकारी गण
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल, उप. पुलिस अधीक्षक श्री संजय ध्रुव, उप. पुलिस अधीक्षक श्री प्रतीक चतुर्वेदी, उप. पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, उप. पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंजू कुमारी, पुलिस अनुविभागी अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक, प्रशिक्षु उप. पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ सिंह, एवं जिले के समस्त थाना/चौकी व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के पहल से ग्रामीण क्षेंत्रों का विकास
ग्राम पंचायत चिमरा में 13.90 लाख रूपए की लागत से विकास कार्यों का किया गया भूमिपूजन
कवर्धा मई 2025। कवर्धा विधानसभा में निरंतर हो रहे विकास कार्यों की कड़ी में आज जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिमरा में कुल 13 लाख 90 हजार रूपए की लागत से दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की अनुशंसा पर इन कार्यों को मंजूरी मिली है, जिनमें 10 लाख रुपए की लागत से पुलिया निर्माण एवं 3 लाख 90 हजार रुपए की लागत से सीसी सड़क निर्माण शामिल है। भूमिपूजन कार्यक्रम विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री नीतेश अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
श्री नीतेश अग्रवाल ने कहा कि ग्राम चिमरा में पुलिया और सीसी रोड का निर्माण होने से न केवल आवागमन को सरल बनाएगा, बल्कि वर्षा ऋतु में होने वाली समस्याओं से भी राहत दिलाएगा। यह विकास उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की दूरदृष्टि और जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में और भी कई विकास योजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण इलाकों को बुनियादी सुविधाएं बेहतर रूप में प्राप्त होंगी।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त जनमांगों के आधार पर कई घोषणाएं की गई थीं। उन्हीं घोषणाओं के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिमरा में यह कार्य स्वीकृत किए गए हैं। श्री शर्मा की जनभागीदारी आधारित कार्यशैली के चलते कवर्धा विधानसभा में विकास की रफ्तार तेज हुई है।
ग्रामीणों में हर्ष
विकास कार्यों के भूमिपूजन से ग्राम चिमरा के नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने शासन एवं प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से आवागमन में सुधार होगा और जीवन स्तर भी बेहतर होगा। यह भूमिपूजन न केवल विकास की एक नई शुरुआत है, बल्कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में कवर्धा विधानसभा में चल रहे समावेशी और ग्रामीण उन्मुख विकास का सशक्त प्रमाण भी है। शासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
सुशासन तिहार : घर-घर पहुंचकर बनाया जा रहा श्रम कार्ड, आवेदकों को मिली राहत
सुशासन तिहार के तहत प्राप्त श्रम कार्ड बनाने से संबंधित आवेदनों का किया जा रहा त्वरित निराकरण
कवर्धा मई 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासनकारी नेतृत्व में पूरे प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार ने जनसेवा को नई गति और दिशा दी है। इस तिहार के पहले चरण में जिला कबीरधाम में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए विभागीय टीमें घर-घर जाकर श्रमिकों से संपर्क कर रही हैं और उन्हें योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। श्रम विभाग द्वारा सुशासन तिहार के तहत प्राप्त श्रम कार्ड बनाने से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इन आवेदनों के तहत विभागीय अधिकारी आवेदकों के घर तक पहुंचकर उनके श्रम कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सुनिश्चित कर रहे हैं।
जिला श्रम अधिकारी श्री देवांगन ने बताया कि ग्राम अमरपुर (विकासखंड पण्डरिया), ग्राम बांधाटोला (विकासखंड सहसपुर लोहारा) एवं ग्राम विचारपुर (विकासखंड सहसपुर लोहारा) के निवासियों ने श्रम कार्ड बनाने की मांग की थी। इन आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए विभागीय अधिकारियों ने आवेदकों के घर जाकर श्रम कार्ड बनाए और उन्हें विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की।
शासन अब आमजन के और भी करीब पहुंच गया है, जहां जनता को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते, बल्कि शासन स्वयं उनके द्वार पर पहुंच रहा है। सुशासन तिहार की यह पहल मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की उस सोच को दर्शाती है, जिसमें हर नागरिक तक योजनाओं की पहुंच और लाभ को सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्राम अमरपुर निवासी श्री प्रताप राम साहू, श्रीमती मीना देवी और श्रीमती कामनी जोषी के साथ-साथ ग्राम बांधाटोला की आवेदिका आसीन पटेल एवं ग्राम विचारपुर की श्रीमती सतवंतीन धुर्वे द्वारा सुशासन तिहार के पहले चरण में श्रम कार्ड बनाने की अपील की गई थी, जिनका निराकरण सफलतापूर्वक किया गया। इस पहल के तहत विभागीय अधिकारी जिले में श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु लगातार प्रयासरत हैं। इन प्रयासों से जिले के श्रमिकों को योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है।
ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट पर कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट पर कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई – पहली बार जुआ अधिनियम के साथ साथ BNS की धारा 112 के तहत संगठित अपराध का प्रकरण दर्ज”
मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट को अब चेतावनी नहीं, सीधा कोर्ट – बुलेट का शोर पड़ेगा 15 हज़ार से भारी
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में कबीरधाम पुलिस की सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन के प्रति ज़िम्मेदारी में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कवर्धा श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में, जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई जारी है। इन वाहनों द्वारा उत्पन्न तेज आवाजों के कारण ध्वनि प्रदूषण, सड़क सुरक्षा को खतरा और सार्वजनिक शांति भंग हो रही है।
कवर्धा में शहरी विकास को मिली नई दिशा, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण का भूमिपूजन
कबीरधाम जिले के सभी ग्राम पंचायतों में हो रहा है आवास प्लस सर्वे का कार्य
कवर्धा 02 मई 2025। ज़िले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे का कार्य अब 15 मई 2025 तक किया जाएगा। ऐसे ग्रामीण परिवार जो अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित नहीं हो पाए हैं, तथा जिनका नाम स्थाई प्रतीक्षा सूची और 2018 की सर्वे सूची में छूट गया है उन परिवारों की पहचान के लिए आवास प्लस सर्वे का कार्य ग्राम पंचायत सचिव रोजगार सहायक एवं आवास मित्र द्वारा किया जा रहा है।
सुशासन तिहार एवं प्रधानमंत्री जन मन योजना के कार्यों में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को कारण बताओ सूचना जारी
नगर पालिका पंडरिया में दिखा सुशासन तिहार का असर, देवपुरा बस्ती में लगा स्ट्रीट लाइट
कबीरधाम पुलिस का ऐतिहासिक अभियान
कबीरधाम पुलिस का ऐतिहासिक अभियान – कवर्धा शहर में रात 3 बजे से 150 जवानों की गहन काम्बिंग गश्त, संदिग्धों पर कसा शिकंजा, किरायेदार सत्यापन को लेकर मकान मालिकों से भी पूछताछ
डायल 112 की तत्परता से दो घायल व्यक्तियों को समय पर मिला उपचार।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह के द्वारा डायल 112 कबीरधाम में तैनात समस्त अधिकारी/जवानों को यह निर्देशित किया गया है, कि सी4 रायपुर से प्राप्त होने वाली सभी सूचनाओं (इवेंट) को प्राथमिकता से अटेंड करें तथा कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरतमंदों को यथासंभव सहायता प्रदान करने का प्रयास करें जिससे जरूरतमंद को समय पर उचित उपचार/सहयोग प्राप्त हो सके। इसी क्रम में आज 29 अप्रैल 2025 को डायल 112 सेवा की तत्परता से दो अलग-अलग आपात स्थितियों में पीड़ितों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई गई।
(1) गर्म पानी से जली पीड़ित महिला को समय पर मिला जीवनदायी उपचार।
आज सुबह करीब 11:55 बजे सी4 रायपुर से सूचना प्राप्त होते ही बोडला पैंथर 01 वाहन में तैनात डायल 112 की टीम तत्काल हरकत में आ गई। ग्राम खारिया में मनी बाई, पति कतिया साहू, घरेलू कार्य करते समय गर्म पानी से झुलस गई थीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक क्रमांक 147 झुलु राम धुर्वे और चालक गीता प्रसाद बिना देर किए मौके पर पहुँचे। पीड़िता को सुरक्षित उनके परिजनों के साथ वाहन में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोडला ले जाया गया, जहाँ उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई। टीम की त्वरित प्रतिक्रिया ने स्थिति को नियंत्रण में लाकर एक बड़ा संकट टाल दिया।
(2) पेड़ से गिरे मासूम की जान बचाने दौड़ी 112 की टीम
C4 रायपुर से सूचना प्राप्त हुआ कि थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम बहनाखोदरा में 12 वर्षीय बालक प्रभु, पिता किशन, आम तोड़ते समय पेड़ से नीचे गिर गया है। जिसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें लगने के कारण स्थिति चिंताजनक है। सूचना मिलते ही चिल्फी पैंथर 01 में तैनात आरक्षक क्रमांक 472 सुनील कुमार मरावी और चालक दुभित साहू तुरंत कॉलर से संपर्क कर घटनास्थल पर पहुँचे। परिजनों की सहायता से घायल बालक को सावधानीपूर्वक 112 वाहन में बैठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिल्फी लाया गया, जहाँ उसका इलाज शुरू हुआ। समय पर मदद पहुँचने से बालक की स्थिति स्थिर है। परिजनों द्वारा कबीरधाम पुलिस डायल 112 सेवा के त्वरित व संवेदनशील कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : 101 जोड़े बुधवार 30 अप्रैल को लेंगे सात फेरे
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े कार्यक्रम में शामिल होकर नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सामूहिक विवाह की तैयारी करने अधिकारियों को दिए निर्देश
वीर सावरकर भवन के पास से निकलेगी दुल्हों की सामुहिक बारात, पूरानी मंडी के पास होगी बारात की परघौनी
कवर्धा, अप्रैल 2025। गांधी मैदान कवर्धा में 30 अप्रैल को राज्य शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कबीरधाम जिले के 101 नवदंप्त जोड़े विवाह के शुभ बंधन में बंधेगे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री बिशेसर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, श्री मोतिराम चंद्रवंशी, श्री अशोक साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, श्री राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी मुख्यअतिथि के तौर पर शामिल होंगे और नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के हितग्राही वर और कन्या पक्ष तथा उनके निकटतम संबंधियों को उनके निवास स्थल से विवाह स्थल, कवर्धा में वर और वधु पक्ष को ठहराने के लिए बनाएं गए अलग-अलग व्यवस्था सहित विवाह की तैयारियों की पूरी विस्तार से समीक्षा की।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आनंद तिवारी ने बताया कि सुबह 08 बजे से गांधी मैदान में सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। ततपश्चात 09 बजे वीर सावरकर भवन से दुल्हों की बारत गांधी मैदान के लिए प्रस्थान करेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष कवर्धा श्रीमती सुषमा बघेल, बोड़ला श्रीमती बालका वर्मा, पडरिया श्रीमती नंदनी साहू, सहसपुर लोहारा श्रीमती दुर्गा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट, श्रीमती सुमित्रा पटेल, डॉ. बीरेन्द्र साहू, श्रीमती पूर्णिमा साहू, श्री राजकुमार मेरावी, श्रीमती दीपा धुर्वे, श्री रोशन दुबे, श्रीमती राजकुमारी साहू, श्रीमती अन्नपूर्णा चंद्राकर, श्रीमती राजेश्वरी घृतलहरे, श्रीमती गंगा साहू, श्रीमती ललिता धुर्वे नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
डिप्टी सीएम शर्मा के प्रयासों से बोड़ला किसानों को मिली 61 लाख की सहायता राशि
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से बोड़ला विकासखंड के किसानों को बड़ी राहत मिली है। ओला वृष्टि के कारण चना फसल में हुए भारी नुकसान की भरपाई के लिए 895 किसानों को आरबीसी 6-4 के तहत 61 लाख 1 हजार 250 रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गंगाबाई लोकचंद साहू ने ग्राम कांपा, तारों, टुकड़ा ढ़ोंगईटोला प्लांट और खैरबाना कला के किसानों की समस्याओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया था। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शर्मा ने त्वरित कार्रवाई कर मुआवजा स्वीकृत करवाया।
बोड़ला विकासखंड के ग्राम खैरबाना कला के 215 किसानों को 29 लाख 57 हजार 669 रुपए, तारों के 188 किसानों को 9 लाख 72 हजार 146 रुपए, ढोंगईटोला प्लांट के 124 किसानों को 6 लाख 44 हजार 986 रुपए और कांपा 368 किसानों को 15 लाख 26 हजार 449 रुपए किसानों के खातों में सीधे मुआवजा राशि हस्तांतरित कर दी गई है, जिससे किसानों को तत्काल राहत मिली है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार किसानों के दुख-दर्द को समझती है और उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गंगाबाई लोकचंद साहू ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को समय पर राहत मिलना एक सराहनीय कदम है और इससे किसानों का विश्वास सरकार में और मजबूत हुआ है।
किसानों ने जताया आभार
क्षेत्र के किसानों ने त्वरित राहत कार्य के लिए उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया है और आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी इसी तरह उनके हितों की रक्षा की जाएगी।