छत्तीसगढ़ / कोंडागांव
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजनारू मुफ्त बिजली के साथ होगी अतिरिक्त आय
कोण्डागांव। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत शासन द्वारा शहरी एवं ग्रामीण घरेलु विद्युत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह योजना बिजली के क्षेत्र में उपभोक्ताओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य की भागीदारी सुनिश्चित करने में पीएम सूर्य घर योजना महत्वपूर्ण साबित होगी। इस योजना के तहत स्थापित प्लांट नेट मीटरिंग द्वारा विद्युत ग्रिड से संयोजित होगा, जिससे खपत से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में सप्लाई होगी। इससे न केवल उपभोक्ताओं के घर की बिजली शून्य होगा, बल्कि ग्रिड में दी गई बिजली के एवज में अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी।
घर के छतों में सौर पैनल स्थापना के लिए हितग्राहियों को शासन द्वारा 30 से 78 हजार रूपए की सब्सिडी प्रति प्लांट दी जाएगी। रूफटॉप सोलर संयंत्र की क्षमता अनुसार 01 किलोवॉट के लिए लगभग 65 हजार रूपए की लागत पर शासन द्वारा 30 हजार रूपए की सब्सिडी दी जाएगी, 02 किलोवाट के लिए 01 लाख 30 हजार रूपए की लागत पर 60 हजार रूपए की सब्सिडी और 03 किलोवाट से अधिक की सोलर संयंत्र के लिए 01 लाख 95 हजार की लागत पर 78 हजार रूपए की सब्सिडी दी जाएगी। इसमें हितग्राही का अंशदान 10 प्रतिशत रहेगा और शेष राशि के लिए बैंकों द्वारा 07 प्रतिशत की ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराई जाएगी। पीएम सूर्यघर योजना का लाभ उठाने के लिए जिले के हितग्राही वेब पोर्टल https://www.pmsuryaghar.gov.in/ या पीएम सूर्य घर मोबाइल एप में पंजीयन करा सकते हैं।
संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में कोंडागांव जिला प्रथम
कोंडागांव। बस्तर संभाग में संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) जगदलपुर में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास, सहकारिता एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री केदार कश्यप उपस्थित रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद बस्तर महेश कश्यप ने की। उक्त प्रतियोगिता में कोंडागांव जिले के छात्रों ने कड़े मुकाबले में बीजापुर, कांकेर , नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर की टीमों को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की।
शासन द्वारा बच्चों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था से परिचित कराने एवं उनमें लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में पहले बस्तर की छात्रा पूर्वा दास ने कन्नड़ में शपथ लेकर सबका ध्यान आकर्षित किया। प्रश्न काल के दौरान कोंडागांव के छात्रों ने देश की विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों सहित स्वास्थ एवं जेनेरिक दवाइयां, अपार आईडी से छात्रों को लाभ आदि मुद्दों को रेखांकित कर उन पर चर्चा की।
छात्र-छात्राओं की उपलब्धि के पीछे अभिभावकों एवं शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। इन छात्रों को संसदीय कार्य प्रणाली की जानकारी दी गई और लगातार अभ्यास कराया गया था। नोडल अधिकारी अखिलेश गायधने ने अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा युवा संसद सामान्य प्रतियोगिता नहीं है। इस प्रतियोगिता के तहत हम जन प्रतिनिधित्व के मूलभूत सिद्धांतों को सिखाते हैं। ऐसा करके बच्चे ही इस देश का भविष्य बनेंगे और आगे जाकर के क्षेत्र का देश का नेतृत्व भी करेंगे।
संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में कोंडागांव के विभिन्न विद्यालयों से 36 छात्रों ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर वेदबती कश्यप अध्यक्ष, जिला पंचायत बस्तर सफीरा साहू, महापौर, नगर निगम जगदलपुर, मनीराम कश्यप, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत बस्तर, श्रीमती कविता साहू सभापति, नगरपालिक निगम जगदलपुर उपस्थित रहे।
जनदर्शन में सड़क, बिजली सहित विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे ग्रामीण
कलेक्टर ने आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
कोण्डागांव। साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं से अवगत हुए और संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र निराकरण के निर्देश किए।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में कोण्डागांव तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लेमड़ी के आश्रित ग्राम चाचीबेड़ा के ग्रामीणों ने नया आंगनबाड़ी खोलने की मांग की। ग्रामवासियों की मांग पर कलेक्टर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। मर्दापाल तहसील के कोरहोबेड़ा, ग्राम-कीलम के ग्रामवासियों ने बिजली की सुविधा देने की मांग करते हुए बताया कि ग्राम-कीलम के कोरहोबेड़ा में आज पर्यन्त बिजली नहीं पहुंच पाई है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांग पर बिजली व्यवस्था प्रदाय करने हेतु सीएसईबी के अधिकारी को निर्देशित किया।
कोण्डागांव शहर के आरएस कॉलोनी, डीएनके कॉलोनी और जामकोटपारा के वार्डवासियों ने सड़क, नाली, पेयजल की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर सीएमओ नगरपालिका को वार्डवासियों क समस्याओं के समाधान हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार चाचीबेड़ा के ग्रामीणों ने बारिश के दिनों में होने वाली समस्याओं से अवगत कराते हुए सड़क निर्माण की मांग की। कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांग पर सड़क निर्माण हेतु कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया। इसके अलावा जनदर्शन में सी.सी. सड़क निर्माण, पुल निर्माण, आवास, वन अधिकार पट्टा, आंगनबाड़ी भवन की मांग सहित विभिन्न मांगों को लेकर 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिस पर कार्यवाही हेतु संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ अविनाश भोई, एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर-एसपी सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में हुए शामिल
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से लोगों को साईबर अपराध के प्रति जागरूक किया
कोण्डागांव। मर्दापाल पुलिस थाना अंतर्गत ग्राम लखापुरी में बुधवार को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोक कलाकारों द्वारा साईबर अपराध पर आधारित प्रस्तुती दी गई और ग्रामीणों को साईबर अपराध के प्रति सजग और सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
कलेक्टर दुदावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। सामुदायिक पुलिसिंग के इस कार्यक्रम में भी विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम निश्चित ही पुलिस व जनता के मध्य संबंध को मजबूत करने में कारगर साबित होगा। उन्होंने बस्तर ओलंपिक के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की भी अपील की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले के विभिन्न गांव में सामुदायिक पुलिसिंग के आयोजन से ग्रामीणजनों के बीच आपसी संवाद और सहयोग की भावना को बढ़ाने के साथ साईबर अपराध सहित विभिन्न अपराधों के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे सतर्क और सजग रहें।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग द्वारा ग्रामीण महिलाओं को साड़ी एवं कंबल और कृषकों को बीज वितरित किया गया। साथ ही शासकीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला लखापुरी के विद्यार्थियों को जूता, कापी व पेन वितरण किया गया। इसके अलावा ग्राम लखापुरी, एहरा, छोटेकोडेर, नवागांव और नाहकानार गांव के युवाओं को विभिन्न खेल सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ अविनाश भोई, एडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एएसपी रूपेश डांडे व कौशलेन्द्र देव पटेल सहित विभिन्न गांवों के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
निर्माणाधीन सड़क व पुल का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने मर्दापाल तहसील अंतर्गत मर्दापाल मेढ़पाल मुख्य मार्ग से चांगेर हंगवा तक 12.90 किलोमीटर के सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य के धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम कुदुर के पास नदी में बने पुल का भी निरीक्षण किया और एप्रोच रोड को जल्द बनाने के साथ शेष लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में मिले 18 आवेदन, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश...
कोंडागांव। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को जिला कार्यालय के समाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में ग्रामीणजनों की समस्याएं सुनी और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक जांच कर कार्यवाही हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनदर्शन में धनोरा तहसील के ग्राम बड़ेओड़ागांव से पहुंचे ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव पर अनियमितता की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को आवश्यक जांच हेतु अग्रेषित किया। इसी प्रकार तहसील मर्दापाल के के ग्राम गोलावण्ड निवासी सोनसिंग कोर्राम ने अपनी समस्या बताते हुए गांव के पटवारी द्वारा जाति प्रमाण पत्र के लिए वंशावली नहीं बनाने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम कोण्डागांव को आवश्यक जांच हेतु निर्देशित किया गया। जनपद पंचायत माकड़ी अंतर्गत ग्राम ठेमगांव के ग्रामीणों ने पूर्व माध्यमिक शाला के लिए विज्ञान विषय के शिक्षक की मांग की, जिस पर कार्यवाही हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया। इसी प्रकार ग्राम होनावण्डी के ग्रामीणों ने शेड निर्माण, ग्राम गोड़मा निवासी पवन कुमार मरकाम ने वन अधिकार पत्र की मांग, ग्राम चिलपुटी के ग्रामीणों न प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित मजदूरी भुगतान की मांग सहित विभिन्न मांगों को लेकर कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर एडीएम चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
पशु चिकित्सकों ने बचाई गाय-बछड़े की जान
कोण्डागांव। कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम बीजापुर में 14 अक्टूबर को पशुपालक राजेश कुमार भारद्वाज की गाय गंभीर स्थिति में थी। पशु चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया की गाय का बच्चा गर्भाशय मरोड़ के कारण गर्भाशय में फंस गया था, जिससे गाय और बछड़ा दोनों की जान खतरे में थी।
पशुपालक ने तुरंत इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दी, जिस पर कोंडागांव के अनुभवी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस मरकाम और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर उपचार शुरू किया। डॉक्टरों की टीम ने कई बार प्रयास किया ताकि गर्भाशय मरोड़ को ठीक कर बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। प्रारंभिक प्रयासों में सफलता नहीं मिलने के बाद विशेषज्ञों ने शल्य चिकित्सा का निर्णय लिया। टीम ने सर्जरी की, जिससे न सिर्फ बछड़े को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया बल्कि गाय की भी जान बचाई जा सकी।
इस जटिल सर्जरी ने कोंडागांव जिले के पशु चिकित्सा सेवा की तत्परता और कौशल को एक बार फिर साबित किया। यह घटना पशुपालकों के बीच जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास को भी मजबूत करती है। गाय और बछड़ी दोनों आज स्वस्थ हैं और पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
जल जीवन मिशन: महिलाओं को दी जा रही जल परीक्षण की ट्रेनिंग
कोण्डागांव। जल जीवन मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में पेजजल की समस्या का समाधान करने के साथ-साथ महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। इस मिशन का उद्देश्य हर घर हर घर में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, लेकिन इसके साथ ही जल संरक्षण और जल परीक्षण में महिलाओं की भागीदारी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत उन्हें जल परीक्षण, जल संरक्षण के उपाय और जल प्रबंधन की ट्रेनिंग दी जा रही है। इस प्रकार जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका रही हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के माकड़ी विकासखण्ड के उप स्वास्थ्य केन्द्र माकड़ी, कोण्डागांव विकासखण्ड अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्र कोण्डागांव में तथा केशकाल विकासखण्ड के उप स्वास्थ्य केन्द्र केशकाल में मितानीन मॉस्टर ट्रेनर को जल जीवन मिशन योजना के तहत जल परीक्षण के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। उक्त प्रशिक्षण में पानी से होने वाले जल जलीय बीमारियों के बारे में बताया गया एवं पानी में पाये जाने वाले खनिज तत्व की मात्रा कितना होना चाहिए व जल में मात्रा अधिक होने से उनके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल का परीक्षण कर दिखाया गया। इस अवसर पर विकासखण्ड समन्वयक राजेन्द्र मरई व श्रीमती पियम दुर्गा, यूनिसेफ किशन साहू, डब्लू.क्यू.एम.एस. समन्वयक मिथलेश कुमार साहू एवं प्रयोगशाला सहायक श्यामलाल कोर्राम एवं पतिराम मरकाम उपस्थिति रहें।
बस्तर ओलंपिक भाग लेने के लिए पंजीयन अब 25 तक
कोण्डागांव। राज्य शासन द्वारा बस्तर संभाग में खेल के क्षेत्र में अपार नैसर्गिक क्षमताओं के विकास के साथ-साथ परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने और यहां के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2024 का आयोजन किया जा रहा है। उक्त खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन की तिथि को 25 अक्टूबर तक बढ़ाया गया है। बस्तर ओलम्पिक में भाग लेने के लिए जिले के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले में अब तक 27075 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन करा लिया है।
उल्लेखनीय है कि बस्तर ओलंपिक के जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष और सीनियर वर्ग में 17 से अधिक आयुवर्ग के महिला एवं पुरुष भाग ले सकेंगे। इसके अलावा विशेष रूप से माओवादी प्रभावित दिव्यांगों तथा आत्मसमर्पित माओवादियों का खेल प्रतियोगिताएं सीधे संभाग स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन में विकासखण्ड स्तर से लेकर संभाग स्तर तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एथलेटिक, तीरंदाजी, बैडमिंटन, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल और रस्साकसी आदि खेलों के विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। बस्तर ओलंपिक में भाग लेने हेतु इच्छुक खिलाड़ी 25 अक्टूबर 2024 तक प्रत्येक विकासखण्ड के जनपद पंचायत कार्यालय, नगर पालिका, नगर पंचायत, खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड स्त्रोत समन्वयक कार्यालय में पंजीयन करा सकते हैं। साथ ही कार्यालय वरिष्ठ खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, क्रीड़ा परिसर, कोण्डागांव में भी ऑफलाईन एवं ऑनलाईन पंजीयन करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और बैंक खाता विवरण जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके लिए नाम, पता, पिता का नाम, बैंक का नाम और बैंक खाता क्रमांक देना अनिवार्य होगा।
कार्य में लापरवाही बरतने वाले एजेंसियों एवं अधिकारियों को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के प्रगति की समीक्षा की
कोण्डागांव। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत जिले में स्वीकृत कार्यों के प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को गंभीरता के साथ अपने दायित्वों को निर्वहन करते हुए अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने समीक्षा के दौरान निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत सभी जनपद पंचायतों में स्वीकृत सीसी रोड निर्माण, पुलिया, शेड, शौचालय, नाडेप, कचरा प्रबंधन, वर्मी शेड, नाली निर्माण, आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों के प्रगति की जानकारी। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका मूल्यांकन पूर्ण कर यूसीसीसी शीघ्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कोण्डागांव जनपद अंतर्गत ग्राम नीलजी में स्वयं सहायता समूह के लिए वर्किंग शेड निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने पर निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करने और सितंबर माह के अंत तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कड़ेनार में भी कार्य प्रारंभ नहीं होने पर एसडीएम को प्रकरण की जांच कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने केशकाल जनपद पंचायत अंतर्गत निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए पूर्ण कार्यों की यूसीसीसी एक सप्ताह के भीतर भेजने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद के अंतर्गत देवगुड़ी निर्माण, सामुदायिक व सांस्कृति भवन निर्माण, आदिवासी सामाजिक भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जनपद पंचायत फरसगांव में डीएमएफ मद से 20 देवगुड़ी निर्माण कार्य अब तक अपूर्ण होने पर सब इंजीनियर और एसडीओ को नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया और 30 सितंबर तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पशु संगणना के तहत पर्यवेक्षकों और प्रगणकों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला का शुभारंभ
पशुपालकों के घर-घर जाकर वास्तविक आंकडे जुटाने कलेक्टर के निर्देश
कोण्डागांव। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में 21वीं पशु संगणना के तहत पर्यवेक्षकों और प्रगणकों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले में पशु संगणना सर्वेक्षण का शुभारंभ भी किया गया। कलेक्टर ने संगणना प्रक्रिया की महत्ता पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि पशुपालकों के घर-घर जाकर वास्तविक आंकड़ों के आधार पर सही पशुओं की गणना की जाए ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में सटीकता हो सके।
कलेक्टर श्री दुदावत ने निर्देश देते हुए कहा कि पशु संगणना के सटीक आंकड़े नीति निर्धारण और क्रियान्वयन में सहायक होते हैं इसलिए पशुओं की गणना का कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे। इसके साथ ही कलेक्टर ने संगणना के आंकड़ों को डिजिटल रूप से ऑनलाइन अपडेट करने के भी निर्देश दिये ताकि वास्तविक समय पर सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके।
कार्यशाला में जिला नोडल अधिकारी और संभागीय मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष जैन ने उपस्थित प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने संगणना की प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देश और मापदंडों के बारे में जानकारी दी। पशु चिकित्सा सेवा कोण्डागांव के उप संचालक डॉ. शिशिर कांत पांडेय ने बताया कि पशु संगणना का कार्य सितम्बर 2024 से लेकर दिसम्बर 2024 तक संपन्न होगा। डॉ. पांडेय ने प्रशिक्षण में शामिल पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को पशु संगणना के कार्य को गुणवत्तापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने का आह्वान किया।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने काेंडागांव में भरी हुंकार, बोले- घोटालेबाजों को छोड़ेगे नहीं, कांग्रेस ने राज्य को एटीम बनाया
केंद्रीय मंत्री ने कहा, बीमारू राज्य था छत्तीसगढ़, भाजपा ने स्वस्थ बनाया
कुएं में डुबकर मृत युवा के पिता को मिली चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता
कोंडागांव। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने फरसगांव तहसील के ग्राम कुल्हाड़गांव निवासी ईशनंदन मरकाम की कुएं के पानी में डुबकर हुई मृत्यु के कारण पिता दिनेश्वर मरकाम को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन के तहत आनलाईन आवेदन आमंत्रित किया गया है।
कोंडागांव । जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन (पीएमएफएमई) के तहत आनलाईन आवेदन आमंत्रित किया गया है। योजनांतर्गत विद्यमान निजी एवं नवीन सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों जैसे हालर मिल, गुड़ निर्माण, मिनी राईस मिल, मसाला उद्योग, आटा चक्की, पोहा मिल, बेसन निर्माण, नमकीन निर्माण, पापड़, बेकरी, चिप्स, रेवड़ी, ब्रेड, लाड़ू, रेडी टू इट निर्माण केटल फीड, बड़ी, आचार, मुरमुरा उद्योग, फुटा चना उद्योग आदि को शामिल किया गया है। इस योजना के अंतर्गत प्रति पात्र उद्योगांे को परियोजना लागत का 35 प्रतिशत की दर से क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी परन्तु अधिकतम 10 लाख रू. दिये जाने का प्रावधान है एवं लाभार्थी का कुल लागत का न्यूनतम 10 प्रतिशत अंशदान राशि होगा एवं शेष राशि बैंक ऋण होगा।
आवेदक आवेदन हेतु पीएमएफएमई के ऑनलाईन पोर्टल में रजिस्ट्रेशन कर आवेदन कर सकता है। इस योजना एवं आवेदन की प्रक्रिया की अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया
कोंडागांव । प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया है। इस के तहत विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 50 लाख रुपए की परियोजना तथा सेवा-व्यवसाय क्षेत्र में अधिकतम 20 लाख रुपए की परियोजना के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। पात्र आवेदक के.वी.आई.सी. की वेबसाइट केवीआईसी ऑनलाइन डॉट जीओवी डॉट इन में ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। इसके लिए पोर्टल पीएमईजीपी ई-पोर्टल पर एजेंसी टाईप में डीआईसी चयन कर आवेदन किया जा सकता है।
योजना की पात्रता के लिए आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिये। विनिर्माण के क्षेत्र में 10 लाख तथा सेवा-व्यवसाय के क्षेत्र में 5 लाख रुपए से अधिक परियोजना की स्थापना हेतु लाभार्थी को 8वीं उत्तीर्ण आवश्यक होगा। योजना के अंतर्गत कोई आय सीमा नहीं है। ऐसी संस्था-व्यक्ति, जिन्हें शासन के किसी अन्य योजना के तहत अनुदान का लाभ प्राप्त हो चुका है इस योजना के तहत ऋण हेतु अपात्र होंगे।
आवेदन करने हेतु जिन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी, उनमें परियोजना प्रतिवेदन, नगर या ग्राम पंचायत का अनापत्ति सह जनसंख्या प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र, आवेदक श्रेणी विशेष से होने पर सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की प्रति, दिव्यांग होने पर सक्षम अधिकारी का दिव्यांगता प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साईज फोटो शामिल है। आवेदन किये जाने हेतु कोई शुल्क की आवश्यकता नहीं हैं।
सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को 10 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला, दिव्यांग को 5 प्रतिशत अंशदान देना होगा। सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को शहरी क्षेत्र में 15 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र में 25 प्रतिशत अनुदान की पात्रता होगी। इसी प्रकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला, दिव्यांग, पूर्व सैनिक को शहरी क्षेत्रों में 25 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 35 प्रतिशत अनुदान की पात्रता होगी। योजना की अधिक जानकारी के लिए कार्यालय महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र संयुक्त जिला कार्यालय कोंडागांव से संपर्क किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत् जिले में पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों का पंजीयन किया जा रहा है
कोंडागांव । प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत् जिले में पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों का पंजीयन किया जा रहा है। चयनित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और विश्वकर्मा परिचय पत्र दिया जाएगा। इन कारीगरों के पारंपरिक कौशल को निखारने के लिए 5 से 7 दिन का निशुल्क आवासीय युक्त प्रशिक्षण भी मिलेगा जिसमें 500 रूपए प्रति दिन की दर से छात्रवृत्ति दी जाएगी। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद यंत्र एवं औजार के लिए 15 हजार रूपए का अनुदान सहायता भी मिलेगा। इच्छुक हितग्राहियों को पहले चरण में 1 लाख तक और दूसरे चरण में 2 लाख तक की वित्तीय सहायता मात्र 5 प्रतिशत ब्याज दर पर बैंकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत 18 प्रकार के चयनित ट्रेड वाले पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को लाभान्वित किया जाएगा। इनमें बढ़ई, नाव, बनाने वाले, अस्त्र बनाने वाले, लोहार, ताला बनाने वाले, हथौड़ा और टूल किट निर्माता, सोनार, कुम्हार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, डलिया चटाई बनाने वाले, नाई, पारंपरिक गड़िया और खिलौने बनाने वाले, मालाकार (पुष्प सज्जा), धोबी, दर्जी, मछली जाल बनाने वाले शामिल हैं। योजना अन्तर्गत पंजीयन हेतु आधार कार्ड एंव मोबाईल नंबर तथा बैंक पास बुक के साथ ग्राम पंचायत सरपंच के द्वारा अथवा ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएससी) सेंटर में करा सकते हैं ।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत कोर्स
कोंडागांव । जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज कोण्डागांव में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत कोर्स- रिटेल सेल्स एसोसिएट एव इन्श्योरेंस तथा अन्य कोर्स में जिले के इच्छुक हितग्राहियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रशिक्षण हेतु इच्छुक अभ्यर्थियों से 22 जुलाई से 24 जुलाई तक जिला परियोजना कॉलेज खुटडोबरा रोड डोंगरीपारा कोण्डागांव में आवेदन पत्र आमंत्रित किया जा रहा है। अभ्यर्थियों को आवेदन हेतु योग्यता की अंकसूची, आधार कार्ड, पासपोर्ट फोटो, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण की छायाप्रति के साथ उपस्थित होने की आवश्यकता है।
सड़क हादसे में CAF जवान की मौत.....
कोण्डागांव । सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर लंजोड़ा गांव के पास बुधवार की तड़के सुबह सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार युवक एवं युवती को अपने चपेट में ले लिया।
घटना के तत्काल बाद दोनों घायलों को कोण्डागांव के जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बाइक चालक युवक की मौत हो चुकी थी। मृत युवक की पहचान प्रारंभिक दृष्टि से जेब में मिले दस्तावेज के अनुसार सीएएफ में पदस्थ जवान के रूप में की गई है।
सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत लंजोड़ा गांव के पास 20 दिसंबर की तड़के सुबह हुई। सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। इस घटना के बारे में प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि, अज्ञात भारी वाहन बाइक से जा रहे सीएएफ के हेड कांस्टेबल गुरदीप लंबा और कोण्डागांव की 25 वर्षीय पायल कुलदीप को पीछे से ठोकर मार दी। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि, जवान का कमर के नीचे का पूरा हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल पायल कुलदीप को जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है।