छत्तीसगढ़ / कोरबा
छठवीं में प्रवेश हेतु मेरिट सूची जारी
दावा-आपत्ति 25 जुलाई तक आमंत्रित
कोरबा । पं. जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 6वीं में प्रवेश परीक्षा 30 मार्च 2025 को आयोजित किया गया था। जिसका परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परीक्षा में सम्मलित हुए छात्र-छात्राओं का अंकों के आधार पर मैरिट सूची जारी किया गया है, जिसका अवलोकन जिले की वेबसाइट एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा के सूचना पटल में किया जा सकता है। इस संबंध में दावा आपत्ति 25 जुलाई के शाम 05 बजे तक कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा में जमा किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के पश्चात किसी प्रकार का दावा आपत्ति स्वीकार नहीं किया जायेगा।
कटघोरा में निःशुल्क कैंसर जॉंच एव परामर्श शिविर 24 को
कोरबा । स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग कोरबा एवं बालको मेडिकल सेंटर, नया रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में 24 जुलाई 2025 को प्रातः 10 बजे से दोपहर एक बजे तक सामु.स्वास्थ्य केन्द्र कटघोरा में निःशुल्क कैसर जॉच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जायेगा । इस शिविर में विश्व स्तरीय कैंसर विशषज्ञों द्वारा जॉंच एवं परामर्श दिया जावेगा। तथा मेमाग्राफी मशीन, मुख कैसर परीक्षण (ब्रश साईटोलॉजी), स्त्री कैंसर रोग संबंधी परीक्षण (पेप स्मीयर) सेवायें उपलब्ध होंगी।
मुख्य चिकत्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस.एन.केशरी ने बताया कि किसी भी महिला या पुरूष में लक्षण दिख रहे हैं जैसे स्तन में गॉंठ, मुंह में अल्सर या गले में गॉठ, मल या मू़त्र विसर्जन की आदतों में परिवर्तन, थकान व वजन में अनापेक्षित बदलाव, लगातार खांसी या सांस लेने में तकलीफ, खून की कमी, सिकलसेल एनीमिया, थैलेसिमिया, रक्त संबंधित बिमारियां, निगलने में कठिनाई या आवाज में बदलाव, रक्तस्त्राव या चोट न भरना, रजोनिवृत्ति के बाद रक्त जाना या असामान्य मासिक धर्म होना ये कैंसर के लक्षण हो सकते हैं।
कलेक्टर अजीत वसंत तथा मुख्य चिकत्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी ने जिले के लोगों से अपील किया है कि जिस किसी व्यक्ति में उपरोक्त लक्षण दिखाई दे रहे हैं वे उक्त शिविर में उपस्थित होकर अधिक से अधिक संख्या में जॉंच करावें।
आर्यभट्ट विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण प्रोत्साहन योजना का लाभ लेने छात्राओं से आवेदन
कोरबा । अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आर्यभट्ट विज्ञान एवं वाणिज्य शिक्षण प्रोत्साहन योजना कन्या जिला दुर्ग में संचालित है। जिसमें विज्ञान (गणित एवं जीव विज्ञान संकाय) तथा वाणिज्य विषय में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं को विभिन्न महाविद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाता है। इस योजना के अंतर्गत छात्राओं को स्नातक, स्नाकोत्तर एव ंबी.एड. तक निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। योजना का यह उद्देश्य है कि अनुसूचित क्षेत्रों में उल्लेखित विषयों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए योजना विभाग द्वारा संचालित की गई है।
कोरबा जिला अंतर्गत इस योजना का लाभ लेने हेतु इच्छुक छात्राएँ सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कोरबा जिला-कोरबा में आवेदन एवं अधिक जानकारी हेतु संपर्क कर सकते हैं।
पशुधन विकास विभाग स्थायी समिति की बैठक 25 को
कोरबा । जिला पंचायत कोरबा की पशुधन विकास विभाग स्थायी समिति की बैठक 25 जुलाई को दोपहर एक बजे कार्यालय उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें कोरबा में आयोजित की गई है।
स्पॉन्सरशिप योजना से संवर रहा बच्चों का भविष्य
कोरबा । जिलों में बच्चों के देखरेख एवं संरक्षण को सुनिश्चित किए जाने हेतु किशोर न्याय अधिनियम तथा आदर्श नियम के प्रावधान अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से मिशन वात्सल्य (एकीकृत बाल संरक्षण) योजना संचालित है। योजना अंतर्गत विधि से संघर्षरत एवं देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों हेतु राज्य बाल संरक्षण समिति छत्तीसगढ़ के माध्यम से सभी जिलों में संस्थागत एवं गैर संस्थागत सेवाएं उपलब्ध है। जिसके अंतर्गत जिले में किशोर न्याय बोर्ड, बालक कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यरत है। जिले में निवासरत ऐसे बच्चे जिनके माता या पिता नहीं है। जिन्हें देखरेख एवं संरक्षण तथा पालन पोषण, शिक्षा हेतु विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन बच्चों हेतु शासन की स्पॉन्सरशिप योजना अंतर्गत चार हजार रूपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
ताकि उन बच्चों को बेहतर देखरेख एवं संरक्षण तथा पालन पोषण, शिक्षा प्राप्त हो सके। इस उद्देश्य के परिपालन में कलेक्टर सह अध्यक्ष जिला बालक कल्याण एवं संरक्षण समिति जिला कोरबा अजीत वसंत के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती रेणु प्रकाश, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी गजेन्द्र देव सिंह के मार्गदर्शन में बालक कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्पॉन्सरशिप कमेटी के माध्यम से अब तक 122 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।
वर्तमान में उपरोक्त 122 बच्चों को गैर संस्थागत कार्यक्रम अंतर्गत संचालित स्पॉन्सरशिप योजना के माध्यम से उनके पालन पोषण एवं देखरेख, शिक्षा हेतु 04 रुपए प्रतिमाह सीधे उन बच्चों के संरक्षकों के खाते में हस्तांतरित की जा रही है। जिससे उन बच्चों का जीवन व भविष्य संवर रहा है। जिले में ऐसे बच्चे जो देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले है। जिनके माता पिता नहीं है। जिन्हें गैर संस्थागत सेवाओं से जोड़े जाने की आवश्यकता है। ऐसे बच्चों को उक्त योजना से लाभान्वित कराए जाने हेतु कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा दिए गए निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी लोगो से अपील किया गया है कि ऐसे बच्चों को विभाग की इस योजना से जोड़ने हेतु सहयोग करे एवं बच्चों को बालक कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग के समक्ष प्रस्तुत कराए, जिससे उन सभी बच्चों को गैर संस्थागत सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को सौपीं जिम्मेदारी
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने हेतु बैठक लेकर सभी विभाग प्रमुखों की जिम्मेदारी निर्धारित कर कर्तव्यों का गम्भीरता पूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए है। आजादी के पर्व के दौरान 15 अगस्त को शासकीय कार्यालयों व मुख्य समारोह में राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करते हुए पूरी गरिमा और सम्मान के साथ ध्वज फहराया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह कोरबा नगरीय क्षेत्र के फुटबाल मैदान सीएसईबी कोरबा पूर्व में आयोजित होगा। 15 अगस्त को समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, अर्द्धशासकीय एवं शासकीय संस्थाओं में प्रातः 7 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। मुख्य समारोह में ध्वजारोहण एवं सलामी कार्यक्रम के प्रभारी पुलिस अधीक्षक होंगे। जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरूष व महिला, छत्तीसगढ़ नगर सेना पुरूष व महिला दल भाग लेंगे। स्वतंत्रता दिवस आयोजन का अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को प्रातः 9 बजे किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के सम्पूर्ण प्रभारी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी व परियोजना अधिकारी राजीव गांधी शिक्षा मिशन होंगे।
फुटबाल मैदान सीएसईबी कोरबा पूर्व की ग्राउण्ड व्यवस्था, साफ-सफाई, शामियाना, माईक व्यवस्था, कुर्सी, सोफा सेट, गमले, व्हीआईपी हेतु पेय जल व्यवस्था, ध्वजारोहण, मंच की साज सज्जा, गुब्बारे झण्डे आदि की व्यवस्था नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा किया जायेगा। झंडे हेतु खम्भे एवं आवागमन हेतु बेरीकेडिंग लगाने लोक निर्माण एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को जिम्मेदारी दी गई है। बांस-बल्ली हेतु वन विभाग कोरबा को जिम्मेदारी दी गई। विद्युत संबंधी व्यवस्था की देखरेख अनुविभागाय अधिकारी विद्युत/यांत्रिकी विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम स्थल में निर्बाध गति से विद्यृत व्यवस्था का संचालन कार्यपालन अभियंता वितरण सीएसईबी शहर संभाग कोरबा की होगी। समारोह स्थल पर मुख्य अतिथि एवं जन समुदाय की बैठक सम्बंधित व्यवस्था अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोरबा एवं तहसीलदार कोरबा को सौपी गई है। राष्ट्रगान की प्रस्तुति पुलिस बैंड द्वारा दी जाएगी। निमंत्रण पत्र छपाई की व्यवस्था मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा एवं वितरण की व्यवस्था प्रोटोकॉल अधिकारी कोरबा द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य कार्यक्रम एवं रिहर्सल में आवश्यकता अनुसार वाहन व्यवस्था प्रोटोकॉल अधिकारी व जिला परिवहन अधिकारी द्वारा की जाएगी। मार्च पास्ट एवं रिहर्सल में भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों के स्वल्पाहार की व्यवस्था महाप्रबंधक एनटीपीसी एवं मुख्य समारोह के दिवस स्वल्पाहार की व्यवस्था आयुक्त नगर पालिका निगम द्वारा किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने वाले अन्य अतिथियों हेतु चिकित्सा व्यवस्था के प्रभारी सीएमएचओ होंगे। समारोह स्थल पर आवश्यक डॉक्टर, स्टाफ एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र छपवाने की व्यवस्था जिला पंचायत कोरबा द्वारा किया जाएगा। सभी विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 2 अधिकारी/ कर्मचारियों को 15 अगस्त समारोह के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार की व्यवस्था सीईओ बाल्को, मुख्य अभियंता डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह कोरबा पूर्व, मुख्य अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल उत्पादन कोरबा पश्चिम एवं महाप्रबंधक एसईसीएल द्वारा किया जाएगा। पुरस्कार वितरण की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला पंचायत कोरबा को सौपीं गई है।
स्वतंत्रता सह सद्भावना दौड़ 14 अगस्त को-
14 अगस्त को प्रातः 8 बजे सद्भावना दौड़ का आयोजन किया जायेगा। इस दौड़ में सभी नागरिक, छात्र-छात्राएं, अधिकारी कर्मचारी भाग ले सकते हैं। यह दौड़ घंटाघर चौक से प्रारंभ होकर निहारिका-सुभाष चौक बायां मुड़ते हुए विद्यृत गृह स्कूल -बुधवारी बाजार चौक जैन मंदिर से-महाराणा प्रताप चौक से होते हुए पुनः घंटाघर स्थित ओपन थियेटर में समाप्त होगी।
राष्ट्रध्वज की गरिमा का रखे विशेष ध्यानः-
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यालय में फहराये जाने वाले राष्ट्रध्वज की जांच पड़ताल कर लेें। राष्ट्रध्वज कटे-फटे व छेद युक्त न हो, साफ-सुथरे हों तथा राष्ट्रध्वज सीधे फहराये जाएं। राष्ट्रध्वज की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाएं। फ्लेग कोड के प्रावधानों का किसी भी स्थिति में उल्लंघन न हो।
डीएमएफ से मिले कार्यों का टेंडर समय पर पूरा करें निर्माण एजेंसी : कलेक्टर
छुटे हुए हितग्राहियों का आधार अपडेट कराकर आयुष्मान औऱ व्यवन्दन 15 दिन में बनाने दिए निर्देश
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने आज समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने टीएल के विभागवार लम्बित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि डीएमएफ अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों का टेण्डर निर्माण एजेंसी समय सीमा के भीतर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सितंबर माह से प्रस्तावित कार्यों को प्रारंभ करने के दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुराने छात्रावासों में जहाँ अधीक्षक आवास नहीं बने हैं, उन छात्रावासों की सूची उपलब्ध कराने के साथ ही आवास हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर वसंत ने आयुष्मान और व्यवन्दन कार्ड के संबंध में समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जो हितग्राही आयुष्मान और व्यवन्दन कार्ड से वंचित है उन्हें लाभान्वित करने के लिए जनपद सीईओ के सहयोग से संबंधित क्षेत्र में शिविर लगाकर उनका कार्ड बनाया जाए। कलेक्टर ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में वंचित हितग्राहियों का अनिवार्य रूप से आयुष्मान और व्यवन्दन कार्ड बनाने के निर्देश नगर निगम, एसडीएम, जनपद को दिए। कलेक्टर ने योजना बनाकर शिविर लगाने और वंचित होने पर संबंधित के विषय में पर्याप्त कारण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार अपडेशन में सहयोग नहीं करने वाले ऑपरेटरों की आइडी ब्लॉक करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनबाड़ी में संचालित रसोई में गैस का उपयोग करने और समय पर रिफलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर संबंधित क्षेत्र में निरीक्षण करें और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जनपद अन्तर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि वर्ष 2020 के पूर्व स्वीकृत कार्यों में से स्कूल भवन एवं अन्य कार्य अधूरे हैं उसका परीक्षण करा लें। भवन के जर्जर हो जाने अथवा वसूली प्रकरण वाले मामले में प्रकरण दर्ज कर रिवाइज्ड स्टीमेट बनाकर प्रस्तुत करें ताकि अधूरे भवन को पूर्ण कराया जा सके। कलेक्टर ने बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों अन्तर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत एवं सभी अधिकारी उपस्थित थे।
डीएमएफ से मिले कार्यों का टेंडर समय पर पूरा करें निर्माण एजेंसी : कलेक्टर
छुटे हुए हितग्राहियों का आधार अपडेट कराकर आयुष्मान औऱ व्यवन्दन 15 दिन में बनाने दिए निर्देश
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत ने आज समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाज की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने टीएल के विभागवार लम्बित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि डीएमएफ अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों का टेण्डर निर्माण एजेंसी समय सीमा के भीतर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सितंबर माह से प्रस्तावित कार्यों को प्रारंभ करने के दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुराने छात्रावासों में जहाँ अधीक्षक आवास नहीं बने हैं, उन छात्रावासों की सूची उपलब्ध कराने के साथ ही आवास हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर वसंत ने आयुष्मान और व्यवन्दन कार्ड के संबंध में समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जो हितग्राही आयुष्मान और व्यवन्दन कार्ड से वंचित है उन्हें लाभान्वित करने के लिए जनपद सीईओ के सहयोग से संबंधित क्षेत्र में शिविर लगाकर उनका कार्ड बनाया जाए। कलेक्टर ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में वंचित हितग्राहियों का अनिवार्य रूप से आयुष्मान और व्यवन्दन कार्ड बनाने के निर्देश नगर निगम, एसडीएम, जनपद को दिए। कलेक्टर ने योजना बनाकर शिविर लगाने और वंचित होने पर संबंधित के विषय में पर्याप्त कारण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार अपडेशन में सहयोग नहीं करने वाले ऑपरेटरों की आइडी ब्लॉक करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनबाड़ी में संचालित रसोई में गैस का उपयोग करने और समय पर रिफलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर संबंधित क्षेत्र में निरीक्षण करें और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जनपद अन्तर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि वर्ष 2020 के पूर्व स्वीकृत कार्यों में से स्कूल भवन एवं अन्य कार्य अधूरे हैं उसका परीक्षण करा लें। भवन के जर्जर हो जाने अथवा वसूली प्रकरण वाले मामले में प्रकरण दर्ज कर रिवाइज्ड स्टीमेट बनाकर प्रस्तुत करें ताकि अधूरे भवन को पूर्ण कराया जा सके। कलेक्टर ने बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों अन्तर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान डीएफओ कटघोरा कुमार निशांत एवं सभी अधिकारी उपस्थित थे।
रेल्वे लेडीज क्लब कोरबा का भव्य सावन महोत्सव संपन्न, सावन क्वीन को मिला ताज
कोरबा। रेल्वे लेडीज क्लब कोरबा द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 19 जुलाई को होटल फोरसीजन में भव्य सावन महोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मंजू साहू और श्रीमती सरिता राठौर ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में श्रीमती प्रतिभा आदित्य और किरण बघेल द्वारा सभी सदस्यों का स्वागत फूलों और मेमेंटो से किया गया।
कार्यक्रम में लक्की ड्रा के माध्यम से श्रीमती कविता डरसेना और दीप्ति साहू, तथा वोटिंग के माध्यम से श्रीमती अनुराधा मोहर को "सावन क्वीन" का ताज पहनाया गया।
श्रीमती डिंपल साहू और सरिता कश्यप ने मनोरंजक गेम्स से सभी सदस्यों का खूब मनोरंजन किया।
श्रीमती पुष्पा कहरा ने अपनी सहेलियों – ममता, सुनीता, नीलिमा साव, सावित्री, अंजू, लता, प्रेमलता, मंजू राठौर आदि के साथ मिलकर फिल्मी गानों पर शानदार "माधुरी दीक्षित स्पेशल डांस" प्रस्तुत किया, जिसे खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती मनीषा धीरेंद्र, अनुराधा साहू और अंजली राठौर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में सावन की हरियाली और उत्साह के साथ मनोरंजन की भरपूर झलक देखने को मिली।
आयुष्मान में फर्जी क्लेम को रोकने कलेक्टर ने सीएमएचओ और बीएमओ को निगरानी के दिए निर्देश
कलेक्टर ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
कोरबा । कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों-वयोवृद्ध शिविर, मलेरिया,कुष्ठ, सिकलसेल जॉच, आयुष्मान कार्ड, एचआरपी, मातृस्वास्थ्य, प्रसव, शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, एनसीडी, एनक्यूएएस, आयुष, आरबीएसके, एनआरसी दवाओं की उपलब्धता एवं कार्यक्रमों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया फैलने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री वसंत ने शहरी क्षेत्रो में नगर निगम से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी और कष्ठ रोग की समीक्षा के दौरान कहा कि अभियान चलाकर ऐसे मरीजों को चिन्हित किया जाएं और जांच कराकर उन्हें समय पर उपचार और दवा प्रदान करना सुनिश्चित करें। एक्सरे एवं अन्य उपकरण जेम से खरीदते समय ध्यान रखें की गुणवत्तापूर्ण तथा प्रचलित रेट पर खरीदा जावे ।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने आयुष्मान भारत की समीक्षा की और निर्देश दिए छूटे हुए लोगों का आधार अपडेट के साथ ही सात दिवस के भीतर आयुष्मान कार्ड बनाया जाएं। उन्होंने कार्य नहीं करने वाले कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। कलेक्टर ने विकासखंड स्तर पर प्रायवेट चिकित्सालयों के आयुष्मान में फर्जी क्लेम की निगरानी बीएमओ को करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में फर्जी क्लेम नहीं होना चाहिए। उन्होंने सीएमएचओं को निजी अस्पतालों के क्लेम पुटअप करने के निर्देश दिए।
मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त गर्भवती माताओं में एचआरपी की पहचान कराना है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा उप स्वास्थ्य केन्द्रों में यदि दिन में प्रसव हो सकता है दिन में और रात्रि में हो सके तो रात्रि में भी प्रसव करावें। गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक रेफर ना करें। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित लक्ष्य अनुसार प्रसव कराया जाएं। जहाँ 20 से ज्यादा प्रसव हो रहे हैं वहाँ संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 02 स्त्री रोग विशेषज्ञ के होते हुए भी महिलाओं के कम उपचार होने की बात कहते हुए सुधार के निर्देश दिए। मातृ मृत्यु की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 102 एम्बूलेंस में ईएमटी नियुक्त नहीं है।
आपात स्थिति में प्रसव हो जाता है तो परेशानी होती है इस पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि डीएमएफ से ईएमटी की नियुक्ति की जाएं। एनआरसी की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि एनआरसी में 100 प्रतिशत आक्यूपेंसी होना चाहिए। शिशु मृत्यु संस्थागत कमी से नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने सिकल सेल के मरीजों का इलेक्ट्रोफोरेसिस जॉच करवाकर दिव्यांग कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि नाक, कान, गला से संबंधित चिन्हांकित मरीजों तथा मोतियाबिन्द के रेफर मरीजों का उपचार एवं ऑपरेशन तथा सभी प्रकार की सेवाएं जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज में हो सकता है उनका उपचार किया जाएं। उन्होंने सीएचसी में शिविर लगाकर उपचार करने, मोतियाबिन्द मरीजों की सर्जरी कराने और बीएमओ को फॉलोअप करने के निर्देश दिए। उन्हांने निर्देशित किया कि समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों की शतप्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीबी एवं कुष्ठ अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, समस्त नोडल अधिकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक, आरएमएनसीएचए, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, समस्त विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
अरूण साव ने 30 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
चार करोड़ 60 लाख राशि के 19 विभिन्न विकास कार्यों लोकार्पण एवं 24 करोड़ 76 लाख़ राशि के 74 कार्यों का किया भूमिपूजन
कोरबा । उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने आज कोरबा जिले के प्रवास के दौरान कोरबा नगर वासियों को लगभग 30 करोड़ लागत की 93 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। श्री साव ने नगर पालिक निगम कोरबा अंतर्गत किए जा रहे 93 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों में चार करोड़ 60 लाख 61 हजार राशि के 19 कार्यों का लोकार्पण एवं 24 करोड़ 76 लाख एक हजार राशि की 76 कार्यों का भूमिपूजन/शिलान्यास शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री साव द्वारा किए जाने वाली 19 लोकार्पण कार्यों में एक करोड़ 16 लाख की लागत से निगम क्षेत्रांतर्गत विभिन्न वार्डों में प्रकाश व्यवस्था कार्य, 74 लाख 43 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 60 अंतर्गत राताखार चौक से प्रगतिनगर होते हुए दर्री बांध तक प्रकाश व्यवस्था कार्य, 41 लाख 16 हजार रूपये की लागत से नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत अटल परिसर का निर्माण, 23 लाख 18 लाख रूपये की लागत से वार्ड क्रमांक 15 अंतर्गत ढोढ़ीपारा में एसएलआरएम सेन्टर का निर्माण, 25 लाख रूपये की लागत से वार्ड क्रमांक 47 न्यू शांतिनगर बस्ती में सी0सी0 रोड व नाली निर्माण, 20 लाख 16 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 33 मानिकपुर में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला भिलाईखुर्द क्रमांक 01 में नवीन शाला भवन, 22 लाख 50 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 18 में सामुदायिक भवन निर्माण, 19 लाख 70 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 18 भवानी मंदिर दर्री डेम के निकट सामुदायिक भवन निर्माण, 18 लाख 48 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 30 अन्तर्गत हाई स्कूल जे.पी. कालोनी में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण सहित 10 -10 लाख रूपये लागत की 9 अन्य कार्य शामिल हैं।
भूमि पूजन के कार्यों के अंतर्गत नगर पालिका निगम कोरबा में डीएमएफ, 15 वें वित्त सहित अन्य मदों से 24 करोड़ 76 लाख एक हजार लागत के 74 कार्यों का भूमि पूजन/शिलान्यास किया गया। इनमें एक करोड़ 99 लाख 58 हजार की लागत से बरबसपुर सीबीजी प्लांट हेतु नवीन प्रस्तावित स्थल पर प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल तथा ब्रिकवर्क बाउंड्रीवाल, एंट्रीगेट एवं मिट्टी फिलिंग का कार्य, 01 करोड़ 30 लाख की लागत से नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत सर्वमंगला नगर जोन अंतर्गत 10 नवीन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य, एक करोड़ 56 लाख की लागत से परिवहन नगर जोन अंतर्गत 12 नवीन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य, एक करोड़ 82 लाख की लागत से दर्री जोन भाग एक अंतर्गत 14 नवीन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण, एक करोड़ 82 लाख की लागत से दर्री जोन भाग दो अंतर्गत 14 नवीन आंगनबाड़ी भवन का निर्माण, एक करोड़ 04 लाख की लागत से बालको जोन अंतर्गत 8 आंगनबाड़ी भवन का निर्माण, एक करोड़ 69 लाख की लागत से कोसाबाड़ी जोन में 13 आंगनबाड़ी भवन का निर्माण, एक करोड़ 95 लाख रूपये की लागत से कोरबा जोन में 15 आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य सहित 66 अन्य कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर शहर विधायक एवं उद्योग, वाणिज्य और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकूर, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्दार्थ तिवारी सहित वार्ड पार्षद अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित थे।
शहर को भी अपना घर समझे और स्वच्छ रखे : अरुण साव
नगरीय प्रशासन मंत्री ने अटल परिसर का किया लोकार्पण, पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी के प्रतिमा का किया अनावरण
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विधि व विधायी कार्य, तथा नगरीय प्रशासन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज नगर पालिक निगम कोरबा अंतर्गत लगभग 30 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। जिसमें भूमिपूजन के 74 कार्य राशि 24 करोड़ 76 लाख और लोकार्पण के 19 कार्य राशि चार करोड़ 60 लाख रूपये शामिल है। उन्होंने विवेकानंद उद्यान के सामने अटल परिसर का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने अटल परिसर में स्व अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकूर, कलेक्टर अजीत वसंत, एसपी सिद्दार्थ तिवारी सहित वार्ड पार्षद अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि यह गौरव की बात है कि अब प्रदेश के नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त होने लगा है। कोरबा नगर पालिक निगम को भी स्वच्छता के लिए पुरुस्कार मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि कोरबा में तेज गति से स्वच्छता का काम हो रहा है। आने वाले समय में कोरबा नम्बर वन पर रहे, इसके लिए आमजनों का सहयोग जरूरी है। प्रभारी मंत्री श्री साव ने कहा कि जिस तरह हर व्यक्ति अपने घर को स्वच्छ रखता है। उसी तरह शहर को भी अपना घर समझे और स्वच्छ रखे। कोरबा शहर साफ सुथरा हो, इसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ियों का मान सम्मान करते हुए अलग राज्य बनाया। आज उनकी वजह से ही यह छत्तीसगढ़ विकास की राह में लगातार आगे बढ़ रहा है। अटल जी के देश के विकास में योगदान को याद करने के लिए प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण कर प्रतिमा स्थापित की जा रही है। श्री साव ने कहा कि कोरबा ऊर्जाधानी है और यहाँ के लोगों में ऊर्जा बनी रहे इस दिशा में कार्य करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में विकास के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है। अकेले कोरबा नगर निगम को 280 करोड़ की राशि विकास कार्यों के लिए दी गई है। उन्होंने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि से भी विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्री साव ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए महतारी वन्दन योजना प्रारंभ की गई है। इससे प्रदेश की 70 लाख महिलाओं के खाते में हर माह 5 तारीख को राशि पहुँच जाती है। उन्होंने कोरबावासियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी चाहते हैं कि सभी शहर स्वच्छ रहे और वे इस पर नजर बनाए रहते हैं, इसलिए कोरबा को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र द्वारा सीएसआर से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 3 बस, एक सेक्शन मशीन, एक ई-वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उपमुख्यमंत्री साव ने कार्यक्रम में 5 हितग्राहियों को पीएम आवास की चाबी, 5 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र का वितरण किया। कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा द्वारा स्वच्छता रैंकिंग में आठवां स्थान प्राप्त करने पर मंत्री का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग,वाणिज्य और श्रम मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव् साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा के विकास के लिए पर्याप्त राशि प्रदान की है। इसके अलावा डीएमएफ और अन्य मद से भी कोरबा को विभिन्न कार्य के लिए राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिले से प्राप्त राशि को जिले में ही खर्च करने की व्यवस्था प्रदान की है। इससे कोरबा में लगातार विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जनता के पैसों को जनता के लिए ही खर्च किया जा रहा है। उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि आने वाले समय में कोरबा शहर के सभी वार्ड में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की उद्योग नीति को राज्य के बेरोजगारों के लिए बेहतर बताते हुए इससे लाभ मिलने की बात कही और बताया कि उद्योग के लिए राज्य में बड़ी राशि का निवेश हुआ है। उन्होंने राज्य में बहुत कम समय में ही मोदी की गारंटी पूरा होने की बात कहते हुए प्रदेश के किसानों, गरीबो और महिलाओं को इससे लाभ होने की जानकारी दी। मंत्री देवांगन ने शहर के सभी 67 वार्डों में समग्र विकास कार्य कराने के लिए संकल्पित होने की बात कही और स्वच्छता के मामले में देश की रैंकिंग में नम्बर वन बनाने की दिशा में कार्य करने और आमनागरिको से भी इसके लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने अटल परिसर के निर्माण और पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी के प्रतिमा के अनावरण होने पर इसे कोरबा के लिए गौरव बताया।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम में विकास के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। निगम को विकास कार्य के लिए पर्याप्त राशि मुहैया कराई जा रही है। आने वाले दिनों में विकास के कार्य और भी होते रहेंगे। महापौर ने कहा कि हम कोशिश करेंगे कि हमारा शहर और भी स्वच्छ बने और देश में स्वच्छता के मामले में नम्बर वन रहे। कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने आज हुए लोकार्पण और भूमिपूजन के कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अटल परिसर का लोकार्पण होने के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों के लिए कोरबा नगर निगम को जो राशि मिली है उससे लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। निगम आयुक्त ने बताया कि स्वच्छता के लिए 26वीं रैंकिंग से देश में अब कोरबा नगर निगम ने 8वीं रैंक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम कोरबा वाटर प्लस होने के साथ थ्री स्टार रैंकिंग है। निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।
सड़क दुर्घटना में 2 लोगो की मौत
कोरबा । दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कोरबा-चांपा मार्ग की है। ग्राम उरगा से 200 मीटर आगे अधिवक्ता नरेंद्र जायसवाल की मौत हो गई। वे बाइक से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
दूसरी घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में हुई। यहां दो नंबर दफाई राखड़ डेम के पास एक राखड़ वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति का सिर धड़ से अलग हो गया।
पहले मामले में 57 वर्षीय नरेंद्र जायसवाल अंजोरीपाली भैसमा के रहने वाले थे। वे रोज की तरह 19 जुलाई को भी जिला न्यायालय कोरबा से रात 10 बजे घर लौट रहे थे।
तभी यह हादसा हुआ। राहगीरों ने 112 और उरगा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है।
दूसरी घटना में बाइक नंबर CG 12 BA 6979 सुधीर कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
कौशल तिहार 2025 का आयोजन लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में 21 जुलाई को
कोरबा । “कौशल तिहार 2025“ जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 21 जुलाई 2025 को लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा मे ईलेक्ट्रिकल इन्स्टालेशन, हैल्थ एवं सोशल केयर तथा फील्ड टेकनीशियन ईलेक्ट्रानिक्स कोर्स मे किया जाना है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के प्रशिक्षित हितग्राही जो वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 अथवा 2025-26 मे उक्त ट्रेड मे प्रशिक्षित हुये हैं अथवा प्रशिक्षणरत हैं तथा 22 वर्ष से 45 वर्ष की आयु समूह के हैं उक्त तिहार मे भाग ले सकते हैं । प्रत्येक ट्रेड से चयनित 02 विजेता राज्य स्तर की प्रतियोगिता मे भाग लेंगे ।
“कौशल तिहार 2025“ का आयोजन मुख्यतः कौशल प्रतियोगिता के माध्यम से कौशल प्रशिक्षित एवं प्रशिक्षणरत युवाओं को प्रोत्साहित करने एवं उनके कौशल के प्रदर्शन पर केन्द्रित है । कौशल उत्सव का उद्देश्य युवाओं में कौशल के प्रति जागरूकता लाना एवं विजेताओं को इंडिया स्किल्स 2025 के क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना, जो संभवतः वर्ल्ड स्किल्स 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे ।
जिला स्तरीय कौशल तिहार मे भाग लेने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण की वेबसाईट https://cssda.cg.nic.in के कौशल तिहार कालम के क्लिक कर कौशल प्रतियोगिता हेतु ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं । केवल पंजीयन किए गए प्रतिभागी ही जिला स्तरीय कौशल तिहार मे भाग लेने हेतु पात्र होगे ।
विस्थापित महिलाओं ने SECL के खिलाफ किया अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन
कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के खिलाफ विस्थापित महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह दृश्य छत्तीसगढ़ की “महतारीमन” (मातृशक्ति) के एक दर्दनाक और संघर्षशील रूप को सामने लाता है।
प्रदर्शन कर रही महिलाएं अपनी पुश्तैनी जमीन से विस्थापित होने के बाद अब तक रोजगार नहीं मिलने से आक्रोशित हैं। उन्होंने SECL प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और रोजगार की मांग को लेकर सड़क पर उतर आईं।
महिलाओं का कहना है कि पुरखौती भुइंया (पैतृक भूमि) छिनने के बाद उन्हें नौकरी देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विरोध के दौरान महिलाओं ने तख्तियां और बैनर लेकर जोरदार नारेबाजी की और स्थानीय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। यह आंदोलन न्याय और अधिकारों के लिए लड़ रही महिलाओं के धैर्य की सीमा को दर्शाता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द रोजगार नहीं दिया गया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
ट्रांसफर के लिए शिक्षिका से मांगे 2 लाख: शिक्षक गिरफ्तार...
कोरबा। कोरबा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड कोरबा में पदस्थ शिक्षक विनोद सांडे को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी शिक्षक ने यह रकम बेला गांव की एक शिक्षिका से ट्रांसफर के नाम पर मांगी थी।
शिक्षिका की शिकायत पर ACB ने बिछाया ट्रैप
ACB अधिकारी ने जानकारी दी: “हमें शिक्षिका की ओर से लिखित शिकायत मिली थी कि आरोपी शिक्षक ट्रांसफर कराने के एवज में ₹2 लाख की मांग कर रहा है। हमने तुरंत ट्रैप टीम गठित की और आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।” इस कार्रवाई में रिश्वत की पूरी राशि ₹2,00,000 नकद जब्त की गई है।
शिक्षिका थी परेशान, आरोपी ने फाइल अटकाने की दी थी धमकी
सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता शिक्षिका काफी समय से अपने तबादले के लिए आवेदन कर रही थी, लेकिन शिक्षक विनोद सांडे ने उसकी फाइल को आगे बढ़ाने के बदले मोटी रकम की मांग की थी। परेशान होकर शिक्षिका ने ACB से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत की।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
ACB ने आरोपी शिक्षक विनोद सांडे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। उसे हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ जारी है।
कार्रवाई से सरकारी महकमे में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद कोरबा के शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि ACB आने वाले दिनों में और भी ऐसे मामलों की जांच कर सकती है।
ट्रांसफर जैसे सामान्य प्रशासनिक कार्य के लिए रिश्वत मांगना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि शिक्षक जैसे पेशे की गरिमा पर भी सवाल खड़े करता है। ACB की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
नेत्रदान एक महान दान है: अमर सुल्तानिया
कोरबा । अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के बैनर तले आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में गोयल परिवार के 30 सदस्यों ने नेत्रदान का संकल्प लिया। यह आयोजन होटल गणेश इन में सेठ गुरुमुख राय सेवा संकल्प के तत्वावधान में किया गया, जो स्व. गुरुमुख राय जी की पुण्यतिथि पर आयोजित था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने अपने संबोधन में कहा कि नेत्रदान एक ऐसा महान दान है जिससे मरणोपरांत भी किसी अंधे व्यक्ति को रोशनी दी जा सकती है। उन्होंने गोयल परिवार को इस प्रेरणादायक कार्य के लिए साधुवाद दिया।
राष्ट्रीय स्वस्थ भारत फोरम की वाइस चेयरमैन श्रीमती रीना अग्रवाल ने कहा कि समाज में अंधविश्वास के कारण लोग नेत्रदान से हिचकते हैं, लेकिन यह देशहित में एक जरूरी कदम है। वहीं प्रांतीय निदेशक श्रीमती रश्मि अग्रवाल ने भी गोयल परिवार को इस पुनीत कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं और समाज से आगे आने की अपील की।
इस कार्यक्रम में गोयल परिवार के सभी 30 सदस्यों ने नेत्रदान फॉर्म भरकर संकल्प दोहराया। इस दौरान मारवाड़ी युवा मंच कोरबा शाखा के पदाधिकारी और राष्ट्रीय संयोजक नीरज अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम नेत्रदान जैसे महादान के प्रति जनजागृति फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।