छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार
मनरेगा कार्यो की प्लानिंग अब युक्तधारा पोर्टल पर ज़ीआईएस तकनीक से
मनरेगा में डिजीटल पारदर्शिता और जवाबदेही को मिलेगी नई मजबूती
बलौदाबाजार, 16 दिसम्बर 2025
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में
युक्तधारा पोर्टल पर ज़ीआईएस आधारित ग्राम पंचायत प्लान की एंट्री की जा रही है।वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत का युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्ययोजना तैयार किया जा रहा है।
जिले के सभी 5 जनपद पंचायतों के समस्त ग्राम पंचायतों में योजनांतर्गत सभी कार्य अब ज़ीआईएस आधारित युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से योजना बनाकर क्रियान्वित किये जायेंगे जिससे मनरेगा के कार्यों को अधिक पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी तरीके से कराया जा सकेगा। युक्तधारा के पोर्टल के सफल कियान्वयन से मनरेगा में डिजीटल पारदर्शिता और जवाबदेही को नयी मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीण विकास को नयी दिशा मिलने की उम्मीद है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 से मनरेगा के सभी कार्यों को युक्तधारा पोर्टल पर अनिवार्य कर दिया गया है। इसी क्रम में जिले के 519 ग्राम पंचायतो में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से ज़ीआईएस आधारित प्लान एवं परिसंपतियों का भौतिक सत्यापन करते हुए अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से कार्यों का चयन स्थल के उपयुक्तता के आधार पर कार्य योजना तैयार कर अक्षांश एवं देशान्तर के साथ अपलोड कर दिया गया है। अब भविष्य में ग्राम पंचायत में होने वाले कार्य ग्राम सभा से अनुमोदन कराकर युक्तधारा पोर्टल में एंट्री उपरांत ही प्राथमिकता क्रम के अनुसार कार्यों की स्वीकृति दी जायेगी। जिले में प्राकृतिक संसाधन, संवर्धन, जल संरक्षण एवं कृषि से जुडे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है जिससे ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिलेगी। युक्तधारा पोर्टल पर ज़ीआईएस एवं सेटेलाईट मैपिंग के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का सटीक विश्लेषण किया जा सकेगा। इससे जल संरक्षण, भूमि विकास, वनीकरण जैसे कार्यों की वैज्ञानिक और प्रभावी योजना बनाना संभव होगा। इस पहल से परिसंपत्तियो का निर्माण, ग्राम पंचायत स्तर पर डाटा आधारित निर्णय, योजनाओ में दोहराव की रोकथाम तथा कार्यों की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने भाटापारा में दो फर्मो का किया निरीक्षण
आपदा पीड़ित परिवार को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता
401 कट्टा अवैध धान एवं 19 कट्टा चावल जब्त
सीटी स्कैन मशीन से रोगों का तुरंत पहचान होने से ईलाज भी जल्द संभव
जिला अस्पताल में अब तक 5 हजार से अधिक मरीजों का हुआ सीटी स्कैन
बलौदाबाजार , 5 दिसम्बर 2025

राज्य शासन के निर्देशानुसार बलौदाबाजार भाटापारा कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है। जिला अस्पताल में उन्नत तकनीक से लैस मशीनों से जांच की जा रही है। यहां स्थापित सीटी स्कैन मशीन से रोगों की तुरंत पहचान होने से मरीजों का सही व शीघ्र ईलाज संभव हुआ है।
जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में सी.टी.स्केन की सुविधा मरीजों को मिल रही है जिसमें अभी तक लगभग 5100 मरीजों का सीटी स्केन किया जा चुका है। प्रतिमाह लगभग 200 मरीजों का सी.टी. स्केन किया जाता है। जिला चिकित्सालय में सी.टी. स्केन की सुविधा प्रारंभ होने से स्ट्रोक, चोट, फ्रेक्चर, ट्यूमर इत्यादि की पहचान तुरंत हो जाती है। तेजी से सही निदान होने पर ईलाज भी समय पर शुरू हो जाता है जिससे जीवन बचाने की संभावना बढ़ गई है। अब दूर शहरो में जाकर स्केन कराने की जरूरत नही पड़ती।
आसपास के क्षेत्र के लोगो को आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधा उनके शहर में ही उपलब्ध हो रही है। इससे मरीजों के पैसे एवं समय दोनो की बचत हो रही है।
उल्लेखनीय है कि सीटी (कम्प्यूटरीकृत टोमोग्राफी) स्कैन एक चिकित्सा इमेजिंग प्रक्रिया है जो शरीर के अंदर की विस्तृत त्रि-आयामी छवियां बनाने के लिए एक्स-रे और कंप्यूटर का उपयोग करती है। यह हड्डियों, मांसपेशियों, अंगों और रक्त वाहिकाओं की विस्तृत छवियां प्रदान करके बीमारियों और चोटों का निदान करने में मदद करता है।
प्रधानमंत्री मोदी की हर गारंटी को पूरा कर रही है छत्तीसगढ़ सरकार—मुख्यमंत्री श्री साय
पीएम आवास के 1073 हितग्राहियों को नये आवास की चाबी सौंपी
सुहेला में 195 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
सुहेला में खुलेगा शासकीय महाविद्यालय
बलौदाबाजार में कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन, तिल्दा में नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
बलौदाबाजार, 4 दिसंबर 2025



मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम सुहेला में आयोजित कार्यक्रम में 195.26 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 1073 हितग्राहियों को आवास की चाबी, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत तीन हजार महिलाओं को गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना अंतर्गत पाँच हजार किसानों को अधिकार अभिलेख तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री और राशि के चेक प्रदान किए।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का ध्येय है कि हर घर में पक्का मकान, शौचालय, शुद्ध पेयजल और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए हमारी सरकार जनता के हित में वचनबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य बने 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और हम रजत जयंती वर्ष मना रहे हैं। सरकार बनने से पहले प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी में जो वादे किए गए थे, उन्हें हम एक-एक कर पूरा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी हो रही है। तेंदूपत्ता संग्रहण की दर बढ़ाकर प्रति मानक बोरा 5,500 रुपये कर दी गई है। किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस भी प्रदान किया जा चुका है। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत हर घर को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना में बड़ी मात्रा में सब्सिडी भी मिल रही है, इसलिए अधिक से अधिक लोग अपने घरों में सोलर पैनल स्थापित कर लाभ उठाएँ।
उन्होंने जिले में प्रशासन की ‘हम होंगे कामयाब’ पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार प्रशिक्षित कर उनके बेहतर भविष्य के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं, उनसे अब तक 500 से अधिक युवाओं को लाभ मिला है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और बड़े-बड़े कार्य सहजता से पूरे हो रहे हैं। राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अकेले 100 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कों की स्वीकृति मिली है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान सुहेला में नवीन महाविद्यालय की स्थापना, तिल्दा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, बलौदाबाजार में शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन एवं नवीन व्यावसायिक परिसर का निर्माण करने की घोषणा की। उन्होंने जिले के 50 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए 10-10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण तथा सुहेला तिगड्डे में तीनों सड़कों पर एक-एक किलोमीटर तक डिवाइडर निर्माण एवं लाइट लगाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जिन विकास कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत 12.87 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1073 आवास, तथा लगभग 7.74 करोड़ रुपये की लागत से आमाकोनी, हथबंद, पौसरी, सेम्हराडीह और खपराडीह में निर्मित जल प्रदाय योजनाएँ शामिल हैं।
भूमिपूजन के प्रमुख कार्यों में 49.17 करोड़ रुपये की लागत से बलौदाबाजार–रिसदा–हथबंद मार्ग मजबूतीकरण, 20.98 करोड़ रुपये की लागत से बलौदाबाजार के रिसदा बायपास मार्ग, 15.59 करोड़ रुपये की लागत से बलौदाबाजार में इंडोर स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, 8.60 करोड़ रुपये की लागत से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत 717 आवास तथा 8.04 करोड़ रुपये की लागत से कोल्हान नाले के पार सुंगेरा एनिकट निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम में 5 करोड़ रुपये से अधिक की हितग्राहीमूलक सामग्री एवं चेक वितरण किया गया। इसमें मुख्य रूप से सायबर फ्रॉड प्रकरण के 27 लाख रुपये की वापसी, श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं में 83 लाख रुपये का वितरण, 8333 छात्रों को 4.25 करोड़ रुपये की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, महिला स्व सहायता समूहों एवं ‘सक्षम’ योजना अंतर्गत 16 महिलाओं को 25 लाख रुपये, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 10 हितग्राहियों को 9.69 लाख रुपये तथा ‘हम होंगे कामयाब’ योजना अंतर्गत 60 हितग्राहियों को 6.81 लाख रुपये का भुगतान शामिल है।
इस अवसर पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर नवीन अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा, जनपद अध्यक्ष सिमगा दौलत पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
सुरक्षित लेनदेन और साइबर सुरक्षा वित्तीय साक्षरता
साइबर धोखाधड़ी से बचाव में जिला अर्थशाला ने दर्ज की उल्लेखनीय सफलता
अब तक 730 युवाओं ने सीखी डिजिटल बैंकिंग
रायुपर, 29 नवम्बर 2025


साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय ठगी की घटनाएँ तेजी से बढ रही है। इस प्रकार की धोखाधडी से बचाव के लिए बलौदाबाजार -भाटापारा की पहल पर जिला-स्तरीय अर्थशाला(फाइनेंस लैब)। यह फाइनेंस लैब आम नागरिकों को साइबर खतरों से बचाव, आधुनिक वित्तीय प्रणाली, सुरक्षित लेनदेन के तरीके, डिजिटल बैंकिंग के उपयोग से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। जिला फाइनेंस लैब पण्डित चक्रपाणि शुक्ल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलौदाबाजार में 2 नवम्बर 2025 से संचालित है।

730 युवा फाइनेंस लैब से जुड़े
वर्तमान समय में साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय ठगी की घटनाएँ तेजी से बढ़ रही हैं। आम नागरिकों को इन खतरों से बचाने और उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में कलेक्टर बलौदाबाजार -भाटापारा की पहल पर एक महीने से भी कम समय में लगभग 730 युवा इस फाइनेंस लैब से जुड़ चुके हैं, जो इसकी सफलता को परिलक्षित करता है। इस लैब के माध्यम से वित्तीय अवधारणाओं को समझने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार विकसित करने के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ी है।
फाइनेंस लैब की मुख्य उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक वित्तीय शिक्षा से है जोड़ना
फाइनेंस लैब का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को व्यावहारिक वित्तीय शिक्षा से जोड़ना है। आज के समय में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है- वित्तीय साक्षरता और व्यावहारिक समझ भी उतनी ही आवश्यक है। इसी सोच के साथ फाइनेंस लैब को इस प्रकार तैयार किया गया है कि छात्र, युवा और जिले के नागरिक खेलों, गतिविधियों और नवाचार आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से वित्तीय अवधारणाओं को आसानी से सीख सकें।
वित्तीय धोखाधड़ी की पहचान और सीख सकते हैं आर्थिक नियोजन
फाइनेंस लैब की अवधरणा- यह एक ऐसा समर्पित स्थान या प्लेटफॉर्म है जो छात्रों, निवेशकों या आम जनता को वास्तविक जीवन के वित्तीय परिदृश्यों और उपकरणों के साथ अभ्यास करने का अवसर देता है।यह बजट बनाने, बचत करने, बीमा लेने और निवेश करने के बारे में सूचित और विचारशील निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा देता है। वित्तीय धोखाधड़ी की पहचान और आर्थिक नियोजन जैसे जीवन-भर काम आने वाले कौशल सीख सकते हैं। फाइनेंस लैब में बिजनेस और स्टार्ट अप में रुचि लेने वाले विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए लक्ष्य क़क्ष, आकांक्षा क़क्ष ,उड़ान क़क्ष इत्यादि निर्मित है जहाँ हर ज़रूरी पहलू पर युवाओं का मार्गदर्शन किया जाएगा।यहाँ ग्रुप एक्टिविटीज के माध्यम से ऑक्शन प्रक्रिया की भी जानकारी मिलेगी। ग्रामीण अंचल के युवाओं को वित्तीय साक्षरता प्रदान करने के लिए काफ़ी फायदेमंद है ।
तकनीक एवं सुरक्षित वित्तीय सेवाओं से जुड़ने का अवसर
फाइनेंस लैब के लाभ-नागरिक सही वित्तीय और डिजिटल लेनदेन के तरीके सीख सकेंगे। साइबर फ्रॉड, फ़िशिंग, एटीएम स्कैम और फर्जी निवेश जैसे जाल से बचाव में मदद मिलेगी। लोग सही निवेश और वित्तीय प्रबंधन सीख सकेंगे। वित्तीय साक्षरता से ग्रामीण और शहरी दोनों समुदायों को मजबूती मिलेगी। युवाओं को नई तकनीक एवं सुरक्षित वित्तीय सेवाओं से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। बलौदाबाजार की यह पहल पूरे देश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी।
नशामुक्त समाज बनाने जिला प्रशासन की सार्थक पहल, नशा मुक्ति केंद्र बन रहा जीवन बदलने का माध्यम
नशा मुक्ति केन्द्र से अब तक 181 युवाओं ने छोड़ा नशापान, नई जिंदगी की शुरुआत से उत्साहित
बलौदाबाजार, 28 नवम्बर 2025

जिला प्रशासन द्वारा नशामुक्त समाज की दिशा में चलाई जा रही पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है। विशेष रूप से जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र कई युवाओं और परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है। कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर निरंतर कार्य हो रहा है। नई दिशा अभियान के तहत स्थापित नशा मुक्ति केन्द्र स्थापना के बाद से 181 लोगों को नशे से पूर्ण रूप से मुक्त किया गया है। 16 व्यक्ति वर्तमान में उपचाररत हैं।
जिला प्रशासन द्वार जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने एवं
नशे से पीड़ित व्यक्तियों को सुरक्षित एवं नियंत्रित वातावरण में मनोरोग विशेषज्ञों की देखरेख में उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई दिशा अभियान की शुरुआत विगत पिछले वर्ष की गई है।
संगी मितान सेवा संस्थान द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र -
जिले में नशा मुक्ति केंद्र का संचालन समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त एवं अनुदानित संस्था संगी मितान सेवा संस्थान द्वारा जुलाई 2024 से किया जा रहा है। नशा मुक्ति केंद्र खैरघटा रोड, बलौदाबाजार-भाटापारा में स्थित है। जहां अब तक 192 हितग्राही पंजीकृत है, स्थापना के बाद से 181 लोगों को नशे से पूर्ण रूप से मुक्त किया गया है। 16 व्यक्ति वर्तमान में उपचाररत हैं।
दूसरा नशा मुक्ति केंद्र का भाटापारा में हुआ शुभारंभ-इसी क्रम में जिले में नशामुक्ति सेवाओं का विस्तार करते हुए भाटापारा के महारानी चौक में जिले के दूसरे नशा मुक्ति केंद्र का बुधवार को संक्षिप्त उद्घाटन किया गया। यह केंद्र 15 युवाओं की क्षमता वाला है और वर्तमान में 10 युवक यहां उपचाररत हैं।
केंद्र की प्रमुख सुविधाएं -विशेषज्ञ मनोरोग चिकित्सकों की निगरानी में शारीरिक व मानसिक उपचार।मेडिकल आकलन, डिटॉक्सिफिकेशन और काउंसलिंग।पौष्टिक भोजन, योग, मनोरंजन व खेलकूद गतिविधियां।आत्मनिर्भरता हेतु प्रशिक्षण—धूपबत्ती, कपूर टिक्की निर्माण इत्यादि।सुरक्षित आवासीय व्यवस्था और 24×7 निगरानी।
नई दिशा अभियान नशामुक्ति की पहल - जिला प्रशासन द्वारा युवाओं, बच्चों और परिवारों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए गांव-गांव जागरूकता गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं।मास्टर वॉलेंटियरों द्वारा हर ग्राम पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में 42 कैंप और 34 कार्यशालाएं, जिनमें 24,107 विद्यार्थी शामिल हुए। अभियान के माध्यम से 12,150 लोगों तक मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति सेवाएं पहुंचाई गईं। भारत माता वाहिनी के 140 समूहों के 1400 सदस्य अभियान में सक्रिय योगदान दे रहे है, जो गांवों में दीवार लेखन तथा प्रेरक पोस्टरों के माध्यम से सतत जागरूकता का कार्य कर रही है।
नशा मुक्ति केंद्र ने कई युवाओं के जीवन में लाई नई रोशनी-
जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र कई युवाओं के जीवन में नई रोशनी लेकर आया है। यहाँ भर्ती हुए अनेक युवक, जो लंबे समय तक नशे की गिरफ्त में थे, अब पूरी तरह नशामुक्त होकर जीवन की नई शुरुआत कर रहे हैं। परिवारों ने भारी मन से अपने बेटों और परिजनों को उपचार के लिए केंद्र में भेजा था और आज वही युवा न केवल नशे से छुटकारा पा चुके हैं, बल्कि अपनी मेहनत और लगन से आत्मनिर्भर भी बन रहे हैं।
केंद्र में उपचार और काउंसलिंग के बाद अनेक युवाओं ने नशे को हमेशा के लिए छोड़ दिया। उल्लेखनीय बात यह है कि उनमें से कई को वहीं रोजगार का अवसर भी प्राप्त हुआ है। कुछ युवक केंद्र में ही केयर टेकर के रूप में सेवाएँ दे रहे हैं तो कुछ ने किचन में कुक के रूप में अपनी नई भूमिका संभाली है। नशे से लड़कर जीवन में नए उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने की उनकी यह यात्रा जिले के लिए प्रेरक उदाहरण बन गई है।
आईटीआई में मेहमान प्रवक्ता के लिए आवेदन 9 दिसम्बर तक
बलौदाबाजार, 28 नवम्बर 2025
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदाबाजार में उपकरण यांत्रिकी, मशीनिष्ट, वुड वर्क टेक्निशियन (कारपेंटर) व्यवसाय के लिए एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कसडोल में वेल्डर प्रशिक्षण कार्य पूर्ण कराये जाने के लिए प्रशिक्षण सत्र अगस्त 2025 से जुलाई 2026 हेतु मेहमान प्रवक्ता (गेस्ट लेक्चरर) के लिए 3 से 9 दिसम्बर 2025 को शाम 4 बजे तक आवेदन मंगाये गये है।
आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में स्वयं उपस्थित होकर कार्यालय शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदाबाजार, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा(छ.ग.) में जमा कर सकते है।
अधिक जानकारी के लिए संस्था के सूचना पटल एवं जिले की वेबसाईटhttp://balodabazar.gov.inका अवलोकन किया जा सकता है।
केयर सेंटर-सियान गुड़ी संचालन हेतु आवेदन 15 दिसम्बर तक
बलौदाबाजार, 28 नवम्बर 2025
जिले में डे केयर सेंटर-सियान गुड़ी संचालन हेतु इच्छुक समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त स्वैच्छिक संस्था, ट्रस्ट, स्थानीय निकाय, सी.एस.आर. ईकाईयों, ग्रामीण, नगरीय निकाय, चिकित्सालय एवं शैक्षणिक संस्थान से समाज कल्याण विभाग द्वारा 15 दिसम्बर 2025 तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। अधिक जानकारी के लिये कार्यालय उप संचालक समाज कल्याण बलौदाबाजार -भाटापारा से संपर्क किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर वृद्धजनों के देखभाल, संरक्षण, मनोरंजन, एकाकी जीवन से बचाव और सुरक्षा के उद्देश्य से सभी 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के अति वरिष्ठ नागरिक, अकेले, विधवा, दिव्यांग वरिष्ठजन, गरीबी रेखा से नीचे, अनुसुचित जाति,जनजाति, दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रो के वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे केयर सेंटर-सियान गुड़ी की स्थापना की जानी है।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय सुहेला में एसआईआर कार्य क़ा किया निरीक्षण
गणना पत्रक संकलन एवं डिजिटाजेशन में तेजी लाने के निर्देश
बलौदाबाजार, 28 नवम्बर 2025
कलेक्टर दीपक सोनी ने गुरुवार को सुहेला प्रवास के दौरान तहसील कार्यलय में एसआईआर कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ एवं ऑपरेटर से गणना पत्रक संकलन एवं डिजिटाईजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने तहसीलदार से अब तक की डिजिटाइजेशन प्रतिशत की जानकारी ली और तय समय पर कार्य पूर्ण करने के. निर्देश दिये। उन्होंने ऑपरेटर से कहा कि डिजिटाइजेशन के साथ-साथ गणना पत्रकों का संकलन क़ा कार्य भी करें ताकि समय सीमा में कार्य पूर्ण हो सके।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण करते हुए तहसीलदार कक्ष, नायब तहसीलदार क़क्ष, प्रतीक्षा क़क्ष, माल जमादार क़क्ष एवं लोक सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होने लोक सेवा केन्द्र संचालक से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र हेतु आवश्यक दस्तावेजों की सूची, आरटीआई एवं लोक सेवा केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी हेतु फ्लेक्स लगाने के. निर्देश दिये।
इस दौरान तहसीलदार किशोर वर्मा, नायब तहसीलदार दिलीप श्यामल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
डायलीसिस यूनिट बनी किडनी के रोगियों के लिये संजीवनी
जिला चिकित्सालय के डायलीसिस यूनिट से अब तक 169 मरीज हुए लाभान्वित
बलौदाबाजार , 27 नवम्बर 2025

जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में स्थापित डायलीसिस यूनिट किडनी के मरीजों के लिये वरदान साबित हो रहा है। इस यूनिट से अब तक 169 मरीज लाभान्वित हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में डायलिसिस की सुविधा 15 अगस्त 2022 से प्रारंभ की गई है। डायलिलिस यूनिट में कुल 6 डायलिसिस मशीन उपलब्ध है। अब तक कुल 169 मरीज डायलिसिस सुविधा का लाभ ले चुके हैं। प्रारंभ से अभी तक लगभग 10305 डायलिसिस सेशन हो चुके है। प्रतिमाह लगभग 300 बार डायलिसिस किया जा रहा है। वर्तमान में 27 एक्टिव मरीज हैं।
जिला चिकित्सालय में डायलिसिस की सुविधा प्रारंभ होने से मरीजों को बाहर जाना नही पडता है। जिले में ही उपचार उपलब्ध है एवं आपातकालीन स्थिति में डायलिसिस की सुविधा मिलने से जीवन रक्षक उपचार समय पर मिल पा रहा है। साथ ही मरीजों को आर्थिक बोझ कम हो गया है।
पक्के मुर्गी शेड ने बढ़ाई हितग्राही की आय,आजीविका हुई सुदृढ़
बलौदाबाजार,18 नवम्बर 2025
मनरेगा के अंतर्गत निर्मित शेड हितग्राही के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का उदाहरण है, मुर्गी पालन का कार्य आजीविका संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध हो रहा है।
मनरेगा योजना के अंतर्गत पक्का मुर्गी शेड निर्माण से हितग्राही भूलू की आय में वृद्धि हुई है तथा मुर्गियों के बिट को जैविक खाद के रूप में उपयोग कर वे कृषि कार्य में भी लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
हितग्राही भूलू की आय में हुई वृद्धि
बलौदाबाजार जिले के ग्राम पंचायत कोदवा में हितग्राही भूलू को मनरेगा से 1.13 लाख की लागत से पक्का मुर्गी शेड निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया।हितग्राही द्वारा पूर्व से ही मुर्गी पालन का कार्य किया जा रहा था, परंतु अस्थायी शेड होने के कारण बरसात एवं गर्मी में मुर्गियों की सुरक्षा, दाना-संरक्षण तथा उत्पादन क्षमता गंभीर रूप से प्रभावित होती थी। पक्के शेड के निर्माण से अब मुर्गियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध हुआ है। शेड निर्माण के उपरांत हितग्राही ने 500 चूजे 25 रुपए प्रति नग की दर से खरीदे। इनमें से 60 नग 600 रुपए प्रति नग की दर से विक्रय किया तथा लगभग 150–200 चूजे वर्तमान में अच्छी वृद्धि पर हैं। अब तक हितग्राही को इस कार्य से ₹36,000 की आय प्राप्त हो चुकी है। पक्के शेड के कारण चूजों की मृत्युदर में उल्लेखनीय कमी आई है।
मुर्गियों के बिट को जैविक खाद के रूप में उपयोग
हितग्राही भूलु ने बताया कि शेड निर्माण से उनकी आय में वृद्धि हुई है तथा मुर्गियों के बिट को जैविक खाद के रूप में उपयोग कर वे कृषि कार्य में भी लाभ प्राप्त कर रहे हैं। वर्तमान लाभ को देखते हुए वे समीप की भूमि क्रय कर शेड का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं।
बोर्ड परीक्षा मे बेहतर परिणाम लाने करें सामूहिक प्रयास - सचिव श्री परदेशी
उत्कृष्ट आचरण व उच्च नैतिकता कायम रखने के निर्देश
स्कूल शिक्षा सचिव ने ली प्रचार्यो की बैठक
बलौदाबाजार , 18 नवम्बर 2025

स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने कहा कि शिक्षक बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं देते बल्कि उन्हें एक आदर्श नागरिक भी बनाते हैं। शिक्षक उत्कृष्ट आचरण और उच्च नैतिकता का उदाहरण पेश करें। उन्होने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाएगा लेकिन लापरवाही और अनैतिक गतिविधि में शामिल होने पर कार्यवाही भी होगी।
परीक्षा परिणाम में 10 प्रतिशत की वृद्धि को बरकरार रखें
श्री परदेशी कल बलौदाबाजार जिला प्रवास के दौरान जिला ऑडिटोरियम में प्रचार्यो की बैठक लेकर बोर्ड परीक्षा तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने विगत वर्ष की परीक्षा परिणाम में 10 प्रतिशत की वृद्धि को बरकरार रखने सामूहिक प्रयास करने के निर्देश दिये।
उत्तर लिखने की प्रैक्टिस कराएं
श्री परदेशी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के क्रम में बच्चों को पिछले प्रश्न पत्र एवं प्रश्न बैंक से उत्तर लिखने की प्रैक्टिस कराएं।
माध्यन्ह भोजन की गुणवत्ता हेतु नियमित निरीक्षण करें
श्री परदेशी ने अपार आईडी की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी बच्चों के अपार आईडी बनाने का कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिये। स्कूल शिक्षा सचिव ने हाल ही में सम्पन्न त्रैमासिक परीक्षा, अपार आई.डी. की प्रगति, यू-डाईप्लस 2025-26 प्रविष्टि, छात्रवृत्ति, मूलभूत सुविधा आदि एजेंडों पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने माध्यन्ह भोजन की गुणवत्ता हेतु नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिये।
बैठक मे सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. संजय गुहे, सहायक संचालक एवं प्राचार्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार
बलौदाबाजार, 17 नवम्बर 2025
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिला प्रशासन बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा केन्द्रों में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं से कृषक बेहद संतुष्ट और आत्मविश्वास से भरे हैं। जिले के ग्राम अमेरा के प्रगतिशील किसान श्री विवेकानंद पटेल ने धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और सुचारू प्रक्रियाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है।
श्री पटेल ने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाएँ पूर्व की तुलना में अधिक व्यवस्थित, त्वरित और पारदर्शी हैं। किसानों को समय पर बारदाना उपलब्ध होने से तौलाई कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आई। इससे किसानों के श्रम और समय दोनों की बचत हुई है।
केंद्र परिसर में किसानों के लिए पर्याप्त छायादार बैठने की व्यवस्था की गई है, जिससे तौलाई के दौरान उन्हें आराम मिल सके। साथ ही स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसानों ने बताया कि केंद्र में तौल, भंडारण और पावती निर्गमन की संपूर्ण प्रक्रिया तेज, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संचालित हो रही है। इससे किसानों में सरकार के प्रति भरोसा और संतोष बढ़ा है। किसान विवेकानंद पटेल का यह कथन इस बात का प्रमाण है कि सरकार की किसान-केंद्रित नीतियाँ और प्रशासनिक प्रयास धरातल पर किसानों को राहत दे रहे है।
बलौदाबाजार जिले के प्रभारी सचिव ने धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
किसानों से लिया फीडबैक, अधिकारियों को दिए जरुरी निर्देश
अटल सुविधा केन्द्र का किया उद्घाटन
बलौदा बाजार , 17 नवम्बर 2025


स्कूल शिक्षा एवं बलौदा बाजार जिले के प्रभारी सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने सोमवार को जिला प्रवास के दौरान धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होने उपार्जन केन्द्र मे धान बेचने आए किसानों से चर्चा की और समस्या एवं सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियो को निर्देशित किया कि धान बेचने मे किसानों को कोई दिक्कत न हो तथा केन्द्र मे मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो।
प्रभारी सचिव ने पहले पलारी मण्डी का निरीक्षण किया जहां धान बेचने आए ग्राम पहन्दा के किसान राजेंद्र कुमार वर्मा से धान बेचने एवं टोकन के सम्बन्ध मे पूछताछ की। किसान ने बताया कि एप्प के माध्यम से टोकन कटाया है। टोकन लेने मे कोई दिक्क़त नहीं हुईं बल्कि घर बैठे हो जा रहा है। उन्होने बताया कि 33 क्विंटल धान बेचने लाए है और सुगमता से धान की बिक्री हो गई। प्रभारी सचिव ने समिति प्रबंधक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिये। पलारी समिति अंतर्गत पलारी एवं पहन्दा के किसानो का पंजीयन किया है जिसमें कुल 920 किसान पंजीकृत है। 17 नवम्बर के लिए 6 किसानो का टोकन कटा है जिससे 440 क्विंटल धान की खरीदी होगी।
इसके पश्चात प्रभारी सचिव ने उपार्जन केन्द्र अमेरा का निरीक्षण किया। अमेरा उपार्जन केन्द्र मे नए केन्द्र प्रभारी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर उपस्थित थे। उन्होंने धान खरीदी प्रक्रिया के बारे मे पूछताछ कर जानकारी ली। नए समिति प्रबंधको एवं ऑपरेटरों को प्रशिक्षण देने एवं उनकी समस्या का समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। प्रभारी सचिव ने उपार्जन केन्द्र मे धान बेचने आए केसला के किसान महेन्द्र से धान बेचने को लेकर फीडबैक लिया। किसान ने बताया कि एप्प से टोकन लिया है और 44 क्विंटल धान बेचने लाए हैं। प्रभारी सचिव ने किसान से एप्प के माध्यम से टोकन लेने की प्रक्रिया भी पूछी। इस दौरान उन्होंने धान की नमी, डिजिटल तौल मशीन, बरदाने, हमाल सहित अन्य व्यवस्थाओ का जायजा लिया और किसानों से कहा कि किसानों को धान बेचने मे कोई दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन पूरी व्यवस्था कर रही है। अमेरा समिति मे 1393 किसान पंजीकृत है। 17 नवम्बर को 4 किसानों का टोकन कटा है जिससे 164.40 क्विंटल धान खरीदी होगी।
प्रभारी सचिव श्री परदेशी ने इसके पश्चात ग्राम छेरकापुर मे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नव निर्मित भवन मे अटल सुविधा केन्द्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र संचालक से केन्द्र मे उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली वहीं उपस्थित समूह की महिलाओं से आजीविका गतिविधियों के सम्बन्ध मे पूछताछ करते हुए बेहतर कार्य करने प्रोत्साहित किया।
विशेष ग्राम सभा का आयोजन आज
बलौदाबाजार,14नवम्बर 20025
पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार 15 नवम्बर 2025 को भगवान बिरसा मुंडा की 150 वी जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय मौरय दिवस 2025 समारोह एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम के लाईव प्रसारण के संबंध में आदि सेवा केन्द्र पर दो जन सुनवाई सत्र का आयोजन प्रत्येक ग्राम में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर दीपक सोनी ने विशेष ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति एवं गणपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं। ग्राम सभा में शतप्रतिशत उपस्थिति गणपूर्ति सुनिश्चित कराने का दाथित्व संबंधित सरपंच एव पंचों का होगा।
विशेष ग्राम सभा में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित करना,नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक सहभागिता का आयोजन,ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर सामुदायिक मोबिलाईजेशन,प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत पर चर्चा,ओडीएफ स्वायित्व पर चर्चा, सूखा कचरा कलेक्शन पर भी चर्चा होगी।