छत्तीसगढ़ / रायगढ़
नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ । थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को साल्हेओना गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दीपक चौहान (20 साल) को पुलिस ने पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जुलाई 2025 को एक स्थानीय महिला ने कोतरारोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी
नाबालिग बेटी दिनांक 07 जुलाई को स्कूल में रिजल्ट लेने के लिए कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास के गांवों में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। संदेह के आधार पर परिजनों ने दीपक चौहान नामक युवक का नाम लिया, जिससे लड़की का पूर्व परिचय था और बातचीत होती थी। परिजनों द्वारा दीपक को लड़की से दूर रहने की हिदायत भी दी गई थी, किंतु शिकायतकर्ता के अनुसार उसी युवक ने बहला-फुसलाकर उसकी बेटी को भगाया।
रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 287/2025 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सक्रिय कर सूचना प्राप्त की कि अपहृता व संदेही ग्राम साल्हेओना में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची जहां दोनों को बरामद किया गया। गवाहों के समक्ष अपहृता की बरामदगी कर पंचनामा तैयार किया गया एवं दोनों को थाने लाया गया। महिला डेस्क में एकांत में पीड़िता से पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि वह दीपक चौहान को पिछले तीन वर्षों से जानती है। दीपक उसे लगातार शादी करने की बात कहता था, जबकि वह स्वयं को नाबालिग होने की बात स्पष्ट कर चुकी थी। 6 जुलाई को दोनों की बातचीत हुई और 7 जुलाई की सुबह दीपक ने स्कूल के पास से उसे अपनी मोटरसाइकिल में बैठाकर ग्राम साल्हेओना ले गया, जहां वह रात्रि भर रही, जहां आरोपी द्वारा किशोर बालिका से शारीरिक संबंध बनाया जिससे प्रकरण में धारा 64(1), 87 BNS, 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोडी गई। पुलिस ने आरोपी दीपक चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय, अशोक राठिया एवं महिला आरक्षक श्यामा सिदार की सक्रिय भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस द्वारा नाबालिगों से जुड़े मामलों में सख्ती से कार्रवाई जारी है।
29 लीटर अवैध महुआ शराब को किया जब्त, 2 आरोपी गिरफ़्तार
रायगढ़। थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 06 जुलाई 2025 को छाल पुलिस द्वारा ग्राम कुड़ेकेला में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 29 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई है।
पहली कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुड़ेकेला मेन रोड किनारे एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए रखी गई है।
तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी।
जहां आरोपी शिव कुमार राठिया पिता रामसाय राठिया उम्र 37 वर्ष, निवासी कुड़ेकेला नादरपखना थाना छाल के कब्जे से 25 लीटर हाथ भट्ठी की बनी महुआ शराब जिसकी अनुमानित कीमत 2500 रुपये है, बरामद की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक बासाझार रोड किनारे शराब बिक्री हेतु ग्राहक तलाश रहा है।
मौके पर घेराबंदी कर आरोपी अनुराग राठिया पिता लोमेश राठिया उम्र 19 वर्ष, निवासी कुड़ेकेला माझापारा से 4 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शंकर क्षत्रिय, आरक्षक गोविन्द राम बनर्जी, हरेन्द्रपाल जगत और महिला आरक्षक अमरेसिंया टोप्पो सक्रिय रूप से शामिल रहे।
ससुराल में दामाद ने किया सुसाइड, फंदे पर मिली लाश
रायगढ़। जिले में एक युवक ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मौत के कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है। घटना के बाद पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक कोरबा क्षेत्र में रहने वाले राजेश नाग (35) की शादी कुछ साल पहले कापू थाना क्षेत्र के अलोला गांव में हुई थी। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी था। शराब की बात को लेकर उसकी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था।
जहां राजेश की पत्नी कुछ माह पहले उसे छोड़कर अपने मायके में आकर रह रही थी। करीब एक माह पहले राजेश नाग भी अपने ससुराल में आकर रहने लगा और शनिवार की रात को उसने अज्ञात कारण से घर के म्यार में फांसी लगा ली।
अजगर ने खेत में 14 अंडे दिए, वन विभाग ने निगरानी में रखा
रायगढ़ । जिले के कुर्मापाली गांव में खेत से अजगर के 14 अंडे मिले हैं। गांव की श्वेता साव ने सर्परक्षक समिति को सूचना दी थी कि खेत में एक बड़ा अजगर और उसके अंडे हैं। समिति के अध्यक्ष लोकेश मालाकार और उनकी टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां अजगर नहीं मिला।
टीम को वहां पानी में भीगे हुए अजगर के 14 अंडे मिले, जिनमें से दो अंडे ज्यादा भीगने से खराब हो रहे थे। सर्परक्षक समिति ने सभी अंडों को सुरक्षित तरीके से वहां से निकाल लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
अजगर के अंडों को देखने के लिए गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए थे। सर्परक्षक समिति की टीम के साथ कुर्मापाली क्षेत्र के बीटगार्ड भी मौके पर मौजूद थे। अंडों को सुरक्षित निकालकर इंदिरा विहार लाया गया, जहां उन्हें एक सुरक्षित पैरा में रखा गया है। समिति ने अंडों को बल्ब की गर्मी में रखने की सलाह दी है, और अब ये वन विभाग की निगरानी में रखे गए हैं। सर्परक्षक समिति के सदस्य समय-समय पर उनकी स्थिति देखने पहुंचेंगे। जब अंडों से बच्चे निकलेंगे, तो उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
ब्राह्मण का जन्म विश्व कल्याण के लिए हुआ है: पुरंदर मिश्रा
रायगढ़ । स्थानीय बंजारी माता मंदिर परिसर में शनिवार को जिला उत्कल ब्राह्मण विकास संगठन एवं कल्याण समिति के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे, जिन्होंने कहा कि ब्राह्मण का जन्म केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समूचे विश्व के कल्याण के लिए हुआ है।
उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई। कार्यक्रम का शुभारंभ जगन्नाथ स्वामी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समाज के नागरिक, युवा, महिलाएँ एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया ने ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए ₹20 लाख की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
विधायक मिश्रा ने अपने संबोधन में ब्राह्मण समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक योगदानों को रेखांकित करते हुए कहा ब्राह्मण समाज वेद, शास्त्र और ज्ञान के प्रचारक रहे हैं। उन्होंने गुरुकुल परंपरा, पूजा-अनुष्ठान और धर्मपरायणता के माध्यम से समाज को मार्गदर्शन दिया।
आज भी ब्राह्मण समाज शिक्षा, साहित्य, विज्ञान, प्रशासन और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ब्राह्मण समाज की पहचान केवल जाति नहीं, बल्कि एक विचार और सेवा का संस्कार है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 24 लाख ब्राह्मण निवास करते हैं, जो राज्य के सामाजिक ढांचे में एक मजबूत स्तंभ हैं।
समारोह में अनेक गणमान्य अतिथि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें विशेष रूप से सुनील पांडा (पूर्व जिला अध्यक्ष),टंकधर त्रिपाठी (विधायक, झारसुगुड़ा) सत्यदेव शर्मा, अरुण पंडा, अभय चरण पंडा, श्याम सुंदर पंडा, टिकेश्वर मिश्रा, दयानंद पंडा आदि उपस्थित थे।
विधायक मिश्रा ने कहा कि ब्राह्मण समाज को आज संगठित होकर शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने संस्कार, ज्ञान और परंपरा को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में भाग लें।
शादी का झांसा देकर किया रेप, शातिर अपराधी गिरफ्तार
रायगढ़ । पुसौर थाना क्षेत्र में बालिका को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आरोपी की पहचान पुसौर थाना क्षेत्र के रजनीकांत सारथी (उम्र 33 वर्ष) के रूप में हुई है। मामले की शिकायत पीड़िता की मां द्वारा पुसौर थाने में की गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2024 में वह अपनी बेटी को दादी के पास छोड़कर काम के सिलसिले में बाहर चली गई थी। करीब एक सप्ताह पहले जब वह वापस लौटी, तो बेटी घर पर नहीं थी। रिश्तेदारों से पता करने पर जानकारी मिली कि लड़की थाना पुसौर क्षेत्र में रह रही है।
जब पीड़िता से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह एक रिश्तेदार के घर आई थी। उसने यह भी खुलासा किया कि रजनीकांत सारथी ने उसे शादी का झांसा देकर बहलाया-फुसलाया और उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता की मां के आवेदन पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 188/2025 धारा 65(1) BNS, 4,6 Pocso Act के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रजनीकांत सारथी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
डिप्टी कलेक्टर सस्पेंड, रायपुर अटैच
रायगढ़ । बजरमुंडा मुआवजा घोटाले में तत्कालीन एसडीएम अशोक कुमार मार्बल को सस्पेंड कर दिया गया है । बजरमुंडा मुआवजे में 100 करोड़ की जगह 415 करोड़ रुपए मुआवजा बांटे जाने की खबर सामने आने के बाद राज्य सरकार ने एक्शन लेते हुए पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) को सौंपने की तैयारी है ।
इसके पहले तत्कालीन रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने इस मामले में 7 लोगों को आरोपी पाया था, और सभी पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश किया था।
लेकिन घरघोड़ा में एफआईआर दर्ज होने की प्रक्रिया अभी चल ही रही है. इससे पहले शासन ने ईओडब्ल्यू में मामला दर्ज करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है.
सामान्य प्रशासन के अवर सचिव ने सस्पेंशन आर्डर में साफ लिखा है कि घरघोड़ा एसडीएम रहते हुए अशोक कुमार मारबल ने गंभीर लापरवाही की है.
इसलिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ के डिप्टी कलेक्टर के पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रायपुर आयुक्त कार्यालय अटैच किया गया है।
30 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
276 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
रायगढ़ । रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर में 30 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। 13 मई से 11 जून 2025 तक आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में कुल 11 विभिन्न खेल विधाओं में लगभग 276 छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों की तकनीकी जानकारी प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
समापन समारोह में डिप्टी कलेक्टर रायगढ़ प्रवीण कुमार भगत ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण में भाग लेकर खिलाडिय़ों ने खेल की बारीकियों को सीखा और अपनी प्रतिभा को निखारा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और उनके प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। डिप्टी कलेक्टर भगत ने कहा कि खेल प्रशिक्षण न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य और अनुशासन को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा के अनुसार खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिविर में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं ने न केवल विभिन्न खेलों की बारीकियों को सीखा, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे मूल्यों को भी आत्मसात किया। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार रहने का संदेश दिया गया। यह प्रशिक्षण शिविर न केवल जिले के युवा खिलाडिय़ों के लिए एक सशक्त मंच बना, बल्कि खेलों के प्रति उत्साह और समर्पण को भी नई ऊंचाइयाँ प्रदान की।
इस अवसर पर जीवन लाल नायक सहायक क्रीड़ा अधिकारी शिक्षा विभाग, जीतेश्वर प्रधान व्यायाम शिक्षक, सौरभ पण्डा सचिव जिला बैडमिंटन संघ, विकास रंजन सिन्हा शिक्षक माध्यमिक शाला सराईपाली तथा विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकगण जयकुमार यादव ताइक्वांडो, शारदा गहलोत फुटबॉल, अपूर्व जैन लॉन टेनिस, गौरव पाहवा टेबल टेनिस, संतोष गुप्ता बॉक्सिंग एवं योगा कोच सुश्री ईशा यादव की उपस्थिति रही।
नालसा ने किया नि:शुल्क विधिक सहायता से संबंधित हैंडबुक का प्रकाशन
जिला मुख्यालय एवं तालुका स्तर पर विभिन्न इकाई का हुआ गठन
रायगढ़ । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के तीन दशक पूरे होने से नालसा के द्वारा 'जागृति, डॉन, संवाद, साथी एवं आशा इकाई का गठन किये जाने का एवं महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीडऩ से संबंधित हैंडबुक 'आवाज उठाओ एवं नि:शुल्क विधिक सहायता से संबंधित हैंडबुक का प्रकाशन किया गया है, जिसके तारतम्य में राज्य विधिक सेवा प्राधिरकण बिलासपुर के मार्गदर्शन एवं माननीय जितेन्द्र कुमार जैन, प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं तालुका स्तर पर इकाई का गठन किया गया है।
जागृति इकाई का मुख्य कार्य जमीनी स्तर पर नि:शुल्क विधिक सहायता का प्रचार-प्रसार करना एवं शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान करना है। प्रचार-प्रसार का माध्यम नुक्कड़ नाटक, मोबाईल लीगल एड वेन पोस्टर बैनर्स, लाउडस्पीकर, लोकल न्यूज पेपर, ऑल इंडिया रेडियो, दूरदर्शन, लीगल एड क्लिनिक, ग्राम सभा, स्कूल, पब्लिक बिल्डिंग एवं अन्य डिजिटल बोर्ड के माध्यम से किया जाना है।
डॉन इकाई का मुख्य कार्य जमीनी स्तर पर नशामुक्ति के संबंध में जागरूकता अभियान चलाना है तथा नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाईन नंबर 1933 एवं 14446 एवं नालसा का हेल्पलाईन नंबर 15100 का प्रचार प्रसार करना है। स्कूल कॉलेज, सड़कों पर रहने वाले बच्चे, सेक्स वर्कर, जेल, किशोर गृह, केमिस्ट, ड्रग पीडि़त व्यक्ति एवं उनके परिवारों, आम जनता के मध्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करना है।
संवाद इकाई का मुख्य कार्य जनजाति समुदाय क्षेत्रों की पहचान कर उनके मध्य विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करना है। साथी इकाई का मुख्य कार्य बेसहारा बच्चों की पहचान करना उनका आधार नामांकन कराना, विधिक सहायता प्रदान कराना तथा शासन की अन्य लाभकारी योजनाओं से जोडऩा है। आशा इकाई का मुख्य कार्य बाल विवाह की समस्या से निपटने के लिये एक संस्थागत ढांचा तैयार कर, बाल विवाह की प्रथा का उन्मूलन करना, पीडि़ताओं को शासन की कल्याणकारी योजनओं का लाभ प्रदान कराते हुए समाज की मुख्यधारा से जोडऩा है।
नालसा द्वारा आवाज उठाओ हैंडबुक अधिनियम का प्रकाशन किया गया है, जो कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीडऩ निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष अधिनियम, 2013 से संबंधित है। इसके अतिरिक्त नालसा ने NALSA@30- A Legacy of free legal aid नामक हैंडबुक प्रकाशित किया है, जिसमें नि:शुल्क विधिक सहायता से संबंधित मुख्य निर्णयों के बारे में जानकारी एवं फोटोग्राफ्स साझा किया गया है।
रायगढ़ में 105 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, 2 फरार...
रायगढ़ । जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई कर रही रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में जूटमिल पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 105 किलो गांजा, दो कारें और चार मोबाइल फोन समेत कुल ₹44.85 लाख का अवैध सामान जब्त किया है।
दो कारों में छिपाकर लाया जा रहा था गांजा
गिरोह ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश में बेचने की योजना में था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो कारों में तस्कर गांजा लेकर बड़माल रेलवे लाइन के रास्ते रायगढ़ की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दोनों गाड़ियों ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर (OR 17 G 4546) और ब्लैक ग्रैंड विटारा (CG 13 BB 9200) को रोका। दोनों वाहनों की तलाशी में 103 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिनका कुल वजन 105 किलो निकला।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
रविशंकर गौतम, उम्र 34 वर्ष, निवासी झांसी, उत्तर प्रदेश
विरेंद्र सिंह उर्फ वीर सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी सरिया, सारंगढ़-बिलाईगढ़
दीपक जोहरी, उम्र 42 वर्ष, निवासी किरोड़ीमलनगर, रायगढ़
पुलिस के मुताबिक, विरेंद्र सिंह पर पहले से NDPS एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं और दीपक जोहरी के खिलाफ मारपीट के तीन केस हैं। इनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए प्रकरण में संगठित अपराध की धारा 111 BNS भी जोड़ी गई है।
मामले में दो तस्कर अब भी फरार
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके दो साथी कनकतुरा इलाके में गाड़ी से उतर गए थे। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
जब्त सामान का विवरण
105 किलो गांजा: ₹21 लाख
दो कारें: ₹23 लाख
चार मोबाइल फोन: ₹85 हजार
कुल जब्ती: ₹44.85 लाख
विशेष टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। इसमें उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक खिरेंद्र जलतारे सहित पुलिसकर्मियों और 8वीं बटालियन के प्रकाश राठौर की भूमिका अहम रही।
न्यायिक अभिरक्षा और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है और फरार तस्करों की सघन तलाश जारी है। यह पिछले कुछ दिनों में रायगढ़ पुलिस की दूसरी बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी है, जिससे साफ है कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार सख्त होता जा रहा है।
दुकानदारों ने 9 साल से नहीं जमा किया किराया: हाईकोर्ट ने दिया 50% बकाया जमा करने का निर्देश
रायगढ़ । श्याम टॉकीज रोड पचरी घाट स्थित 35 दुकानों के बकाया किराए को लेकर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया है कि याचिकाकर्ता दुकान संचालकों को बकाया किराया राशि की 50 प्रतिशत रकम जमा करनी होगी, तभी मामले की अगली सुनवाई की जाएगी। इससे नगर निगम रायगढ़ को बड़ी राहत मिली है।
9 साल से नहीं जमा किया किराया
नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक, इन दुकानों का पिछले 9 वर्षों से किराया जमा नहीं किया जा रहा था। प्रशासन ने पहले 5 मई को प्राथमिक और 23 मई को अंतिम नोटिस जारी करते हुए किराया चुकाने की चेतावनी दी थी। अंतिम नोटिस में सात दिन की मोहलत भी दी गई थी।
हाईकोर्ट ने किरायादारों की याचिका पर दिया निर्देश
कार्तार सिंह, रविंद्र पाल सिंह, लक्ष्मी मोटवानी और सहोरी देवी ने नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। कोर्ट ने निगम द्वारा प्रस्तुत टैक्स फिक्सेशन और दस्तावेजों को वैध मानते हुए याचिकाकर्ताओं को निर्देशित किया कि 50% बकाया जमा करें, तभी याचिका पर अगली सुनवाई होगी।
लीज खत्म, अब कब्जा अवैध
नगर निगम के अनुसार, इन दुकानों की लीज 31 मार्च 2014 को समाप्त हो चुकी है। इसके बाद लीज नवीनीकरण की कोई प्रक्रिया नहीं हुई, न ही किराया जमा किया गया। नियमानुसार 1 अप्रैल 2014 से इन दुकानों पर कब्जा अवैध माना गया है और संचालक हर्जाना देनदार हैं।
किस पर कितना बकाया?
करतार सिंह – ₹3,06,495
रविंद्र पाल सिंह – ₹2,78,345
लक्ष्मी मोटवानी – ₹2,83,975
सहोरी देवी – ₹2,83,975
अन्य 31 दुकानदारों पर भी लाखों का बकाया
निगम सख्त, हो सकता है अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
नगर निगम अब कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई की तैयारी में है। यदि तय समय सीमा में राशि जमा नहीं की गई, तो दुकानें सील करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो सकती है।
अब सबकी नजर इस पर है कि क्या बकाया जमा कर किरायेदार अपनी दुकानें बचा पाते हैं या प्रशासनिक कार्रवाई की गाज गिरती है।
फिर कुएं में गिरा एक हाथी शावक, दो दिन में यह दूसरी घटना...
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। खरसिया वन परिक्षेत्र के तेंदूमुड़ी गांव में हाथी का एक नन्हा शावक सूखे कुएं में गिर गया। भोजन की तलाश में भटकते हुए गांव की ओर आया यह शावक अनजाने में खुले कुएं का शिकार हो गया।
ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी गई है। घटना स्थल पर वन विभाग की टीम पहुंच गई है और रेस्क्यू की प्रक्रिया जारी है।
दो दिन में दूसरी घटना
इससे पहले मंगलवार को घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव में भी एक हाथी का शावक सूखे कुएं में गिर गया था। उस शावक को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया था। जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा परिक्षेत्र में 35 से अधिक हाथियों का दल सक्रिय है, जो इन दिनों लगातार ग्रामीण इलाकों में विचरण कर रहा है।
खुले कुएं बने खतरा
लगातार हो रही इन घटनाओं ने वन विभाग और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। खुले पड़े पुराने कुएं जंगली जानवरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। वन विभाग अब इस दिशा में सुरक्षात्मक उपायों पर भी विचार कर रहा है।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों का दल भोजन और पानी की तलाश में अक्सर मानव बस्तियों के करीब आ जाता है। इस तरह के हादसों से बचाव के लिए लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
रेस्क्यू जारी, शावक की हालत सामान्य
तेंदूमुड़ी गांव में गिरे शावक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास जारी है। वन अधिकारियों ने बताया कि शावक की हालत फिलहाल स्थिर है और जल्द ही उसे उसके झुंड से मिलाने की कोशिश की जाएगी।
सुभाष बर्फ फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर हुआ ब्लास्ट, संचालक की मौत, चार गंभीर
रायगढ़ । शहर के लालटंकी क्षेत्र में स्थित सुभाष बर्फ फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ऑक्सीजन सिलेंडर के अचानक विस्फोट हो जाने से फैक्ट्री के संचालक संजय सहगल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ में भर्ती किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय तीन लोग बर्फ लेने के लिए फैक्ट्री पहुंचे थे।
उसी दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। घटना के समय मौजूद फैक्ट्री स्टाफ का एक सदस्य भी चपेट में आ गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है और प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। मृतक संचालक संजय सहगल के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
आइस फक्ट्री में ब्लास्ट: मालिक की मौत, 3 घायल...
रायगढ़ । रायगढ़ के गांजा चौक स्थित आइस फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटाने से एक की मौत हो गई। वहीं 3 अन्य लोग घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम संजय सहगल था। वह बर्फ फैक्ट्री का मालिक है। मंगलवार को वह बर्फ जमाने के लिए गैस को एडजस्ट कर रहा था। इसी दौरान अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर फटा गया। इसकी चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं अमन पटेल सहित 2 अन्य घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई मेें जुट गई है।
इस जानकारी मिलते ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी घटना स्थल पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पीड़िता परिवार से मुलाकात कर रहे हैं।
कुएं में गिरा हाथी शावक, रेस्क्यू में जुटा वन विभाग
रायगढ़ । रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में एक हाथी शावक सूखे कुएं में गिर गया। इस दौरान सूचना मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचकर शावक के रेस्क्यू की तैयारी में जुट गया है। वता दे कि, घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में 35 से अधिक हाथियों का दल विचरण कर रहा है। यह घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव की है।
दरअसल, हाथी के शावक की उम्र एक साल बताई जा रही है। शावक झुंड से भटक कर गांव की ओर आया था जहां पर वह सूखे कुएं में गिर गया। फ़िलहाल वन विभाग की टीम हाथी को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है।
झूठा आरोप लगाकर ग्रामीण से वसूली: टीआई समेत 3 पुलिसकर्मी ससपेंड
रायगढ़ । रायगढ़ जिले में पुलिस की वर्दी पर दाग लगाने वाले तीन पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। ग्रामीण से अवैध वसूली के आरोप के बाद पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने घरघोड़ा थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस और दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है।
ग्रामीण ने शिकायत में बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों ने महुआ शराब बनाने और बेचने का झूठा आरोप लगाकर उस पर छोटा केस बनाकर छोड़ने के बदले पैसे मांगे। पीड़ित ने दावा किया कि यह पूरी साजिश सिर्फ उगाही के इरादे से रची गई थी।
जांच में खुली लापरवाही, एसपी ने लिया एक्शन
प्रारंभिक जांच में थाना प्रभारी और दोनों आरक्षकों की लापरवाही और अनुचित कार्रवाई की पुष्टि हुई। इसके बाद तीनों को रक्षित केंद्र रायगढ़ में अटैच कर दिया गया है।
साइबर डीएसपी करेंगे निष्पक्ष जांच
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए साइबर शाखा के उप पुलिस अधीक्षक को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर आगे की अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रायगढ़ पुलिस की यह पहल पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक जरूरी कदम मानी जा रही है।
रायगढ़ में ट्रिपल मर्डर का खुलासा: पत्नी-बच्चों की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति
5 डिसमिल जमीन और पैसों के लालच देकर दोस्त से करवाई हत्या
रायगढ़। रायगढ़ जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। थाना छाल के ग्राम कीदा में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की हत्या के मामले में महिला का पति ही मास्टरमाइंड निकला, जिसने महज 5 डिसमिल जमीन और कुछ पैसों के लालच में अपने दोस्त से हत्या करवाई।
22 मई को ग्राम कीदा के सरपंच सीताराम राठिया ने छाल थाना को सूचना दी कि महेंद्र साहू के घर से तेज बदबू आ रही है। पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा तो सुकांति साहू (35), बेटा युगल (15) और बेटी प्राची (12) के सड़े-गले शव खाट पर पड़े मिले। तीनों के शरीर पर धारदार हथियार के घाव थे।
पुलिस को पति पर शुरू से था शक
जांच के दौरान मृतका के पति महेंद्र साहू (43) पर संदेह गहराया। उसके पारिवारिक झगड़ों, पत्नी से मारपीट और दोस्तों के साथ शराब पार्टी की शिकायतें पहले से थीं। पुलिस की सख्त पूछताछ में महेंद्र और उसका मित्र भागीरथी राठिया (35) टूट गए और उन्होंने पूरी साजिश कबूल कर ली।
रची गई थी पूरी पटकथा
महेंद्र ने अपने दोस्त को 5 डिसमिल जमीन और मुआवजे से कुछ राशि देने का वादा किया। पहले घर के दरवाजे की कुण्डी ढीली की गई, ताकि बाहर से बिना शोर के अंदर घुसा जा सके। महेंद्र जानबूझकर गांव से बाहर चला गया, ताकि संदेह न हो। रात में भागीरथी ने घर में घुसकर टांगी से महिला और दोनों बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस ने टांगी और रॉड की बरामदगी की
आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और दरवाजा ढीला करने के लिए उपयोग की गई लोहे की रॉड बरामद कर ली है। हत्या की गंभीरता को देखते हुए BNS की धारा 61(2), 3(5) भी आरोपियों पर जोड़ी गई है।
रेस्क्यू टीम और साइबर सेल का सराहनीय काम
इस जघन्य हत्याकांड के पर्दाफाश में 8 से अधिक टीमों ने बेहतरीन तालमेल के साथ कार्य किया। एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के नेतृत्व में बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम, साइबर सेल, एफएसएल, और डॉग स्क्वाड की सक्रियता से यह तीन लोगों की निर्मम हत्या का मामला सुलझाया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
महेंद्र साहू और भागीरथी राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूरी तरह से योजनाबद्ध और पूर्व नियोजित थी, और अपराधियों को जल्द ही सख्त सजा दिलाई जाएगी।
यह मामला केवल हत्या का नहीं, विश्वासघात और पारिवारिक विद्रूपता का भयानक उदाहरण है। रायगढ़ पुलिस की तत्परता और टीमवर्क ने एक बड़े अपराध की गुत्थी सुलझाई है, जिससे कानून व्यवस्था पर जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है।