छत्तीसगढ़ / रायगढ़
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिली राहत, राजेश कुमार पटेल को मिला नया राशन कार्ड
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से शिकायत का हुआ त्वरित निराकरण, हितग्राही ने जताया आभार
रायगढ़, 30 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। शासन की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों के लिए प्रभावी मंच बनकर उभर रही है, जहां दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम नवागांव निवासी राजेश कुमार पटेल की शिकायत का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें नया राशन कार्ड जारी कर उसकी प्रति उपलब्ध करा दी गई है।
जनपद पंचायत खरसिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवागांव निवासी राजेश कुमार पटेल ने नया राशन कार्ड बनवाने के लिए कई बार प्रयास किया था, लेकिन आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के कारण उन्हें राशन कार्ड प्राप्त नहीं हो सका था। इसके चलते उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अपनी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने 12 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग और प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हुआ और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता की पात्रता का परीक्षण किया गया, जिसमें वे राशन कार्ड के लिए पात्र पाए गए। इसके बाद नियमानुसार उनका नया राशन कार्ड जारी कर उसकी प्रति उन्हें उपलब्ध करा दी गई। शिकायत के त्वरित निराकरण से हितग्राही को बड़ी राहत मिली है।
राजेश कुमार पटेल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस व्यवस्था ने आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को आसान बना दिया है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। मुख्यमंत्री की यह पहल प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण कर शासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो रहा है।
मुख्यमंत्री विद्यार्थी उत्कर्ष योजना: लिखित चयन प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को
रायगढ़, 30 जून 2026
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) सत्र 2026-27 के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए लिखित चयन परीक्षा का आयोजन 5 जुलाई, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिले में इस परीक्षा के लिए प्रयास आवासीय विद्यालय, गढ़उमरिया, रायगढ़ को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। विद्यालय के प्राचार्य को परीक्षा का केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया गया है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
प्रयास विद्यालय रायगढ़ में 11वीं कक्षा में लेटरल प्रवेश के लिए ऑनलाईन आवेदन प्रारंभ
54 सीटों पर मिलेगा प्रवेश, मेधावी विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर
निःशुल्क आवासीय शिक्षा के साथ जेईई नीट की विशेष तैयारी
रायगढ़, 29 जून 2026
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय, रायगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं में लेटरल प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस वर्ष विद्यालय में कुल 54 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया लेटरल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से पूरी की जाएगी और अंतिम चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।
प्रयास आवासीय विद्यालय राज्य शासन की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पात्र वर्गों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। विद्यालय में विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, अध्ययन सामग्री, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, समृद्ध पुस्तकालय और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे जेईई और नीट की विशेष तैयारी भी कराई जाती है। अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाता है, जिससे वे देश के प्रमुख इंजीनियरिंग एवं मेडिकल संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें। शासन द्वारा निर्धारित छात्रवृत्ति और अन्य प्रोत्साहनकारी सुविधाओं का लाभ भी विद्यार्थियों को दिया जाता है। वर्तमान में प्रदेश में संचालित 18 प्रयास आवासीय विद्यालयों की 7,120 स्वीकृत सीटों पर हजारों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।
इन विद्यार्थियों को मिलेगा आवेदन का अवसर
लेटरल प्रवेश के लिए रायगढ़ जिले के पांच आदिवासी विकासखण्डों के विद्यालयों से कक्षा 10वीं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त रायगढ़ विकासखण्ड के गोपालपुर माड़ा क्षेत्र के विद्यालयों से प्रथम श्रेणी में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी भी पात्र होंगे। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य के सभी आदिवासी विकासखण्डों के पात्र छात्र-छात्राएं शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://prayasraigarh.in पर उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 62682-46268 पर संपर्क किया जा सकता है। विद्यालय प्रशासन ने जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, संस्था प्रमुखों, शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के अधिक से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को इस प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित करें, ताकि प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।
महापौर एवं सभापति ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद, अभियान का हुआ शुभारंभ
पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता जरूरी-महापौर श्री जीवर्धन चौहान
30 जून तक चलेगा अभियान, 1.34 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
रायगढ़, 28 जून 2026/

जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामभाठा, संजय मैदान में किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के महापौर श्री जीवर्धन चौहान एवं सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने नन्हे बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेगा। सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए सभी लोग आगे आकर स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 28 से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 34 हजार 980 बच्चों को पोलियोरोधी वैक्सीन की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलेभर में व्यापक तैयारियां की गई हैं ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रह जाए। अभियान के प्रथम दिवस जिले के 1307 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके साथ ही शेष बच्चों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर दवा पिलाने का कार्य करेगी। अभियान को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई है। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियोरोधी खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित अवधि में अवश्य पोलियो की दवा पिलाएं।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानु पटेल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा, नोडल अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन दीदियाँ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रायगढ़ में उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
सांसद श्री राठिया ने किया सामूहिक योगाभ्यास, योग को बताया स्वस्थ और सशक्त भारत का आधार
नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ, सैकड़ों नागरिकों ने नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प
रायगढ़, 21 जून 2026


12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रायगढ़ के बोईरदादर स्थित स्टेडियम ग्राउंड में रविवार सुबह भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। पूरे आयोजन के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश प्रतिध्वनित होता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने उपस्थित जनसमुदाय के साथ योगाभ्यास किया और कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग आज एक वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, सभापति श्री डिग्रीलाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिव शंकर पांडेय, जिला आयुर्वेद अधिकारी श्री सी एस गौराहा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम योगाचार्य सुश्री चुलेश्वरी साहू द्वारा क्रमशः ग्रीवा चालन, हस्तचालन, कटिचालन, ताड़ासन, वृक्षासन के अलावा बैठकर किए जाने वाला आसन वज्रासन, मंडूकासन, दण्डासन, पद्मासन के साथ-साथ लेटकर किए जाने वाले विभिन्न योग मुद्राओं का भी अभ्यास कराया गया। इसके अंतर्गत अर्धहलासन, उत्तानपाद आसन, भुजंगासन, शलभासन, शशांकासन आदि का अभ्यास किया गया। इसके पश्चात श्वास आधारित प्राणायाम के तहत अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से बचाव के लिए योग एक प्रभावी एवं प्राकृतिक उपाय है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और व्यक्तित्व संतुलित बनता है, वहीं आत्मविश्वास, एकाग्रता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
योग दिवस पर नशामुक्ति का संदेश, लोगों को दिलाई गई शपथ
योग दिवस कार्यक्रम के दौरान जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित जनसमुदाय ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। स्टेडियम परिसर में आयोजित इस सामूहिक योग कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
योग प्रशिक्षक ने विभिन्न आसनों से कराया योगाभ्यास
आयोजित योग सत्र में प्रमुख योग शिक्षिका चुलेश्वरी साव एवं सहायक योग प्रशिक्षिका ज्योति प्रधान ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम से हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन तथा अन्य योगासनों का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, तनाव कम होता है तथा एकाग्रता में वृद्धि होती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया और स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को नियमित रूप से योग करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
सुशासन तिहार में प्रशासन की संवेदनशील पहल, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण
विभिन्न शिविरों में वॉकर, वॉकिंग स्टिक और श्रवण यंत्र का वितरण, हितग्राहियों को मिली राहत
रायगढ़, 7 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिलेभर में आयोजित समाधान शिविरों में प्रशासन द्वारा वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभिन्न विकासखंडों में आयोजित शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को वॉकर, वॉकिंग स्टिक तथा श्रवण यंत्र प्रदान कर उनकी दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। विकासखंड धरमजयगढ़ के बाकारूमा में 2 जून को आयोजित शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्षा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा बालकपोड़ी बाकारूमा निवासी शिवप्रसाद, सिसरिंगा निवासी बंकट सिंह राठिया तथा चरखापारा बाकारूमा निवासी गुलाब को वृद्धजन छड़ी प्रदान की गई।
इसी प्रकार 3 जून को लैलूंगा विकासखंड के ढोर्रोबीजा में आयोजित शिविर में वरिष्ठ नागरिक देवसिंह सिदार एवं पेतराम सिदार को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। वहीं बैस्कीमुड़ा निवासी दिव्यांग हितग्राही सेवन कुमार चौहान को भी चलने-फिरने में सुविधा हेतु वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। 4 जून को खरसिया विकासखंड के छोटे मुड़पार में आयोजित शिविर में भैनापारा निवासी तुषार रौतिया को डिजिटल श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। वहीं कुशवाराम सिदार, अघोरी दास महंत, भोकलो पटेल एवं नान्हूराम पटेल को समायोज्य वॉकिंग स्टिक वितरित की गई। 5 जून को धरमजयगढ़ विकासखंड के छाल में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में सांसद राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत सदस्या रजनी राठिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के करकमलों से छाल निवासी श्रीमती मनकुंवर महंत, श्रीमती गुरबारी राठिया तथा नवापारा छाल निवासी श्रीमती गंगाबाई पटेल को वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। 6 जून को जनपद पंचायत रायगढ़ अंतर्गत तारापुर में आयोजित शिविर में ग्राम नंदेली निवासी हुलसराम मालाकार के आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें एक वॉकर एवं एक वॉकिंग स्टिक प्रदान की गई। इसी प्रकार गनपत यादव को समायोज्य वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। चलने-फिरने में असमर्थ हितग्राही को जनप्रतिनिधियों द्वारा मंच से उतरकर वॉकर प्रदान किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
शिविरों के दौरान समाज कल्याण विभाग के श्री उग्रसेन पटेल द्वारा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। उन्होंने दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया, दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना तथा क्षितिज-अपार संभावनाएं योजना के अंतर्गत संचालित उच्च शिक्षा प्रोत्साहन, सिविल सेवा प्रोत्साहन एवं दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजनाओं के संबंध में उपस्थित लोगों को अवगत कराया। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों से उनकी दैनिक गतिविधियां सुगम होंगी तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता मिलेगी। सुशासन तिहार के शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहे हैं।
अनुसूचित जाति-जनजाति समुदायों के समग्र विकास पर मंथन, संसदीय समिति की बैठक में शामिल हुए राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह
शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
रायगढ़, 7 जून 2026
अनुसूचित जातियों एवं अनुसूचित जनजातियों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों के अध्ययन एवं समीक्षा के लिए ऊटी में आयोजित संसदीय समिति के अध्ययन दौरे में राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हुए। इस दौरान समिति की बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदायों के कल्याण और सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, प्रभाव और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार सृजन, सामाजिक सुरक्षा तथा आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर व्यापक चर्चा हुई। केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक किस प्रकार पहुंच रहा है तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों का समाधान कैसे किया जा सकता है। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर योजनाओं की पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा की गई।
समावेशी विकास और सामाजिक न्याय सरकार की प्राथमिकता -सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह
बैठक के दौरान सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के वंचित, कमजोर और पिछड़े वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में संचालित योजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदायों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही इससे वंचित न रहे।
बैठक में संसदीय समिति के अध्यक्ष फग्गन सिंह कुलस्ते सहित समिति के सभी सदस्य सांसद एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विषयों पर प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों के आधार पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में आगे की रणनीति पर भी विचार किया गया।
विश्व साइकिल दिवस पर रायगढ़ में उमड़ा फिटनेस का उत्साह
‘संडेज ऑन साइकिल’ रैली में सैकड़ों लोगों ने निभाई सहभागिता
स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने दिया फिट इंडिया का संदेश
स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और नियमित व्यायाम के प्रति किया जागरूक, सभी ने लिया फिट भारत निर्माण का संकल्प
रायगढ़, 7 जून 2026
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार सुबह आज रायगढ़ शहर में आयोजित ‘‘संडेज ऑन साइकिल’’ रैली फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश बनकर उभरी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार तथा फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों-कर्मचारियों, खेल प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रातः 6.30 बजे रायगढ़ स्टेडियम, बोईरदादर से प्रारंभ हुई साइकिल रैली चक्रधर चौक, सिग्नल चौक एवं शहीद भगत सिंह चौक होते हुए पुनः सिग्नल चौक पहुंची तथा कमला नेहरू उद्यान में इसका समापन हुआ। रैली के दौरान 150 प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिलिंग केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, स्वच्छ पर्यावरण और सक्रिय जीवनशैली की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने युवाओं एवं नागरिकों से फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मौके पर सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण रायगढ़ श्रीमती प्रतिमा सागर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं और नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से नियमित रूप से साइकिलिंग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन बचत तथा पर्यावरण के अनुकूल परिवहन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन में शामिल सभी प्रतिभागियों एवं समूहों का पंजीयन भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर भी किया गया। रैली के दौरान रायगढ़ की सड़कों पर फिटनेस और जागरूकता का अनूठा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने ‘‘फिट इंडिया’’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, सक्रिय एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सहा. जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री जीवन लाल नायक, श्री जितेश्वर प्रधान व्यायाम शिक्षक, श्री सम्मी पुरसेठ व्यायाम शिक्षक, श्री विकास सिन्हा शिक्षक, श्री शारदा सिंह गहलोत फुटबॉल कोच, श्री जयकुमार यादव ताईक्वांडो प्रशिक्षक, श्री आनंद डनसेना कबड्डी कोच, संचालक, उन्नायक सेवा समिति रायगढ़ उपस्थित रहे।
मांड नदी में डूबा हाथी शावक, महीने भर में पांचवीं मौत से बढ़ी चिंता
रायगढ़ । रायगढ़ जिले में हाथियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खरसिया वन परिक्षेत्र के गुर्दा गांव के पास मांड नदी में डूबने से एक हाथी शावक की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, खरसिया रेंज के गुर्दा गांव के समीप मांड नदी के आसपास हाथियों का एक बड़ा दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान एक शावक नदी के गहरे हिस्से में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
महीने में पांचवी मौत
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में इन दिनों लगभग 50 हाथियों का दल सक्रिय है, जो लगातार विभिन्न इलाकों में आवाजाही कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी के बीच शावक की मौत ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि मई महीने में डूबने की वजह से हाथी शावकों की मौत का यह पांचवां मामला है, जिससे वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शावक की मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही हाथियों के आवागमन वाले संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।
लगातार हो रही शावकों की मौत ने वन विभाग को अलर्ट मोड पर ला दिया है। विभाग अब हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ नदी, नाले और अन्य जोखिम वाले क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय मजबूत करने की तैयारी कर रहा है।
MR सहित दर्जनभर लोगों से 1 करोड़ 77 लाख की ठगी, FIR दर्ज
रायगढ़ । जिले में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और उसके साथियों के साथ 1.77 करोड़ की ठगी हुई है। आरोप है कि शेयर ट्रेडिंग के नाम पर डीमैट अकाउंट खुलवाने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम इन्वेस्ट कराया गया। पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दरोगापारा निवासी संजय मिश्रा (42) मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2022 में उनकी मुलाकात पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के ईटला कोरापारा कलीराहाट निवासी विश्वजीत देवनाथ से हुई थी।
विश्वजीत ने खुद को एलईडी बल्ब मैन्युफैक्चरिंग और शेयर मार्केट ट्रेडिंग का कारोबारी बताते हुए संजय को इन्वेस्टमेंट का प्रस्ताव दिया।
उसने कहा कि इन्वेस्टमेंट करने पर शेयर मार्केट में डीमैट अकाउंट खोलकर हर महीने 6 प्रतिशत ब्याज और मूलधन का 10 प्रतिशत हिस्सा वापस किया जाएगा।
विश्वजीत की बातों पर भरोसा कर संजय ने आईसीआईसीआई बैंक, रायगढ़ से 12 लाख रुपये का लोन लिया और उसके बताए अनुसार जीटीजी प्रोडक्ट सर्विस के खाते में राशि जमा कर दी।
निवेश के बाद शुरुआती 4 से 5 महीनों तक उन्हें नियमित रूप से ब्याज का भुगतान भी मिलता रहा, जिससे उनका भरोसा और बढ़ गया।
कुछ समय बाद विश्वजीत देवनाथ ने संजय मिश्रा को निवेश से मिलने वाली 11 प्रतिशत राशि को दोबारा निवेश करने की सलाह दी। उसके झांसे में आकर संजय ने यह जानकारी अपने परिचितों और साथियों को भी दी। इसके बाद संजय मिश्रा समेत विकास साहू, राकेश कुमार मनहर, रितेश साव, देव कश्यप, सुनील पाणिग्राही, शिशुपाल, कृष्णा पांडेय, कृष्णा द्विवेदी, राकेश सरकार, लोचन पटेल, मनील गुप्ता, श्रीमंत मिश्रा और अजय वर्मा ने मिलकर कुल 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपए इन्वेस्ट कर किए।
बाद में संजय और उसके साथियों को जानकारी मिली कि शेयर ट्रेडिंग और ट्रांजेक्शन के लिए डीमैट अकाउंट होना आवश्यक है। विश्वजीत देवनाथ ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह सभी का डीमैट अकाउंट खुलवाएगा, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी डीमैट अकाउंट खुलने से संबंधित कोई दस्तावेज या जानकारी उन्हें नहीं दी गई।
रायगढ़ जिले के सभी 18 चार्ज में मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण, 2100 एचएलबी में शत-प्रतिशत सर्वेक्षण संपन्न
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के सभी 18 चार्ज में मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण, 2100 एचएलबी में शत-प्रतिशत सर्वेक्षण संपन्न
मृतक के खाते से 30 लाख की निकासी का आरोप, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार
रायगढ़ । जिले में बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। तमनार तहसील के ग्राम केराखोल निवासी सिरमती राठिया ने आरोप लगाया है कि उनके दिवंगत पति धनुर्जय राठिया के बैंक खाते से उनकी मृत्यु के बाद करीब 30 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
पीड़िता के मुताबिक, उनके पति का निधन 9 जून 2020 को हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद घरघोड़ा स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में संचालित खाते से बड़ी रकम का लेन-देन होता रहा। यह स्थिति एक सुनियोजित धोखाधड़ी की ओर इशारा करती है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े ट्रांजेक्शन के बावजूद बैंक स्तर पर किसी तरह की आपत्ति या जांच सामने नहीं आई।
मामले का खुलासा होने पर सिरमती राठिया ने 23 मई 2025 को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हें उम्मीद थी कि पुलिस इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करेगी, लेकिन लगभग 11 महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से निराश पीड़िता ने 15 अप्रैल 2026 को रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निकाली गई राशि की पूरी जांच की मांग की है।
यह मामला न केवल संभावित धोखाधड़ी को उजागर करता है, बल्कि बैंकिंग सुरक्षा, केवाईसी प्रक्रिया और निगरानी तंत्र की गंभीर खामियों को भी सामने लाता है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।
जिले में जनगणना-2027 का प्रथम चरण प्रारंभ
रायगढ़ : जिले में जनगणना-2027 का प्रथम चरण प्रारंभ
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित
गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और नियमित स्वास्थ्य जांच हेतु किया गया जागरूक
रायगढ़, 10 अप्रैल 2026
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्यापक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान शासन के दिशा-निर्देशों तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराए गए और उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में हिमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिकलिन, मलेरिया, एच.आई.वी., वजन और ऊँचाई जैसी आवश्यक जांचें की गईं। महिलाओं को आयरन और कैल्शियम की गोलियों का वितरण किया गया। इसके अलावा स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को शरीर की स्वच्छता, पोषण और सुरक्षित प्रसव के महत्व पर विशेष परामर्श दिया गया। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी कराई गई। शिविर में गर्भवती महिलाओं को लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर का दौरा कराते हुए उन्हें मानसिक रूप से सुरक्षित प्रसव के लिए तैयार किया गया, जिससे प्रसव के दौरान होने वाले तनाव को कम किया जा सके।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले में प्रतिमाह 9 एवं 24 तारीख को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में 9 अप्रैल का आयोजित स्वास्थ्य शिविर में रायगढ़ जिले में कुल 740 गर्भवती माताओं की जांच की गई। जिसमें विकासखंडवार लोईंग में 61, पुसौर में 156, चपले में 127, तमनार में 60, धरमजयगढ़ में 198, लैलूंगा में 70 एवं घरघोड़ा-68 महिलाएं शामिल थी। प्रशासन ने महिलाओं को किसी भी समस्या के लिए तुरंत स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने का संदेश दिया। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का लाभ अवश्य उठाएँ और अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएँ। स्वास्थ्यकर्मियों के मार्गदर्शन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आंगनबाड़ी जाकर अपने और अपने बच्चे के पोषण पर ध्यान दें।
पालना सहायिका के रिक्त पद हेतु आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 10 अप्रैल 2026
एकीकृत बाल विकास परियोजना रायगढ़ (शहरी) अंतर्गत 1 पालना केन्द्रों (आंगनबाड़ी सह क्रेश संचालन) की स्वीकृति के तहत ग्रामीण/नगरीय निकाय क्षेत्रान्तर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र दया गली वार्ड क्र. 35 में 1 पद की पूर्ति हेतु 13 से 27 अप्रैल 2026 तक इच्छुक आवेदिकाओं से महिला एवं बाल विकास विभाग के ऑन लाईन पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ पर आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। नियुक्ति से संबंधित विस्तृत दिशा निर्देश व नियम शर्तों का परियोजना कार्यालय के सूचना पटल पर अवलोकन किया जा सकता है।
खरसिया में जनमन पत्रिका का निःशुल्क वितरण, लोगों ने सराहा
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी का सशक्त माध्यम बनी ‘जनमन’
रायगढ़, 10 अप्रैल 2026
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं समसामयिक विषयों पर आधारित जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित मासिक जनमन पत्रिका का खरसिया क्षेत्र में निःशुल्क वितरण किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने पत्रिका की सराहना करते हुए इसे जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया। पाठकों ने कहा कि जनमन पत्रिका न केवल ज्ञानवर्धक है, बल्कि इसमें शासन की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं समसामयिक विषयों की जानकारी सरल एवं आकर्षक ढंग से प्रस्तुत की गई है। इससे आमजन को योजनाओं की जानकारी आसानी से मिलती है और वे पात्रतानुसार लाभ उठा सकते हैं।
पत्रिका विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी उपयोगी साबित हो रही है। इसमें समसामयिक जानकारी का अच्छा संकलन होने से अध्ययन सामग्री के रूप में इसका महत्व बढ़ जाता है। इस अवसर पर श्री महेश साहू ने कहा कि जनमन पत्रिका शासन की योजनाओं एवं प्रेरणादायक सफलताओं को सरल और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। श्री अमित साहू, श्रीमती कुंती साहू, श्री शंकर लाल साहू, श्री छवि शंकर साहू, श्री कैलाश शर्मा, श्री डिग्री लाल सिदार, श्री सूरज पटेल एवं श्री नितेश बरेठ सहित अन्य नागरिकों ने भी जनपद पत्रिका की सराहना की। उल्लेखनीय है कि जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित जनमन पत्रिका एवं योजनाओं पर आधारित ब्रोशर जिला कलेक्टोरेट स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध हैं, जहां से आमजन इन्हें प्राप्त कर सकते हैं।
आईटीआई रायगढ़ में विभिन्न ट्रेडों हेतु मेहमान प्रवक्ताओं की भर्ती, 20 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 10 अप्रैल 2026
जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में कौशल आधारित शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मेहमान प्रवक्ताओं की भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्राचार्य/नोडल अधिकारी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रायगढ़ द्वारा जारी सूचना के अनुसार विभिन्न ट्रेडों में कुल रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं।
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था रायगढ़ में व्यवसाय बेसिक कॉस्मेटोलॉजी के 02 पद तथा सर्फेस ऑर्नामेंटेशन टेक्नीक्स (एंब्रॉयडरी) के 02 पद रिक्त हैं। इसी प्रकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था धरमजयगढ़ में वर्कशॉप कैलकुलेशन एवं इंजीनियरिंग ड्राइंग के 01 पद तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था तमनार में वर्कशॉप कैलकुलेशन एवं इंजीनियरिंग ड्राइंग के 01 पद रिक्त हैं। इन पदों पर नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी एवं मेहमान प्रवक्ता के रूप में की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा। पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी, आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, नियम एवं शर्तों की जानकारी संबंधित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं के नोटिस बोर्ड पर उपलब्ध है, जहां से अभ्यर्थी अवलोकन कर सकते हैं।