छत्तीसगढ़ / रायगढ़
ट्रक ने रौंदा, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
रायगढ़ । काम की तलाश में खरसिया का रहने वाला गजेंद्र (27) 16 जनवरी को दोस्तों के साथ ट्रेन में तिल्दा गया था। काम मिलने के बाद तिल्दा में रहने वाले रिश्तेदार का बाइक लेकर शाम को वापस खरसिया आ रहा था। इसी दौरान बीएनडी चौक तिल्दा के पास सामने से आ रही ट्रक ने उसे चपेट में लिया। जिससे युवक सिर व अन्य जगह गंभीर चोट लगी थी।
जिसे रायपुर के बड़े हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। जिसके बाद उसे रायगढ़ रेफर कर परिजन ले आए। जहां इलाज के दौरान 17 जनवरी को यहां भती कराया गया। दो दिन चले इलाज के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद जुटमिल पुलिस मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
26 कर्मचारी मिले अनुपस्थित, एक दिन का कटेगा वेतन
कलेक्टर के निर्देश पर दूसरे दिन विभागों का निरीक्षण
रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देश पर आज दूसरे दिन प्रभारी अपर कलेक्टर ऋषा ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर रेखा चन्द्रा एवं शशिकांत कुर्रे ने कलेक्टोरेट के समस्त विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी निर्धारित कार्यालय समय में अनुपस्थित पाए गए। जिस पर कार्यवाही करते हुए एक दिन की वेतन कटौती के निर्देश दिए है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री गोयल ने अधिकारी एवं कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से शासन द्वारा निर्धारित समय 10 बजे से कार्यालय संचालन के निर्देश दिये थे। जिसके तहत एक दिन पूर्व कलेक्टोरेट स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण कर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया गया था। जिसमें 8 विभाग प्रमुख सहित 48 कर्मचारी कार्यालय समय पर अनुपस्थित पाए गए। जिन्हें कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। इसी क्रम में आज दूसरे दिन कार्यालयों के निरीक्षण में 26 कर्मचारी अनुपस्थित एवं विलंब से आना पाया गया।
इन विभागों के अनुपस्थित मिले अधिकारी-कर्मचारी
जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग से सहायक ग्रेड-3 अरविन्द कुमार शर्मा, सहकारिता विभाग से ए.वि.अ. आर.के.मेहर एवं संध्या सोनवानी, आदिवासी विकास विभाग से सीईओ शिवकुमार टंडन, सहायक ग्रेड-2 जी.आर.कर्ष, सहायक ग्रेड-3 अनिल कुमार सिदार, भृत्य प्रभात मिश्रा, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर कमलेश वर्मा, नजूल नवकरण से राजस्व निरीक्षक छविकरण उपाध्याय, खाद्य विभाग से सहायक प्रोग्रामर विजय कुमार सिन्हा एवं श्वेता यादव, भू-अभिलेख शाखा से चेनमेन रामप्यारी तिलगाम, जगतराम मौर्या, नवीन एक्का एवं भृत्य हरिनारायण यादव, डीएमएफ से भृत्य गौरीशंकर, जिला कोषालय से सहायक ग्रेड-2 पूनम चौहान एवं कमलेश डनसेना तथा भृत्य विजय कुमार खेस एवं अर्जुन सिदार, जनसंपर्क विभाग से सहायक ग्रेड-2 पद्मलोचन सिदार, इसी तरह आबकारी विभाग से विक्रयकत्र्ता लोकमणि कुर्रे तथा श्रम विभाग से श्रम उपनिरीक्षक ममता कुर्राम, लेखापाल अशोक रजवाड़े, सहायक ग्रेड-3 मोनिका निर्मलकर एवं गुलशन कुमार देवांगन अनुपस्थित एवं विलंब से आना पाया गया।
26 एवं 30 जनवरी को शुष्क दिवस घोषित
कलेक्टर ने जारी किया आदेश
रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आगामी 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस एवं 30 जनवरी 2025 को महात्मा गांधी निर्वाण दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिला अंतर्गत संचालित समस्त देशी मदिरा (सी.एस.-2 घघ), समस्त देशी कम्पोजिट मदिरा (सी.एस.-2घघ कंपोजिट) एवं समस्त विदेशी/प्रीमियम मदिरा(एफ.एल.1 घघ), समस्त विदेशी कम्पोजिट मदिरा (एफ.एल.-1 घघ कम्पोजिट) दुकानों, देशी मदिरा भंडारण भंडागार, समस्त होटल बार अनुज्ञप्ति (एफ.एल.-3), शॉपिंग मॉल रेस्टोरेंट बार अनुज्ञप्ति (एफ.एल.3 क) एवं समस्त देशी/देशी कम्पोजिट अहाता, समस्त विदेशी/विदेशी कम्पोजिट अहाता को पूर्ण रूप से बंद रखे जाने हेतु शुष्क दिवस घोषित करते हुए आदेश जारी किया है। उक्त शुष्क दिवस को मदिरा का संपूर्ण संव्यवहार प्रतिबंधित रहेगा।
शिशु संरक्षण माह 21 से
जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य के लिए विशेष अभियान
रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में जिले में शिशु संरक्षण माह का आयोजन 21 जनवरी से 21 फरवरी 2025 तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में किया जाएगा।
अभियान के तहत प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की दवा और 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) सिरप पिलाने की योजना है। विटामिन ए की खुराक प्रत्येक 6 माह में एक बार देने से बच्चों में रतौंधी, दस्त, श्वास संक्रमण, बुखार एवं कुपोषण जैसी बीमारियों की संभावना कम हो जाती है। इस अभियान के तहत जिले के 1 लाख 10 हजार 359 बच्चों को विटामिन ए की दवा एवं 1 लाख 16 हजार 851 बच्चों को आयरन सिरप पिलायी जाएगी।
सीएमएचओ डॉ.बी.के.चंद्रवंशी ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि बच्चों के स्वास्थ्य के लिए इस अभियान के दौरान आयोजित सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेकर अपने बच्चों को इन सेवाओं का लाभ अवश्य दिलाएं।
किरोड़ीमल के प्रथम भाजपा मंडल अध्यक्ष बने अतुल शर्मा
अतुल शर्मा विगत 15 वर्षों से भाजपा संगठन के लिए कार्य करते हुए विभिन्न दायित्व का निर्वाह कर चुके है
रायगढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने संगठन पर्व के दौरान रायगढ़ जिले में संगठनात्मक दृष्टि से मंडलों का विस्तार करते हुए रायगढ़ पश्चिम मंडल के कार्य क्षेत्र से किरोड़ीमल मंडल का गठन किया गया है , जहां मंडल अध्यक्ष के रूप में पार्टी द्वारा सर्व सम्मति से युवा नेता अतुल शर्मा को मंडल अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है , अतुल शर्मा विगत 15 वर्षों से भाजपा संगठन के लिए कार्य करते हुए विभिन्न दायित्व का निर्वाह कर चुके है , विगत लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा उनकी संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए शक्ति विधानसभा विस्तारक एवं जांजगीर लोकसभा विस्तारक का जैसा बड़ा एवं महत्वपूर्ण दायित्व उन्हें दिया गया था
जिसका निर्वहन उनके द्वारा वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में बहुत ही कुशल ढंग से किया उन्हें वर्तमान में गृह क्षेत्र किरोड़ीमल नगर का प्रथम मंडल अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है उन्होंने विद्यार्थी परिषद में प्राथमिक सदस्य के रूप में राजनीति की शुरुआत की उसके बाद में वे रायगढ़ पश्चिम मंडल के युवामोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष रहे उसके उपरांत रायगढ़ पश्चिम मंडल के युवामोर्चा के मंडल अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी में रहे है रायगढ़ जिला युवा मोर्चा में वे जिला कोषाध्यक्ष तथा जिला उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वाहन कर चुके है
पालना केंद्र में रिक्त पदों के लिए 31 तक आवेदन
रायगढ़ । एकीकृत बाल विकास परियोजना रायगढ़ ग्रामीण अंतर्गत तीन पालना केन्द्रो में आंगनबाड़ी सह क्रेश संचालन की स्वीकृति दी गई हैं। जिसके तहत पालना कार्यकर्ता एवं पालना सहायिका के एक-एक पद की पूर्ति हेतु 16 जनवरी से 31 जनवरी 2025 तक आवेदन आमंत्रित किया गया है।
परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना ने बताया कि ग्रामीण एवं नगरी निकाय क्षेत्र अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र झोपड़ी पारा पतरापाली वार्ड क्रमांक 44, पुलिस लाइन उर्दना वार्ड क्रमांक 46 एवं बड़े अतरमुड़ा वार्ड क्रमांक 1 ग्राम पंचायत बड़े अतरमुड़ा में पालना कार्यकर्ता एवं सहायिका के एक-एक पद रिक्त है। नियुक्ति से संबंधित विस्तृत निर्देश व नियम शर्तों की जानकारी परियोजना कार्यालय के सूचना पटल पर अवलोकन कर सकते है।
डबल मर्डर से रायगढ़ में सनसनी, जांच में जुटी कोतवाली पुलिस
रायगढ़ । रायगढ़ में डबल मर्डर से सनसनी फ़ैल गई है। प्राप्त जानकरी के अनुसार स्थित सिटी कोतवाली के सामने पुरानी हटरी के अंदर रविवार देर रात बुजुर्ग भाई-बहन की हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान सीताराम जायसवाल (70) और उनकी बहन अन्नपूर्णा जायसवाल (68) के रूप में हुई है। महिला का शव घर के आंगन गली में बरामद हुआ, वहीं सीताराम का शव घर के अंदर मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
हत्या की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर दिया। घटनास्थल पर आईपीएस आकाश शुक्ला खुद जांच का नेतृत्व कर रहे हैं। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंच चुके हैं।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में रात के समय दो संदिग्धों के फुटेज मिले हैं, लेकिन उनके चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। इलाके के लोग इस घटना से दहशत में हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या में दो लोगों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है। डॉग रूबी को घटनास्थल लाया गया जिसके बाद रूबी हटरी से होते हुए, श्याम टॉकीज रोड, भाजपा कार्यालय के सामने पुत्री शाला स्कूल के अंदर घुसी, उसके बाद वहां से निकाल कर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पहुंची। अंदाजा लगाया जा रहा है की हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी ट्रेन के जरिए फरार हो चुके हैं।
शराब बेचने वाले 2 कोचिए गिरफ्तार
रायगढ़ । चक्रधरनगर पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की TVS एक्सल गाड़ी में प्लास्टिक जरीकेन में अवैध महुआ शराब लेकर छोटे रेगड़ा पुल के पास बिक्री के लिए खड़े हैं। थाना प्रभारी ने तुरंत पेट्रोलिंग टीम को कार्रवाई का निर्देश दिया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों चंद्रशेखर कुलदीप (49 साल) और घुराउ पटनायक (48 साल), दोनों निवासी मालीडीपा बोईरदादर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब (तीन जरकीन, प्रत्येक में 5 लीटर) और बिना नंबर की TVS एक्सल गाड़ी बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 4,500 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ अपराध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया जहां से दोनों आरोपियों का जेल वारंट जारी होने से जेल दाखिल किया गया है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक महेंद्र कर्ष, आरक्षक अभय यादव और चंद्र कुमार बंजारे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सरस मेला: स्व-सहायता समूह की दीदियों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य प्रस्तुति
छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य एवं लोक गीत के मंचन से दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
रायगढ़ । रायगढ़ जिले में आयोजित क्षेत्रीय सरस मेला में स्व-सहायता समूह की दीदियों ने अपने सांस्कृतिक कार्यक्रम से सबको मोहित किया है। कार्यक्रम के मंच से जिले के बिहान के स्व-सहायता समूह के दीदियों के द्वारा छत्तीसगढ़ के लोक नृत्य एवं लोक गीत का मंचन किया जा रहा है, जिसमें ददरिया, कर्मा, पंथी, सूआ, बांस गीत, बिरहोर, रावत नाचा नृत्य एवं कौमी एकता गीत जैसे गायन की प्रस्तुती दी जा रही है। साथ ही वित्तीय साक्षरता एवं सफलता की कहानी जैसे नाटकों के माध्यम से अपनी विशेष प्रस्तुती से मंच के माध्यम से दीदियों का कला देखने को मिल रहा है। समूह की दीदियों द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य एवं लोक गीत के मंचन से दर्शक मंत्रमुग्ध हो रहे है।
जिले में पहली बार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा शहीद कर्नल विप्ल त्रिपाठी स्टेडियम में 03 से 12 जनवरी 2025 तक क्षेत्रीय सरस मेला 2025 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में बिहान की महिला स्व-सहायता समूह के द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। साथ ही साथ बिहान की दीदियों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से मेला में अपने कला की प्रस्तुति देकर सरस मेला को आकर्षक बना रहे है, जिसमें रायगढ़ के सभी 07 जनपदों से आई महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों के द्वारा प्रत्येक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती दी जा रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति की जिम्मेदारी अलग-अलग तिथियों पर जिले के सभी जनपदों के स्व-सहायता समूह की दीदियों के द्वारा निभाई जा रही है। दोपहर 12 बजे से सायं 5 बजे तक बिहान स्व-सहायता समूह की दीदियों के द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुती दी जा रही है साथ ही सायं 5 बजे रात्रि 8 बजे तक स्कूली एवं स्वशायी संस्थाओं के बच्चों के द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुती दी जा रही है, जो कि मेले में आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। कार्यक्रम की शुरूवात बीएलएफ एवं सीएलएफ की दीदियों के द्वारा माँ सरस्वती की पूजा अर्चना एवं दीप प्रज्जवलन से किया जाता है। साथ स्वागत गीत एवं बिहान प्रार्थना गीत का गायन महिला स्व-सहायता के दीदियों के माध्यम से किया जा रहा है। प्रत्येक जनपद से आये बीएलएफ एवं सीएलएफ की अध्यक्ष का सम्मान मंच से किया जाता है।
अलग-अलग विधाओं पर प्रस्तुति दे रही समूह की महिलाएं
कार्यक्रम में लैलूंगा जनपद के मुकडेगा संकुल नारी शक्ति महिला उपसंघ द्वारा कर्मा नृत्य एवं साद्री गीत टेरेसा स्व सहायता समूह द्वारा, रायगढ़ जनपद के सखी सहेली संकुल द्वारा संबलपुरी डांस, पुसौर जनपद के ललिता गु्रप ओडकेरा संकुल संगठन द्वारा ये गुईया गीत, तमनार जनपद से डोलेसरा संकुल संगठन द्वारा सुआ नृत्य, धरमजयगढ़ जनपद के सुंदरम स्व-सहायता समूह द्वारा कर्मा नृत्य, खरसिया जनपद के उन्नति स्व-सहायता समूह तुरेकेला क्लस्टर द्वारा राउत नाचा, घरघोड़ा जनपद के सुरज महिला ग्राम संगठन लक्ष्मी स्व-सहायता समूह द्वारा सुआ नृत्य विशेष मनमोहक प्रस्तुती दी गई।
स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया जा रहा सम्मानित
रायगढ़ जिला अंतर्गत सरस मेला में स्व-सहायता समूह की दीदियों के द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुती के साथ ही साथ जिले के स्कूली एवं स्वशायी संस्थाओं के बच्चों के द्वारा विशेष रूप से कथक, भरतनाट्यम, सेमीक्लासिकल, समूह नृत्य, आदि की प्रस्तुती दी जा रही है। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हे कार्यक्रम में स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र के माध्यम से पुरस्कृत भी किया जा रहा है। जिला रायगढ़ के आस-पास जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती से भी दर्शक मेला में शामिल हो रहे है, साथ ही साथ रायगढ़ शहर वासियों के द्वारा शाम को अपने परिवार के साथ मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मेले में स्व-सहायता समूह की दीदियों की खरीददारी के लिए भीड उमड़ रही है। उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम के नोडल फिरोज खान डीपीएम एनआरएलएम एवं मनोज श्रीवास्तव के द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा हैं।
कृषि महाविद्यालय में मनाया गया विश्व हिन्दी दिवस
रायगढ़। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, बोईरदादर रायगढ़ के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों द्वारा विश्व हिन्दी दिवस कार्यक्रम मनाया गया। जिसमेें हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए हिन्दी भाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी, रंगोली इत्यादि का कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ.ए.के.सिंह द्वारा सरस्वती माता के प्रतिमा पर दीप प्रज्जवल के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार गौतम के द्वारा किया गया। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए हिन्दी भाषा की वर्तमान में पौराणिक महत्व को भारतीय जीवन शैली एवं सांस्कृतिक विकास का विस्तृत रूप से बताया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ.जी.आर.राठिया द्वारा हिन्दी दिवस की इतिहास के साथ-साथ साहित्य कला एवं फिल्म उद्योग के विकास में हिन्दी के महत्व को बताया। इस प्रकार अपनी भाषा हिन्दी को संजोयें और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों के बीच संकल्प लिए। अंत में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ.सदीप कुमार पैंकरा द्वारा आभार व्यक्त किया गया। लोगों को हिन्दी बोलकर अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने व भारत एवं विदेशों में हिन्दी भाषा का सम्मान मिल सके, जिसे विद्यार्थियों के बीच अपना विचार साझा किए।
कक्षा 6वीं में प्रवेश, ऑनलाईन आवेदन 15 तक
रायगढ़ । एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शिक्षण सत्र 2025-26 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2025 तक है। इसी तरह वेबसाईट में ऑनलाईन आवेदन भरे गए फार्म में त्रुटि सुधार की तिथि 16 से 23 जनवरी 2025 तक रात्रि 11:59 बजे तक है। प्रवेश परीक्षा की तिथि 16 फरवरी 2025 दिन रविवार समय सुबह 10 बजे से 12 बजे तक 2 घंटे निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा के फार्म भरे संबंधी विस्तृत निर्देश दिए गए ऑनलाईन वेबसाईट में दिए गए है।
आईटीआई में नि:शुल्क प्रशिक्षण के लिए 20 तक आवेदन
रायगढ़ । शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रायगढ़ में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिकल डोमेस्टिक कोर्स का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाना है। जिसके लिए 20 जनवरी सायं 5 बजे तक आवेदन मंगाए गए है। इलेक्ट्रिकल डोमेस्टिक कोर्स हेतु 8 वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन पत्र के साथ निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, बीपीएल कार्ड, आधार कार्ड, रोजगार पंजी प्रमाण-पत्र एवं दो पासपोर्ट साईज फोटो अनिवार्य है। यह प्रशिक्षण रायगढ़ जिले के अंतर्गत आवेदकों के लिए है।
रायगढ़ जिले में तीन स्थानीय अवकाश घोषित
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने जारी किया आदेश
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने कैलेण्डर वर्ष 2025 के लिए रायगढ़ जिले में तीन स्थानीय अवकाश घोषित किया है। इनमें 14 जनवरी 2025 मंगलवार संक्राति/पोंगल, 27 जून 2025 शुक्रवार रथयात्रा और 21 अक्टूबर 2025 मंगलवार दीपावली का दूसरा (गोवर्धन पूजा) शामिल है। उक्त अवकाश कोषालय, उप कोषालय, बैंकों के लिए लागू नहीं होगा।
शैलचित्रों की दुर्लभ श्रृंखला का गढ़ रायगढ़
रायगढ़ । हर सभ्यता वक्त की रेत पर अपने निशान छोड़ जाती है, ऐसे ही शैलचित्रों की अनोखी दुर्लभ श्रृंखला रायगढ़ की पहाडिय़ों में बिखरी हुई है, जो सदियां बीतने पर भी धूमिल नहीं हुई है और प्रागैतिहासिक काल से मानव विकास क्रम की कहानियां कह रही हैं। रायगढ़ जिले में हजारों वर्ष पुराने पाषाणकालीन समृद्ध शैलचित्रों का खजाना है, जो न केवल देश एवं प्रदेश में बल्कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध है।
ऐसी दुर्लभ पुरासंपदा हमारी प्राचीन सभ्यता के जीवंत अमूल्य अवशेष है। जिले में आदिम मानवों द्वारा सिंघनपुर, करमागढ़, कबरापहाड़, ओंगना, नवागढ़ पहाड़ी, बसनाझर, भैंसगढ़ी, खैरपुर, बेनिपाट, पंचभैया पहाड़, राबकोब गुफा, सारंगढ़ के सिरौलीडोंगरी जैसे अनेक स्थानों में शैलाश्रय में शैलचित्र उकेरे गए है, जिनमें पशु-पक्षी, आखेट के दृश्य, परम्परा, जीवनशैली, पर्व एवं त्यौहार का चित्रांकन दीवारों पर किया गया है।
ऐसे रॉक पेंटिंग विश्व के अन्य देशों फ्रांस, स्पेन, आस्ट्रेलिया एवं मेक्सिको में भी पाये गए हैं। प्रागैतिहासिक काल में आदिम मानव इन सघन एवं दुर्गम पहाडिय़ों में गुफाओं एवं कंदराओं में निवास करते थे और यहां सभ्यता का विकास होता गया। आदिम कुशल चित्रकारों द्वारा बनाये इन शैलचित्रों में उनकी जीवनशैली एवं परिवेश की अनुगूंज सुनाई देती है, जिसकी भावनात्मक अभिव्यक्ति इन रेखाचित्रों के रूप में उभरकर सामने आती है। आदिमानव रंगों के प्रयोग से अनभिज्ञ नहीं थे। यह शैलचित्र हमारे पुरखों द्वारा दिया गया बहुमूल्य उपहार है।
हमीरपुर रोड से कुछ दूरी पर सघन वनों के बीच प्राकृतिक छटा से घिरी रमणीय करमागढ़ की पहाडिय़ों के बीच ‘उषा कोटि’ शैलाश्रय में पाषाणकालीन आदिम मानवों ने गहरे गैरिक रंग से ग्रामीण जन-जीवन को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न पशुओं एवं सुंदर श्रृंखलाओं में ज्यामितीय आकृतियां चट्टानों मेंं अंकित किए हैं।
उषा कोटि में धान की बालियां, चांद, ढेकी, हिरन, खरगोश, बारहसिंघा, कछुआ, हाथी, छिपकली, मेंढक, बैल, पेड़-पौधे, मोती की सुंदर लडिय़ों जैसी आकृतियां स्पष्ट नजर आती है। विख्यात पुरातत्वविद स्व.पंडित लोचन प्रसाद पाण्डेय ने इसकी तुलना अमेरिका के गुफा चित्रों से की थी।
उडिय़ा संस्कृति से प्रभावित इन शैलचित्रों में घर, आंगन एवं दीवारों में पर्व के अवसर पर सजाने के लिए अल्पना सदृश्य खूबसूरत चित्र बनाये गये है।
वैसे ही कमल के फूल, गेहू एवं धान की बालियां एवं तरह-तरह के अनोखी कलात्मक आकृतियां बनी हुई है। शासन के पुरातत्व विभाग द्वारा इन शैलचित्रों को संरक्षित किया जा रहा है। ग्रामीण यहां त्यौहार के अवसर पर ग्राम देवता के रूप में पूर्वजों की पूजा करने आते है।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से 20 किलो मीटर दूर भूपदेवपुर के समीप ग्राम सिंघनपुर के समीप मैकल पर्वत श्रेणी में लगभग 2 हजार फीट की ऊंचाई पर मनोरम पहाडिय़ों के बीच जैव विविधता से परिपूर्ण सिंघनपुर की अद्वितीय गुफा है, जहां गैरिक रंग में मानव शरीर का आकार सीढ़ीनुमा सदृश, मानव आकृतियां एवं पशु-पक्षी की आकृतियां बनी हुई है। सिंघनपुर की पहाडिय़ों में तीन गुफाएं हैं, जिनमें से दो दक्षिणमुखी है एवं तीसरा पूर्वमुखी है। पूर्वमुखी गुफा जिसके बाह्य भाग में शैल चित्र है, जहां जाना भी कठिन ही है। प्रागैतिहासिक शैलाश्रय की पुष्टि 19 वीं शताब्दी के मध्य पुरातत्व अधिकारी श्री ए.सी.करलेले ने की थी।
आदिम युगीन के इन शैलचित्रों को स्व.एंडरसन ने 1912 ईसवीं में पहली बार देखा था। उन्होंने 1918 में इंडियन म्यूजियम ऑफ कलकत्ता के निदेशक श्री पर्सी ब्राउन को इसकी जानकारी दी थी, जिन्होंने अपनी पुस्तक इंडियन पेंटिंग में शैलचित्रों का जिक्र किया था
। स्व.श्री एंडरसन अपने साथी श्री राबर्टसन के साथ सिंघनपुर की गुफा गए थे और यहां का अन्वेषण किया। इसी दौरान गुफा में मधुमक्खियों के काटने से राबर्टसन की मृत्यु हो गयी। उनकी स्मृति में रेलवे स्टेशन का नाम रॉबर्टसन रखा गया है। पर्सी ब्राउन के बाद कई पुरातत्वविद सर हेनरी हडवे, श्री व्ही स्मिथ, अमरनाथ दत्ता और पंडित लोचन प्रसाद पांडेय ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। सिंघनपुर की गुफा, पुरातत्वविदों के लिए जिज्ञासा एवं कौतुहल से भरी हुई है।
रायगढ़ से 15 किलो मीटर दूर लोईंग से कुछ दूर पर कबरापहाड़ में पाषाण युग के विशिष्ट शैलचित्र है। जहां गैरिक रंग में छिपकली, हिरण, जंगली भैसा, बारहसिंघा, मेंढक, कछुआ, चक्र, जंगली भैसा मानव आकृतियां एवं विभिन्न प्रकार की ज्यामितियां आकृतियां है। यहां बने चक्र की खासियत यह है कि इसमें 36 लकीर बनी हुई है। पुरातत्वविदों के अनुसार कबरा पहाडिय़ों के शैलचित्र लगभग 5000 वर्ष पुराने हैं। ग्रामवासी इन शैलचित्रों की पूजा करते है।
रायगढ़ से लगभग 70 किलोमीटर दूर धरमजयगढ़ विकासखण्ड मुख्यालय से ग्राम ओंगना 4 किलोमीटर दूर है। वहां समीप के पहाडिय़ों में शैलाश्रय में मोहक शैलचित्र बने हुए है। ओंगना के शैलचित्र मानवीय सभ्यता के क्रम को प्रगट करते है। यहां तीन मानव की आकृतियां है। सामूहिक नृत्य का चित्रांकन, बैल की आकृति, साज-सज्जा वाली मानव आकृतियां है। ग्रामीण इसे देव स्थान के रूप में मानते है।
धरमजयगढ़ से 17 किलोमीटर दूर पंचभैया पहाड़ी पर प्राचीन महत्व के शैलचित्र हैं। ऐसी किवदंति है कि प्राचीन काल में पांचों पांडवों ने यहां रूककर विश्राम किया था। पहाड़ी के कटाव पर शैलचित्र हैं, जो गेरूए रंग से बने हुए हैं। इस पहाड़ पर हाथा नामक स्थान है, जहाँ चट्टानों पर 34 पंजों के निशान मिले हैं। वन्दनखोह गुफा के शैलचित्र, घोड़ी डोंगरी पहाड़ी के शैलचित्र, सिसरिंगा के चिनिडंड पहाड़ी के शैलचित्र एवं वोडरा कछार पहाड़ी के शैलचित्र अनूठे हैं। धरमजयगढ़ की राबकोब गुफा के शैलचित्र विशेष हैं। यह स्थल धरमजयगढ़ के ग्राम पोटिया के समीप पहाड़ी की तलहटी में अवस्थित है। कार्बन डेटिंग से गुफा में निर्मित शैलचित्र 20 से 30 हजार वर्ष पुराना निर्धारित किया गया है।
रायगढ़ से दक्षिण दिशा में 8 किलोमीटर दूर ब्रम्हनीन पहाड़ी पर बसनाझर पहाड़ी के गुफाओं एवं कंदराओं में अनगिनत शैलचित्र बिखरे हुए है। स्व.श्री एंडरसन द्वारा सिंघनपुर के शैलचित्रों के खोज के बाद बसनाझर के शैलचित्र पर भी अनुसंधान किया गया। पुरातत्वविदों के अनुसार ये शैलचित्रों 10 हजार ईसा पूर्व के है। ये शैलचित्र प्रस्तर युग तथा नवीन प्रस्तर युग के है। जिनमें आखेट युग को भी दर्शित किया गया है। आदिम शैलचित्रकारों ने आखेट दृश्य को प्रस्तुत किया है। यहां हिरण मानव आकृतियां एवं खेती तथा पशुपालन, सूर्यचक्र, देव आकृति प्रदर्शित किए गए है।
जिले में प्रागैतिहासिक कालीन शैलचित्रों में प्राचीन सभ्यता एवं संस्कृति उत्कृष्ट रूप में अभिव्यक्त हुई है और यह पुरातत्वविदों के लिए अनुकरणीय है। रहस्य एवं रोमांच से भरपूर इन शैलचित्रों में अभी भी बहुत कुछ खोजना शेष है। इन कहानियों को क्रमिकता में समझने की जरूरत है, कि उस काल में जीवन किस तरह का था और रचनात्मकता किस तरह की थी। इनका सही वैज्ञानिक विश्लेषण करने पर मानव विकास के क्रम की कई तस्वीरें सामने आएगी।
रायगढ़ में अधिक ठंड, अलाव सहारा बना
रायगढ़ । रायगढ़ में दिसबंर महीने में ठंड का असर एक बार फिर से देखने को मिल रहा है। सुबह से लेकर रात तक ठंड का अहसास, फिर रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रात में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।
वहीं, नवंबर महीने में मौसम में बदलाव आने के बाद ठंड का असर कम था, लेकिन एक जनवरी से तापमान में गिरावट आई और शनिवार की रात में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री दर्ज किया गया।
महीने के आखरी दिनों में आसमान पर छाए बादल हटने के बाद से तेज ठंड से लोग कंपकपा रहे थे। लोग इससे बचने के लिए अलाव व गरम कपड़ों का सहारा ले रहे थे।
जबकि पिछले साल मौसम ने नवंबर माह से कड़ाके की ठंड का अहसास कर दिया था।
शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक ठंड है। लोग शाम होने के बाद घरों में ही रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि, शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय करीब 2 डिग्री की गिरावट है। इसके अलावा हल्की हवाएं भी दिन में परेशान कर रही है, लेकिन दोपहर की धूप से कुछ हद तक राहत है।
सूचना प्रकोष्ठ का गठन
रायगढ़ । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में नगर पालिका निर्वाचन 2024-25 के दौरान निर्वाचन से संबंधित जानकारी के संकलन और सम्प्रेषण के लिए कलेक्टर कार्यालय, रायगढ़ में एक सूचना प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। जिसमें प्रभारी अधिकारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिक निगम रायगढ़, नगर पालिका परिषद खरसिया, नगर पंचायत घरघोड़ा, नगर पंचायत धरजमयगढ़, नगर पंचायत लैलूंगा, नगर पंचायत पुसौर एवं नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन)रायगढ़ समीर बडा को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय के सहायक संचालक सिलवेस्टर कुजूर एवं सहायक संचालक जनसंपर्क राहुल सोन को सहायक प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।