छत्तीसगढ़ / रायगढ़
नापतौल इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई
रायगढ़। रायगढ़ जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को नापतौल विभाग की इंस्पेक्टर ओलिभा किषपोट्टा को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नापतौल इंस्पेक्टर ओलिभा किषपोट्टा पेट्रोल पंप में नापतौल की गड़बड़ी को लेकर वहां के संचालक से 18,000 रुपये की रिश्वत मांग रही थी। इसमें से उसने पहले ही 10,000 रुपये एडवांस के तौर पर ले लिए थे। बाकी बचे 8,000 रुपये की रकम लेते हुए आज उसे ACB ने पकड़ लिया।
ACB की इस कार्रवाई से जिले के अन्य विभागों में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
चाय बेचने वाला बना रायगढ़ का महापौर, ओपी चौधरी ने दी बधाई
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में भाजपा महापौर प्रत्याशी जीववर्धन चौहान ने 27 हजार वोट से बड़ी जीत दर्ज की है. उन्होंने इस जीत का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित ओपी चौधरी के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को दिया है. जीववर्धन ने कहा, रायगढ़ के विकास के लिए योजना बनाकर काम करेंगे. चुनाव जीतने के बाद भी जीववर्धन लोगों को चाय पिला रहे हैं.
उन्होंने कहा कि दुकान में रहकर ही लोगों की समस्या को सुनूंगा और उसका समाधान करूंगा. बता दें कि भाजपा ने चाय बेचने वाले भाजपा कार्यकर्ता जीववर्धन चौहान पर भरोसा जताकर उन्हें रायगढ़ महापौर का टिकट दिया था. यहां चुनावी प्रचार का कमान वित्त मंत्री ओपी चौधरी संभाले थे. मंत्री चौधरी ने लगातार कैंपेन चलाकर भाजपा के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा था. वहीं सीएम विष्णुदेव साय के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ में रोड शो भी किया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कड़क चाय का जायका
रायगढ़ । चुनावी गर्मी के बीच रायगढ़ में एक चाय की दुकान पर माहौल चाय की भाप से और भी गर्म हो गया, जब खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चाय बनाई। यह कोई आम चाय नहीं थी, बल्कि अदरक वाली कड़क चाय, जिसे पीकर लोग बोले- वाह! सीएम साहब, आपकी चाय में भी दम है! दरअसल, मुख्यमंत्री साय भाजपा महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान के समर्थन में रायगढ़ पहुंचे थे। पूरे जोश के साथ पांच किलोमीटर लंबा रोड शो करने के बाद वे सीधे जीवर्धन चौहान की मिनीमाता चौक स्थित चाय दुकान पहुंचे। वहां न केवल चाय बनाई, बल्कि खुद लोगों को प्याली थमाते हुए बोले- चाय से ज्यादा मीठी जीवर्धन भाई की जुबान और उनका व्यवहार है!
बनाई खुद चाय, लोगों से कहा - मेहनत का सम्मान ही भाजपा की पहचान
चाय की दुकान पर जब मुख्यमंत्री खुद स्टोव जलाकर अदरक, इलायची और चाय पत्ती डालने लगे, तो वहां मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। किसी ने कैमरा ऑन किया, तो कोई वीडियो बनाने में जुट गया। चाय बनने के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को खुद चाय सर्व की।
उन्होंने कहा, एक साधारण कार्यकर्ता की मेहनत का सम्मान भाजपा में ही संभव है। जिस तरह चाय बेचने वाले नरेंद्र मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने, उसी तरह जीवर्धन भाई भी जनता के आशीर्वाद से रायगढ़ के महापौर बनेंगे।
चाय से बनी चुनावी चर्चा, लोगों ने कहा - यह चाय तो कमाल की है!
चाय पीने के बाद लोगों ने कहा कि सीएम की बनाई अदरक वाली चाय वाकई कड़क थी। चुनाव प्रचार के बीच यह चाय सिर्फ एक प्याला नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए जोश और ऊर्जा का नया स्वाद थी
रायगढ़ में सीएम साय का रोड शो
रायगढ़ । जिले में सीएम विष्णुदेव साय भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। इस दौरान सीएम साय जीवर्धन चौहान और अन्य पार्षद प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। इस दौरान सीएम साय दोपहर 2: 40 से 4 बजे तक सत्तीगुड़ी चौक से मिनीमाता चौक तक रोड शो करेंगे। मिनीमाता चौक पर भाजपा महापौर प्रत्याशी जीवर्धन चौहान की चाय दुकान है।
रोड शो में सीएम विष्णुदेव साय के अलावा रायगढ़ विधायक, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया शामिल होंगे। रोड शो के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। शाम 4 बजे सीएम साय रायगढ़ से रायपुर के लिए रवाना होंगे।
कांग्रेस प्रत्याशी ने जारी किया घोषणा पत्र
निकाय चुनाव के मतदान से पहले घोषणाओं का पिटारा खुल गया है। रायपुर नगर निगम से कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी दीप्ती दुबे ने कई घोषणाएं की है। जिसमें उन्होंने 10 बिंदुओं पर दृढ़ संकल्प के साथ शहर विकास का वादा किया है। दीप्ति दुबे ने निगम दफ्तर में कॉल सेंटर से 24 घंटे में शिकायत निवारण करने की घोषणा की है। साथ ही हर वार्ड में उत्कृष्ट आंगनबाड़ी और मितानिन केंद्र स्थापना की भी घोषणा की है।
10 बिन्दुओं का किया वादा
कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने अपने घोषणा पत्र में शहर के खुले नाले, चेंबरों को ढंकने का काम शीघ्र कराने की बात कही है। साथ ही पंजीकृत गणेश पंडालों को हर वर्ष प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की है। इसके अलावा उन्होंने आवारा पशुओं से निजात के लिए गौठान, श्वानगृह बनाने का भी वादा किया है।
निर्वाचन की सभी तैयारियों को दें अंतिम रूप : कार्तिकेया गोयल
कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की
रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्वाचन कार्यों की तैयारी के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि निर्वाचन कार्यों के अंतर्गत सभी अधिकारी-कर्मचारी उनको दिए गए दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता से करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान दलों के प्रशिक्षण के साथ ही अब ईवीएम के रेंडमाइजेशन का काम पूरा किया जाएगा। जिसके पश्चात मशीनों की कमीशनिंग का कार्य निर्धारित गाइडलाइन और समयावधि में पूरा करना है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाए।
कलेक्टर श्री गोयल ने ईवीएम मशीनों के डेमो प्रदर्शन जिले के सभी नगरीय निकायों के वार्डों में तय शेड्यूल के अनुसार पूरा करें। इससे लोगों को ईवीएम से मतदान के पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिलेगी। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों से कहा कि अपने क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सभी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करवा लें। कलेक्टर श्री गोयल ने मतदान सामग्री वितरण की तैयारियों के साथ ही सभी नगरीय में स्ट्रांग रूम में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री गोयल ने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति के लिए अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे लोगों को पेयजल के लिए समस्या न हो।
बर्ड फ्लू को लेकर बरतें एहतियात
कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि बीते दिनों बर्ड फ्लू का मामला रायगढ़ में आया। इसको लेकर भारत सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार एहतियाती कदम उठाए गए हैं। 'इंफेक्टेड और सर्विलांस' जोन बनाकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से पोल्ट्री उत्पादों को लेकर इन जोन में निगरानी रखी जाए।
बर्ड फ्लू नियंत्रण के निर्देशों का उल्लंघन, 8 होटलों पर 65 हजार का लगाया जुर्माना
सभी होटल संचालकों को गाइडलाइंस के अनिवार्य पालन के दिए गए दिशा-निर्देश
रायगढ़। बर्ड फ्लू नियंत्रण के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत नगर निगम क्षेत्र में जांच दल द्वारा पोल्ट्री पदार्थों के विक्रय और उपयोग के संबंध में पोल्ट्री मार्केट और होटलों की औचक जांच की गई। चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारियों के संक्रमण वायरल टेस्ट कराया गया। जिसका रिजल्ट नेगेटिव आया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 'इंफेक्टेड जोन' में डोर टू डोर संपर्क कर लोगों को सर्दी बुखार की स्थिति में तत्काल उपचार लेने की सलाह दी।
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि शहर में आमंत्रण होटल, जानकी होटल, पंजाब होटल सहित 8 होटलों में औचक जांच में यहां चिकन पकाते पाया गया। इस पर इन होटलों पर कुल 65 हजार का जुर्माना लगाया गया और चिकन पकाने को बंद कराते हुए सभी होटल प्रबंधन को बर्ड फ्लू के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाईश दी गई। इसके साथ ही पोल्ट्री मार्केट की भी लगातार जांच जारी है।
बर्ड फ्लू नियंत्रण प्रोटोकॉल के तहत पोल्ट्री फार्म में कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे। जो संक्रमण वायरल टेस्ट निगेटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 'इंफेक्टेड जोन' में लोगों के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग की जा रही है। इस क्षेत्र में डोर टू डोर सर्वे कर लोगों स्वास्थ्य के लिहाज से जरूरी दिशा-निर्देश बताते हुए सर्दी बुखार की दशा में तत्काल उपचार लेने की सलाह दी गई है।
2 मार्च रविवार को होगी परीक्षा
रायगढ़। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 6 वीं में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा 16 फरवरी 2025 को आयोजित होना था। चूंकि नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन के चलते जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के कारण उक्त तिथि में संशोधित करते हुए अब प्रवेश परीक्षा 2 मार्च 2025 दिन रविवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 2 घंटे आयोजित की जाएगी। प्रवेश नियमावली के संबंध में ऑनलाईन वेबसाईट www.eklavya.cg.nic.in पर अवलोकन किया जा सकता है।
मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आयोजित हुआ ईवीएम डेमो प्रदर्शन
ईवीएम से मतदान प्रक्रिया की दी गई जानकारी
रायगढ़ । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में नगरीय निकाय निर्वाचन-2025 के तहत आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों के लिए ईवीएम डेमो प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर राकेश कुमार गोलछा, डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी निर्वाचन समीर बड़ा उपस्थित रहे।
मास्टर ट्रेनर राजेश डेनियल एवं विकास रंजन सिन्हा ने ईवीएम डेमो प्रदर्शन में जानकारी देते हुए बताया कि सभी नगरीय निकायों में ईवीएम से मतदान होना है। इस बार के निर्वाचन में एम टू टाइप की मशीनें प्रयुक्त होंगी, जिसमें कंट्रोल यूनिट तथा बैलेट यूनिट का ही प्रयोग होगा। वहीं नगर निगम रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 24, 25, 36, 40, 42 एवं 47 में पार्षद पद के अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण एक के स्थान पर दो बीयू का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने ईवीएम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले के स्थानीय नगरीय निकायों के निर्वाचन में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिस इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन का उपयोग किया जा रहा है वह बहुपद, बहुस्थान वाली ईवीएम है जिसमें एक मतदाता द्वारा दोनों पदों के लिए दो बार बटन महापौर/अध्यक्ष तथा पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए मतदान किया जा सकता है। मास्टर ट्रेनर द्वय ने कंट्रोल यूनिट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल यूनिट के चार भाग हैं जिनमें डिस्प्ले सेक्शन, कैंडिडेट सेक्शन, रिजल्ट सेक्शन एवं बैलेट सेक्शन होते हैं। इसी तरह बैलेट यूनिट के संबंध में बताया गया कि बैलेट यूनिट में 16 बटन होते है। अंतिम (क्रमांक 16)बटन इंड बटन होता है। मतगणना के लिए मतगणना कक्ष में केवल कंट्रोल यूनिट ही लाई जाएगी।
मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम मतदान प्रक्रिया के संबंध में बताया कि मतदान अधिकारी क्रमांक 1 द्वारा मतदाता के सत्यता की पुष्टि के पश्चात मतदान अधिकारी क्रमांक-2 मतदाता रजिस्टर में सुसंगत प्रविष्टि और हस्ताक्षर लेगा। इसी प्रकार मतदान अधिकारी क्रमांक 3 सीयू पर बैलेट बटन दबाकर मत जारी करेगा। जिससे वोटिंग कम्पार्टमेन्ट में सीयू पर लाल बल्ब और बीयू पर हरा बल्ब जलेगा। तत्पश्चात मतदाता मतदान कर सकता है। मतदाता को महापौर या अध्यक्ष पद के लिए सफेद मतपत्र लेबल में अपनी पसंद के अभ्यर्थी के सामने के खुले बटन को दबाकर मतदान करना होगा, इसकी पुष्टि के लिए बीप की छोटी आवाज आएगी। इसी तरह पार्षद पद के लिए गुलाबी लेबल में अपनी पसंद के अभ्यर्थी के सामने के खुले बटन को दबाकर मतदान करना होगा। जिसकी पुष्टि के लिए बीप की लंबी आवाज आएगी, जिसका मतलब होगा कि मतदान पूरा हुआ। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने मतदान प्रक्रिया से संबंधित अपने संशय को भी दूर किए।
जिला पंचायत सदस्य के लिए 81 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र किया दाखिल
4 फरवरी को संवीक्षा तथा 6 फरवरी नाम वापस लेने की अंतिम तारीख
रायगढ़ । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 हेतु लिए जा रहे नाम निर्देशन प्रक्रिया के तहत अंतिम तिथि आज 3 फरवरी तक की स्थिति में जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 81 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। जिनमें विकासखण्ड रायगढ़ से 15, पुसौर से 18, खरसिया से 12, घरघोड़ा से 2, तमनार से 9, लैलूंगा से 12 एवं धरमजयगढ़ से 13 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है।
उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन में मतदान तीन चरण में संपन्न होंगे। तीनों चरणों के लिए 27 जनवरी 2025 से नाम निर्देशन पत्र की प्रक्रिया शुरू हुई थी। तीनों चरणों के लिए 3 फरवरी 2025 नाम निर्देशन प्राप्त करने की अंतिम तिथि थी। तीनों चरणों में नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 4 फरवरी 2025 को की जाएगी। तीनों चरणों के लिए अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 6 फरवरी 2025 है, निर्वाचन लडऩे वाले अभ्यर्थियों की सूचना तैयार कर प्रकाशन करना व निर्वाचक प्रतीकों का आबंटन 6 फरवरी 2025 को ही किया जाएगा।
प्रथम चरण के लिए मतदान एवं मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना 17 फरवरी 2025 और खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 18 फरवरी 2025 को की जाएगी। द्वितीय चरण के लिए मतदान एवं मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना 20 फरवरी 2025 और खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 21 फरवरी 2025 को की जाएगी। तृतीय चरण के लिए मतदान एवं मतदान केन्द्र पर की जाने वाली मतगणना 23 फरवरी 2025 और खण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना 24 फरवरी 2025 को की जाएगी।
रायगढ़ में बीजेपी पार्षद प्रत्याशी पूनम सोलंकी निर्विरोध निर्वाचित
रायगढ़। रायगढ़ नगर निगम चुनाव का पहला परिणाम भाजपा के पक्ष में आ गया है। नगरनिगम के वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा प्रत्याशी पूनम सोलंकी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी शीला साहू ने नामांकन पत्र वापस ले लिया। भाजपा इसे बड़ी जीत मान रही है। उधर कांग्रेस वार्ड क्रमांक 18 से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के नामांकन पत्र वापस लेने से सदमे में हैं।
गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा प्रत्याशी पूनम दिबेश सोलंकी ने पिछले चुनाव में जीत हासिल की थी। और नगरनिगम नेता प्रतिपक्ष पद पर रह कर नगरनिगम की राजनीति में बेहद सक्रिय रहीं। इस चुनाव में वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा ने उन्हें फिर से प्रत्याशी बनाया और कांग्रेस से शीला साहू प्रत्याशी रही, लेकिन नामांकन वापसी के आखिरी दिन कांग्रेस प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया, जिससे वार्ड क्रमांक 18 से भाजपा प्रत्याशी पूनम दिबेश सोलंकी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा मे सम्मिलित छात्र छात्राओं को दिया गया प्रमाण पत्र
रायगढ़। किरोडीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में गायत्री परिवार के तत्वाधान में पिछले कई वर्षो से अनवरत आयोजित " भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा " में सम्मिलित हुए महाविद्यालयीन छात्र-छात्रओं को प्राचार्य डॉ. मनोरमा पांडेय और संस्कृत भाषा विभागाध्यक्ष अमितधर दुबे के द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया ।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने स्पोर्ट्स क्लब में फहराया झंडा
रायगढ़। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आज स्पोर्ट्स क्लब रायगढ़ में झंडा फहराया। इस अवसर स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।
76वेंं गणतंत्र दिवस पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने फहराया तिरंगा
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम रायगढ़ में आयोजित हुआ जिला स्तरीय समारोह
रायगढ़ । रायगढ़ में 76 वां गणतंत्र दिवस हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने झंडा फहराया। इसके पश्चात राष्ट्रगान का गायन किया गया व पुलिस बल, होम गार्ड्स, एनसीसी कैडेट्स व स्काउट गाईड्स की टुकडिय़ों द्वारा सलामी दी गई। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने शांति के प्रतीक श्वेत कपोत तथा तिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाये। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी को 76 वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हम सबके लिए अत्यंत गौरवशाली है। आज हम देश के गणतंत्र का उत्सव मना रहे हैं। इसके पीछे उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का बलिदान है, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलाई, उन संविधान निर्माताओं का योगदान है, जिन्होंने इस संविधान के माध्यम से भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाया। उन विभूतियों का योगदान है, जो संविधान की रक्षा के लिए हमेशा डटे रहे तथा संविधान के मूल्यों पर चलकर अंत्योदय का कल्याण करते रहे।
नक्सलवाद से लड़ते हुए देश की एकता और अखण्डता के लिए अनेक जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, ताकि हम सुरक्षित रह सकें और समाज में शांति स्थापित हो सके। इन जवानों की शहादत को मैं शत्-शत् नमन करता हूं। भारत का संविधान एक पवित्र दस्तावेज है। यह वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना से प्रेरित है। इसे एक ऐसे राष्ट्र के नागरिकों ने तैयार किया, जिनकी भावनाओं के मूल में विश्व बंधुत्व और मानव कल्याण की सोच है। इस गणतंत्र की धरोहर को सुरक्षित रखने और सहेजने-संवारने की जिम्मेदारी हमारी और भावी पीढ़ी के हाथों में है। हमारा गणतंत्र हमें सत्यमेव जयते की सीख देता है। मुंडकोपनिषद का यह सूत्र वाक्य हमें बताता है कि अंधेरा कितना भी घना क्यों न हो, हमें उम्मीद नहीं छोडऩी चाहिए।
समारोह में 11 प्लाटून्स के द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई तथा विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं का जीवंत प्रदर्शन करते हुए झांकियां निकाली गई। इस दौरान वीर शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। जिनमें शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी रायगढ़, शहीद आर.स्व.श्री लक्ष्मीनारायण राठिया धरमजयगढ़, शहीद आर.स्व.श्री बीरसिंह श्रीवास रायगढ़, शहीद प्र.आर.श्री राघवराम ओझा रायगढ़, शहीद आर.श्री सुखसाय भगत रायगढ़, शहीद आर.श्री शिव कुमार सिदार पुसौर, शहीद स्व.श्री तनिकलाल पटेल छाल, शहीद आर.स्व.श्री राजाराम एक्का कापू, शहीद एपीसी स्व.श्री पंचराम भगत लैलूंगा, शहीद प्लाटून कमाण्डर स्व.श्री गीताराम राठिया, रायगढ़ के परिजनों को सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री साव द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल भी मंच पर उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस समारोह में अरूणधर दीवान, पूनम सोलंकी, सुभाष पाण्डेय, सुरेश गोयल, श्रीकांत सोमावार, शीला तिवारी, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, डीएफओ रायगढ़ स्टायलो मण्डावी, ज्वाईंट कलेक्टर राकेश कुमार गोलछा, आयुक्त नगर निगम बृजेश सिंह क्षत्रिय, अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस समारोह का उत्कृष्टता पूर्वक संचालन प्राचार्य राजेश डेनियल व व्याख्याता रंजीत कौर घई ने किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में ये रहे अव्वल
सांस्कृतिक कार्यक्रम में साधुराम विद्या मंदिर कोसमनारा रायगढ़-प्रथम, ओ.पी.जिंदल स्कूल तराईमाल-द्वितीय एवं विद्या विकास कांसेप्ट स्कूल रायगढ़ तृतीय स्थान पर रहे। साथ ही वैदिक इंटरनेशनल स्कूल पटेलपाली एवं टिंवकल स्टार सीनियर सेकेण्डरी स्कूल रायगढ़ की विशेष सहभागिता रही।
सर्वश्रेष्ठ परेड प्रदर्शन में इन्हें मिला सम्मान
सर्वश्रेष्ठ परेड प्रदर्शन पुलिस बल में जिला पुलिस बल (पुरूष)-प्रथम एवं द्वितीय स्थान पर छ.ग.सशस्त्र बल 6 वीं वाहिनी रही। इसके अलावा एनसीसी सीनियर डिवीजन (केजी कालेज, पीडी कालेज एवं आईटीआई)-प्रथम, एनसीसी सीनियर विंग (केजी कालेज, पीडी कालेज एवं आईटीआई)-द्वितीय तथा स्काउट संस्कार पब्लिक स्कूल रायगढ़ तृतीय स्थान पर रहे। ओपी जिंदल स्कूल के बैंड को विशिष्ट सहभागिता हेतु पुरस्कृत किया गया।
विभागों ने निकाली झांकी, जिला पंचायत को मिला प्रथम पुरस्कार
गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में शासकीय विभागों द्वारा झांकी का प्रदर्शन किया गया। जिसमें झांकी प्रदर्शन में जिला पंचायत रायगढ़ को प्रथम पुरस्कार मिला तो वहीं दूसरे स्थान पर नगर निगम तथा तृतीय स्थान पर स्वास्थ्य विभाग रहे। समारोह में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें रायगढ़, सहायक संचालक मत्स्य पालन रायगढ़, सहायक संचालक उद्यान रायगढ़, कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग रायगढ़, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रायगढ़, जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़, वन मंडलाधिकारी रायगढ़, उप संचालक कृषि विभाग रायगढ़, पुलिस विभाग रायगढ़, यातायात तथा लाइवलीहुड कालेज रायगढ़ द्वारा भी झांकियां प्रस्तुत की गई।
अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
परेड कमांडर-रक्षित निरीक्षक अमित सिंह एवं सेकेण्ड इन कमांड-उप निरीक्षक गेंदलाल साहू को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह पुलिस अधीक्षक कार्यालय से फिलमोन लकड़ा, देवकुमारी भारती, श्यामा सिदार, संताप कुमारी, विरेन्द्र तिर्की, धनेश्वर उरांव, मुकेश यादव, साबिल चन्द्रा, मनोज पटनायक एवं विकास प्रधान शामिल है। इसी तरह कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कार्यालय से श्री युवराज थवाईत, दयाराम सिदार, सूरज चन्द्रा, वनमंडल रायगढ़ से गोवर्धन पटेल, विजय कुमार दीक्षित, बोधराम पाण्डेय, दयानंद प्रधान, उद्यानिकी विभाग से दिलीप सिंह आर्मो, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से आकांक्षा पाणीग्राही, हिमांशु कुमार सोनी, सहकारिता विभाग से रोशन लाल चन्द्राकर, आदिवासी विकास विभाग से दिनेश कुमार ठेठवार, ऑसिफ खान, खाद्य शाखा से चुड़ामणी सिदार, अविनाश कुमार तिवारी, शिक्षा अधिकारी कार्यालय से विजेन्द्र चौहान, हरिशंकर बरेठ, विक्रम सोनी, जिला कोषालय से धनसिंह सिदार, सैनिक कल्याण कार्यालय से मित्रशील सागर, नगर पालिक निगम रायगढ़ से विजय कुमार तिवारी, त्रिलोक चन्द्र शर्मा, महेश कुमार यादव, अशोक कुमार सिंह, अर्चना, आकाश मेघ, दाताराम यादव, सुश्री सरिता गात्रे, महिला एवं बाल विकास विभाग से चन्द्रप्रभा ठेठवार, दुशिला यादव, स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से रंजना पैकरा, डॉ.राजेश मिश्रा, अतीत राव, विनोद गुप्ता, एसडीएम कार्यालय रायगढ़ से फबियानुस तिग्गा, भरत सिंह ठाकुर, प्रदीप कुमार महाणा, एसडीएम कार्यालय खरसिया से दीपक देवांगन, लालू गबेल, तहसील कार्यालय पुसौर से सुश्री निकिता सिंह ठाकुर, नूतन पैकरा, लता साहू, निर्वाचन कार्यालय रायगढ़ से फकीर मोहन षड़ंगी, श्रम विभाग से सोनम रवानी, जय प्रकाश भगत, जनपद पंचायत कार्यालय रायगढ़ से रसिक चौहान, हिराला चौधरी, कृषि विभाग से बोधराम सतनामी, रहस राम राठिया, क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय से सतीश कुमार पटेल, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा से प्रमोद कुमार पटेल, लोक निर्माण विभाग से धु्रव कुमार प्रधान, नारायण प्रसाद पंकज, मत्स्य विभाग से चैतराम सूर्यवंशी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से शिवम गबेल, प्रिंस कांटे, आर्यन केशरवानी, अभिनव सतपथी, छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल कार्पोरेशन लिमिटेड से सूर्यकांत शुक्ला, सुनील कुमार देवांगन, जिला पंचायत रायगढ़ से शेख शाहीद, कपिल नायक, बद्रीनाथ पटेल, राजकुमार खुंटे, गोपाल प्रसाद सिदार, प्रामीश विश्वाल, डमरूधर जायसवाल, डमरूधर पटेल, संतोष सिदार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
रुसेन कुमार रायगढ़ महापौर के लिए आम आदमी पार्टी के उम्मीद्वार
रायगढ़ । आम आदमी पार्टी (आप) ने रुसेन कुमार को रायगढ़ नगर निगम के महापौर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह घोषणा पार्टी के छत्तीसगढ़ राज्य नेतृत्व और शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व द्वारा की गई।
रुसेन कुमार ने पार्टी नेतृत्व के इस निर्णय पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी के रायगढ़ जिला, छत्तीसगढ़ राज्य एवं केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करता हूँ। यह हमारे लिए गर्व का विषय है। रायगढ़ को एक बेहतर, स्वच्छ और विकासशील शहर बनाने का मेरा सपना है, और इसे साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करूँगा।"
रुसेन कुमार ने पूरे रायगढ़ शहर वासियों एवं सम्मानीय नागरिकों से सहयोग, समर्थन और आशीर्वाद की अपील की है। रुसेन कुमार को पार्टी के प्रतीक चिन्ह झाडू के निशान पर जनता अपना समर्थन देगी।
रुसेन कुमार ने अपने सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों को लेकर राष्ट्रीय पहचान बनाई है। राजनीति में आने से रायगढ़ में अलग ही उत्साह का माहौल है।
रायगढ़ को बेहतर शहर बनाने का संकल्प
रुसेन कुमार ने रायगढ़ नगर की आम समस्याओं को दूर करने और नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने का संकल्प लेते हुए शहर प्रबंधन क्षेत्र में आने का फैसला लिया है । उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता स्वच्छता, बेहतर बुनियादी ढाँचे और स्वच्छ एवं सुंदर शहर के लिए सेवा करनी होगी।
पार्टी के स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने इस निर्णय का स्वागत किया और विश्वास जताया कि रुसेन कुमार अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से रायगढ़ में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
रुसेन कुमार ने कहा रायगढ़ एक महान नगर है और यहाँ के लोग गुणी, बुद्धिमान और नवीनता को अपनाने के लिए जाने जाते हैं। कला संस्कृति और संस्कार यहाँ की विशेषता है। जनता के साथ मिल कर शहर को अच्छा बनाएँगे।
जनसंपर्क अभियान होगा तेज
आम आदमी पार्टी ने रुसेन कुमार की उम्मीदवारी के बाद रायगढ़ में व्यापक जनसंपर्क अभियान प्रारंभ कर दिया है। रुसेन कुमार शहरवासियों के साथ सीधा संवाद कर रहे हैं।
जनता का समर्थन माँगा
रुसेन कुमार ने रायगढ़ की जनता से समर्थन माँगते हुए कहा, "यह चुनाव सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि रायगढ़ की जनता का है। हम सब मिलकर अपने शहर को नई ऊँचाइयों पर ले जाएँगे।"
रायगढ़ में आम आदमी पार्टी की बढ़ती पकड़
आम आदमी पार्टी के इस फैसले से रायगढ़ में पार्टी की स्थिति और मजबूत हुई है। रुसेन कुमार की छवि एक सक्रिय और सामाजिक नेता की है, जो पार्टी के अभियान को गति देने में सहायक होगी।
अधिकारी-कर्मचारियों ने ली मतदाता शपथ
रायगढ़ । कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मतदाता शपथ लिए। सभी ने शपथ किया कि हम, भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें। इस अवसर पर ज्वाइंट कलेक्टर राकेश कुमार गोलछा, जिला कोषालय अधिकारी ज्योति सिंह, जिला अल्प बचत अधिकारी जगजीवन राम जांगड़े, कार्यालय अधीक्षक सतीश कुमार सिन्हा, सहायक अधीक्षक राजेश मेहरा सहित जिला कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में हुआ गणतंत्र दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने तैयारियों का लिया जायजा
रायगढ़ । शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह होगा। समारोह से पूर्व 24 जनवरी को कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल की मौजूदगी में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। जो सुबह 9 बजे प्रारंभ हुआ। सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने मुख्य अतिथि की भूमिका का निर्वाह कर झंडा फहराया व परेड की सलामी ली। परेड निरीक्षण के बाद मार्च पास्ट हुआ। अंत में स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां हुई।
समारोह में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 6वीं बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, नगर सेना महिला एवं पुरूष बल, एनसीसी कैडेट की टुकडिय़ों, स्काउट गाइड द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। समारोह में मार्च पास्ट का हिस्सा बन रहा स्कूली बच्चों का बैंड खास आकर्षण होगा। मार्च पास्ट के बाद बैंड की विशेष प्रस्तुति होगी। तत्पश्चात स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने समारोह स्थल में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच व बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, बिजली आपूर्ति, पेयजल आदि के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उनको सौंपे गए दायित्वों के अनुसार सारी तैयारियां समय से पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, सीएसपी आकाश शुक्ला, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम रायगढ़ प्रवीण तिवारी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
ईव्हीएम प्रबंधन, रेण्डमाईजेशन तथा कमीशनिंग कार्य, नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
रायगढ़ । छ.ग.राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर द्वारा नगर पालिका निर्वाचन 2024-25 के लिए ईव्हीएम के माध्यम से महापौर, अध्यक्ष एवं पार्षद पद का निर्वाचन कराया जाना है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में ईव्हीएम का प्रबंधन एवं रेण्डमाइजेशन तथा कमीशनिंग सहित समस्त कार्य हेतु डिप्टी कलेक्टर रायगढ़ रेखा चन्द्रा को नोडल अधिकारी ईव्हीएम तथा राजस्व निरीक्षक नजूल रायगढ़ शास्त्री प्रधान को सहायक नोडल ईव्हीएम नियुक्त किया गया है।