छत्तीसगढ़ / रायपुर
सरगुजा जिला वुडबॉल संघ के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, जीते सिल्वर मेडल
रायपुर, 28 फरवरी 2026
भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में सरगुजा जिला वुडबॉल संघ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया। संघ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीप सिन्हा एवं साक्षी कुमारी ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मिक्स डबल इवेंट में शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
राष्ट्रीय कोच श्री राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि स्ट्रोक इवेंट मिक्स डबल इवेंट में संदीप सिन्हा और साक्षी कुमारी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर सरगुजा को गौरवान्वित किया है। विगत कई वर्षों से सरगुजा के खिलाड़ी वुडबॉल प्रतियोगिताओं में निरंतर पदक जीतते आ रहे हैं, जो संघ की नियमित प्रशिक्षण व्यवस्था और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। दोनों खिलाड़ी के.आर. टेक्निकल कॉलेज में अध्ययनरत हैं।
प्रतियोगिता में प्रीतम जायसवाल, प्रियांशु कुशवाहा, दीपक, निखिल गुप्ता एवं निशांत भगत तथा महिला वर्ग में अंजिल प्रीति टोप्पो, स्नेहा जायसवाल, श्रीजल जायसवाल, मोनालिसा तिग्गा एवं उर्मिला एक्का ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करने वाले सरगुजा के राष्ट्रीय रेफरी श्री रजत सिंह एवं श्री आकाश दुबे को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया।
जगदलपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा हुए शामिल
उप मुख्यमंत्री ने विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान शुरुआत करने की घोषणा
शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय द्वारा विज्ञान जागरूकता को बढ़ावा देने भव्य आयोजन
रायपुर, 28 फरवरी 2026

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह समारोह शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वाधान में कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार, शोध एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वैज्ञानिकों के योगदान को याद करने और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर है। नवजवान साथी ही अब सारथी हैं विज्ञान के सारे अभियान में शामिल हो। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए नवाचार और शोध की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्व और भारत के प्रारंभिक वैज्ञानिकों की तत्कालीन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में माता- बहनों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाए, अनुसंधान करने वाले युवा वैज्ञानिकों का नाम वैज्ञानिक ग्रंथों में उल्लेख हो। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने सहित युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान शुरुआत करने की घोषणा की। जिसमें युवा वैज्ञानिकों को देश के प्रमुख वैज्ञानिकों के जन्म स्थलों का अध्ययन भ्रमण करवाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने दण्डकारण्य आमचो बस्तर विज्ञान महोत्सव का विमोचन किया। विज्ञान महोत्सव की गतिविधि मार्च से सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें सोझ - गोठ (छात्र और वैज्ञानिक वार्ता), जोहार प्रकृती (ग्राम समिति कार्यशाला), बस्तर अनुसंधान (बस्तर लोक विज्ञान सम्मेलन), लोक - वैद्य सभा (पारंपरिक वैद्य विज्ञान अध्ययन अनुसंधान व कार्यशाला) और विकास यात्रा(प्रबुद्ध जनों की गोलमेज संगोष्ठी) का आयोजन किया जाएगा ।
इस अवसर पर भोपाल, रायपुर से पहुँचे विभिन्न वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवीनतम आयामों पर प्रकाश डाला। समारोह का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक चेतना का प्रसार करना और समाज में विज्ञान के महत्व को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ प्रशांत कवीश्वर, सीएसआईआर भोपाल के निदेशक डॉ थल्लाडा भास्कर, विज्ञान भारती के श्री विवस्वान, बस्तर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव ने भी विचार रखे । कार्यक्रम में सांसद श्री महेश कश्यप, विधायक श्री किरण सिंह देव, महापौर श्री संजय पांडेय, गणमान्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
डिप्टी सीएम शर्मा ने की विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान शुरू करने की घोषणा
जगदलपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह में शामिल हुए
रायपुर । राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह समारोह शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वाधान में कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार, शोध एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वैज्ञानिकों के योगदान को याद करने और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर है। नवजवान साथी ही अब सारथी हैं विज्ञान के सारे अभियान में शामिल हो। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए नवाचार और शोध की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्व और भारत के प्रारंभिक वैज्ञानिकों की तत्कालीन परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में माता- बहनों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाए, अनुसंधान करने वाले युवा वैज्ञानिकों का नाम वैज्ञानिक ग्रंथों में उल्लेख हो। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने सहित युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान शुरुआत करने की घोषणा की। जिसमें युवा वैज्ञानिकों को देश के प्रमुख वैज्ञानिकों के जन्म स्थलों का अध्ययन भ्रमण करवाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने दण्डकारण्य आमचो बस्तर विज्ञान महोत्सव का विमोचन किया। विज्ञान महोत्सव की गतिविधि मार्च से सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें सोझ-गोठ (छात्र और वैज्ञानिक वार्ता), जोहार प्रकृती (ग्राम समिति कार्यशाला), बस्तर अनुसंधान (बस्तर लोक विज्ञान सम्मेलन), लोक - वैद्य सभा (पारंपरिक वैद्य विज्ञान अध्ययन अनुसंधान व कार्यशाला) और विकास यात्रा(प्रबुद्ध जनों की गोलमेज संगोष्ठी) का आयोजन किया जाएगा ।
इस अवसर पर भोपाल, रायपुर से पहुँचे विभिन्न वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवीनतम आयामों पर प्रकाश डाला। समारोह का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक चेतना का प्रसार करना और समाज में विज्ञान के महत्व को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ प्रशांत कवीश्वर, सीएसआईआर भोपाल के निदेशक डॉ थल्लाडा भास्कर, विज्ञान भारती के विवस्वान, बस्तर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव ने भी विचार रखे । कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय, गणमान्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
काशीराम बने ऊर्जादाता, 3 किलोवाट सोलर प्लांट से बिजली बिल शून्य
रायपुर, 28 फरवरी 2026
शासन की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर खैरागढ़,छुईखदान, गंडई जिले के नागरिक अब बिजली बिल के बोझ से मुक्त हो रहे हैं। इतना ही नहीं, वे अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे ग्रिड में भेजते हुए “ऊर्जादाता” के रूप में नई पहचान भी बना रहे हैं।
केसीजी जिले के ग्राम टेकापार कला निवासी श्री काशीराम श्रीवास ने इस योजना का लाभ लेते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। सोलर पैनल लगने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार से प्राप्त सब्सिडी के कारण सोलर प्लांट लगवाना पहले की अपेक्षा काफी सरल हो गया है।
3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपये, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस अनुदान के चलते आम नागरिक भी अब आसानी से सौर ऊर्जा को अपना रहे हैं।
श्री श्रीवास ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनका मासिक बिजली बिल 1000 से 1500 रुपये के बीच आता था, लेकिन अब जनवरी माह का बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने कहा, “पहले हम बिजली के उपभोक्ता थे, अब योजना का लाभ लेकर ऊर्जादाता बन गए हैं।” जनवरी माह में उन्होंने 240 यूनिट बिजली का ग्रिड में एक्सपोर्ट भी किया है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से न केवल आर्थिक बचत हो रही है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रदूषणमुक्त वातावरण भी तैयार हो रहा है। पारंपरिक बिजली उत्पादन से होने वाले प्रदूषण और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन की तुलना में सौर ऊर्जा पूरी तरह स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी है। श्री श्रीवास अन्य नागरिकों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
सट्टा और पेमेंट गेटवे चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, रायपुर-गोवा से 7 गिरफ्तार
रायपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और पेमेंट गेट-वे पैनल संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने रायपुर और गोवा से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर थाना की संयुक्त टीम ने की।
पूरे ऑपरेशन की सतत मॉनिटरिंग स्मृतिक राजनाला (पुलिस उपायुक्त, क्राइम एवं साइबर) और संदीप पटेल (पुलिस उपायुक्त, वेस्ट जोन) द्वारा की जा रही थी।
ऐसे चला रहा था गिरोह नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर सट्टा खिलाने के साथ-साथ पेमेंट गेट-वे पैनल भी संचालित कर रहे थे। हार-जीत की रकम डिपॉजिट और विड्रॉल कराने के लिए अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप संचालित किए जा रहे थे।
जांच में सामने आया कि गिरोह ने करीब 431 म्यूल बैंक खातों का उपयोग किया। सट्टे से अर्जित रकम को क्रिप्टो करेंसी/यूएसडीटी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पैनल संचालकों तक पहुंचाया जा रहा था। अब तक की जांच में 46,500 यूएसडीटी (करीब 42 लाख रुपये) ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई है।
दुबई कनेक्शन और गोवा में ऑफिस
गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रतीक कुमार वीधवानी और सैन्की देवड़ा हाल ही में दुबई से लौटे थे और रायपुर में गेट-वे ऑपरेशन संभाल रहे थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने गोवा में रेड कार्रवाई की, जहां किराए के मकान में ऑफिस सेटअप कर गेट-वे पैनल संचालित किया जा रहा था। गोवा से 5 और रायपुर से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। करोड़ों के ट्रांजैक्शन, भारी सामान भी जब्त हुआ है।
आरोपियों के कब्जे से 5 लैपटॉप, 1 टैब, 58 मोबाइल फोन/आईफोन, 12 एटीएम कार्ड, 3 राउटर, 4 पासबुक, एक कार और नगद ₹24,600 जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती लगभग ₹22.14 लाख की आंकी गई है। जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन की जानकारी भी मिली है। 53 मोबाइल फोन विभिन्न बैंक खातों से लिंक पाए गए हैं।
पहले भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार प्रतीक कुमार पूर्व में भी क्रिकेट सट्टा संचालन के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 89/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने संकेत दिया है कि आईडी लेकर सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान भी की जा रही है और उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट ऑनलाइन सट्टे के 5 मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹2.14 करोड़ का मशरूका जब्त कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी
01. प्रतीक कुमार वीधवानी पिता स्व. दयालचंद वीधवानी उम्र 38 साल निवासी बी 102 सांई ट्वीन्स अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
02. सैन्की देवड़ा पिता स्व. उत्तम चंद देवड़ा उम्र 39 साल निवासी ब्लॉक ए 103 सांई ट्वीन्स अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
03. धनंजय वैष्णव पिता स्व. श्याम सुंदर वैष्णव उम्र 33 साल निवासी ग्राम तुमान सड़कपारा मोहल्ला थाना उरगा जिला कोरबा।
04. साकेत जगवानी पिता राजकुमार जगवानी उम्र 26 साल निवासी जूना बिलासपुर श्याम टॉकीज के पीछे थाना कोतवाली जिला बिलासपुर।
05. प्रमोद कुमार ओरके पिता रामायण सिंह ओरके उम्र 31 साल निवासी ग्राम पंचायत रंजना थाना दीपका जिला कोरबा।
06. प्रकाश चंद्र मिरी पिता छतराम मिरी उम्र 33 साल निवासी ग्राम कुसमूल थाना डबरा जिला जांजगीर-चांपा।
07. शंकर कुमार राम पिता लोचन राम उम्र 37 साल निवासी ग्राम करणपुर थाना लीहापुर जिला मधुबनी (बिहार)।
स्कूटर से बरामद हुए 75 लाख नकद
रायपुर । एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्कूटर से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। मामले में एक युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 27 फरवरी को थाना आजाद चौक क्षेत्र के समता कॉलोनी में एमसीपी प्वाइंट लगाकर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक्टिवा (वाहन क्रमांक CG 04 NJ 8956) को रोका गया। वाहन में एक बड़ा थैला रखा हुआ था।
थैले की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में नगद राशि पाई गई। वाहन सवार युवक ने पूछताछ में अपना नाम मिलन शर्मा (25 वर्ष), पिता राधेश्याम शर्मा, निवासी समता कॉलोनी, खादुश्चाम मंदिर के सामने गली, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर बताया।
पुलिस द्वारा नगद राशि के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका और पूछताछ के दौरान टीम को गुमराह करता रहा। इसके बाद उसके कब्जे से कुल 75,00,000 रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और एक्टिवा वाहन जब्त कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में कार्रवाई की गई है। मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है, जहां अब आगे की जांच की जा रही है।
दिव्यांगजनों को आरक्षण प्रदान करने राज्य सरकार का राजपत्र जारी
रायपुर । समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को धारा 34 के तहत आरक्षण प्रदान करने के संबंध में राजपत्र प्रकाशित कर दिया है। राज्य सरकार के सभी विभागों, कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, निगमों, आयोगों और बोर्डों के विभिन्न वर्गों के पदों को दिव्यांगजनों के लिए चिन्हांकित करते हुए सूची जारी की गई है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
राजपत्र के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश (27 मार्च 2025) के तहत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समाज कल्याण विभाग के सचिव की अध्यक्षता में एक विशेषज्ञ समिति गठित की गई थी। समिति ने 23 मार्च 2026 को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों का परीक्षण कर दिव्यांगजनों के लिए उपयुक्त पदों की सूची अनुशंसित की।
इसके बाद 22 अक्टूबर 2025 के आदेश के तहत मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति के समक्ष 24 फरवरी 2026 को विशेषज्ञ समिति की अनुशंसाएं प्रस्तुत की गईं, जिन्हें अनुमोदन प्रदान किया गया। राजपत्र में स्पष्ट किया गया है कि चिन्हांकित पदों की सूची परिशिष्ट “क” के अनुसार लागू होगी।
लागू होंगे ये प्रमुख प्रावधान
यदि किसी पोषक वर्ग (Feeder Cadre) का पद दिव्यांगजन के लिए चिन्हांकित है, तो उसका पदोन्नत पद भी स्वमेव उसी श्रेणी में माना जाएगा।
नियुक्ति के समय राज्य मेडिकल बोर्ड द्वारा शारीरिक दक्षता जांच और दिव्यांगता प्रमाण पत्र की पुष्टि अनिवार्य होगी।
सीधी भर्ती में आरक्षण का लाभ केवल सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी दिव्यांगता प्रमाण पत्रधारी बेंचमार्क दिव्यांगजनों को ही मिलेगा।
हाई कोर्ट में याचिका के बाद हुआ प्रकाशन
दिव्यांगजनों के अधिकार अधिनियम, 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मामला छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। याचिकाकर्ता डॉ. रितेश तिवारी ने अधिवक्ता संदीप दुबे और ज्योति चंद्रवंशी के माध्यम से याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि राज्य सरकार वर्ष 2016 के नए अधिनियम के बजाय पुराने प्रावधानों के आधार पर आरक्षण दे रही है।
मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। याचिका में कहा गया है कि संसद द्वारा पारित 2016 के अधिनियम में 17 श्रेणियों को शामिल किया गया है, जबकि राज्य में पूर्व अधिनियम के तहत सीमित श्रेणियों को ही लाभ दिया जा रहा था।
याचिकाकर्ता की ओर से यह भी तर्क दिया गया कि नई श्रेणियों के अनुसार पद चिन्हांकन और आरक्षण लागू नहीं करने से दिव्यांगजनों को नुकसान हो रहा है। अब राज्य सरकार द्वारा राजपत्र जारी किए जाने को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
काशीराम बने ऊर्जादाता, 3 किलोवाट सोलर प्लांट से बिजली बिल शून्य
रायपुर, 28 फरवरी 2026
शासन की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर खैरागढ़,छुईखदान, गंडई जिले के नागरिक अब बिजली बिल के बोझ से मुक्त हो रहे हैं। इतना ही नहीं, वे अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे ग्रिड में भेजते हुए “ऊर्जादाता” के रूप में नई पहचान भी बना रहे हैं।
केसीजी जिले के ग्राम टेकापार कला निवासी श्री काशीराम श्रीवास ने इस योजना का लाभ लेते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। सोलर पैनल लगने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार से प्राप्त सब्सिडी के कारण सोलर प्लांट लगवाना पहले की अपेक्षा काफी सरल हो गया है।
3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार द्वारा 30 हजार रुपये, कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस अनुदान के चलते आम नागरिक भी अब आसानी से सौर ऊर्जा को अपना रहे हैं।
श्री श्रीवास ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनका मासिक बिजली बिल 1000 से 1500 रुपये के बीच आता था, लेकिन अब जनवरी माह का बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने कहा, “पहले हम बिजली के उपभोक्ता थे, अब योजना का लाभ लेकर ऊर्जादाता बन गए हैं।” जनवरी माह में उन्होंने 240 यूनिट बिजली का ग्रिड में एक्सपोर्ट भी किया है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से न केवल आर्थिक बचत हो रही है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रदूषणमुक्त वातावरण भी तैयार हो रहा है। पारंपरिक बिजली उत्पादन से होने वाले प्रदूषण और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन की तुलना में सौर ऊर्जा पूरी तरह स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी है। श्री श्रीवास अन्य नागरिकों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
ग्राफ्टेड बैगन से 16 लाख रूपए की आमदनी
उन्नत तकनीक से खेती कर किसान चिंतामणी ने बढ़ाई अपनी आमदनी
रायपुर , 28 फरवरी 2026

किसान वैज्ञानिक पद्धति, उन्नत बीज और सही मार्गदर्शन के साथ खेती करें, तो कम भूमि में भी अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ प्राप्त किया जा सकता है। इसी कड़ी में मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम करही के किसान चिंतामणि बंजारे ने नवाचार और आधुनिक तकनीक को अपनाकर खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाया है। उन्होंने परंपरागत सब्जी खेती से आगे बढ़ते हुए उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में 10 एकड़ क्षेत्र में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती कर लगभग 1100 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ। इस उत्पादन से उन्हें करीब 16 लाख रुपये की आमदनी हुई है।
कृषक चिंतामणी ने बताया कि सामान्य फसल की तुलना में ग्राफ्टेड बैगन में लागत अपेक्षाकृत कम आती है, जबकि उत्पादन अधिक मिलता है, परिणामस्वरूप आय दो से तीन गुना तक बढ़ जाती है। ग्राफ्टेड बैंगन की विशेषता इसकी मजबूत जड़ प्रणाली, रोग प्रतिरोधक क्षमता और अधिक उत्पादन है। पहले वे सामान्य सब्जियों की खेती करते थे, जिसमें लाभ सीमित और जोखिम अधिक था। किंतु उद्यान विभाग के प्रोत्साहन, तकनीकी सलाह और उन्नत पौध सामग्री के उपयोग ने उनकी खेती की दिशा ही बदल दी। उचित सिंचाई प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग और नियमित देखभाल से फसल की गुणवत्ता बेहतर रही, जिससे बाजार में उन्हें अच्छा मूल्य प्राप्त हुआ। आज वे आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं, बल्कि अन्य किसानों को भी उन्नत तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ग्राफ्टेड बैंगन की खेती ने उनके परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ गांव में आधुनिक कृषि की नई सोच को भी प्रोत्साहित किया है।
राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना: मजबूत हुई आजीविका की राह
जल संरक्षण के साथ ही ग्रामीण आजीविका संवर्धन का प्रभावी माध्यम
रायपुर, 28 फरवरी 2026

जिले के विकासखण्ड लोरमी अंतर्गत ग्राम पंचायत औराबांधा में एक छोटी-सी पहल ने ग्रामीण आजीविका को नई दिशा दी है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत हितग्राही किसान किशन सिंह के खेत में निर्मित “आजीविका डबरी” आज जल संरक्षण, सिंचाई और मछली पालन का सशक्त माध्यम बन चुकी है। हितग्राही किशन सिंह ने बताया कि पहले सिंचाई के लिए पानी की कमी बनी रहती थी, लेकिन अब डबरी बनने से खेत में वर्षभर पानी उपलब्ध रहेगा और मछली पालन से आय भी बढ़ेगी।
जिले में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में आजीविका डबरी न केवल जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ग्रामीण आजीविका संवर्धन का भी प्रभावी माध्यम बन रहा है। योजना के तहत स्वीकृत 1.94 लाख रुपये की लागत से इस डबरी का निर्माण कराया गया। कार्य के दौरान कुल 792 मानव दिवस सृजित किए गए, जिससे स्थानीय मजदूरों को गांव में ही रोजगार मिला और पलायन में कमी आई। निर्मित डबरी अब खेतों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। वर्षा जल संचयन और भू-जल रिचार्ज के माध्यम से सिंचाई सुविधा सुनिश्चित हुई है, जिससे खरीफ और रबी दोनों मौसमों में फसल उत्पादन की संभावना बढ़ी है। पहले जहां पानी की कमी के कारण फसल प्रभावित होती थी, वहीं अब किसान आत्मविश्वास के साथ बहुफसली खेती की ओर अग्रसर है।
साथ ही, डबरी में मछली पालन की योजना से अतिरिक्त आय का स्थायी स्रोत विकसित हो रहा है, जो परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना रहा है। जिले में आजीविका संवर्धन की दृष्टि से आजीविका डबरी निर्माण की अभिनव पहल व्यापक स्तर पर क्रियान्वित की जा रही है। वर्ष 2025-26 हेतु कुल 285 डबरी निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 218 कार्य प्रारंभ हो चुके हैं और 20 पूर्ण किए जा चुके हैं। शेष कार्यों को मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। यह पहल जल संरक्षण के साथ-साथ कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को एकीकृत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को स्थायित्व प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कोरबा में 28 फ़रवरी को सजेगा ’कृषक उन्नति योजना’ का मंच, किसानों को मिलेगी सौगात
रायपुर , 27 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ’कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत किसानों को आदान सहायता राशि वितरण हेतु, शनिवार 28 फरवरी को कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल मैदान में एक विशाल जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन करेंगे।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
जिला प्रशासन कोरबा द्वारा आयोजित इस गरिमामयी समारोह की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार सुबह 11ः00 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले भर के हजारों किसान शामिल होंगे, जिन्हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता राशि का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत उपस्थित रहेंगी। साथ ही गरिमामयी उपस्थिति के रूप में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, और कृषि स्थाई समिति की सभापति श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि मंच साझा करेंगे।
किसानों को संबल देने की तैयारी
कृषक उन्नति योजना का मुख्य उद्देश्य खेती-किसानी को लाभ का धंधा बनाना और अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं और क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन स्थल पर पहुँचने की अपील की है।
होली पर्व से पहले बस्तर जिले के किसानों को 205.95 करोड़ रुपए होंगे जारी
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जगदलपुर में वृहद किसान सम्मेलन में होंगे शामिल
रायपुर, 27 फरवरी 2026
अन्नदाताओं के लिए इस वर्ष की होली बेहद खास और खुशियों भरी होने जा रही है। आगामी 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली के पावन पर्व से ठीक पहले प्रदेश सरकार कृषक उन्नति योजना के माध्यम से बस्तर जिले के किसानों की झोली खुशियों से भरने जा रही है। शनिवार 28 फरवरी को जगदलपुर के वीर सावरकर भवन में आयोजित होने वाले वृहद किसान सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं बस्तर के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा की उपस्थिति में बस्तर जिले के 40,667 किसानों को 205.95 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि का वितरण किया जाएगा। त्यौहार से ठीक पहले मिल रही इस बड़ी राशि से बस्तर के ग्रामीण अंचलों में होली का उत्साह अभी से दोगुना हो गया है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में समृद्धि की गुलाल बिखेरी जाएगी। कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण देव, चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मोटा धान पर 731 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि सीधे किसानों तक पहुँचाई जा रही है। त्यौहार के ठीक पहले मिलने वाली इस आर्थिक मजबूती से न केवल बाजारों में रौनक बढ़ेगी, बल्कि किसान अपने परिवार के साथ 4 मार्च की होली का जश्न पूरे उत्साह और उमंग के साथ मना सकेंगे।
5000 शिक्षकों की भर्ती से युवाओं को मिलेगा अवसर, शिक्षा व्यवस्था होगी और सुदृढ़ – मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर, 27 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को संभावित है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को सशक्त बनाने में योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मोटराइज्ड ट्रायसायकल से बदली समज राम साहू की जिंदगी
बैटरी चलित सुविधा ने आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया मजबूत कदम
रायपुर, 27 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में संचालित योजनाएं प्रदेशभर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। समाज कल्याण विभाग की पहल से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनका जीवन अधिक सुगम और सम्मानजनक बन सके।
कबीरधाम जिले के विकासखंड बोडला अंतर्गत ग्राम चिमांगोदी निवासी श्री समज राम साहू, जो लंबे समय से दिव्यांगता के कारण आवागमन में कठिनाइयों का सामना कर रहे थे, को बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई है। इससे पहले उन्हें गांव से शहर जाने, अस्पताल पहुंचने और दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। इस कारण न केवल समय और ऊर्जा की हानि होती थी, बल्कि आत्मविश्वास पर भी प्रभाव पड़ता था।
समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदान की गई मोटराइज्ड ट्रायसायकल ने उनके जीवन में नई ऊर्जा का संचार किया है। अब वे बाजार, अस्पताल और शासकीय कार्यालयों तक स्वयं पहुंच पा रहे हैं। इससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान दोनों का संबल बढ़ा है। वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता कर पा रहे हैं।
श्री समज राम साहू ने इस सहायता के लिए छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रायसायकल उनके लिए स्वतंत्रता का माध्यम बनी है और जीवन को नई दिशा देने वाली साबित हुई है।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रदेशभर में पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा रहा है तथा आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शासन का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानपूर्ण जीवन प्रदान करना है।
’झोपड़ी से पक्के आशियाने तक- पीएम जनमन योजना से बदली रनिया बाई की जिंदगी’
’संघर्ष भरे जीवन को मिला सम्मान और सुरक्षा का संबल’
रायपुर, 27 फरवरी 2026
कभी भिक्षाटन और दिहाड़ी मजदूरी से जीवन यापन करने वाली श्रीमती रनिया बाई के परिवार के लिए हर दिन एक नई चुनौती लेकर आता था। कोरिया जिला के बैकुण्ठपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़तर में रहने वाला यह परिवार कच्ची झोपड़ी में मौसम की मार झेलते हुए जीवन गुजार रहा था। पति अवतार साय के साथ रनिया बाई को जब महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत अकुशल श्रम में रोजगार मिलने लगा, तब कुछ राहत मिली, लेकिन स्थायी आवास का सपना अब भी दूर था।
परिस्थितियां तब बदलीं जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी पहल पर संचालित ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना‘ के अंतर्गत उन्हें पक्के मकान के लिए सहायता स्वीकृत हुई। ग्राम पंचायत के सहयोग और अपनी मेहनत से उन्होंने नया पक्का घर बनाया। अब उनके पास सुरक्षित आवास और शौचालय की सुविधा है। रनिया बाई बताती हैं कि बरसात की रातें अब चिंता में नहीं, सुकून में गुजरती हैं। बच्चों के भविष्य को लेकर भी मन में विश्वास जागा है। सिर्फ आवास ही नहीं, बल्कि अंत्योदय राशन कार्ड से नियमित खाद्यान्न और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा ने उनके जीवन को स्थिरता दी है। साथ ही राष्ट्रीय पेंशन योजना का लाभ भी मिल रहा है।
शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिलने से एक निराश्रित परिवार की जिंदगी में आशा, सुरक्षा और आत्मविश्वास का नया अध्याय जुड़ गया है।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को लेकर राज्यभर में तेज होगा अभियान : श्री लोकेश कावड़िया
योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, प्रशिक्षण व स्वरोजगार को रोजगार से जोड़ने के निर्देश
रायपुर, 27 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया ने कहा है कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों तक सभी कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम और समयबद्ध लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
अध्यक्ष श्री कावड़िया ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सीधे रोजगार एवं आय सृजन से जोड़ा जाए, ताकि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने तथा अधिकाधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में यूडीआई डी कार्ड निर्माण, ऋण प्रकरणों की स्वीकृति, सहायक उपकरण वितरण तथा स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि नियमित शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
प्रवास के दौरान श्री कावडिया ने विशेष विद्यालयों, दिव्यांग संस्थाओं एवं छात्रावासों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बच्चों एवं प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिक्षा, कौशल विकास तथा पुनर्वास सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
श्री कावड़िया ने कहा कि राज्य स्तर पर योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी पात्र दिव्यांगजन को लाभ से वंचित न रहना पड़े और सशक्त, आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
पीएम जनमन योजना से पीवीटीजी बस्तियों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से घर के समीप जांच एवं उपचार सुविधा
रायपुर, 27 फरवरी 2026

दूरस्थ वनांचल और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में बसे विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।
बलरामपुर रामानुजगंज जिले में विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चार मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित की जा रही हैं। इन यूनिटों के माध्यम से विकासखण्ड बलरामपुर, राजपुर, कुसमी और शंकरगढ़ के सुदूर पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सीधे गांव और बसाहटों तक पहुंचाई जा रही हैं। अब ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए कई किलोमीटर दूर स्वास्थ्य केंद्रों की ओर नहीं जाना पड़ता, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं स्वयं उनके घर के समीप पहुंच रही हैं। मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन जैसे आवश्यक लैब टेस्ट किए जाते हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को आगे के उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर भी किया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा बुजुर्गों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 235 बसाहटों में 87 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में कुल 3,678 हितग्राहियों को स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित किया गया है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। पहले जहां ग्रामीण सामान्य बुखार या संक्रमण को नजरअंदाज कर देते थे या बैगा गुनिया का सहारा लेते थे, लेकिन अब वे नियमित जांच और परामर्श के महत्व को समझने लगे हैं। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने से विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि जिले में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में मोबाइल मेडिकल यूनिट का सुव्यवस्थित संचालन किया जा रहा है। नियमित मॉनिटरिंग, तय रूट चार्ट और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बसाहटों में स्वास्थ्य सेवायें सुनिश्चित की जा रही है। पीएम जनमन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार निश्चित ही विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर में दीर्घकालिक सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में सशक्त प्रयास सिद्ध हो रहा है।