छत्तीसगढ़ / रायपुर
पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक मार्ग के लिए 40.79 करोड़ स्वीकृत
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति के संबंध में जारी किया परिपत्र
रायपुर, 27 फरवरी 2026
राज्य शासन ने बिलासपुर में पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक मार्ग के लिए 40 करोड़ 79 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि से 15.38 किमी सड़क का मजबूतीकरण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से आज राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी कर दिया है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा समय-सीमा में करने, निर्माण कार्य प्राक्कलन व कार्य संपादित करने में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा में काम पूर्ण किया जाना सुनिश्चित कराने को कहा है।
कार्य पूर्ण किये जाने के लिए अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि नहीं किए जाने के भी निर्देश विभाग ने दिए हैं। अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर मान्य कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।
स्व सहायता समूह द्वारा 'आशा बिहान बाजार' की शुरुआत
लखपति महिला पहल के अंतर्गत बिहान की महिलाओं का नवाचार
रायपुर, 27 फरवरी 2026


राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एक प्रमुख गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHGs) के माध्यम से ग्रामीण, विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाना, वित्तीय सहायता प्रदान करना, और स्थायी आजीविका के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है।
छत्तीसगढ़ शासन की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत संचालित लखपति महिला पहल के तहत सरगुजा जिले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा नवाचार करते हुए “आशा बिहान बाजार” की शुरुआत की गई है, जिससे अब ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को सीधे बाजार मिल सकेगा।
जिले के अम्बिकापुर विकासखण्ड अंतर्गत किशुनगर की स्व-सहायता समूह से जुड़ी श्रीमती आशा रवि ने “आशा बिहान बाजार” की शुरुआत कर महिला स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बिहान से प्राप्त आर्थिक सहयोग के माध्यम से अब वे समूह से जुड़ी विभिन्न महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों का संगठित एवं सुव्यवस्थित विक्रय कर सकेंगी।

बाजार की समस्या का नवाचारी समाधान
शुद्ध सरसों तेल, मल्टीग्रेन आटा, अचार और अन्य हस्तशिल्प—को उचित बाजार न मिल पाने के कारण विक्रय में कठिनाई होती थी। आशा रवि ने इस चुनौती को अवसर में बदलते हुए बिहान योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता से स्वयं का बाजार स्थापित किया है। अम्बिकापुर के भट्ठी रोड में फूडपार्क के सामने स्थित आशा बिहान बाजार में महिलाओं द्वारा नर्मित नेचुरल प्रोडक्ट उपलब्ध होंगे।
वित्तीय प्रोत्साहन से मिली नई उड़ान
‘लखपति महिला पहल’ के अंतर्गत आशा रवि को कुल 10 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि में से प्रथम किश्त के रूप में 5 लाख रुपये प्रदाय किए जा चुके हैं, जिसका उपयोग कर उन्होंने इस बाजार की नींव रखी। अब इस केंद्र के माध्यम से आसपास के समूहों के उत्पादों का आसानी से विक्रय हो सकेगा, जिससे सैकड़ों महिलाओं की आय में वृद्धि होगी।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
“आशा बिहान बाजार” का उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं के इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बिहान योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किया गया यह प्रयास “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को साकार करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया एवं महत्वपूर्ण आयाम सिद्ध होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से बदली भुइरी बाई की जिंदगी
कच्चे झोपड़े से पक्के मकान तक शासन की योजनाओं से मिला सम्मानपूर्ण जीवन
रायपुर, 27 फरवरी 2026
शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन ला रही हैं। जिले की हितग्राही भुइरी बाई पति कांशीराम कभी कच्चे मकान में कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही थीं, लेकिन आज प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बने पक्के घर में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं।
कच्चे घर की तकलीफों से मिली मुक्ति
सरगुजा जिला के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंवरपुर की हितग्राही भुइरी बाई पति कांशीराम बताती हैं कि पहले वे कच्चे घर में रहती थीं, जहां हर मौसम में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश में पानी टपकता था, दीवारें कमजोर थीं और दैनिक जीवन की सामान्य गतिविधियां भी कठिन हो जाती थीं। ऐसे में पक्के घर का सपना उनके लिए बहुत बड़ा था, जो संसाधनों के अभाव में अधूरा ही लग रहा था।
संघर्ष के बीच पक्की छत का संबल
भुईरी बाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उनके पति काशीराम के नाम स्वीकृत हुआ था। उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर पक्का घर बनाने का निर्णय लिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, घर निर्माण के दौरान उनके पति का निधन हो गया, किंतु शासन की सहायता से बना यह पक्का आवास आज उनके जीवन का सहारा बना हुआ है। वे उसी घर में सुरक्षित रूप से निवास कर रही हैं।
शासन की योजनाओं से बदली तस्वीर
भुइरी बाई ने बताया कि यदि शासन की आर्थिक सहायता नहीं मिलती, तो वे कभी भी पक्का मकान नहीं बना पातीं। आज उन्हें न केवल मजबूत और सुरक्षित आवास मिला है, बल्कि अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हो रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत उन्हें नियमित रूप से चावल, दाल एवं शक्कर मिल रही है, जिससे खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन मिलने से अब वे धुएं से मुक्त वातावरण में भोजन बनाती हैं, जिससे स्वास्थ्य और सुविधा दोनों में सुधार हुआ है।
सुशासन का जीवंत उदाहरण
भुईरी बाई भावुक होकर बताती हैं कि अब उन्हें किसी प्रकार की चिंता नहीं है। पक्के घर में आराम और सुरक्षित जीवन जीना संभव हो पाया है। उन्होंने ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन ने उनका पक्का मकान का सपना पूरा किया है और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है।
सरगुजा जिला प्रशासन द्वारा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित आवास, खाद्य सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिससे समाज के हर वर्ग का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त संकल्प है सिटी गैस परियोजना : मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सिटी गैस अवसंरचना का किया शुभारंभ
हरित छत्तीसगढ़, स्मार्ट छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा कदम
मेट्रो शहरों की तरह डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को मिलेगी गैस
रायपुर, 27 फरवरी 2026


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सीएनजी युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता श्रीमती पूनम चौबे से संवाद कर घरेलू उपयोग में पाइपलाइन गैस की सुविधा के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इन वर्षों में प्रदेश ने विकास के अनेक आयाम स्थापित किए हैं। सिटी गैस अवसंरचना परियोजना इस विकास यात्रा में एक नई उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल नई सुविधा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में प्रदेश का सशक्त संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन से गैस उपलब्ध होगी। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को रिफिलिंग की झंझट से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सस्ती और सुलभ ऊर्जा मिलने से उद्योग क्षेत्र को भी गति मिलेगी तथा प्रदेश में निवेश की संभावनाएं सशक्त होंगी।
मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि वे रायपुर सहित बलौदाबाजार और गरियाबंद जिले में शीघ्र ही सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में भी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हों और प्रदेशवासियों को मेट्रो शहरों जैसी सुविधाओं का अनुभव हो। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलें, इस दिशा में सरकार ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ ईंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें और हरित, विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दें।
उल्लेखनीय है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से घरेलू उपयोग तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों हेतु पाइपलाइन द्वारा पीएनजी की आपूर्ति की जाएगी तथा वाहनों के लिए सीएनजी भी उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक श्री राहुल चोपड़ा, निदेशक श्री राजीव माथुर, अध्यक्ष श्री दीपक सावंत, श्री राकेश रंजन, गैल इंडिया के प्रतिनिधि एवं उद्योग जगत के लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दी जशपुर जिले को बड़ी सौगात
30.59 करोड़ की 9 सड़कों को मिली मंजूरी
आवागमन के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
रायपुर, 27 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को विकास की नई रफ्तार देते हुए 9 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए कुल 30 करोड़ 59 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुगम होगा, व्यापार-व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। दो वर्षों के भीतर मिली इस करोड़ों की सौगात से जिले की सड़क व्यवस्था का व्यापक कायाकल्प हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया है। जिले के ढूंड़गजोर (सरसमार) से चिढ़रापारा पत्थलगांव तक 2 किमी 1 करोड़ 96 लाख, ग्राम ढोंगादरहा से अम्बाकछार मार्ग 3 किमी 4 करोड़ 84 लाख, ग्राम पंचायत मुड़ापारा (हड्डी गोदाम मेन रोड) से घिंचापानी होते हुए पंगसुवा मार्ग 4.85 किमी 4 करोड़ 26 लाख, ग्राम कोतबा से सरईकोना होते हुए पिकपारा मार्ग 4.60 किमी 4 करोड़ 59 लाख, कांसाबेल के बटाईकला प्रेमनगर से मारचाईढोढ़ी मार्ग 2.90 किमी, 2 करोड़ 79 लाख, कांसाबेल खूंटीटोली बस्ती से चेतबा हाई स्कूल मार्ग 2 किमी 2 करोड़ 4 लाख, कांसाबेल कोरंगा से नवाटोली से भागलपुर मार्ग 2 किमी 2 करोड़ 14 लाख, कुड़केल खजरी के पटेल पारा से बगई झरिया मार्ग 3.80 किमी 3 करोड़ 28 लाख, कोकिया खार से आमकानी मेन रोड तक 4 किमी 4 करोड़ 69 लाख रुपए की मंजूरी मिली है।
करोड़ों की सौगात से विकास को मिलेगी रफ्तार
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात की सुविधा बेहतर होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है, जिससे गांव-गांव में खुशहाली का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। यह स्वीकृति जशपुर जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग ने 5 सड़कों के लिए 109 करोड़ की निविदा को दी मंजूरी
बीजापुर, बलौदाबाजार और रायपुर जिले में पुल-पुलियों सहित 74 किलोमीटर सड़क का होगा निर्माण
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित समयावधि में काम पूर्ण कराने के दिए निर्देश
गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को कहा
पिनकोंडा-चेरपाल मार्ग के लिए 47.64 करोड़ की निविदा को मंजूरी, 80 पुल-पुलियों सहित बनेगी 42.56 किलोमीटर सड़क
रायपुर. 27 फरवरी 2026
राज्य शासन ने बीजापुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर जिले में 5 सड़कों के लिए 108 करोड़ 96 लाख रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। इस राशि से तीनों जिले में पुल-पुलियों सहित कुल 73.86 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित समयावधि में काम पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए मापदंडों के अनुरूप सभी सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण सुनिश्चित करने को कहा है।
लोक निर्माण विभाग ने बीजापुर जिले में 42.56 किलोमीटर लंबे पिनकोंडा से चेरपाल मार्ग के लिए 47 करोड़ 64 लाख रुपए की निविदा स्वीकृत की है। इस मार्ग में 80 पुल-पुलिया भी बनाए जाएंगे। विभाग ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 7 किलोमीटर लंबाई में पुल-पुलियों सहित रिसदा बायपास मार्ग के निर्माण के लिए 11 करोड़ 91 लाख रुपए के निविदा को मंजूरी दी है।
लोक निर्माण विभाग ने रायपुर जिले में 9 किलोमीटर लंबाई के भानसोज-बरछा-मालीडीह-खौली मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 20 करोड़ 17 लाख रुपए की निविदा स्वीकृत की है। इसमें मार्ग में पड़ने वाले पुल-पुलियों के निर्माण भी शामिल हैं। रायपुर में ग्राम चरौदा-धरसींवा में 3.20 किलोमीटर फोरलेन गौरवपथ के निर्माण के लिए 14 करोड़ 81 लाख रुपए तथा रायपुर रेलवे स्टेशन से शदाणी दरबार तक एक्सप्रेस-वे में 12.10 किलोमीटर लंबाई में डामर नवीनीकरण कार्य के लिए 14 करोड़ 43 लाख रुपए की निविदा को भी लोक निर्माण विभाग ने मंजूरी दी है।
विभाग ने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित कार्यों का संपादन और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ये कार्य किसी अन्य को सब-लेट (Sub-let) नहीं किए जाएंगे तथा कार्य संपादन के लिए पावर-ऑफ-अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। राज्य शासन द्वारा इन निविदाओं की मंजूरी इस शर्त पर दी गई है कि अनुबंध के पूर्व ठेकेदार से एडीशनल परफॉर्मेंस सिक्योरिटी (APS) की राशि की बैंक गारंटी जो संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील हो, प्राप्त कर ली जाए।
महाराटोला जलाशय और कांशीनाला व्यपवर्तन सिंचाई योजना के कार्यों के लिए 2.92 रुपए स्वीकृत
रायपुर, 27 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के अंतर्गत दो सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 2 करोड़ 92 लाख 64 हजार रुपये स्वीकृत किये गये हैं। स्वीकृत कार्यों में विकासखण्ड-छुईखदान की महाराटोला जलाशय के नहर के रिमाडलिंग एवं सी.सी. लाईनिंग कार्य के लिए 88 लाख 32 हजार रुपए स्वीकृत किए गए है। प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत रूपांकित सिंचाई क्षमता 67 हेक्टेयर के विरूद्ध 52 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति तथा बचत जल से 3 हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई सहित कुल 70 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसी तरह विकासखण्ड-छुईखदान की कांशीनाला व्यपवर्तन के शीर्ष कार्य के जीर्णोद्धार एवं नहर का लाईनिंग कार्य के लिए 2 करोड़ 4 लाख 32 हजार रुपए स्वीकृत किए गए है। प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत रूपांकित सिंचाई क्षमता 57 हेक्टेयर के विरूद्ध 27 हेक्टेयर की हो रही कमी की पूर्ति तथा बचत जल से 30 हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई कुल 87 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।
व्यावहारिक कौशल से समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में चिकित्सक निभाएंगे अग्रणी भूमिका - स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल
रायपुर में पी. जी. डिप्लोमा इन फैमिली मेडिसिन का दीक्षांत समारोह संपन्न
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डॉक्टरों को दिया प्रमाणपत्र
रायपुर, 27 फरवरी 2026

राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज, वेल्लोर द्वारा आयोजित पी. जी. डिप्लोमा इन फैमिली मेडिसिन के दीक्षांत समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने समारोह में सफलतापूर्वक डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले सभी डॉक्टरों को प्रमाणपत्र प्रदान किया।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि यह पाठ्यक्रम चिकित्सा पेशेवरों की उत्कृष्ट शिक्षा, समर्पण एवं सेवा भावना को मान्यता प्रदान करता है। फैमिली मेडिसिन की यह विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था न केवल चिकित्सकों के कौशल को सुदृढ़ करती है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संदेश में कहा कि संस्थान से प्राप्त ज्ञान और व्यावहारिक कौशल के माध्यम से ये सभी चिकित्सक समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे तथा प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान देंगे।
समारोह के दौरान डिप्लोमा प्राप्त करने वाले सभी डॉक्टरों को उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
KKPL-2026: महाकाल इलेवन और महर्षि विश्वामित्र फाइनल में
रायपुर । कान्यकुब्ज युवा मंडल द्वारा कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश स्तरीय “कान्यकुब्ज प्रीमियर लीग-2026” (KKPL) के तीसरे दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में महाकाल इलेवन लवन और महर्षि विश्वामित्र बिलासपुर ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सुभाष स्टेडियम, नलघर चौक, रायपुर में 26 फरवरी को खेले गए पहले सेमीफाइनल में महाकाल इलेवन लवन ने द्रोणाचार्य रायपुर को हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए महाकाल इलेवन ने 5 विकेट पर 187 रन बनाए। चंदन पाण्डेय ने 96 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि ईशान बाजपेयी 36 रन बनाकर नाबाद रहे। जवाब में द्रोणाचार्य रायपुर की टीम 120 रन पर सिमट गई। उत्कर्ष मिश्रा ने 16 गेंदों में 56 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
दूसरे सेमीफाइनल में चाणक्य चैलेंजर्स रायपुर ने महर्षि विश्वामित्र बिलासपुर के सामने 100 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए महर्षि विश्वामित्र बिलासपुर ने 2 विकेट खोकर 100 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। अक्षत बाजपेयी ने 19 गेंदों में 53 रन की तेज पारी खेलकर जीत की राह आसान की।
आज फाइनल मुकाबला महाकाल इलेवन लवन और महर्षि विश्वामित्र बिलासपुर के बीच दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे आशीर्वाद भवन, बैरन बाजार, रायपुर में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
आज के मैचों के दौरान समाज के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, सचिव राज कुमार दीक्षित, पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यगण के साथ कान्यकुब्ज युवा मंडल के संगम तिवारी, प्रभात पाण्डेय, लखन बाजपेयी, राघवेन्द्र पाठक, अभिषेक मिश्रा, आशीष बाजपेयी, अजय बाजपेयी और अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा गया।
चार जिलों में संशोधित गाइडलाइन दरें 27 फरवरी से लागू
रायपुर 27 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ में दिनांक 20 नवम्बर 2025 से नवीन गाइडलाइन दरें लागू की गई हैं। राज्य शासन द्वारा जिला मूल्यांकन समितियों को निर्देश जारी किए गए थे कि स्थानीय परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं के अनुसार गाइडलाइन दरों में संशोधन संबंधी प्रस्ताव केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजे जा सकते हैं।उक्त निर्देशों के अनुरूप दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा तथा बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों की जिला मूल्यांकन समितियों से संशोधित प्रस्ताव प्राप्त हुए। इन प्रस्तावों पर विचार हेतु महानिरीक्षक पंजीयन की अध्यक्षता में केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलों से प्राप्त प्रस्तावित गाइडलाइन दरों का परीक्षण कर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समग्र परीक्षण के पश्चात केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड द्वारा दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा एवं बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों की जिला मूल्यांकन समितियों से प्राप्त गाइडलाइन दरों के प्रस्तावों का अनुमोदन प्रदान किया गया।
केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड द्वारा अनुमोदित नवीन गाइडलाइन दरें उपरोक्त चारों जिलों में दिनांक 27 फरवरी 2026 से प्रभावशील होंगी। आम नागरिक एवं संबंधित हितधारक नवीन दरों की जानकारी संबंधित जिला पंजीयन कार्यालयों तथा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।अन्य जिलों की संशोधित गाइडलाइन दरें भी शीघ्र जारी की जाएंगी।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन से किसानों को संबल : उन्नत तकनीक से टमाटर खेती में बढ़ा उत्पादन और मुनाफा
रायपुर, 27 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने और केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के माध्यम से किसानों को आधुनिक बागवानी पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत टेम्पू के किसान श्री सुनील भगत ने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में टमाटर की उन्नत खेती कर सफलता हासिल की है। उन्होंने विभागीय परामर्श के बाद जीके देशी किस्म का टमाटर लगाया, जिससे प्रति एकड़ लगभग 9 टन उत्पादन प्राप्त हुआ।
किसान श्री भगत ने बताया कि वे मौसम के अनुसार सब्जी फसलों की खेती करते हैं। वर्तमान सीजन में उन्होंने लगभग 85 हजार 500 रुपये का टमाटर विक्रय किया। कुल लागत व्यय निकालने के बाद उन्हें 55 हजार 500 रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। वे अन्य विभागीय योजनाओं का भी लाभ ले रहे हैं और अब ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग जैसी उन्नत तकनीकों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
श्री सुनील भगत की सफलता से ग्राम पंचायत टेम्पू सहित आसपास के गांवों के किसान भी प्रेरित हुए हैं। कई किसान अब उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने और विभागीय योजनाओं से जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त कर सकें।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य के किसानों को न केवल आधुनिक खेती की दिशा मिल रही है, बल्कि वे आर्थिक रूप से अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर भी बन रहे हैं।
दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की गहन समीक्षा
जैविक खेती पर जोर
रायपुर, 26 फरवरी 2026
सूरजपुर जिला पंचायत सभाकक्ष में आज सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व निर्देशों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
सांसद ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए कृषि एवं संबंधित विभागों को जैविक पद्धति के लाभों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को मिट्टी परीक्षण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने की बात कही।
बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित भौतिक परीक्षण पर जोर दिया गया। सांसद ने कहा कि प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधि भी कार्यस्थल का निरीक्षण करें, ताकि सड़कों का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा हो सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में बताया गया कि 72,357 स्वीकृत आवासों में से 60,236 पूर्ण हो चुके हैं। जिला 84 प्रतिशत पूर्णता के साथ राज्य में चौथे एवं संभाग में प्रथम स्थान पर है। पिछले दो वर्षों में 34,809 स्वीकृत आवासों में से 24,420 पूर्ण किए गए हैं।
बैठक में अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, खेलो इंडिया एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य योजनाओं की भी प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
पक्का घर का सपना हुआ पूरा- जीतन राम
मेहनतकश परिवार को मिला सुरक्षित आवास
रायपुर, 26 फरवरी 2026
पहले जहां मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले जीतन राम वर्षों से कच्चे मकान में रहते थे, जिससे परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
जीतन राम बताते हैं कि जब भी वे कर्रा से 8 किलोमीटर दूर राजपुर शहर खेती-बाड़ी के लिए जाते थे वहां पक्के मकानों को देखकर उनके मन में भी अपना पक्का घर बनाने की इच्छा होती थी। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। बलरामपुर जिला के राजपुर विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्रा निवासी श्री जीतन राम प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेकर सुखमय जीवन बिता रहे हैं।
जीतन राम बताते हैं कि ग्राम पंचायत के सचिव एवं रोजगार सहायक के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिली। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद उनके नाम से आवास स्वीकृत हुआ और निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। कुछ ही समय में उनका पक्का छत वाला मकान बनकर तैयार हो गया।
पक्का मकान मिलने के बाद जीतन राम और उनका परिवार बेहद खुश है। वे बताते हैं कि उन्हें उचित मूल्य की दुकान से नियमित राशन मिल रहा है। उनकी पत्नी को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना आसान हुआ है।
जीतन राम कहते हैं कि शासन की योजनाओं से उनका जीवन बदला है, इसके लिए उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सब्सिडी से सोलर पैंनल लगाना हुआ आसान
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से कम हुआ बिजली बिल
रायपुर, 26 फरवरी 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर 60% तक या 1 लाख 8 हजार की सब्सिडी मिलती है l इस योजना के तहत घरों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान करने का लक्ष्य है, जिसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन करना होता है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए लोगों में लगातार रूझान बढ़ रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जिले के बलरामपुर जिला के राजपुर विकासखंड के चरगढ़ निवासी श्री भूखनारायण सिंह का घर जगमग हो रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्रभावित होकर श्री सिंह ने अपने घर में 3 किलोवाट का रूफटॉप सोलर पैनल लगवाया है, जिससे उनका बिजली का बिल कम हो गया है। उन्होंने बताया कि घर में बिजली के उपयोग के आधार पर पहले प्रतिमाह हजारो रूपए बिजली का बिल आता था। जो कि अब कम हो गया है।
भूख नारायण सिंह ने बताया कि रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने में लगभग 2 लाख रुपए की लागत आयी है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा 78 हजार रुपए तथा राज्य शासन द्वारा 30 हजार रुपए की सब्सिडी मिली है। इस प्रकार कुल 1 लाख 8 हजार रुपए की सब्सिडी मिली है। शेष राशि के लिए बैंक फाइनेंस की सुविधा मिली है। बैंक फाइनेंस बहुत ही आसान किस्तों में हुआ है।
श्री सिंह प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाने के लिए अन्य लोगों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी लोगों को दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना से बार-बार बिजली बंद होने की समस्या से निजात मिली है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
भाजपा युवा मोर्चा ने दी मिश्रा को संगठन की महत्वपूर्ण जवाबदारी
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री किरण सिंह देव जी भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री माननीय श्री पवन साय जी के मार्गदर्शन एवं बिलासपुर शहर जिला अध्यक्ष माननीय श्री दीपक सिंह ठाकुर जी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष माननीय श्री वैभव गुप्ता जी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री शैलेंद्र यादव एवं युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष श्री साहिल कश्यप के सहयोग से श्री अरुज मिश्रा को युवा मोर्चा दक्षिण मंडल का उपाध्यक्ष बनाया गया है
शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बने राजेश
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष माननीय किरण सिंह देव की सहमति से भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने शिक्षा से जुड़ी समस्त योजनाओं को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने शिक्षा प्रकोष्ठ की घोषणा की है जिसमें पूर्व पार्षद राजेश मिश्रा जी को बिलासपुर शिक्षा प्रकोष्ठ का जिला संयोजक बनाकर अहम जिम्मेदारी दी गई है क्योंकि शिक्षा के क्षेत्र से वे लंबे समय से जुड़े हुए हैं तथा उनके परिवार भी इस व्यवसाय से जुड़ा हुआ है 10+2 नई शिक्षा प्रणाली आने के बाद से शिक्षा प्रणाली को इतना कठिन बना दिया गया है शिक्षकों को कार्य करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है इसको सरलीकरण करने की पूरी कोशिश करेंगे इसके साथ सेंट्रल गवर्नमेंट के द्वारा सत्र 2009 से आर एम एस ए द्वारा संचालित शालाएं जो कि विकासखंड कोटा, बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर में संचालित की जा रही थी अब वह छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के द्वारा संचालित की जा रही हैं लेकिन इन शालाओं में आज भी एक भी क्लर्क नहीं है और ना ही कोई सफाई कर्मचारी है और ना ही इन स्कूलों में चपरासी है इन स्कूलों का पूरे कार्य शिक्षकों के द्वारा किया जाता रहा है इन स्कूलों के लिए भी बहुत जल्द चर्चा करके पद की स्वीकृति दिलाने की कोशिश करूंगा जिससे समस्त स्कूलों की समस्या हल हो सके उन्होंने पूर्व मंत्री बिलासपुर विधायक माननीय अमर अग्रवाल जी का आभार व्यक्त किया है
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संघ की 100 वर्षों की गौरवगाथा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की
रायपुर, 26 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौरवशाली 100 वर्षों की यात्रा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ देखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय के साथ मंत्रिमंडल के सदस्य तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने फिल्म के प्रदर्शन के बाद कहा कि ‘शतक’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, जनसेवा और समर्पण की सतत साधना का सजीव चित्रण है।
उन्होंने कहा कि संघ की प्रेरक गाथा जन-जन तक पहुँचे और नई पीढ़ी को राष्ट्र सेवा की भावना से प्रेरणा मिले, इस उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में इस फिल्म को टैक्स-फ्री करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी के तप, त्याग और दूरदर्शी विचारों से प्रारंभ हुई इस यात्रा को पूजनीय माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर जी ने नई दिशा और संगठनात्मक शक्ति प्रदान की। एक शताब्दी का यह इतिहास लाखों स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का जीवंत प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शिक्षा, सेवा और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का कार्य किया है। आपदा, संकट और सामाजिक आवश्यकताओं के समय संघ कार्यकर्ताओं की सेवा भावना ने समाज को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की यही प्रेरणा शासन के कार्यों में भी मार्गदर्शक बनती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फिल्म ‘शतक’ युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगी।