छत्तीसगढ़ / रायपुर
धान खरीदी में पारदर्शिता से बलरामपुर जिले के किसान खुश
मेहनत का मिल रहा वाजिब दाम
किसान शिव कुमार बोले बच्चों के भविष्य के लिए मिला आर्थिक सहारा
रायपुर, 07 दिसम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में धान खरीदी कार्य सुचारू और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रहा है। बलरामपुर जिले में भी निर्बाध रूप से किसानों से धान खरीदी की जा रही है। बलरामपुर जिले के किसान धान खरीदी में पारदर्शिता से खुश है। जिले के ही विकासखंड के झलपी ग्राम पंचायत के शिव कुमार इस वर्ष धान खरीदी केंद्र पहुंचे उन्होंने बताया कि टोकन कटाने से लेकर धान बेचने तक की प्रक्रिया बेहद आसान और सरल रही। केंद्र पर पहुंचते ही कर्मचारियों ने तुलाई कर उनका 102 बोरी धान समर्थन मूल्य पर खरीदा। वे बताते हैं कि इस वर्ष वे लगभग 330 बोरी धान बेचने वाले हैं, जिससे उन्हें अच्छी आर्थिक आय होने की उम्मीद है। शिव कुमार कहते हैं सरकार की ओर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होने से हमें हमारी मेहनत का पूरा दाम मिलता है। इस वर्ष मिलने वाले पैसे से मैं अपने बच्चों के ब्याह का खर्च आसानी से पूरा कर सकूंगा। उन्होंने खरीदी व्यवस्था संतोष जताया।
किसान शिवकुमार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के हित में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। समर्थन मूल्य पर खरीदी पूरी तरह से किसानों को समर्पित है। इससे हमें सीधा आर्थिक लाभ मिलता है और हमारी कठिन मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त होता है। धान खरीदी केंद्रों में शासन के निर्देशानुसार वजन-मापक, बारदाना, स्टॉक प्रबंधन, टोकन व्यवस्था और गुणवत्ता परीक्षण की सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। जिला प्रशासन भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रत्येक खरीदी केंद्र की नियमित मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि किसी भी किसान को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस वर्ष धान खरीदी ने शिव कुमार जैसे सैकड़ों किसानों के लिए न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग खोला है, बल्कि उनके सपने साकार हो रहे हैं।
शिक्षा ही सामाजिक विकास का मूलमंत्र : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
शिक्षा ही सामाजिक विकास का मूलमंत्र : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान
रायपुर । राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच फैन्स रायपुर चैप्टर ने नो मोर पाकिस्तान विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत की आंतरिक सुरक्षा, पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद और पड़ोसी देशों की राजनीतिक अस्थिरता से जुड़े मुद्दों पर युवाओं को जागरूक करना था। संगोष्ठी में देश की सुरक्षा और आतंकवाद के बदलावों को लेकर कई महत्वपूर्ण विचार रखे गए।
संगठन के प्रभारी, पश्चिम क्षेत्र मेजर जनरल अनुज माथुर मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने पाकिस्तान की विफल नीतियों, आंतरिक कमजोरी और सेना के अत्यधिक प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की नींव ही झूठ पर आधारित है। बलूचिस्तान और खैबर-पख्तून प्रदेशों पर बलपूर्वक कब्जा रखकर पाकिस्तान लोकतंत्र का लगातार दमन कर रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए 27वें संविधान संशोधन ने सेना प्रमुख को प्रधानमंत्री से भी अधिक शक्तिशाली बना दिया है। अनुज माथुर ने स्पष्ट कहा कि आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को भीतर से तोड़ देगा।
संगठन के सदस्य, केंद्रीय संचालन समिति गोलोक बिहारी राय मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद मानवता के खिलाफ गंभीर अपराध है। बलूचिस्तान, सिंध और खैबर-पख्तून क्षेत्र अपनी अस्मिता की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं आवाज उठाने पर पचास हजार से अधिक बलूच नागरिकों को गायब कर दिया गया है। पाकिस्तान के इस अमानवीय रवैये के कारण नो मोर पाकिस्तान का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाता है।
विशिष्ट अतिथि विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्रों को अनाधिकृत कहना ही उचित है। पाकिस्तान के अन्याय के खिलाफ न्याय का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि सिंध, बलूचिस्तान और खैबर-पख्तूनख्वा पाकिस्तान और आतंकवाद से मुक्त होकर स्वतंत्रता चाहते हैं।
अतिविशिष्ट अतिथि अभिषेक शुक्ल ने कहा कि पाकिस्तान और आतंकवाद आज पर्याय बन चुके हैं। आतंकवाद का कोई सकारात्मक विचार नहीं होता और इसके विरुद्ध मीडिया ने निरंतर संघर्ष किया है। समाज के सभी वर्गों को आतंकवाद विरोधी अभियान में एकजुट होना चाहिए।
संगठन के रायपुर चैप्टर के अध्यक्ष तौक़ीर रज़ा ने कहा कि विभाजन से लेकर वर्तमान स्थिति तक युवा पीढ़ी को सच्चाई से अवगत कराना आवश्यक है। उन्होंने जेहाद के नाम पर आतंकवाद फैलाने वालों की खुली निंदा की और प्रश्न उठाया कि आतंकवादियों पर फ़तवा क्यों नहीं जारी होता।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूपेंद्र कुमार साहू ने किया। इस अवसर पर डॉ. वर्णिका शर्मा, डॉ. एन.पी. दीक्षित, विरेन्द्र पांडे, डॉ. यूलेंद्र राजपूत, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. मनीष पांडे, ईला गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी एवं पत्रकार उपस्थित थे। संगोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् से हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एन.पी. यादव, रितेंद्र नायक, अन्नपूर्णा शर्मा, जानकी गुप्ता, दीपक व कान्हा ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सफायर ग्रीन में राम भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया शौर्य दिवस
रायपुर । सफायर ग्रीन, राम मंदिर परिसर में 6 दिसंबर को शौर्य दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में राम भक्त निवासी शामिल हुए। ढोलक और नगाड़े की ताल पर गीत, संगीत और नृत्य ने पूरे माहौल को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में महेंद्र बापना, अनुराग पांडेय, हरीत गोयल, कौशल चौधरी, मुकेश अग्रवाल, विजय अमरानी, मणिकांत अग्रवाल, विकास शुक्ला, एनएन अचार्य, जीके भटनागर, श्रीमती रेनु गुप्ता, पवन बजरिया, श्रीमती रत्ना बापना, श्रीमती दीपिका साहू, श्रीमती कोमल जोहरी, श्रीमती पुष्पा दुबे, शंकर नागवानी, देवेंद्र साहू और अनामिका सहित कई प्रमुख लोगों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को स्वादिष्ट जलपान परोसा गया। आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए समुदाय ने धन्यवाद व्यक्त किया।
वीर सैनिकों के कारण ही हमारे जीवन और संपत्ति सुरक्षित है - राज्यपाल श्री डेका
सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में हुए शामिल राज्यपाल
झण्डा दिवस निधि में राज्यपाल ने दी 2 लाख की सहयोग राशि
रायपुर, 07 दिसंबर 2025


सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में गौरवपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने इस अवसर पर कहा कि सैनिक निःस्वार्थ भाव से हमेशा देश की रक्षा के लिए तैयार रहते है और अपना जीवन देश सेवा के लिए लगाते है। उनके कारण ही हमारे जीवन और संपत्ति सुरक्षित हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने सशस्त्र झण्डा दिवस निधि के लिए 2 लाख रूपए की सहयोग राशि राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड को प्रदान की।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने सभी शहीदों की वीर नारियों एवं माताओं, आश्रितों को सम्मान राशि और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वीरता अलंकरण प्राप्त सैनिकों और झण्डा दिवस के अवसर पर विशेष योगदान देने वाले दानदाताओं का सम्मान भी किया।
राज्यपाल श्री डेका ने अपने उद्बोधन के दौरान इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि झण्डा दिवस निधि से लगभग 27 महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है, जिनके माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों को निरंतर सहायता मिल रही है। छत्तीसगढ़ सैनिक कल्याण बोर्ड और गृह विभाग के सहयोग से हमारे वेटरन्स की उत्कृष्ट देखभाग सुनिश्चित की जा रही है।
श्री डेका ने कहा कि हमारे सैनिक कठिन परिस्थितियों में अपना कार्य संपादित करते हैं। माइनस डिग्री के तापमान में भी अपनी जिम्मेदारी कुशलता से निभाते है। उन्होंने शहीद हुए सैनिकों के परिवारों को नमन किया और कहा कि आप लोगों का त्याग अमूल्य है। लोकभवन और छत्तीसगढ़ सरकार आपके साथ मजबूती से खड़ा हैं। सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए हम निरंतर प्रतिबद्ध है।
समारोह की शुरूआत में शहीद सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित की गई और दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी गई। सशस्त्र सेना झण्डा दिवस का प्रतीक बैज लगाकर श्री डेका को सम्मानित किया गया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन अनिल कुमार शर्मा ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु के संदेश का वाचन किया। राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के संचालक ब्रिगेडियर श्री विवेक शर्मा ने झण्डा दिवस निधि के महत्व पर एवं इस निधि से भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्याे की जानकारी दी।
सशस्त्र सेना झण्डा दिवस में सबसे ज्यादा राशि एकत्रित करने के लिए कलेक्टर रायपुर श्री गौरव कुमार सिंह एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रायपुर कैप्टन श्री अनिल कुमार शर्मा को प्रथम पुरस्कार एवं कलेक्टर दुर्ग श्री अभिजीत सिंह एवं सैनिक कल्याण अधिकारी दुर्ग को द्वितीय पुरूस्कार एवं राज्यपाल ट्राफी प्रदान की गई।
इस अवसर पर राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के ब्रोशर संक्षेपिका-2025 का भी विमोचन किया गया। एन.सी.सी. कैडेटों ने ओजपूर्ण देश भक्ति गीत प्रस्तुत किये।
कार्यक्रम में गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, पुलिस महानिदेशक श्री अरूण देव गौतम, विधिक सलाहकार श्री भीष्म प्रसाद पाण्डेय, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) श्री संजय शर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, सेवारत् तथा भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित थे।
रायपुर पुलिस ने चोरी की बाइक सहित आरोपी देवदास बंजारे को किया गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस ने दिनांक 06.12.2025 को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ आरोपी देवदास बंजारे को गिरफ्तार किया है। मामला थाना विधानसभा क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी संजय जैन निवासी ग्राम आमासिवनी ने 12 नवंबर 2025 की रात अपने घर के बाहर खड़ी अपनी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (क्रमांक सी जी 10 एन सी 9117) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी संजय जैन ने बताया कि सुबह उन्होंने देखा कि उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 568/2025 के तहत धारा 303(2) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इस प्रकरण में पुलिस ने अज्ञात आरोपी की पतासाजी शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना विधानसभा की संयुक्त टीम ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर मामले की गंभीरता और आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। टीम ने कई सुरागों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी देवदास बंजारे की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (क्रमांक सी जी 10 एन सी 9117) जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30,000 रुपये बताई गई है। आरोपी देवदास बंजारे पिता राजेश बंजारे, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 09, संतोषी मंदिर के पास ग्राम आमासिवनी, थाना विधानसभा रायपुर है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से मामले की पूरी जांच जारी है और आरोप साबित होने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहन और संपत्ति की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। यह गिरफ्तारी पुलिस की तत्परता और स्थानीय अपराध नियंत्रण के प्रयासों का एक उदाहरण है। थाना विधानसभा और एंटी क्राइम यूनिट ने मिलकर अपराधियों को पकड़ने और चोरी की संपत्ति को बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में तेज़ कार्रवाई न केवल अपराधियों को न्याय के दायरे में लाती है, बल्कि आम जनता के मन में सुरक्षा और विश्वास भी बनाए रखती है। पुलिस विभाग लगातार चोरी, लूट और अन्य अपराधों पर नजर रखे हुए है और किसी भी प्रकार की कानूनी चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रायपुर में भगत सिंह चौक की दुकान में भीषण आग
रायपुर । राजधानी रायपुर के मुख्यमंत्री निवास के पास भगत सिंह चौक स्थित एक दुकान में अचानक भीषण आग लगने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें कुछ ही मिनटों में दुकान के अन्य हिस्सों तक फैल गईं, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की तीव्रता और लोगों की आपात प्रतिक्रिया दिखाई दे रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को आग की सूचना दी। आग की अचानक बढ़ती लपटों को देखकर लोग दहशत में थे और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आग की वजह से परिसर के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग सुरक्षित स्थानों की ओर खिसकने लगे।
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। दमकल कर्मियों ने कई गाड़ियों के साथ आग पर तुरंत काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि आग फैलने की वजह से परिसर में मौजूद कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ दुकानदारों और कर्मचारियों को अपना सामान बाहर निकालने के लिए भागना पड़ा। घटना के समय दुकान में मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास जारी हैं और प्रभावित दुकानों के मालिकों को राहत और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आग की तीव्रता और लोगों की भीड़ को देखा जा सकता है। प्रशासन ने जनता से आग्रह किया है कि वे मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के पास न आएं और दमकल तथा पुलिस टीम को राहत कार्य करने में सहयोग दें।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी उपकरण की खराबी से आग लगी हो सकती है, लेकिन जांच पूरी होने तक कुछ भी निश्चित नहीं कहा जा सकता। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा उपायों की अहमियत को फिर से उजागर कर दिया है। फिलहाल दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन आग पर काबू पाने, प्रभावित दुकानदारों की मदद करने और परिसर में सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से कुंभकार समाज के प्रतिनिधि मंडल की सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ कुंभकार समाज के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री श्री साय को आगामी जनवरी 2025 में रायपुर जिले के ग्राम नवागांव (कोलियारी) में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महाधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए समाज के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का धन्यवाद किया तथा आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि कुंभकार समाज की पारंपरिक कला, श्रमशीलता और सांस्कृतिक योगदान छत्तीसगढ़ की सामाजिक संरचना को समृद्ध बनाते हैं। राज्य सरकार सभी समाजों के विकास और सहभागिता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
प्रतिनिधि मंडल में समाज के सलाहकार श्री रतन लाल चक्रधारी, श्री बी.पी. चक्रधर, प्रदेश अध्यक्ष श्री नंद कुमार चक्रधारी, महामंत्री श्री हेमलाल कौशिक, कोषाध्यक्ष श्री जयप्रकाश कुंभकार, श्री दौवा राम चक्रधारी सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
राष्ट्र की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे सैन्य जवानों का योगदान अतुलनीय : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों एवं शहीद परिवारों के कल्याण हेतु किया अंशदान
रायपुर, 7 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के प्रतीक स्वरूप सम्मान बैज लगाया तथा संचालनालय सैनिक कल्याण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे वीर सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग, साहस और राष्ट्रसमर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। देश की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे जवानों का योगदान अतुलनीय है।” उन्होंने आगे कहा कि इस दिवस का संदेश है कि राष्ट्र की रक्षा में लगे हमारे जवानों और शहीद परिवारों के प्रति हम सभी अपनी जिम्मेदारी समझें और उनके कल्याण हेतु सहयोग की भावना से आगे आएं।
मुख्यमंत्री ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु अपनी ओर से अंशदान भी प्रदान किया।
इस अवसर पर सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते तथा पद्मश्री उषा बारले भी उपस्थित थीं।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ने रायपुर रेलवे स्टेशन को सर्वसुविधा युक्त बनाने पर दिया ज़ोर
रायपुर । छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में व्यापारिक हितों एवं जनसुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई। चेम्बर के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर रेलवे स्टेशन के प्रबंधक आर.पी मंडल से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में डीआरयूसीसी रायपुर संभाग के सदस्य एवं चेम्बर के उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन और जितेंद्र शादीजा शामिल थे।
चेम्बर उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन ने कहा, रेलवे स्टेशन शहर का प्रवेश द्वार होता है, और रायपुर स्टेशन का आधुनिकीकरण प्रदेश के व्यापार और अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। उपाध्यक्ष जितेंद्र शादीजा ने आश्वासन दिया कि, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स रेलवे के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि सभी व्यापारिक और लॉजिस्टिक समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
लोकेश चंद्रकांत जैन ने यह भी बताया कि विभिन्न सुझावों पर चर्चा कर उन्हें संकलित किया गया जिसे आगामी डीआरयूसीसी रायपुर संभाग के द्वितीय बैठक में प्रमुखता से रखे जायेंगे।
संतोषी नगर में मारपीट और धमकी का मामला, FIR दर्ज
रायपुर। संतोषी नगर के पास गौसिया मस्जिद के समीप शुक्रवार रात को मारपीट और धमकी की घटना सामने आई। घटना के अनुसार, रात करीब 01:00 बजे सुभाष स्टेडियम मोतीबाग में मौजूद एक व्यक्ति को अपने छोटे भाई अब्दुल समीम से फोन आया कि उसके साथ मारपीट हो रही है। इसके तुरंत बाद वह व्यक्ति गौसिया मस्जिद के पास स्थित गुडडु किराना स्टोर के समीप पहुंचा और देखा कि उसके भाई अब्दुल समीम के साथ फाजिल एवं उसके साथी मारपीट कर रहे थे। घटना के दौरान घायल व्यक्ति और उनकी पत्नी तबस्सुम परवीन बीच-बचाव करने लगे।
इस पर फाजिल और उसके दो साथियों ने दोनों पर हाथ-मुक्का और कैंची से हमला कर दिया। मारपीट से घायल व्यक्ति को सिर में चोट आई, जबकि उनकी पत्नी के दाहिने हाथ में चोट लगी। स्थानीय लोगों और राहगीरों रजिया रिजवी, अफरोज बेगम, और अब्दुल शाहिद ने स्थिति देखी और बीच-बचाव करने की कोशिश की। हालांकि, हमलावरों ने बीच-बचाव करने वाले पर भी गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
घटना की रिपोर्ट संतोषी नगर निवासी घायल व्यक्ति ने पुलिस में दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि हमलावरों ने न केवल मारपीट की बल्कि परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास भी किया। घायल व्यक्ति ने पुलिस से मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है ताकि आरोपी को कड़ी सजा दी जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय पुलिस ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और घायल व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज की भी मांग की है ताकि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। घटना ने स्थानीय लोगों में भी डर और चिंता उत्पन्न कर दी है। नागरिकों का कहना है कि ऐसे मामले न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा को प्रभावित करते हैं।
बल्कि आसपास के इलाके में कानून व्यवस्था पर भी असर डालते हैं। प्रशासन ने कहा कि हिंसा और धमकी के मामलों में सख्ती बरती जाएगी और आरोपी को कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा। स्थानीय पुलिस ने सभी प्रत्यक्षदर्शियों से बयान लिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही घायल व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है ताकि चोटों की गंभीरता का पता लगाया जा सके। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। यह घटना रायपुर में परिवारिक और व्यक्तिगत विवादों में हिंसा की बढ़ती घटनाओं की याद दिलाती है। नागरिकों और प्रशासन दोनों के लिए यह आवश्यक है कि ऐसे मामलों में तत्काल पुलिस सहायता ली जाए और हिंसक घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए।
छत्तीसगढ़ महतारी की आरती ने रचा माहौल, विद्यार्थियों ने बहाई भक्ति की धारा
रायपुर । जय जय छत्तीसगढ़ महतारी, सबले सुग्घर, सबले पियारी साहित्यकार उर्मिला देवी उर्मि द्वारा रचित छत्तीसगढ़ महतारी की यह आरती जब रेडिएंट वे स्कूल के विद्यार्थियों की संगीत-मय प्रस्तुति में गूंजी, तो जिलाधीश कार्यालय परिसर, रायपुर पूरी तरह भक्ति और संस्कृति की छटा से भर उठा। दीपों की झिलमिलाहट और मधुर स्वरों ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के मन को मंत्रमुग्ध कर दिया।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने और छत्तीसगढ़ी राजभाषा सप्ताह के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय कवि संगम, छत्तीसगढ़ द्वारा इस विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राज्य गीत के सामूहिक वंदन से हुई। इसके बाद जब विद्यार्थियों ने स्वरबद्ध होकर जय जय छत्तीसगढ़ महतारी का भावपूर्ण गायन किया, तो दर्शकों ने उत्साहपूर्वक कहा आज एक नया इतिहास लिख दिया गया।
समारोह में राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय महामंत्री महेश शर्मा, साहित्यकार रामेश्वर शर्मा, डॉ. उदयभान चौहान, शालू सूर्या, रैना साहू, आदित्य बर्मन, डॉ. ईश्वर दान आशिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने आरती गायन का हिस्सा बनने पर गर्व व्यक्त किया और छत्तीसगढ़ महतारी की जयकार करते हुए प्रदेश की समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
अरपोरा (गोवा) में आग की भीषण दुर्घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने व्यक्त की गहरी संवेदना
रायपुर, 7 दिसम्बर 2025
अरपोरा, गोवा में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है और जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति वे अपनी संवेदनाएँ प्रकट करते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दे।
परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने आईडीटीआर का किया निरीक्षण
रायपुर, 06 दिसम्बर 2025



परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप ने आज नवा रायपुर स्थित आईडीटीआर (इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च) तेंदुआ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिवहन सचिव श्री एस. प्रकाश, संयुक्त परिवहन आयुक्त श्री यू.बी.एस. चौहान और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री श्री कश्यप को आईडीटीआर के संचालन, प्रशिक्षण व्यवस्था, ऑटोमोबाइल लैब और वाहन सिमुलेटर के माध्यम से दिए जा रहे प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने क्लासरूम एवं लैब प्रशिक्षण के साथ ही ड्राइविंग ई-ट्रैक में चालकों के कौशल परीक्षण की प्रक्रिया का भी अवलोकन कराया। इस दौरान मोटरसाइकिल और भारी वाहनों के माध्यम से ड्राइविंग टेस्ट का प्रदर्शन किया गया।
मंत्री श्री कश्यप ने राज्य के विभिन्न जिलों से प्रशिक्षण के लिए आए वाहन चालकों से चर्चा की। चालकों ने बताया कि यहां उन्हें वाहन संचालन के साथ-साथ बुनियादी तकनीकी ज्ञान, ड्राइविंग कौशल में सुधार और मोटरयान अधिनियम एवं नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।
मंत्री ने परिवहन अधिकारियों को निर्देशित किया कि रायपुर और आसपास के जिलों के अधिक से अधिक वाहन चालकों को प्रशिक्षण और रिफ्रेशर कोर्स के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन के कारण जिन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा रहे हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से आईडीटीआर में प्रशिक्षण दिलाया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इसके साथ ही श्री कश्यप ने स्कूल बस चालकों के नियमित प्रशिक्षण और रिफ्रेशर कोर्स को अनिवार्य रूप से निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री कश्यप ने आगे कहा कि राज्य शासन के विभिन्न विभागों में ड्राइवर भर्ती प्रक्रिया के दौरान ड्राइविंग परीक्षण आईडीटीआर के माध्यम से कराए जाएं, ताकि उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधाओं का उपयोग करते हुए कुशल वाहन चालकों का चयन सुनिश्चित किया जा सके।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्रा निहारिका नाग बनी राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता
राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कला उत्सव उद्भव 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य का किया नाम रोशन
मिट्टीकला में निहारिका ने बढ़ाया प्रदेश का मान
रायपुर, 6 दिसंबर 2025


एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शंकरगढ़ की होनहार छात्रा निहारिका नाग ने वह कर दिखाया है, जिसका सपना हर विद्यार्थी देखता है। साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाली यह बाल प्रतिभा आज अपने हुनर से न सिर्फ जिले का, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय मानचित्र पर रोशन किया है।
मिट्टीकला में मिला नया आयाम
शंकरगढ़ की कक्षा 11वीं की छात्रा निहारिका नाग को एकलव्य विद्यालय में प्रवेश के बाद अपनी मिट्टी कला सामर्थ्य को निखारने का सुनहरा अवसर मिला, जहां विद्यालय के बेहतर माहौल, उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञों के प्रशिक्षण ने उनके सपनों को मजबूती दी।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक से मिली नई उड़ान
निहारिका ने पहले जगदलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने कला कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह जीत उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देने में सहायक साबित हुई।
उद्भव 2025 में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक से हुई दोहरी जीत
इसके बाद निहारिका ने आंध्र प्रदेश में आयोजित 6 वीं ईएमआरएस राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कला उत्सव उद्भव 2025 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। लगातार दोहरा स्वर्ण पदक जीतकर निहारिका ने अपने विद्यालय और छत्तीसगढ़ राज्य का मान बढ़ाया है।
शिक्षकों का मार्गदर्शन बना सफलता की नींव
निहारिका के इस सफलता के पीछे उनके कला शिक्षक श्री राहुल जंघेल की प्रेरणा और विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार तिर्की का सतत सहयोग और मार्गदर्शन रहा। निहारिका ने साबित कर दिखाया कि प्रतिभा को बस सही मंच की जरूरत होती है। निहारिका की बचपन से ही मिट्टी कला के प्रति गंभीर रुझान रखती थीं और विद्यालय ने उनकी इस प्रतिभा को ऊंचाई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मेहनत और मार्गदर्शन से बनती है नई पहचान
निहारिका की इस उपलब्धि से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में उत्साह का माहौल है। निहारिका की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा स्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद ऊंचे सपने देखते हैं। निहारिका नाग की तरह मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी विद्यार्थी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकता है।
ग्वालियर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की युवा मोर्चा प्रभारी आलोक डंगस से मुलाकात
ग्वालियर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अपने ग्वालियर प्रवास के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) छत्तीसगढ़ के प्रभारी आलोक डंगस से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे। मुलाकात को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें युवा मोर्चा की भावी कार्ययोजना और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आलोक डंगस के संगठनात्मक कार्यों और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन को तैयार करने और युवाओं को एकजुट कर उन्हें राजनीतिक और सामाजिक दिशा देने में युवा मोर्चा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के विकास और “संवरते छत्तीसगढ़” के निर्माण में युवा शक्ति ही सबसे बड़ा आधार है, और आलोक डंगस जैसे ऊर्जावान नेताओं के नेतृत्व में यह शक्ति और प्रभावी रूप से उभर रही है।
मुलाकात के दौरान प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय करते हुए गांव से शहर तक मजबूत जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
वहीं, आलोक डंगस ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन के लिए उनका मार्गदर्शन बेहद मूल्यवान है। उन्होंने आश्वस्त किया कि युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ में बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क तैयार कर रहा है और युवा वर्ग को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर कार्य जारी रहेगा। इस मुलाकात को आगामी महीनों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और राजनीतिक जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से हल्बा-हल्बी समाज के प्रतिनिधियों ने की मुलाकात
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अपने निवास कार्यालय में अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। मुलाकात सौजन्य भेंट के रूप में हुई, लेकिन इसे जनजातीय समाज के विकास, अधिकारों और सामाजिक मुद्दों पर महत्वपूर्ण संवाद के रूप में देखा जा रहा है। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न सवाल, सुझाव और आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। बैठक में समुदाय के सांस्कृतिक संरक्षण, शिक्षा, आजीविका, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, छात्रावासों की सुविधा, पारंपरिक पहचान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने बताया कि हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बड़ी संख्या में निवास करता है और समाज की उन्नति राज्य के समग्र विकास से सीधे रूप से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आदिवासी समाज की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाए।
समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन सरकार का प्रमुख उद्देश्य जनजातीय समाज के स्वाभिमान, समृद्धि और अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि युवाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर तैयार किए जाएंगे, ताकि वे आधुनिक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक जनजातीय संस्कृति और विरासत को सुरक्षित रखने के लिए भी विशेष पहल कर रही है। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से कहा कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से जनजातीय समुदायों के जीवन स्तर में तेजी से सुधार होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार संवेदनशीलता के साथ जनजातीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनसे मिलने से समाज के लोगों में नई ऊर्जा और विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों और अपेक्षाओं पर सकारात्मक निर्णय लेगी। इस मुलाकात को सामाजिक सद्भाव, जनजातीय उत्थान और राज्य सरकार की जनहितकारी नीति के रूप में देखा जा रहा है।