छत्तीसगढ़ / रायपुर
रायपुर में ऑल इंडिया DG–IG कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन: प्रधानमंत्री मोदी होंगे शामिल
रायपुर । राजधानी रायपुर में जारी ऑल इंडिया DG–IG कॉन्फ्रेंस आज दूसरे दिन में प्रवेश कर गई है। देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े इस अहम वार्षिक आयोजन में आज कई महत्वपूर्ण निर्णय और रणनीतियों पर विचार होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आज होने वाली बैठकों में शामिल होंगे, जिससे इस दिन के सत्र और भी महत्वपूर्ण हो गए हैं।
सुबह की शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने योग सत्र के साथ की। इसके बाद उन्होंने देशभर से पहुंचे डीजीपी और आईजी अधिकारियों के साथ विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की तैयारी की। कॉन्फ्रेंस स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन और उच्च स्तरीय भागीदारी का माहौल देखने को मिला।
आज का पूरा दिन चार महत्वपूर्ण सत्रों को समर्पित है, जिनमें नक्सलवाद, आतंकवाद, साइबर अपराध, आंतरिक सुरक्षा और सीमा प्रबंधन जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तृत मंथन होगा। अधिकारियों ने अपने-अपने राज्यों की सुरक्षा चुनौतियों और आवश्यक रणनीतियों को लेकर प्रस्तुतियाँ भी दीं।
पहले दिन की बैठक बेहद महत्वपूर्ण रही, जिसमें नक्सलवाद, आतंकवाद, संगठित अपराध और ड्रग्स तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि नारकोटिक्स नेटवर्क और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार और कठोर कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि ड्रग्स से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और अंतरराज्यीय गैंगों पर निर्णायक कदम उठाए जाएँ।
बैठक में बढ़ते साइबर अपराध और नई तकनीक आधारित अपराधों से निपटने के लिए राज्यों को अधिक प्रशिक्षित और संसाधनयुक्त बनाने पर सहमति बनी। सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल, त्वरित सूचना साझेदारी और उन्नत तकनीक के उपयोग को मजबूत करने पर भी बल दिया गया।
कॉन्फ्रेंस में आज होने वाली पीएम मोदी की उपस्थिति से आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसलों की उम्मीद की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी: कई जिलों में शीतलहर के आसार
रायपुर । राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार शाम से शहर में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसके चलते कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में रात का तापमान 1°C से 3°C तक गिर सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों ने अंबिकापुर, सरगुजा, कोरिया और जशपुर में शीतलहर की स्थिति बनने की चेतावनी जारी की है। रायपुर में भी न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे जा रहा है और ठंड का असर बढ़ गया है।
विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज होगी। रात और सुबह की ठंड में बढ़ोतरी होगी, जबकि दिन में भी ठिठुरन महसूस होगी। तापमान में गिरावट के बाद मौसम अगले कुछ दिनों तक स्थिर रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, कोरिया, जशपुर और अंबिकापुर में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चल सकती है। इन जिलों में तेज ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान राज्य के अन्य जिलों की तुलना में काफी कम दर्ज होने की संभावना है।
नवजात बच्ची चोरी मामले में मां-बेटी को 10-10 साल की सजा
रायपुर । आंबेडकर अस्पताल में लगभग 10 माह पहले हुई नवजात बच्ची चोरी के सनसनीखेज मामले में अदालत ने कठोर रुख अपनाते हुए आरोपी मां-बेटी को 10-10 वर्ष की सजा सुनाई है। मौदहापारा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में अपर सत्र न्यायाधीश बृजेश राय की अदालत ने आरोपी रानी साहू और उसकी बेटी पायल को दोषी करार दिया, जबकि मामले में नामजद युवक को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।
अतिरिक्त लोक अभियोजक जानकी बिल्थरे ने बताया कि दोनों की पहचान अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से हुई थी। केस डायरी के अनुसार, पीड़िता नीता रात्रे तीन जनवरी को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती हुई थीं। इसी दौरान रानी और पायल संदिग्ध तरीके से वार्ड में घूमते हुए नीता और उनकी सास से घुल-मिल गईं। सहानुभूति बटोरने के लिए उन्होंने झूठ बोला कि उनकी बहू का ऑपरेशन हुआ है और नवजात की मौत हो गई है।
चार जनवरी को मौका पाकर दोनों महिलाओं ने नीता की नवजात बच्ची चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मौदहापारा थाना और क्राइम ब्रांच की टीम हरकत में आई। दोनों को बिलासपुर जाने वाली लोकल ट्रेन में देखा गया, जिसके चलते ट्रेन की चेन खींचकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि रानी पहले अपनी एक बेटी को प्रयागराज में 50 हजार रुपये में बेच चुकी थी। पैसों के लालच में ही मां-बेटी ने नवजात को किसी दंपत्ति को बेचने की योजना बनाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने दोनों को 10-10 साल की कठोर सजा सुनाई।
बच्चों के भविष्य को स्वर्णिम बनाने की महती जिम्मेदारी शिक्षा विभाग पर - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
बच्चों के भविष्य को स्वर्णिम बनाने की महती जिम्मेदारी शिक्षा विभाग पर - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
कृषि विज्ञान केन्द्र रायपुर में मिश्रित मत्स्य पालन प्रशिक्षण सम्पन्न
रायपुर, 28 नवम्बर, 2025

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केन्द्र, रायपुर के द्वारा तीन दिवसीय ’मिश्रित मत्स्य पालन’ विषय पर प्रशिक्षण आज समापन हुआ। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड, हैदराबाद द्वारा प्रायोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ राज्य के अलग- अलग जिलों से कुल 25 प्रशिक्षणर्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस प्रशिक्षण के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अजय कुमार वर्मा, अधिष्ठाता, स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी, इं.गां.कृ.वि. उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र, रायपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गौतम रॉय ने अपने उदबोधन में कृषि विज्ञान केन्द्र, रायपुर में चल रही मछली पालन की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. एस. सासमल ने अपने उद्बोधन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान ‘मिश्रित मत्स्य पालन पद्धति’ विषय पर तैयार तकनीकी बुलेटिन का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. वर्मा ने कहा कि सिर्फ भारत से ही नही बल्कि विदेशों से भी प्रशिक्षणार्थी इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केन्द्र, रायपुर में प्रशिक्षण लेने के लिए आए हैं, यह गर्व की बात है। इस प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र के बाद दो सत्रों में मिश्रित मत्स्य पालन पद्धति विषय पर डॉ. एस. आर गौर, प्राध्यापक एवं श्री तोषण कुमार ठाकुर, ने विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन डॉ. एस. सासमल एवं डॉ. अंकित ठाकुर ने मिश्रित मछली पालन के प्रायोगिक पहलुओं पर प्रक्षेत्र प्रशिक्षण दिया। इस कड़ी में तालाबों का चयन, मछली बीज संचयन, खाद प्रबंधन, प्राकृतिक भोजन उत्पादन आदि को प्रायोगिक रूप से प्रदर्शित किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस में श्री अमित वर्मा, मत्स्य निरीक्षक, मछली पालन विभाग,रायपुर ने मछली पालन में राज्य सरकार तथा केन्द्रीय सरकार के सब्सिडी स्कीमस् के बारे में विस्तृत जानकारी दी साथ ही साथ किसान कैसे सब्सिडी का लाभ उठा सकते है उसके बारें में भी जानकारी दी। डॉ. एस. सासमल ने मिश्रित मछली पालन पद्धति के शुद्ध आय-व्यय के बारे में जानकारी दी एवं समन्वित मछली पालन करके आपने आय को कैसे दोगुना किया जा सकता है इससे अवगत करवाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री कृष्णा चम्पालाल हिरवानी, प्रदेश अध्यक्ष, सहकारिता प्रकोष्ठ, छ.ग. धीवर समाज महासभा एवं विशिष्ठ अतिथि श्री सुशील जलक्षत्री, प्रदेश अध्यक्ष, शिक्षा एवं संस्कृतिक प्रकोष्ठ, छ.ग. धीवर समाज महासभा एवं मीडिया फेडरेशन ऑफ इण्डिया के छत्तीसगढ़ प्रदेश सचिव पक्की कूर्मा राव उपस्थित थे। डॉ. एस. सासमल, प्रशिक्षण प्रभारी ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण के गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव सभी के साथ साझा किए।
ऑनलाईन टोकन से नीरज गिरी को धान बिक्री में हुई आसानी
समर्थन मूल्य में धान खरीदी से किसानों को मिल रही आर्थिक सुरक्षा
रायपुर, 28 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के तहत किसान खुशी-खुशी अपनी फसल बेच रहें हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर जिला के बरदर उपार्जन केंद्र में किसान श्री नीरज गिरी ने अपनी पसीने की कमाई धान को सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य पर बेचा।
बच्चों की शिक्षा और खेती से जुड़े कार्य पूरा करेंगे
नीरज गिरी ने बताया कि उनके पास कुल 2.1400 हेक्टेयर भूमि है और खेती ही उनके परिवार का मुख्य आजीविका स्रोत है। पिछले वर्ष उन्होंने लगभग 95 क्विंटल धान उत्पादन किया, जिससे परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और खेती से जुड़े कार्य पूरे हुए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र में व्यवस्था सुव्यवस्थित और पारदर्शी है। समय पर तौल, बारदाने की उपलब्धता और ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने प्रक्रिया को सरल बना दिया है। वे बताते हैं कि उन्होंने 110 क्विंटल धान बेचने के लिए ऑनलाईन टोकन सुविधा का उपयोग किया था। जिससे लंबी लाइन और भीड़-भाड़ से बचा जा सका।
किसानों में नई उम्मीद और आत्मविश्वास बढा
श्री नीरज गिरी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलती है, जिससे वे अगली फसल की तैयारी कर पा रहे हैं। वे कहते है कि शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किसानों के लिए नई उम्मीद और आत्मविश्वास लेकर आई है।
किसानों की मेहनत को मिल रहा उचित मूल्य
किसान भूपेन्द्र, पवन और सतीश ने कहा कि टोकन तुहर एप से सब किसानों के लिए समान अवसर
रायपुर, 28 नवंबर 2025

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य सरकार के मंशानुरूप जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले के 182 धान उपार्जन केन्द्रों में आज दिनांक तक 80 हजार 600 टन धान की खरीदी की जा चुकी है। बता दें कि जिले में धान खरीदी का अभी 40 दिन शेष है।

ऑनलाइन टोकन खरीदी प्रक्रिया तेज़, सरल और भीड़मुक्त बनी
जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी शुरू हो गई है। महासमुंद जिले के ग्राम बेलसोंडा धान उपार्जन केंद्र में विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी सुचारू और पारदर्शी तरीके से जारी है। अब तक इस केंद्र में 9,330.80 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है, जिसमें 2,346.80 क्विंटल मोटा धान तथा 6,984 क्विंटल सरना (पतला) धान शामिल है। किसानों की बढ़ती भागीदारी और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएँ खरीदी केंद्र की सफलता को दर्शाती हैं। बेलसोंडा के केंद्र प्रभारी ने बताया कि अधिकांश किसान पहले से ही ऑनलाइन टोकन कटवाकर निर्धारित समय पर धान लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं। इससे खरीदी प्रक्रिया तेज़, सरल और भीड़मुक्त बनी हुई है।
बिना किसी परेशानी के खरीदी प्रक्रिया हुई संपन्न
यहां धान बेचने आए नांदगांव के किसान भूपेंद्र कुमार पटेल ने अपने 7 एकड़ खेत से उपजाया 80 क्विंटल धान बेचकर खरीदी प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली से उन्हें केंद्र पर इंतजार नहीं करना पड़ा और पूरी प्रक्रिया सहज रही। इसी तरह नांदगांव की सतीश सोनी ने अपने 5 एकड़ खेत से उपजाए गए धान में से 28 क्विंटल धान बेलसोंडा केंद्र में बेचा। वे भी निर्धारित समय पर पहुंचीं और बिना किसी परेशानी के खरीदी प्रक्रिया संपन्न की।
सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना
घोड़ारी गांव के लघु कृषक पवन कुमार चक्रधारी ने 2 एकड कृषि भूमि पर अपनी मेहनत से उपजाएं 44.40 क्विंटल धान केंद्र में आसानी से विक्रय किया। छोटे किसान होने के बावजूद उन्होंने समय पर टोकन कटवा कर खरीदी का लाभ उठाया और सरकार की किसान हितैषी नीतियों की सराहना की। केंद्र प्रभारी ने बताया कि केंद्र में खरीदी कार्य पूरी पारदर्शिता और कम्प्यूटरीकृत प्रक्रिया के साथ किया जा रहा है।
किसानों को 72 घंटे के भीतर भुगतान सीधे बैंक खाते में
टोकन की सुविधा नजदीकी सीएससी, मोबाइल ऐप व सहकारी समिति कार्यालय में उपलब्ध है। यहां बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। तौल, नमी की जांच और भुगतान प्रणाली पूरी तरह डिजिटाइज्ड है। किसानों को 72 घंटे के भीतर भुगतान सीधे बैंक खाते में जमा किया जा रहा है। बेलसोंडा केंद्र में सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के चलते किसानों का विश्वास और सहभागिता लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में और अधिक मात्रा में किसानों के धान की खरीदी होने की उम्मीद है।
धान खरीदी किसान हित में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर
किसान अनिल प्रजापति ने सरकार की योजना की सराहना की
रायपुर, 28 नवंबर 2025
शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है। सूरजपुर जिले की खोपा धान खरीदी समिति में धरतीपारा निवासी 29 वर्षीय किसान अनिल प्रजापति पिता श्री ललन राम प्रजापति 30 क्विंटल धान का विक्रय के लिए आए । उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। निश्चित रूप से यह किसान हित में किया जा रहा है।
’‘टोकन तुहर हाथ" मोबाइल ऐप की सराहना
किसान अनिल ने कहा कि प्राप्त होने वाली धनराशि का उपयोग वे व्यापार में निवेश, घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति तथा बच्चे की शिक्षा में करेंगे। उन्होंने कहा धान का यह मूल्य किसानों को धान की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने खुशी जाहिर की है कि शासन किसान हित में कार्य कर रही है। इसके अलावा किसान अनिल प्रजापति ने ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप की सराहना करते हुए कहा कि इस ऐप ने खरीदी प्रक्रिया को बेहद सरल और पारदर्शी बना दिया है। ऑनलाइन टोकन बुकिंग, लंबी कतारों से मुक्ति, समय की बचत जैसी सुविधाओं ने किसानों को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने बताया कि अब खरीदी केंद्र में अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती है।
अच्छा मूल्य, पारदर्शी व्यवस्था और किसानों को समय पर भुगतान
किसान अनिल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन को किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि-“सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाएं और सुविधाएं हमारे जीवन में बड़ा परिवर्तन ला रही हैं। हमें अच्छा मूल्य, पारदर्शी व्यवस्था और समय पर भुगतान मिलता है, जिसके लिए हम राज्य शासन के आभारी हैं।” साथ ही उन्होंने खरीदी केंद्रों में उपलब्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शेड, एवं पारदर्शी तौल प्रक्रिया जैसी सुविधाओं की प्रशंसा की।
किसान सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे
उल्लेखनीय है कि टोकन वितरण को लेकर किसानों की आशंकाओं को दूर करते हुए भूमि आधारित टोकन प्रणाली लागू की गई है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया-02 एकड़ तक की भूमि वाले किसानों को 01 टोकन, 02 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को 02 टोकन और तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को 03 टोकन प्रदान किए जाएंगे। किसान ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप के माध्यम से प्रतिदिन सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
DG कॉन्फ्रेंस: NSA डोभाल और शीर्ष खुफिया प्रमुखों ने ली प्रारंभिक बैठक
PM आज रात पहुंचेंगे रायपुर
रायपुर। नवा रायपुर स्थित IIM कैंपस में आज 28 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाली देश की सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कॉन्फ्रेंस DGP–IG मीट का आगाज हो गया। थोड़ी देर में इसका आधिकारिक उद्घाटन होगा, लेकिन उससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, रॉ चीफ पराग जैन और आईबी चीफ तपन डेका ने शीर्ष अफसरों के साथ बंद कमरे में बैठक की।
पहले दिन लगातार छह घंटे चर्चा
पहले दिन दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक लगातार बैठकों का सिलसिला चलेगा। देश की आंतरिक सुरक्षा, खुफिया तंत्र की मजबूती और भविष्य की रणनीतियों पर उच्चस्तरीय विमर्श होगा। यह कॉन्फ्रेंस देशभर की सुरक्षा एजेंसियों का सबसे बड़ा वार्षिक प्लेटफॉर्म माना जाता है।
VIP मूवमेंट बढ़ा, पीएम भी आज पहुंचेंगे
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार रात ही रायपुर पहुंच चुके हैं। आज रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रायपुर पहुंचेंगे। सम्मेलन में देशभर से तकरीबन 600 अधिकारी और VIP शामिल हो रहे हैं।
पीएम के लिए नए स्पीकर हाउस M-1 को तैयार किया गया है, वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वित्त मंत्री आवास M-11 में ठहरे हुए हैं। इस बार पहली बार SP रैंक के अधिकारियों को भी कॉन्फ्रेंस का हिस्सा बनाया गया है।
सुरक्षा कड़ी, एयरपोर्ट का अराइवल गेट बंद
कॉन्फ्रेंस को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा गया है। माना एयरपोर्ट का अराइवल गेट तीन दिनों के लिए आम यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। यात्रियों को गेट-2 से प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा नया रायपुर में भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।
तीन दिन तक राजधानी रायपुर और नवा रायपुर सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों का मुख्य केंद्र बना रहेगा।
DG–IG कॉन्फ्रेंस में शामिल होने आज रायपुर पहुंचेगे प्रधानमंत्री मोदी
आंतरिक सुरक्षा और टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग पर होगी हाई लेवल चर्चा
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार देर शाम रायपुर पहुंचेंगे। वे 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय DG/IG सम्मेलन में शामिल होंगे, जिसका थीम है 'विकसित भारत: सुरक्षा के आयाम'। इस सम्मेलन में देशभर के पुलिस प्रमुख आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मौजूदा चुनौतियों की समीक्षा करेंगे और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
कॉन्फ्रेंस में नक्सल उन्मूलन, आतंकवाद निरोध, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा, फॉरेंसिक साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को पुलिसिंग में शामिल करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा। प्रधानमंत्री राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे।
इस बैठक में अब तक हुई प्रगति का आकलन किया जाएगा और आने वाले वर्षों के लिए राष्ट्रीय पुलिसिंग का रोडमैप तैयार किया जाएगा। इस बार एजेंडा साफ संकेत देता है कि देश की पुलिसिंग प्रणाली तकनीक आधारित, आधुनिक और फ्यूचर रेडी रूप ले रही है।
सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के DGP और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख मौजूद रहेंगे। इस बार नए विचारों को बढ़ावा देने के लिए DIG, SP रैंक के अधिकारी और राज्य गृह विभागों के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं।
बैठकों में सुरक्षा के अलावा पुलिस कल्याण, अपराध नियंत्रण की सफल रणनीतियां, कानून व्यवस्था प्रबंधन और बदलती आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।
पिछले वर्षों में यह कॉन्फ्रेंस देश के कई हिस्सों में आयोजित की गई है, जिनमें गुवाहाटी, कच्छ का रण, हैदराबाद, पुणे, लखनऊ, जयपुर, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और हाल ही में भुवनेश्वर शामिल हैं। इस साल रायपुर इस प्रतिष्ठित सम्मेलन का मेजबान बना है।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री नवा रायपुर स्थित स्पीकर हाउस में ठहरेंगे और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नक्सल विरोधी अभियान में निर्णायक बढ़त हासिल करने और आंतरिक सुरक्षा रणनीति के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में छत्तीसगढ़ की भूमिका को देखते हुए, अधिकारियों का मानना है कि रायपुर इस 60वें संस्करण के लिए प्रतीकात्मक और रणनीतिक दोनों रूप से उपयुक्त स्थान है।
छत्तीसगढ़ में हाथियों का कहर: 4 जिलों में 4 मौतें
कोरिया, कोरबा, रायगढ़ और गरियाबंद में दहशत, कई गांवों में भय का माहौल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक अलग-अलग चार जिलों में हाथियों ने चार लोगों को कुचलकर मार डाला। कोरिया, कोरबा, रायगढ़ और गरियाबंद में हुई इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में कैंप कर रही हैं।
कोरिया: झोपड़ी तोड़कर बुजुर्ग को दौड़ाया, फिर कुचल दिया
कोरिया जिले के बैकुंठपुर वन परिक्षेत्र में 11 हाथियों का दल गुरुवार रात गांव में घुस आया। उन्होंने झोपड़ी को तोड़ दिया जिसमें एक बुजुर्ग रह रहा था। बुजुर्ग भागने की कोशिश कर रहा था तभी हाथियों ने उसे दौड़ाकर कुचल दिया। मौके पर उसकी मौत हो गई। गांव में पूरी रात अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कोरबा: भीड़ ने पत्थर फेंके, गुस्साए हाथी ने मानसिक रूप से बीमार युवक को मारा
कोरबा जिले के करतला वन परिक्षेत्र में हाथियों के झुंड पर ग्रामीणों द्वारा पत्थर फेंकते हुए एक वीडियो सामने आया है। इसमें लोग हाथियों को दूर भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान गुस्साए हाथी ने एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को पकड़कर कुचल दिया। हादसे के बाद गांव में बढ़ी भारी दहशत।
रायगढ़: पति-पत्नी पर हमला, महिला की मौत
रायगढ़ जिले के बाकारूमा रेंज में खेत के पास झोपड़ी में सो रहे एक दंपति पर हाथियों ने हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पति किसी तरह नदी के बीच पत्थर के पीछे छिपकर जान बचाने में सफल रहा। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का यह झुंड पिछले 48 घंटे से इलाके में घूम रहा है।
गरियाबंद: रात में बाहर निकले ग्रामीण को बीमार हाथी ने कुचला
गरियाबंद में आधी रात एक बीमार हाथी गांव के पास छिपा हुआ था। झोपड़ी गिरने की आवाज सुनकर टॉयलेट के लिए बाहर निकले ग्रामीण पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया। उसने व्यक्ति को पकड़कर जमीन पर पटका और कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट
लगातार हमलों के बाद चारों जिलों में वन विभाग की टीमें सक्रिय हैं। ग्रामीणों को रात के समय बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। कई गांवों में हाथियों की निगरानी के लिए ड्रोन और पेट्रोलिंग दल तैनात किए गए हैं।
हाथियों की बढ़ती गतिविधियों ने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए क्या मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त है। फिलहाल कई इलाकों में लोग भय के साए में रात गुजारने को मजबूर हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से बिहार के पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन ने की सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से बिहार के पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन ने की सौजन्य मुलाकात
जशपुर जिले में शिल्पकारों के लिए स्थापित होगा ग्लेज़िंग यूनिट: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
कुम्हारों को 100 इलेक्ट्रॉनिक चाक का वितरण
कुम्हार समाज के मंगल भवन के विस्तार के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा
श्री विष्णु महायज्ञ चक्र पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रायपुर, 27 नवंबर 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के ग्राम नारायणपुर में कुम्हार समाज द्वारा आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ एवं चक्र पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर ग्राम गोरिया में माटी कला बोर्ड के माध्यम से कुम्हारों के लिए ग्लेज़िंग यूनिट स्थापित करने तथा कुम्हार समाज के मंगल भवन के विस्तार के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सरगुजा संभाग के 100 कुम्हारों को इलेक्ट्रॉनिक चाक का भी वितरण किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कुम्हार समाज द्वारा आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ का यह पवित्र आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है। चक्र पूजा केवल मिट्टी के चाक की आराधना नहीं, बल्कि सृष्टि के निर्माण, परिश्रम, रचनात्मकता और मानव जीवन की निरंतरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कुम्हार समाज छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अभिन्न अंग है। आप सभी मिट्टी की कला में सिद्धहस्त हैं। आपकी रचनात्मक मेहनत हमारे तीज-त्योहारों और धार्मिक अनुष्ठानों को जीवंत और पूर्णता प्रदान करती है। हमारी सरकार आपकी इस अनमोल विरासत के संरक्षण, संवर्धन और सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक चाक (इलेक्ट्रिक पॉटर व्हील) का वितरण किया जा रहा है, जिससे मेहनत कम होगी, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और उत्पादों को बेहतर फिनिशिंग मिलेगी। इससे बाजार में ऊँचा मूल्य मिलेगा और वर्षभर स्थिर आमदनी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि कारीगरों के प्रशिक्षण के लिए नई डिजाइन, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। हमारी सरकार कुम्हारों को वित्तीय सहायता भी प्रदान कर रही है, जिससे आप नए उपकरण खरीदकर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें। मार्केटिंग के लिए मेलों, प्रदर्शनियों और ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म्स का उपयोग बढ़ाया जा रहा है, जिससे आपकी कला पूरे देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुँच सके। उन्होंने छत्तीसगढ़ की माटी कला को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की अपील की।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, विधायक श्रीमती गोमती साय और श्रीमती रायमुनी भगत, पद्मश्री जागेश्वर यादव, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूराम चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष जशपुर श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका जशपुर उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, श्री कृष्ण कुमार राय, श्री विजय आदित्य प्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक बंधु और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किया आत्मीय स्वागत
रायपुर, 27 नवंबर 2025
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के रायपुर आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया।
छत्तीसगढ़ का गौरव है संजू, अपने खेल से राज्य को दिलाई अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा – श्री अरुण साव
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने के लिए मानसिक मजबूती जरूरी – सुश्री संजू देवी
उप मुख्यमंत्री श्री साव और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस में कबड्डी विश्व कप में भारत के खिताबी सफर को किया साझा
रायपुर, 27 नवम्बर 2025

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव और छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सुश्री संजू देवी ने बांग्लादेश में आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप में भारत के खिताबी जीत के सफर को साझा किया। इस विश्व कप में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की 23 साल की सुश्री संजू देवी रावत को टूर्नामेंट का मोस्ट वेल्युबल प्लेयर चुना गया। फाइनल में भारत को मिले कुल 35 प्वाइंट्स में से 16 प्वाइंट्स अकेले संजू ने दिलाए। सेमी-फाइनल सहित अन्य मैचों में भी उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संजू की इस उपलब्धि के खास मायने हैं। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली राज्य की पहली कबड्डी खिलाड़ी हैं। कबड्डी विश्व कप के साथ ही उन्होंने इस साल मार्च में ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था और भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय में आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस में बताया कि संजू देवी ने महिला कबड्डी विश्व कप में भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित किया है। वे छत्तीसगढ़ की ही नहीं, अपितु पूरे भारत की गौरव हैं। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित बिलासपुर के बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर विश्व विजेता बनी संजू देशभर के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गई है। वे वहां जुलाई-2023 से प्रशिक्षण ले रही हैं। अपनी लगन, कड़ी मेहनत और कबड्डी के प्रति जुनून से उन्होंने एक छोटे से गांव से निकलकर दो-दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत को चैंपियन बनाने में महती भूमिका निभाई है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि बहतराई के स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र में अभी कबड्डी में 38 बालिकाएं, हॉकी में 35 बालक और 38 बालिकाएं, तीरंदाजी में 14 बालक और 14 बालिकाएं तथा एथलेटिक्स में 12 बालक और 7 बालिकाएं प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने तथा इनके प्रशिक्षण व आयोजनों के लिए जरूरी अधोसंरचनाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
विगत 24 नवम्बर को बांग्लादेश में संपन्न हुई महिला विश्व कप कबड्डी की विजेता भारतीय टीम की सदस्य और टूर्नामेंट की मोस्ट वेल्युबल प्लेयर चुनी गई संजू देवी ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस में कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल होने के लिए मानसिक रूप से मजबूत होना जरूरी है। जब आप सभी बाधाओं से लड़कर पहली सीढ़ी पार करते हैं तभी दूसरी सीढ़ी पर चढ़ने का मौका मिलता है। संजू ने अपने गांव केराकछार से कबड्डी विश्व कप तक के सफर के बारे में बताया कि उन्होंने जनवरी-2024 में कोलकाता में आयोजित ईस्ट जोन इंटरयुनिवर्सिटी टूर्नामेंट में और जनवरी-2025 में भटिंडा में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में बिलासपुर विश्वविद्यालय की ओर से तथा विशाखापट्टनम, तमिलनाडु, नागपुर, महासमुंद और भजियापार (महाराष्ट्र) के ऑल इंडिया टूर्नामेंट में राज्य की ओर से भागीदारी की है।
संजू ने बताया कि पिछले साल छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ द्वारा आयोजित चयन स्पर्धा में अच्छे प्रदर्शन के फलस्वरूप इंडिया कैंप के लिए उनका चयन हुआ। इंडिया कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ईरान में हुए एशियन कबड्डी चैम्पियनशिप के लिए उन्हें भारतीय टीम में स्थान मिला। इसमें लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण उन्हें महिला कबड्डी वर्ल्ड कप की टीम में भी शामिल किया गया। वे भारतीय टीम के लिए गांधी नगर और सोनीपत में आयोजित चार कैंपों में शामिल हो चुकी हैं। युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनूजा सलाम, उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री शशिकांत बघेल और संजू देवी के कोच श्री दिल कुमार राठौर भी प्रेस-कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने युवा आयोग के वेबसाइट को किया लॉन्च
रायपुर, 27 नवम्बर 2025



उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने आज राज्य युवा आयोग के वेबसाइट को लॉन्च किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि इस वेबसाइट से युवाओं को युवा आयोग के कार्यों तथा रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलेंगी। वेबसाइट पर युवा अपने बहुमूल्य सुझाव भी दे सकेंगे। राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनूजा सलाम और उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर भी इस दौरान मौजूद थीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी संजू देवी को दी बधाई
रायपुर, 26 नवंबर 2025
महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी छत्तीसगढ़ निवासी संजू देवी ने विगत दिवस मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने पर संजू देवी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “आपने महिला सशक्तिकरण की एक नई मिसाल पेश की है। आपको देखकर प्रदेश की बेटियाँ खेल जगत में और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगी। यह उपलब्धि निस्संदेह आने वाली पीढ़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने में प्रेरक साबित होगी।”मुलाकात के दौरान संजू देवी ने भी अपनी जीवन यात्रा, संघर्ष, और खेल से जुड़े अनुभव मुख्यमंत्री श्री साय के साथ साझा किए।
उल्लेखनीय है कि महिला कबड्डी विश्व कप की स्टार खिलाड़ी संजू देवी कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की निवासी हैं। उन्हें महिला कबड्डी विश्व कप में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब भी प्राप्त हुआ है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 17 नवंबर से 24 नवंबर के मध्य बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित किया गया था।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष श्री सेवा राम साहू, पूर्व कोच श्री अनुज प्रताप सिंह, वर्तमान कोच श्री दिल कुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।