छत्तीसगढ़ / रायपुर
मुख्यमंत्री श्री साय ने विधानसभा के विशेष सत्र में पूर्व सदस्यों का किया पुण्य स्मरण
रायपुर, 18 नवंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ की रजत यात्रा में योगदान देने वाले तीन प्रमुख जनप्रतिनिधियों श्रीमती रजनी ताई उपासने, श्री बनवारी लाल अग्रवाल और श्री राधेश्याम शुक्ल का पुण्य स्मरण किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर की पहली महिला विधायक श्रीमती रजनी ताई उपासने राजनीतिक और सामाजिक जीवन की प्रेरक व्यक्तित्व थीं, उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। श्री बनवारी लाल अग्रवाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष, दो बार के विधायक रहे और उनके जनसेवा से जुड़े कार्य, संगठन और समाज के प्रति समर्पण हम सब के लिए अनुकरणीय है।
मुख्यमंत्री ने श्री राधेश्याम शुक्ल के बारे में कहा कि वे अनुशासित एवं कर्मनिष्ठ जनप्रतिनिधि के रूप में याद किए जाएंगे। उनका पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा, उनके निधन से प्रदेश ने एक प्रतिबद्ध नेता को खो दिया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने तीनों दिवंगत विभूतियों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
सरकार की पारदर्शी, संवेदनशील और स्पष्ट धान खरीदी नीति से किसानों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
प्रति एकड़ 21 क्विंटल और प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से धान खरीदी
किसानों में उत्साह का माहौल धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की किसानों ने की सराहना
रायपुर, 18 नवंबर 2025
प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों की आर्थिक तरक्की, उन्नति और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार बनते ही किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रति एकड़ 21 क्विंटल एवं प्रति क्विंटल 31 सौ रुपये की दर से धान खरीदी करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था। इस किसान हितैषी नीति का लाभ गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी रायगढ़ जिले के किसानों को व्यापक रूप से प्राप्त हो रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुका है।
ग्राम कोड़तराई के किसानों में धान खरीदी को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। इसी क्रम में ग्राम के किसान श्याम दयाल पटेल ने बताया कि सरकार की पारदर्शी, संवेदनशील और स्पष्ट धान खरीदी नीति ने उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। तीन भाई मिलकर साझा खाते में 40 एकड़ भूमि पर धान की खेती करते हैं। इस वर्ष उनके परिवार का पहला टोकन जारी हुआ, जिसके अंतर्गत 44 क्विंटल धान की बिक्री की गई।
किसान श्याम दयाल पटेल ने कहा कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा और 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य ने उनकी वार्षिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। बढ़ी हुई आय से वे परिवार की आवश्यक जरूरतों की पूर्ति, बच्चों की उच्च शिक्षा, कृषि उपकरणों की खरीद, घर-परिवार की दैनिक आवश्यकताओं एवं भविष्य की योजनाओं को सुदृढ़ करने में सक्षम हो रहे हैं। इसे उन्होंने अपने आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण कदम बताया।
धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी खरीदी के लिए उत्कृष्ट तैयारी की गई है। उपार्जन केंद्रों पर छाया, बैठने की सुविधा, पीने के पानी की उपलब्धता, सटीक तौल व्यवस्था तथा पर्याप्त बारदाना जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सहज, पारदर्शी और किसान-केंद्रित व्यवस्थाओं से ग्राम कोड़तराई सहित पूरे जिले के किसानों में प्रसन्नता और संतोष का माहौल है। किसानों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
जल संसाधन विभाग की अमीन भर्ती परीक्षा 07 दिसंबर को
परीक्षा के लिए बनाये गये 756 केन्द्र
परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी ले जाना प्रतिबंधित
लगभग 2 लाख 29 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
रायपुर, 18 नवंबर 2025
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा जल संसाधन विभाग अंतर्गत अमीन भर्ती परीक्षा 07 दिसम्बर को आयोजित की गई है जिसके लिए 756 परीक्षा केन्द्र बनाए गए है, जिसमें लगभग 2 लाख 29 हजार 970 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभियर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा इसके लिए ऐसे पोषाक वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में समान्य समय से पहले पहुंचना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी द्वारा निर्देशों का पालन नहीं करने, अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर परीक्षा से वंचित किया जाएगा।
जल संसाधन विभाग अंतर्गत अमीन भर्ती परीक्षा 16 जिलों (अंबिकापुर, कोरिया, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, जगदलपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कांकेर, कबीरधाम, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव) में आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा में हो शामिल
परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल हो (काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़ा पहनना वर्जित होगा)। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति है। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा (स्वेटर हेतु हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं है) तथा फुटवियर के रूप में चप्पल पहनना अनिवार्य होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है।
व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर (व्यापम) द्वारा आयोजित परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शिता पूर्ण एवं सफलतापूर्वक आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है। अभ्यर्थी परीक्षा से पूर्व इन दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें और निर्धारित समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों व समुचित पहनावे के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचें। निर्देशों का पालन नहीं करने पर अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने से 02 घण्टे पहले परीक्षा केन्द्र में पहुंचना होगा
व्यापम द्वारा आयोजित आगामी सभी परीक्षाओं में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने के कम से कम 02 घण्टे पहले परीक्षा केन्द्र में पहुंचने के निर्देश दिए गए है। ताकि प्रवेश के पूर्व सभी अभ्यर्थियों का अनिवार्य रूप से फ्रिस्किंग समय पर किया जा सके। परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए परीक्षार्थी समय का विशेष ध्यान रखेंगे।
टोकन तुहर हाथ’ ऐप बना किसानों का सच्चा हमसफर — धान खरीदी हुई आसान, पारदर्शी और झंझट-मुक्त
मोबाइल से घर बैठे टोकन — खत्म हुई लाइनें, इंतजार और भीड़भाड़
उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाएँ मजबूत—किसानों ने जताया शासन के प्रति आभार
रायपुर,17 नवंबर 2025

धान खरीदी की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक और पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विकसित ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप इस वर्ष किसानों का सबसे बड़ा तकनीकी सहायक साबित हो रहा है। ऐप के माध्यम से किसान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी तिथि के लिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उपार्जन केंद्रों में लाइन, भीड़ और लंबे इंतजार की समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले के सभी 129 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। इसी क्रम में धान बेचने पहुंचे किसान श्री कमलेश ने बताया कि ऐप आने के बाद खरीदी की व्यवस्था पहले की तुलना में कई गुना बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि अब घर बैठे मोबाइल से ही टोकन कट जाता है। न भीड़ में लगना पड़ता है, न धूप में खड़े रहना पड़ता है। हमारे लिए यह बहुत बड़ी सुविधा है।
ग्राम पदुमसरा के श्री लोधी ने बताया कि पदमी में नया उपार्जन केंद्र खुलने से आसपास के किसानों को अत्यधिक राहत मिली है। पहले दूरस्थ केंद्रों तक धान ले जाने में समय, खर्च और असुविधाएँ आम थीं, लेकिन अब पास में ही केंद्र उपलब्ध होने से किसानों में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में बोरे की पर्याप्त उपलब्धता, सुव्यवस्थित तौल, पीने के पानी, छाया और कर्मचारियों का सहयोग,सब कुछ किसान हित में सुनिश्चित है। किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।”
शासन द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को किसान ऐतिहासिक व अत्यंत लाभकारी निर्णय बता रहे हैं। किसान कमलेश लोधी ने कहा कि 31 सौ रुपए की दर किसानों के जीवन में नई खुशहाली लेकर आई है। यह अब तक का सबसे मजबूत किसान हितैषी कदम है।”
किसानों की सुविधाएँ, आधुनिक तकनीक का प्रयोग और उपार्जन केंद्रों में सुदृढ़ व्यवस्थाएँ इस बात का प्रमाण हैं कि इस वर्ष की धान खरीदी पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रही है।
ग्राम मोखला की किसान श्रीमती किरण साहू धान की बिक्री के लिए पहुंची धान उपार्जन केन्द्र भर्रेगांव
धान खरीदी केन्द्रों में पेयजल, प्रकाश, इलेक्ट्रानिक मशीन सहित अन्य सुविधाओं की प्रशंसा की
धान खरीदी को लेकर किसानों में खुशी और उल्लास का माहौल
रायपुर, 17 नवम्बर 2025
राज्य में धान खरीदी को लेकर किसानों में खुशी और उल्लास का माहौल है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है। राजनांदगांव जिले के ग्राम मोखला की किसान श्रीमती किरण साहू धान की बिक्री के लिए धान उपार्जन केन्द्र भर्रेगांव पहुंची थी। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में पेयजल, प्रकाश, इलेक्ट्रानिक मशीन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध है। टोकन तुंहर हाथ मोबाईल एप के माध्यम से ऑनलाईन टोकन प्राप्त किया था। श्रीमती किरण साहू ने बताया कि उनके पास 3.40 एकड़ जमीन है और आज वे यहां 71.20 क्विंटल धान की बिक्री करने के लिए यहां पहुंची है। उन्होंने कहा कि शासन की यह योजना बहुत अच्छी है। सरकार धान की अच्छी कीमत दे रही है। इस योजना के कारण किसान समृद्ध हो रहे है।
श्रीमती किरण साहू ने बताया कि पिछले वर्ष समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के प्राप्त राशि से बेटी की शादी करवायी थी। यह योजना उनके परिवार के लिए मददगार साबित हो रही है। इस वर्ष प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर का निर्माण भी हो गया है। उन्होंने शासन की योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को तहेदिल से शुक्रिया अदा की। गौरतलब है कि धान खरीदी केन्द्रों में आधार आधारित बायोमैट्रिक खरीद प्रणाली के माध्यम से धान खरीदी का कार्य जारी है। धान खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध है। साथ ही इलेक्ट्रानिक तौल यंत्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है।
धान खरीदी व्यवस्था में सुशासन की झलक
सरकार की व्यवस्था से महिला किसान चैती बाई के चेहरे पर मुस्कान
रायपुर, 17 नवम्बर 2025
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही प्रदेश के किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसी विश्वास का उदाहरण धमतरी जिले के संबलपुर गाँव की महिला किसान श्रीमती चैती बाई साहू। प्रदेश सरकार की संवेदनशील और किसान हितैषी नीतियों के चलते उपार्जन केन्द्र में सहजता से अपना धान बेचने के बाद चैती बाई के चेहरे पर एक विश्वास भरी मुस्कान देखने को मिली।
श्रीमती चैती बाई साहू के परिवार में धान विक्रय की जिम्मेदारी वर्षों से उनके पति निभाते रहे हैं, परंतु पति के स्वास्थ्यगत कारणों से इस वर्ष अपना धान बेचने के लिए वह स्वयं 57 क्विंटल धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुँचीं। पहली बार इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभालने के बावजूद उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन और व्यवस्था पर भरोसा था कि उन्हें उपार्जन केन्द्र में किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में बारदाना, हमाल, डिजिटल तौल मशीन, पेयजल, शौचालय, बिजली तथा प्रशिक्षित ऑपरेटर सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध थीं, जिससे धान बेचने की पूर्री प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी रूप से संपन्न हुई।
धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग चैती बाई अपने पति के उपचार हेतु करना चाहती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लागू की गई किसान हितैषी नीतियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। इससे न केवल खेती अधिक लाभप्रद बनी है, बल्कि उनके जैसे अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो रही है।
चैती बाई ने बताया कि धान का प्रति क्विंटल 3100 रूपए मूल्य और धान बेचने की पारदर्शी व्यवस्था से उनके परिवार को आर्थिक स्थिरता मिली है। साथ ही उन्होंने केंद्र के कर्मचारियों, हमालों और प्रशासनिक टीम की कार्यकुशलता की भी प्रशंसा की, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को सहज और किसान-अनुकूल बनाया। चैती बाई का कथन इस बात का प्रमाण है कि सरकार की नीतियाँ जब संवेदनशीलता और सुशासन के साथ जमीन पर प्रभावी रूप से लागू होती हैं, तो उसका प्रत्यक्ष लाभ किसानों तक पहुँचता है। चैती बाई की मुस्कान सरकार की कृषि नीतियों की सफलता और किसानों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।
उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्था से प्रसन्न है धान विक्रेता कृषक
रायपुर, 17 नवम्बर 2025
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप 15 नवम्बर से राज्यभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सबसे बड़ा महापर्व प्रारंभ हो गया है। इस महाअभियान को लेकर सक्ती जिले के किसानों में उत्साह का वातावरण है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के प्रथम दिन देवरघटा धान उपार्जन केंद्र में किसान श्री गेंदराम साहू ने सबसे पहले धान विक्रय किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और जिले में धान खरीदी महाअभियान का शुभारंभ किया।
श्री साहू ने बताया कि उन्होंने तुहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से समय पर टोकन बुक किया था, जिससे उन्हें खरीदी केंद्र में किसी प्रकार की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ी। धान तौल प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता और तौल प्रबंधन सभी चरणों में सोसायटी कर्मचारियों ने मदद की। श्री साहू ने बताया कि उनके द्वारा बेचे गए धान का समर्थन मूल्य मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के माध्यम से आदान सहायता भी मिलेगी। कुल मिलाकर उन्हें उनके धान का प्रति क्विंटल 3100 मूल्य मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा हेतु पारदर्शी टोकन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, पर्याप्त बारदाना और सुचारू भुगतान व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि 31 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान किसी भी किसान को कतार, भुगतान या खरीदी से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोसाबाड़ी के सब्जी विके्रताओं ने उद्योग मंत्री व महापौर को तौला सब्जी व फल से, वेडिंग जोन की सौगात पर जताया आभार
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने वेंडिंग जोन के लोकार्पण के साथ ही वार्ड क्र. 31 में दी 03 करोड़ 30 लाख रू. के विकास कार्यो की सौगात
रायपुर, 17 नवम्बर 2025



कोरबा के कोसाबाड़ी वेंडिंग जोन के सब्जी फल विक्रेताओं ने आज भारी उत्साह दिखाते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत को फल व सब्जियों से तौला व्यवसायियों से उद्योग मंत्री श्री देवांगन व महापौर श्रीमती राजपूत का आतशी स्वागत करते हुए वेंडिंग जोन की सौगात दिए जाने पर उनके प्रति हार्दिक आभार जताया, वहीं उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने वेंडिंग जोन का लोकार्पण किए जाने के साथ ही वार्ड क्र. 31 में 03 करोड़ 30 लाख रूपये की लागत वाले विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यो की सौगात देते हुए कार्यो का भूमिपूजन किया तथा त्वरित रूप से कार्य प्रारंभ कर समयसीमा में कार्यो को पूरा करने एवं कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा कोसाबाड़ी चैक में सड़क के किनारे बरसों से फल सब्जी की दुकान लगाकर व्यवसाय करने वालें लघु व्यवसायियों को उनके व्यवसाय हेतु सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के मद्देनजर 19 लाख 65 हजार रूपये की लागत से वेंडिंग जोन का निर्माण कराया गया है, आज प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वेंडिंग जोन का लोकार्पण किया तथा लघु व्यवसायियों को सुव्यवस्थित दुकानों की सौगात प्रदान की, कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के द्वारा की गई। इसी प्रकार उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने वार्ड क्र. 31 के विभिन्न स्थानों में सड़क, नाली, नाला, बाउण्ड्रीवाल, सड़क रोशनी व्यवस्था आदि से जुडे़ 03 करोड़ 30 लाख रूपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्याे का भूमिपूजन भी किया।
कोरबा की जनता से मिले अपार प्यार, स्नेह के लिए दिल से आभारी हॅूं
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने उद्बोधन में विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि कोरबा की जनता ने जो प्यार, स्नेह मुझे दिया है तथा मुझ पर सदैव अपना विश्वास जताया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होने कहा कि आज मैं जो कुछ भी हूॅं तथा जनता जनार्दन की सेवा कर पा रहा हूॅं वह सब कोरबा की जनता के प्यार व स्नेह के कारण ही संभव हुआ है। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल मार्गदर्शन में हमारे छत्तीसगढ़ राज्य का तेजी से विकास हो रहा है, उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किसान, मजदूर, गरीब, निर्धन, महिला, नौजवान सहित समाज के सभी वर्गो के उत्थान एवं उनका जीवन स्तर ऊपर उठाने के लिए व्यापक पैमाने पर योजनाएं संचालित कर देश की दशा व दिशा में ऐतिहासिक बदलाव लाया है, उन्होने कहा कि सहज, सरल व्यक्तित्व के धनी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है, 15 वर्षो तक डाॅ.रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर किया था, आज मुख्यमंत्री श्री साय प्रदेश के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि जहाॅं तक कोरबा के विकास का प्रश्न है, तो निगम के सभी 67 वार्डो में बिना किसी भेदभाव के दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केवल जनताजनार्दन की इच्छा व उनकी आवश्यकता के अनुसार तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विगत डेढ़ वर्षो के दौरान सभी मदों के अंतर्गत लगभग 800 करोड़ रूपये के विकास कार्यो को स्वीकृत दी गई है, उन्होने कहा कि कोरबा क्षेत्र की सभी सड़कों का कायाकल्प का कार्य भी अब शीघ्र ही प्रारंभ होगा।
उद्योग मंत्री कोरबा को लगातार दे रहे विकास की सौगात
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन लगातार कोरबा नगर निगम क्षेत्र को विकास कार्यो की सौगात प्रदान कर रहे हैं तथा उन्ही के मार्गदर्शन में कोरबा का तेजी से विकास किया जा रहा है। महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि कोसाबाड़ी चैक पर आज नवनिर्मित वेंडिंग जोन का लोकार्पण किया गया है, यहाॅं पर सड़क के किनारे सब्जी फल की दुकानें लगती थी, गर्मी, ठंडी, बरसात में व्यवसायियों को असुविधा होती थी, समय-समय पर उन्हें हटा भी दिया जाता था, हमने उनके दुख-दर्द को समझा तथा एक स्थाई हल खोजते हुए वेंडिंग जोन का निर्माण कराया, अब सब्जी फल विक्रेताओं को कोई हटा नहीं सकेगा, उन्हें अपने व्यवसाय हेतु व्यवस्थित स्थान मिल चुका है।
सब्जी फल विके्रताओं में है खुशी की लहर
इस मौके पर वार्ड पार्षद श्री अशोक चावलानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि फल सब्जी के लघु विके्रता पूर्व में सड़क पर दुकानें लगाते थे, अब व्यवस्थित वेंडिंग जोन बन गया है, विक्रेताओं को सुविधाजनक स्थान मिल चुका है, इससे उनके बीच खुशी की लहर व्याप्त है तथाा वे तहे दिल से उद्योग मंत्री श्री देवांगन व महापौर श्रीमती राजपूत के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त कर रहे हैं। उन्हेाने कहा कि आज मेरे वार्ड में 03 करोड़ 30 लाख रूपये के विकास कार्यो का शुभारंभ भी उद्योग मंत्री श्री देवांगन के हाथों किया गया है, जिसके लिए मैं वार्डवासियों की ओर से उद्योग मंत्री श्री देवांगन व महापौर श्रीमती राजपूत का आभार व्यक्त करता हूॅं।
सब्जी फल विके्रताओं ने जताया आभार
इस मौके पर सब्जी फल विक्रेता विवेक सिंह राठौर, श्रीमती सावित्री साहू, राजेश साहू सहित अन्य लघु विक्रेताओं ने वेंडिंग जोन की सौगात उन्हें दिए जाने पर उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 20 वर्ष से हम सड़क पर सब्जी फल की दुकानें लगाते थे, समय-समय पर हमें हटना भी पड़ता था, गर्मी, ठंडी, बरसात में असुविधा होती थी, दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती थी किन्तु अब हम सबको सुव्यवस्थित दुकानें मिल चुकी है, हमारी परेशानियाॅं खत्म हो चुकी है, अब हमें बार-बार हटना नहीं पडे़गा, हम सब इसके लिए उद्योग मंत्री व महापौर के प्रति दिल से आभारी हैं।
इन कार्यो का हुआ भूमिपूजन
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के करकमलों से आज वार्ड क्र. 31 में जिन कार्यो का भूमिपूजन किया गया, उनमें वार्ड क्र. 31 अंतर्गत सोनी के घर से युगल किशोर के घर तक 50 लाख रूपये की लागत से सी.सी. रोड व नाली निर्माण, वार्ड क्र. 31 अंतर्गत मेन पोस्ट आफिस से धोबी मोहल्ला एवं फेस-2 के बजरंग मंदिर के पास तक 50 लाख रूपये की लागत से सी.सी. रोड का निर्माण, वार्ड क्र. 31 पोड़ीबहार चर्च में हनुमान मंदिर तक 01 करोड़ 96 लाख 22 हजार रूपये की लागत से आर.सी.सी. नाली का निर्माण, वार्ड क्र. 31 अंतर्गत कबीर आश्रम के पीछे 13 लाख 56 हजार रूपये की लागत से प्रीकास्ट बाउण्ड्रीवाल का निर्माण तथा वार्ड क्र. 31 एवं 32 अंतर्गत सुभाष चैक से पोड़ीबहार मुक्तिधाम तक 19 लाख 80 हजार रूपये की लागत से सड़क बत्ती प्रदाय कार्य शामिल हैं।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी व नरेन्द्र देवांगन, एम.आई.सी.सदस्य अजय गांेड़ व ममता यादव, पार्षद पंकज देवांगन, शिवकली जायसवाल, प्रताप सिंह कंवर व राकेश वर्मा, कोसाबाड़ी मण्डल अध्यक्ष राजेश राठौर, चेम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, विनोद अग्रवाल, आरिफ खान, दीपनारायण सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, दीपनारायण सोनी, मोहनलाल अग्रवाल, अनिल यादव, दिनेश वैष्णव, प्रकाश अग्रवाल, राजेन्द्र सिंह राजपूत, पुनीराम साहू, भुनेश्वर तिवारी, सहित काफी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
प्रेस काम्पलेक्स में शौचालय निर्माण का भूमिपूजन
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने टी.पी.नगर स्थित प्रेस काम्पलेक्स में जिला खनिज न्यास मद से 10 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने जा रहे महिला एवं पुरूष शौचालय के निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में किया, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के द्वारा की गई, इस मौके पर कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल, संरक्षक मनोज शर्मा, किशोर शर्मा, देवेन्द्र गुप्ता, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन व युगल कैवर्त, मण्डल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, प्रफुल्ल तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार ई.जयंत, रामेश्वर ठाकुर, राजकुमार साह सहित वरिष्ठ पत्रकारगण उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने आरंग के क्षेत्रीय कार्यालय में किया जनदर्शन
71 प्राप्त आवेदनों में अधिकांश का त्वरित निराकरण, 50 पीएम आवास हितग्राहियों को मिले स्वीकृति पत्र
रायपुर, 17 नवंबर 2025



छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने आज यहां आरंग के नेताजी चौक स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में जनदर्शन आयोजित किया। मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे मंत्री का आमजन और जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सुबह से ही कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनदर्शन कार्यक्रम मंें 71 प्राप्त आवेदनों में अधिकांश का त्वरित निराकरण किया और 50 पीएम आवास हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र का वितरण किया।
जनदर्शन के दौरान आरंग के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं मंत्री को बताईं। गुरु खुशवंत साहेब ने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। जनदर्शन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 50 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। स्वीकृति पत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके अलावा जनदर्शन में कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का निराकरण कार्यक्रम स्थल पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों पर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरंग विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता से जुड़े और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। जनदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पंडित नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय और डीकेएस अस्पताल के स्वशासी समिति के सामान्य सभा की ली बैठक, लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय
मेडिकल कॉलेज के 200 छात्रों के लिए छात्रावास भवन पर समिति ने जताई सहमति
गरीब और बुजुर्गों का MRI तथा सीटी स्कैन निःशुल्क, शेष के लिए 2 हजार रुपए में MRI और 1 हजार रुपए में होगा सीटी स्कैन
डीकेएस अस्पताल के छात्रावास का शुल्क 5 हजार से घटकर 2 हजार 5 सौ करने का निर्णय
विभिन्न विभागों को दिए जाने वाले इंप्रेशन मनी की राशि को प्रति मांगपत्र ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख करने की घोषणा
रायपुर, 17 नवम्बर 2025

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय और डॉडीकेएस अस्पताल के स्वशासी समिति के सामान्य सभा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय और संबद्ध अस्पताल में लोगों को अविलंब स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, रीएजेंट एवं कंज्यूमेबल की खरीदी तथा आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था स्वशासी मद से करने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वशासी सभा की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अस्पताल में किसी भी मरीज को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने मरीज हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए चिकित्सा महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के लिए अति आवश्यक सामाग्रियों उपकरण/रियेजेन्ट/केमिकल/ डिस्पोजेबल सामाग्रियां इत्यादि जिनके मांगपत्र सीजीएमएससी को प्रेषित किये गए हैं, उन सामाग्रियों की आपातकालीन आवश्यकता होने पर सीजीएमएससी से एनओसी प्राप्त होने एवं राशि मिलने की प्रत्याशा में अधिष्ठाता स्तर पर छ.ग. भंडार क्रय नियमानुसार आवश्यकता के अनुरूप सामाग्री क्रय किये जाने की वित्तीय शक्ति प्रदत्त करने का अनुमोदन किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने पेट सीटी स्कैन तथा गामा कैमरा की सुविधा मरीजों को प्रदान किये जाने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए तीन महीने के अंदर इस सुविधा को प्रारंभ करने के लिए उपयुक्त व्यवस्था बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। विभिन्न विभागों को दिए जाने वाले इंप्रेशन मनी की राशि को प्रति मांगपत्र ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख करने की घोषणा की। उन्होंने अस्पताल में आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर किए जाने वाले छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों के लिए अस्पताल स्तर पर ऑटोनॉमस फंड का उपयोग करने के निर्देश दिये।
समिति की बैठक में मेडिकल कॉलेज के 200 छात्रों के लिए चयन किए गए छात्रावास भवन पर सहमति दी गई। शीघ्र ही यह छात्रावास संचालन में आ जाएगा। बैठक में डीकेएस अस्पताल के एमसीएच छात्रावास का शुल्क 5 हजार से घटाकर 2 हजार 5 सौ रुपए करने का निर्णय लिया गया।
ओपीडी में आने वाले मरीजों के सीटी स्कैन एवं एमआरआई जांच की दर को पुनरीक्षित करते हुए एपीएल (गरीबी रेखा से ऊपर जीवन यापन करने वाले) मरीजों को एमआरआई जांच हेतु ₹2000 एवं सीटी स्कैन जांच हेतु ₹1000 राशि प्रावधानित करने का निर्णय लिया। वहीं बीपीएल मरीजों तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए ओपीडी में जाँच सुविधा निशुल्क रहेगी। जबकि अंत: रोगी यानी अस्पताल में भर्ती एपीएल एवं बीपीएल दोनों मरीजों के लिए ये दोनों जांच निशुल्क है।
सांसद रायपुर श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं विधायक श्री सुनील सोनी की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया, संभाग आयुक्त श्री महादेव प्रसाद कांवरे, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. यू. एस. पैंकरा, रायपुर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, डीकेएस अस्पताल प्रबंधन समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।
माओवाद समाप्ति की ओर, ‘नियद नेल्लानार’ योजना से ग्रामीणों को मिल रहा लाभ : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
127 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास:100 सीटर छात्रावास और पहुंच मार्ग की घोषणा
मुख्यमंत्री का पारम्परिक मोहरी वाद्ययंत्र के सामूहिक वादन से हुआ स्वागत
गाड़ा समाज बूढ़ादेव महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रायपुर, 17 नवम्बर 2025

बस्तर में नक्सलवाद तेजी से समाप्ति की ओर अग्रसर है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामीणों को शासन की मूलभूत योजनाओं से तेजी से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह बस्तर को भी विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाना है। प्रदेश सरकार ने लगभग दो वर्षों की अल्पावधि में ही अधिकांश गारंटियों को पूरा कर लिया है तथा छत्तीसगढ़ को समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री श्री साय ने आज कोण्डागांव में गाड़ा समाज द्वारा आयोजित बूढ़ादेव महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर 127 करोड़ रुपए के 61 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कोनगुड़ से धनोरा मार्ग निर्माण हेतु 90 लाख रुपए, केशकाल से विश्रामपुरी मार्ग के लिए 39 करोड़ रुपए, तथा ग्राम कुधूर में अनुसूचित जनजाति बालिका 100 सीटर छात्रावास के लिए 2.71 करोड़ रुपए की घोषणा की। उन्होंने बहुउद्देशीय केंद्र, दिव्यांग सेंटर और कोचिंग सेंटर संचालित करने हेतु 1.5 करोड़ रुपए प्रदाय करने की बात कही।मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में कॉफी टेबल बुक (Journey of Dignity: Story of NRLM Kondagaon), प्रारम्भिक बाल्यावस्था देखभाल पुस्तिका, उच्च जोखिम गर्भावस्था हेतु हेल्पलाइन नंबर, हेलमेट बैंक तथा सुपोषित विकास चार्ट का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है, यहां की मिट्टी अत्यंत उर्वरा है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 15 नवम्बर से धान खरीदी शुरू कर दी गई है। महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण योजनाएँ और चरण पादुका योजना के तहत लगातार हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अच्छा किसान, व्यवसायी, जनसेवक या राजनेता बनने के लिए उत्तम शिक्षा अनिवार्य है। इसलिए सभी लोग बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के आगमन पर पारम्परिक वाद्ययंत्र मोहरी का सामूहिक वादन कर आत्मीय स्वागत किया गया।मुख्यमंत्री श्री साय ने बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना भी की।
कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सांसद श्री महेश कश्यप, सांसद श्री भोजराज नाग, विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, श्री कमलचंद्र भंजदेव, पूर्व सांसद श्री मोहन मण्डावी, पूर्व विधायक श्री शिशुपाल शोरी तथा गांडा समाज के पदाधिकारी श्री प्रदीप कुलदीप, डॉ. किरण बघेल और श्री अशोक चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित थे।
शिक्षा ही विकास का मूलमंत्र है, शिक्षा के बिना जीवन अधूरा — मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
शासकीय जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी वर्ष समारोह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के जीर्णोद्धार हेतु डेढ़ करोड़ रुपए सहित पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास भवन निर्माण की घोषणा की
रायपुर, 17 नवंबर 2025



मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जगदलपुर में शासकीय जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी वर्ष समारोह कार्यक्रम में आज शामिल हुए। बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यालय परिवार को शताब्दी वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का मूलमंत्र है, शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। भारत में प्राचीन काल से ही शिक्षा का अत्यधिक महत्व रहा है। नालंदा और तक्षशिला जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में विदेशों से विद्वान ज्ञानार्जन के लिए आते थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में बस्तर हाईस्कूल तथा कांकेर के नरहरदेव विद्यालय जैसे संस्थान शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1926 में जब इस विद्यालय का निर्माण हुआ होगा, तब संसाधनों का अत्यधिक अभाव रहा होगा, लेकिन पिछले सौ वर्षों की विकास यात्रा में इस विद्यालय ने अनगिनत होनहार छात्र-छात्राओं को तैयार किया है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। आज उनमें से अनेक पूर्व छात्र इस समारोह में सम्मिलित हुए हैं। उन्होंने संस्था के निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य गठन के पच्चीस वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के जीर्णोद्धार हेतु डेढ़ करोड़ रुपए तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही विद्यालय की अन्य सभी आवश्यकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस कार्यक्रम में शैलेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा विद्यालय को प्रदान किए गए दो ड्रोन टोकन स्वरूप प्रदान किए, साथ ही शैलेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा विद्यालय को 50 ड्रोन उपलब्ध कराने की सहमति भी दी गई, जिससे तकनीकी शिक्षा को और प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर में शताब्दी समारोह पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने स्वर्गीय ठाकुर देवेन्द्र सिंह और स्वर्गीय श्रीमती शारदा ठाकुर की स्मृति में निर्मित दो स्मार्ट क्लासों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अंतर्गत परिजात प्रजाति के पौधे का रोपण किया।
शताब्दी समारोह के ध्वजारोहण के साथ विद्या-दायिनी मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की स्मारिका का भी विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी के पिता की स्मृति में आयोजित न्योता भोज कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों को भोजन परोसा। इसके अलावा जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के वे सात पूर्व छात्र, जो पुलिस और सुरक्षा बल में सेवा के दौरान शहीद हुए, उनके छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने विद्यालय के शताब्दी समारोह के लिए बधाई देते हुए कहा कि आजादी से पहले 1926 में आरंभ हुए इस ऐतिहासिक विद्यालय के लिए यह दिन अत्यंत गौरवशाली है। पूर्व शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा पूर्व छात्रों के लिए यह यादगार लम्हा है। उन्होंने कहा कि इस संस्था से शिक्षा पाकर अनेक छात्र-छात्राएँ विभिन्न सेवाओं के माध्यम से समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को वरिष्ठजनों से सीखने का आग्रह किया और विद्यालय की सभी आवश्यकताओं को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
विद्यालय के पूर्व छात्र और विधायक जगदलपुर श्री किरण देव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अविभाजित बस्तर जिले में बस्तर हाईस्कूल और कांकेर का नरहरदेव हाईस्कूल ही प्रमुख शिक्षा संस्थान थे, जहाँ समूचे अंचल के विद्यार्थी अध्ययन करते थे। उन्होंने बताया कि इस संस्था के पूर्व छात्र आज आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर, प्राध्यापक, सफल व्यवसायी और उद्यमी के रूप में समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने पुराने शिक्षक-शिक्षिकाओं के योगदान को नमन किया और विद्यालय के जीर्णोद्धार तथा अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति का अनुरोध किया। कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.एस. रामकुमार ने प्रतिवेदन के माध्यम से स्कूल के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद (बस्तर) श्री महेश कश्यप, विधायक (चित्रकोट) श्री विनायक गोयल, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्री संजय पाण्डे, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री हरिस एस., पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित विद्यालय के पूर्व तथा वर्तमान छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ सरकार का ऐतिहासिक निर्णय: चिकित्सा शिक्षा विभाग में 125 सहायक प्राध्यापक के पदों पर सीधी भर्ती, स्वास्थ्य व्यवस्था और होगी मजबूत
10 शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के 35 विभागों में 125 सहायक प्राध्यापक के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए पीएससी द्वारा विज्ञापन जारी
रायपुर, 17 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने और मेडिकल शिक्षा को आधुनिक मानकों पर सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 125 सहायक प्राध्यापक पदों पर सीधी भर्ती की बड़ी घोषणा की है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विषयों में बड़ी संख्या में पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें पैथोलॉजी, मेडिसिन, सर्जरी, बालरोग, रेडियोलॉजी, एनेस्थीसिया, गायनेकोलॉजी, कम्युनिटी मेडिसिन, फॉरेंसिक मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी, फिजियोलॉजी, एनाटॉमी जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं।
राज्य के 10 शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के 35 विभागों में 125 सहायक प्राध्यापक के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के द्वारा विज्ञापन जारी किया गया है। इसमें ऑनलाइन आवेदन दिनांक 25.11.2025 से 24.12.2025 तक छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के द्वारा उपलब्ध लिंक पर किए जा सकेंगे।
इन 125 पदों में 45 अनारक्षित, 21अजा, 43 अजजा , 16 अपवि वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए अवसर प्रदान किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में लम्बे समय से रिक्त पड़े पद भरेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश के भविष्य के डॉक्टरों को उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रख रही है और यह भर्ती प्रदेश के लाखों नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा का आधार मजबूत करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर सहायक प्राध्यापकों की भर्ती से मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी दूर होगी, जिससे छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता भी बढ़ेगी।
सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य ढांचे को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला है। यह कदम साबित करता है कि प्रदेश सरकार मेडिकल सेक्टर को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, और आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण : भारत का सबसे बड़ा सामाजिक-आर्थिक सर्वे
देशभर में 80वां दौर जारी, छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विषय पर जनवरी से दिसंबर 2025 तक होगा सर्वेक्षण
रायपुर, 17 नवंबर 2025


भारत सरकार के सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (National Statistical Office - NSO) द्वारा देशभर में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (National Sample Survey - NSS) का 80वां दौर प्रारंभ किया गया है। यह सर्वे जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसका मुख्य विषय ‘स्वास्थ्य’ (Health) रखा गया है।
इस सर्वे का उद्देश्य नागरिकों की स्वास्थ्य स्थिति, इलाज की सुविधा, स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच जैसी जानकारियाँ एकत्रित करना है, ताकि भविष्य में केंद्र एवं राज्य सरकारें स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याण योजनाओं को और अधिक प्रभावी बना सकें।

देश का सबसे बड़ा सामाजिक-आर्थिक सर्वे
राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण भारत का सबसे बड़ा सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण है, जिसे हर वर्ष अलग-अलग विषयों पर किया जाता है। अब तक 79 दौर के सर्वेक्षण सम्पन्न हो चुके हैं, जिनमें परिवारिक उपभोक्ता व्यय, रोजगार, पेयजल, स्वच्छता, आवास, ऋण, निवेश, कृषक परिवारों की स्थिति, घरेलू पर्यटन व्यय जैसे विषय शामिल रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में भी होगा विस्तृत सर्वेक्षण
छत्तीसगढ़ में भी यह सर्वे 2025 के पूरे वर्ष संचालित होगा। राज्य के सभी जिलों में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों से न्यादर्श (सैंपल यूनिट्स) चुने गए हैं, जहाँ प्रशिक्षित क्षेत्रीय अन्वेषक (Field Investigators) घर-घर जाकर परिवारों से सीधे जानकारी ले रहे हैं।
टैबलेट आधारित रियल-टाइम सर्वे प्रणाली
इस बार सर्वेक्षण को और अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाने के लिए Computer Assisted Personal Interview (CAPI) प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। सर्वे कार्य टैबलेट के माध्यम से रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम पर किया जा रहा है।
इस विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्रत्येक सर्वे की जीपीएस लोकेशन स्वतः दर्ज होती है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि सर्वे निर्धारित क्षेत्र में ही हुआ है। इससे आंकड़ों की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बढ़ती है तथा फर्जी प्रविष्टियों की संभावना समाप्त हो जाती है।
राज्य के सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण का यह दौर छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा और भविष्य की योजनाएँ अधिक प्रभावी बन सकेंगी।
क्यों आवश्यक है यह सर्वे
इस सर्वे से प्राप्त आँकड़े यह समझने में मदद करेंगे कि राज्य और देश में लोगों की सेहत की स्थिति कैसी है, लोग इलाज पर कितना खर्च करते हैं, सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक कितना पहुँचा है और किन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता है।
इन आँकड़ों के आधार पर भारत सरकार और राज्य सरकारें नई स्वास्थ्य नीतियाँ तैयार करती हैं, अस्पतालों का विस्तार करती हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक सशक्त बनाती हैं।
सांख्यिकी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि जब सर्वे टीम उनके घर पहुँचे, तो सही और पूरी जानकारी प्रदान करें। आपकी दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और केवल नीति निर्माण के लिए उपयोग में लाई जाएगी।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सर्वेक्षण के नाम पर फर्जी सर्वे या स्कैम से सावधान रहें — केवल सरकार द्वारा अधिकृत Field Investigators, जो पहचान पत्र के साथ आते हैं, को ही जानकारी दें।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की यह पहल वैज्ञानिक, पारदर्शी और डेटा-आधारित शासन की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो भारत के सतत विकास और समावेशी नीति निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा है।
पर्यटन स्थल राजमेरगढ़ में कॉस्मिक नाइट्स का शानदार आयोजन
खगोल विज्ञान और प्रकृति अन्वेषण का रहा अनोखा संगम
रायपुर, 17 नवंबर 2025

जिले के पर्यटन स्थल राजमेरगढ़ में जिला प्रशासन एवं बनमनई इको केअर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को कॉस्मिक नाइट्स ए स्टार गेजिंग एडवेंचर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और प्रकृति प्रेमियों ने हिस्सा लिया, जिसमें मुख्य आकर्षण आधुनिक टेलिस्कोप से बृहस्पति और उसके चंद्रमा, शनि के छल्ले, ओरायन, प्लेयडीज़ सहित कई प्रमुख नक्षत्र तथा विभिन्न नेब्युला, तारा समूह, एण्ड्रोमेडा गैलेक्सी एवं अन्य खगोलीय पिण्डों का अवलोकन किया गया। खगोलीय विशेषज्ञ देवल सिंह बघेल द्वारा नक्षत्रों, ग्रहों और बम्हांड विज्ञान पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को रात में आकाश की वैज्ञानिक व्याख्या अत्यंत रोचक और सरल भाषा में बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को नक्षत्रों की पहचान, तारों की संरचना, तापमान और आयु, ग्रहों की कक्षाएँ और गति, ध्रुवतारा से दिशा निर्धारण, आकाशगंगा की संरचना, ब्रह्मांड के विकास सिद्धांत तथा रात में आकाश में मौसमी बदलाव के बारे में विस्तार से बताया।
पर्यावरणविद् संजय पयासी द्वारा मैकल पर्वतमाला की जैव विविधताओं और संरक्षण पर जानकारी दी गई। उन्होंने प्रतिभागियों को मैकल क्षेत्र की अनूठी जैव-विविधता, वनस्पति और जीव-जंतुओं की विशेष प्रजातियाँ, प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र, जल चक्र और भू-गर्भीय संरचना, मलनिया उद्गम एवं नदियों के स्रोतों की कहानी तथा मानव और प्रकृति के बीच संतुलन की आवश्यकताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जंगल आधारित जीवनशैली, स्थानीय समुदायों की भूमिका और प्रकृति संरक्षण के व्यावहारिक उपायों पर भी प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने बताया कि खगोल विज्ञान और पर्यावरण विज्ञान का यह संयुक्त अनुभव उनके लिए ज्ञान का अनूठा समागम रहा। इस आयोजन में नाइट कैंपिंग, बोन फायर, ट्रैक, स्टोरी टेलिंग, मलनिया उद्गम, जलप्रपात ट्रेक और प्रकृति अवलोकन किया गया। साथ ही स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरई एवं माहुल के दोना-पत्तल में पारंपरिक भोजन परोसा गया। प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम को बेमिसाल और हृदयस्पर्शी हिस्सा बताया है। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस तरह के कार्यक्रमों में युवाओं को विज्ञान, अंतरिक्ष अध्ययन, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का अवसर मिलता है।
मनेन्द्रगढ सिथत गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क को राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई पहचान
डीएफओ मनेंद्रगढ़ मनीष कश्यप “Nexus of Good“ अवॉर्ड्स से सम्मानित
रायुपर,17 नवम्बर 2025

गौरव का क्षण तब बना जब वनमंडलाधिकारी (DFO) मनेंद्रगढ़ श्री मनीष कश्यप को “Nexus of Good Foundation Awards 2025” से दिल्ली में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें एशिया के सबसे बड़े और 29 करोड़ वर्ष पुराने गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क को विकसित कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रदान किया गया। पर्यावरण संरक्षण श्रेणी में चुनिंदा नवीनतम कार्यों के बीच उनका नवाचार विशेष रूप से सराहा गया।

Nexus of Good Foundation, जो देशभर के सेवारत एवं सेवानिवृत्त IAS और IPS अधिकारियों की संस्था है, समाज में किए जा रहे नवाचारी कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन देने का कार्य करती है। इस वर्ष अवॉर्ड्स के लिए कुल 150 नवाचार कार्यों के आवेदन आए, जिनमें से 26 श्रेष्ठ कार्यों को चयनित किया गया। चयन प्रक्रिया UPSC के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ IAS अधिकारी दीपक गुप्ता की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा की गई। समारोह में भारत सरकार के पूर्व कैबिनेट सेक्रेटरी और रिटायर्ड IAS अधिकारी श्री बी.के. चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि यह लगातार दूसरा वर्ष है जब डीएफओ मनीष कश्यप को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। इससे पूर्व वर्ष 2024 में उनके नवाचार “महुआ बचाओ अभियान”, जिसके तहत घटती महुआ संख्या को पुनर्जीवित करने की पहल की गई, को भी राष्ट्रीय प्रशंसा प्राप्त हुई थी।

गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्कर- एशिया का अनोखा प्राकृतिक धरोहर स्थल
मनेंद्रगढ़ में स्थित गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क एशिया का सबसे बड़ा मरीन फॉसिल साइट है। भारत में ऐसे केवल पांच स्थान हैं, जहां मरीन फॉसिल पाए जाते हैं। इसकी खोज वर्ष 1954 में हुई थी, लेकिन यह अद्भुत प्राकृतिक धरोहर एक लंबे समय तक पर्यटन मानचित्र पर पहचान नहीं बना पाई। वन विभाग के नेतृत्व में हाल के वर्षों में इसे वैज्ञानिक संरक्षण और आकर्षक स्वरूप देकर नया जीवन मिला है। प्राकृतिक रूप से मौजूद विशाल ग्रेनाइट चट्टानों पर पुरातन जीवों और डायनासोर प्रजाति सहित 35 जीवों की मूर्तियां उकेरी गई, जो पर्यटकों को आदिकालीन इतिहास का प्रत्यक्ष अनुभव करते हैं।
पार्क में विकसित कैक्टस गार्डन, आधुनिक इंटरप्रिटेशन सेंटर और हसदेव नदी में शुरू की गई बोटिंग सुविधा ने इसे पर्यटन की दृष्टि से और भी आकर्षक बना दिया है। अप्रैल 2025 में उद्घाटन के बाद अब तक 13,000 से अधिक पर्यटक इस स्थल का भ्रमण कर चुके हैं। मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में सैलानी यहां आ रहे हैं, जिससे यह माना जा रहा है कि आने वाले समय में पर्यटन संख्या और तेजी से बढ़ेगी।
सरगुजा संभाग में अब तक पर्यटक मुख्य रूप से मैनपाट की ओर आकर्षित होते थे, लेकिन अब गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क तेजी से उभरता हुआ नया पसंदीदा पर्यटन स्थल बन रहा है। यह न केवल मनेंद्रगढ़ जिले की पहचान बढ़ा रहा है, बल्कि पूरे क्षेत्र में इको-टूरिज्म की संभावनाओं को मजबूत कर रहा है। इस उपलब्धि ने मनेंद्रगढ़ को राष्ट्रीय मानचित्र पर विशेष स्थान दिलाया है और डीएफओ मनीष कश्यप का योगदान पर्यावरण संरक्षण और नवाचार प्रबंधन की दिशा में प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा है।
हड़ताली समिति कर्मचारियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
प्रभारी प्रबंधक सहित 13 कर्मचारी बर्खास्त,3 के विरुद्ध एफआईआर प्रस्तावित
रायपुर, 17 नवम्बर 2025
सहकारी समिति के हड़ताली कर्मचारियों के विरुद्ध प्रशासन के द्वारा सख्त कार्यवाही शुरू कर दी गई है। धान खरीदी कार्य से इंकार करने वाले कर्मचारियों पर अति आवश्यक सेवा अनुरक्षण क़ानून के तहत कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज प्रभारी प्रबंधक सहित 13 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है तथा 3 कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर प्रस्तावित है।
जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिमगा समिति प्रबंधक मंजुला शर्मा, खोखली समिति प्रबंधक राकेश कुमार टंडन, धुर्रा बांधा समिति प्रबधक मूलचंद वर्मा,रोहांसी समिति प्रबंधक धर्मेन्द्र साहु, समिति प्रबंधक तिल्दा रामकुमार साहु को बर्खास्त किया गया है। इसीतरह कसडोल विकासखंड के समिति गिरौद के विक्रेता नन्द कुमार पटेल, हसुआ के विक्रेता गोकुल प्रसाद साहु,थरगांव के विक्रेता ललित साहू, कटगी के विक्रेता रामस्वरूप यादव,चिखली के विक्रेता खेलसिंग कैवर्त्य कोसमसरा के विक्रेता अमित साहू, सरखोर के विक्रेता भीम साहु, लवन के विक्रेता रविकमल को बर्खास्त किया गया है। विकासखंड पलारी अंतर्गत समिति कोनारी के प्रभारी प्रबंधक राजेंद्र चंद्राकर, समिति रोहरा के कम्प्यूटर ऑपरेटर बीरेंद्र साहु एवं समिति रिसदा के विक्रेता टीका राम वर्मा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने शाखा प्रबंधक को पत्र जारी किया गया है।