छत्तीसगढ़ / रायपुर
दो दिन, दो फैसले: हाईकोर्ट से नौकरी मिली, रायपुर कोर्ट से जेल...
रायपुर । छत्तीसगढ़ के खाद्य विभाग में फूड इंस्पेक्टर के पद से बर्खास्त किए गए प्रहलाद राठौड़ को जहां हाईकोर्ट से नौकरी वापस पाने की राहत मिली, वहीं महज़ दो दिन बाद रायपुर की एक अदालत ने उन्हें अनाचार, अपहरण और मारपीट के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
हाईकोर्ट का फैसला:
प्रहलाद राठौड़ को भूतपूर्व सैनिक कोटे से 30 अगस्त 2018 को फूड इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त किया गया था। उन्हें 15 मार्च 2024 को सेवा से बर्खास्त किया गया क्योंकि पुलिस वेरिफ़िकेशन रिपोर्ट में उनके खिलाफ दो आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए थे।
इस निर्णय को उन्होंने हाईकोर्ट में चुनौती दी। सिंगल बेंच ने याचिका खारिज की, लेकिन डबल बेंच ने 3 नवंबर 2025 को फैसला देते हुए राठौड़ को नौकरी पर पुनः बहाल करने का आदेश दिया।
कोर्ट ने पाया कि दोनों मामले वर्ष 2002 के हैं और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत उन्हें अयोग्यता से छूट प्राप्त है। साथ ही, वर्ष 2007 में लोक अदालत में समझौते के बाद मामला समाप्त हो चुका था।
रायपुर कोर्ट का फैसला:
हाईकोर्ट के आदेश के दो दिन बाद, 5 नवंबर 2025 को रायपुर की विशेष अदालत (एट्रोसिटीज) ने प्रहलाद राठौड़ को आजीवन कारावास की सजा सुना दी। मामले के अनुसार, राठौड़ ने खुद को अविवाहित बताकर एक महिला — जो जिला पंचायत सदस्य थीं — से संबंध बनाए। बाद में विवाहित होने की सच्चाई सामने आने पर पीड़िता ने संबंध समाप्त कर दिए। इसके बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया।
31 जनवरी 2023 को आरोपी ने पीड़िता को ओयो होटल बुलाकर कथित रूप से बंधक बनाकर अनाचार किया और अगले दिन अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की।
विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटीज) पंकज कुमार सिन्हा ने आरोप सिद्ध पाते हुए प्रहलाद राठौड़ को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। सजा के बाद आरोपी को रायपुर जेल भेज दिया गया है।
कैट की सभी जिला इकाइयों में बनेगा महिला विंग
रायपुर । देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने घोषणा की है कि प्रदेश सहित सभी जिला इकाइयों में कैट महिला विंग का गठन किया जाएगा।
इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और उनके व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी ने बताया कि संगठन घर से या छोटे स्तर पर कारोबार करने वाली महिलाओं को सहयोग और दिशा प्रदान करेगा ताकि वे विकास और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ सकें। प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोरा, महामंत्री पिंकी अग्रवाल और कोषाध्यक्ष प्रेरणा भट्ट ने कहा कि कैट महिला विंग महिलाओं के नेतृत्व और उद्यमिता को प्रोत्साहन देने में अहम भूमिका निभाएगा।
बैठक में अमर पारवानी, विक्रम सिंहदेव, परमानंद जैन, सुरेन्द्र सिंह, मधु अरोरा, पिंकी अग्रवाल, प्रेरणा भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संभाग स्तरीय सरस मेला में दिखेगी महिला सशक्तिकरण की झलक
6 से 9 नवंबर तक जशपुर के मयाली में लगेगा सरस मेला
“महिलाओं का हुनर, जशपुर का गौरव” थीम पर होगा आयोजन
रायपुर, 05 नवम्बर 2025

जिला प्रशासन जशपुर एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के संयुक्त तत्वावधान में संभाग स्तरीय सरस मेला-2025 का आयोजन 6 से 9 नवंबर तक जशपुर जिले के मयाली में होगा। यह मेला आत्मनिर्भर ग्रामीण महिलाओं के हुनर, कौशल एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। मेला में जशपुर सहित सरगुजा संभाग के समस्त जिलों सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया एवं मनेन्द्रगढ़ -चिरमिरी -भरतपुर से 03 से 05 एसएचजी के सदस्य शामिल होंगे। यहां स्टॉलों के माध्यम से समूहों के उत्पाद, हस्तशिल्प, वनोपज आधारित वस्तुएँ तथा पारंपरिक कलाकृतियों का प्रदर्शन सह-विक्रय किया जाएगा। लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
छत्तीसगढ़ की विकास गाथा देखने पहुंचे लोगों में भारी उत्साह
“छत्तीसगढ़ - प्रकृति, संस्कृति और प्रगति का संगम” थीम पर आधारित जनसंपर्क विभाग की डिजिटल प्रदर्शनी
रायपुर, 05 नवंबर 2025



छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित दीनदयाल परिसर में आयोजित पाँच दिवसीय राज्योत्सव के अंतिम दिन जनसम्पर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी में आम नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। “छत्तीसगढ़ - प्रकृति, संस्कृति और प्रगति का संगम” थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा को रोचक और सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान, पर्यावरण संरक्षण तथा डिजिटल प्रगति को आकर्षक दृश्य प्रस्तुति और सूचनाप्रद छायाचित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसके माध्यम से आम नागरिक राज्य शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को सरल एवं सहज रूप से समझ पा रहे हैं। राज्योत्सव स्थल पर पहुँचे खैरागढ़ के ग्राम सिंगारपुर के सुभाष निषाद, प्रेरणा निषाद और प्रणव निषाद ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास का संतुलित एवं प्रेरक चित्रण किया गया है।
रायपुर के अमलीडीह से आई निशा ध्रुव, मोहिनी ध्रुव और अनीता भारती ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। वहीं संजय नगर से पहुँची श्रीमती ममता पाटिल ने कहा कि प्रदर्शनी में लगा 360 डिग्री इमर्सिव डोम बेहद आकर्षक और जानकारीपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि इस डोम में अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, प्रमुख योजनाओं और राज्य की प्रगति को रोचक दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति के जरिए प्रदर्शित किया गया है, जो दर्शकों को वास्तविक अनुभव प्रदान करता है।
उरकुरा रायपुर से आई प्रिया, मुस्कान, ख्याति, जानवी रजक, भुनेश्वरी जायसवाल और तारिणी साहू ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी से उन्हें राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं और समृद्ध संस्कृति की गहन जानकारी मिली। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपरा को दर्शाने वाले पारंपरिक वाद्य यंत्रों का भी प्रदर्शन किया गया है। लोग इन वाद्यों को बड़ी उत्सुकता से देखते हुए फोटो भी क्लिक कर रहे हैं। प्रदर्शनी में आगंतुकों को ‘जनमन’ पत्रिका और शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित ब्रोशर सहित उपयोगी प्रचार सामग्री निःशुल्क वितरित की जा रही है। इन प्रकाशनों के माध्यम से नागरिक राज्य सरकार की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
राज्योत्सव के मंच पर छत्तीसगढ़ी रंग और सुरों की गूंज
पूनम विराट तिवारी के लोकमंच से लेकर कैलाश खेर के सुरों तक झूम उठा पंडाल
रायपुर, 5 नवम्बर 2025






छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय राज्योत्सव 2025 का समापन सांस्कृतिक रंगों और संगीत की मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुआ। समापन दिवस की संध्या ने छत्तीसगढ़ी परंपरा, संगीत और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कलाकारों ने सजाई लोक-संस्कृति की छटा
कार्यक्रम का शुभारंभ इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक पंथी-कर्मा नृत्य से हुआ। ढोल-मांदर की थाप और सामूहिक नृत्य मुद्राओं ने मंच को जीवंत बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा और छत्तीसगढ़ी लोकताल की थिरकन ने पूरे वातावरण को राज्य की माटी की महक से भर दिया।
लोकमंच पर पूनम विराट तिवारी की सुमधुर प्रस्तुति ने बांधा समां
लोककला की सशक्त प्रतिनिधि श्रीमती पूनम विराट तिवारी ने अपने लोकमंच से राज्योत्सव की शाम को लोकगीतों की भावनाओं से सराबोर कर दिया।
उन्होंने “चोला माटी के राम”, “छत्तीसगढ़ मया के धरती” और “अरपा पैरी के धार” जैसे गीतों के माध्यम से लोकजीवन की सादगी, करुणा और भक्ति को अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट के साथ झूम उठे।
संगीतमय समापन में गूंजे कैलाश खेर के सूफियाना सुर
समारोह का चरम क्षण तब आया जब मंच पर पहुंचे देश के सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक श्री कैलाश खेर।उन्होंने अपनी अनूठी आवाज़ में पिया के रंग रंग दीन्ही ओढ़नी,आदि योगी,कौन है वो कौन है वो कहां से वो आया,बुमलहरी और क्या कभी अम्बर से' जैसे गीत प्रस्तुत किए। उनकी सुमधुर गायकी ने दर्शकों को भावनाओं के संगीत के सागर में डुबो दिया।
कैलाश खेर ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल संस्कृति की धरती नहीं, बल्कि यह संगीत, संवेदना और सादगी का प्रतीक है। मुझे गर्व है कि मैं इस पवित्र भूमि के उत्सव का हिस्सा बना।
लोकधुनों और सूफियाना संगीत का अद्भुत संगम
समापन समारोह में लोक, शास्त्रीय और आधुनिक संगीत का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को एक सूत्र में पिरो दिया। राज्य के लोक कलाकारों के समूह नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हुआ राज्योत्सव का भव्य समापन
राज्योत्सव की इस अंतिम संध्या में हजारों दर्शकों की उपस्थिति रही।पूरा पंडाल तालियों और झूमते कदमों से गूंज उठा। राज्योत्सव 2025 का यह समापन समारोह छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के संगीतमय मेल का जीवंत उदाहरण बन गया।
लखपति दीदी महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण समृद्धि की मिसाल - उपराष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन
यह सम्मेलन छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की जीवंत तस्वीर-राज्यपाल श्री डेका
राजनांदगांव में लखपति दीदी सम्मेलन में शामिल हुए उपराष्ट्रपति राज्यपाल और मुख्यमंत्री
रायपुर, 05 नवम्बर 2025







राजनांदगांव के स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन में देश के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने महतारी वंदन योजना और नियद नेल्लानार योजना के तहत 69 लाख 15 हजार 273 हितग्राहियों को कुल 647 करोड़ 28 लाख 36 हजार 500 रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन ने कहा कि लखपति दीदी आत्मनिर्भरता और सम्मान का प्रतीक हैं। यह केवल आय का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और समाज में उनके बढ़ते प्रभाव का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिला महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बन चुका है, जहां महिलाएं आर्थिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर अग्रसर हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए चल रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि छत्तीसगढ़ आज बिजली उत्पादन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि लखपति दीदी आंदोलन दिखाता है कि जब महिलाएं संगठित होती हैं, तो परिवर्तन की गाथाएं स्वयं लिखती हैं।
अपने संबोधन में राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि लखपति दीदी सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की जीवंत तस्वीर है। यह सम्मेलन इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, संकल्प और आत्मबल से कैसे समृद्धि का नया अध्याय लिखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आज हर जिले में महिलाएं स्वसहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सक्षम हो रही हैं। बलरामपुर में महिलाएं बाड़ी विकास और विपणन में, बस्तर में वनोपज से जैविक उत्पाद तैयार करने में, और कोण्डागांव में फूड प्रोसेसिंग, सिलाई-कढ़ाई जैसे कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
राजनांदगांव जिले में ही लगभग 40 हजार लखपति दीदियां बनी हैं, जिनमें से 208 दीदियां सालाना 5 लाख रुपए से अधिक और 26 दीदियां 10 लाख रुपए से अधिक का व्यवसाय कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा केवल आर्थिक उपलब्धि नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर दीदी की कहानी प्रेरणा है। जब संकल्प और सामूहिक प्रयास जुड़ते हैं, तो आत्मनिर्भरता केवल सपना नहीं रहती, वह हकीकत बन जाती है।
राज्यपाल ने पद्मश्री फूलबासन बाई यादव जैसी महिलाओं के कार्यों को आदर्श बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से नारी सशक्तिकरण का मार्ग और सशक्त हुआ है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिला उद्यमिता और स्वरोजगार के लिए देशभर में अनेक योजनाएं चल रही हैं, और छत्तीसगढ़ ने उन्हें ज़मीन पर उतारकर एक “सशक्त भारत, सशक्त छत्तीसगढ़” की मिसाल पेश की है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में 7 लाख 82 हजार लखपति दीदी बनाने का है, जिनमें से अब तक 4 लाख 93 हजार दीदियां आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना से बस्तर के दूरस्थ इलाकों में बिजली, पानी और सड़क जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि लखपति दीदी सम्मेलन नारी शक्ति की पहचान और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले ने विकास की दिशा में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं चाहे वह पीएम आवास निर्माण हो, जल संरक्षण या कुपोषण उन्मूलन का अभियान।
उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने हेतु पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के योगदान की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेशदत्त मिश्रा, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला स्वसहायता समूह की दीदियां उपस्थित थीं।
उपराष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन को एयरपोर्ट में दी गई बिदाई
रायपुर, 05 नवम्बर 2025
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन राज्य अलंकरण समारोह एवं राज्योत्सव 2025 के समापन समारोह में शामिल होने के पश्चात नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनको माना एयरपोर्ट रायपुर में राज्यपाल श्री रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिदाई दी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
छत्तीसगढ रजत महोत्सव-2025 : उप राष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने छत्तीसगढ़ के 34 अलंकरण से 37 विभूतियों एवं 4 संस्थाओं को किया सम्मानित
रायपुर, 05 नवंबर 2025



उप राष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने आज नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के राज्य अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ के 34 अलंकरण से विभिन्न क्षेत्रों से उत्कृष्ट योगदान देने वाले 37 विभूतियों एवं 4 संस्थाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अलंकरण समारोह के अति विशिष्ट अतिथि तथा विशिष्टि अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण उपस्थित थे।
राज्य अलंकरण समारोह में उप राष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन एवं मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार श्री हिरेश सिन्हा जिला कांकेर को प्रदान किया। यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ, कात्रे नगर सोठी जिला जांजगीर-चांपा, गुण्डाधूर सम्मान सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव राजनांदगांव, मिनीमाता सम्मान श्रीमती ललेश्वरी साहू दुर्ग, गुरूघासीदास सम्मान संयुक्त रूप से श्री भुवनदास जांगड़े बेमेतरा एवं श्री शशि गायकवाड़ बलौदाबाजार-भाटापारा, ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति डोमा जिला धमतरी, हबीब तनवीर सम्मान डॉ. कुंज बिहारी शर्मा जिला रायपुर, महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान सुश्री चांदनी साहू जिला बिलासपुर को प्रदान किया गया।
इसी प्रकार पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान श्री राजेश अग्रवाल जिला रायपुर, पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान डॉ. चिंतरंजन कर जिला रायपुर, चक्रधर सम्मान पंडित कीर्ति माधव लाल व्यास जिला दुर्ग, दाऊ मंदराजी सम्मान श्री रिखी क्षत्रिय जिला दुर्ग, डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार संयुक्त रूप से श्री थनेन्द्र कुमार साहू जिला धमतरी एवं श्री वामन कुमार टिकरिहा जिला बलौदाबाजार, महाराजा अग्रसेन सम्मान श्री राजेन्द्र अग्रवाल राजू जिला बिलासपुर, चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रिंट मीडिया हिन्दी डॉ. संदीप कुमार तिवारी रायपुर एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिन्दी का पुरस्कार संयुक्त रूप से डॉ. सोमेश कुमार पटेल एवं श्री अभिषेक शुक्ला रायपुर, मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रिंट मीडिया अंग्रेजी सुश्री भावना पाण्डेय जिला दुर्ग, दानवीर भामाशाह सम्मान श्री नीरज कुमार बाजपेयी जिला राजनांदगांव, धन्वन्तरि सम्मान डॉ. अजय कृष्ण कुलश्रेष्ठ, श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार श्री सुखदेव दास जिला रायपुर को प्रदान किया गया।
इसी तरह डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान जंगो रायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था ग्राम दमकसा जिला कांकेर, रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार संयुक्त रूप से श्री मिथलेश कुमार आदिल एवं अग्रसर टीम जिला दुर्ग तथा एनटीपीसी लिमि. लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट पुसौर जिला रायगढ़ , पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान श्री योगेश कुमार साहू जिला कांकेर, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान श्री मनीष तिवारी जिला रायपुर, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार श्री रोहित कुमार कोसरिया जिला महासमुंद, किशोर साहू सम्मान श्री सुनील सोनी जिला रायपुर, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान श्री राकेश तिवारी जिला रायपुर, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार डॉ. विनोद कुमार वर्मा जिला बिलासपुर, किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण श्री अनुराग बसु मुम्बई को प्रदान किया गया।
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान संयुक्त रूप से श्री खेमचंद जैन राजनांदगांव, डॉ. सुरेश मणि त्रिपाठी, डॉ. भूपेन्द्र करवंदे एवं श्री भरतलाल सोनी रायपुर को, वीरांगन अवंतिबाई लोधी स्मृति पुरस्कार श्रीमती प्रेमशीला बघेल महासमुंद को, माता बहादुर कलारिन सम्मान श्रीमती शिल्पा पाण्डेय सृष्टि जिला सरगुजा को, पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान श्री अवधेश कुमार नई दिल्ली तथा संस्कृत भाषा सम्मान डॉ. दादू भाई त्रिपाठी जिला रायपुर को प्रदान किया गया।
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास और जमीनी स्तर पर लोकतंत्र के मॉडल के रूप में ‘लखपति दीदी’ पहल की सराहना की
उपराष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में भाग लिया
उपराष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ में बिजली की कमी से उबरकर अधिशेष बिजली संबंधी बदलाव की सराहना की
उपराष्ट्रपति ने नक्सलवाद पर अंकुश लगाने में केन्द्र, राज्य और सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की
छत्तीसगढ़ में शांति और प्रगति सामूहिक राजनीतिक इच्छाशक्ति और विकासोन्मुखी शासन का परिणाम
लोकतंत्र केवल संसद में ही नहीं, बल्कि ग्राम सभाओं, पंचायतों और स्वयं सहायता समूहों में भी बसता है: उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र – मोतियाबिंद से मुक्ति संबंधी पहल से लेकर आयुष्मान भारत के कार्यान्वयन तक - में छत्तीसगढ़ की प्रगति की सराहना की
रायपुर, 5 नवम्बर 2025
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में “लखपति दीदी सम्मेलन” में भाग लिया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, उपराष्ट्रपति ने ‘लखपति दीदी’ पहल की सराहना की तथा इसे भारत की महिलाओं की शक्ति और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि यह पहल उन महिलाओं - दीदियों - के संकल्प को दर्शाती है जो चुनौतियों को अवसरों में बदल रही हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि “लखपति दीदी” शब्द केवल आय का नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, सम्मान और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि देशभर में महिलाओं के नेतृत्व में हजारों स्वयं सहायता समूह इस बात को दर्शा रहे हैं कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और एकजुटता कैसे जीवन को बदल सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन महिलाओं की उपलब्धियां देश की उन बहनों की परिवर्तनकारी शक्ति को रेखांकित करती हैं, जो ग्रामीण भारत की रीढ़ हैं।
सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए, उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का सपना महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास की दिशा में एक असाधारण कदम है - एक ऐसा आंदोलन, जिसकी छत्तीसगढ़ में स्पष्ट अभिव्यक्ति हुई है।
उपराष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ एवं पूरे देश में महिलाओं के बढ़ते नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ पहल को एक ऐसा जीवंत आंदोलन बताया, जिसने देशभर में दो करोड़ से अधिक महिलाओं और छत्तीसगढ़ में पांच लाख महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों एवं आय-सृजन की गतिविधियों के जरिए वित्तीय आजादी हासिल करने में सक्षम बनाया है।
उन्होंने राज्य सरकार और राजनांदगांव जिला प्रशासन के समर्पित प्रयासों की सराहना की, जिससे 9,663 स्वयं सहायता समूहों के जरिए एक लाख से अधिक महिलाओं को जोड़ा गया है और 700 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सम्मान योजना के तहत राज्य द्वारा 20 किश्तों में कुल 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के सीधे हस्तांतरण ने महिला लाभार्थियों को सशक्त बनाया है।
श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने महिला सशक्तिकरण के प्रतीक के रूप में राजनांदगांव की अनूठी स्थिति पर प्रकाश डाला और कहा कि 1,000 से अधिक महिलाएं स्थानीय स्वशासन में पंच, सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि लोकतंत्र केवल संसद तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्राम सभाओं, पंचायतों और स्वयं सहायता समूहों में भी बसता है, जहां नागरिक मिलकर चर्चा करते हैं, निर्णय लेते हैं और विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी आंदोलन भागीदारी, पारदर्शिता और स्थानीय सशक्तिकरण को सुनिश्चित करके लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल ने इस धारणा को बदल दिया है कि महिलाओं को केवल घर तक ही सीमित रहना चाहिए। आज, वे प्रशासक के रूप में उभर रही हैं, आर्थिक आजादी हासिल कर रही हैं और भावी नेताओं को प्रेरित कर रही हैं।
उपराष्ट्रपति ने सरकारी सहायता से सभी बाधाओं पर विजय पाने के लिए लखपति दीदियों के साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की तथा आशा व्यक्त की कि वे शीघ्र ही करोड़पति दीदी बन जायेंगी।
छत्तीसगढ़ में हुई प्रगति को याद करते हुए, उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब इस राज्य को पानी, बिजली और विकास के अभाव का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज यह राज्य पूरे देश के लिए बिजली का उत्पादन करता है और इसने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किया है।
उन्होंने इस क्षेत्र से नक्सल समस्या को समाप्त करने के सफल प्रयासों की भी सराहना की और इसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, राज्य सरकार और सुरक्षा बलों के सहयोगात्मक दृष्टिकोण को दिया।
उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि धन का सृजन करना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि उसका वितरण। उन्होंने आगे कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारें प्रभावी ढंग से इन लक्ष्यों को हासिल करने में लगी हैं, जिससे नक्सलवाद जैसी चुनौतियों को कम करने में मदद मिली है।
हाल ही में विश्व कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत का उल्लेख करते हुए, श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने छत्तीसगढ़ की महिलाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक परिवर्तन के साथ एक प्रेरक तुलना की। उन्होंने उनके साहस, दृढ़ता और राष्ट्र की प्रगति में उनके योगदान की सराहना की।
श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने इस बात का भी स्मरण किया कि 1 नवम्बर 2000 को छत्तीसगढ़ के निर्माण से पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना पूरा हुआ तथा उन्होंने एक सांसद के रूप में इस विधेयक का समर्थन करने पर गर्व व्यक्त किया।
अपने संबोधन का समापन करते हुए, उपराष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव सशक्तिकरण, लोकतंत्र और संस्कृति के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते रहेंगे।
राजनंदगांव में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन के दौरान, उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन के समक्ष महिला समूहों द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक पहलों का प्रदर्शन किया गया। इनमें दिव्यांगजनों द्वारा स्वयं बनाए गए सहायक उपकरण भी शामिल थे। श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने इन रचनात्मक पहलों के जरिए जन कल्याण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन और सामुदायिक विकास में महिलाओं के नेतृत्व की सराहना की।
श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने राजनंदगांव स्थित उदयाचल स्वास्थ्य एवं अनुसंधान संस्थान में एक नए पांच-मंजिला भवन का भी उद्घाटन किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ को मोतियाबिंद मुक्त बनाने में इस संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका और तपेदिक से निपटने एवं वृक्षारोपण अभियानों को बढ़ावा देने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
उपराष्ट्रपति ने मोतियाबिंद-मुक्त भारत की दिशा में हुई राष्ट्रीय प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय नेत्र ज्योति अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने यह भी बताया कि आयुष्मान भारत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन जैसी पहल देशभर में स्वास्थ्य सेवा की सुलभता के मामले में व्यापक बदलाव ला रही हैं।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमन डेका; मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय; छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनंदगांव में आयोजित दोनों कार्यक्रमों में उपस्थित थे।
इससे पहले उपराष्ट्रपति ने नवा रायपुर में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (एसकेएटी) द्वारा आयोजित शानदार एयर शो का भी अवलोकन किया। यह शो राज्य के गठन की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव समारोह का एक हिस्सा था। कौशल और सटीकता के इस अद्भुत प्रदर्शन ने देशभक्ति का माहौल बनाया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के दीपावली मिलन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
रायपुर । वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद, छत्तीसगढ़ द्वारा दीपावली मिलन समारोह का आयोजन वृंदावन हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ लक्ष्मी की पूजा, दीप प्रज्वलन, मंत्रोच्चारण और भगवान विष्णु नारायण की आरती के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज जब शुभकामनाएं केवल सोशल मीडिया तक सीमित हो गई हैं, ऐसे में समाज को जोड़ने वाले आयोजन और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं। उन्होंने अपने काव्यपाठ से उपस्थित जनसमूह की खूब वाहवाही लूटी।
विशेष अतिथि डॉ. आदित्य शुक्ला (वैज्ञानिक एवं साहित्यकार, दिल्ली) ने भगवान श्रीराम के जीवन पर प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किया, जबकि पूर्व विधायक वीरेन्द्र पाण्डेय ने दीपावली के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द ओझा ने संगठन की वार्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। खुले मंच में विप्रजनों ने गीत, कविता, प्रहसन और नृत्य की विविध प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया।
मुख्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
कविता पाठ – शकुन्तला तिवारी, रश्मि शकुंतला मिश्रा, संध्या रानी शुक्ला, सुमन बाजपेयी, सीमा पाण्डेय, अर्चना पाठक, सुनील पाण्डेय, श्रद्धा पाठक, श्रुति दुबे, रज्जन अग्निहोत्री।
गायन – अनिता राव, वीणा मिश्रा, डॉ. सुनील ओझा, स्वीटी शर्मा, संजय बिलथरे, वैभवी दुबे, रिचा दुबे, सुनील शुक्ला, प्रीति मिश्रा।
नृत्य – एकल नृत्य: लक्ष्मी शर्मा; युगल नृत्य: सुरभी शर्मा, लोरी शर्मा; समूह नृत्य: नमिता शर्मा, वीणा ठाकुर, वीणा मिश्रा, सुमन पाण्डेय, कल्पना मिश्रा और समूह।
प्रहसन नाटक – उन्नति शुक्ला, प्रेमलता त्रिवेदी और उनके दल द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश, राष्ट्रीय और विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख उपस्थितजनों में अरविन्द ओझा, नमिता शर्मा, गुणनिधि मिश्रा, सुरेश मिश्रा, रज्जन अग्निहोत्री, त्रिभुवन तिवारी, अजय अवस्थी, डॉ. सुनील ओझा, नितिन कुमार झा, अविनय दुबे, शैलेश शर्मा (धन्नू), संजय बिलथरे, सुरभि शर्मा, वीणा मिश्रा, सुमन पाण्डेय, प्रीति मिश्रा, कल्पना मिश्रा, अभिषेक त्रिपाठी, राघवेंद्र पाठक, रवि शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, अनिता राव, सतीश शर्मा, रामब्रत तिवारी, रमेश मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
विभिन्न ब्राह्मण समाजों से भी प्रतिनिधि उपस्थित रहे — कान्यकुब्ज, सरयूपारीण, अखंड, सनाढ्य, गौड़, शक्ति महिला, पंजाबी और आल इंडिया मंच से आए सदस्यों ने समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन नमिता शर्मा ने किया, जबकि नितिन कुमार झा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
राज्योत्सव पर वायु सेना की टीम का रोमांचक एयर शो, सेंध जलाशय के ऊपर आसमां में गूंजा 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया'
उप राष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने देखा एयर शो
अनुशासन, परस्पर विश्वास, सटीकता और देशप्रेम के जज्बे के साथ वायु सेना के विमानों ने दिखाई कलाबाजी
वायु सेना का एयर शो छत्तीसगढ़वासियों के लिए कमाल का अनुभव, लोग देखकर एक घंटे तक होते रहे मंत्रमुग्ध
रायपुर, 5 नवम्बर 2025

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आज नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित एरोबेटिक "सूर्यकिरण" की टीम ने रोमांचक एयर शो का प्रदर्शन किया। देश के उप राष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ हजारों लोगों ने अद्भूत और रोमांचक एयर शो का आनंद लिया। आज प्रदेशवासियों के लिए वायु सेना का एयर शो कमाल का अनुभव रहा। सेंध जलाशय के ऊपर वायु सेना के फाइटर प्लेन्स ने एक के बाद एक कई हवाई करतब दिखाए। आसमान में पंछियों के झुंड की तरह बिल्कुल क्रम से उड़ने वाले फाइटर प्लेन्स के माध्यम से वायु सेना के जाबांजों ने अपने नियंत्रण और शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन किया। विमानों के माध्यम से जब आकाश में तिरंगा लहराया तो सेंध जलाशय भारत माता की जय के नारे से गूंज उठा।
एयर शो के दौरान "सूर्यकिरण" टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन श्री अजय दशरथी ने आसमान से छत्तीसगढ़वासियों को रजत महोत्सव की बधाई दी। वहीं छत्तीसगढ़ निवासी भारतीय वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर श्री गौरव पटेल ने सेंध जलाशय के ऊपर अपने कॉकपिट से 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' कहकर दर्शकों का अभिवादन किया। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब और सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित विभिन्न निगमों, मंडलों और आयोगों के पदाधिकारी भी एयर शो देखने पहुंचे थे।
"सूर्यकिरण" टीम ने अनुशासन, परस्पर विश्वास, सटीकता और उत्साह के साथ एक घंटे तक वायु सेना के विमानों के साथ कलाबाजी दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। नवा रायपुर के सेंध जलाशय में मौजूद हजारों दर्शक पायलटों के हैरतअंगेज साहस और करतबों को देखकर मंत्रमुग्ध होते रहे। विंग कमांडर श्री ए.व्ही. सिंह के नेतृत्व में वन-एफ-9 और वन-एफ-8 हेलीकॉप्टर यूनिट ने वी-17 और वी-5 हेलीकॉप्टरों से स्लीपरी और स्काई-ऑपरेशन के करतब दिखाए। 'आदिदेव' नाम के इन हेलीकॉप्टरों से केवल 15 मीटर ऊंचाई पर स्थिर रहकर 14 गरूड़ कमांडोज रस्सी के सहारे नीचे उतरे। वहीं स्काई-ऑपरेशन के दौरान आठ गरूड़ कमांडोज रस्सी पर लटककर हेलीकॉप्टर से दर्शकों के सामने से आकाश में उड़ते हुए गुजरे। इन दोनों ऑपरेशनों को लड़ाई और आपदा के दौरान जनसामान्य को बचाने के लिए किया जाता है।
एयर शो में "सूर्यकिरण" की टीम के नौ हॉक-मार्क-123 फाइटर विमानों ने आसमान में हार्ट, डायमंड, लूप, ग्रोवर, डान लाइट, कॉम्बैट तेजस जैसे शानदार फार्मेशन बनाकर लोगों को रोमांचित किया। नीले आसमान में उड़ते लाल-सफेद जेट विमानों द्वारा तिरंगे की आकर्षक ट्रेल छोड़ने पर सेंध जलाशय परिसर तालियों और जय-हिंद के नारों से गूंज उठा। हज़ारों की संख्या में मौजूद नागरिक, युवा और बच्चे लगातार विमानों की कलाबाजियों को अपने कैमरों और मोबाइलों में कैद करते रहे।
वायु सेना के जाबांज फाइटर पायलटों ने आसमान में दिल की आकृति बनाकर 25वें राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तिरंगे के तीन रंगों से डीएनए की आकृति बनाकर तिरंगे के प्रति अपना सम्मान प्रस्तुत किया। उन्होंने 360° में फाइटर जेट उड़ाते हुए उल्टा जेट भी उड़ाया। तेजस और युवाओं को समर्पित अंग्रेजी अक्षर 'वाई' की आकृति बनाने के साथ ही कई करतब दिखाए। टीम का प्रदर्शन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं में देशप्रेम, साहस और भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा की प्रेरणा जगाने का संदेश भी देता है।
एयर शो में छत्तीसगढ़ के स्क्वाड्रन लीडर श्री गौरव पटेल का शामिल होना राज्यवासियों के लिए गर्व और भावनात्मक जुड़ाव का पल था। आसमान में अपने विमान को तेज गति से उड़ाते हुए श्री पटेल ने अपने कॉकपिट से 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' का जय घोष किया। फ्लाइट लेफ्टिनेंट सुश्री कंवल संधू ने अपनी लाइव कमेंट्री के दौरान एयर शो के रोमांचक वर्णन के साथ ही पायलटों के अनुशासन, समर्पण, प्रशिक्षण और जोखिम प्रबंधन की बारीकियों की जानकारी दी।
'सूर्यकिरण' एशिया की एकमात्र नौ लड़ाकू विमानों वाली एरोबैटिक टीम, 1996 में हुई थी स्थापना
भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team) एशिया की एकमात्र नौ लड़ाकू विमानों वाली एरोबैटिक टीम है। यह विशिष्ट टीम भारत में ही निर्मित एचएएल (HAL) लाइसेंस प्राप्त हॉक एमके-132 (Mk-132) विमान उड़ाती है। इन विमानों के ज़रिए भारतीय वायु सेना की सटीकता, पेशेवर उत्कृष्टता और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन करती है, जिसमें रोमांचक हवाई करतब और बेहद सटीक फॉर्मेशन शामिल होते हैं। सूर्यकिरण टीम को उसका मिशन विशेष बनाता है। देश के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होकर देशसेवा के लिए प्रेरित करना इनका मिशन है।
सूर्यकिरण टीम की स्थापना वर्ष 1996 में की गई थी। तब से यह टीम एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबैटिक टीम होने का गौरव रखती है और दुनिया की कुछ चुनिंदा शीर्ष एरोबैटिक टीमों में शामिल है। यह असाधारण टीम अब तक भारत भर में 700 से अधिक प्रदर्शन कर चुकी है। साथ ही चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय एयर शोज़ में भी किया है। टीम मंं कुल 13 पायलट, 3 इंजीनियरिंग अधिकारी, 1 उद्घोषक (कमेन्टेटर) और 1 चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।
सूर्यकिरण टीम भारतीय वायुसेना की उस भावना को दर्शाती है जो उत्कृष्टता, अनुशासन और टीमवर्क पर आधारित है। टीम के सभी पायलट अत्यंत कठिन प्रशिक्षण से गुजरते हैं, जिसमें जटिल एरोबैटिक मूवमेंट्स का महीनों तक अभ्यास किया जाता है। उनका बेदाग़ तालमेल और नियंत्रण ही क्लोज़ फॉर्मेशन फ्लाइंग की नींव है जहाँ नौ विमान मानो एक ही आत्मा से संचालित प्रतीत होते हैं।
सेंध जलाशय के ऊपर आसमान में गूंजा 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया'
राज्योत्सव पर वायु सेना की टीम का रोमांचक एयर शो
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर बुधवार को नवा रायपुर के सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित एरोबेटिक "सूर्यकिरण" की टीम ने रोमांचक एयर शो का प्रदर्शन किया। देश के उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ हजारों लोगों ने अद्भूत और रोमांचक एयर शो का आनंद लिया। आज प्रदेशवासियों के लिए वायु सेना का एयर शो कमाल का अनुभव रहा। सेंध जलाशय के ऊपर वायु सेना के फाइटर प्लेन्स ने एक के बाद एक कई हवाई करतब दिखाए। आसमान में पंछियों के झुंड की तरह बिल्कुल क्रम से उड़ने वाले फाइटर प्लेन्स के माध्यम से वायु सेना के जाबांजों ने अपने नियंत्रण और शौर्य का अद्भुत प्रदर्शन किया। विमानों के माध्यम से जब आकाश में तिरंगा लहराया तो सेंध जलाशय भारत माता की जय के नारे से गूंज उठा।
एयर शो के दौरान "सूर्यकिरण" टीम के लीडर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने आसमान से छत्तीसगढ़वासियों को रजत महोत्सव की बधाई दी। वहीं छत्तीसगढ़ निवासी भारतीय वायु सेना के स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने सेंध जलाशय के ऊपर अपने कॉकपिट से 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' कहकर दर्शकों का अभिवादन किया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित विभिन्न निगमों, मंडलों और आयोगों के पदाधिकारी भी एयर शो देखने पहुंचे थे।
"सूर्यकिरण" टीम ने अनुशासन, परस्पर विश्वास, सटीकता और उत्साह के साथ एक घंटे तक वायु सेना के विमानों के साथ कलाबाजी दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। नवा रायपुर के सेंध जलाशय में मौजूद हजारों दर्शक पायलटों के हैरतअंगेज साहस और करतबों को देखकर मंत्रमुग्ध होते रहे। विंग कमांडर ए.व्ही. सिंह के नेतृत्व में वन-एफ-9 और वन-एफ-8 हेलीकॉप्टर यूनिट ने वी-17 और वी-5 हेलीकॉप्टरों से स्लीपरी और स्काई-ऑपरेशन के करतब दिखाए। 'आदिदेव' नाम के इन हेलीकॉप्टरों से केवल 15 मीटर ऊंचाई पर स्थिर रहकर 14 गरूड़ कमांडोज रस्सी के सहारे नीचे उतरे। वहीं स्काई-ऑपरेशन के दौरान आठ गरूड़ कमांडोज रस्सी पर लटककर हेलीकॉप्टर से दर्शकों के सामने से आकाश में उड़ते हुए गुजरे। इन दोनों ऑपरेशनों को लड़ाई और आपदा के दौरान जनसामान्य को बचाने के लिए किया जाता है।
एयर शो में "सूर्यकिरण" की टीम के नौ हॉक-मार्क-123 फाइटर विमानों ने आसमान में हार्ट, डायमंड, लूप, ग्रोवर, डान लाइट, कॉम्बैट तेजस जैसे शानदार फार्मेशन बनाकर लोगों को रोमांचित किया। नीले आसमान में उड़ते लाल-सफेद जेट विमानों द्वारा तिरंगे की आकर्षक ट्रेल छोड़ने पर सेंध जलाशय परिसर तालियों और जय-हिंद के नारों से गूंज उठा। हज़ारों की संख्या में मौजूद नागरिक, युवा और बच्चे लगातार विमानों की कलाबाजियों को अपने कैमरों और मोबाइलों में कैद करते रहे।
वायु सेना के जाबांज फाइटर पायलटों ने आसमान में दिल की आकृति बनाकर 25वें राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तिरंगे के तीन रंगों से डीएनए की आकृति बनाकर तिरंगे के प्रति अपना सम्मान प्रस्तुत किया। उन्होंने 360° में फाइटर जेट उड़ाते हुए उल्टा जेट भी उड़ाया। तेजस और युवाओं को समर्पित अंग्रेजी अक्षर 'वाई' की आकृति बनाने के साथ ही कई करतब दिखाए। टीम का प्रदर्शन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं में देशप्रेम, साहस और भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा की प्रेरणा जगाने का संदेश भी देता है।
एयर शो में छत्तीसगढ़ के स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल का शामिल होना राज्यवासियों के लिए गर्व और भावनात्मक जुड़ाव का पल था। आसमान में अपने विमान को तेज गति से उड़ाते हुए पटेल ने अपने कॉकपिट से 'जय जोहार' और 'छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया' का जय घोष किया। फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने अपनी लाइव कमेंट्री के दौरान एयर शो के रोमांचक वर्णन के साथ ही पायलटों के अनुशासन, समर्पण, प्रशिक्षण और जोखिम प्रबंधन की बारीकियों की जानकारी दी।
'सूर्यकिरण' एशिया की एकमात्र नौ लड़ाकू विमानों वाली एरोबैटिक टीम, 1996 में हुई थी स्थापना
भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team) एशिया की एकमात्र नौ लड़ाकू विमानों वाली एरोबैटिक टीम है। यह विशिष्ट टीम भारत में ही निर्मित एचएएल (HAL) लाइसेंस प्राप्त हॉक एमके-132 (Mk-132) विमान उड़ाती है। इन विमानों के ज़रिए भारतीय वायु सेना की सटीकता, पेशेवर उत्कृष्टता और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन करती है, जिसमें रोमांचक हवाई करतब और बेहद सटीक फॉर्मेशन शामिल होते हैं। सूर्यकिरण टीम को उसका मिशन विशेष बनाता है। देश के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होकर देशसेवा के लिए प्रेरित करना इनका मिशन है।
सूर्यकिरण टीम की स्थापना वर्ष 1996 में की गई थी। तब से यह टीम एशिया की एकमात्र नौ-विमानों वाली एरोबैटिक टीम होने का गौरव रखती है और दुनिया की कुछ चुनिंदा शीर्ष एरोबैटिक टीमों में शामिल है। यह असाधारण टीम अब तक भारत भर में 700 से अधिक प्रदर्शन कर चुकी है। साथ ही चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय एयर शोज़ में भी किया है। टीम मंं कुल 13 पायलट, 3 इंजीनियरिंग अधिकारी, 1 उद्घोषक (कमेन्टेटर) और 1 चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।
सूर्यकिरण टीम भारतीय वायुसेना की उस भावना को दर्शाती है जो उत्कृष्टता, अनुशासन और टीमवर्क पर आधारित है। टीम के सभी पायलट अत्यंत कठिन प्रशिक्षण से गुजरते हैं, जिसमें जटिल एरोबैटिक मूवमेंट्स का महीनों तक अभ्यास किया जाता है। उनका बेदाग़ तालमेल और नियंत्रण ही क्लोज़ फॉर्मेशन फ्लाइंग की नींव है जहाँ नौ विमान मानो एक ही आत्मा से संचालित प्रतीत होते हैं।
नवा रायपुर में सूर्यकिरण एयरो डिस्प्ले समारोह में शामिल होंगे CM साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बुधवार, 5 नवंबर 2025 का दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है। मुख्यमंत्री सुबह से लेकर देर शाम तक रायपुर, नवा रायपुर और राजनांदगांव के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:05 बजे मुख्यमंत्री निवास सिविल लाइन्स रायपुर से होगी। मुख्यमंत्री सबसे पहले राजभवन रायपुर पहुंचेंगे, जहां सुबह 10:10 बजे से 10:30 बजे तक राज्यपाल रमेन डेका से शिष्टाचार मुलाकात निर्धारित है। इसके बाद वे 11:00 बजे संघ लेक, नवा रायपुर अटल नगर पहुंचेंगे, जहां भारतीय वायुसेना के ‘सूर्यकिरण एयरोबेटिक डिस्प्ले’ कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण के रूप में अवलोकन करेंगे। यह कार्यक्रम 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री 12:35 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर से राजनांदगांव के लिए रवाना होंगे। लगभग 1:10 बजे हेलीपैड, पुलिस लाइन राजनांदगांव पहुंचने के बाद वे स्पीकर हाउस जाएंगे। वहां 1:30 से 2:00 बजे तक आरक्षित समय निर्धारित है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अगला कार्यक्रम 2:10 बजे उदयाचल मल्टी स्पेशिलिटी आई केयर इंस्टीट्यूट राजनांदगांव में है, जहां वे अस्पताल के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 2:25 बजे तक चलेगा। इसके बाद 2:35 बजे मुख्यमंत्री स्टेट स्कूल ग्राउंड, राजनांदगांव पहुंचेंगे, जहां वे “लखपति दीदी सम्मेलन” में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 3:35 बजे तक निर्धारित है। मुख्यमंत्री यहां महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों से संवाद भी करेंगे और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री 3:55 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर लौटेंगे। लगभग 4:30 बजे वे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे। थोड़े विश्राम के बाद शाम 5 बजे वे राज्योत्सव मेला स्थल, नवा रायपुर अटल नगर पहुंचेंगे। यहां वे राज्य सरकार के प्रतिष्ठित “राज्य अलंकरण समारोह” और “रजत महोत्सव” के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह समारोह 7 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात मुख्यमंत्री शाम 7 बजे राज्योत्सव स्थल से प्रस्थान कर 7:20 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 7:30 बजे वे मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे, जहां 7:50 बजे उनके दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम का समापन होगा। आज का यह दौरा कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शासन और विकास प्राथमिकताओं को रेखांकित करता है — जिसमें राज्य के सांस्कृतिक, सामाजिक और प्रशासनिक सरोकारों को समान महत्व दिया गया है।
राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा, उपराष्ट्रपति आज करेंगे सम्मानित
रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस अवसर पर संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि राज्योत्सव समापन समारोह में आज उपराष्ट्रपति पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
34 अलंकरण पुरस्कार घोषित
इस वर्ष कुल 34 अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की गई है और 40 लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
शहीद वीरनारायण सिंह सम्मान- हिरेश सिन्हा
यति यतनलाल सम्मान- भारतीय कुष्ठ निवारण संघ, जांजगीर चांपा
गुण्डाधूर सम्मान- सुश्री ज्ञानेश्वर, राजनांदगाव
मिनीमाता सम्मान- लिलेश्वरी साहू, दुर्ग
गुरुघासीदास सम्मान – 1.भुवन दास जांगड़े, बेमेतरा, 2. शशि गायकवाड़, भाटापारा बलौदाबाजार
ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार – प्रथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, डोमा धमतरी
हबीब तनवीर सम्मान- कुंज बिहारी शर्मा, रायपुर
महराजा प्रवीर भंजदेव सम्मान- सुश्री चांदनी साहू, बिलासपुर
पं रविशंकर शुक्ल सम्मान- राजेश अग्रवाल, रायपुर
पं सुंदरलाल शर्मा सम्मान- डॉ चित्तरंजन कर, रायपुर
चक्रधर सम्मान – कीर्ती माधव लाल व्यास, दुर्ग
दाऊ मंदराजी सम्मान – रिखी क्षत्रीय, दुर्ग
डॉ खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार- 1. थनेंद्र कुमार साहू, धमतरी 2. वामन कुमार टिकरिहा, बलौदाबाजार
महाराजा अग्रसेन सम्मान- राजेंद्र अग्रवाल, बिलासपुर
चंदूलाल चंद्राकार स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार – डॉ संदीप कुमार, रायपुर
बृजमोहन ने ‘सूर्यकिरण’ की सफलता पर जनता, रक्षा मंत्री और उपराष्ट्रपति का जताया आभार
रायपुर । राजधानी में सम्पन्न हुआ ‘सूर्यकिरण’ कार्यक्रम अपनी भव्यता और ऐतिहासिक सफलता के साथ छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ गया। देश की सैन्य शक्ति, अनुशासन और जनसहभागिता के इस अद्भुत संगम को देखने हजारों नागरिक उमड़े।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी आयोजकों, सैनिक बलों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
जिनके मार्गदर्शन और सहयोग इस आयोजन की सफलता का प्रमुख आधार रहा। सांसद अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने स्वयं रक्षा मंत्री को आमंत्रण पत्र लिखकर इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए अनुरोध किया था, जिसे रक्षा मंत्री ने अपनी स्वीकृति प्रदान की थी।
सांसद अग्रवाल ने उपराष्ट्रपति महोदय का भी हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया जिन्होंने ‘सूर्यकिरण’ रजत जयंती समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इस आयोजन की गरिमा को कई गुना बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने देशभक्ति, संगठन और नवयुवाओं की राष्ट्रसेवा भावना को नई दिशा दी है।सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी इसी उत्साह से ‘सूर्यकिरण’ कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की पहचान और भारत की एकता का प्रतीक बना रहेगा।
छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025 : नवाचार और निवेश से गढ़ रहा है भविष्य
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया