छत्तीसगढ़ / रायपुर
डबल इंजन सरकार में विकास की पटरी पर दौड़ रहा छत्तीसगढ़ - मुख्यमंत्री श्री साय
गोंदिया–डोंगरगढ़ चौथी रेल लाइन से छत्तीसगढ़ को मिलेगा विकास का नया ट्रैक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
इंदिरा गांधी कृषि विवि और महात्मा गांधी उद्यानिकी विवि में नए कुलसचिव की हुई नियुक्ति
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी उद्यानिकी विश्वविद्यालय में नए कुलसचिव की नियुक्ति की गई है। कृषि विभाग से जारी आदेशानुसार यशवंत केराम उद्यानिकी और कपिल देव दीपक कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव होंगे। आरएल खरे की सेवाएं, उद्यानिकी विश्वविद्यालय से वापस ले ली गई है। जारी आदेश के मुताबिक आर.एल. खरे, संयुक्त संचालक कृषि प्रतिनियुक्ति पर कुलसचिव, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय पाटन, दुर्ग से प्रतिनियुक्ति समाप्त कर मूल विभाग में वापस करते हुये संयुक्त संचालक कृषि, छ.ग. कृषक कल्याण परिषद रायपुर, यशवंत केराम, संयुक्त संचालक कृषि संयुक्त संचालक कृषि, सरगुजा संभाग से प्रतिनियुक्ति पर कुलसचिव, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय पाटन, दुर्ग तथा कपिलदेव दीपक, संयुक्त संचालक कृषि कृषि संचालनालय, इन्द्रावती भवन, अटल नगर नवा रायपुर से कुलसचिव, इंदिरा गांधी कृषि विश्व विद्यालय, रायपुर नवीन पदस्थापना की गई है। उक्त प्रतिनियुक्ति सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी नियम-निर्देशों के अधीन होगी।
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम घोषित
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा (अगस्त 2025) का परिणाम आज 6 अक्टूबर 2025 को घोषित किया गया। छात्र अपने परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट https://www.sos.cg.nic.in पर देख सकते हैं। हाई स्कूल परीक्षा में कुल 19,249 छात्रों का पंजीयन हुआ, जिसमें से 17,834 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। 13 परीक्षार्थियों का परीक्षाफल विभिन्न कारणों से रोका गया है। इस प्रकार 17,821 परीक्षार्थियों का परिणाम जारी किया गया।
हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 15,036 छात्रों का पंजीयन हुआ, जिनमें से 14,269 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 2,540 छात्र RTD योजना के अंतर्गत सम्मिलित हुए। 11 परीक्षार्थियों का परीक्षाफल विभिन्न कारणों से रोका गया है, जबकि 11,718 परीक्षार्थियों का परिणाम जारी किया गया। हाई स्कूल परीक्षा में 30.02 प्रतिशत तथा हायर सेकेंडरी परीक्षा में 46.28 प्रतिशत छात्र सफल घोषित किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ी समाज पार्टी को जारी किया नोटिस
रायपुर । मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ ने बताया है कि छत्तीसगढ़ी समाज पार्टी, हण्डीपारा, आजाद चौक रायपुर द्वारा पिछले तीन वित्तीय वर्षों (2021-22, 2022-23 तथा 2023-24) के वार्षिक लेखापरीक्षित खाते निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत नहीं किए गए हैं। इन खातों की अंतिम तिथियाँ क्रमशः 30 नवम्बर 2022, 31 दिसम्बर 2023 तथा 15 दिसम्बर 2024 थीं। इसके अतिरिक्त, उक्त पार्टी ने विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में भाग तो लिया, किंतु निर्धारित अवधि के भीतर व्यय विवरणी प्रस्तुत नहीं की।
निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार विधानसभा चुनाव हेतु व्यय रिपोर्ट 75 दिनों के भीतर तथा लोकसभा चुनाव हेतु 90 दिनों के भीतर दाखिल किया जाना अनिवार्य है। निर्वाचन आयोग ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29-ए के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए छत्तीसगढ़ी समाज पार्टी को पंजीकृत दलों की सूची से हटाने का प्रस्ताव पारित किया है। इस संबंध में दल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा 09 अक्टूबर 2025 को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रायपुर में सुनवाई हेतु तिथि निर्धारित की गई है।
सुनवाई में दल के अध्यक्ष, महासचिव अथवा प्रमुख पदाधिकारी का उपस्थित होना अनिवार्य होगा। निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि तक पार्टी की ओर से कोई उत्तर प्राप्त नहीं होता है, तो यह माना जाएगा कि पार्टी को इस संबंध में कुछ नहीं कहना है और आयोग बिना किसी अन्य संदर्भ के उचित आदेश पारित करेगा।
राज्यपाल ने कोरिया में स्पेस एजुकेशन लैब का किया लोकार्पण
रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को कोरिया जिले के प्रवास के दौरान बैकुंठपुर स्थित शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सम्भाग के पहले स्पेस एजुकेशन लैब का लोकार्पण किया।
यह अत्याधुनिक लैब भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर समर्पित किया गया है। डीएमएफ के सहयोग से स्थापित यह प्रयोगशाला विद्यार्थियों में अंतरिक्ष, भौतिकी, भूगोल और प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यालय की छात्राओं से लैब के तकनीकी पक्षों के बारे में जानकारी ली। कक्षा नवमीं की छात्रा अनुजा ने ऐरोहब मॉडल का प्रदर्शन किया, वहीं कक्षा बारहवीं की उन्नति ने वर्चुअल रियलिटी के उपयोग को समझाया। अन्य छात्राओं ने भी अंतरिक्ष से संबंधित उपकरणों और मॉडलों के कार्यों का जीवंत प्रदर्शन किया।
राज्यपाल डेका ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि आज का युग विज्ञान का युग है। विज्ञान से होने वाले लाभ और उसके प्रभाव से कोई इंकार नहीं कर सकता। यह लैब न केवल अंतरिक्ष विज्ञान बल्कि अन्य विज्ञान विषयों में भी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने इस पहल की प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी और उन्होंने लैब के लिए ड्रोन, स्मार्ट बोर्ड एवं प्रोजेक्टर उपलब्ध कराने की सहमति दी।
एनएसई मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल ब्लॉक और बोन मैरो ट्रांसप्लांट सेंटर के लिए भूमि पूजन; लगभग 2.4 लाख वर्ग फुट में बनाया जाएगा
एसीटीआरईसी, टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, नवी मुंबई में किया गया जी+11 मंजिला एनएसई मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल ब्लॉक और बोन मैरो ट्रांसप्लांट सेंटर के लिए भूमि पूजन; लगभग 2.4 लाख वर्ग फुट में बनाया जाएगा
फार्म मशीनरी बैंक से हो रही खेती-किसानी में सहूलियत-वीरेन्द्र बघेल को बैंक ऋण की अदायगी के बाद आय में निरंतर हो रही है वृद्धि
रायपुर, 07 अक्टूबर 2025
हायर सेकंडरी तक शिक्षित 42 वर्षीय वीरेन्द्र के पास खेती का रकबा 3 एकड़ है, जिसमें पहले परंपरागत तकनीक से कृषि कार्य करते हुए मात्र दो लाख रुपए का आय प्रतिवर्ष अर्जित करते थे। परंपरागत तकनीक से कृषि कार्य करने से उत्पादन लागत अधिक एवं मुनाफा कम होता था एवं कृषि कार्य भी समय पर संपादित नहीं होता था। फार्म मशीनरी बैंक द्वारा विगत 13 महीने में मशीनों के किराए से करीब 10 लाख रुपए आय प्राप्त किए, जिसमें डीजल एवं मरम्मत पर लगभग 04 लाख रुपए का व्यय हुआ और एवं करीब 06 लाख रुपए का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ, जिससे ढाई लाख रुपए से ज्यादा बैंक ऋण अदा किया गया है। वीरेन्द्र कहते हैं कि फार्म मशीनरी बैंक के माध्यम से आमदनी होने के फलस्वरूप अब घर-परिवार में खुशहाली आयी है।
कोण्डागांव जिले के बकावण्ड तहसील अंतर्गत कचनार निवासी वीरेन्द्र बघेल शासन की योजना से लाभान्वित होकर कृषि यंत्र सेवा केन्द्र के जरिये क्षेत्र के किसानों को कृषि कार्य के लिए किराए पर कृषि उपकरण सुलभ करवाकर जहां आमदनी अर्जित कर रहे हैं, वहीं स्वयं की कृषि भूमि में उपकरणों के द्वारा उन्हें खेती-किसानी में सहूलियत हो रही है। वीरेन्द्र ने बताया कि गत वर्ष कृषि अभियांत्रिकी कृषि विभाग के संपर्क में आकर कृषि यांत्रिकीकरण सबमिशन अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक कम्पोनेंट-04 के तहत कृषि यंत्र सेवा केन्द्र की स्थापना किया। जिसमें 02 नग ट्रेक्टर, 01 नग कल्टीवेटर, 01 नग थ्रेसर, 01 नग रिपर, 01 नग रोटावेटर, 01 नग सीड ड्रिल एवं 01 नग स्प्रेयर का क्रय बैंक ऋण के माध्यम से किया गया, जिसकी कुल लागत 25 लाख 17 हजार रुपए है, जिसमें राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपए का अनुदान प्रदान किया गया।
वीरेन्द्र बघेल ने बताया कि फार्म मशीनरी बैंक के माध्यम से उन्नत तकनीक से खेती कर अधिक मुनाफा प्राप्त कर रहे हैं। वहीं क्षेत्र के कुदालगांव कचनार, बोरपदर, मेटावाड़ा, भिरलीगा, चोलनार आदि ग्रामों में लगभग 365 से अधिक किसानों द्वारा कृषि यंत्र किराये से प्राप्त कर उन्नत तकनीक से कृषि कार्य कर रहे हैं। इन किसानों का खरीफ एवं रबी फसल हेतु खेत की तैयारी समय पर उन्नत कृषि यंत्र से संपादित हो रहा है। वीरेन्द्र बघेल अपने इलाके के लघु-सीमांत कृषकों को आसानी से किराए पर उन्नत कृषि यंत्र उपलब्ध करवाने सहित आमदनी में इजाफा करने की समझाइश वीरेन्द्र को दी।
माताओं को स्वास्थ्य और संबल दे रही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना
मां और शिशु के सुखद भविष्य की ओर सशक्त कदम
रायपुर, 07 अक्टूबर 2025
मातृत्व हर स्त्री के जीवन का सबसे पवित्र और भावनात्मक अनुभव होता है, लेकिन यह अनुभव अनेक जिम्मेदारियों और चुनौतियों से भरा होता है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को पौष्टिक आहार, उचित चिकित्सकीय देखभाल और मानसिक संबल की आवश्यकता होती है, परंतु आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सब उपलब्ध कराना कठिन होता है। ऐसे में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिलाओं के लिए एक वरदान साबित हो रही है।
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2017 में प्रारंभ की गई इस योजना का उद्देश्य है हर मां को मिले पोषण, सुरक्षा और सम्मान। योजना के अंतर्गत प्रथम गर्भावस्था में महिलाओं को 5000 रूपए की राशि दो किश्तों में सीधे बैंक खाते में दी जाती है। साथ ही पात्र बालिका के जन्म पर 6000 रुपए की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाती है। यह आर्थिक सहयोग माताओं को गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल और पोषण प्राप्त करने में मदद करता है।
बेमेतरा जिले के परियोजना बेरला के देवरबीजा-01 सेक्टर में सैकड़ों माताएँ इस योजना का लाभ उठा रही हैं। ग्राम डंगनिया बी की श्रीमती मोनिका ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ने उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से मिली सहायता से मैंने गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लिया, डॉक्टर से नियमित जांच कराई और बच्चे के जन्म के बाद उसके स्वास्थ्य पर ध्यान दिया। आज मैं और मेरा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ने महिलाओं में न केवल आत्मनिर्भरता की भावना जगाई है, बल्कि उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई है। योजना की लाभार्थी महिलाएं अब अन्य गर्भवती माताओं को भी प्रेरित कर रही हैं कि वे समय पर पंजीकरण कर योजना से जुड़ें।
जिला बेमेतरा सहित प्रदेश के सभी जिलों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाएँ योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। विभाग का उद्देश्य “स्वस्थ मां – स्वस्थ शिशु – स्वस्थ भारत” के लक्ष्य को साकार करना है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृत्व की गरिमा और सुरक्षा को सशक्त करने की दिशा में केंद्र सरकार की ऐतिहासिक पहल है। इस योजना ने प्रदेश की लाखों माताओं को आर्थिक और मानसिक संबल प्रदान किया है, जिससे वे अपने शिशु के बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकी हैं।
क्रमांक-4715/राठौर/दानेश्वरी/हेमलाल
रायपुर में अब सफाईकर्मियों को आठ घंटे करनी होगी ड्यूटी
रायपुर। शहर की सफाई में काम करने वाले कर्मियों का अब आठ घंटे की पूरी ड्यूटी करनी पड़ेगी। प्रतिदिन आठ घंटे की ड्यूटी होने पर ही उन्हें सैलरी मिलेगी। नगर निगम द्वारा जोन स्तर अनुबंधित किए जाने वाले ठेका सिस्टम को भी खत्म करने जा रहा है। अब निगम हेड ऑफिस से ठेका एजेंसी नियुक्त की जाएगी, जो पूरे शहर में सफाई के लिए कर्मचारी, उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराएगी। नगर निगम की शहरी सरकार ने हाल ही में एमआइसी की बैठक में इस प्रस्ताव पर प्रारंभिक चर्चा की। बैठक में यह भी तय किया गया कि शहर की सफाई व्यवस्था को सख्ती और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा।
सेंटरलाइज्ड सिस्टम क्यों?
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर के वार्डों में सफाई कर्मचारी अक्सर निर्धारित संख्या से कम ड्यूटी पर मिलते थे, जिससे सफाई कार्य में कोताही होती है। इससे शहर की सफाई का स्तर अपेक्षित नहीं रह पाया। अन्य नगर निगमों जैसे भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, जगदलपुर और अंबिकापुर में सेंट्रलाइज्ड टेंडर से बेहतर परिणाम मिले हैं। इस नए सिस्टम के तहत पूरे शहर की सफाई के लिए एक बड़ी एजेंसी को आनलाइन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से चुना जाएगा। वार्डवार मानिटरिंग संबंधित जेडएचओ के माध्यम से होगी। हर वार्ड में अलग ठेकेदार की जगह अब एक सेंट्रलाइज्ड ठेका होगा, जिसमें पापुलेशन और वार्ड वाइज सफाई प्लान तैयार किया जाएगा।
निगम प्रशासन की चुनौती
वर्तमान में नगर निगम हर महीने लगभग 7 करोड़ रुपये 70 वार्डों की सफाई के एवज में अलग-अलग ठेका एजेंसियों को भुगतान करता है। इसके बावजूद कई वार्डों में सफाई पर्याप्त नहीं हो पा रही थी। इस समस्या का समाधान करने के लिए अब केंद्रीकृत सिस्टम लागू किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था से शहरवासियों को साफ-सुथरी गलियां, व्यवस्थित सफाई और बेहतर सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी। निगम प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में सेंट्रलाइज्ड टेंडर प्रक्रिया पूरी कर नई प्रणाली लागू कर दी जाएगी।
गिरफ्तार करने आए पुलिसकर्मी पर तलवार से हमला, बाल-बाल बचा आरक्षक
रायपुर । राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना हुई, जब एक पुलिस आरक्षक पर बदमाश ने तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, आरक्षक टेकराम साहू आरोपी साहिल कुर्रे को पकड़ने के लिए पिरदा गांव पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी ने तलवार लेकर अचानक आरक्षक पर हमला कर दिया। आरक्षक ने तत्परता दिखाते हुए खुद को बचा लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। हमले के बाद आरोपी खेतों की ओर भाग गया और वहां मौजूद कीचड़ में जाकर छिप गया। इसकी सूचना तुरंत थाने में दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने आरोपी को काबू करने में पुलिस की बड़ी मदद की।
बताया जा रहा है कि साहिल कुर्रे इलाके में लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और स्थानीय लोगों में दहशत फैला रखी थी। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तलवार बरामद की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई कैद है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा डालने और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
महिला हिस्ट्रीशीटर ने पीडब्ल्यूडी ऑफिस में की मारपीट, केस दर्ज
राजधानी के पीडब्ल्यूडी आफिस, ओसीएम चौक में शनिवार देर रात चौकीदार और उसके बेटे पर चार लोगों ने हमला कर दिया। इसमें महिला हिस्ट्रीशीटर मोनिका सचदेवा के साथ चार लोग शामिल हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध कायम किया है। आरोपित फरार हैं। शिकायतकर्ता जितेंद्र निषाद ने बताया कि वह अपने दोस्त पिंटू करकसे के साथ उसके पिता राजेश करकसे से मिलने पीडब्ल्यूडी ऑफिस गया था। रात करीब 11:20 बजे दो पुरुष और दो महिलाएं वहां पहुंचे और गेट खोलने की जिद करने लगे। जब पिंटू ने गेट खोलने से मना किया तो एक युवक ने अपना नाम मोनू सचदेवा और महिला ने मोनिका सचदेवा बताया।
मालवीय रोड पर अतिक्रमण से बढ़ा जाम, व्यापारियों का सब्र टूटा
गोल बाज़ार में सत्याग्रह का पहला चरण शुरू
रायपुर । राजधानी रायपुर का सबसे व्यस्त और ऐतिहासिक बाजार गोलबाजार, जहां शहर और आसपास के इलाकों से रोज़ हजारों लोग खरीदारी करने आते हैं, अब अतिक्रमण और जाम की समस्या से जूझ रहा है। मालवीय रोड से चिकनी मंदिर चौक तक का इलाका अतिक्रमणकारियों के कब्जे में है, जिससे न केवल यातायात बाधित है बल्कि गोलबाजार के एक हज़ार से अधिक व्यापारियों के व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है।
अतिक्रमण से जाम, ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल
व्यापारियों का कहना है कि मालवीय रोड पर दो कारें निकल सकें इतनी चौड़ी सड़क पर अब एक दोपहिया वाहन तक निकलना मुश्किल हो गया है। दुकान के सामने ठेले, कब्जे और अव्यवस्थित पार्किंग से ग्राहकों का बाजार तक पहुंचना बेहद कठिन हो गया है।
त्योहारी सीजन, खासकर दीवाली की खरीदी को देखते हुए यह स्थिति व्यापारियों के लिए गंभीर आर्थिक नुकसान का कारण बन रही है।
हर दरवाज़े पर दी अर्जी, नहीं हुई सुनवाई
गोलबाजार व्यापारी महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि वे पिछले कई महीनों से जिला प्रशासन और नगर निगम से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे हैं।
सुशासन तिहार के दौरान उन्होंने सौ से अधिक आवेदन जमा किए थे, लेकिन व्यापारियों का आरोप है कि उन आवेदनों को “डस्टबिन में डाल दिया गया।”
प्रशासन को चेतावनी: अब आंदोलन की राह
लगातार उपेक्षा के बाद अब व्यापारियों ने सत्याग्रह आंदोलन का पहला चरण शुरू कर दिया है। पूरे गोलबाजार क्षेत्र में विधायक, महापौर, कलेक्टर, एसएसपी और पार्षदों के नाम से बैनर-पोस्टर लगाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया गया है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन जल्द कदम नहीं उठाता तो आंदोलन को विस्तारित रूप दिया जाएगा।
“हमने हर नियम का पालन किया, फिर भी सुनवाई नहीं”
महासंघ के सदस्यों का कहना है कि व्यापारियों ने हमेशा प्रशासन की नीतियों और नियमों का साथ दिया, टैक्स और शुल्क समय पर जमा किए, लेकिन जब उनकी बारी आई तो कोई सुनवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि “हम अपने शहर को व्यवस्थित रखना चाहते हैं, लेकिन अगर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो हमें अपना व्यापार बचाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ेगा।”
ग्राहकों की संख्या घटी, कारोबार आधा रह गया
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि भीड़भाड़ और जाम के कारण ग्राहक अब गोलबाजार की जगह मॉल या अन्य बाजारों का रुख कर रहे हैं।
इससे पारंपरिक दुकानों की बिक्री में 50 प्रतिशत तक की गिरावट आई है।
व्यापारी महासंघ ने जिला प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने और सड़क को मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो अगला चरण बाज़ार बंद और सड़कों पर प्रदर्शन के रूप में होगा।
“बस्तर राइजिंग” अभियान 8 अक्टूबर से होगा प्रारंभ:बस्तर की प्रतिभा, संस्कृति और संभावनाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
रायपुर 7 अक्टूबर 2025/छत्तीसगढ़ शासन के जनसंपर्क विभाग और बस्तर संभाग के सभी जिलों के जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से “बस्तर राइजिंग” नामक विशेष अभियान 8 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। दो सप्ताह तक चलने वाला यह अभियान बस्तर संभाग के सातों जिलों में आयोजित किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य बस्तर की सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और उद्यमशील क्षमताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना है। अभियान के दौरान विशेषज्ञों, युवाओं, शिल्पकारों और स्थानीय समुदायों के बीच संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन किए जाएंगे।
“बस्तर राइजिंग” का कारवां केशकाल, नारायणपुर, कोण्डागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, चित्रकोट, बारसूर और जगदलपुर का भ्रमण करेगा। इस दौरान बस्तर की कला, हस्तशिल्प, कृषि, पर्यटन, खेल और शिक्षा से जुड़ी संभावनाओं पर विशेष फोकस किया जाएगा।
अभियान का समापन रायपुर में “हार्मोनी फेस्ट 2025” के रूप में होगा, जिसमें बस्तर की प्रेरक कहानियाँ, नवाचार और सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएंगी। यह आयोजन “दिल मेला - दिल में ला” थीम पर आधारित होगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन से की सौजन्य भेंट
रायपुर,

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन से सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर उपराष्ट्रपति श्री राधाकृष्णन को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के रजत जयंती वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर 5 नवम्बर को नया रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया।उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन जी ने स्नेहपूर्वक छत्तीसगढ़ आगमन की सहमति प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव, सम्मान और अपार हर्ष का विषय है कि देश के माननीय उपराष्ट्रपति अपनी गरिमामयी उपस्थिति से राज्योत्सव के समापन समारोह को अविस्मरणीय बनाएंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू एवं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह उपस्थित थे।
NGO घोटाला: CBI का समाज कल्याण विभाग के दफ़्तर पर छापा
रायपुर । छत्तीसगढ़ में कथित IAS-NGO घोटाले की जांच में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने सोमवार को राजधानी रायपुर में माना स्थित समाज कल्याण विभाग के दफ़्तर पर छापा मारा। भोपाल से पहुंची चार सदस्यीय टीम ने विभाग से घोटाले से जुड़ी कई अहम फाइलें और दस्तावेज़ ज़ब्त किए।
दो घंटे तक चली छापेमारी, उप संचालक से पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, CBI की टीम सुबह करीब 10 बजे विभाग के दफ़्तर पहुंची और लगभग दो घंटे तक तलाशी और दस्तावेज़ों की जांच की।
इस दौरान विभाग की संचालक अनुपस्थित रहीं, लेकिन CBI अधिकारियों ने उप संचालक से विस्तृत बातचीत कर फंड आवंटन और NGO से जुड़े मामलों की जानकारी ली।
तलाशी के बाद CBI टीम कई फाइलों और दस्तावेज़ों के बंडल अपने साथ लेकर रवाना हुई।
1000 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप
यह छापा उस कथित 1000 करोड़ रुपये से अधिक के IAS-NGO घोटाले से जुड़ा है, जिसमें राज्य के कुछ वर्तमान और सेवानिवृत्त IAS अधिकारियों पर सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप हैं।
सूत्रों का कहना है कि दिव्यांग कल्याण योजनाओं के नाम पर बने कुछ फर्जी NGO के ज़रिए सरकारी फंड को ग़लत तरीके से निकाल लिया गया।
इन संस्थानों में प्रमुख रूप से स्टेट रिसोर्स इंस्टीट्यूट (राज्य स्रोत निशक्तजन संस्थान) का नाम सामने आया है, जो जांच के घेरे में है।
दूसरी बार विभाग में दबिश
जानकारी के अनुसार, यह दूसरी बार है जब CBI ने समाज कल्याण विभाग के कार्यालय पर छापा मारा है। इससे संकेत मिल रहा है कि जांच एजेंसी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और अब सबूतों को पुख्ता करने में जुटी है।
वहीं, विभाग के अधिकारी इस कार्रवाई पर मीडिया से कोई भी टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में CBI कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब कर सकती है। जांच एजेंसी का फोकस अब उन खातों और NGO नेटवर्क पर है, जिनके माध्यम से सरकारी फंड का कथित रूप से ग़लत उपयोग किया गया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी उद्यानिकी विश्वविद्यालय में नए कुलसचिव की नियुक्ति
रायपुर, 06 अक्टूबर 2025
राज्य शासन द्वारा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी उद्यानिकी विश्वविद्यालय में नए कुलसचिव की नियुक्ति के लिए पदस्थापना आदेश जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार सरगुजा संभाग में संयुक्त संचालक कृषि श्री यशवंत केराम को महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय पाटन दुर्ग का कुलसचिव बनाया गया है। वही कृषि संचालनालय इंद्रावती भवन अटल नगर, नवा रायपुर में पदस्थ श्री कपिल देव दीपक को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का कुलसचिव बनाया गया है। इसी प्रकार महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय पाटन दुर्ग में पदस्थ कुलसचिव श्री आर.एल. खरे को मूल विभाग में वापस लेते हुए छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद् रायपुर में संयुक्त संचालक के पद पर नवीन पदस्थापना दी गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरा हुआ पक्का मकान का सपना
रायपुर, 6 अक्टूबर 2025
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने एक बार फिर ग्रामीण परिवार के जीवन में खुशहाली की नई रोशनी जगाई है। योजना से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है।
बलौदाबाजार जिले के विकासखंड सिमगा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुलीपोता निवासी विमला निषाद, पति सियाराम निषाद का पक्का मकान निर्माण वर्ष 2024–25 में इस योजना के अंतर्गत स्वीकृत हुआ था। पूर्व में विमला निषाद मिट्टी के कच्चे घर में अपने परिवार सहित निवास करती थीं। घर की जर्जर स्थिति के कारण बरसात और सर्दी के मौसम में रहना अत्यंत कठिन था। विमला निषाद रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं परंतु सीमित आय के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जब विमला निषाद का आवास स्वीकृत हुआ, तब उनके जीवन का एक नया अध्याय शुरू हुआ। आज विमला निषाद का सुंदर पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है, जिससे उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिला है। विमला निषाद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री आवास योजना से हमें अपना पक्का घर मिला है, जो पहले एक सपना था। इसके लिए मैं सरकार का दिल से धन्यवाद करती हूँ।”
यह योजना ग्रामीणों के जीवन में स्थायी परिवर्तन लाने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रही है।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को किया सम्मानित
स्व-सहायता समूह की दीदियों के द्वारा उत्पादित सामग्री का किया अवलोकन, आगे बढ़ने किया प्रेरित
रायपुर, 06 अक्टूबर 2025
राज्यपाल श्री रमेन डेका द्वारा विकासखण्ड लखनपुर अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान ग्राम जुड़वानी नवापारा की मीरा प्रजापति एवं पहाड़ी कोरवा हितग्राही ग्राम लब्जी की नमिता को शॉल प्रदान कर सम्मानित कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं गई। वहीं दो हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड, दो हितग्राहियों को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत अतिरिक्त पोषण आहार का वितरण किया गया।
राज्यपाल श्री डेका इस दौरान स्व-सहायता समूह की दीदियों से मिले। उन्होंने दीदियों द्वारा निर्मित की गई सामग्रियों का अवलोकन किया। ग्राम पंचायत कुन्नी की गायत्री महिला समूह द्वारा बनाए गए खाद्य सामग्रियों का अवलोकन कर आय की जानकारी ली। इसी प्रकार उन्होंने दीदियों द्वारा बनाए गए सजावटी सामग्रियों, बेकरी उत्पादों, कोसा शॉल, बोरा आदि का अवलोकन कर लागत एवं आय की जानकारी ली तथा आवश्यकताओं के बारे में पूछा।
राज्यपाल श्री डेका ने महिलाओं को अन्य गतिविधियों का संचालन कर आगे बढ़ने प्रेरित किया। इस दौरान लोसंगी की बीसी सखी श्रीमती बालेश्वरी यादव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 से अब तक 11 करोड़ रुपए का ट्रांसेक्शन किया है, राज्यपाल श्री डेका ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।