छत्तीसगढ़ / रायपुर
1 नवंबर से लागू होगा पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम, 7 IPS अधिकारियों की समिति गठित
रायपुर। राजधानी में लंबे समय से चर्चा में रहा पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम अब हकीकत बनने जा रहा है। राज्योत्सव के मौके पर, यानी 1 नवंबर से इसकी शुरुआत की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में सरकार के निर्देश पर डीजीपी अरुणदेव गौतम ने सात सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।
समिति का गठन
समिति की कमान सीनियर एडीजी प्रदीप गुप्ता को सौंपी गई है। इसमें पुलिस महानिरीक्षक (नारकोटिक्स) अजय यादव, पुलिस महानिरीक्षक (रायपुर रेंज) अमरेश मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक (अअवि) ध्रुव गुप्ता, उप पुलिस महानिरीक्षक (दूरसंचार) अभिषेक मीणा, उप पुलिस महानिरीक्षक (सीसीटीएनएस) संतोष सिंह और पुलिस अधीक्षक (विआशा) प्रभात कुमार सदस्य बनाए गए हैं।
इसके अलावा, वैधानिक पहलुओं पर मार्गदर्शन के लिए लोक अभियोजन संचालनालय की संयुक्त संचालक मुकुला शर्मा को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
किन मुद्दों पर मंथन करेगी समिति
पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम को छत्तीसगढ़ पुलिस एक्ट 2007 के प्रावधानों के अनुसार लागू किया जाए या इसके लिए नया एक्ट बनाया जाए।
अगर नया एक्ट बनाना पड़ा तो विकल्प होंगे—या तो विधानसभा से अधिनियम पारित कराया जाए या फिर राज्यपाल से अध्यादेश जारी कराया जाए।
अन्य राज्यों में लागू कमिश्नरेट मॉडल का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ के लिए सर्वश्रेष्ठ ड्राफ्ट तैयार करना।
राज्योत्सव पर नई प्रणाली
सरकार चाहती है कि राज्योत्सव के दिन राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली औपचारिक रूप से लागू हो। इसके लिए तेजी से काम किया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सिस्टम से राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत होगी और पुलिस प्रशासन अधिक जवाबदेह बनेगा।
रायपुर : बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह 18 व 19 सितम्बर को
जांजगीर जिला मुख्यालय में विविध कार्यक्रमों का होगा आयोजन
रायपुर, 09 सितम्बर 2025 जांजगीर-चांपा जिले में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह 18 एवं 19 सितम्बर 2025 को आयोजित होगा। समारोह की तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक ली। यह दो दिवसीय आयोजन शहीद स्मारक परिसर कचहरी चौक और कृषि विज्ञान केन्द्र जांजगीर में होगा।
समारोह के अंतर्गत बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों का सम्मान, प्रतिभा सम्मान, विधिक संगोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ तथा विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
कृषि विज्ञान केन्द्र जांजगीर में कृषक संगोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें कृषि विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती और फसल चक्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे।
रायपुर : लोक रंग पर्व 2025 : राजधानी रायपुर में 9 से 13 सितम्बर तक होगा आयोजन
महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में संध्याकालीन प्रस्तुतियों से गूंजेगा छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत और नृत्य
रायपुर, 09 सितम्बर 2025 संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लोक रंग पर्व 2025 का आयोजन 9 से 13 सितम्बर तक राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय स्थित मुक्ताकाशी मंच, सिविल लाइन्स में किया जा रहा है। प्रत्येक शाम 7 बजे से पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकगाथा, लोकसंगीत, लोकनृत्य और नाचा-गम्मत की प्रस्तुतियाँ होंगी।
पांच दिवसीय इस पर्व में देवार गीत, करमा नृत्य, पंडवानी, बांसगीत, सुआ नृत्य, भरथरी, ढोलामारू, राउत नाचा, पंथी नृत्य, लोरिक चंदा, संस्कार गायन, जसगीत जैसी विधाओं की विविध प्रस्तुतियाँ होंगी। लोकरंग में प्रदेशभर से लोक कलाकार शामिल होकर अपनी परंपरागत कला का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में पारंपरिक लोकगाथा प्रस्तुतियों में भरथरी, पंडवानी, ढोलामारू और लोरिक चंदा, लोकनृत्य में सुआ, करमा और पंथी, लोकगायन में बांसगीत और देवारी गीत तथा लोकसंगीत में ददरिया, जसगीत और संस्कार गायन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में यूनिसेफ इंडिया देगा तकनीकी सहयोग
सुपोषण, महतारी वंदन योजना सहित राज्य सरकार के प्रयासों की यूनिसेफ इंडिया ने की सराहना
बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट: 11 सितंबर को बस्तर में खुलेगा उद्योग और रोज़गार का नया द्वार
दूरस्थ अंचल के ग्राम मूंगवाल के 50 बच्चों का बना जन्म प्रमाण पत्र
प्रमाण पत्र बनने से बच्चों के अभिभावकों को मिली बड़ी राहत
रायपुर, 09 सितम्बर 2025
जिला प्रशासन की पहल से कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत मर्दापाल तहसील के दूरस्थ क्षेत्र के गांव ग्राम पदनार और मुंगवाल के 50 बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी ने गांव में पहुंचकर बच्चों के यह प्रमाण पत्र वितरित किया।
जन्म प्रमाण पत्र बनने से बच्चों के अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। अब तक प्रमाण पत्र न होने के कारण वे शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित थे। प्रशासनिक प्रयासों के बाद अब बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति और अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
ज्ञात हो कि जनदर्शन में ग्राम पंचायत पदनार अंतर्गत सुदूर क्षेत्र मूंगवाल के ग्रामीणों द्वारा 50 बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने की समस्या से अवगत कराया गया था, जिसके कारण बच्चों की अपार आईडी भी नहीं बन पा रहा था। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना द्वारा तहसीलदार मर्दापाल एवं जिला रजिस्ट्रार (जन्म मृत्यु) को सभी बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जल्द से जल्द बनाने के निर्देश दिए थे। तहसीलदार एवं जिला रजिस्ट्रार (जन्म मृत्यु) के संयुक्त तत्वाधान में त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी 50 बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र प्राथमिक शाला मूंगवाल में वितरित किया गया। ग्रामीणों ने इसके लिए शासन प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जन्म या मृत्यु पंजीयन कैसे करवायें?
जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार जन्म प्रमाण पत्र जन्म एवं मृत्यु के 21 दिवस के भीतर - निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। शासकीय अस्पताल में प्रसव होने पर डिस्चार्ज के पूर्व जन्म प्रमाण पत्र उसी संस्थान से प्राप्त करें। शासकीय अस्पताल में मृत्यु होने पर प्रमाण पत्र उसी संस्थान से प्राप्त करें। निजी अस्पताल, घर, अन्य स्थान में जन्म, मृत्यु होने पर पंजीयन हेतु संबंधित नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत में सूचित करें।
शिशु के नाम के बिना भी जन्म पंजीयन कराया जा सकता है। जन्म पंजीयन की तारीख से 12 मास के भीतर शिशु का नाम निःशुल्क जोड़ा जावेगा। जन्म, मृत्यु पंजीयन कराने के पश्चात प्रमाण पत्र लेना न भूले। जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र कानूनी पहचान एवं सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने हेतु महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। प्रमाण पत्र में नाम तथा तिथि सावधानीपूर्वक दर्ज कराएं जिससे बाद में किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। जन्म या मृत्यु पंजीयन कराने के लिए मोबाइल नंबर तथा ई मेल की जानकारी अवश्य दें।
जन्म या मृत्यु पंजीयन कराने हेतु आवश्यक दस्तावेज
जन्म या मृत्यु पंजीयन कराने हेतु आवश्यक दस्तावेजों में पहचान प्रमाण (आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस आदि), निवास का प्रमाण (बिजली बिल, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस आदि), मृत्यु पंजीयन के लिए मृत्यु का स्थान एवं मृत्यु तिथि का प्रमाण (चिकित्सक द्वारा प्रमाणित पत्र, पंचनामा आदि) शामिल है।
ऑनलाइन जन्म या मृत्यु पंजीयन कैसे करें?
पोर्टलhttps://dc.crsorgi.gov.in/crs/Auth/generalpublic के माध्यम से घर में हुई घटना की सूचना 21 दिनों के भीतर रिपोर्ट कर सकते है। 21 दिवस के पश्चात भी ऑनलाइन सूचना दी जा सकती है। प्रत्येक जन्म या मृत्यु हेतु अलग-अलग सूचना देना होगा। लॉगिन के पश्चात, जन्म या मृत्यु के रिपोर्टिंग फॉर्म की जानकारी पूर्ण रूप से भरे। वांछित दस्तावेज भी संलग्न करें। पंजीयन उपरांत प्रमाण पत्र की जानकारी उपलब्ध कराए गए ईमेल आईडी एवं मोबाईल नम्बर पर भी प्राप्त हो जाएगा।
रायपुर : महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने धरसेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया
बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार, स्वच्छता व्यवस्था और सेवाओं की ली जानकारी
रायपुर, 09 सितम्बर 2025

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े आज सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरसेड़ी पहुंचीं। उन्होंने यहां आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने केंद्र में बच्चों को प्रदत्त पोषण आहार की गुणवत्ता और उपलब्धता का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी परिसर की स्वच्छता, बच्चों की उपस्थिति, खेल-खेल में सीखने की व्यवस्था तथा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की भी जानकारी प्राप्त की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से नियमित रूप से बच्चों को समय पर पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने और केंद्र में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की बुनियाद हैं, इसलिए यहां दी जाने वाली सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्रीमती राजवाड़े ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को समय पर पूरक पोषण आहार, टीकाकरण और अन्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही गर्भवती एवं धात्री माताओं को भी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जाए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने ग्रामीणों से भी संवाद कर केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें बच्चों की शिक्षा व पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण को लेकर प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सतत प्रयास जारी हैं। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रायपुर : प्रदेश में अब तक 967.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
रायपुर, 09 सितंबर 2025 छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 967.4 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बस्तर जिले में सर्वाधिक 1347.1 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 475.1 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।
रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 830.4 मि.मी., बलौदाबाजार में 705.3 मि.मी., गरियाबंद में 840.4 मि.मी., महासमुंद में 706.7 मि.मी. और धमतरी में 868.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 990.6 मि.मी., मुंगेली में 969.4 मि.मी., रायगढ़ में 1183.7 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 816.6 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 1157.9 मि.मी., सक्ती में 1054.4 मि.मी., कोरबा में 1005.0 मि.मी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 915.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 759.5 मि.मी., कबीरधाम में 694.1 मि.मी., राजनांदगांव में 834.8 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1189.1 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 694.0 मि.मी. और बालोद में 1030.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 691.9 मि.मी., सूरजपुर में 1013.7 मि.मी., बलरामपुर में 1343.6 मि.मी., जशपुर में 939.6 मि.मी., कोरिया में 1091.8 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 967.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
बस्तर संभाग में कोंडागांव जिले में 905.5 मि.मी., कांकेर में 1095.4 मि.मी., नारायणपुर में 1163.7 मि.मी., दंतेवाड़ा में 1306.0 मि.मी., सुकमा में 1030.9 मि.मी. और बीजापुर में 1305.0 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।
रायपुर : विविध पौराणिक प्रसंगों एवं आधुनिक घटनाओं पर आधारित सुसज्जित झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र: झांकियों को देखने रायपुर में उमड़ा जनसैलाब
ऐतिहासिक विसर्जन झांकी में पहुंचे मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर, 9 सितंबर 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 8 सितंबर की देर रात राजधानी रायपुर के हृदयस्थल जयस्तंभ चौक स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित स्वागत मंच पर पहुंचे और ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में शामिल होकर झांकियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर की गणेश विसर्जन झांकी अत्यंत ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने विघ्नहर्ता श्री गणेश से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और समृद्धि की कामना भी की। मुख्यमंत्री श्री साय ने ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा में आमंत्रित करने के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस राजधानी रायपुर में शाम 8 बजे से ही गणेश झांकी यात्रा प्रारंभ हो गई थी। इस बार भी निर्धारित रूट पर शारदा चौक से झांकियों को टोकन प्रदान किया गया। झांकियां तेलघानी नाका, राठौर चौक और तात्यापारा से होकर शारदा चौक में एकत्रित हुईं, तत्पश्चात एक-एक कर आगे बढ़ीं। ये सभी झांकियां जयस्तंभ चौक से होते हुए मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर, सुंदर नगर और रायपुरा मार्ग से होकर महादेव घाट तक पहुंचीं। इस वर्ष भी झांकियों को विभिन्न विषयों पर आकर्षक रूप से सजाया गया। इनमें विविध पौराणिक प्रसंगों के साथ-साथ ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमान की झलक भी देखने को मिली। रायपुर की सड़कों पर झांकी के रूप में राफेल विमान का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। एक झांकी में बप्पा छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में विराजमान दिखाई दिए। इन झांकियों को देखने के लिए न केवल रायपुर शहरवासी बल्कि आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा तथा रायपुर नगर निगम महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
मोक्षित कारपोरेशन का एक और घोटाला: 28 करोड़ के अनुचित ITC का नोटिस जारी
रायपुर । करोड़ों के घोटाले में फंसे मोक्षित कारपोरेशन का एक और मामला उजागर हुआ है। जीएसटी इंटेलिजेंस की जांच में सामने आया है कि कंपनी और उससे जुड़ी 85 फर्मों ने फर्जी इनवॉइस के जरिए बड़े पैमाने पर कर चोरी की। जांच पूरी होने के बाद डायरेक्टर जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) ने 162.22 करोड़ रुपये के कर योग्य मूल्य पर 28.46 करोड़ रुपये के अनुचित इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का नोटिस जारी किया है।
फरवरी 2024 से शुरू हुई जांच
जांच फरवरी 2024 में शुरू हुई थी। इसके दौरान छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में कई फर्मों के ठिकानों पर तलाशी और निरीक्षण किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि फर्म के पार्टनर शशांक चोपड़ा ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर दर्जनों फर्जी फर्में बनाई थीं। इन्हीं फर्मों के जरिए अनुचित ITC का दुरुपयोग किया गया और मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियां चलाई जाती रहीं।
200 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल
DGGI के अनुसार, इन अवैध गतिविधियों के लिए 200 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। जांच के बाद मोक्षित कारपोरेशन से 28.46 करोड़ रुपये कर की मांग की गई है। इसके अलावा संबद्ध 85 फर्मों को दंडात्मक नोटिस भी जारी की गई है।
गिरफ्तारी और अन्य एजेंसियों की कार्रवाई
इस मामले में ACB और EOW ने कार्रवाई करते हुए शशांक चोपड़ा को पहले ही गिरफ्तार किया था। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) रायपुर भी इस मामले में सक्रिय है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
अपना घर मिला तो सविता को जीवन में मिला नया संबल
नक्सल पीड़ित परिवारों के पुनर्वास और उन्हे मुख्यधारा से जोड़ने महत्वपूर्ण पहल
प्रधानमंत्री आवास योजना ने दी सुरक्षित छत और जीने का विश्वास - हितग्राही सविता
रायपुर, 08 सितम्बर 2025
प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक आवास निर्माण की योजना नहीं है, बल्कि यह सम्मान और नई उम्मीद की आधारशिला है। इस योजना से नक्सल पीड़ित परिवारों और आत्मसमर्पित नक्सलियों, दोनों को लाभ मिल रहा है, जिससे वे भयमुक्त होकर सुरक्षित भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। सविता यादव ने बताया कि मेरे पति लखन लाल यादव मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन एक दिन नक्सलियों ने उन्हें पुलिस का मुखबिर बताकर मार डाला। यह मेरे लिए असहनीय था। परिवार का सहारा छिन गया, बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब गया और सिर पर सुरक्षित छत तक न थी, लेकिन छत्तीसगढ़ की विष्णु देव की सरकार ने आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों के पुनर्वास के लिए मुख्यधारा से जोड़ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिससे हमें जीवन जीने का नया संबल मिला है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की विशेष पहल पर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और मुख्यधारा में लौटे आत्मसमर्पित नक्सलियों को अब सुरक्षित छत और सम्मानजनक जीवन मिल रहा है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के जनपद पंचायत शंकरगढ़ के ग्राम पंचायत जोकापाठ निवासी सविता यादव इसका एक सशक्त उदाहरण हैं। सविता यादव के पति लखन लाल यादव को नक्सलियों ने पुलिस का मुखबिर बताकर निर्ममता से मार डाला था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुःख और भय का गहरा साया छा गया। कठिन हालातों में गुजर-बसर कर रही सविता को प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास स्वीकृत हुआ। उन्होंने समय पर मकान का निर्माण पूरा किया और आज उनके परिवार के सिर पर सुरक्षित छत है। आवास पूर्ण होने के बाद सविता यादव ने भावुक होकर कहा प्रधानमंत्री आवास योजना ने हमें सुरक्षित छत और जीने का विश्वास दिया है। उन्होंने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा हमारा जीवन भी सामान्य था।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत पीड़ित एवं आत्मसमर्पित परिवारों के लिए आवासों की स्वीकृति प्रदान की। इसके तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आज श्रीमती सविता के पास खुद का अपना पक्का मकान है। इस योजना के तहत 6 आत्मसमर्पित नक्सली और 19 नक्सल हिंसा से पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा चुका है। इन मकानों ने परिवारों को न केवल सुरक्षा प्रदान की है, बल्कि उन्हें समाज में गरिमा और आत्मविश्वास के साथ जीने का अवसर भी दिया है।
राजनांदगांव में दो गुटों में खूनी संघर्ष: चाकूबाजी में युवक की मौत, क्षेत्र में तनाव
राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के चिखली चौकी क्षेत्र अंतर्गत नवागांव में रविवार देर रात दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है।
झांकी कार्यक्रम की रंजिश से बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले झांकी कार्यक्रम के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना का बदला लेने के लिए रविवार रात दोनों गुट आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान राकेश ढीमर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं किशन सिंह राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाड़ियों में आगजनी, माहौल तनावपूर्ण
हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने एक कार और एक बाइक में आग लगा दी, जिससे दोनों वाहन जलकर खाक हो गए। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एमपी के बाद अब गोवा ने भी बढ़ाया मदद को हाथ, सीएम साय ने जताया आभार
रायपुर । बस्तर और दंतेवाड़ा में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए गोवा सरकार ने छत्तीसगढ़ को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इस सहयोग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत का आभार व्यक्त किया।
सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर लिखा, “डॉ. प्रमोद सावंत जी, आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद। आपका यह सहयोग न केवल प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास में मदद करेगा बल्कि यह भी दर्शाता है कि हमारा देश एकजुट होकर हर संकट का सामना कर सकता है। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग बस्तर संभाग के प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा।”
एमपी सरकार ने भी दी थी मदद
इससे पहले मध्यप्रदेश सरकार भी बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आई थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ सीएम राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की राशि दी थी। इसके अलावा बड़ी मात्रा में राहत सामग्री भी ट्रेन के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में भेजी गई थी।
“पड़ोसी राज्य की मदद करना दायित्व” – सीएम मोहन यादव
सीएम यादव ने कहा था कि, “अतिवृष्टि के कारण छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। ऐसे समय में हमारा दायित्व है कि पड़ोसी राज्यों की मदद करें। इसी भाव से हमने 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि और राहत सामग्री भेजी है।”
भारी बारिश और बाढ़ से बस्तर और दंतेवाड़ा में हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य लगातार चला रही है।
कांग्रेस मुख्यालय पहुंची ED की टीम, महामंत्री को सौंपा चालान
रायपुर । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम सोमवार दोपहर राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) मुख्यालय राजीव भवन पहुंची। टीम ने यहां महामंत्री प्रशासन मलकीत सिंह गैदू से मुलाकात की और उन्हें एक चालान की प्रति सौंपी। इस चालान में सुकमा जिला कांग्रेस भवन के निर्माण से जुड़े तथ्यों का उल्लेख किया गया है।
ईडी की पूछताछ
ईडी ने कांग्रेस भवन के निर्माण में खर्च की गई राशि को लेकर पीसीसी से लिखित हिसाब मांगा था। यह विवरण महामंत्री गैदू ने ईडी को सौंपा था। अब एजेंसी ने सवाल उठाया है कि भवन निर्माण में लगा पैसा कहां से आया? क्या यह राशि पीसीसी से जारी की गई थी, और यदि हां, तो कब और किस प्रक्रिया से दी गई?
शराब घोटाले से जुड़ा मामला
गौरतलब है कि सुकमा कांग्रेस भवन को ईडी पहले ही अटैच कर चुकी है। ईडी का आरोप है कि भवन का निर्माण कांग्रेस शासनकाल में हुए कथित शराब घोटाले से प्राप्त राशि से किया गया। इस पूरे निर्माण की निगरानी उस समय के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने की थी। लखमा वर्तमान में ईडी की गिरफ्त में हैं और रायपुर जेल में बंद हैं।
मुख्यमंत्री 09 सितंबर को अटल उत्कृष्ठ शिक्षा योजना का करेंगे शुभारंभ
श्रम मंत्री श्री देवांगन रहेंगे मौजूद
रायपुर, 08 सितंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कल मंगलवार 09 सितंबर दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास सिविल लाईन में श्रम विभाग द्वारा आयोजित अटल उत्कृष्ठ शिक्षा योजना का शुभारंभ करेंगे। राज्य के श्रेष्ठ आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12 वीं तक निःशुल्क अध्ययन हेतु प्रवेशित बच्चों को सम्मान पत्र वितरण करेंगे। इस मौके श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन,एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: महंगे बिजली बिल की चिंता खत्म
प्रभुदयाल ने छत पर लगवाया 3 किलोवाट का सोलर संयंत्र
रायपुर, 08 सितम्बर 2025
पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए एक प्रभावी एवं लाभकारी योजना साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से राज्य के नागरिको को न केवल सस्ती और सतत् बिजली मिल रही है, बल्कि लोग बिजली के मामले में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। योजना का उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करते हुए घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराना है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
सक्ति जिले के ग्राम दतौद निवासी श्री प्रभुदयाल चंद्रा ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप पैनल स्थापित कराया गया है। योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा श्री चंद्रा को 78 हजार रुपये की अनुदान राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की गई है। इस समन्वित सहयोग से नागरिकों पर वित्तीय भार में उल्लेखनीय कमी आई है तथा सौर ऊर्जा को अपनाने हेतु प्रोत्साहन मिला है।
श्री चंद्रा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा के माध्यम से न केवल बिजली की बचत हो रही है, बल्कि यह योजना हर परिवार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रही है। आने वाले समय में प्रदेश के प्रत्येक घर की छत पर यह सौर पैनल दिखाई देगा, जिससे महंगे बिजली बिल की चिंता समाप्त हो जाएगी। शासन की इस पहल से प्रदेश में हर वर्ग के नागरिक को सस्ती, सुलभ और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध हो रही है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन कायम रखने में भी सहयोग मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में घरेलू उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने हेतु तकनीकी मार्गदर्शन, विभागीय सहायता और वित्तीय अनुदान की व्यवस्था की गई है। इससे न केवल विद्युत खपत में कमी आई है, बल्कि उपभोक्ताओं की आय में अप्रत्यक्ष रूप से वृद्धि भी हो रही है।
मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने अस्पताल पहुँचकर मरीज का जाना हालचाल
रायपुर, 08 सितंबर 2025
प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा अस्पताल पहुँचकर साहू परिवार से मुलाकात की और घायल युवक का हालचाल जाना। उन्होंने घायल युवक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
रायपुर के एक स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती बलौदा बाजार निवासी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नंदू साहू के सुपुत्र हाल ही में करंट लगने से घायल हो गए थे। इस हादसे में उनके पैर फ्रैक्चर हो गया था। इलाज के बाद अब उनकी स्थिति पहले से काफी बेहतर बताई जा रही है। मंत्री श्री वर्मा ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बेहतर उपचार करें और मरीज शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौटे।
