छत्तीसगढ़ / रायपुर
देशव्यापी साक्षरता सप्ताह 7 सितम्बर तक : कल दूसरे दिन कार्यशाला और सेमिनार किए जाएंगे आयोजित
रायपुर, 01 सितम्बर 2025
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत उल्लास: नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु देशव्यापी साक्षरता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में 02 सितम्बर 2025 को राज्य के सभी जिले में जिला शिक्षा अधिकारियों तथा यूईईएएस की जिला कार्यान्वयन एजेंसियों की भागीदारी के साथ एक विशेष कार्यशाला/सम्मेलन/सेमिनार का आयोजन किया गया जाएगा।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में चल रहे नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाना और समाज के विभिन्न वर्गों को साक्षरता अभियान से जोड़ना है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं यूईईएएस की जिला कार्यान्वयन एजेंसियाँ, डाइट एवं उनसे संबद्ध शिक्षक, सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकगण तथा एनसीटीई (राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद) के अंतर्गत टीटीआई के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसी प्रकार विश्वविद्यालय एवं एआईसीटीई (अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद) से संबद्ध डिग्री कॉलेज/तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि, नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस), नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस), एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट एवं गाइड संगठन के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को समाज में सक्रिय भागीदारी के लिए सशक्त बनाती है। उन्होंने इस अभियान में युवाओं, शिक्षकों और स्वयंसेवी संगठनों की महत्त्वपूर्ण भूमिका बताया। उन्होंने कहा साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और नवाचार आधारित कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
चांदी के तिगड़े पर शांतिनाथ भगवान को विराजमान कर मनाया गया स्नात्र महोत्सव
रायपुर । सीमंधर स्वामी जैन मंदिर में सौ से ज्यादा बच्चे संडे की शुरुआत स्नात्र महोत्सव से करने लगे हैं। सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि इस भौतिक युग में बच्चों के जीवन को धर्म के मार्ग पर मोड़ना जरूरी है इसी उद्देश्य से गुरुदेव की प्रेरणा से प्रति संडे बच्चों को स्नात्र पूजा, चंदन पूजा व पूजा विधि के सुत्रों का अध्ययन कराया जाता है।
मेरु शिखर नव्हरावे ओ सुरपति , मेरु शिखर नवराव्हे , घड़ा एक सौ आठ भरी ने , प्रभु जी ने नवहन करावे के पवित्र आत्म कल्याणकारी श्लोकों के साथ जब एक साथ सभी बच्चों ने सीमंधर स्वामी जिन मंदिर में प्रभु प्रतिमा के सामने सामूहिक स्वर में स्नात्र महोत्सव मनाया तो मंदिर में अलौकिक दृश्य उपस्थित हो गया।
ट्रस्टी नीलेश गोलछा ने बताया कि 126 बच्चों को तीर्थंकर परमात्मा के जन्मकल्याणक की , तीर्थंकरों के जन्म से तीन ज्ञान व व अतिशय बलों की जानकारी देकर मेरुशिखर पर स्नात्र महोत्सव कराया गया । जिनप्रतिमा के 9 अंगों के पूजन की विधि की जानकारी देकर नवांगी पूजा कराई गई , जैन धर्म में ही भगवान की प्रतिमा में भक्तों द्वारा सीधे पूजन का विधान है । बच्चों को पुरस्कृत किया गया। रविवार को प्रभावना के लाभार्थी श्रीमति वर्तिका वर्धमान वैभव चोपड़ा व संतोष सरला बैद परिवार है । ट्रस्टी डॉ योगेश बंगानी ने आगे बताया कि चारों दादागुरुदेव के सम्मुख विधिपूर्वक गुरुवंदन की प्रक्रिया सिखाई गई , बच्चों ने दादागुरुदेव का विधिपूर्वक खमासमना देकर वन्दन किया। अंत में दादागुरुदेव इक्तिसा का पाठ किया गया ।
यूको बैंक में चोरी का प्रयास, लॉकर तोड़ने में नाकाम रहे चोर
रायपुर । राजधानी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। रविवार देर रात जोरा स्थित यूको बैंक में चोरी का प्रयास किया गया। चोर बैंक के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और लॉकर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद वे बैंक का सामान अस्त-व्यस्त कर मौके से फरार हो गए। पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
सोमवार सुबह जब बैंक का शटर खोला गया तो कर्मचारियों ने देखा कि अंदर का सामान बिखरा पड़ा है, खिड़की टूटी हुई है और लॉकर को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सीएम साय ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे, राहत-पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई और जमीनी सर्वेक्षण
रायपुर, 1 सितंबर 2025





मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों दंतेवाड़ा और बस्तर का हवाई सर्वेक्षण एवं जमीनी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय पर सहायता पहुँचना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर संवेदनशीलता तथा तत्परता आवश्यक है।
मुख्यमंत्री श्री साय दंतेवाड़ा के चूड़ीटिकरा पारा में बनाए गए अस्थायी राहत शिविर पहुँचे, जहाँ उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि शिविरों में पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आवास की व्यवस्था निरंतर बनी रहे। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनके पुनर्वास के कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि राहत शिविरों में सभी जरूरी व्यवस्थाओं के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को राशन, बर्तन और कपड़े जैसे आवश्यक सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बाढ़ प्रभावितों को आवश्यकता अनुसार मकान की मरम्मत अथवा नए मकान निर्माण के लिए सहायता राशि समय पर देने के निर्देश दिए। श्री साय ने कलेक्टर एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को बाढ़ से हुई फसल क्षति, पशुधन हानि सहित अन्य नुकसानों का शीघ्र आंकलन कर प्रभावितों को सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था तथा पुनर्निर्माण कार्यों की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित गाँवों में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाएँ कठिनाई अवश्य लाती हैं, परंतु प्रशासनिक तत्परता और जनसहयोग से इन कठिनाइयों का समय पर समाधान संभव है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि राहत शिविरों और प्रभावित गाँवों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष देखभाल की जाए तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का जायजा लिया
मुख्यमंत्री श्री साय ने यहाँ लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल टीम से दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और मरीजों को दी जा रही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करते हुए यह भी पूछा कि क्या वे प्रशासन की मदद से संतुष्ट हैं। प्रभावितों ने जिला प्रशासन के त्वरित सहयोग पर संतोष व्यक्त किया।
श्री साय ने बाढ़ प्रभावितों की स्वास्थ्य जांच, बीमारों के उपचार और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता के बारे में मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थिति सामान्य होने तक बाढ़ प्रभावितों को शिविर में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ के बाद संभावित उल्टी-दस्त तथा अन्य जलजनित मौसमी बीमारियों पर निरंतर निगरानी रखने और बचाव हेतु पेयजल स्रोतों का अनिवार्य रूप से क्लोरीनेशन करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आमजन को पीने के शुद्ध पानी का उपयोग करने, स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को प्रभावित वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
दिगंबर जैन जिनालयों में उत्तम शौच धर्म की आराधना
मंदिरों में अभिषेक, शांति धारा और पूजन
रायपुर। दिगंबर जैन समाज ने पर्युषण पर्व के दसलक्षण पर्व के चौथे दिन रविवार को उत्तम शौच धर्म मनाया। राजधानी के आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर की सभी वेदियों में विशेष आयोजन हुए। सुबह से ही मंदिरों में श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा और शौच धर्म की पूजा की गई। पुष्पदंत नाथ भगवान के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर भगवान को लड्डू अर्पित किए।
पूर्व उपाध्यक्ष श्रेयश जैन बालू ने शौच धर्म का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शौच धर्म का अर्थ है लोभ न करना। मन में शुद्धि और पवित्रता को धारण कर लोभ का त्याग करना ही शौच धर्म है। उन्होंने बताया कि जिस तरह शरीर को बाहर से साफ किया जाता है, उसी तरह मन को भी साफ करना शौच धर्म का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मनुष्य भौतिक सुख पाने के लिए लोभ के वश में होकर गलत कार्य कर लेता है। इससे बाद में उसे कष्ट भोगना पड़ता है। इसलिए सभी को शौच धर्म का पालन कर लोभ का त्याग करना चाहिए।
कार्यक्रम में मंगल आरती के साथ देव शास्त्र गुरु पूजन,दस लक्षण पूजन,मोक्ष कल्याणक पूजन,निर्वाण कांड पढ़ कर लाडू चढ़ाया गया। इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष श्रेयश जैन बालू, इंजीनियर राजीव जैन,अशोक जैन,आदेश जैन, संदीप जैन,श्रद्धेय जैन,नीरज जैन,नरेंद्र जैन,निलेश जैन,राज जैन,कृष जैन, उपस्थित थे।
रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 20 लाख के 100 मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को लौटाए
रायपुर । रायपुर पुलिस ने अपनी मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोनों की तलाश में चलाए गए विशेष अभियान में 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। सभी फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए हैं।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर किया गया। इसके तहत थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने आवेदकों द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की गहन जांच की और तकनीकी विश्लेषण व साइबर ट्रैकिंग के जरिए मोबाइल फोनों का पता लगाया।
अन्य राज्यों से भी बरामद
बरामद मोबाइल फोन केवल छत्तीसगढ़ से ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार से भी खोजे गए। कई मामलों में जब मोबाइल धारकों को बताया गया कि उनके पास उपयोग में आ रहा फोन गुमशुदा है, तो उन्होंने स्वेच्छा से उसे रायपुर साइबर सेल को भेज दिया। वहीं कई बार पुलिस टीम को मौके पर जाकर जब्ती करनी पड़ी।
2025 में अब तक 650 फोन बरामद
रायपुर पुलिस ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक कुल 650 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.30 करोड़ रुपये है। इन सभी को असली मालिकों को लौटा दिया गया है। यह उपलब्धि पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत www.ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। साथ ही मोबाइल को पासवर्ड प्रोटेक्टेड रखने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने यह भी कहा कि यदि किसी को लावारिस या संदिग्ध स्थिति में कोई मोबाइल मिले, तो उसे तुरंत साइबर सेल, सिविल लाइन रायपुर में जमा कराएं। ऐसा करने वाले नागरिकों को रायपुर पुलिस द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोकथाम के लिए राज्य भर में कार्रवाई लगातार जारी
रायपुर, 01 सितंबर 2025

दवाओं का दुरुपयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। औषधि विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई कर नशीली दवाओं के अवैध व्यापार पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में की गई कार्रवाइयों में कई स्थानों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित औषधियां जब्त की गईं और आरोपियों को हिरासत में भी लिया गया।
हाल ही में पंडरिया जिला कबीरधाम में प्रतिबंधित औषधि की अवैध बिक्री की सूचना पर छापा मारकर इसकी 200 स्ट्रिप जब्त की गई। वहीं रायपुर में कोडीन फॉस्फेट युक्त औषधियों की अवैध बिक्री पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया और इनसे 120 नग औषधियां बरामद की गयी। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गरियाबंद जिले के कोपरा में चन्दन मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर प्रतिबंधित नशीली दवाओं के क्रय विक्रय रिकॉर्ड में अनियमितता पायी गयी। इसके पश्चात दुकान संचालक के विरूद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 व नियमावली 1945 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है।
महासमुंद में नगर पालिका कार्यालय में मेडिकल संचालकों की बैठक आयोजित की गई। इसमें नशामुक्त महासमुंद अभियान पर चर्चा हुई और सभी दवा विक्रेताओं ने समाज को नशे की बुराई से बचाने के लिए सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में ये चर्चा की गयी कि नशे के आदि लोग अक्सर दवाइयों का गलत उपयोग करते हैं, जिससे अपराधों में वृद्धि होती है। सभी से अपील है कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री में किसी भी प्रकार से सहयोग न करें।
औषधि विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियां भी लगातार संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में बेमेतरा जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए आमजन को नशा पान से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त जिला कोंडागांव, जांजगीर-चाम्पा, बिलासपुर, एवं राजनांदगांव मे भी औषधि निरीक्षकों द्वारा समाज में नशीली दवायों के दुष्प्रभावों के सम्बन्ध में जागरूकता लाने के उद्देश्य से शासकीय विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजन किये गए व युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए शपथ दिलाई गयी।
एम्स रायपुर के सेंट्रल फार्मेसी स्टोर का राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन के अधिकारियों एवं केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के प्रतिनिधियों द्वारा, सीडीएससीओ मुंबई से प्राप्त निर्देशों के अनुसार संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हिंदुस्तान एंटीबायोटिक्स लिमिटेड, पुणे की कुछ दवाइयों का विधिक सैंपल लिया गया। ये नमूने निर्धारित विधिक प्रक्रियाओं के अनुसार एकत्र किए गए हैं तथा परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु अग्रेषित किए जाएंगे, ताकि दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रभावकारिता सुनिश्चित की जा सके।
शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव से श्री ओमप्रकाश सेन ने की सौजन्य भेंट
रायपुर, 01 सितम्बर 2025
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव से आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में स्थित उनके कार्यालय में श्री ओमप्रकाश सेन ने सौजन्य मुलाकात की। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 3 दिवसीय आईडीसी कैम्प में छत्तीसगढ़ के युवा प्रतिनिधि श्री ओमप्रकाश सेन ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
शासकीय कचना धुरवा कॉलेज, छुरा जिला - गरियाबंद में बी कॉम तीसरे सेमेस्टर के छात्र श्री ओमप्रकाश सेन, ग्राम दादरगांव पुराना निवासी हैं। कैम्प से लौटने के उपरांत उन्होंने मंत्री श्री यादव से मुलाकात की। मंत्री श्री यादव ने ओमप्रकाश सेन को राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की भागीदारी हेतु हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही देश का भविष्य है। प्रदेश के छात्र राष्ट्रीय मंचों पर सहभागिता कर समाज और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने श्री ओमप्रकाश सेन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह सामाजिक व शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देते हुए आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया।
राज्य स्तरीय रोजगार मेला 9 से 10 अक्टूबर को रायपुर में
ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य
रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार के रोजगार एवं प्रशिक्षण संचालनालय रायपुर द्वारा राज्य स्तरीय रोजगार मेला रायपुर में आगामी 9 और 10 अक्टूबर 2025 को आयोजन किया जाएगा। इस मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को विभाग की वेबसाइट https://erojgar.cg.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। विभागीय मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन पंजीयन अवश्य कराएँ और इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले का लाभ उठाएँ।
रोजगार उपलब्ध कराने वाली कंपनियाँ राज्य स्तरीय रोजगार मेले में जिंदल स्टील रायपुर, एयरटेल पेमेंट बैंक, ऑटो सेंटर बिलासपुर, राजस्थान कपड़ा मिल, सतलज कपड़ा इंडस्ट्री में रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। इसी प्रकार रिलायंस निप्पोन, रुद्र इंटरप्राइज, शांता टेक्नो, सन ब्राइट, ट्रेडमेन गारमेंट्स, कॉसमॉस मैनपावर, जीनियस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, हाईक एजुकेशन, आइकॉन सोलर, न्यू लाइफ, पीएचडीए ग्लोबल सॉल्यूशन सहित अनेक प्रतिष्ठित निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध है। पद और वेतनमान रोजगार मेला में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता पाँचवीं पास से लेकर आईटीआई, स्नातक एवं उच्च शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 8 हजार से 40 हजार रुपये तक का वेतनमान प्रदान किया जाएगा। उपलब्ध पदों में वितरक बॉय, बैंक सहायक, फार्मासिस्ट, मशीन ऑपरेटर, बिक्री सलाहकार, ड्राइवर के पद शामिल हैं। इसी प्रकार ट्रेनी ऑपरेटर, सहायक, सिलाई ऑपरेटर, इंजीनियर, एक्स-रे एवं लैब टेक्नीशियन, वार्ड बॉय, टेलीकॉलर, कलेक्शन ऑफिसर, इलेक्ट्रीशियन, टर्नर, फ़िटर, वेल्डर, सुरक्षा गार्ड, बीमा सलाहकार, सुपरवाइजर, हाउसकीपिंग स्टाफ, कंप्यूटर ऑपरेटर, कृषि अधिकारी, फील्ड ऑफिसर, डॉक्टर और ग्राहक सेवा कर्मचारी शामिल हैं। रोजगार उपलब्ध कराने वाले राज्य और शहर इस मेले के माध्यम से रोजगार के अवसर न केवल छत्तीसगढ़ के सभी जिलों एवं प्रमुख शहरों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, कोरबा और रायगढ़ में बल्कि अन्य राज्यों जैसे महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में भी उपलब्ध होंगे। इस आयोजन में प्रमुख शहरों में बैंगलुरु, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, नोएडा और औरंगाबाद को भी शामिल किया गया हैं।
प्रदेश में अब तक 874.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 874.0 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 1265.6 मि. मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 430.6 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है।
रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 752.2 मि.मी. बलौदाबाजार में 616.2 मि.मी. गरियाबंद में 733.6 मि.मी. महासमुंद में 646.5 मि.मी. और धमतरी में 782.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 833.1 मि.मी. मुंगेली में 817.0 मि.मी. रायगढ़ में 1040. 3 मि.मी. सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 7138 मि.मी. जांजगीर-चांपा में 1020.0 मि.मी. सक्ती में 905. 9 मि.मी. कोरबा में 8440 मि.मी. और गोरेला-पेण्ड्रा-मरवाडी 847.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। I
दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 713.8 मि.मी. कबीरधाम में 613.5 मि.मी. राजनांदगांव में 784.6 मि. मी. मोडला मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1091.0 मि.मी. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 654.6 मि. मी. और बालोद में 940.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 6226 मि.मी. सूरजपुर में 959.9 मि.मी. जशपुर में 863.8 मि.मी. कोरिया में 982.6 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 878.0 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है।
बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 1248.2 मि.मी. कोंडागांव में 8042 मि.मी. कांकेर में 1018.4 मि.मी. नारायणपुर में 1110.3 मि.मी. दतेवाड़ा में 1195.2 मि.मी. सुकमा में 941.1 मि.मी. और बीजापुर में 1170.2 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।
श्रम मंत्री श्रम विभाग की समीक्षा बैठक लेगें
रायपुर । श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन सोमवार 01 सितम्बर को सवेरे 11 बजे नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में श्रम विभाग के विभागीय कामकाज की समीक्षा करेंगे जिसमें जिलों में पदस्थ मैदानी अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर निकाली गई साइकल रैली
स्कूली छात्र-छात्राएं और 300 से अधिक खिलाड़ी हुए शामिल
रायपुर । राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आज बिलासपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं और 300 से अधिक खिलाड़ियों ने साइकल रैली निकाली। भारत सरकार के फिट इंडिया कार्यक्रम "सन्डेस ऑन सायकल" (Sundays on Cycle) के तहत पीएमश्री स्वामी आत्मांनद विद्यालय नूतन चौक सरकंडा से स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र बहतराई तक यह रैली निकाली गई। पूर्व ओलम्पियन एवं हॉकी के हेड कोच अजीत इमानुएल लकड़ा और अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाडी संजू देवी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
भारत सरकार द्वारा देश के समृद्ध खेल विरासत का उत्सव मनाने, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने, ओलम्पिक मूल्यों में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह को समाहित कर सपूरे देश को ईमानदारी, महत्वाकांक्षा और सामूहिक भावना के साझा दृष्टिकोण के साथ एकजुट करने तथा मजेदार व प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के माध्यम से शारीरिक सक्रियता, समावेशिता और टीम-वर्क को प्रोत्साहित करने व जनसामान्य को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष 29 अगस्त से 31 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का राष्ट्रव्यापी आयोजन किया जा रहा है।
खेल विभाग के सहायक संचालक ए. एक्का, स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक पी. दासरथी और अखिलेश मेहता, खेल अधिकारी सुशील अमलेश, वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और जिला क्रीड़ा अधिकारी साजिद खान सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, व्यायाम अनुदेशक, खेल विभाग व खेलो इंडिया स्टेट सेंटर व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी साइकल रैली में शामिल हुए।
1 से 7 सितम्बर 2025 तक देश व्यापी साक्षरता सप्ताह आयोजित
8 सितम्बर को मनाया जाएगा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस
राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिले की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी
रायपुर, 31 अगस्त 2025
भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार सभी के लिए शिक्षा पर केन्द्रित योजना उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप यह आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के पाँच प्रमुख घटक शामिल किए गए है जिसमें बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान, महत्वपूर्ण जीवन कौशल, बुनियादी शिक्षा, व्यावसायिक कौशल और सतत शिक्षा पर गतिविधियाँ केंद्रित होंगी। उल्लास में साक्षरता सप्ताह के तहत् राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर जिले की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण छत्तीसगढ़ के अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 1 सितम्बर को मोबाइल ऐप पर पंजीयन हेतु विशेष अभियान और शिक्षा स्वयंसेवकों का नामांकन किया जाएगा। 2 सितम्बर को कार्यशालाएँ, सेमिनार और वेबिनार के माध्यम से नई भारत साक्षरता कार्यक्रम पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। 3 सितम्बर को पंचायत स्तरीय बैठकें एवं महिला व किसान समूहों के साथ साक्षरता संवाद आयोजित होंगे।
इसी प्रकार 4 सितम्बर को रैली, नाटक और गीतों के माध्यम से आमजन को साक्षरता के महत्व से अवगत कराया जाएगा। 5 सितम्बर को शिक्षण-सामग्री का प्रदर्शन, 6 सितम्बर को वाद-विवाद, भाषण, कविता, चित्रकला व निबंध प्रतियोगिताएँ तथा 7 सितम्बर को रेडियो जिंगल्स, लघु फिल्में और महिला साक्षरता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अंतिम दिवस 8 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों, लेखकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता होगी।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए साक्षरता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जाए।
गणेश उत्सव में आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
रायपुर । चंद्रशेखर आज़ाद स्मृति आज़ाद सोशल एंड स्पोर्ट्स क्लब, जोरापारा रायपुर ने गणेश उत्सव महापर्व के अवसर पर छोटे बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया। वार्ड और मोहल्ले के बच्चों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्लब अपने शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ रहा है और इस वर्ष इसकी स्थापना का 98वाँ वर्ष पूरा हो रहा है। इसी उपलक्ष्य में गणेश उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भगवान गणेश की पारिवारिक प्रतिमा भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान कार्तिकेय और श्री गणेश की स्थापना की गई। प्रतिमा स्थल को कैलाश पर्वत की आकर्षक झांकी और विद्युत सजावट से सजाया गया है।
गणेश उत्सव के पूरे दस दिनों तक प्रतिदिन शाम 7 बजे भोग प्रसाद भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी लगातार चल रही है। इसी कड़ी में 30 अगस्त की रात आयोजित बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छोटे बच्चों ने अलग-अलग किरदारों की पोशाक पहनकर मंच पर अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास का परिचय दियाइस अवसर पर समिति की महिला मंडल, युवक मंडल, बालिका मंडल, वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
सांसद बृजमोहन के प्रयासों से हथबंद स्टेशन पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का ठहराव बहाल
रायपुर । छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। सांसद बृजमोहन के प्रयासों से कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237/18238) का ठहराव अब एक बार फिर हथबंद स्टेशन पर होगा। यह ठहराव 1 सितम्बर से पुनः शुरू होगा।
विदित हो कि कोविड-19 काल (2020) से इस स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव बंद कर दिया गया था, जिससे स्थानीय यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने जनता की इस समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने हाल ही में हुई रेलवे समीक्षा बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा और स्वयं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर हथबंद में ठहराव बहाल करने की मांग की।
सांसद अग्रवाल के प्रयासों का ही परिणाम है कि रेलवे ने ठहराव बहाल करने का निर्णय लिया। इस कदम से स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र को व्यापारिक व सामाजिक दृष्टि से भी लाभ होगा।स्थानीय जनता और यात्री संगठनों ने इस फैसले का स्वागत किया है और सांसद अग्रवाल के सतत प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है।
मनरेगा से चिस्दा को मिला नया पंचायत भवन
रायपुर 31 अगस्त 2025

ग्रामीणों के वर्षों का था कि खुद का पंचायत भवन बने। यह सपना अब पूरा हो गया है। उन्हें खुद का स्थायी पंचायत भवन मिल गया है। जहां से गांव की योजनाएं बनाएंगे और विकास की दिशा तय करेंगे। आज यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं है, बल्कि गांव की प्रगति और एकजुटता का प्रतीक है। अब पंचायत की बैठकें सुव्यवस्थित तरीके से होंगी, सामुदायिक कार्यक्रम आसानी से आयोजित होंगे और आने वाली पीढ़ियाँ भी इसका लाभ उठा सकेगी।
बिलासपुर जिले के मस्तुरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत चिस्दा में नवीन पंचायत भवन के निर्माण होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। मनरेगा के तहत निर्मित पंचायत भवन के लिए कुल 18.03 लाख रूपए की राशि स्वीकृत हुई, जिसमें से कुल 16.61 लाख रुपये की राशि व्यय की गई और 1191 मानव दिवस सृजित हुए। इस भवन के निर्माण से ग्राम पंचायत की बैठकों एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों हेतु स्थायी स्थल उपलब्ध हो गया है। पूर्व में बैठक एवं पंचायत सामुदायिक कार्यक्रमों हेतु उपयुक्त स्थल के अभाव से ग्रामीणों को असुविधा होती थी, किंतु अब पंचायत भवन के निर्माण से यह समस्या दूर हो गई है। पंचायत भवन निर्माण कार्य में ग्राम पंचायत के ग्रामीणों, कार्य एजेंसी, समस्त संबंधित शासकीय संस्थाओं एवं विभागों का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। निर्माण कार्य हेतु स्वीकृत कुल राशि 18.03 लाख रही, जिसमें मजदूरी राशि 4.06 लाख एवं सामग्री राशि 13.97 लाख की स्वीकृति दी गई थी। पंचायत का स्थायी भवन बनने से प्रचायत के अन्तर्गत बैठकों, पंचायत के विकास की दिशा तय करने, ओर विकास की योजना बनाकर क्रियान्वित कराने के लिए एक स्थायी स्थल बन गया, जिससे आने वाले समय में पंचायत को विकास की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी ।
पशु चिकित्सा शिविर में मवेशियों को लम्फी बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण
रायपुर, 31 अगस्त 2025

पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन कर पशुधन को लम्फी बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया। शिविर में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और एवं 120 लम्फी बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही 30 पशुओं को कृमिनाशक दवापान, एक पशु में कृत्रिम गर्भाधान तथा 11 पशुओं हेतु औषधि वितरण किया गया।
कलेक्टर बलौदाबाजार-भाटापारा के निर्देशानुसार उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें के मार्गदर्शन में विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम सरखोर के गौठान में पशुओं हेतु शिविर आयोजन किया गया। शिविर में मोबाईल वेटेरिनरी यूनिट से डॉ. नेहा यादव, श्री जानू जांगडे एवं पशु चिकित्सालय-अहिल्दा से डॉ. संतोष पुरेना, श्री हेमंत विश्वकर्मा ने पशुओं का स्वास्थ्य जांच किया गया। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने बताया कि पशु चिकित्सालय अहिल्दा की टीम के द्वारा विगत दिनों ग्राम सरखोर के गौठान में रखे गये पशुओं का स्वास्थ्य जांच नियमित रूप से किया जा रहा है।गौठान में लगभग 160 पशु रखा जा रहा है, जिसके लिये ग्राम पंचायत द्वारा 04 पशु चरवाहा रखे गये हैं। चरवाहे द्वारा प्रतिदिन पशुओ को 5-6 घंटा चराया जाता है।
गौठान में चारा-पानी की व्यवस्था भी पंचायत द्वारा की गई है। इसके साथ ही तहसीलदार लवन ने भी गोठान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सरपंच एवं चरवाहों से पूछताछ कर आवश्यक व्यवस्था गौठान में रखे जाने वाले मवेशियों के लिए चारे-पानी की व्यवस्था करने निर्देशित किया गया। पशु चिकित्सा शिविर में सरपंच के साथ-साथ पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशु चिकित्सकों और ग्राम के पशु चरवाहो का भी विशेष सहयोग रहा।