छत्तीसगढ़ / रायपुर
श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम कोसमनारा में पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय: प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की
श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम कोसमनारा में पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय: प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की
राज्यपाल ने किया छग लोक आयोग के 23वें वार्षिक प्रतिवेदन का विमोचन
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने गुरुवार को राजभवन में छत्तीसगढ़ लोक आयोग, रायपुर के 23वें वार्षिक प्रतिवेदन (वर्ष 2024-25) का विमोचन किया। आयोग के प्रमुख लोकायुक्त न्यायमूर्ति आई.एस. उबोवेजा ने प्रतिवेदन को राजभवन में राज्यपाल को औपचारिक रूप से भेंट किया।
इस अवसर पर लोक आयोग कार्यालय, रायपुर के विधि सलाहकार अजीत कुमार राजभानु, उपसचिव के.पी. सिंह भदौरिया, तकनीकी सलाहकार राकेश पुराम तथा निज सचिव राजेश कुमार गजेन्द्र भी उपस्थित थे।
रेलवे चार्टिंग नियमों में बदलाव: अब EQ का आवेदन पहले देना होगा
14 जुलाई से लागू होंगे नए नियम
रायपुर । भारतीय रेलवे ने आरक्षण चार्ट तैयार करने की समय-सीमा में बदलाव करते हुए अब पहला चार्ट ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले जारी करने का फैसला लिया है, जिससे आपातकालीन कोटा (Emergency Quota - EQ) के आवेदन की प्रक्रिया भी पहले पूरी करनी होगी। यह नई व्यवस्था 14 जुलाई से पूरे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में लागू की जा रही है।
क्या है नया नियम?
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बर्थ आवंटन में पारदर्शिता के लिए EQ आवेदन की समय-सीमा को ट्रेन छूटने से पहले एक दिन करने का निर्देश दिया है। इससे पहले EQ आवेदन अंतिम समय तक स्वीकार किए जाते थे।
EQ आवेदन की नई समय-सीमा:
सुबह 5:00 से दोपहर 2:00 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों के लिए
EQ आवेदन एक दिन पहले शाम 4:00 बजे तक
दोपहर 2:01 से शाम 7:00 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों के लिए
EQ आवेदन एक दिन पहले शाम 5:00 बजे तक
शाम 7:01 से रात 11:59 के बीच प्रस्थान वाली ट्रेनों के लिए
उसी दिन ट्रेन छूटने से 10 घंटे पहले तक आवेदन
रात 12:00 से सुबह 5:00 बजे के बीच प्रस्थान वाली ट्रेनों के लिए
ट्रेन छूटने के 10 घंटे पहले तक या अधिकतम शाम 5:00 बजे तक, जो बाद में हो
छत्तीसगढ़ के लाल अनिमेष कुजूर ने रचा नया इतिहास, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ के लाल अनिमेष कुजूर ने रचा नया इतिहास, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
बारिश में बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य का अनुपम नजारा
बारिश में बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य का अनुपम नजारा
आबकारी विभाग में निलंबन के बाद नए अधिकारियों की नियुक्ति...
रायपुर । शराब घोटाला मामले में नाम सामने आने के बाद आबकारी विभाग ने 22 अधिकारियों को निलंबित कर दिया। इसके बाद विभाग ने 24 नए अधिकारियों की नियुक्ति की है।
गुरु पूर्णिमा पर जवाहर नगर मंडल ने किया गुरुओं का सम्मान, मंदिर-स्कूलों में कार्यक्रम
रायपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जवाहर नगर मंडल द्वारा गुरुओं, शिक्षकों और वरिष्ठजनों के सम्मान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। 10 जुलाई को सुबह से ही मंडल के पदाधिकारी मंदिरों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर श्रद्धाभाव से गुरुजनों का पूजन कर श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया।
मंदिरों में आरती और सम्मान समारोह
बजरंग नगर के अन्नपूर्णा दुर्गा मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में गुरुजनों, पंडितों और वरिष्ठ नागरिकों को श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन हुआ।
इस मौके पर सूरज शर्मा, शंकर शर्मा, दिनेश शर्मा, आदित्य विश्वकर्मा, संजय साहू, संजय शर्मा, राकेश शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा और अजय शर्मा मौजूद रहे।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में भी सम्मान
जोरापारा स्थित किरण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 110 में शिक्षकों और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई। प्राचार्य श्रीमती किरण साहू को पुष्पहार और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। सहायिका लक्ष्मी साहू और ज्योति बावरिया को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य किरण साहू ने गुरु के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “गुरु के बिना ज्ञान संभव नहीं, जीवन को दिशा देने वाला व्यक्ति ही सच्चा गुरु होता है।”
कार्यक्रम में प्रणीत जैन (मीडिया प्रभारी), गीता रेड्डी (महामंत्री), नीलू तलमले (उपाध्यक्ष), ममता साहू (कोषाध्यक्ष), दिव्या साहू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जवाहर नगर मंडल का यह आयोजन न केवल गुरु-शिष्य परंपरा को श्रद्धांजलि थी, बल्कि समाज में ज्ञान, सेवा और मार्गदर्शन देने वालों के प्रति सम्मान का भाव भी था।
मौसम अलर्ट: अगले 24 घंटों में इन 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी...
रायपुर। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 10 जुलाई को दोपहर 1:39 बजे जारी किए गए अलर्ट में बताया गया है कि अगले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट-
यह चेतावनी WATCH श्रेणी में रखी गई है, जिसका अर्थ है कि लोगों को सतर्क रहने और स्थिति पर नजर बनाए रखने की आवश्यकता है। जिन जिलों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बलौदाबाजार, बिलासपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, रायगढ़, सक्ती, सरगुजा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
जलाशयों के आसपास ना जाएं-
इस चेतावनी के मद्देनजर लोगों को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। खासकर नदी, नालों और जलाशयों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। साथ ही किसानों, ग्रामीणों और यात्रियों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। मानचित्र के माध्यम से भी बारिश संभावित इलाकों को दर्शाया गया है, जिनमें अधिकांश उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के क्षेत्र शामिल हैं। यह अलर्ट 11 जुलाई 2025 को सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
सावधानी बरतने की अपील-
मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगो से सतर्कता बरतने की अपील भी की है। भारी बारिश के समय में यदि आप किसी आपात स्थिति में पहुंचते हैं तो तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करें और बेवजह की यात्रा से बचें।
गुरुपूर्णिमा पर दादाबाड़ी में महापूजन, श्रद्धालुओं ने चारों दादागुरुदेव को किया नमन
रायपुर । गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर राजधानी की जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी, भैरव सोसायटी में चारों दादागुरुदेव की छत्रछाया में हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से महापूजन किया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने प्रतिष्ठाचार्य आचार्य जिनमणिप्रभ सूरीश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका गुणानुवाद किया।
दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद और महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि वर्तमान खरतरगच्छ परंपरा के आचार्य जिनमणिप्रभ सूरीश्वरजी ने देशभर में 244 जिनमंदिरों व दादाबाड़ियों की प्रतिष्ठा करवाई है और उनके सान्निध्य में 160 से अधिक आत्माओं ने जैन दीक्षा ली है। गुरुपूर्णिमा पर समर्पित भाव से पूजन और भक्ति का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर वर्धमान चोपड़ा, निर्मल पारख और सरला बैद ने गुरुभक्ति से परिपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया।
21 दिवसीय इक्तिसा जाप की घोषणा
गुरुपूर्णिमा पर्व पर 21 जुलाई से 10 अगस्त तक दादागुरुदेव इक्तिसा जाप का आयोजन घोषित किया गया। 21 जुलाई को मूर्ति कलश और अखंड दीपक की स्थापना होगी, जिसकी विधि विमल गोलछा द्वारा सम्पन्न कराई जाएगी।
पूजा समारोह में श्रीमती शैला बरड़िया, कीर्ति लोढ़ा, मधु पारख, प्रसन्न चोपड़ा, मनीष बरड़िया, ममता जैन, डॉ. योगेश बंगानी, धीरेन्द्र सेठ, संतोष झाबक, अशोक झाबक, अरुणा कोठारी, और ममता बरमट सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हुए।
गुरुपूर्णिमा पर्व पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम जैन समाज की गुरुभक्ति, परंपरा और श्रद्धा का अनुपम उदाहरण बना।
डिप्टी सीएम साव ने किया निर्माणाधीन विधानसभा भवन का निरिक्षण
निर्धारित समय पर काम पूर्ण करने के दिए निर्देश
रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को नवा रायपुर में निर्माणाधीन छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन तीनों विंगों के कार्यों का बारिकी से अवलोकन कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समय में सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। विधानसभा के नवीन भवन का सिविल वर्क पूर्ण होने के बाद फर्नीचर और इंटीरियर का काम प्रगति पर है। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री साव ने नए विधानसभा भवन में कार्यों के निरीक्षण के बाद कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां सभी कार्यों को सितम्बर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। तदनुसार आगामी 1 नवम्बर को राज्योत्सव पर इसे छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित करने की तैयारी की जाएगी। नए भवन में विंग-ए जहां विधानसभा सचिवालय लगेगा और विंग-सी जहां उप मुख्यमंत्रियों एवं मंत्रियों के कार्यालय रहेंगे, का काम लगभग पूर्णता की ओर है। विधानसभा के सदन, सेंट्रल हॉल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय वाले विंग-बी में भी फर्नीचर और इंटीरियर का काम जल्दी चालू होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यों के निरीक्षण के दौरान विधानसभा के सदन में विधायकों के लिए लगने वाली कुर्सी का अवलोकन कर इसकी विशेषताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विधानसभा के नए भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और शिल्प की झलक मिलेगी। यह राज्य के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए दर्शनीय भवन होगा।
52 एकड़ में बन रहा विधानसभा भवन, 200 सदस्य बैठ सकेंगे सदन में
नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का नया भवन 52 एकड़ में निर्माणाधीन है। इसके सदन में सदस्यों की बैठक क्षमता 200 होगी। नए विधानसभा भवन के एक विंग में विधानसभा सचिवालय, दूसरे में विधानसभा का सदन, सेंट्रल-हॉल, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का कार्यालय तथा तीसरे विंग में मंत्रियों के कार्यालय होंगे। यहां 500 दर्शक क्षमता का ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा। 700 कारों की पार्किंग क्षमता वाले परिसर में डेढ़-डेढ़ एकड़ के दो सरोवरों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
DPI का आदेश: बीएड डिग्रीधारी बर्खास्त शिक्षकों को नहीं मिलेगा पूर्व सेवा का लाभ
रायपुर । छत्तीसगढ़ में बर्खास्त बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों को सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला के पद पर समायोजन तो मिल गया है, लेकिन उनकी पूर्व सेवा को अब लाभकारी सेवा में नहीं गिना जाएगा। संचालक लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने साफ आदेश दिया है कि उनकी सीनियरिटी और सेवा गणना केवल नई नियुक्ति तिथि से ही की जाएगी।
डीपीआई ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों को निर्देश जारी कर कहा है कि समायोजित शिक्षकों का नया कर्मचारी कोड और नई सेवा पुस्तिका बनाई जाए। साथ ही 10 जुलाई 2025 की स्थिति में जारी नियुक्ति आदेश व कार्यभार ग्रहण की जानकारी अद्यतन कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
क्यों हुआ समायोजन?
पूर्व में बीएड डिग्रीधारियों को सहायक शिक्षक पद पर नियुक्त किया गया था। लेकिन डीएड डिग्रीधारियों ने इसके खिलाफ कोर्ट में चुनौती दी। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए बीएड शिक्षकों की नियुक्ति को अमान्य ठहराया, जिसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था।
लगातार आंदोलन और सरकार के हस्तक्षेप के बाद इन शिक्षकों को सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला पद पर समायोजित किया गया है। लेकिन अब नई नियुक्ति को अलग सेवा माना जा रहा है।
आदेश के अहम बिंदु:
पूर्व सेवा अवधि को अहर्ता सेवा में नहीं जोड़ा जाएगा।
नियुक्ति के अनुसार नई सीनियरिटी तय होगी।
Excel डेटा शीट में “ज्वाइन/नॉट ज्वाइन” कॉलम और 12वीं कक्षा का संकाय भरना अनिवार्य।
सेवा पुस्तिका व कोड नए पद के अनुसार बनेगा।
EOW की चार्जशीट पेश होने के बाद 22 आबकारी अधिकारी निलंबित
रायपुर । छत्तीसगढ़ में हुए बहुचर्चित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की हाल ही में पेश की गई चार्जशीट में बताया गया है कि कई आबकारी अधिकारियों ने 88 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध कमाई की और इन पैसों से प्रदेशभर में जमीन, मकान और निवेश के जरिए संपत्ति खड़ी की।
इस चार्जशीट के पेश होने के बाद वाणिज्य कर विभाग (आबकारी) ने 22 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। EOW की चार्जशीट में इन अधिकारियों का नाम है, और आरोप लगा है कि इन अधिकारियों को कमीशन के तौर पर 80 लाख से 11 करोड़ रुपए तक मिले थे।
मानसून सत्र 14 जुलाई से
रायपुर । छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि, वे और उनकी सरकार विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं। 14 जुलाई से शुरू होने वाले सत्र से पहले शुक्रवार को साय कैबिनेट की बैठक होगी। इसको लेकर स्वयं सीएम साय ने जानकारी दी है। वहीं इस बार मानसून सत्र के दौरान सदन में जोरदार हंगामे के आसार हैं, सत्र के लिए विधायकों ने 996 सवाल लगाए हैं।
सीएम विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेशवासियों को गुरुपूर्णिमा पर्व की बधाई प्रेषित की। वहीं सीएम साय ने अपने राजनितिक सफ़र को याद करते हुए कहा कि, जनता ने उन्हें रायगढ़ से सांसद चुना था तब वे हर साल रायगढ़ आते थे। इस दौरान मानसून सत्र को लेकर जानकारी दी है। सीएम साय ने कहा- मानसून सत्र के पहले शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक होगी।
मानसून सत्र में हंगामे के आसार
इस बार विधानसभा के मानसून सत्र में जमकर हंगामा होने के आसार हैं। यह सत्र 14 से 18 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें होंगी। समय कम होने की वजह से सरकार को घेरने के लिए विपक्ष हर दिन स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। इसकी अंतिम रणनीति विधायक दल की बैठक में बनेगी। विधानसभा में विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के विधायकों के भी तीखे तेवर देखने को मिल सकते हैं।
विधायकों ने लगाए 996 सवाल
मानसून सत्र के लिए विधायकों ने 996 सवाल लगाए हैं। चूंकि राज्य सरकार को करीब डेढ़ साल हो गए हैं, इसलिए माना जा रहा है कि इस बार भाजपा सरकार में हुई गड़बड़ियों के सवाल को प्रमुखता से उठाया जाएगा। मानसून सत्र में सरकार को घेरने के लिए इस बार विपक्ष के पास मुद्दों की कमी नहीं है। इसमें किसानों को खाद बीज की समस्या, कानून व्यवस्था, युक्तियुक्त करण, कानून व्यवस्था, पेड़ की कटाई, अवैध रेत और अवैध शराब सहित अन्य मुद्दों को लेकर सवाल लगे हैं। इसके साथ भारत माला परियोजना में हुए भ्रष्टाचार पर इस बार भी सदन गरमा सकता है। ऐसे में सदन के अंदर गहमागहमी देखने को मिलेगी।
सत्र के दौरान पेश होंगे विधेयक
मानसून सत्र के दौरान राज्य सरकार कई विधेयक पेश कर सकती है। राजस्व, आवास एवं पर्यावरण विभाग के विधेयक आने की संभावना है। वहीं राज्य सरकार द्वारा अन्य विषयों पर भी विधेयक लाया जा सकता है। सत्र के दौरान राज्य सरकार अनुपूरक बजट भी ला सकती है।
विपक्ष के तेवर आक्रामक रहेंगे
विपक्ष सत्र के दौरान आक्रामक तेवर दिखाएगा। सरकार के कामकाज को लेकर कई सवालों के अलावा चर्चा के दौरान विभागों में चल रही गड़बड़ियों पर सवाल उठाएगा। संगठन द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद सदन में सरकार को घेरने विपक्ष तैयारी कर रहा है। आने वाले दिनों में होने वाली विधायक दल की बैठक में इसकी रणनीति तय होगी।
स्व कुलदीप निगम की 61वीं जयंती पर वृद्धाश्रम, बालगृह व नर्रा में दी गई श्रद्धांजलि
रायपुर । छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी और राज्य बाल कल्याण परिषद के प्रथम महासचिव स्व. कुलदीप निगम की 61वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
माना कैंप स्थित कुलदीप निगम वृद्धाश्रम और मानसिक दिव्यांग बालगृह बालक एवं बालिका परिसर में स्व. निगम की प्रतिमा और फोटो पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद सभी को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के अध्यक्ष राजेन्द्र निगम, सचिव बिमल घोषाल, प्रीति निगम, पारूल चक्रवर्ती, लीला यादव सहित वृद्धाश्रम और बालगृह के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में स्व. निगम के पैतृक गांव नर्रा में स्थित शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों और छात्रों ने भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
स्व. कुलदीप निगम को छत्तीसगढ़ में वृद्धाश्रम और बाल कल्याण की दिशा में किए गए कार्यों के लिए आज भी प्रेरणा स्रोत माना जाता है।
शासन की योजनाओं ने बदली सुमित्रा बाई की जिंदगी
प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला और महतारी वंदन योजना से मिली नई दिशा
रायपुर । मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का लाभ अब समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम खटंगा के एक साधारण परिवार की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है, जहाँ शासन की तीनों योजनाओं ने एक साथ उनकी ज़िंदगी को नई दिशा दी है।
हितग्राही सुरेशराम की पत्नी श्रीमती सुमित्रा बाई बताती हैं कि पहले हम कच्चे घर में रहते थे। बरसात हो या गर्मी, हमेशा डर बना रहता था। पानी टपकता था, दीवारें गिरने का डर और रात-बिरात साँप, बिच्छू का डर अलग से। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का घर अब हमारे लिए एक नई दुनिया जैसा है। अब न डर है, न परेशानी, घर भी साफ-सुथरा है, और बच्चों को पढ़ने-लिखने का भी अच्छा माहौल मिल गया है।
सुमित्रा बाई आगे बताती हैं कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस सिलेंडर और चूल्हा मिलने से अब हम धुँआ से मुक्ति मिली और खाना बना पाते हैं। पहले जंगल से लकड़ी लाना पड़ता था और आग जलाना तब बहुत मुश्किल था। आँख में जलन होती थी एवं खाँसी और समय भी ज़्यादा लगता था। अब रसोई में आसानी से खाना बन जाता है। उन्होंने आगे बताया कि, मुझे मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1000 रूपए मिलते हैं। उसी से हम तेल, नमक, साबुन जैसे ज़रूरी सामान खरीद लेते हैं। कभी बेटी को स्कूल के लिए कॉपी-किताब भी लेना हो, तो उसी से काम चल जाता है। उनकी बेटी कुमारी संगीता बताती है, जब कच्चा घर था, तब हम पढ़ाई भी ठीक से नहीं कर पाते थे। बरसात के दिन बहुत दिक्कत होती थी। अब जब पक्का घर मिला है, तो मन लगता है। हम अब बहुत खुश हैं। परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
शराब घोटाला: 11 अफसरों ने 88 करोड़ से खरीदी संपत्ति, EOW की चार्जशीट में खुलासा
रायपुर । छत्तीसगढ़ में हुए बहुचर्चित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। हाल ही में पेश की गई चार्जशीट में बताया गया है कि 11 आबकारी अधिकारियों ने 88 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध कमाई की और इन पैसों से प्रदेशभर में जमीन, मकान और निवेश के जरिए संपत्ति खड़ी की।
किसने कितनी संपत्ति बनाई?
नवीन प्रताप सिंह तोमर ने रायपुर और बलौदाबाजार में 39 खसरा और 3 रजिस्ट्रियों में जमीनें खरीदीं। संपत्ति इंदिरा देवहारी और उनके खुद के नाम पर है।
मंजूश्री कसेर ने रायपुर, जांजगीर और गरियाबंद में 25 प्रॉपर्टी रिश्तेदारों और परिचितों के नाम पर खरीदीं।
नोहर सिंह ठाकुर ने रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में 5 संपत्तियां खरीदीं, जिनमें करुणा सुधाकर, लवकुश नायक और विजयलाल जाटवर जैसे नाम सामने आए हैं।
प्रमोद नेताम ने कोरिया, कोरबा और रायपुर में 6 प्रॉपर्टी खरीदीं।
दिनकर वासनिक ने आईओसी के शेयर, डिबेंचर और बॉन्ड में काली कमाई को छिपाने के लिए निवेश किया।
अन्य अधिकारियों जैसे इकबाल अहमद खान, मोहित जायसवाल, विजय सेन शर्मा, नीतिन खंडूजा और अरविंद पटले ने भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में करोड़ों की बेनामी संपत्तियां खरीदीं। जांच एजेंसी ने सभी दस्तावेजी साक्ष्य जुटा लिए हैं।
कांग्रेस भवन निर्माण में भी हुई काली कमाई की उपयोगिता
चार्जशीट में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व मंत्री कवासी लखमा के निर्देश पर शराब से मिली काली कमाई से कांग्रेस भवन का निर्माण किया गया। जांच के बाद उस भवन को जब्त कर सील कर दिया गया है।
कोरोना काल में शराब बिक्री दोगुनी
ईओडब्ल्यू ने आरोप लगाया कि कोरोना काल के दौरान योजनाबद्ध तरीके से शराब की बिक्री दोगुनी की गई ताकि अधिक से अधिक अवैध कमाई की जा सके। रायपुर से लेकर दिल्ली तक पैसे पहुंचाने का जिम्मा कुछ खास अफसरों को सौंपा गया था।
सियासी घमासान तेज
घोटाले को लेकर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी लगातार पूर्व भूपेश सरकार पर हमलावर है, जबकि कांग्रेस ने जांच को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है।
जांच एजेंसी अब इन अफसरों की बेनामी संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में और भी बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
आज सही से बिता लिया, तो पूरी जिंदगी अच्छे से जी सकते हैं: मनीष सागर
रायपुर । आज का दिन हम सही से बिताएं, तो आने वाली पूरी जिंदगी अच्छे से बीता सकते हैं। कभी भी कुछ अच्छा सोचते हैं, तो यह बात मानकर चलिए कि हम जैसा सोचते हैं, वैसा हो जाए, यह जरूरी नहीं है। जरूरी है कि विपरीत से विपरीत परिस्थितियों के लिए तैयार रहकर हम खुद को आज के लिए तैयार करें। बुधवार को चातुर्मास की शुरुआत पर विवेकानंद नगर स्थित श्री ज्ञान वल्लभ उपाश्रय में धर्म सभा को संबोधित करते हुए उपाध्याय प्रवर मनीष सागर महाराज साहब ने यह बातें कही।
उन्होंने कहा, माना जाता है कि अच्छे काम करने जाओ तो बहुत सारे विघ्न आते हैं। सिर्फ सोचने से काम नहीं चलेगा। विचार समुद्र की तरंगों के समान होते हैं। यह जितनी तेजी से आते हैं, उतनी तेजी से चले भी जाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आज ऐसा संकल्प लें, जो कम से कम अगले 4 महीने तक टिका रहे। यह लॉन्ग जर्नी है। बीच में हमारा इंजन फेल नहीं होना चाहिए। अच्छी इच्छा शक्ति के साथ चातुर्मास की शुरुआत हो इसलिए हमें अपने भीतर चिंतन-मनन करना है। अगर अपने साथ बेइमानी नहीं करना चाहते हैं, तो इस चातुर्मास को अच्छे से बिताएं। धर्म में बताए गए नियम-धर्मों का पालन करें। अपने तन का विकास होना चाहिए। अपने भावों में सुधार होना चाहिए। अपना व्यवहार बेहतर होना चाहिए। अपना पूरा व्यक्तित्व बदल जाना चाहिए। जिस तरह योद्धा जब मैदान में उतरता है, तो तीर-भाला सब लेकर उतरता है। उसे पता है कि कुछ भी परिस्थिति आ सकती है। वो खुद को उसी हिसाब से तैयार करता है। ऐसे ही हमें भी अपनी पूरी तैयारी के साथ चातुर्मास में उतरना है। अपने जिन कर्तव्यों की विस्मृति हो चुकी है, उन्हें फिर स्मृति में लाना है। हम कोई सेठ, पति-पत्नी, पुत्र या पिता नहीं, अभी हम एक श्रावक हैं। जब अपना पद याद रहेगा, तो अपना कर्तव्य याद रहेगा। पद याद नहीं रहेगा, तो कर्तव्य भूल जाएंगे।
श्रावक के 6 कर्तव्य
श्रावक के जीवन की शुरुआत चरणों में जाने से होगी। यानी वह अपने आप को परमगुणी परमात्मा के चरणों में समर्पित कर दे। अधिकारी के प्रति समर्पित व्यक्ति ही अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभा सकता है। जैसे सांस लेना और भोजन करना जरूरी है, वैसे ही जीवन में देव, गुरु, धर्म जरूरी हैं। इस भाव के साथ जीने लगेंगे, तो ही आपका जीवन सार्थक होगा। परमात्मा से मिलना है तो गुरु का सानिध्य जरूरी है। गुरु ही हैं जो आपको परमात्मा से मिलन करवा सकते हैं, वरना उनसे मिलना बड़ा कठिन है।
चातुर्मास समिति के प्रचार-प्रसार सचिव चंद्रप्रकाश ललवानी और मनोज लोढ़ा ने बताया कि गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुबह 8.30 बजे से विशेष कार्यक्रम होगा। अगर बारिश नहीं होती है तो कार्यक्रम टैगोर नगर स्थित पटवा भवन में बने मंडप में होगा अन्यथा विवेकानंद नगर स्थित श्री ज्ञान वल्लभ उपाश्रय में कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा। बुधवार को तेले की कड़ी में पहला तेला पीआर गोलछा का रहा। आगे भी जिन्हें तेले में शामिल होना है, वे श्रीसंघ के पास अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।