छत्तीसगढ़ / रायपुर
सप्रे शाला हनुमान मंदिर में 10 जुलाई से एक माह अखंड श्रीरामचरित मानस पाठ
रायपुर। श्रावण मास अखण्ड रामायण पाठ समित्ति श्री हनुमान मंदिर सप्रे शाला बूढ़ापारा में आयोजन के 25 वें साल को इस बार और भी भव्य तरीके से मनाया जायेगा।
10 जुलाई गुरुवार को श्री गुरु पुर्णिमा की शाम 5.30 बजे सभी राम भक्तों के साथ श्री रामदरबार व रामचरित मानस पाठ की शोभा यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर श्याम टाकीज सद्दानी चौक सदर बाज़ार कोतवाली चौक व बिजली ऑफिस चौक होकर वापस हनुमान मंदिर आएगी।
जगह जगह शोभा यात्रा का स्वागत किया जायेगा। संध्या 7.30 बजे हनुमान जी महाराज की आरती संकल्प के बाद श्री रामचरित मानस पाठ (पूर्ण श्रावण मास अखण्ड) संगीतमय प. दिलीप शर्मा महाराज के सानिध्य में प्रारंभ होगा।
अखण्ड पाठ का समापन कार्यक्रम 8 अगस्त रक्षाबंधन के दिन रामायण पाठ के प्रत्येक दोहा छंद सोरठा के उच्चारण के साथ् 24 घंटे का हवन किया जाएगा।
रायपुर के कई इलाकों में जलभराव, 2 दिनों से हो रही बारिश
रायपुर । छत्तीसगढ़ में पिछले चार दिनों से लगभग सभी जिलों में भारी बारिश हो रही है। रायपुर में मंगलवार सुबह से ही तेज पानी बरस रहा है। जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है। सड़कों पर पानी भर गया है। बलौदाबाजार में खेत डूब गए हैं। वहीं सरगुजा संभाग में भी मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच मौसम विभाग ने आज (मंगलवार) राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद और कांकेर में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं रायपुर, धमतरी, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, मुंगेली सहित 15 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बीजापुर, कोंडागांव और बस्तर में भी भारी बारिश का यलो अलर्ट है। सरगुजा संभाग के छह जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। इससे पहले सोमवार को लगातार बारिश से बिलासपुर में कई इलाके डूब गए। सड़कों पर नालियों का पानी आ गया।
रायपुर : शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कौशल परीक्षा 12 एवं 13 जुलाई को
रायपुर : शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कौशल परीक्षा 12 एवं 13 जुलाई को
रायपुर जुलाई 2025-शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कम्प्यूटर कौशल परीक्षा परिषद, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा 12 जुलाई 2025 को अंग्रेजी मुद्रलेखन गति 8000 की डिप्रेशन प्रतिघंटा के मान से होगी। यह परीक्षा रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं बस्तर संभाग में चयनित 05 परीक्षा केन्द्रों पर तथा दिनाँक 13 जुलाई 2025 को हिन्दी मुद्रलेखन गति 8000 की डिप्रेशन प्रतिघंटा के मान से होगी। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं बस्तर संभाग में चयनित 07 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षाएं आयोजित होगी। परिषद द्वारा आबंटित परीक्षा केन्द्रों पर ही निर्धारित बैच एवं समय पर ही परीक्षा में सम्मिलित होना अनिवार्य है। परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी परिषद की वेबसाईड
https://ctsp.cg.nic.in/पर उपलब्ध है। शीघ्र लेखन, मुद्र लेखन, कम्प्यूटर कौशल परीक्षा परिषद के सचिव ने बताया कि प्रवेश पत्र डाऊनलोड करने संबंधी सूचना परीक्षार्थियों के पंजीकृत मोबाईल नं. एसएमएस पर सूचना भेजी गई।
यशवंत कुमार को सौंपा गया खेल-युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ शासन ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यशवंत कुमार (भा.प्र.से. 2007) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। इस संबंध में आदेश 27 जून को भारत निर्वाचन आयोग के पत्र के आधार पर जारी किया गया।
हिमांशु गुप्ता को खेल विभाग से मुक्त किया गया
यशवंत कुमार द्वारा खेल एवं युवा कल्याण विभाग का कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही, वर्तमान में इस विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हिमांशु गुप्ता (भा.प्र.से. 2007) को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
हिमांशु गुप्ता वर्तमान में सचिव, श्रम विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार में गृह एवं जेल विभाग का कार्य देख रहे हैं। अब वे केवल इन विभागों तक सीमित रहेंगे।
राज्य में पहली बार गले के नस की दुर्लभ सर्जरी, बुजुर्ग को मिली नई जिंदगी
रायपुर । डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के हार्ट, चेस्ट और वैस्कुलर सर्जरी विभाग में एक दुर्लभ और जोखिमपूर्ण सर्जरी कर 70 वर्षीय मरीज की जान बचाई गई। मरीज के गले की नस कैरोटिड आर्टरी में 95 प्रतिशत ब्लॉकेज था, जिसे कैरोटिड एंडआर्टरेक्टॉमी नामक जटिल सर्जरी से सफलतापूर्वक हटाया गया।
यह सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू एवं उनकी टीम द्वारा की गई। डॉ. साहू के अनुसार यह सर्जरी राज्य में इस प्रकार की प्रथम एवं अत्यंत दुर्लभ सर्जरी है।
मरीज को थी लकवे और दृष्टिदोष की शिकायत
बालाघाट निवासी 70 वर्षीय मरीज को पिछले दो वर्षों से बार-बार लकवा, चक्कर, एक आंख से धुंधला दिखना और सुनाई न देने जैसी समस्याएं हो रही थीं। प्रारंभिक जांच के बाद कैरोटिड सीटी एंजियोग्राफी कराई गई, जिसमें पता चला कि मरीज की दाहिनी कैरोटिड आर्टरी में 95% से अधिक रुकावट थी। इससे मस्तिष्क को रक्त की आपूर्ति बाधित हो रही थी।
सर्जरी थी बेहद जोखिमभरी
डॉ. के.के. साहू ने परिजनों को स्पष्ट किया कि इस सर्जरी में जान का खतरा हो सकता है, क्योंकि ऑपरेशन के दौरान यदि कोई भी प्लाक का टुकड़ा या हवा का बुलबुला मस्तिष्क में चला जाता तो मरीज ब्रेन डेड हो सकता था। इसके बावजूद मरीज एवं परिजनों ने ऑपरेशन की सहमति दी।
सर्जरी के दौरान कैरोटिड शंट नामक विशेष उपकरण का प्रयोग किया गया ताकि मस्तिष्क में रक्त प्रवाह लगातार बना रहे। ब्लॉकेज हटाने के बाद नस को बोवाइन पेरीकार्डियम पैच से मरम्मत कर पुनः सामान्य किया गया। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और मरीज अब स्वस्थ होकर डिस्चार्ज होने की स्थिति में है।
डॉ. साहू के मुताबिक, गले की नस के ब्लॉकेज खोलने की अन्य विधि कैरोटिड आर्टरी स्टेंटिंग है पर सर्जरी जिसको कैरोटिड एंडआर्टरेक्टॉमी कहा जाता है, वह सुरक्षित होता है।
क्या होती है कैरोटिड आर्टरी और क्यों होता है ब्लॉकेज?
कैरोटिड आर्टरी वह मुख्य धमनी होती है जो गले से होते हुए मस्तिष्क तक रक्त पहुंचाती है। इसमें रुकावट का मुख्य कारण होता है — धूम्रपान, तंबाकू सेवन, अनियंत्रित डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल का जमा होना।
50% तक ब्लॉकेज होने पर आमतौर पर लक्षण स्पष्ट नहीं होते, परंतु 70-80% से अधिक ब्लॉकेज पर ट्रांजिएंट इस्केमिक अटैक (टीआईए) या छोटे स्ट्रोक जैसे लक्षण सामने आते हैं — जैसे अचानक एक आंख से दिखना बंद होना, मुंह टेढ़ा होना, बोलने में दिक्कत या संतुलन बिगड़ना।
बचाव के उपाय
इस बीमारी को रोका जा सकता है — धूम्रपान और तंबाकू छोड़कर, ब्लड प्रेशर और शुगर नियंत्रित रखकर, और संतुलित आहार व नियमित व्यायाम के माध्यम से। जिन मरीजों को कोरोनरी आर्टरी डिजीज होती है, उनमें 8-10% मामलों में कैरोटिड आर्टरी में भी ब्लॉकेज होता है।
कांग्रेस की सभा में बारिश के बीच नेताओं में हावी रही दिखावेबाजी
महंत को बोलने से रोकने की कोशिश, खड़गे को रोकनी पड़ी नारेबाजी
रायपुर । राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में सोमवार को आयोजित कांग्रेस की 'किसान, जवान, संविधान' सभा में जहां एक ओर मौसम ने चुनौती दी, वहीं दिखावेबाजी ने पार्टी की एकता की पोल खोल दी। बूंदाबांदी के बीच मंच पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को बोलने से खुद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोकने की कोशिश की। स्थिति इतनी बिगड़ी कि महंत को खुद कार्यकर्ताओं से शांत रहने की अपील करनी पड़ी, लेकिन उनका आग्रह भी बेअसर रहा।
खड़गे को बीच में रोकना पड़ा भाषण
सभा को संबोधित कर रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी नारेबाजी के चलते अपना भाषण बीच में रोकना पड़ा। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, "इतना उत्साह अगर चुनाव में दिखाओगे तो अच्छा होगा, अभी शांति बनाए रखें।"
एयरपोर्ट से ही दिखी दरार
सूत्रों के मुताबिक गुटबाजी की शुरुआत एयरपोर्ट से ही हो गई थी, जब खड़गे रायपुर पहुंचे तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को उनके पास तक जाने नहीं दिया गया। सभा स्थल पर यही असंतोष नारेबाजी और हंगामे के रूप में फूट पड़ा।
भिलाई के कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी, देवेंद्र यादव पर निगाहें
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, हंगामा करने वाले ज्यादातर कार्यकर्ता भिलाई क्षेत्र के थे। माना जा रहा है कि ये भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के समर्थक थे, जो प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार भी हैं। मौजूदा पीसीसी चीफ दीपक बैज पहले ही उनके दिल्ली दौरों और गुटबंदी की शिकायत प्रभारी सचिन पायलट से कर चुके हैं।
भूपेश बघेल का जोशीला भाषण, बिना नारेबाजी के
मंच पर जब भूपेश बघेल की बारी आई तो वे पूरा उत्साह और आक्रोश के साथ बोले। उन्होंने किसानों को खाद नहीं मिलने और स्कूलों में बच्चों को किताबें न मिलने जैसे जमीनी मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाया। आश्चर्यजनक रूप से उनके भाषण के दौरान कोई नारेबाजी नहीं हुई, जो यह भी संकेत देता है कि कुछ गुट सिर्फ खास चेहरों के विरोध में सक्रिय थे।
बारिश ने रोका रथ, गुटबाजी ने बिगाड़ा रुख
जहां एक ओर बारिश ने सभा की उपस्थिति को सीमित किया, वहीं गुटबाजी ने पार्टी की संगठनात्मक एकता पर सवाल खड़े कर दिए। वरिष्ठ नेताओं की अपील के बावजूद कार्यकर्ताओं के बीच “अपना नेता कौन” की लड़ाई साफ दिखी।
कुल मिलाकर, कांग्रेस की यह सभा सियासी ऊर्जा के बजाय भीतरू खींचतान और गुटबाजी के चलते चर्चा में रही — ऐसे में आने वाले चुनाव से पहले पार्टी को आंतरिक अनुशासन पर गंभीर आत्ममंथन की जरूरत है।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: EOW ने पेश की अब तक की सबसे बड़ी चार्जशीट
2161 करोड़ की लूट में अफसर-नेता और कंपनियों की मिलीभगत
रायपुर । छत्तीसगढ़ में सामने आए 2161 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में अधिकारियों, नेताओं और डिस्टलरी मालिकों की साठगांठ का खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने सोमवार को इस महाघोटाले में पांचवीं चार्जशीट पेश की, जिसमें 30 से अधिक राज्य सेवा के अफसरों को दोषी बताया गया है। 66,000 से ज्यादा पन्नों की इस चार्जशीट को अब तक की सबसे बड़ी और संगठित आर्थिक साजिश का खुलासा माना जा रहा है।
2019-23 के बीच चला 'सिंडिकेट मॉडल'
EOW की रिपोर्ट में बताया गया है कि 2019 से 2023 के बीच आबकारी अफसरों ने सिंडिकेट के साथ मिलकर फर्जी बिल, नकली होलोग्राम, कैश वसूली, ओवररेटिंग और नकली शराब की बिक्री के जरिए राज्य के खजाने को हजारों करोड़ का नुकसान पहुंचाया। चार्जशीट में बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल रिकॉर्ड, गवाहों के बयान, डिजिटल साक्ष्य भी संलग्न हैं।
कौन-कौन है घेरे में?
जनार्दन कौरव, दिनकर वासनिक, नवीन प्रताप सिंह तोमर, विकास गोस्वामी, नीतू नोतानी, इकबाल खान समेत कई अफसरों के नाम
पूर्व विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी के लिए फील्ड में काम करने वाले अफसरों की संलिप्तता
चुनाव फंडिंग में भी इन नामों की संदिग्ध भूमिका
डिस्टलरी मालिकों का खेल: करोड़ों का ‘कमीशन मॉडल’
चार्जशीट में कहा गया है कि शराब बिक्री बढ़ाने के लिए राज्य को 8 जोनों में बांटा गया और डिस्टलरी मालिकों से सालाना 70 करोड़ तक कमीशन लिया गया।
वेलकम डिस्टलरी की हिस्सेदारी बढ़ाकर 58%
छत्तीसगढ़ डिस्टलरी घटाकर 14%
भाटिया वाइन को 28% हिस्सेदारी
नवीन केडिया, भूपेंद्र पाल सिंह भाटिया और राजेंद्र जायसवाल जैसे बड़े डिस्टलरी संचालकों पर आपराधिक लिप्तता का आरोप
पार्ट A, B और C: तीन स्तरीय घोटाले की संरचना
पार्ट B में सबसे बड़ा खेल
फैक्ट्री में ही नकली होलोग्राम
गैरकानूनी शराब को वैध तरीके से दुकानों में सप्लाई
हर दुकान में अलग से रखा जाता था गल्ला नकदी वसूली के लिए
अवैध शराब पर 560 से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति पेटी कमीशन, वैध पर केवल 75–100 रु
सिंडिकेट तय करता था कौन सी शराब बिकेगी
चार्जशीट के अनुसार, यह सिंडिकेट इतना मजबूत था कि प्रदेश में कौन सी ब्रांड बिकेगी और किसकी बिक्री रुकेगी, इसका निर्णय भी वही करता था। ब्रांडेड शराब की कमी इसलिए आई क्योंकि कंपनियां मनचाहा कमीशन नहीं दे रही थीं।
प्रशासन में मचा हड़कंप, पहली बार इतने अफसर चार्जशीटेड
EOW की इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में खलबली है। राज्य के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अफसरों को चार्जशीट किया गया है।
EOW ने साफ किया है कि यह घोटाला एक संगठित गिरोह की तरह संचालित हुआ, जिसमें नीति, नियम और जनता के पैसे को खुलकर लूटा गया।
यह घोटाला केवल आर्थिक नहीं, बल्कि प्रशासनिक, राजनीतिक और संस्थागत व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न है। अब निगाहें न्यायपालिका पर हैं कि क्या इतनी व्यापक लूट और मिलीभगत के आरोपियों को सख्त सजा मिल पाएगी?
विष्णु कैबिनेट की बैठक 11 को
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक 11 जुलाई शुक्रवार के सवेरे 11:30 बजे होगी। मीटिंग में कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है।
इसके पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 30 जून को कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगाईं गई।
बीएएएलपी प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन 4 अगस्त तक
रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर के ईएनटी विभाग अंतर्गत संचालित बी.ए.एस.एल.पी. (बैचलर इन ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी) पाठ्यक्रम में प्रथम वर्ष 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन फार्म और विवरणिका (प्रोस्पेक्टस) विभाग की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू रायपुर बीएएसएलपी डॉट ओआरजी (www.raipurbaslp.org) से डाउनलोड कर सकते हैं।
आवेदन से जुड़ी प्रमुख जानकारी:
1. आवेदन पत्र केवल रजिस्टर्ड या स्पीड पोस्ट से ही स्वीकार किए जाएंगे।
2. आवेदन भेजने का पता: कक्ष क्र. 244, ईएनटी विभाग, ऑडियोलॉजी एंड स्पीच थेरेपी यूनिट, डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर (छ.ग.) (Room No. 244, Department of ENT, Audiology and Speech Therapy Unit, Dr. B.R.A.M. Hospital, Raipur (C.G.))
3. आवेदन शुल्क:
सामान्य वर्ग: ₹600
छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग: ₹350
शुल्क डिमांड ड्राफ्ट के रूप में बी ए एस एल पी कोर्स पं. जे. एन. एम. मेडिकल कॉलेज, रायपुर (“BASLP Course, Pt. J.N.M. Medical College, Raipur (C.G.)”) के नाम पर देय होगा।
4. आवेदन जमा करने की तिथि:
प्रारंभ: 6 जुलाई
अंतिम तिथि: 4 अगस्त
विलंब शुल्क ₹100 अतिरिक्त के साथ अंतिम तिथि: 7 अगस्त
5. प्रवेश मेरिट सूची वेबसाइट पर 13 अगस्त को जारी की जाएगी।
6. दावा-आपत्ति हेतु आवेदन 18 अगस्त तक स्वीकार होंगे। आवेदन मेल (coursecoordinatorbaslp@gmail.com) या विभाग में हार्ड कॉपी के रूप में जमा करना होगा।
7. अंतिम मेरिट सूची 20 अगस्त को प्रकाशित होगी।
8. काउंसलिंग प्रक्रिया 25 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
विशेष निर्देश: अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रवेश से संबंधित सभी नियम एवं शर्तें प्रोस्पेक्टस में भली-भांति पढ़ लें। किसी भी जानकारी के लिए कार्यालय समय में 0771-2890137 पर संपर्क किया जा सकता है।
175 बार रक्तदान कर बनाया नवनीत ने बनाया रिकॉर्ड
सांसद बृजमोहन ने किया सम्मानित
रायपुर । महावीर इंटरकांटिनेंटल सर्विस आर्गेनाइजेशन रायपुर के सचिव, सामाजिक कार्यकर्ता नवनीत झा ने 175वी बार ब्लड डोनेशन करके नया रिकॉर्ड बना लिया है। वे ऐसा करने वाले देश के नंबर वन रक्तदाता हो गए हैं। विश्व रिकॉर्ड एक ही व्यक्ति के द्वारा 185 बार रक्तदान का है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल थे। उन्होंने रक्तदाता नवनीत झा का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत, अभिनंदन किया। उन्होंने बधाई देते हुए आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक को साल में एक बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए ऐसा करके हम सामाजिक दायित्व को पूरा कर सकेंगे।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महासचिव लोकेश कावड़िया, अंतर्राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अशोक जैन, प्रदेश अध्यक्ष वीर राजेंद्र जैन, रायपुर चैप्टर के अध्यक्ष वीर अशोक मुकीम , सचिव नवनीत झा, पंकज गुप्ता, संजय गिडीया, महेंद्र ठाकुर, मोतीलाल ओसवाल, चंपालाल प्रजापति इत्यादि उपस्थित थे।
वन विभाग ने मालीडीह गांव में जब्त की अवैध सागौन चिरान
रायपुर। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार राज्य में वन अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बारनवापारा परियोजना मंडल, रायपुर के अंतर्गत आरंग परिक्षेत्र के ग्राम मालीडीह में एक बड़ी कार्रवाई की गई है।
मंडल प्रबंधक बारनवापारा परियोजना मंडल ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उपमंडल प्रबंधक महासमुंद द्वारा सर्च वारंट जारी किया गया था। जिसके तहत आज वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मालीडीह गांव में छापामार कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से सागौन चिरान के 75 नग लकड़ी, मात्रा 0.418 घन मीटर बरामद की गई। पूछताछ के दौरान जब आरोपी से लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
यह कार्रवाई वनपाल एच.आर. पैकरा, उड़नदस्ता प्रभारी ए.के. खुमरी, उपक्षेत्रपाल लोकेश साहू, लोचन साहू, के.के. पटेल, कोमल सिंह मरकाम, दीपा पटेल, चंद्रहास साहू, क्षेत्र रक्षक होमलता मंडावी एवं चौकीदारों के साथ-साथ तुमगांव थाने की पुलिस टीम की उपस्थित थी। अवैध लकड़ी की कीमत लगभग 70 हजार रुपये आँकी गई है। जप्त की गई सागौन चिरान को कोडार डिपो भेजा गया है और आरोपी के विरुद्ध भारतीय काष्ठ चिरान वन अधिनियम के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 37/11, दिनांक 06/07/2025 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
सर्किल स्टेशन लोधीपारा के अध्यक्ष बने राजेन्द्र जंघेल
महिला अध्यक्ष बनीं सविता जंघेल
रायपुर । लोधी क्षत्रिय समाज रायपुर के अधीनस्थ सर्किल स्टेशन लोधीपारा पं. क्रं.2066 में मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमान कृष्ण कुमार सिंगौर एवं पर्यवेक्षक बंधु जंघेल और योगेश जंघेल की उपस्थिति में 6 जुलाई को पालकी रेस्टोरेंट स्टेशन लोधीपारा में निर्वाचन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जिसमें महिला एवं पुरूष पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर समाज को एक नई दिशा देने का प्रयास किया गया। निर्वाचन की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र भी दिया गया। सर्किल अध्यक्ष राजेन्द्र जंघेल, उपाध्यक्ष बाल मुकुंद चंदेल, सचिव सतीश जंघेल, कोषाध्यक्ष प्रकाश जंघेल एवं संयुक्त सचिव मधुसूदन जंघेल चुनें गए।
इसी प्रकार सर्किल में महिला पदाधिकारी में सर्किल अध्यक्ष श्रीमती सविता जंघेल, उपाध्यक्ष श्रीमती नीता जंघेल, सचिव श्रीमती पम्पा चंदेल, कोषाध्यक्ष श्रीमती कौशल्या जंघेल, संयुक्त सचिव श्रीमती लक्ष्मी जंघेल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन कार्यक्रम में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अधीन जंघेल ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बहुत-बहुत बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं देकर कहा कि समाज के सभी सदस्य गण समाज सेवा एवं अन्य सेवाओं के माध्यम समाज को आगे बढ़ने के उद्देश्य से अपना अपना योगदान दे रहें है। आशा है कि नवनिर्वाचित सदस्यगण सभी का सहयोग लेकर स्टेशन लोधीपारा सर्किल को एक आदर्श सर्किल एवं स्वस्थ समाज बनाने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस कार्यक्रम में कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अधीन जंघेल, महासचिव दीपक जंघेल, देवराज जंघेल, कृपा जंघेल, श्रवण जंघेल, ओम जंघेल सहित सर्किल के सभी सदस्य उपस्थित थे।
दादाबाड़ी में मनाई गई दादागुरुदेव जिनदत्त सूरीश्वर की 871 वीं पुण्यतिथि
रायपुर । आचार्य जिनमणिप्रभ सूरि द्वारा प्रतिष्ठित चमत्कारी जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी, भैरव सोसायटी में प्रथम दादागुरुदेव जिनदत्त सूरि की 871 वीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई । प्रातः से ही सैकड़ों बच्चों व भाई बहनों ने दादागुरुदेव जिनदत्त सूरि की प्रतिमा के सम्मुख इक्तिसा जाप किया व गुरूदेव का गुणानुवाद किया गया।
सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि एक लाख तीस हज़ार अजैनों को जैन बनाने वाले एकावतारी युगप्रधान दादागुरुदेव जिनदत्त सूरीश्वर की पुण्यतिथि के अवसर पर दादागुरुदेव का इक्तिसा जाप भक्ति भाव से किया गया । प्रथम दादागुरुदेव जिनदत्त सूरि की गुणानुवाद सभा में अध्यक्ष संतोष बैद ने कहा कि 12 वीं शताब्दी में जब भारत में मुगल साम्राज्य द्वारा मंदिर व मूर्तियों को खंडित किया जा रहा था उस समय सुप्रसिद्ध जैन आचार्य श्रीजिनदत्त सूरि ने अपने तपोबल व साधना से धर्म की रक्षा की।एक समय उज्जैन में उनके प्रवचन के समय 64 योगनियां श्राविका का रूप कर दादा जिनदत्त सूरी को कपट पूर्वक तंग करने आई जिसे अपने दिव्य ज्ञान से जानकर उन्हें मंत्र बल से उनके आसन में ही स्तंभित कर दिया जिससे 64 योगनियों ने नतमस्तक होकर आचार्य को 7 वरदान दिए तथा सदैव उनकी आज्ञा पालन का वचन दिया। वहीं अपनी साधना से 52 व्यंतर देव को भी सिद्ध किया तथा इन सभी सिद्धियों का जनहित में प्रयोग कर मुगल बादशाह को प्रभावित किया। एक बार नगर में चतुर्मास प्रवेश के समय मुगल बादशाह के पुत्र कि घोड़े से गिरकर मृत्यु को हो गई। तब आचार्य ने बादशाह के पुत्र को अपने सिद्धिबल से व्यंतरदेव को उनके शरीर में प्रवेश करा कर जीवित कर दिया। बादशाह ने पुत्र के जीवित हो जाने की खुशी में अपने राज्य में दादा जिन्दत सूरी के उपदेश से सभी मंदिर मूर्तियों को खंडित नहीं करने का आदेश जारी कर दिया। दादाश्री ने साढ़े तीन करोड़ माया बीज मंत्रो को सिद्ध किया, उज्जैन में वज्र स्तंभ मंत्र युक्त ग्रंथ रखे थे जिन्हे निकालने में कोई भी समर्थ नहीं था, जिसे उन्होंने अपने सिद्धि बाल से निकाला। अजमेर में जैन प्रतिक्रमण में शाम को बिजली का प्रकोप हुआ अनेक धर्म प्रेमी को बचाने बिजली को अपने पात्र में स्तंभित कर दिया। तब विद्युत देवी ने वरदान दिया की जिनदत्त सूरी की आन है कहने से विद्युत प्रकोप नही होगा।
प्रथम दादाश्री के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी में आयोजित स्वर्गारोहण महोत्सव की गुणानूवाद सभा में ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद ने आगे कहा की प्रथम दादा को युग प्रधान की उपाधि नागदेव श्रावक को अम्बा देवी के हथेली में स्वर्ण संदेश लिखा, जिसे कोई भी आचार्य नही पढ़ पाया। तब आचार्य के मंत्रित वासक्षेप डालकर अपने शिष्य से पढ़वाया। उस श्लोक में देवी ने लिखा था दासानुदासा इव सर्व देवा, यदिय पादाब्ज तले लूठनती , मरुस्थली कल्पतरु सजीयात, युगप्रधानो जिनदत्त सूरी। ऐसे हमारे प्रथम दादा युगप्रधान के रूप में देवी अम्बा द्वारा प्रतिष्ठित हुए आज हम सभी उनके अनंत उपकारों का स्मरण करने ही उपस्थित हुए है इनके द्वारा 130000 नूतन जैन बनाए गए। दादागुरुदेव की बड़ी पूजा में अष्ठप्रकारी पूजा में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में आरती व मंगल दीवा किया गया।
भाजपा 3 दिवसीय सांसद- विधायक प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला कमलेश्वर पुरम मैनपाट में प्रारंभ
भाजपा 3 दिवसीय सांसद- विधायक प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला कमलेश्वर पुरम मैनपाट में प्रारंभ
बस्तर में फैल रहा है अब विकास का उजियारा
बस्तर में फैल रहा है अब विकास का उजियारा
अन्तर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में शामिल हुए केदार कश्यप
प्रेम को प्रकृति के साथ जोड़ता है एक पेड़ माँ के नाम अभियान : मंत्री
रायपुर । सहकारिता एवं जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस पर आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी में शामिल हुए। संगोष्ठी नवा रायपुर, अटल नगर में स्थित छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) परिसर में आयोजित की गई। उन्होंने इस अवसर पर एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत परिसर में पौधरोपण किया। मंत्री कश्यप ने इस मौके पर गौपालक तथा मत्स्य पालक किसानों को रुपे केसीसी कार्ड और दुग्ध सहकारी समितियो को माइक्रो एटीएम वितरित किया।
मंत्री कश्यप ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है और माँ के प्रति हमारी श्रद्धा। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनूठा तरीका भी है। माँ और प्रकृति दोनों ही जीवनदायिनी हैं, पोषण करती हैं, और बिना किसी स्वार्थ के अपनापन देती हैं ।
मंत्री कश्यप ने कहा कि माँ के नाम पर एक पेड़ लगाना माँ के प्रेम को प्रकृति के साथ जोड़ता है। यह एक जीवंत श्रद्धांजलि है, जो न केवल माँ के प्रति हमारी भावनाओं को व्यक्त करती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक उपहार है। उन्होंने कहा कि यह अभियान, ‘सहकारिता‘ के साथ, भारत में सामाजिक और पर्यावरणीय उत्थान के लिए महत्वपूर्ण पहल है।
ये सामूहिक भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी पर आधारित हैं, और इनकी मूल भावना सहयोग, संरक्षण और समाज में योगदान देने की है। ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ पहल की शुरुआत प्रधानमंत्री द्वारा 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। इसका उद्देश्य माताओं की स्मृति में पेड़ लगाने को प्रोत्साहित करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। यह अभियान प्रकृति और मातृत्व के बीच समानता को रेखांकित करता है , क्योंकि दोनों ही जीवन का पोषण करते हैं ।
अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता ने कहा कि इस अभियान का संदेश है - ‘माँ के लिए एक पेड़, धरती के लिए एक कदम‘ इस संदेश के साथ सभी सहकारी समितियों को इस नेक कार्य में हिस्सा लेने और अपनी माँ के प्रेम को प्रकृति के साथ जोड़ने का आह्वान किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की मंशा है कि पैक्स सोसायटियो को मजबूत किया जाए।
अपर मुख्य सचिव, सहकारिता, छत्तीसगढ़ शासन सुब्रत साहू ने राज्य स्तरीय सहकारी संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में ‘सहकार से संमृद्धि‘ अंतर्गत अनेक कार्यक्रम व नवाचार सहकारिता के माध्यम से किये जा रहे हैं, जिसमे सहकारिता क्षेत्र की इकाई-समितियो को बहुउद्देशीय बनाना व इस आंदोलन को और विस्तारित करना है। सहकारिता की महत्ता को ध्यान में रखते हुए 2021 में केंद्र सरकार द्वारा पृथक से सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया, जो इस आंदोलन के प्रति सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रदर्शित करता है।
संगोष्ठी में छत्तीसगढ़ सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी आर प्रसन्ना, आयुक्त सहकारिता कुलदीप शर्मा, एमडी अपेक्स बैंक के एन कांडे, अपर आयुक्त एच के दोषी सहित जिला सहकारी बैंको, मार्कफेड, लघुवनोपज तथा एनसीडीसी तथा बड़ी संख्या में अपेक्स बैंक, जिला सहकारी बैंकों, जिला सहकारी संघ के अधिकारी गण मौजूद थे।
भारी बारिश के बीच आज के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रीय हो चुका है। प्रदेश के कई इलाकों में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार बारिश हो रही है। प्रदेश के 75 प्रतिशत हिस्सों में पिछले 15 दिनों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों में भी पिछले चार-पांच दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से गर्मी से तो राहत मिल गई है, लेकिन जगह-जगह जलभराव की स्थिति भी निर्मित हो रही है। लगातार हो रही बारिश ने मौसम में ठंडक पैदा कर दी है और नदी-नाले अब उफान पर आ गए हैं। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश भर में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और बाकी क्षेत्रों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, सरगुजा जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती हैं।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।