छत्तीसगढ़ / रायपुर
छत्तीसगढ़ में मोदी, योगी, शाह का होगा रोड शो व चुनावी सभा
रायपुर । छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने चुनावी प्रचार को गति देने का काम किया है। तमाम दिग्गज नेताओं के दौरे छत्तीसगढ़ में हो रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी इस चुनाव अभियान में अब मेगा रोल अदा करते दिखेंगे। दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में पीएम मोदी, योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव अभियान को लीड करते दिखेंगे। पार्टी सूत्रों की तरफ से मिली जानकारी के आधार पर पीएम मोदी रोड शो और चुनावी सभा भी करेंगे।
कब कब पीएम आएंगे छत्तीसगढ़
पीएम नरेंद्र मोदी पहले चरण के चुनाव प्रचार में भी रैली करते दिखेंगे। पीएम दो नवंबर को कांकेर के दौरे पर रहेंगे। यहां वह एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। फिर चार नवंबर को पीएम मोदी छत्तीसगढ़ आएंगे। यहां दुर्ग में वह आम सभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद सात नवंबर को सरगुजा के दौरे पर पीएम मोदी रहेंगे। यहां विश्रामपुर और सूरजपुर में वह चुनावी सभा करेंगे। इसके बाद 14 नवंबर को रायपुर में पीएम मोदी रोड शो करेंगे।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की भी होगी सभाएं: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की भी सभाएं छत्तीसगढ़ में होगी। योगी आदित्यनाथ 4 और 5 नवंबर को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। कई विधानसभा में चुनावी प्रचार की कमान योगी आदित्यनाथ संभालेंगे। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक योगी आदित्यनाथ रोड शो भी करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा कब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायगढ़ के इलाकों में चुनावी प्रचार को धार देंगे। उसके बाद अमित शाह पलारी और आरंग में आम सभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री का रोड शो भी छत्तीसगढ़ में होगा।
इस तरह बीजेपी ने चुनावी कैंपेन की धार को मजबूत करने का प्लान बना लिया है। दिग्गजों की टीम छत्तीसगढ़ में चुनावी प्रचार को लीड करने के साथ ताबड़तोड़ रैलियां और सभाएं करने का काम करेगी। बीजेपी सूत्रों की माने तो और भी स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार में शामिल होंगे।
कांग्रेसी नेता जयराम रमेश ने भाजपा पर साधा निशाना, बीजेपी को बताया मुद्दाहीन पार्टी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेसी नेता जयराम रमेश ने कहा, यह स्थानीय मुद्दों पर लड़ने वाला चुनाव है। भाजपा की रणनीति सिर्फ ध्रुवीकरण की रणनीति है। छत्तीसगढ़ में यह एक मुद्दाहीन पार्टी है। भाजपा के चुनावी भाषणों में सिर्फ ध्रुवीकरण का मुद्दा है।
जयराम रमेश ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री गलती से भी सच नहीं कह सकते। यह बोलने का साहस मैं ही कर सकता हूं। मैंने संसद में भी यह बात कही है। ऐसे कई उदाहरण है। बस्तर के स्टील प्लांट नगरनार का सच यही है।केंद्र इसे निजी हाथों में सौंपना चाहते हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों का निजीकरण हो रहा है। छत्तीसगढ़ में यह पहला मिसाल नहीं है। कोरबा में बालको प्लांट का निजीकरण हो चुका है। केंद्र सरकार की नीति निजीकरण की नीति है।
संघीय ढांचे का पालन नहीं हो रहा। भेदभाव की राजनीति केंद्र सरकार कर रही है। जहां भाजपा की सरकार नहीं वहां भेदभाव का जवाब जनता चुनाव के समय देगी। भरोसे की सरकार के लिए कांग्रेस की सरकार जरूरी है।हमने गारंटी दी है। यह कागज की बात नहीं है। हमने जो कहा, वह लागू हुआ है। अब तक हमने 17 गारंटी दे दिया है। किसान, स्वास्थ्य, शिक्षा, युवाओं, महिलाओं के लिए हमारी गारंटी में सब कुछ है। गैस सिलेंडर में 500 रुपये सब्सिडी महिलाओं के खाते में आएगी। छत्तीसगढ़ में 2800 रुपये में धान खरीदी हो रही है। उत्तरप्रदेश में बमुश्किल 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल है।
छत्तीसगढ़ में मतांतरण को लेकर बनाएंगे सख्त कानून: भाजपा
रायपुर । उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लोगों से अपील की है कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार बनाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में सरकार ने घोटाले पर घोटाला किया है।
उन्होंने कहा, यहां पांच हजार करोड़ का चावल घोटाला हुआ है। 2161 करोड़ का शराब घोटाला हुआ है। 540 करोड़ का कोयला घोटाला हुआ है। 1300 करोड़ का गोठान घोटाला हुआ है, जो पैसा आपके विकास में खर्च होना चाहिए था, जो पैसा आपके बच्चों की शिक्षा महिलाओं के विकास में खर्च होना था वह घोटाले में चला गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना से लड़ाई लड़ी और उन्होंने सबको सुरक्षित कराया। मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ा है। छत्तीसगढ़ में गरीबों को प्रलोभन देकर मतांतरण किया जा रहा है, जो कि बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में भाजपा बनी तो उत्तराखंड की तर्ज पर मतांतरण को लेकर सख्त कानून बनाएंगे।
मल्लिकार्जुन खरगे का सुकमा-महासमुंद दौरा आज से...
रायपुर । एआईसीसी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 1 नवबंर को सुबह 10 बजे नई दिल्ली से जगदलपुर के लिये रवाना होंगे। सुबह 11.30 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुचेंगे। सुबह 11.40 बजे हेलीकाप्टर द्वारा जगदलपुर से सुकमा के लिये रवाना होंगे। दोपहर 12.20 सुकमा में आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 1.30 बजे हेलीकाप्टर द्वारा सुकमा से महासमुंद के लिये रवाना होंगे। दोपहर 2.40 बजे महासमुंद मे आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3.50 बजे हेलीकाप्टर द्वारा महासमुंद से रायपुर के लिये रवाना होंगे। शाम 4.15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शाम 4.30 बजे रायपुर से नई दिल्ली के लिये रवाना होंगे।
आज करवा चौथ व्रत पर जानिए शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
पौराणिक मान्यता के अनुसार करवाचौथ का चन्द्रदर्शन मनवांछित फल प्रदान करता है। करवा चौथ की रात्रि 8 :15 बजे चंद्रोदय होगा। करवाचौथ का व्रत इस बार 01 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि और शिव योग में मनाया जाएगा।
करवाचौथ और संकष्टी चतुर्थी व्रत इस बार 01 नवंबर को सर्वार्थ सिद्धि और शिव योग में मनाया जाएगा। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं। इस दिन महिलाएं व्रत रखने के साथ-साथ विधिनुसार पूजा-अर्चना भी करती हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ का त्योहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है।
करवा चौथ पर पति के लिए व्रत की परंपरा
पौराणिक मान्यता के अनुसार पति की लम्बी उम्र के लिए व्रत की परंपरा सतयुग से चली आ रही है। इसकी शुरुआत सावित्री के पतिव्रता धर्म से हुई। जब यम आए तो सावित्री ने अपने पति को ले जाने से रोक दिया और अपनी दृढ़ प्रतिज्ञा से पति को फिर से पा लिया। तब से पति की लम्बी उम्र के लिए व्रत किये जाने लगा। दूसरी कहानी पांडवों की पत्नी द्रोपदी की है। वनवास काल में अर्जुन तपस्या करने नीलगिरि के पर्वत पर चले गए थे द्रोपदी ने अर्जुन की रक्षा के लिए भगवान् कृष्ण से मदद मांगी। उन्होंने द्रौपदी को वैसा ही उपवास रखने को कहा जैसा माता पार्वती ने भगवान शिव के लिए रखा था। द्रौपदी ने ऐसा ही किया और कुछ ही समय के बाद अर्जुन वापस सुरक्षित लौट आए।
करवा चौथ पर चंद्रमा की होती है खास पूजा
करवाचौथ का व्रत सुबह सूर्योदय से शुरू होता है और शाम को चांद निकलने तक किया जाता है। इस पर्व में चन्द्रमा काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि महिलाएं दिनभर निर्जला उपवास कर शाम को चन्द्रमा निकलने के बाद ही अपना उपवास खोलती हैं। इस दिन चतुर्थी माता और गणेशजी की भी पूजा की जाती है। शास्त्रों में उल्लेख है कि सौभाग्य, पुत्र, धन-धान्य,पति की रक्षा और संकट टालने के लिए चंद्रमा की पूजा की जाती है। करवाचौथ के दिन चंद्रमा की पूजा का एक अन्य कारण यह भी है कि चंद्रमा औषधियों और मन के अधिपति देवता हैं। उसकी अमृत वर्षा करने वाली किरणें वनस्पतियों और मनुष्य के मन पर सर्वाधिक प्रभाव डालती हैं। दिन भर उपवास के बाद चतुर्थी के चंद्रमा को छलनी की ओट में से जब नारियां देखती हैं,तो उनके मन पर पति के प्रति अनन्य अनुराग का भाव उत्पन्न होता है,उनके मुख व शरीर पर एक विशेष कांति आ जाती है। इससे महिलाओं का यौवन अक्षय,स्वास्थ्य उत्तम और दांपत्य जीवन सुखद हो जाता है।
इस साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि की शुरुआत मंगलवार 31 अक्तूबर को रात 9 :30 बजे से हो रही है। यह तिथि अगले दिन नवंबर को रात 9 :19 बजे तक रहेगी। ऐसे में उदया तिथि और चंद्रोदय के समय को देखते हुए करवाचौथ का व्रत बुधवार 01 नवंबर को रखा जाएगा।
करवा चौथ की पूजा सामग्री
करवा चौथ की थाली में रोली, महावर, लौंग-कर्पूर, जल का भरा हुआ टोटी वाला लोटा, प्रसाद, फूल, घी का दीपक, धूपबत्ती, श्रृंगार का सामान, दूर्वा, मिट्टी का करवा उसमें भरने के लिए चावल या मीठे बताशे, पूजा की सींक आदि। इसके साथ ही करवा चौथ का कैलेंडर-शिव पार्वती और भगवान गणेश की प्रतिमाएं। इसके अलावा आप जो भी भोजन बनाएं उसे भी साथ में रखें।
करवा चौथ पर चंद्र दर्शन का समय
पौराणिक मान्यता के अनुसार करवाचौथ का चन्द्रदर्शन मनवांछित फल प्रदान करता है। करवा चौथ की रात्रि 8 :15 बजे चंद्रोदय होगा।
रायपुर में 33.50 लाख कैश जब्त
रायपुर । थाना आमानाका क्षेत्रांतर्गत चंदनडीह के पास चेकिंग के दौरान दुर्ग के कारोबारी के दोपहिया वाहन से पुलिस ने चेकिंग के दौरान 33 लाख 50 हजार 300 रुपये की राशि जब्त की गई है।
पुलिस ने इस बारे में आयकर विभाग को जानकारी दे दी है। पुलिस ने कवर नगर पालीटेक्निक कालेज के सामने दुर्ग निवासी लालचंद खत्री से रकम जब्त की है। उसके साथ उसका बेटा भी मौजूद था।उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखने के साथ ही आदर्श आचार संहिता कराने फिक्स पाइंट बनाकर चेकिंग की जा रही।
मंगलवार को थाना आमानाका क्षेत्रांतर्गत कुम्हारी टोल नाका के पास चंदनडीह एसएसटी चेकिंग पाइंट और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दोपहिया, चारपहिया वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
इस दौरान दुर्ग की ओर से इनोवा क्रिस्टा कार आ रही थी। जिसे टीम के सदस्यों द्वारा रोकवाकर चेक किया गया। कार में तीन बैग थे। पहले दो कारोबारी लगातार गुमराह कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने जांच की और रकम की गिनती की। नकदी रकम के संबंध में पूछताछ करने और वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
अलग-अलग बैग में बंडल
पुलिस ने जांच शुरू की तो कार में कारोबारी के साथ उसके बेटे भी बैठे थे। पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि वह किराना दुकान संचालक है। पुलिस ने इतनी बड़ी रकम के बारे में जानकारी पूछी गई। वह लगातार गुमराह कर रहा था। बैग से पांच सौ, दो सौ और सौ के नोट के बंडल जब्त किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ में आज से शुरू होगी धान खरीदी
रायपुर । छत्तीसगढ़ में आज से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरूआत होगी।
अधिकारियों के मुताबिक सहकारी समितियों में धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई है। समितियों में 15 क्विटंल के स्थान पर अब प्रति एकड़ अधिकतम 20 क्विंटल धान और प्रति एकड़ 10 क्विंटल मक्का की खरीद की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में कुल 25 लाख से अधिक किसान पंजीकृत हैं। बीते वर्ष 23.42 लाख किसानों से धान खरीदी हुई थी।
अधिकारियों के मुताबिक धान के बदले 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। सहकारी समितियों में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में प्रदेश के पंजीकृत किसानों से 125 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अनुमानित लक्ष्य रखा गया है।
आरपीएफ ने पकड़े 4 लाख के गांजा सहित 2 तस्कर
रायपुर ,। ऑपरेशन नारकोस के तहत मंडल टास्क टीम रायपुर व आरपीएफ पोस्ट रायपुर ने 2 अंतरराज्यीय तस्करों को 20 किलो गांजा (कीमती 4 लाख रुपए) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे थे और दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन रायपुर स्टेशन ने पकड़ा गए।
मुखबीर की सूचना के आधार पर रेसुब पोस्ट रायपुर प्रभारी निरीक्षक एस.के. दत्ता के नेतृत्व में उपनिरीक्षक के.बी.गुप्ता, सउनि डी सी एच एस बाबू, स उप नि.डी.के.वर्मा, प्र.आ. व्ही सी बंजारे, प्र.आ.पी.के.मेश्राम,आ.देवेश सिंह, आर.पी.एफ. टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 बिलासपुर छोर एफ ओ बी सीढ़ी के पास मुखबिर के बताए हुलिया आधार पर 2 संदिग्ध व्यक्ति को घेरा बंदी कर पकड़ा। दोनों के पास रखे पिठ्ठू बैग को चेक करने पर उसमे गांजा बरामद हुआ। नाम पता पूछने पर अपना नाम दिनेश कुमार पिता राम चंद्र चौहान उम्र. 25 वर्ष निवासी- ग्राम कनीना , थाना-कनीना जिला- महेंद्र गढ़ (हरियाणा) और सतीश कुमार वल्द रमेश चंद उम्र. 44 वर्ष ,निवासी- ग्राम नांगल मोहनपुर पोस्ट- रसूलपुर थाना- रसूलपुर कनीना जिला- महेंद्रगढ़ (हरियाणा) बताया। उनके बैग से 4-4 पैकेट गांजा मिला, जिसका कुल वजन 20 किलो और कीमती चार लाख रुपए है। दोनों आरोपियो को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपी ने बताया कि बरामद गांजा को ओडिशा से खरीदकर सड़क मार्ग से रायपुर पहुंचे और रेल मार्ग से दिल्ली जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। दोनों आरोपीयो व जब्त गांजा सहित विधिवत कार्यवाही उपरांत शासकीय रेल पुलिस थाना रायपुर को अग्रिम कार्यवाही हेतु सुपुर्द किया गया जिस पर शासकीय रेल पुलिस थाना रायपुर ने अपराध क्रमांक - 61/2024 धारा- 20(बी) एनडीपीएस एक्ट दिनांक 01/05/24 का मामला पंजीबद्ध कर उक्त आरोपीयो को विशेष एनडीपीएस न्यायालय रायपुर के समक्ष पेश किया।
महिलाओं के खाते में पहुंची महतारी वंदन योजना की तीसरी किश्त - विष्णु देव साय
रायपुर, 01 मई 2024/विष्णु सरकार ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत तीसरी किश्त महिलाओं के खाते में ट्रांसफर कर दी है। जिसके तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को एक-एक हजार की राशि उनके खातों में पहुंचाई गई है।
सीतापुर की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आज महतारी वंदन योजना की तीसरी किश्त दे दी है। उन्होंने सभी माताओं-बहनों से अपना-अपना खाता चेक करने की बात कही।
गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज 01 मई 2024 को महतारी वंदन योजना की तृतीय किश्त अर्थात् तृतीय माह की सहायता राशि का भुगतान किया गया है। महतारी वंदन योजना प्रदेश में 01 मार्च 2024 से लागू की गयी है तथा मार्च माह की सहायता राशि दिनांक 10 मार्च 2024 को महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन करते हुए जारी की गयी थी। माह अप्रैल की सहायता राशि 03 अप्रैल 2024 को भुगतान की गयी थी। माह मई 2024 की सहायता राशि का भुगतान 01 मई 2024 को किया गया।
माह मई की सहायता राशि हेतु कुल रु. 654.90 करोड़ का भुगतान किया गया है। इनमें से 63,59,226 हितग्राहियों को आधार लिंक खातों के आधार पर डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया गया, जिसके अंतर्गत उनके आधार से लिंक हुए बैंक खाते में सहायता राशि प्राप्त होगी तथा 6.48.004 हितग्राहियों को, जिनके खाते आधार से लिंक नहीं है, उन्हें एनईएफटी के माध्यम से उनके खाते में भुगतान किया गया।
पूरे प्रदेश में 70,26,452 हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया था, जिनमें से 70,12,417 आवेदन स्वीकृत किए गए थे। अद्यतन स्थिति में मृत हुए हितग्राही एवं अपात्र हितग्राहियों को सूची से हटाते हुए माह मई में कुल 70,07,230 हितग्राहियों को सहायता राशि का भुगतान किया गया।
ब्यास मुनि द्विवेदी को पर्यावरण विधि क्षेत्र में डॉक्टरेट उपाधि
रायपुर । छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. ब्यास मुनि द्विवेदी को पर्यावरण विधिक सहायता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा के आधार पर किए गए शोध कार्यों सामाजिक कार्यों के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ, मथुरा, उत्तरप्रदेश द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की गई है। यह उपाधि पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ के कुलपति द्वारा बीते दिनों भोपाल में इस हेतु आयोजित सम्मान समारोह में ब्यासमुनि द्विवेदी को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया। डॉ. ब्यासमुनि द्विवेदी सरोना कचरा डंप से लेकर वन भैंसों एवं हाथियों के लिए जनहित के मुद्दे सार्वजनिक जीवन के साथ न्यायलय में तथा नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में उठाते रहें हैं। डॉ. द्विवेदी की इस उपलब्धि पर राज्य के सामाजिक संगठन, अधिवक्ता गण तथा वन अधिकार कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए हर्ष प्रगट किया है
सीएम साय ने किया सीमंधर स्वामी जैन मंदिर ध्वजारोहण की पत्रिका का विमोचन
ध्वजारोहण, प्रभु भक्ति में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान की
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी के ध्वजारोहण व जन्मकल्याणक महोत्सव की पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद , महासचिव महेन्द्र कोचर , ट्रस्टी द्वय जय सांखला व योगेश बंगानी ने गुलाब फूल से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से शाल ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया और पत्रिका व श्रीफल से मुख्यमंत्री को ध्वजारोहण कार्यक्रम में 2 व 3 मई के लिए आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने रात्रिकालीन प्रभु भक्ति में सम्मिलित होने की स्वीकृति प्रदान की। ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने मुख्यमंत्री साय को जैन गौशाला की स्थापना संबंधित जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने जैन गौशाला हेतु हरसंभव मदद की बात कही।
कौशल्या माता के मायके में बेटी सुरक्षित नहीं है : राधिका खेड़ा
राजीव भवन में विवाद के बाद रोते हुए बयां किया अपना दर्द
रायपुर ,। कांग्रेस नेत्री और पार्टी की नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर राधिका खेड़ा इन दिनों चुनावी कामकाज को लेकर रायपुर में हैं। बताया जा रहा हैं पीसीसी के संचार विभाग के एक बड़े पदाधिकारी के साथ जमकर विवाद हो गया। यह पूरी घटना कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन की हैं। यह विवाद क्यों हुआ यह तो साफ़ नहीं हैं राधिका कह रही हैं कि 40 साल में उनके साथ कभी भी ऐसा व्यवहार नहीं हुआ। इसके साथ ही राधिका खेड़ा यह कहते हुए भी सुनी जा सकती हैं कि वह पार्टी छोड़ देंगी।
बता दें कि प्रेसवार्ता के दौरान संचार विभाग के बड़े पदाधिकारी और राधिका के बीच सामने आया यह विवाद काफी बड़ा होता जा रहा हैं। वहीं विवाद के बाद राधिका खेरा ने ट्वीट किया था, जिसमें उन्होनें लिखा कि, कौशल्या माता के मायके में बेटी सुरक्षित नहीं है। “पुरुषवादी मानसिकता से ग्रसित लोग आज भी बेटियों को पैरों तले कुचलना चाह रहे हैं।” इस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को इस बात से समझा जा सकता हैं कि विपक्षी दल भाजपा की तरफ से भी इस मामले में बयान सामने आया हैं।भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने पूरे मसले पर तंज भरे लहजे में प्रतिक्रिया दी हैं। उन्होंने कहा, राधिका खेड़ा आप केवल कांग्रेसियों से बच जाए बाकी छत्तीसगढ़ में आपको कुछ नहीं होगा। हम मोदी की गारंटी देते हैं आपको कुछ नहीं होगा। केदार गुप्ता ने यह भी दावा किया कि, कांग्रेस महिलाओं का सम्मान नहीं कर रही है। अब कांग्रेस को विनाश से कोई नहीं बचा सकता।
दो युवकों की हत्या के मामले में 5 गिरफ्तार
डीजे पर नाचने की बात को लेकर बाराती-घराती में हुआ था विवाद
रायपुर , बाराती और घराती लड़कों के बीच डीजे पर नाचने की बात को लेकर उपजे विवाद में मारपीट के दौरान दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने पॉच आरोपियों को किया गिरफ्तार किया है। जिसमें दो नाबालिग बालक भी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि, 21 अप्रैल को ग्राम छतौद निवासी चंद्रकुमार ध्रुव अपने परिजन एवं गांव के अन्य लोगों के साथ बारात लेकर ग्राम भैसबोड़ निवासी टिकेश्वर ध्रुव के घर आये थे। जो बारात स्वागत कर डीजे एवं बाजा में बाराती एवं घाराती के लड़के लोग नाचते गाते दुल्हन के घर की तरफ जा रहे थे, तभी दुल्हन के घर के कुछ दूर पहले चौक के पास बाराती एवं घराती लड़कों बीच नाचने गाने की बात को लेकर विवाद और मारपीट हो गई। तभी मृतक रविकुमार तारक अपने पास रखे चाकू से बारात में आये लड़के मृतक राकेश ध्रुव के सीने में मार दिया। इसके अलावा हरिप्रेम निर्मलकर को पेट के पास चाकू मारकर घायल कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
राकेश ध्रुव एवं हरिप्रेम निर्मलकर को मारते देखकर एक नाबालिग बालक और आरोपी नरोत्तम ध्रुव ने गुस्से में आकर मृतक रविकुमार तारक को पकड़कर चैनसिंह साहू पीछे से हाथ मुक्का से मारपीट कर रहा था उसी समय आरोपी नरोत्तम ध्रुव अपने पास रखे चाकू को निकालकर मृतक रविकुमार तारक के पेट में मारकर दोनों आरोपी वहां से भाग कर बाराती गाड़ी में जाकर बैठ गये। मृतक रविकुमार तारक को घायल अवस्था में इलाज के लिए बठेना अस्पताल धमतरी ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शव पंचनामा कार्यवाही बाद मर्ग डायरी प्राप्त होने पर मर्ग जांच पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध धारा 302 भादवि० कायम कर विवेचना में लिया गया।
आरोपियों को पकड़ने 200 सीसीटीवी कैमरे खंगाले
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विवेचना के दौरान चौकी बिरेझर पुलिस एवं सायबर टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों के पतासाजी के लिए लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया,जिस पर आरोपियों को चिन्हांकित भी किया गया। संदेहियों से पूछताछ किया गया एवं वहां उपस्थित साक्षियों से कथन के आधार पर चाकू मारने वाले आरोपियों की पता तलाश कर पहचान कार्यवाही कराया गया है। आरोपीगण मृतक रवि तारक की हत्या आरोपी नरोत्तम ध्रुव पिता नारायण ध्रुव एवं आयुष साहू पिता शिवदयाल साहू एवं पोखराज यादव पिता मोहन यादव एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों को पहचान कराया गया।
लोकसभा चुनाव में बस्तर के नेता निभा रहे है महत्वपूर्ण भूमिका
वनांचल क्षेत्र के बाद अब मैदानी क्षेत्र में करेंगे धुआंधार प्रचार
रायपुर । छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के प्रथम व द्वितीय चरण के मतदान के बाद बस्तर भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता तीसरे चरण के मतदान की तैयारियों में जुट गए है। एवं प्रदेश भाजपा संगठन के दिशा-निर्देश पर बस्तर, कांकेर, महासमुंद, राजनांदगांव के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को अब अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी प्रचार-प्रसार का जिम्मा संभालने भेजा जा रहा है। इसे लेकर ही जगदलपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधीर पाण्डेय, भाजपा नेता मनीष पारख, मंडल महामंत्री प्रवीण सांखला को बस्तर व कांकेर लोकसभा में प्रचार-प्रसार के बाद अब कोरबा लोकसभा क्षेत्र में प्रचार कर रहे है।
पार्टी के निर्देश पर कोरबा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधीर पाण्डेय ने कहा कि, भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता दिन रात मेहनत कर रहा है। अबकी बार 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार के लक्ष्य को प्राप्त करना हम सबका लक्ष्य है। हम सबने मिलकर बस्तर में प्रचार किया फिर पार्टी ने कांकेर भेजा और अब कोरबा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोरबा विधानसभा क्षेत्र में विकास का कमल खिलाने के लिए पुरी कर्मठता से प्रचार करेंगे। और कोरबा लोकसभा हेतु भाजपा प्रत्याशी डॉ. सरोज पाण्डेय को भारी मतो से विजयी बनाने के लिए कोरबावासी उत्साहित है।
इस अवसर पर भाजपा नेता मनीष पारख ने कहा कि, भाजपा पार्टी नहीं परिवार है और अब तो पूरा देश कह रहा है मैं हूँ मोदी का परिवार। हम सब अपने परिवार के सदस्यों को विजयी बनाकर तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत 2047 का लक्ष्य पूरा होगा। भारतीय जनता पार्टी ने हम सबको कोरबा लोकसभा क्षेत्र में सेवा का अवसर दिया है। पार्टी ने जो दायित्व हमे दिया है उस पर खरा उतरेंगे। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी डॉ. सरोज पाण्डेय के समर्थन में प्रचार कर तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का आह्वान करेंगे।
मंडल महामंत्री प्रवीण सांखला ने कहा कि, हर कार्यकर्ता का लक्ष्य विकास का कमल खिलाना है। छत्तीसगढ़ की 11 की 11 सीटों में कमल खिलाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता प्रवास कर घर-घर जा रहे है। यह चुनाव कोई आम चुनाव नहीं है यह राष्ट्र के नव निर्माण का चुनाव है। जिसमे हर कार्यकर्ता का जिम्मेदारी तय है और सभी उसे निभा रहे है।
बता दें कि, भारतीय जनता युवा मोर्चा जगदलपुर नगर मंडल के अध्यक्ष श्रीश मिश्रा एवं भाजपा भानपुरी मंडल के सदस्य शिबू शाह को भी कोरबा लोकसभा क्षेत्र में प्रचार की जिम्मेदारी दी गई और वह भी बस्तर के भाजपा नेताओं के साथ प्रवास पर हैं।
"प्राथमिक शाला भेंडरी में स्थानीय वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित "
राजिम,। शासकीय शाला भेंडरी में कक्षा पहली से पांचवी का परीक्षा परिणाम सरपंच मोहनलाल साहू एवं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष ढाल सिंह ध्रुव के उपस्थिति प्रधान पाठक भागचंद चतुर्वेदी ने घोषित किया । सभी बच्चों को परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत अच्छा रहा। सभी बच्चों का गुलाल लगाकर स्वागत कर चॉकलेट खिलाकर मुँह मीठा कराया गया साथ ही अतिरिक्त पोषण के लिए शासन से प्राप्त मीलेट्स का वितरण बच्चों को किया गया।मीलेट्स एवं प्रगति पत्र पाकर बच्चे बहुत खुश थे । भागचंद चतुर्वेदी ने बताया कि कक्षा पांचवी में सयुक्त रूप से लक्ष्मी साहू एवं दिव्या साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, हर्षिता साहू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है ।इसी तरह चौथी में लुप्ताजंलि गोस्वामी, तीसरी से युवराज साहू,दूसरी से जयकुमार साहू,पहली से हुस्मिता साहू प्रथम स्थान पर रहे। चौथी से राधिका यादव ,तीसरी से गगन साहू,दूसरी से विकास साहू पहली से तन्मय ध्रुव ने द्वितीय स्थान पर रहे।सभी बच्चों अच्छे अंको से सफलता प्राप्त कर शाला परिवार को गौरवान्वित किया।प्रथम स्थान प्राप्त किये सभी बच्चों को सेवानिवृत्त प्रधान पाठक जी आर ध्रुव द्वारा 201-201पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया। सभी बच्चों को ग्रीष्म अवकाश में शिक्षा के मुख्य धारा में जुडें रहने,बारहखड़ी अंग्रेजी हिंदी,20 तक पहाड़ा याद करने,हिन्दी वर्णमाला एवं गणित जोड़ना घटाना, गुणा, भाग के सवाल को घर पर नियमित अभ्यास करने और विद्यालय प्रारंभ होने जांच करवाने के लिए समझाया गया।सरपंच मोहनलाल साहू द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित होने के अवसर पर बच्चों को आशीर्वाद के रुप मे सम्बोधित करते हुए शुभकामनाएं बधाई दिया और बच्चों को कहा कि आप लोग कठिन परिश्रम करो और अच्छे आगे के कक्षाओं में अच्छे अंकों के साथ उच्च कक्षाओं में सफलता प्राप्त अपने माँ पिता जी ग्राम का नाम रौशन करो। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ढाल सिंह ध्रुव ने सभी बच्चों को सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं बधाई दिया। उपस्थित सभी बच्चों अतिथियों द्वारा प्रगति पत्रक का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक टीकूराम ध्रुव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सरपंच मोहनलाल साहू,ढाल सिंह ध्रुव,प्रधान पाठक भागचंद चतुर्वेदी शिक्षक गण लालजी सिन्हा रेखराम निषाद, टीकूराम ध्रुव, प्रदीप कुमार साहू, पालक सदस्य भगवती साहू,गोदावरी साहू,पंचों साहू एवं सभी छात्र छात्रा उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स व यू-ट्यूबर्स कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह से मिले, 07 मई को सभी को मतदान हेतु प्रेरित करने का लिया संकल्प
रायपुर,। शहर में सोशल मीडिया के माध्यम से आम मतदाताओं को 07 मई को मतदान हेतु प्रेरित करने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स व यू-ट्यूबर्स से जुड़े युवा अपनी भागीदारी देंगे। इस प्रस्ताव के साथ आज इन्होंने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह से मुलाकात की एवं मतदान केन्द्रों में इस बार मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। नगर निगम कमिश्नर श्री अबिनाश मिश्रा व स्वीप कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी श्री विश्वदीप भी साथ थे।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स व यू-ट्यूबर्स से चर्चा करते हुए कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान के प्रति जागरूक करना एवं देश की प्रगति के लिए मतदान करना सभी का दायित्व है। पिछले निर्वाचन के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर में 6 लाख 7 हजार 646 मतदाता मतदान हेतु नहीं जाते, इन आंकड़ों में किसी भी परिचित, रिश्तेदार, पड़ोसी का नाम न रहें, यह सुनिश्चित करने में सोशल मीडिया उपयोगी है। उन्होंने कहा कि सब मिलकर यह सुनिश्चित करें कि मतदान तिथि 07 मई को इस बार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित अवधि में सबसे पहले मतदान कर हर मतदाता अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने यह भी बताया कि मतदाताओं की सुविधा हेतु कई नवाचार इस बार रायपुर के मतदान केन्द्रों में किए गए है। शुद्ध पेयजल, नींबू पानी, चिकित्सा दल भी मतदान केन्द्रों में उपलब्ध रहेंगे, साथ ही ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए आवश्यकतानुसार पंडाल की व्यवस्था भी इन केन्द्रों में होगी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं से आह्वान किया है कि रायपुर जिले में मतदाताओं को उनके मतदान केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी सीधे तौर पर प्रदान करने के लिए 05 मई को “अपने बूथ को जानों“ कार्यक्रम के तहत उनके मतदान केन्द्र में आमंत्रित किया गया है, अतः सभी मतदाता 05 मई को अपने मतदान केन्द्र जाकर सुविधाओं की जानकारी लें और 07 मई को अपने परिचितों, रिश्तेदारों के साथ मतदान कर चुनाव के पर्व को देश के पर्व के रूप में प्रतिष्ठित करें।
रायपुर : उप मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की ली बैठक
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन के कार्यों को मिशन मोड में पूर्ण करने के दिए निर्देश
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले दो महीनों में जल जीवन मिशन का काम मिशन मोड में पूर्ण करते हुए ज्यादा से ज्यादा गांवों में हर घर में नल से जल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसमें किसी तरह की लापरवाही या ढिलाई नहीं करना है। गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करना है। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को फील्ड का नियमित दौरा कर प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने सभी अधीक्षण अभियंताओं को विभाग के उप संभागीय कार्यालयों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी निगरानी फील्ड में जाकर करने के निर्देश दिए। उन्होंने फील्ड स्तर या प्रशासनिक स्तर पर आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए काम को आगे बढ़ाने को कहा।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने गर्मियों में सभी गांवों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हैंडपंपों और नल जल योजनाओं की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए जरूरी सभी सामग्रियों की व्यवस्था अग्रिम रूप से कर लेने को कहा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता डॉ. एम.एल. अग्रवाल ने बैठक में बताया की आसन्न गर्मी के मौसम को देखते हुए नल जल योजनाओं एवं हैंडपंपों की मरम्मत और रखरखाव के लिए आगामी जून माह तक की जरूरत के मुताबिक आवश्यक सामग्रियों की खरीदी कर सभी जिलों में भिजवा दिया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री राजेश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता श्री समीर गौर, बिलासपुर परिक्षेत्र के प्रभारी मुख्य अभियंता श्री संजय सिंह, अंबिकापुर के अधीक्षण अभियंता श्री भीम सिंह, दुर्ग के अधीक्षण अभियंता श्री संजीव बिजपुरिया, जगदलपुर के अधीक्षण अभियंता श्री एस.एन. चंद्रा और कोंडागांव के अधीक्षण अभियंता श्री एस.एन. पाण्डेय भी बैठक में मौजूद थे।