छत्तीसगढ़ / रायपुर
अब मड़वाडीह के साथ बिजली गांव भी शामिल हुआ राज्यपाल के गोद ग्राम में
दोनों गांवों का होगा समुचित विकास, मूलभूत सुविधाओं की बढ़ेगी पहुंच
रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने एक नई पहल करते हुए प्रदेश के तीन गांवों को गोद लेने का संकल्प लिया है। इसमें गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बिजली के आश्रित ग्राम मड़वाडीह के साथ ही पूरे बिजली पंचायत को गोद ग्राम में शामिल कर लिया गया है। अब दोनों गांव का समुचित विकास होगा। इस संबंध में गांव के विकास के लिए राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को राजिम रेस्ट हाउस में गरियाबंद जिले के अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने मड़वाडीह की मूलभूत जानकारी लेते हुए समुचित विकास के लिए बिजली गांव को भी गोद गांव में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही इन गांवों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न फ्लेगशिप योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक के दौरान ग्राम पंचायत बिजली की जनसंख्या सहित वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं विकास कार्य की आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों के लिए आवास, पानी, विद्युत, आजीविका, स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, कृषि एवं मूलभूत संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली। राज्यपाल डेका ने विभिन्न योजनाओं के उपलब्धता का सर्वे कर छूटे हुए हितग्राहियों से शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस दौरान राज्यपाल के सचिव डॉ आर प्रसन्ना, कलेक्टर बी एस उईके, एसपी निखिल राखेचा, सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में राज्यपाल डेका ने गोद लिए गांव के समुचित विकास के लिए प्रारंभिक स्तर पर 3 माह का रोड मैप तैयार कर विकास कार्यों के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बनाए गए रोड मैप की निरंतर समीक्षा करते हुए विकास कार्यों की गति को आगे बढ़ाएं। उन्होंने प्राथमिकता तय करते हुए कहा कि लोगों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करे। अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित करे। साथ ही वर्षा जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन के लिए लोगों को प्रेरित करे। राज्यपाल ने कहा कि स्कूली बच्चों के ड्रापआउट दर को कम करने जागरूकता अभियान चलाएं। गांव के शत प्रतिशत लोगों का आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाएं। साथ ही टीबी उन्मूलन एवं जागरूकता में भी कार्य करे। गांव में सभी घरों में जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल की सुविधाएं प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि महिला स्व सहायता समूहों का गठन कर उन्हें आजीविका मूलक गतिविधियों में संलग्न करे। साथ ही उन्नत खेती के किए भी किसानों को मार्गदर्शन प्रदान करे। उन्होंने गांव में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहरों के विकास के लिए भी आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए।
डीएपी के विकल्प के बारे में किसानों को दी जा रही जानकारी
राज्य में 5.52 लाख टन रासायनिक खाद का भंडारण
रायपुर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दाई-बबा दिवस का भव्य आयोजन
रायपुर । रायपुर जिले में आज “आरोग्य मेला” के अंतर्गत दाई-बबा दिवस का आयोजन जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सम्मान और सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन एवं मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मिथलेश चौधरी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर चंगोरा भाटा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित केंद्रीय समारोह का शुभारंभ पार्षद श्रीमती ममता तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। “हमारे बुजुर्ग, हमारी धरोहर” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बुजुर्गों ने अपने बच्चों और पोते-पोतियों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रमुख गतिविधियाँ:
स्वास्थ्य कार्ड वितरण: बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए जिसमें जांच रिपोर्ट और परामर्श शामिल थे।
स्वास्थ्य जांच शिविर: बीपी, शुगर, हड्डी-जोड़, मानसिक स्वास्थ्य, याददाश्त परीक्षण, आयुर्वेद, योग और जीवनशैली संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं: डिजिटल हेल्थ आईडी, आभा कार्ड, और वय वंदन कार्ड बनाए गए।
संवेदनशीलता गतिविधियाँ: “हम अपने बड़ों का ध्यान कैसे रखें” विषय पर संवाद और “मेरे दादा मेरी प्रेरणा हैं” विषय पर बच्चों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी गईं।
सम्मान समारोह: सबसे वरिष्ठ, सबसे सक्रिय और प्रेरक जोड़ी वाले बुजुर्गों को मंच पर सम्मानित किया गया।
सुविधाएं: बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर और परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान रायपुर स्थित वृद्धाश्रम में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें तीन अलग-अलग टीमों ने निवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं जो बुजुर्ग आयोजन स्थल तक नहीं आ सके, उनके लिए होम विजिट की सुविधा भी दी गई ताकि कोई भी सेवा से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम में डॉ. संजीव मेश्राम, डॉ. प्रीति नारायण, और डीपीएम श्री मनीष मेजर वार सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा। जिला स्वास्थ्य विभाग रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ें और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान करें।
केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ को मिला 28 सौ करोड़ का अतिरिक्त आबंटन
रायपुर । केंद्र सरकार से 28 सौ करोड़ का अतिरिक्त आबंटन छत्तीसगढ़ को मिला है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी,और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया है। पत्रकरों से संक्षिप्त चर्चा में इसकी जानकारी देते हुए चौधरी ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों को 82 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त राशि आबंटित की गई है जिसमें छत्तीसगढ़ को करीब 28 सौ करोड़ रुपए दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्यों का ग्रांट 32 से बढ़ाकर 42 फीसदी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना से पार्वती की बेटियों के सपनों को मिली उड़ान
रायपुर । दुर्ग जिले के शांत और खूबसूरत गांव धमधा में सूरज तप रहा था और दोपहर के समय हर कोई अपने घरों में आराम कर रहा था, लेकिन 40 वर्षीय पार्वती मिझी और उनके पति काम में लगे हुए थे। पार्वती ने अपने सिर को दुपट्टे से ढका, अपनी कमीज को साड़ी के ऊपर से नीचे किया और काम जारी रखा। काम के बीच उन्होंने एक पल अपनी पांच बेटियों के बारे में सोचने के लिए निकाला। वे अच्छी लड़कियां हैं, उन्होंने सोचा, मुझे यकीन है कि वे अपना स्कूल का काम पूरा कर रही होंगी। यह सोचते ही उनके चेहरे पर एक मुस्कान आ गई।
पार्वती ने खुद गरीबी में जीवन बिताया था और उन्हें कभी अवसर नहीं मिले, लेकिन उन्होंने अपनी बेटियों को इस दलदल से बाहर निकालने का दृढ़ निश्चय कर रखा था। जब उनकी दो बड़ी बेटियों ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा अच्छे अंकों से पास की, तो पार्वती ने फैसला किया कि उन्हें न्याय मिलना ही चाहिए।
जब उन्हें पंचायत द्वारा समर्थित श्रम संसाधन केंद्र के बारे में पता चला, तो वह बिना देर किए संभावित वित्तीय सहायता योजनाओं के बारे में पूछताछ करने के लिए दौड़ पड़ीं। पार्वती और उनके पति ने तब राहत की सांस ली, जब उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के बारे में जानकारी मिली। यह योजना पंजीकृत भवन और अन्य निर्माण श्रमिकों के बच्चों को वित्तीय सहायता प्रदान करती है। पार्वती ने सारी आवश्यक जानकारी जुटाई और अपने पति के साथ मिलकर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की।
पार्वती को वह खबर मिली जिसका उन्हें बेसब्री से इंतज़ार था - उनका आवेदन स्वीकृत हो गया था! उनकी बेटियों को वाणिज्य में स्नातक की डिग्री हासिल करने के लिए वित्तीय सहायता मिल गई थी। यह खबर सुनते ही उनके चेहरे पर एक बड़ी मुस्कान आ गई, क्योंकि अब उनकी बेटियों का भविष्य उज्ज्वल दिख रहा था।
पार्वती की कहानी इस बात का सशक्त उदाहरण है कि कैसे सामाजिक संरक्षण तंत्र जीवन में परिवर्तनकारी प्रभाव डाल सकता है। यह गरीबी की बेड़ियों को तोड़कर एक आरामदायक और सार्थक जीवन सुनिश्चित करने में मदद करता है। यूएनडीपी जैसी संस्थाएं ऐसे सिस्टम डिजाइन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं जो जोखिमों और अनिश्चित भविष्य के प्रति संवेदनशील होते हैं, और भुगतान व योगदान को सुव्यवस्थित करने के लिए डिजिटलीकरण का लाभ उठाते हैं, खासकर अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए। इन पहलुओं को मजबूत करके, ऐसे लचीले समाज विकसित किए जा सकते हैं जो चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने में सक्षम हों।
पार्वती की कहानी इस बात पर जोर देती है कि किस प्रकार सामाजिक संरक्षण तंत्र परिवर्तनकारी प्रभाव सुनिश्चित कर सकता है, गरीबी की बेड़ियां तोड़ सकता है तथा आरामदायक और सार्थक जीवन सुनिश्चित कर सकता है।
कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी व स्पीच थैरेपी से बदली जिंदगी: भावना, नंदिनी और जीत बने मिसाल
रायपुर। शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़ कर सामान्य जीवन और शिक्षा में उत्कृष्टता का उदाहरण बने तीन बच्चे – भावना पटेल, नंदिनी पिल्लई और जीत पटेल। पं. ज.ने. स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के ईएनटी विभाग में कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी और निरंतर स्पीच थैरेपी के बाद इन तीनों ने सामान्य स्कूलों में न सिर्फ पढ़ाई की, बल्कि शानदार अंकों के साथ सफलता भी हासिल की।
भावना पटेल ने 11वीं (सीजी बोर्ड) में 86% अंक प्राप्त किए।
नंदिनी पिल्लई ने 10वीं (सीबीएसई बोर्ड) में 77.05% अंक पाए।
जीत पटेल ने 10वीं (सीबीएसई बोर्ड) में 90.6% अंकों से सफलता पाई।
चिकित्सा और परिश्रम की मिसाल
ईएनटी विभाग की प्रमुख डॉ. हंसा बंजारा ने बताया कि ये तीनों बच्चे जन्म से श्रवण बाधित थे, लेकिन समय पर की गई कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी और नियमित स्पीच थैरेपी से उनकी सुनने और बोलने की क्षमता में जबरदस्त सुधार हुआ। इसी की बदौलत ये छात्र आज सामान्य स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि अब तक 285 से अधिक कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी यहां की जा चुकी हैं, जो पूरी तरह से निःशुल्क हैं। इंप्लांट के बाद निरंतर स्पीच थैरेपी से बच्चों को सामाजिक और शैक्षणिक मुख्यधारा में लाना संभव हो सका है।
परिजनों का आभार
बच्चों के माता-पिता ने डॉ. हंसा बंजारा और चिकित्सा टीम का आभार जताते हुए कहा कि सही समय पर मिली मदद और मार्गदर्शन ने हमारे बच्चों की ज़िंदगी बदल दी। यह उपलब्धि समाज में यह संदेश देती है कि यदि समर्पण और सहयोग मिले, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं।
इन विद्यार्थियों की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि "संघर्ष के साथ संकल्प हो, तो हर कमी को काबिलियत में बदला जा सकता है।"
मुख्यमंत्री श्री विष्णु साय की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए -
मुख्यमंत्री श्री विष्णु साय की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए -
छत्तीसगढ़ में बयानबाज़ी की रेस तेज़: घोड़ा-गधा तक पहुंची सियासत
रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों ज़ुबानी हमले नए स्तर पर पहुंच गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान के बाद सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस के बीच घोड़ा-गधा जैसी उपमाओं के साथ तीखी बहस छिड़ गई है। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कांग्रेस को “स्टड फार्म” करार दिया तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा नेताओं को "गधा" कह डाला।
अजय चंद्राकर का तीखा हमला: कांग्रेस को बताया ‘स्टड फार्म’
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “राहुल गांधी कोई राजनीतिक दल नहीं चला रहे, बल्कि घोड़ों की खेती कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी अब ‘स्टड फार्म गांधी परिवार प्राइवेट लिमिटेड’ बन गई है।” चंद्राकर ने ये भी कहा कि “राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता अब सिर्फ बीमार घोड़े हैं, जिन्हें वनतारा जैसे किसी पशु देखरेख केंद्र में भेज देना चाहिए।”
श्याम बिहारी जायसवाल की सलाह: राहुल करें शादी, चढ़ें घोड़ी
इस बयान के बाद भाजपा के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को अब घोड़ी चढ़कर बारात निकाल लेनी चाहिए। शादी कर लेनी चाहिए, शायद तब कुछ समझ आए।”
दीपक बैज का पलटवार: ‘हम रेस का घोड़ा, बीजेपी गधा’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के बयानों का जवाब देते हुए कहा, “हम रेस के घोड़े हैं। भाजपा नेताओं को घोड़ों की बात समझ नहीं आती क्योंकि वे खुद ‘गधे’ हैं।” बैज ने कहा कि भाजपा की बौखलाहट उनकी भाषा में दिख रही है, और कांग्रेस इन टिप्पणियों से डरने वाली नहीं है।
राजनीतिक गर्मी, सियासी तल्खी
राजनीतिक पर्यवेक्षक मानते हैं कि यह घोड़ा-गधा बयानबाज़ी महज शुरुआत है। राहुल गांधी की आगामी पदयात्रा और भाजपा की सक्रियता के बीच छत्तीसगढ़ में राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार हैं। इस बयान युद्ध ने राज्य की राजनीति में नया तेवर और तंज का ट्रेंड शुरू कर दिया है। जनता अब इस सियासी रेस के नतीजों पर नज़र गड़ाए बैठी है।
हम सभी अपना भविष्य स्वयं बनाते हैं : ब्रह्माकुमारी वीणा दीदी
रायपुर । हम सभी अपना भविष्य खुद बनाते हैं। जीवन में आत्म विश्वास, आत्म सम्मान और दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अपने उपर पूरा विश्वास हो कि मैं यह कर सकता हूँ। मन में कार्य को करने की रूचि और लगन भी होना जरूरी है।
यह विचार प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी वीणा दीदी ने नवा रायपुर के भारतीय प्रबन्ध संस्थान (आई.आई.एम.) में दन्तेवाड़ा क्षेत्र से आए इन्टरपिन्योरशिप के विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आजकल प्रतिस्पर्धा का समय है इसलिए बच्चे थोड़ी सी असफलता मिलने पर मायूस होकर अपनी जान देने में नहीं हिचकते हैं। उन्हें अपने माता-पिता और परिवारजनों का जरा भी ख्याल नहीं आता है। क्या हमारी जान इतनी सस्ती हो गई है?
उन्होंने बतलाया कि लोगों के मन शान्ति नहीं होने से वह शान्ति को बाहरी वस्तुओं में ढूंढ रहे हैं। इसका प्रमुख कारण है कि उनका ध्यान केन्द्रित नहीं होने से भटक रहा है। पहले शिक्षा के क्षेत्र में इतने साधन और सुविधाएं नहीं थीं। आज हमें सुविधाएं बहुत अधिक मिली हुई हैं लेकिन मन को भटकाने वाली चीजें कम्प्यूटर, मोबाईल और टेलीविजन भी ज्यादा हो गई हैं। हमारी संस्कृति कहती है कि मनुष्य के बन्धन और मोक्ष का कारण हमारा मन है। अगर अवस्था ठीक है तो व्यवस्था ठीक है।
उन्होंने छात्रों से कहा कि रात्रि में देर तक जागना स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। रात को जल्दी सोएं और सुबह जल्दी उठकर पढ़ाई आदि करें। सुबह की शुरूआत मेडिटेशन से करें। इससे आत्म विश्वास बढ़ेगा, याददाश्त बढ़ेगी और गुस्सा कम होगा। उन्होंने बतलाया कि बीस मिनट के मेडिटेशन से चार घण्टे की नींद के बराबर आराम मिलता है। जीवन जैसा है उसमें खुश रहना सीखो। कुछ लोग जो चीज उनके पास नहीं है उसे पाने की उघेड़बुन में सारा समय लगे रहते हैं। इसी चक्कर में जो चीज उनके पास है उसके सुख से वंचित रह जाते हैं।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
रायपुर। भीषण गर्मी से झुलस रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत की खबर है। मंगलवार देर रात से मौसम ने करवट ली और बुधवार सुबह से ही राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलेगी।
तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रायपुर, भिलाई, दुर्ग, बलौदाबाजार, कांकेर, सरगुजा, राजनांदगांव और बालोद सहित कई जिलों में तेज हवा और आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। लगातार दो दिनों की गर्मी के बाद रात को मौसम में बदलाव आने से लोगों को कुछ राहत मिली और अब दिन में बारिश होने की उम्मीद से आमजन ने राहत की सांस ली है।
जून में कम होगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि जून में औसत से थोड़ी कम बारिश हो सकती है, लेकिन अभी अगले कुछ दिन मौसम में हलचल बनी रहेगी। बदलते मौसम के साथ बिजली गिरने और तेज हवा का खतरा भी बना हुआ है, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बारिश से गिर सकता है तापमान
राज्य में कई जगहों पर पारा 43 डिग्री के पार जा चुका था, लेकिन बारिश से तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे दिन और रात दोनों समय की गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।
आबकारी घोटाला मामले में अनवर-अनिल को मिली जमानत
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गिरफ़्तारी को अवैध घोषित किया
रायपुर । आबकारी घोटाले मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कारोबारी अनवर ढेबर और पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा की गिरफ़्तारी को अवैध घोषित कर दिया है। ढेबर और टुटेजा के खिलाफ उत्तर प्रदेश में में दर्ज FIR में हुई है। जिसे अब हाई कोर्ट ने अवैध करार दे दिया है।
कारोबारी अनवर ढेबर और पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज सिद्धार्थ वर्मा और मदन पाल सिंह की पीठ ने मेरठ में दर्ज FIR में ज़मानत दे दी है। पीठ ने कहा कि, गिरफ़्तारी ज्ञापन में याचिकाकर्ताओं की गिरफ़्तारी के आधार के लिए कोई कॉलम नहीं था। उन्हें न तो गिरफ़्तारी के आधार के बारे में बताया गया था और न ही गिरफ़्तारी के कारणों के बारे में।
बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे पर फिल्म बनाएंगे सुदीप्तो सेन, स्क्रिप्ट तैयार
रायपुर । द केरला स्टोरी और बस्तर: द नक्सल स्टोरी के निर्देशक सुदीप्तो सेन ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में नक्सलवाद के खात्मे को केंद्र में रखकर एक नई फिल्म बनाने की घोषणा की है। जगदलपुर में बस्तर शांति समिति द्वारा आयोजित 'बीजिंग से बस्तर तक' संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सुदीप्तो सेन ने बताया कि लगभग 40 वर्षों से नक्सलवाद का दंश झेल रहा बस्तर अब नक्सल मुक्त होने की कगार पर है। इस बदलाव को पर्दे पर उतारने के लिए वे जल्द ही एक नई फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं।
सुदीप्तो सेन ने कहा कि उनकी आगामी फिल्म बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई को दर्शाएगी, जिसमें नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों और सरकार के प्रयासों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। इस फिल्म की खास बात यह होगी कि इसमें स्थानीय कलाकारों को मौका दिया जाएगा और पूरी शूटिंग बस्तर में ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है, हालांकि अभी तक फिल्म का शीर्षक तय नहीं किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सुदीप्तो ने बस्तर के बदलते स्वरूप पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, बस्तर अब शांति की ओर बढ़ रहा है। यहां के लोगों की कहानियां और जवानों की बहादुरी को दुनिया के सामने लाना जरूरी है। हमारी फिल्म इस क्षेत्र की सच्चाई और सकारात्मक बदलाव को उजागर करेगी। यह फिल्म न केवल नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को दर्शाएगी, बल्कि बस्तर की संस्कृति और स्थानीय लोगों के संघर्ष को भी सामने लाएगी।
सुदीप्तो सेन की पिछली फिल्म 'बस्तर: द नक्सल स्टोरी' ने नक्सलवाद के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में लाया था। इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन इसने बस्तर के हालात को समझने में अहम भूमिका निभाई। उनकी नई फिल्म की घोषणा से स्थानीय लोगों में उत्साह है, क्योंकि यह न केवल क्षेत्र की कहानी को वैश्विक मंच पर ले जाएगी, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी अवसर प्रदान करेगी। यह फिल्म बस्तर के लिए एक नई उम्मीद की किरण बन सकती है, जो नक्सलवाद के अंधेरे से निकलकर शांति और समृद्धि की ओर बढ़ रहा है।
युक्तियुक्तकरण: 16 जिलों में काउंसलिंग पूरी, 4456 शिक्षकों को नई पदस्थापना
रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षकों और स्कूलों के तर्कसंगत समायोजन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य शासन के निर्देश पर 16 जिलों के 4456 अतिशेष सहायक शिक्षक, प्रधान पाठक और व्याख्याताओं की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन सभी शिक्षकों को वरिष्ठता और प्राथमिकता के आधार पर नवीन पदस्थापना दी गई है।
काउंसलिंग पूरी होने वाले जिले:
कोरबा, सुकमा, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सक्ती, जशपुर, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर और सूरजपुर जैसे जिलों में प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। शेष जिलों में यह कार्य जारी है।
स्कूलों का समायोजन, पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
राज्य के कुल 10,463 स्कूलों में से सिर्फ 166 स्कूलों को समायोजित किया जाएगा, जिनमें 133 ग्रामीण और 33 शहरी स्कूल शामिल हैं। ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में छात्रों की संख्या 10 से कम है और पास में ही अन्य स्कूल मौजूद हैं। शहरी स्कूलों में यह संख्या 30 से कम है और 500 मीटर की दूरी में अन्य विकल्प उपलब्ध हैं। सरकार का कहना है कि इससे छात्रों की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
बेहतर शिक्षा के लिए ठोस प्रयास
इस समायोजन का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना है। नए समायोजन से छात्रों को विषय विशेषज्ञ शिक्षक मिलेंगे, संसाधनों जैसे लाइब्रेरी, कंप्यूटर और विज्ञान प्रयोगशाला तक आसान पहुंच होगी। शिक्षक भी अपनी क्षमता के अनुसार अधिक छात्रों को पढ़ा सकेंगे।
शिक्षा को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट
राज्य सरकार का मानना है कि शिक्षकों की तैनाती केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि आवश्यकता के अनुसार होनी चाहिए। यह कदम शिक्षा व्यवस्था में केवल प्रशासनिक सुधार नहीं, बल्कि भविष्य की नींव को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस पहल है।
बच्चों को अब मिलेगा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर नए आयाम तक पहुंचेगा।
विष्णु कैबिनेट की बैठक शुरू, लिए जा सकते हैं अहम फैसले...
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की 29वीं बैठक शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि, आज होने वाले बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बैठक में आगामी खरीफ सत्र की तैयारी, राज्य में खाद और बीज की उपलब्धता और नक्सल विरोधी अभियान पर चर्चा हो सकती है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार की तरफ से नीतियां भी बनाई जा सकती है। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित करने की भी संभावना है।
बता दें कि, सरकार पहले ही संकेत दे चुकी है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने और कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए व्यापक उपाय किए जाएंगे। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि किसानों के हित में कुछ अहम घोषणाएं की जा सकती हैं। ये भी माना जा रहा है कि तबादला नीति भी जून में लागू होगी और बैन खुलेगा।
तोमर बंधुओं की हवेली पर पुलिस का छापा, 37 लाख नकद, हथियार व सोना बरामद
रायपुर । राजधानी में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रूबी तोमर और रोहित तोमर पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। सूदखोरी और गुंडागर्दी के लिए बदनाम तोमर बंधुओं के भाठागांव स्थित आलीशान मकान पर मंगलवार रात पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई में 37 लाख रुपये नकद, 70 तोला सोना, अवैध हथियार, कारतूस, कई लग्जरी गाड़ियां और बेहिसाब प्रॉपर्टी दस्तावेज बरामद हुए।
14 घंटे चला सर्च अभियान
तोमर बंधुओं की कोठीनुमा हवेली में रातभर चला सर्च अभियान बुधवार सुबह तक जारी रहा। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने रोटेशन में कार्रवाई की। सैकड़ों दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज और अवैध सामानों को जब्त किया गया है। हवेली की तलाशी में दर्जनों पुलिसकर्मियों को करीब 14 घंटे लगे।
सोशल मीडिया से "पीड़ित" बनने की कोशिश
कार्रवाई के बीच रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस पर महिलाओं के साथ बदसलूकी का आरोप लगाया। लेकिन पुलिस ने पहले ही महिला स्टाफ को साथ रखा था। अफसरों ने वीरेंद्र की इस "सामाजिक छवि बनाने" की कोशिश को दांव मानते हुए खारिज कर दिया है।
तोमर बंधु फरार, मोबाइल सर्विलांस पर
कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन को सर्विलांस पर डाल दिया है। साथ ही उनके सहयोगियों और संपर्कों की भी जांच शुरू हो चुकी है। बुधवार शाम तक पुलिस और बड़े खुलासे कर सकती है।
रायपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को शहर के संगठित आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी चोट बताया है। अफसरों के मुताबिक, तोमर बंधु सालों से अवैध वसूली और सूदखोरी से काली कमाई कर रहे थे, अब उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कर्नाटक के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ की घटना में अनेक लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक
कर्नाटक के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ की घटना में अनेक लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं