छत्तीसगढ़ / रायपुर
तमता पंचायत सचिव निलंबित, चुनाव कार्य में लापरवाही का मामला
रायपुर । जशपुर जिले के पत्थलगांव इलाके की ग्राम पंचायत तमता के पंचायत सचिव दिनेश कलिहारी को निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत जशपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने निलंबन की यह कार्यवाही ग्राम पंचायत सचिव तमता द्वारा निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने तथा उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामले में की है।
रिटर्निंग ऑफिसर (पंचा. निर्वा.) पत्थलगांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सचिव तमता दिनेश कलिहारी द्वारा बगैर किसी पूर्व सूचना के निर्वाचन कार्य के दौरान लगातार अनुपस्थित रहना तथा उच्चाधिकारियों के दिये गये आदेशों-निर्देशों की अवहेलना की गई। जिसके चलते जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत तमता के सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय जनपद पंचायत कार्यालय पत्थलगांव निर्धारित किया है।
चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने वाले तीन कर्मचारी निलंबित
रायपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने वाले तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें प्रधान पाठक जुनास खलखो, पटवारी विजय कुमार श्रीवास्तव और व्याख्याता गणेश कुमार मंडल शामिल हैं। कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा है कि शासकीय दायित्व के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचन एवं शासकीय कार्य में स्वेच्छाचारिता के मामलों में कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदनों के अनुसार, इन अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरती, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित हुई। प्रधान पाठक जुनास खलखो को पीठासीन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था, लेकिन 19 फरवरी को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, जशपुर में सामग्री वितरण के दौरान वे नशे की हालत में पाए गए। चिकित्सकीय जांच में इसकी पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कांसाबेल कार्यालय में नियत किया गया।
इसी तरह निर्वाचन कार्य के तहत फरसाबहार तहसील के पटवारी विजय कुमार श्रीवास्तव को मतदाता सूची की हार्ड कॉपी तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने बिना अनुमति के 70 दिनों तक अपने कर्तव्य से अनुपस्थिति दर्ज कराई। कारण बताओ नोटिस का भी उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया, जिससे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (रा.), फरसाबहार कार्यालय में नियत किया गया है।
व्याख्याता गणेश कुमार मंडल को भी पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया था, लेकिन 19 फरवरी को सामग्री वितरण के दौरान वे नशे की हालत में पाए गए। चिकित्सकीय परीक्षण में इसकी पुष्टि होने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कांसाबेल कार्यालय में नियत किया गया।
दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को भाजपा से बढ़त : सुशील शुक्ला
रायपुर । प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि पहले चरण के समान ही दूसरे चरण के त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त मिली है। कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत, जनपद पंचायत और सरपंच के प्रत्याशी अधिक चुनाव जीतकर आये है। दूसरे चरण में जिला पंचायतों में 138 क्षेत्रों में से कांग्रेस समर्थित 89 सदस्य चुनाव जीत कर आये है। 899 जनपद सदस्यों में कांग्रेस समर्थित 548 चुनाव जीत कर आये है। इसी प्रकार दूसरे चरण में 3774 स्थानों पर सरपंचों के चुनाव हुये है जिसमें कांग्रेस समर्थित 2780 सरपंच चुनाव जीत कर आये है। दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस को भाजपा से बड़ी बढ़त मिली है।
पहले चरण एवं दूसरे चरण को मिलाकर 287 जिला पंचायत क्षेत्रों में कांग्रेस के कुल 167 सदस्य अभी तक चुनाव जीत चुके है। जनपद पंचायतों में 1810 क्षेत्रों में से 1148 क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित चुनाव जीत कर आये है। इसी प्रकार सरपंचों के 6385 क्षेत्रों में से 4880 क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित लोग चुनाव जीत कर आये है।
प्रदेश के गांवों की जनता ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है। दो चरणों के चुनाव परिणामों से कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त दिखाई दे रही है। भाजपा झूठे दावे कर अपनी इज्जत बचाने में लगी है। लेकिन हकीकत में प्रदेश के गांवों की जनता जो प्रदेश की कुल आबादी की 70 प्रतिशत से भी अधिक है ने भाजपा को नकार दिया है। यह जनादेश भाजपा की 1 साल की सरकार के खिलाफ आया है।
नवा रायपुर में बनेगा रेलवे का वॉशिंग स्टेशन, केन्द्री में 60 एकड़ जमीन का चयन
रायपुर । नवा रायपुर के केंद्री स्टेशन के पास रेलवे का वॉशिंग स्टेशन बनेगा। इसके लिए 60 एकड़ जमीन का चयन कर लिया गया है। वाशिंग स्टेशन बनने के बाद बोगियों और इंजन की मरम्मत के अलावा रखरखाव शुरू हो जाएगा। पूरे प्रोजेक्ट की लागत 1500 करोड़ रुपए है। इसके साथ ही रेल सुविधाएं बढ़ेंगी।
रेल्वे के अधिकारियों के अनुसार खरसिया से रेल लाइन का विस्तार नया रायपुर तक होगा। यहां के ट्रैक को परमलकसा तक जोड़ा जाएगा। उसके बाद नवा रायपुर से कोलकाता, मुंबई और विशाखापट्टनम तक सीधे ट्रेन चलेगी। रेलवे तकरीबन एक दर्जन से अधिक ट्रेनें शुरू करेगा। अभी रायपुर स्टेशन या इसके आस-पास वॉशिंग स्टेशन नहीं है। पहले चरण में रायपुर विशाखापट्टनम वंदे भारत एक्सप्रेस, दुर्ग-जम्मूतवी, दुर्ग निजामुद्दीन, दुर्ग गोरखपुर, दुर्ग-कानपुर, दुर्ग-भोपाल, दुर्ग-जयपुर, दुर्ग-अजमेर, दुर्ग-दल्ली राजहरा एक्सप्रेस को चलाने की योजना है। इन शहरों से होते हुए 266 किमी रेल लाइन बिछेगी केंद्री में वाशिंग स्टेशन बनने से लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा।
अभी रायपुर स्टेशन से एक भी ट्रेन नहीं बनती। इससे यात्रियों को रिजर्वेशन का कोटा कम मिलता है। वाशिंग स्टेशन बनने से यहां से ट्रेनें शुरू होंगी और लोगों का सफर आसान होगा। अभी जिस वॉशिंग स्टेशन के साथ जो प्रोजेक्ट लाया जा रहा है, उसके अनुसार खरसिया से बलौदाबाजार होकर केंद्री, अभनपुर और दुर्ग पैवारा होते हुए परमलकसा तक रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसके सर्वे का काम चल रहा है। कई इलाके रेल से जुड़ेंगे इस प्रोजेक्ट से छत्तीसगढ़ के कई इलाके ऐसे हैं, जो आजादी के बाद पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे। इससे उन इलाकों में रहने वाले लोगों को यात्री ट्रेन की सुविधा मिलेगी। यह लाइन जिन इलाकों से गुजरेगी, वहां सीमेंट व अन्य उद्योग हैं, इसलिए यह रूट ढुलाई के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
रेलवे के मुताबिक एक ट्रेन के मैकेनिकल मेंटेनेंस और धुलाई के लिए 6 घंटे का समय निर्धारित है। इसमें गाड़ियों के डिब्बों का मेंटनेंस कर हर डिब्बे की धुलाई की जाती है। लेकिन दुर्ग में जगह कम होने से ट्रेनों की मरम्मत के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रेलवे डीआरएम दयानंद के अनुसार इसके लिए सर्वे शुरू हो गया है। रायपुर राजधानी होने के नाते भविष्य में यहां से और ट्रेनें चलेंगी। इसके लिए कोचिंग डिपो बनाने का प्रस्ताव है। इससे 30 गाड़ियों की मरम्मत हो सकेगी। इसके लिए सरकार से नवा रायपुर में जमीन देने के लिए पत्र लिखा गया है। खरसिया लाइन को नवा रायपुर से जोड़ने के लिए सर्वे हो रहा है।
स्कूली बच्चों संग जन्मदिन मनाएंगे सीएम साय, न्योताभोज का होगा आयोजन
पीएम मोदी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दी बधाई
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जन्मदिन सादगी के साथ मनाने का फैसला किया है। आज वे अपने गृह ग्राम बगीया गए हैं, जहां वे स्कूली बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाएंगे। सीएम बच्चों के लिए न्योताभोज का भी आयोजन करेंगे।
सीएम के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नीतिन गडकरी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मोर्य समेत देश के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
सीएम आज सुबह राजधानी में थे। इस दौरान प्रदेश कैबिनेट के मंत्रियों, मुख्य सिचव अमिताभ जैन और डीजीपी अरुण देव गौतम ने सीएम हाउस जाकर विष्णुदेव को जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद सीएम यहां से जशपुर रवाना हो गए। वहां से शाम को राजधानी लौटेंगे।
61वाँ जन्मदिन मना रहे सीएम साय : पीएम मोदी सहित दिग्गज नेताओं ने दी बधाई
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 61वाँ जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम साय को ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई दी है। वहीं कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। वे राज्य की जनता के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें जनसेवा करते हुए दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।
कई दिग्गजों ने दी शुभकामनाएं
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई दिग्गज नेताओं ने सीएम साय को सोशल मीडिया में ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई दी है।
निजी निवास में सत्यनारायण व्रत कथा सुनेंगे सीएम साय
सीएम साय आज जशपुर जाएंगे। वहां अपने निजी निवास बगिया में परिवार और क्षेत्रवासियों के साथ जन्मदिन मनाएंगे। वहां पर वे सत्यनारायण व्रत कथा सुनेंगे।
मनजिंदर सिंह सिरसा के दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने पर छत्तीसगढ़ में भी हर्ष
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने दी बधाई
रायपुर । दिल्ली सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा जी को दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने पूरे प्रदेश वासियों की तरफ से बधाई देते हुए कहा कि कहा कि सिक्ख समाज की आन बान और शान के प्रतीक मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली ही नहीं पूरे देश में सिक्ख समाज के सरबत का भला के नियम पर कार्य कर समाज सहित देश हित में कार्य करेगें|
सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा जी ने सिक्ख समाज, धार्मिक संगठनों, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनकी प्रेरणादायक नेतृत्व क्षमता और संघर्षशील व्यक्तित्व ने समाज के हितों की रक्षा के लिए हमेशा आवाज़ बुलंद की है। गुरुद्वारों की सेवा हो, सिक्ख समाज के अधिकारों की रक्षा हो या ज़रूरतमंदों की सहायता—उन्होंने हर मोर्चे पर अपनी कर्मठता और निष्ठा का परिचय दिया है।
उनके दिल्ली सरकार में मंत्री बनने से समाज को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। हमें विश्वास है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनहित में प्रभावी कार्य करेंगे और सिक्ख समाज सहित संपूर्ण समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज इस गौरवशाली उपलब्धि पर एकजुट होकर हर्ष व्यक्त करता है और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सामने अरदास करता है कि वाहेगुरु सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा जी को सेवा और जनकल्याण के कार्यों में अपार सफलता प्रदान करें।
छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह सैनी, सुरजीत सिंह छाबड़ा, हरविंदर सिंह खालसा, स्वर्ण पाल सिंह चावला, मनजीत सिंह, मानवेंद्र सिंह डडियाला, मनदीप सिंह बिट्टू , इंदरवीर सिंह कोहली, कुलदीप सिंह मोंगा ने वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह! के नारे के साथ दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा को बधाई शुभकामनाएं दी है |
महाकुंभ को 'मृत्युकुंभ' कहना करोड़ों सनातनियों का अपमान : विष्णु देव साय
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा महाकुंभ को ‘मृत्युकुंभ’ कहने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों का घोर अपमान करार देते हुए कहा कि ममता बनर्जी की मति भ्रष्ट हो गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि! जब व्यक्ति के पतन का समय आता है, तो उसकी बुद्धि भ्रमित हो जाती है। ममता बनर्जी का यह बयान इसी मानसिक पतन का परिचायक है। महाकुंभ करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रतीक है, जहां 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर पुण्य अर्जित करते हैं। इसे ‘मृत्युकुंभ’ कहना उनके अज्ञान और अहंकार को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने एक राष्ट्रीय समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि ममता बनर्जी का यह बयान न केवल सनातन धर्म का अपमान है, बल्कि यह उन करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने का कुत्सित प्रयास भी है, जो आस्था के इस महासंगम में शामिल होते हैं।
ममता बनर्जी के बयान पर देशभर में आक्रोश
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत उदाहरण है। इतिहास गवाह है कि महाकुंभ के दौरान समाज में बौद्धिक और आध्यात्मिक क्रांति आई है। ऐसे पवित्र आयोजन को अपमानजनक संज्ञा देना निंदनीय और अस्वीकार्य है।
उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी ने प्रयागराज महाकुंभ को ‘मृत्युकुंभ’ कहकर संबोधित किया था, जिसके बाद हिंदू समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। उनके इस बयान का चौतरफा विरोध हो रहा है और इसे सनातन संस्कृति पर हमला बताया जा रहा है।
विदेशी फंडिंग के दुरुपयोग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उठाए गंभीर सवाल
विदेशी फंडिंग के जरिए धर्मांतरण की गतिविधियों की गहन जांच आवश्यक: मुख्यमंत्री
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में कार्यरत कुछ गैर-सरकारी संगठनों को दी गई फंडिंग के दुरुपयोग को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस विदेशी सहायता का उपयोग धर्मांतरण जैसी अवैध गतिविधियों में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारा देश एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, जहां हर व्यक्ति को अपनी इच्छा के अनुसार धर्म मानने की स्वतंत्रता है। लेकिन जब अशिक्षा, गरीबी, चंगाई या लोक-परलोक के नाम पर लोगों को बहकाकर या प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया जाता है, तो यह न केवल अनैतिक है, बल्कि संविधान की मूल भावना के भी विरुद्ध है।
विदेशी फंडिंग की आड़ में मिशनरी गतिविधियों का खुलासा
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी कहा कि कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां स्वास्थ्य और शिक्षा के नाम पर विदेशी धन प्राप्त करती हैं, लेकिन इसकी आड़ में स्थानीय लोगों को भ्रमित कर, लालच देकर, चंगाई के माध्यम से धर्मांतरण कराती हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन एनजीओ को जिस उद्देश्य के लिए फंडिंग दी जा रही है, उसका सही उपयोग हो रहा है या नहीं।
अमेरिका में भी USAID को बंद किया गया, अब भारत में भी उठ रहे सवाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बात पर भी ध्यान दिलाया कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने कार्यकाल की शुरुआत में ही USAID को बंद कर दिया था, क्योंकि वहां के करदाताओं के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा था। अब धीरे-धीरे यह खुलासा हो रहा है कि USAID के जरिए दी गई विदेशी फंडिंग का भारत में किस तरह से मनमाने ढंग से इस्तेमाल किया गया।
संदिग्ध एनजीओ की गतिविधियों की होगी कड़ी जांच
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्देश दिया है कि राज्य में कार्यरत उन एनजीओ की गहन जांच की जाए, जिन्हें विदेशी एजेंसियों से वित्तीय सहायता मिली है। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी एनजीओ स्वास्थ्य और शिक्षा के नाम पर विदेशी फंडिंग लेकर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में लिप्त न हो। यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है, तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धर्मांतरण को रोकने के लिए कठोर कदम उठाएगी सरकार
छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए पहले से ही सख्त कानूनों को लागू कर रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जो भी संगठन, व्यक्ति या संस्था इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
छत्तीसगढ़ में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है और राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लेकिन यदि कोई भी संस्था धर्मांतरण के माध्यम से समाज में अस्थिरता फैलाने का प्रयास करती है, तो सरकार उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार केंद्र सरकार और प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी सिम बेचने वाले 13 एजेंट गिरफ्तार
अब तक 98 आरोपी पकड़े गए
रायपुर । साइबर अपराधों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई जारी है। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत म्यूल बैंक अकाउंट के लिए फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले 13 पीओएस एजेंट गिरफ्तार किए गए हैं। अब तक कुल 98 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि इन एजेंटों द्वारा जारी सिम कार्ड संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका, नेपाल और म्यांमार में इस्तेमाल किए गए थे। अपराध में संलिप्त 7063 सिम कार्ड और 590 मोबाइल की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय करने की प्रक्रिया जारी है।
जांच और कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना सिविल लाइन रायपुर में अपराध क्रमांक 44/25 के तहत धारा-317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बीएनएस के तहत जांच की जा रही है।
पहला चरण: 68 म्यूल बैंक अकाउंट धारक/संवर्धक गिरफ्तार।
दूसरा चरण: 4 बैंक अधिकारी गिरफ्तार।
तीसरा चरण: 13 बैंक खाता संचालकों की गिरफ्तारी, जो न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध हैं।
चौथा चरण: अपराध में संलिप्त सिम कार्ड और मोबाइल नंबरों की पहचान के बाद 13 पीओएस एजेंटों की गिरफ्तारी।
गिरफ्तार आरोपी और अपराध का तरीका
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नया सिम लेने या पोर्ट कराने वाले ग्राहकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में डबल थंब स्कैन या आई ब्लिंक कर अतिरिक्त सिम चालू करते थे। जिनके पास आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी होती थी, उनका विवरण वे खुद वेरिफाई कर डी-केवाईसी से फर्जी सिम एक्टिवेट करते थे। ये सिम म्यूल अकाउंट के ब्रोकरों को बेचे जाते थे, जिन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
(1) कुलवंत सिंह छाबड़ा पिता हरदीप सिंह छाबड़ा उम्र 21वर्ष, पता अम्बेडकर वार्ड नंबर 02 अम्बागढ़ चौकी, राजनांदगांव
(2) खेमन साहू पिता कोमल दास साहू उम्र 23 वर्ष, पता वार्ड नंबर 04, खराटोला, जिला राजनांदगांव
(3) अजय मोटघरे पिता शंकर मोटघरे उम्र 45 वर्ष, पता वार्ड क्रमांक 08 कालकापारा, डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव
(4) ओम आर्य पिता देव कुमार आर्य उम्र 21 वर्ष, पता सिंधी कॉलोनी, पुराना बस स्टैण्ड मेन रोड के पास मुंगेली
(5) चंद्रशेखर साहू पिता खिलावन साहू उम्र 20 वर्ष, पता दीनदयाल नगर, वार्ड नंबर 02 गोबरा नवापारा, रायपुर
(6) पुरूषोत्तम देवागंन पिता राधेश्याम देवागंन उम्र 21 वर्ष, पता जयन्ती नगर, नियर कर्मा भवन, थाना-मोहन नगर, जिला-दुर्ग
(7) रवि कुमार साहू पिता स्वर्गीय शरद कुमार साहू उम्र 26 वर्ष, पता 247 वार्ड नंबर 12, राम नगर, वीटीसी सुपैला, भिलाई,पोस्ट सुपेला, जिला-दुर्ग
(8) रोशन लाल देवागंन पिता राजेन्द्र देवागंन उम्र 28 वर्ष, पता हाउस नंबर 900, कचहरी वार्ड नंबर 39, आनंदनगर, दुर्ग जिला-दुर्ग
(9) के.शुभम सोनी पिता के. राजू सोनी पता वार्ड नंबर 06, ठेठवार पारा, दुर्ग, पिन कोड 491001
(10) के.वंशी सोनी पिता के. राजू सोनी पता वार्ड नंबर 06, ठेठवार पारा, दुर्ग
(11) त्रिभुवन सिंह पिता डी के सिंह उम्र 28 वर्ष, पता ब्लॉक एल सी 10 क्वार्टर जी रोड 18 कैंप 1 सुपेला भिलाई
(12) अमर राज केशरी पिता स्व दरोगा प्रसाद केसरी उम्र 34, वर्ष पता 20/21 वार्ड नंबर 51 सेक्टर 11 भिलाई
(13) विक्की देवांगन पिता ईश्वर राम देवांगन उम्र 26 वर्ष, पता 229/1 वार्ड नंबर 27 पाटनकर कालोनी, पोल सायपारा दुर्ग।
आगे की कार्रवाई:
पुलिस अब अन्य संदिग्ध व्यक्तियों और साइबर अपराध के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। यह ऑपरेशन साइबर अपराध पर कड़ी नजर रखते हुए आगे भी जारी रहेगा।
मार्कण्डेय महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर
रायपुर । महाशिवरात्रि पर्व के निमित्त राजधानी के शिवालयों में तैयारियों को लेकर उत्साह और उमंग का दृश्य सबको भक्ति और श्रद्धा से आप्लावित कर रहा है। राजधानी के अनेक प्राचीन शिवालयों में से एक 'मार्कण्डेय महादेव मंदिर' की ख्याति से सभी अवगत हैं, जहाँ इन दिनों महाशिवरात्रि पर्व पर विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में मंदिर संचालन समिति के पदाधिकारी और सदस्य सतत जुटे हुए हैं। महाशिवरात्रि पर्व इस मंदिर में दिन-रात पूजन-अर्चन के साथ ही भक्ति-संगीत के कार्यक्रम रखे जाते हैं जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल होकर भगवान शिव की आराधना करते हैं।
रायपुर के पेंशन बाड़ा और टैगोरनगर से लगी आवासीय कॉलोनी विवेकानंद नगर में स्थित यह मंदिर सम्पूर्ण शिव परिवार, मार्कण्डेय एवं यमराज सहित विभिन्न अवतारों का प्रतिष्ठित मंदिर है। कभी मंदिर के पास ही बिल्व-पीपल-बरगद का एक विशाल युग्म वृक्ष हुआ करता था, जो कतिपय भूमाफियाओं की लालच का शिकार होकर नष्ट हो गया। यहाँ नाग-नागिन का एक जोड़ा भी रहता था, जो संभवतः भू-माफियाओं द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद काल कवलित हो गया। देखने वालों ने तो शिव पिंडी से लिपटे इस निरापद नाग-नागिन के जोड़े का दर्शन भी किया है!
कहा जाता है कि जब यह आवासीय कॉलोनी अपना स्वरूप ही नहीं ले पा रही थी, तब कॉलोनी के मूल ले-आउट के अनुरूप इस अद्भुत मंदिर की स्थापना की गई जिसका लोकार्पण सन् 1966 में परमविदुषी सरोजबाला ने किया था। वर्तंमान में इस मंदिर में श्रीराम दरबार और श्रीराधाकृष्ण के साथ ही पवनसुत हनुमान के विग्रह भी विराजित हैं। मंदिर समिति के प्रयासों से मंदिर के पृष्ठभाग में पर्यावरणीय दृष्टि से काफी वानस्पतिक पौधों का रोपण करके उनका संरक्षण किया जा रहा है। इससे मंदिर परिसर की सुरम्य हरीतिमा की छटा भी श्रद्धालु भक्तों को आकर्षित कर रही है।
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मार्कण्डेय महादेव मंदिर समिति द्वारा उत्साहपूर्वक की जा रही तैयारियों के तहत रंग-रोगन व साज-सज्जा करके मंदिर को नयनाभिराम स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। मार्कण्डेय महादेव मंदिर समिति के सभी सदस्य मार्कण्डेय महादेव मंदिर समिति के सभी सदस्य महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मार्कण्डेय महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर
रायपुर । महाशिवरात्रि पर्व के निमित्त राजधानी के शिवालयों में तैयारियों को लेकर उत्साह और उमंग का दृश्य सबको भक्ति और श्रद्धा से आप्लावित कर रहा है। राजधानी के अनेक प्राचीन शिवालयों में से एक 'मार्कण्डेय महादेव मंदिर' की ख्याति से सभी अवगत हैं, जहाँ इन दिनों महाशिवरात्रि पर्व पर विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में मंदिर संचालन समिति के पदाधिकारी और सदस्य सतत जुटे हुए हैं। महाशिवरात्रि पर्व इस मंदिर में दिन-रात पूजन-अर्चन के साथ ही भक्ति-संगीत के कार्यक्रम रखे जाते हैं जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल होकर भगवान शिव की आराधना करते हैं।
रायपुर के पेंशन बाड़ा और टैगोरनगर से लगी आवासीय कॉलोनी विवेकानंद नगर में स्थित यह मंदिर सम्पूर्ण शिव परिवार, मार्कण्डेय एवं यमराज सहित विभिन्न अवतारों का प्रतिष्ठित मंदिर है। कभी मंदिर के पास ही बिल्व-पीपल-बरगद का एक विशाल युग्म वृक्ष हुआ करता था, जो कतिपय भूमाफियाओं की लालच का शिकार होकर नष्ट हो गया। यहाँ नाग-नागिन का एक जोड़ा भी रहता था, जो संभवतः भू-माफियाओं द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद काल कवलित हो गया। देखने वालों ने तो शिव पिंडी से लिपटे इस निरापद नाग-नागिन के जोड़े का दर्शन भी किया है!
कहा जाता है कि जब यह आवासीय कॉलोनी अपना स्वरूप ही नहीं ले पा रही थी, तब कॉलोनी के मूल ले-आउट के अनुरूप इस अद्भुत मंदिर की स्थापना की गई जिसका लोकार्पण सन् 1966 में परमविदुषी सरोजबाला ने किया था। वर्तंमान में इस मंदिर में श्रीराम दरबार और श्रीराधाकृष्ण के साथ ही पवनसुत हनुमान के विग्रह भी विराजित हैं। मंदिर समिति के प्रयासों से मंदिर के पृष्ठभाग में पर्यावरणीय दृष्टि से काफी वानस्पतिक पौधों का रोपण करके उनका संरक्षण किया जा रहा है। इससे मंदिर परिसर की सुरम्य हरीतिमा की छटा भी श्रद्धालु भक्तों को आकर्षित कर रही है।
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मार्कण्डेय महादेव मंदिर समिति द्वारा उत्साहपूर्वक की जा रही तैयारियों के तहत रंग-रोगन व साज-सज्जा करके मंदिर को नयनाभिराम स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। मार्कण्डेय महादेव मंदिर समिति के सभी सदस्य मार्कण्डेय महादेव मंदिर समिति के सभी सदस्य महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
तेलीबांधा में जमीन विवाद: बीजेपी नेता समेत तीन पर FIR दर्ज
रायपुर । राजधानी के तेलीबांधा इलाके में जमीन विवाद को लेकर बीजेपी नेता बसंत अग्रवाल समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि उन्होंने एक निजी संपत्ति पर अवैध कब्जे की कोशिश की, निर्माणाधीन मकान में तोड़फोड़ की और जमीन मालिक को धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता रितेश कुमार महतो का दावा है कि उन्होंने ग्राम फुंडहर में 0.2020 हेक्टेयर जमीन दिसंबर 2024 में जीरा बाई निषाद से खरीदी थी। इस जमीन पर वे बाउंड्री वॉल का निर्माण करवा रहे थे, जिसकी जिम्मेदारी ठेकेदार सुशील गुप्ता को दी गई थी।
रितेश के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले ठेकेदार सुशील गुप्ता को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर काम रोकने की धमकी दी। 21 जनवरी को अखिलेश प्रताप सिंह नाम के व्यक्ति ने दोबारा फोन कर ठेकेदार को धमकाया कि अगर उसने निर्माण कार्य जारी रखा, तो उसे थाने में बंद करवा दिया जाएगा। साथ ही, निर्माण स्थल से सामान हटाने या गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
30 जनवरी की रात की तोड़फोड़
शिकायत के अनुसार, 30 जनवरी को रितेश कुमार महतो को एक अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी दी गई। उसी दिन अखिलेश प्रताप सिंह ने निर्माण स्थल पर मजदूरों को धमकाकर काम रुकवा दिया। रात में कुछ अज्ञात लोग वहां पहुंचे, मजदूरों को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और निर्माणाधीन स्थल में तोड़फोड़ कर करीब 2.50 से 3 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान में लोहे के कॉलम, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री शामिल थी। रितेश महतो का आरोप है कि गुढ़ियारी निवासी बसंत अग्रवाल भी इस घटना में शामिल थे।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने घटना की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बसंत अग्रवाल, अखिलेश प्रताप सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सिविल लाइन सीएसपी अजय कुमार ने बताया कि अवैध कब्जा और निर्माणाधीन मकान में तोड़फोड़ की शिकायत मिली है। भूमि स्वामी रितेश कुमार महतो ने बसंत अग्रवाल समेत अन्य पर निजी संपत्ति में तोड़फोड़ और धमकाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर धारा 296, 3(5), 303(2), 324(5), 329(1), 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।
बीजेपी नेता बसंत अग्रवाल ने दी सफाई
गौरतलब है कि इस मामले में बीजेपी नेता बसंत अग्रवाल ने कहा कि FIR में दर्ज बसंत अग्रवाल कोई और व्यक्ति है, वह नहीं। उन्होंने दावा किया कि 30 जनवरी को वे खमरिया में चुनाव प्रचार कर रहे थे और इस घटना से कोई संबंध नहीं है।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने छत्तीसगढ़ के जल संचयन कार्यों को सराहा
जल विजन 2047 के लिए राज्यों के जल मंत्रियों का उदयपुर में द्वितीय राष्ट्रीय सम्मेलन
रायपुर । राजस्थान के उदयपुर में आयोजित राज्य जल मंत्रियों के सम्मेलन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने छत्तीसगढ़ में जल संचयन के लिए जनभागीदारी से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जल संरचनाओं के निर्माण में पूरे देश में अग्रणी स्थान पर है और जल संरक्षण के क्षेत्र में राज्य के नवाचार मॉडल अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 2,29,000 से अधिक जल संग्रहण संरचनाओं का निर्माण किया जा चुका है, जिससे जल संसाधनों का संवर्धन हो रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाना हमारे लिए गौरव की बात है। छत्तीसगढ़ सरकार की नीति जल संरक्षण और सतत विकास पर केन्द्रित है। राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों की संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।
इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप ने किया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य में जल संग्रहण के लिए चलाए जा रहे योजनाओं, जल संरचनाओं के प्रभाव और सामुदायिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें ग्रामीण और शहरी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
जल संसाधन मंत्री कश्यप ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ की सिंचाई क्षमता में वृद्धि और जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण के लिए तय किए गए लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जल संचयन के लिए स्थायी संरचनाओं, लघु सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता दी है, जिससे भूजल स्तर में सुधार हुआ है और किसानों को सिंचाई के लिए जल उपलब्ध हो रहा है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री पाटिल ने छत्तीसगढ़ की सतत जल प्रबंधन नीति और सामुदायिक सहभागिता मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य पूरे देश के लिए बेस्ट प्रैक्टिस मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जल संरचनाएं सिर्फ पानी के संरक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि उत्पादन और जल सुरक्षा को भी मजबूत कर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अन्य राज्यों को छत्तीसगढ़ के जल प्रबंधन मॉडल से प्रेरणा लेनी चाहिए और जल संरक्षण को अपनी नीतियों में प्राथमिकता देनी चाहिए। पाटिल ने यह भी उल्लेख किया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और अधिक मजबूती देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
विधायक देवेंद्र यादव को मिली जमानत
रायपुर । बलौदाबाजार हिंसा मामले में जेल में बंद विधायक देवेंद्र यादव को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कल दोपहर या शाम तक उनकी जेल से रिहाई संभव है।
देवेंद्र यादव के वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें राहत दी। अब कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद उन्हें जेल से बाहर लाया जाएगा।
इस फैसले के बाद उनके समर्थकों में उत्साह है, और कांग्रेस कार्यकर्ता उनकी रिहाई के बाद स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं।
10 से अधिक स्थानों पर हटाए गए अतिक्रमण
रायपुर । राजधानी रायपुर के यातायात को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन रायपुर द्वारा टीम प्रहरी के माध्यम से लगातार प्रयास किया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उम्मेद सिंह एवं नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
टीम प्रहरी द्वारा आज जी.ई. रोड़ में राजकुमार कॉलेज से साईंस कॉलेज तक यातायात को व्यवस्थित करने की कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 32 ठेले हटाए गए और 5 ठेले जब्त किए गए। साथ ही लैंडस्कैपिंक पर हो रहे अवैध निर्माण को रूकवाया गया और अतिक्रमित कर रहे कॉलम के सामग्री को जब्त किया गया।
इस अभियान में इस अभियान में सतीश ठाकुर, रायपुर नगर पालिक निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन 7 जोन कमिश्नर रमाकांत साहू, कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे , सहायक अभियंता नगर निवेश विभाग आशुतोष सिंह, उप अभियंता नगर निवेश विभाग रुचिका मिश्रा नगर निगम के जोन 7 और 5 के सेट्रल टीम, यातायात-पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
भाजपा का दावा झूठा पंचायत चुनावों के पहले चरण में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त
रायपुर/19 फरवरी 2025। राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि प्रदेश भर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के प्रथम चरण में कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत के सदस्य अधिक संख्या में चुनाव जीत कर आये है। पूरे प्रदेश के जिला पंचायतों में प्रथम चरण के 149 क्षेत्रों में कांग्रेस के 78 समर्थित चुनाव जीत कर आये है। 69 कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार तथा 9 कांग्रेस समर्थित है, जबकि भाजपा के मात्र 66 सदस्य ही चुनाव जीत पाये है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा झूठा दावा कर रही है कि पंचायतों में उसके ज्यादा लोग चुनाव जीतकर आये है, जबकि हकीकत यह है पंचायत चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से बढ़त मिली हुई है। कांग्रेस के प्रथम चरण में भाजपा से 12 सदस्य ज्यादा चुनाव जीते है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पंच, सरपंचों और जनपदों में भी कांग्रेस समर्थित अधिक लोग चुनाव जीतकर आये है। प्रदेश भर में प्रथम चरण में 3605 सरपंचों में 2100 से अधिक सरपंच कांग्रेस समर्थित चुनाव जीते है। जनपद पंचायतों में भी 911 में से 600 से अधिक जनपद सदस्य कांग्रेस के चुनाव जीते है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पंचायत चुनाव ईवीएम से नहीं हुआ बैलेट पेपर से हुआ। अतः भाजपा यहां बेईमानी नहीं कर पायी। उसे मुंह की खानी पड़ी। देश में जो भी चुनाव बैलेट से होगा भाजपा की उसमें हार तय है।
पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, महेन्द्र छाबड़ा, अजय साहू, मणी वैष्णव, सोमेन चटर्जी, परवेज अहमद उपस्थित थे।