छत्तीसगढ़ / रायपुर
100 लीटर कच्ची शराब व 2400 किग्रा महुआ लाहन जब्त
आबकारी विभाग मुंगेली की बड़ी कार्रवाई
रायपुर । मुंगेली जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में लोरमी विकासखंड के ग्राम शिकारीडेरा परसवारा में आबकारी विभाग द्वारा छापेमार कार्रवाई कर 100 लीटर कच्ची शराब और 2400 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
कलेक्टर राहुल देव के निर्देशानुसार जिले में शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त राजेश जायसवाल ने बताया कि टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर शराब और महुआ लाहन को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
31 पेटी एमपी मदिरा एवं स्विफ्ट कार जब्त, आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग दुर्ग ने अवैध शराब परिवहन पर की बड़ी कार्रवाई
रायपुर। नगर निगम एवं पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब के अवैध परिवहन एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राज्य में आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी की टीम ने 07 फरवरी आरोपी पुकेश्वर खरे उर्फ नानू के कब्जे से मध्यप्रदेश की 31 पेटी गोवा स्पेशल मदिरा बरामद की, जिसकी कुल कीमत 2,01,500 रूपए आंकी गई है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 5 लाख है। इस प्रकार जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 7,01,500 रूपए है। यह कार्रवाई दुर्ग जिले के ग्राम मटंग-मानिकचौरी मार्ग, थाना उतई के पास की गई।
इस मामले में आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी एवं आबकारी उपायुक्त जी.के. भगत, सहायक आयुक्त सी.आर. साहू के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक गीतांजलि तारम, आबकारी मुख्य आरक्षक संतोष दुबे, आबकारी आरक्षक खुलदीप यादव, ड्राइवर धनराज एवं नोहर का सराहनीय योगदान रहा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने किया अपने मताधिकार का प्रयोग
रायपुर । राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. अजय सिंह ने आज सपरिवार रायपुर नगर निगम के महापौर एवं वार्ड पार्षद निर्वाचन के लिए प्राथमिक शाला पुरैना मतदान केंद्र में मतदान किया।मतदान के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करने की अपील की।
भाजपा अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने किया मतदान
रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। रायपुर में भाजपा की मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे ने चंगोराभाटा स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने मतदान से पहले हनुमान मंदिर में पूजा की। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सुबह 8 बजे सत्तीगुड़ी चौक स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। इस बीच रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और धमतरी के कुछ मतदान केंद्रों में ईवीएम खराबी की शिकायत मिली है। मशीन खराब होने से लोग वोटिंग नहीं कर पा रहे हैं। पोलिंग बूथ के बाहर वोटर्स की कतार लगी है।
रायपुर के मौलाना अब्दुल वार्ड 45 के बूथ क्रमांक 670 के सालेम कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में ईवीएम खराब होने से वोटिंग शुरू नहीं हो पाई है। भाटागांव स्कूल के मतदान केन्द्र में कई बूथों में मशीन खराब होने की सूचना है। बिलासपुर से हेमू नगर स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 8 में ईवीएम खराबी होने से सुबह 8:30 बजे वोटिंग शुरू हुई।
राजनांदगांव के लेबर कॉलोनी और प्यारेलाल स्कूल स्थित मतदान केंद्र में भी ईवीएम मशीन खराब होने से वोटिंग प्रभावित हुई है। जगदलपुर में भी पोलिंग बूथ के बाहर वोटर्स की कतार लगी है। बता दें कि वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। 10 नगर निगम और 49 नगर पालिका के अलावा 114 नगर पंचायत में भी वोट डाले जा रहे हैं। काउंटिंग 15 फरवरी को होगी। जगदलपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरणदेव सिंह ने परिवार के साथ पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया।
मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे ने चंगोराभाटा में किया मतदान
रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। रायपुर में भाजपा की मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे ने चंगोराभाटा स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सुबह 8 बजे सत्तीगुड़ी चौक स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। इस बीच रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और धमतरी के कुछ मतदान केंद्रों में ईवीएम खराबी की शिकायत मिली है। मशीन खराब होने से लोग वोटिंग नहीं कर पा रहे हैं। पोलिंग बूथ के बाहर वोटर्स की कतार लगी है।
रायपुर के मौलाना अब्दुल वार्ड 45 के बूथ क्रमांक 670 के सालेम कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में ईवीएम खराब होने से वोटिंग शुरू नहीं हो पाई है। भाटागांव स्कूल के मतदान केन्द्र में कई बूथों में मशीन खराब होने की सूचना है। बिलासपुर से हेमू नगर स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 8 में ईवीएम खराबी होने से सुबह 8:30 बजे वोटिंग शुरू हुई। राजनांदगांव के लेबर कॉलोनी और प्यारेलाल स्कूल स्थित मतदान केंद्र में भी ईवीएम मशीन खराब होने से वोटिंग प्रभावित हुई है। जगदलपुर में भी पोलिंग बूथ के बाहर वोटर्स की कतार लगी है।
मुख्यमंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर किया नमन
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 11 फरवरी को अपने निवास कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन राष्ट्रसेवा, अंत्योदय और त्याग की अद्वितीय मिसाल है।
मुख्यमंत्री साय ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि अंत्योदय का संकल्प हमें समाज के हर वर्ग, विशेषकर वंचितों और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, सेवा और समाज कल्याण को समर्पित रहा। पंडित दीनदयाल जी की विचारधारा हमें छत्तीसगढ़ को एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
मंत्री ओपी चौधरी ने किया मतदान
रायपुर/रायगढ़ । मंत्री ओपी चौधरी ने मेयर और पार्षद चुनने मतदान किया। सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका परिषद और 114 नगरीय निकायों के लिए EVM के जरिए प्रतिनिधि चुने जा रहे हैं। काउंटिंग 15 फरवरी को होगी। बता दें कि इस चुनाव में महापौर के 79 और 1889 पार्षद प्रत्याशियों के साथ अध्यक्ष पद के लिए 606 उम्मीदवार मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
रायपुर नगर निगम के लिए सबसे ज्यादा 16 मेयर प्रत्याशी और पार्षद पदों के लिए 306 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं दुर्ग नगर निगम के लिए सबसे कम 2 मेयर प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस चुनाव में कुल 44 लाख 87 हजार मतदाता अपने मतों को इस्तेमाल करेंगे। खास बात ये है कि इसमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से ज्यादा है।
कलेक्टर और SP ने किया अपने मताधिकार का उपयोग
रायपुर । छत्तीसगढ़ में आज नगरीय निकायों के लिए मतदान शुरू हो चुका है। मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ मतदान केंद्रों में पहुंचनी शुरू हो चुकी है. रायपुर कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार सिंह आज सुबह अपने पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की. कोरबा कलेक्टर आकाश छिकारा ने अपने धर्मपत्नी के साथ आज अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी मतदाताओं से अपील की है कि लोकतंत्र के पर्व में शामिल होकर अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा है कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए हर मतदाता का वोट अमूल्य है. मतदान का अवसर एक निश्चित अवधि में मिलता है, इसलिए इस महत्वपूर्ण अवसर को गवाए बिना अपने मताधिकार का उपयोग करें। एसपी विवेक शुक्ला ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. जनता से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है। कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने आज सुबह मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला. उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की की अपील, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की बात कही। दुर्ग नगर निगम के लिए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कतार में लगकर वोटिंग की। इस दौरान उनके साथ जिले के कई अधिकारी कर्मचारियों ने भी नियमों का पालन करते हुए मतदान किया।
दिल्ली में भाजपा की बढ़त से छत्तीसगढ़ में जश्न का माहौल, सीएम साय ने दी बधाई...
रायपुर । दिल्ली की सभी 70 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भाजपा को रुझानों में बहुमत मिल गया है। जंगपुरा सीट से आप के मनीष सिसोदिया हार गए हैं। अरविंद केजरीवाल को भी हार मिली है। सीएम आतिशी भी पीछे चल रही हैं। कुछ सीटों पर कांटे की टक्कर चल रही है। कभी भाजपा तो कभी आप बढ़त बना रही है।
भाजपा की इस बढ़त के चलते छत्तीसगढ़ में भी जश्न का माहौल है। राजधानी में भाजपा कार्यकर्ता जीत का जश्न मानते हुए झूमते नजर आए। वहीं सीएम विष्णुदेव साय सीएम विष्णुदेव साय ने भी दिल्ली में BJP की जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने दिल्ली की जनता को हम प्रणाम करते हुए कहा कि,केजरीवाल के झूठे वादों से दिल्ली की जनता परेशान थी।
सीएम विष्णुदेव साय सीएम विष्णुदेव साय ने दिल्ली में BJP की जीत पर खुशी जताई है। सीएम साय ने दिल्ली की जनता को हम प्रणाम करते हुए कहा कि,केजरीवाल के झूठे वादों से दिल्ली की जनता परेशान थी। दिल्ली की जनता ने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया है। झूठ अधिक दिनों तक नहीं चलता है।
सनातन को लेकर कांग्रेस से उम्मीद नहीं
सीएम साय ने इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के बयान पर कहा कि, कांग्रेस तो प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को नकारने वाली पार्टी है। उनसे सनातन को लेकर ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती।
लीजेंड 90 लीग: गुजरात की जीत में चमके चंद्रपाल हेमराज
रायपुर । रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रही लीजेंड 90 लीग के दूसरे दिन गुजरात सैंप आर्मी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए बिग बॉयस की टीम पर 18 गेंद शेष रहते एक आसान जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर कर बल्लेबाजी करने उतरी बिग बॉयस की टीम शुरुआत से ही संघर्ष करती नजर आई और उसने महज 19 रन पर सन्नी सिंह और कप्तान ईशान मल्होत्रा के रूप में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवा दिया। जिसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए नमन शर्मा बिग बॉयस के इकलौते ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने टीम को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने 29 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से ताबड़तोड़ 52 रन टीम के खाते में जोड़े, लेकिन बाकी खिलाड़ियों से उनको कोई साथ नहीं मिला और गुजरात की धारदार गेंदबाजी के आगे बिग बॉयस निर्धारित 15 ओवरों में 123 रन ही बना सकी। गुजरात की ओर से मिगल कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 10 रन देकर 2 विकेट झटके।
जवाब में गुजरात सैंप आर्मी के दोनों ही सलामी बल्लेबाज श्रीवत्स गोस्वामी और चंद्रपाल हेमराज शुरुआत से ही आक्रामक दिखे। गोस्वामी ने जहां 22 रन बनाए तो हेमराज ने 6 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 32 गेंदों में ताबड़तोड़ 74 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया और गुजरात ने बड़ी आसानी से 6 विकेट से इस मैच को अपने नाम कर लिया। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गए। बिग बॉयस की ओर से जितेंद्र गिरी मात्र एक ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 2 ओवरों में 6 रन देकर 2 विकेट झटके।
ठाड़पथरा में पर्यटन को बढ़ावा देने विविध गतिविधियों का आयोजन
पर्यटकों और विद्यार्थियों ने जंगल ट्रैकिंग, बोटिंग का लिया आनंद
रायपुर। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को गौरेला जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ठाड़पथरा में विशेष पर्यटन गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस आयोजन के तहत स्थानीय पर्यटन समिति को प्रशिक्षित किया गया, साथ ही बनमनई नेचर कैंप का आयोजन हुआ, जिसमें पर्यटकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के 40 विद्यार्थियों सहित कई पर्यटकों ने रोमांचक जंगल ट्रैकिंग में हिस्सा लिया। मुख्य प्रशिक्षक एवं पर्यावरणविद संजय पयासी ने सैलानियों को अमरावती गंगा नदी के किनारे रिवर वॉक कराते हुए जिले की समृद्ध जैव विविधता से परिचित कराया। उन्होंने दुर्लभ औषधीय वृक्षों जैसे दहीमन, कुरकुट, अर्जुन, अमलताश, सेमल और साल की पहचान कराई। ट्रैकिंग का मुख्य आकर्षण अमरावती नदी के किनारे स्थित कमरापथरा से ऐतिहासिक माई के मंडप तक की रोमांचक यात्रा रही।
माई के मंडप नर्मदा नदी के विवाह से जुड़ी लोककथा के लिए प्रसिद्ध है। इसे दुनिया का पहला विवाह मंडप माना जाता है। यहां मौजूद पत्थरों पर उकेरी गई बारात के बरतन की आकृतियां पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं। सैलानियों ने माई के मंडप के झरने का आनंद लिया और इस ऐतिहासिक स्थल की पौराणिकता को करीब से महसूस किया।
ट्रैकिंग और झरने में स्नान के बाद पर्यटकों ने स्थानीय पर्यटन समिति द्वारा तैयार पारंपरिक देशी भोजन का आनंद उठाया, जिसे माहुल पत्ती के पत्तलों में परोसा गया। शाम होते ही ठाड़पथरा के मड हाउस स्थित झील किनारे कैंप फायर का आयोजन हुआ। चांदनी रात में पैडल बोटिंग का अनुभव पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय रहा।
इस दौरान स्थानीय बैगा महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसमें पर्यटक भी झूम उठे। इसके बाद स्टोरी टेलिंग सेशन में सभी ने अपने अनुभव साझा किए और पर्यटन स्थल की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को और करीब से जाना। इस आयोजन ने गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को एक नई दिशा दी है। स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अब छत्तीसगढ़ राज्य में पेट्रोल पंपों पर भी होगी वाहनों की प्रदूषण जांच
परिवहन विभाग और पेट्रोलियम कंपनियों के बीच बैठक में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप छत्तीसगढ़ राज्य में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अब पेट्रोल पम्पों पर वाहनों की प्रदूषण जांच के सेंटर (पीयूसी) स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए पेट्रोलियम कम्पनियों ने अपनी सहमति दे दी है। पेट्रोल पंपों पर प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित होने से वाहन चालकों को पीयूसी प्रमाण पत्र बनवाने में आसानी होगी और उन्हें अन्य केंद्रों की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा, यह पहल वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मददगार और राज्य में पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 4 फरवरी 2025 को परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में वाहनों के धुएं से होने वाले वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत 7 फरवरी 2025 को परिवहन सचिव एवं परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और रिलायंस इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपने पेट्रोल पंपों में प्रदूषण जांच केंद्र (पीयूसी सेंटर) स्थापित करने पर सहमति जताई। यह निर्णय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे वायु प्रदूषण को नियंत्रित कर आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन के मुख्य प्रबंधक उपेन्द्र गिरी, भारत पेट्रोलियम के चीफ मैनेजर बी. देवकुमार, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंधक श्रेयस गुप्ता और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मुख्य प्रबंधक गौतम कुमार सहित परिवहन विभाग और पेट्रोलियम कंपनियों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
लीजेंड 90 लीग: लो स्कोरिंग मुकाबले में राजस्थान किंग्स की दुबई जाइंट्स पर शानदार जीत
रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित लीजेंड 90 लीग का दूसरा दिन का पहला मुकाबला काफी थ्रिलिंग रहा।
शुक्रवार शाम 4 बजे से राजस्थान किंग्स और दुबई जाइंट्स के बीच शुरू हुआ यह मुकाबला लो स्कोरिंग रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और ल्यूक फ्लेचर की दूसरी ही गेंद पर गौरव तोमर अपना विकेट गंवा बैठे, हालांकि फिल मस्टर्ड ने दूसरा छोर संभाले रखा और जय किशन कोशवाल के साथ मिलकर कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन छठे ओवर में रवि बल्हारा ने 22 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। जिसके बाद जयकिशन कोशवाल ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन 25 रन के स्कोर पर वह भी दीपांश कुमार का शिकार हो गए। जिसके बाद टीम पूरी तरह से लड़खड़ा गई और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। अंत में रजत सिंह ने पारी को कुछ हद तक संभाला और 18 गेंदों में 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को 111 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुबई जाइंट्स ने भी रिचर्ड लेवी के रूप में दूसरी ही गेंद ने अपना पहला विकेट गंवा दिया, लेकिन उनके साथ बल्लेबाजी करने आए केविन ओ ब्रायन ने एक छोर मजबूती से संभाले रखा। उन्होंने 34 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 55 रनों की पारी खेली। इस समय तक मैच पूरी तरह से दुबई जाइंट्स की पकड़ में नजर आ रहा था, लेकिन राजस्थान की कसी हुई गेंदबाजी के आगे दुबई की एक न चली। हालांकि किथुरुआन विथांगे ने टीम के लिए 25 रन जरूर जोड़े, बाकी टीम की धीमी बल्लेबाजी के चलते टीम 4 रन से इस मुकाबले को हार गई। 3 ओवरों में 12 लेकर 2 विकेट चटकाने वाले अंकित राजपूत को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
मैच का आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण ओवर डाल रहे सुदीप त्यागी ने कहा कि, “मेरा सिंपल प्लान था कि मुझे यॉर्कर ही डालने हैं और बीच-बीच में थोड़ी वेरिएशन करनी है। विकेट आज थोड़ा धीमा था। इस फॉर्मेट को खेलकर बहुत मज़ा आ रहा है और ऐसे में टीम की जीत में योगदान दे पाना शानदार अनुभव है।”
जीत पर खुशी जाहिर करते हुए टीम के मालिक गौरव सचदेवा ने कहा कि, "आज टीम का पहला मैच था, धीमा पिच होने के चलते टीम महज 111 रन ही बना सकी, लेकिन यह हमारे लिए कोई नई बात नहीं थी, इससे पहले भी हम श्रीलंका में हुई एलसीटी में ऐसी ही चुनौतियों से लड़कर विजेता बने थे।" मैन ऑफ द मैच रहे अंकित राजपूत पर बोलते हुए उन्होंने आगे कहा कि, "अंकित ने ऐसे थ्रिलर मुकाबले में जिस तरह से कप्तानी और बॉलिंग दोनों ही बातों को बखूबी निभाया, वह निश्चित तौर तारीफ के काबिल हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि आगे भी वह टीम को ऐसे ही जीत दिलाते रहेंगे।"
चुनाव में हार के डर से भाजपा शराब, पैसा बांटने में लगी : कांग्रेस
रायपुर । बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि भाजपा सत्ता और भ्रष्टाचार के पैसे का दुरुपयोग करके चुनाव प्रभावित करने में लगी है। बेमेतरा-सिमगा मार्ग में पकड़ाई शराब भी चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से भाजपा ने मंगाया था। सत्ता में बैठी हुई भाजपा को पता चल चुका है कि प्रदेश में उसकी सरकार के खिलाफ वातावरण है जनता भाजपा के पक्ष में मतदान नहीं करेगी। 1 साल में साय सरकार जनता में अलोकप्रिय हो चुकी है। चुनाव में संभावित हार से घबराकर भाजपा शराब पैसा वितरित कर रही है। बिना सरकार के संरक्षण के राज्य की राजधानी के समीप सिमगा तक 700 पेटी शराब से भरा कंटेनर दूसरे राज्य तक कैसे पहुंच गया। चुनाव आयोग राज्य सरकार से पूछताछ करे।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने जनता से जो वादा किया था, एक साल में उसको पूरा नहीं किया है। न 500 रू. सिलेंडर देने का वादा पूरा किया और न ही 18 लाख आवास देने का वादा पूरा किया। भाजपा राज में बिजली के दाम बढ़ गये है। कांग्रेस शासनकाल में 400 यूनिट तक बिजली के दामों में 50 प्रतिशत छूट को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है, जनता भाजपा के खिलाफ निकाय चुनावों मे मतदान करेगी।
एक साल के भीतर किसानों के खाते में 52 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि
धान खरीदी समाप्त होने के एक सप्ताह के भीतर किसानों को हुआ भुगतान
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने एक साल के भीतर छत्तीसगढ़ के किसान भाइयों के खाते में 52 हजार करोड़ रुपए अंतरित कर उन्हें उत्साह से भर दिया है। धान खरीदी समाप्त होने के एक सप्ताह के भीतर किसानों को भुगतान कर दिया गया है। 52 हजार करोड़ रुपए किसानों के खाते में आने से वे खेती किसानी में भरपूर निवेश कर रहे हैं और इससे बाजार भी गुलजार हुए हैं जिससे शहरी अर्थव्यवस्था पर सीधा असर दिख रहा है। ट्रैक्टर आदि की बिक्री ने रिकार्ड आंकड़ा छू लिया है। धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई और इस साल 25 लाख 72 हजार किसानों ने 149 लाख 25 हजार मीट्रिक टन रिकॉर्ड धान बेचा। छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में 25 लाख से अधिक किसानों के धान बेचने से छत्तीसगढ़ में खेती किसानी की सकारात्मक दिशा स्पष्ट है। एक साल के भीतर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में 34 हजार 500 करोड़ रुपए और कृषक उन्नति योजना अंतर्गत 12 हजार करोड़ रुपए व्यय किये गये हैं। इसके अलावा सरकार ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना अंतर्गत करीब 500 करोड़ रुपए की राशि 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों के खाते में अंतरित की है। इसके साथ ही मोदी सरकार की किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 1735 करोड़ रुपए की राशि भी किसानों के खाते में दी गई है।
साय सरकार की 5 एचपी के कृषि पंपों को निःशुल्क विद्युत प्रदाय करने की योजना अंतर्गत 2707 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। इसके साथ ही सोलर पंपों हेतु 200 करोड़ रुपए के सहायक अनुदान दिये गये हैं। कृषि पंपों के ऊर्जीकरण के लिए 200 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 304 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। कृषक समग्र विकास योजना अंतर्गत 94 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। सब्जी लगाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने शाकम्बरी योजना चलाई जाती है इस पर 9 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है और 7323 किसान लाभान्वित हुए हैं।
साय सरकार तेजी से खेती के आधुनिकीकरण के लिए काम कर रही है। ड्रोन दीदियों के माध्यम से खेतों में कीटनाशकों का छिड़काव ड्रोन के माध्यम से हो रहा है। कृषि यांत्रिकीकरण मिशन अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान दिये जाते हैं। इसका लाभ 3204 किसानों ने उठाया है। इस पर 79 करोड़ रुपए का व्यय आया है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन अंतर्गत 46 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है। इससे 4627 किसानों को लाभ पहुंचा है। इसी प्रकार नेशनल मिशन आन आइससीड्स एंड आईलपाम योजना से 24,345 किसानों को लाभ पहुंचा है इसमें 11 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। सबमिशन आन सीड एंड प्लांटिंग मटेरियल योजना अंतर्गत 2 लाख 31 हजार से अधिक किसानों को लाभान्वित किया गया है और इसमें 9 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है। इसी तरह रेनफेड एरिया डेवलपमेंट स्कीम अंतर्गत 3,824 किसानों को लाभ पहुंचाया गया है और इसमें 7 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है।
साइल हेल्थ कार्ड के होने से किसान भाइयों को फसल संबंधी निर्णय लेने में आसानी होती है। 1 लाख 45 हजार किसानों को स्वाइल हेल्थ मैनेजमेंट योजना अंतर्गत लाभान्वित किया गया है। इस पर 5 करोड़ का व्यय आया है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में 24 करोड़ रुपए व्यय किये गये हैं। इस योजना से 13 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिल रहा है। परंपरागत कृषि विकास योजना से 24 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिला है। इस पर 18 करोड़ रुपए व्यय किया गया है। इसी तरह एग्रीकल्चर एक्सटेंशन पर भी 18 करोड़ रुपए का व्यय किया गया है और इससे 8 हजार से अधिक किसान भाइयों को लाभ हुआ है।
जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इस पर एक साल के भीतर 15 करोड़ रुपए व्यय किये गये हैं। 15 हजार 500 किसान इससे लाभ ले चुके हैं।
छत्तीसगढ़ का अनुपम सौंदर्य सदैव आपकी स्मृतियों में रहेगा अंकित : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री से मिले सैन्य अधिकारी: छत्तीसगढ़ यात्रा को बताया अविस्मरणीय
नक्सल उन्मूलन से स्मार्ट सिटी तक अधिकारियों ने जाना छत्तीसगढ़ के विकास का सफर
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित हुए अधिकारी
रायपुर, 07 फरवरी 2025/ छत्तीसगढ़ बहुत सुंदर प्रदेश है और नैसर्गिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध जैव विविधता इसे खास पहचान देती है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में नेशनल डिफेंस कॉलेज से आए 18 सैन्य और सिविल सर्विस के अधिकारियों के दल ने छत्तीसगढ़ भ्रमण उपरांत उनसे मुलाकात कर अपने अनुभवों को साझा करते हुए यह बातें कही। मुख्यमंत्री ने उत्सुकता के साथ सभी सैन्य अधिकारियों से उनके छत्तीसगढ़ भ्रमण को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी अधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए प्रदेश की भौगोलिक विशेषताओं, सांस्कृतिक धरोहर और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी अद्वितीय है। प्रदेश का 44 प्रतिशत भूभाग वनाच्छादित है, और आदिवासी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा हमारी धरोहर का अभिन्न अंग हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का सौंदर्य अनुपम है। आपने जो यात्रा की है, वह सिर्फ प्राकृतिक दृश्यों का अनुभव नहीं, बल्कि एक जीवंत संस्कृति और इतिहास से जुड़ा हुआ सफर भी है। यह अनुभव सदैव आपकी स्मृतियों में अंकित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन की दिशा में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। हम न केवल सुरक्षा दृष्टिकोण से बल्कि शिक्षा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक अवसरों के माध्यम से भी इस समस्या का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने औद्योगिक और शहरी विकास के साथ-साथ ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों के उत्थान पर भी समान रूप से ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता, नवाचार और उत्कृष्ट शासन प्रणाली का उदाहरण बने। आपका यह भ्रमण हमारे प्रयासों को एक राष्ट्रीय और वैश्विक दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्रदान करता है।
नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने प्रवास के दौरान आईआईएम रायपुर, इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, ग्रीन फील्ड सिटी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से कानून व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन अभियान के संबंध में चर्चा की। अधिकारियों ने सिरपुर, एजुकेशन सिटी दंतेवाड़ा, कांकेर वुड आर्ट सेंटर, जंगल वारफेयर कॉलेज, कोंडागांव के टाटामारी और शिल्पग्राम, बादल एकेडमी और चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया।
दल का नेतृत्व कर रहे एडमिरल संदीप सिंह संधु ने बताया कि नेशनल डिफेंस कॉलेज के द्वारा प्रति वर्ष एक वर्षीय कोर्स संचालित किया जाता है, जिसमें सेना, सिविल सेवा और अंतरराष्ट्रीय रक्षा अधिकारियों को रणनीतिक विषयों पर प्रशिक्षित किया जाता है। इस वर्ष 124 अधिकारी इस कोर्स में शामिल हैं, जिनमें 13 भारतीय और 5 अन्य देशों के अधिकारी छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक ढांचे को समझने के लिए भ्रमण पर आए है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, श्री पी. दयानंद और डॉ. बसवराजू एस उपस्थित रहे। नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों में ब्रिगेडियर अमितोज सिंह, श्री संदीप कुमार मिश्रा, कोमोडोर कार्तिक मूर्ति, ब्रिगेडियर अनिरुद्ध सिंह कंवर, एयर कोमोडोर शेखर यादव, ब्रिगेडियर गुरप्रीत सिंह मान, ब्रिगेडियर रजनीश मोहन, कैप्टन एम. व्ही. ओरपे सहित श्रीलंका, मोरक्को, नाइजीरिया, नेपाल और यूएई के अधिकारी शामिल थे।
महाकुंभ स्नान के लिए 13 को प्रयागराज जाएंगे छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधि
विधानसभा अध्यक्ष ने पत्र लिखकर आमंत्रित किया
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में छत्तीसगढ़ के मंत्री, विधायक और सांसद नगरीय निकाय चुनाव के बाद महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने प्रदेश के सभी सांसदों और विधायकों को पत्र लिखकर 13 फरवरी को प्रयागराज महाकुंभ में गंगा स्नान का निमंत्रण दिया है।
डा. रमन सिंह ने अपने पत्र में कहा कि महाकुंभ भारत के सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से इसे यूनेस्को ने मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया है। इस बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह आयोजन और भी भव्य और दिव्य रूप में हो रहा है।
छत्तीसगढ़ सरकार करेगी नि:शुल्क व्यवस्था
प्रदेश सरकार ने प्रयागराज में छत्तीसगढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की है। इस व्यवस्था की पूरे देश में सराहना हो रही है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विधायकों और सांसदों से अनुरोध किया कि वे इस पावन अवसर का लाभ उठाएं और एक अतिरिक्त सदस्य के साथ यात्रा कर सकते हैं।
13 फरवरी को प्रयागराज के लिए होंगे रवाना
डा. रमन सिंह ने कहा कि महाकुंभ में विश्व भर से आने वाले श्रद्धालुओं को भारत की सनातन लोकतांत्रिक परंपरा का परिचय कराने का यह एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे 13 फरवरी 2025 (गुरुवार) को प्रयागराज पहुंचें।
सांसद और विधायक होंगे अधिकृत संपर्क सूत्र
महाकुंभ यात्रा में शामिल होने के इच्छुक सांसद और विधायक दो दिन के भीतर अपनी सहमति प्रदान करें। इसके लिए सांसद संतोष पांडेय (मोबाइल नंबर 7000945449) और विधायक सुशांत शुक्ला (मोबाइल नंबर 9424173520) को संपर्क सूत्र बनाया गया है।
यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के बीच सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करने का कार्य करेगा।