छत्तीसगढ़ / रायपुर
राष्ट्रीय मतदाता दिवस : उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित
रायपुर । राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के विवेकानंद सभागार में 25 जनवरी को प्रातः 11 बजे से राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने जानकारी दी कि रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल को प्रदेश में लोकसभा निर्वाचन 2024 में सर्वाधिक 81.66 प्रतिशत मतदान कराए जाने, दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी को शहरी क्षेत्र होने के बावजूद विगत लोकसभा चुनाव की तुलना में वर्ष 2024 में लोकसभा निर्वाचन में मतदान प्रतिशत में 2.48 प्रतिशत वृद्धि, दंतेवाड़ा कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी को धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होते हुए भी विगत लोकसभा निर्वाचन की तुलना में लोकसभा निर्वाचन 2024 में 10.39 प्रतिशत वृद्धि के लिए उत्कृष्ट जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह को लोकसभा निर्वाचन 2024 के दौरान मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्य उत्कृष्ट तरीके से संपन्न कराने, राजनांदगांव जिले की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरुचि सिंह को गुणवत्ता पूर्ण स्वीप गतिविधियां आयोजित करने और मुंगेली जिले के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडे को प्रवासी मजदूरों को मतदान के लिए प्रेरित करने संबंधी स्वीप गतिविधियों के लिए स्पेशल अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
विधानसभा बजट सत्र 24 फरवरी से
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है। सत्र की बैठक 24 फरवरी से शुरू होगी और 21 मार्च तक चलेगी। इस दौरान सदन की 17 बैठक होगी।
प्रमोद दुबे के इलाके से चुनाव लड़ना चाहते है एजाज ढेबर...
रायपुर । छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। प्रत्याशियों को लेकर पार्टियों में मंथन का दौर चल रहा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी नेता लगातार बैठकें कर रहे हैं। इसी बीच अब कांग्रेस के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर के वर्तमान महापौर एजाज ढेबर अब भगवती चरण शुक्ल वार्ड से चुनाव लड़ेंगे।
भगवतीचरण शुक्ल वार्ड से सिंगल नाम पीसीसी को भेजा गया है। अब तक यहां से प्रमोद दुबे चुनाव लड़ रहे थे। वहीं ढेबर की बीवी अंजुमन ढेबर का नाम बैजनाथपारा में पैनल में फंस गया है। बीजेपी में भी यही स्थिति मेयर प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा की बैठक से एक खबर बाहर निकलकर सामने आई है। इसके मुताबिक पार्टी के प्रदेश एक महामंत्री ने पड़ोस के निगम के महापौर के लिए अपना और अपने भाई का नाम पैनल में दिया है। इससे पहले पार्टी ने क्राइटीरिया तय किया था कि जिला और मंडल अध्यक्ष को निकाय पंचायत चुनाव में टिकिट नहीं देगी। जबकि ये प्रदेश महामंत्री हैं। पहली बार प्रदेश अध्यक्ष की टीम में शामिल किए गए हैं ।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए करें मतदान : राज्यपाल डेका
रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाताओं से अपील की है कि लोकतंत्र के प्रति अपने कर्त्तव्य और जिम्मेदारियों को लेकर सचेत रहें और अपने बहुमूल्य मत का उपयोग लोकतंत्र की मजबूती और देश के विकास में अपनी भागीदारी निभाने के लिए करें।
उन्होंने कहा कि एक सफल लोकतंत्र के लिए यह जरूरी है, कि हर युवा भारतीय नागरिक स्वयं को मतदाता के रूप मे पंजीकृत कराए और समय-समय पर होने वाले निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग भी करें। डेका ने कहा कि आज का दिन मतदाताओं की जागरूकता के लिए समर्पित है। हमारा देश, विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। प्रजातंत्र को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के लिए हमे धर्म, वर्ग, जाति समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुये बिना निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयरहित होकर मतदान करना चाहिए।
राडा ऑटो एक्सपो में YARI बैंड की शानदार प्रस्तुति
रायपुर । छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख शहरों में दोपहिया, तीन पहिया, चार पहिया और कमर्शियल वाहनों के डीलर साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में चल रहे राडा ऑटो एक्सपो में सम्मिलित है।
एक्सपो में वाहन खरीदने में 50% रोड टैक्स में छूट का फायदा लेने छत्तीसगढ़ के सभी शहरों से आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए 22 जनवरी को स्थानीय यारी बैंड द्वारा शानदार संगीत संध्या का आयोजन किया गया। रात्रि 8 बजे से यारी बैंड के लीड वोकलिस्ट सत्यम निगम और योगेश साहू ने शानदार प्रस्तुति दी उन्होंने बॉलीवुड के पार्श्व गायक अरिजीत सिंग , आतिफ असलम , दर्शन रावल के गानों के साथ बॉलीवुड के अनेक गाने गाए साथ ही छत्तीसगढ़ी गीत छुनुर छुनुर पैरी बाजे को प्रस्तुत किया जिसे दर्शकों ने बहुत सराहा।
यारी बैंड में वायलिन पर कार्तिक भारद्वाज , गिटार में मार्टिन फाया, प्यानो में हर्ष मेश्राम और ड्रम में दिवेश कुकरेजा ने बखूबी साथ निभाया लाइव कंसर्ट में दशकों ने संगीत का आनंद लिया। यारी बैंड को एक्सपो में अपनी प्रस्तुति देने के लिए अक्षय ठाकुर की भूमिका रही । कार्यक्रम समापन के उपरांत श्रोताओं ने कलाकारों से उनके ऑटोग्राफ भी लिए और उनका उत्साह वर्धन किया।
भाजपा सरकार के 13 माह के कुशासन से जनता ऊब चूंकी है - वंदना राजपूत
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार के 13 माह के कुशासन से जनता उब चुकी है। प्रदेश में प्रत्येक दिन निर्भया कांड जैसे घटना घट रही है।
रायपुर को सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता था, लेकिन विष्णु के कुशासन के कारण रायपुर रहवासी के साथ प्रदेश भर में भय का वातावरण बना हुआ है।
दो माह की बच्ची से लेकर 70 साल के बुजुर्ग के साथ लूटा जा रहा है। भाजपा सरकार में बेटियां, बहू, माता अपने आपको सबसे ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रही है।
कानून व्यवस्था का हाल चिंताजनक है, कहीं पर किसी पर भी चाकू से हमला करके मार दिया जा रहा है। कोई सुनवाई नहीं अपराधी के मन में कानून के प्रति कोई डर नहीं।
अपराधी इतना बेधडक अपराध करता जा रहा है और भाजपा सरकार गहरी निद्रा में है। 13 माह में प्रदेश में हाल बेहाल हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री भी मगरूर की भाषा में बता कर रहे है कि छत्तीसगढ़ की महिलाओं, बहनों के साथ अभद्रता व्यवहार करते हुये कहते है कि ज्यादा बात करोंगे तो उठाकर के फेंक दिये जाओंगे।
विद्यालय के बच्चे अपनी पढ़ाई के लिये शिक्षिका की मांग करते है तो अधिकारी कहते है चुप रहो बच्चों नहीं तो जेल में ठूस दिये जाओगे ऐसे कितने प्रकरण सामने आ रहे है। जिनके साथ भाजपा सरकार से चुनकर आये जनप्रतिनिधि और उनके अधिकारी जनता को डराया जा रहा है, धमकाया जा रहा है। जनता अपनी समस्या को लेकर चुनाव में चुनकर आये जनप्रतिनिधि और अधिकारी के पास नहीं जायेंगे तो किसके पास।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि 13 माह के भाजपा सरकार के हर मोर्चे पर फेल हो गये है। कहां गया था कि 500 रू. गैस सिलेंडर देंगे, यह वादा भी अभी तक पूरा नहीं हुआ है। महतारी वंदन योजना में भी महिलाओं से वादा किया गया था कि प्रत्येक विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलेगा।
लेकिन इसमें भी 60 प्रतिशत महिलाएं महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित हो गई है। महतारी वंदन योजना में वादा किये थे, प्रति वर्ष 12000 रू. महिलाओं को मिलेगा, लेकिन 2024 में सिर्फ 10 माह का पैसा ही 40 प्रतिशत महिलाओं के खाता में आया है। इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिये। मुश्किल से 40 प्रतिशत महिलाओं को यदि महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है।
पुलिस लाइन में हादसा, फ़ाइनल रिहर्सल के दौरान घोड़े से गिरा जवान...
रायपुर । रायपुर के पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस परेड की फ़ाइनल रिहर्सल के दौरान हादसा हो गया। अश्वारोही दल का एक जवान अचाानक घोड़े के उपर से गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। करतब दिखाते समय अचानक बैलेंस बिगड़ा और जवान नीचे गिर गया। और फिर उठ नहीं पाया। बताया जा रहा है कि जवान की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
गणतंत्र दिवस की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड का लाइव प्रसारण किया जाता है। इसका लाइव प्रसारण टीवी पर 'दूरदर्शन' पर होता है। जबकि ऐसे ही आप इसका लाइव प्रसारण यूट्यूब पर भी देख सकते हैं। यहां पर आप 26 जनवरी को होने वाली परेड बिल्कुल लाइव नजर आने वाली है। परेड सुबह 10.30 बजे से शुरू हो जाएगी। ऑल इंडिया रेडिया पर भी इसका लाइव प्रसारण होगा। लैपटॉप, मोबाइल फोन पर भी आप इसे देख सकते हैं। यानी किसी भी डिवाइस में स्ट्रीमिंग कर सकते हैं।
राजभवन के अधिकारी-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ
रायपुर । राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राजभवन सचिवालय में राज्यपाल के विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शपथ ली कि ‘‘हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।’’
कमल कुमार जैन ने किया देहदान
रायपुर । प्रियदर्शनी नगर निवासी कमल कुमार जैन (90) का कल रात निधन हो गया। वे कुरवाई जिला विदिशा में प्राचार्य और ब्लॉक डेव्हलेपमेंट ऑफिसर थे। वे रायपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व कार्यपालन अभियंता राजेन्द्र कुमार जैन, कैनेडा निवासी इंजीनियर राकेश कुमार जैन और श्रीमती ज्योति जैन के पिता थे। कमल कुमार जैन की इच्छा के अनुरुप उनके परिवारजनों एवं श्री पार्श्वनाथ दिग्बर जैन मंदिर समिति टैगोर नगर के पदाधिकारियों ने उनके शरीर को आज पं. जवाहरलाल नेहरु स्मृति मेडिकल कालेज के एनाटामी विभाग को शैक्षणिक व अनुसंधान के लिए दान में दिया।
इस अवसर पर परिजनों के साथ ही मंदिर समिति के राजेश जैन, पुषपेन्द्र जैन, प्रियंक जैन, नवीन मोदी, रजनीश जैन, शशिम मोदी शामिल थे। मेडिकल कालेज एनाटामी विभाग की प्रमुख डॉक्टर (प्रो) जागृति अग्रवाल, व्याख्याता कुशल चक्रवर्ती और डॉ. संतोष कुमार शर्मा ने देह दान स्वीकार करते हुए कमल कुमार जैन और उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हाण्डीपारा में देशी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए हाण्डीपारा इलाके से एक युवक को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ एक्ट के दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस कार्रवाई का ब्योरा:
उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) दौलतराम पोर्ते व नगर पुलिस अधीक्षक (आजाद चौक) अमन कुमार झा के मार्गदर्शन में लगातार सक्रिय बदमाशों और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
22 जनवरी 2024 को मुखबिर और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि शिव नगर हाण्डीपारा निवासी अरुण यादव (29), पिता रामकुमार यादव, अवैध रूप से देशी पिस्टल लेकर घूम रहा है। पुलिस को यह भी आशंका थी कि आरोपी किसी गंभीर अपराध को अंजाम दे सकता है।
थाना आजाद चौक की टीम तुरंत हरकत में आई और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चालू हालत में एक देशी पिस्टल बरामद की, जिसे जब्त कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज:
आरोपी अरुण यादव के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 23/2025 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल की खरीद-फरोख्त और अन्य मामलों की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान का हिस्सा बताया है और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी निलंबित, लेन-देन का आरोप...
रायपुर । खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी एहसान तिग्गा को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी पर कार्यवाही के दौरान अवैध रूप से किये जा रहे पैसों के लेनदेन का आरोप है। इस मामले में सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुये फूड एंड ड्र्ग डिपार्टमेंट के अफसर एहसान तिग्गा को सस्पेंड कर दिया गया है।
पराक्रम दिवस पर सुधा ओपन स्कूल ने मनाई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती
रायपुर । आमासिवनी स्थित सुधा ओपन स्कूल ने 23 जनवरी को 'पराक्रम दिवस' के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती को धूमधाम से मनाया। इस आयोजन में स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ समाज के लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी और 173 बार रक्तदान कर चुके नवनीत झा थे, जिन्होंने अपने जीवन में एक विशेष रिकॉर्ड बनाया है।
कार्यक्रम की शुरुआत और नेताजी को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का शुभारंभ सुधा संस्था के चेयरमैन जीके भटनागर ने मुख्य अतिथि का स्वागत माला और मग देकर किया। उन्होंने कहा, "नेताजी सुभाष चंद्र बोस देशभक्ति और पराक्रम के प्रतीक हैं। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने न केवल आजाद हिंद फौज की स्थापना की, बल्कि अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए बलिदान का प्रतीक बन गए।"
संस्था की अध्यक्ष, श्रीमती दीप्ति गोयल ने नेताजी के नारे "तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा" और "दिल्ली चलो" को याद करते हुए कहा कि ये नारे आज भी युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करते हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के. सूद ने बच्चों को नेताजी के जीवन के प्रेरणास्पद किस्से सुनाकर उनकी देशसेवा के लिए प्रेरित किया।
छात्रों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों ने नेताजी के स्केच बनाकर प्रदर्शित किए। इनमें से तीन सर्वश्रेष्ठ चित्रों को मुख्य अतिथि नवनीत झा द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा, नेताजी के जीवन से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें दो विजेताओं को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से नेताजी को श्रद्धांजलि दी। श्रीमती भारती गंगाराम और कुमारी ख़ुशी यादव ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि का संदेश और कार्यक्रम का समापन
मुख्य अतिथि नवनीत झा ने सुधा ओपन स्कूल के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा, "नेताजी की जयंती मनाने के ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता और देशभक्ति की भावना को बढ़ाते हैं।"
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा गाए गए राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस आयोजन ने छात्रों और उपस्थित लोगों को नेताजी के आदर्शों और बलिदान के प्रति प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर किया नमन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के नायक और आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 23 जनवरी को जयंती पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नेताजी के द्वारा देश के लिए किए गए अतुल्य योगदान को सम्मान देने के लिए उनकी जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि नेताजी अपने साहसिक नेतृत्व और देश प्रेम के लिए जाने जाते थे । भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ‘‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हेें आजादी दूंगा‘‘ जैसे नारों से देशवासियों में उत्साह का संचार किया और आजादी के लिए देशवासियों को अपना सर्वस्व न्यौछावर करने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का साहस, बलिदान और दृढ़ संकल्प से भरा जीवन आज भी युवाओं को देश की सेवा के लिए अथक परिश्रम करने हेतु प्रेरित करता है। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में नेता जी का योगदान युवाओं को सदैव प्रेरित करते रहेगा।
गौवंशों के लिए अखिल जैन के कार्य प्रशंसनीय : अनुसुइया उईके
पूर्व राज्यपाल पहुंचीं अखिल जैन के निज निवास
रायपुर । पूर्व राज्यपाल अनुसुइया उईके बुधवार को मनोहर गौशाला खैरागढ़ के ट्रस्टी डॉ. अखिल जैन (पदम डाकलिया) के देवेंद्रनगर स्थित निज निवास पहुंची। उन्होंने करीब 2 घंटे तक घर में रहकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और मनोहर गौशाला के संबंध में पूर्ण जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गौ आधारित कृषि ही हमारे जीवन को सुरक्षित कर सकती है। मनोहर गौशाला में बनने वाले उत्पाद वर्तमान समय की मांग है और इनका प्राकृतिक चक्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है। गौवंशों की सेवा कर डॉ. जैन गोबर-गौमूत्र से बहुत अच्छे उत्पाद बना रहे हैं, जो सराहनीय है। इस दौरान पूर्व राज्यपाल ने गोबर और गौमूत्र से बनने वाले प्रोडक्ट पर चर्चा कर मनोहर आर्गेनिक गोल्ड की पैकेजिंग को लॉन्च किया। उन्होंने घर के भ्रमण के दौरान साधु-साध्वी भगवंत की सेवा के लिए बने सदन की सराहना की। उन्हें मनोहर गौशाला की तरफ से महेंद्र लोढ़ा, इंदु देवी लोढ़ा, शीलू कोठारी, सपना डाकलिया ने ‘गाय एक वरदान’ पुस्तक भेंट की गई।
रायपुर में पुलिसकर्मी ने की युवती की पिटाई, सरेआम लात घूंसे बरसाया
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर 15 जनवरी से 14 फरवरी सड़क सुरक्षा सप्ताह चलाया जा रहा है।
इस दौरान ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिसकर्मियों ने नियमों को तोड़ने वालों को समझाइश भी दी है। लेकिन सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी एक युवती के साथ गुंडागर्दी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल हम बात कर रहे हैं राजधानी रायपुर की है जहां रोड क्रॉस कर रहे पुलिसकर्मी की गाड़ी को तेज रफ्तार से आ रही युवती ने टक्कर मार दी।
गाड़ी को टक्कर लगते ही पुलिसकर्मी ने अपना आपा खो दिया और बीच सड़क पर ही मारपीट करने लगे। पुलिस जवान का युवती से मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में पुलिस जवान को युवती पर लात घूंसे बरसाते हुए साफ देखा जा सकता है।
वहीं, जब युवती मामले की शिकायत करने खम्हाडीह थाने पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने शिकायत तो दर्ज नहीं कि बल्कि उसे बिना सुनवाई के ही वापस भेज दिया।
हाईवा ने मासूम को कुचला, मौत
रायपुर। तिल्दा नेवरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय मासूम की जान चली गई। घटना तिल्दा-सिमगा मार्ग पर ग्राम बिलाड़ी के पास की है। मृतक की पहचान मयंक यादव के रूप में हुई है, जो हरीश यदु का पुत्र था। दुर्घटना उस समय हुई जब मयंक अपनी दादी के साथ खेत से घर लौट रहा था। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार हाइवा (नंबर CG 28 P 1028) ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। स्थानीय लोगों ने हाइवा को रोक लिया और आक्रोश में सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।
निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी में सिख समाज
रायपुर । छत्तीसगढ़ में 20 जनवरी से आचार संहिता लागू हो गई है। रायपुर में राज्य निर्वाचन आयोग के प्रमुख अजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगरी निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। जिसके बाद अब सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारियों में जुट गई है।
इसी बीच अब निकाय चुनाव को लेकर सिख समाज भी सामने आया है। इस संबंध में सिख समाज ने एक पोस्टर भी जारी किया है।
समें समाज ने दावेदारों को बायोडाटा भेजने का आग्रह किया है। जारी पोस्टर में समाज ने कहा कि ‘समूचे छत्तीसगढ़ में निवास कर रहे सिख समाज के जो नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद, महापौर, अध्यक्ष या जो भी चुनाव राष्ट्रीय राजनैतिक पार्टी कांग्रेस या भारतीय जनता पार्टी से दावेदार कर रहे हो, हमें अपना बायोडाटा 24 जनवरी तक भेजें।
सिख समाज का उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व से मिलकर दावेदारों की सूची सौंपकर समाज के दावेदारों की टिकिट देने का आग्रह करेगा।