छत्तीसगढ़ / रायपुर
एकाग्रता के साथ कठिन परिश्रम से मिलती है मंजिल: रामविचार नेताम
आदिम जाति विकास मंत्री ने सड्डू के प्रयास विद्यालय में कम्प्यूटर लैब का किया उद्घाटन
रायपुर । आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि एकाग्रता के साथ कठिन परिश्रम से मंजिल को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी के साथ अपने बच्चे के बेहतर भविष्य के निर्माण का सपना जुड़ा होता है। विद्यार्थियों को भी अपने माता-पिता तथा रिश्ते-नातेदारों के सपने को साकार करने के लिए एकाग्र मन से अर्जुन की भांति केवल चिड़िया के नेत्र को केन्द्र में रखते हुए अपने लक्ष्य को भेदने का प्रयास करना चाहिए।
इस प्रयास में राज्य सरकार भी हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उक्त बातें आज राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने आज लगभग 34 लाख रूपए की लागत से निर्मित 40 सीटर आधुनिक कम्प्यूटर लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री श्री नेताम ने नववर्ष की सौगात के रूप में वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को इंग्लिश डिक्शनरी प्रदान की और बच्चों से चर्चा का उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि पढ़ाई का उद्देश्य सिर्फ नौकरी नहीं होना चाहिए, बल्कि शिक्षा लेकर औरों को भी रोजगार देने की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आवासीय विद्यालयों में सरकार शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रही है। यहां रहने वाले विद्यार्थी हजारों बच्चों में चयन करके शिक्षा के लिए यहां लाया जाता है। विद्यार्थियों को भी अपने मंजिल को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम को रायपुर ग्रामीण के विधायक श्री मोतीलाल साहू ने भी सम्बोधित किया।
गौरतलब है कि राज्य सरकार अनुसूचित क्षेत्र एवं गैर अनुसूचित क्षेत्र के कमजोर वर्गों के बच्चों के साथ-साथ माओवादी पीड़ित बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अच्छे वातावरण उपलब्ध कराने प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित कर रही है। राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में 884 विद्यार्थी अध्ययनरत है। यहां पढ़ाई के साथ-साथ इंजीनियरिंग तथा मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षा हेतु निःशुल्क कोचिंग भी प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त पी.एस. एल्मा, अपर संचालक संजय गौड़, प्रयास आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी अरविन्द जायसवाल, वार्ड पार्षद सुशीला धींवर सहित छात्र-छात्राएं व कर्मचारी उपस्थित थे।
दयाल दास बघेल ने संबलपुर में 2.20 करोड़ के निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन
रायपुर । खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने बेमेतरा जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत संबलपुर में लोक निर्माण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 85 लाख रूपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
इनमें संबलपुर में लोधी समाज के सामुदायिक भवन हेतु 50 लाख रुपए, ग्राम बदनारा में पशु औषधालय भवन निर्माण के लिए 15.53 लाख रुपए और ग्राम केशला (जोगी दीप) में विप्र समाज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए तथा ग्राम पंचायत दाढ़ी में लगभग 134. 76 लाख रुपए के सी.सी.रोड निर्माण कार्य शामिल है।
खाद्य मंत्री श्री बघेल ने भूमिपूजन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शासन के योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। सभी वर्गों को सरकार की योजनाओं का फायदा मिले यह हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अजय साहू, जिला पंचायत सदस्य अंजू बघेल, राकेश राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष मारो धनलाल देशलहरे, लोधी समाज के अध्यक्ष इंद्र कुमार राजपूत, परस वर्मा जी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
शहरी स्लम बस्तियां अब विकसित कॉलोनी का ले रही आकार
रायपुर । केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से स्लम बस्तियां अब विकसित कॉलोनी का रूप ले रही हैं। अम्बिकापुर के खालपारा एवं झंझटपारा की स्लम बस्तियों को एक नया स्वरूप मिला है। पहले जहां झुग्गी झोपड़ियां और कच्चे मकान थे, वहां अब पक्की छत वाले मकान बन गए हैं। यह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो पहले कच्चे मकानों में रहते थे और बारिश के दिनों में बहुत परेशानी का सामना करते थे। वे अब सारी परेशानियों से दूर अब पक्के मकानों में निवासरत् है।
इस योजना के तहत खालपारा और झंझटपारा के स्लम बस्तियों में 112 आवास स्वीकृत हुए थे, जिसमें से 95 आवास बनकर पूर्ण हो चुके हैं और शेष 17 आवास निर्माणाधीन हैं। लाभान्वित हितग्राहियों ने बताया कि यह योजना उनके लिए बहुत मददगार साबित हुई है, क्योंकि वे पहले पक्का मकान बनाने में असमर्थ थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में गरीब परिवारों को पक्के मकान प्रदान करना है। यह योजना 2015 में शुरू की गई थी और इसके तहत सभी पात्र शहरी परिवारों को पक्के घर प्रदान करना है। यह योजना महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देती है, क्योंकि पक्के मकानों का स्वामित्व महिला सदस्य के नाम पर या संयुक्त नाम से किया जा सकता है।
गौरतलब है कि केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एक महत्वाकांक्षी योजना है, जो शहरी क्षेत्रों में गरीब परिवारों को पक्के मकान प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। यह योजना न केवल लाभान्वित परिवारों को सुरक्षित और स्वस्थ जीवन प्रदान करती है, बल्कि यह महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा देती है। इस योजना के तहत लाभान्वित परिवारों को कई सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, जिनमें शामिल हैं।
लाभान्वित परिवारों को पक्के मकान प्रदान किए जाते हैं, जो उन्हें सुरक्षित और स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं। पक्के मकानों में बुनियादी सुविधाएं जैसे कि शौचालय, पानी की आपूर्ति, बिजली और रसोईघर प्रदान किए जाते हैं। लाभान्वित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।
बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए एकाग्रता और कठिन परिश्रम जरूरी : मंत्री नेताम
आदिम जाति विकास मंत्री ने प्रयास विद्यालय में नवादिम लैब का किया उद्घाटन
रायपुर। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए एकाग्रता और कठिन परिश्रम जरूरी है। विद्यार्थी जीवन में संयम के साथ ईमानदारी और लगन से परिश्रम करते है, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि सभी के साथ अपने बच्चे के बेहतर भविष्य के निर्माण का सपना जुड़ा होता है। विद्यार्थियों को भी अपने माता-पिता तथा रिश्ते-नातेदारों के सपने को साकार करने के लिए शांत मन से अर्जुन की भांति केवल चिड़िया के नेत्र को केन्द्र में रखकर लक्ष्य को भेदने का प्रयास करना चाहिए। इस प्रयास में राज्य सरकार भी हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उक्त बातें आज राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कही।
मंत्री नेताम ने लगभग 34 लाख रूपए की लागत से निर्मित 40 सीटर नवादिम कम्प्यूटर लैब का उद्घाटन किया। इससे विद्यार्थियों को इंटरनेट के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के तैयारी के लिए सहायता मिलेगी। इस अवसर पर मंत्री नेताम ने नववर्ष की सौगात के रूप में वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को इंग्लिश डिक्शनरी प्रदान की और बच्चों से चर्चा कर उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली।
मंत्री नेताम ने कहा कि पढ़ाई का उद्देश्य सिर्फ नौकरी नहीं होना चाहिए, बल्कि शिक्षा लेकर औरों को भी रोजगार देने की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आवासीय विद्यालयों में सरकार शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रही है। यहां रहने वाले विद्यार्थी हजारों बच्चों में चयन करके शिक्षा के लिए यहां लाया जाता है। विद्यार्थियों को भी अपने मंजिल को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम को रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में आधुनिक स्तर की पढ़ाई करने की जरूरत है। सफलता के लिए हमें शिक्षा के तकनीकी पहलुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना राज्य सरकार कमजोर वर्ग के बच्चों को उच्चतर शिक्षा प्रदान करने निरंतर प्रयास कर रही है। विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परीश्रम के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
गौरतलब है कि राज्य सरकार प्रयास विद्यालय के माध्यम से प्रदेश के संपूर्ण अनुसूचित क्षेत्र सहित गैर अनुसूचित क्षेत्र में स्थित नक्सल प्रभावित जिले के आदिवासी उपयोजना क्षेत्र के विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक शालेय शिक्षा के साथ-साथ इंजीनियरिंग मेडिकल, राष्ट्रीय प्रतिभा खोज, एनटीएसई, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट इत्यादि प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग प्रदान कर इन विद्यार्थियों के स्वयं के प्रतिभा के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में 884 विद्यार्थी अध्ययनरत है। यहां पढ़ाई के साथ-साथ इंजीनियरिंग तथा मेडिकल की प्रतियोगी परीक्षा हेतु निःशुल्क कोचिंग भी प्रदान की जाती है।
इस वर्ष आयोजित छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 06 अभ्यर्थियों ने सफलता पाई है, जो पहले प्रयास विद्यालय में रह कर पढ़ाई कर चुके हैं। इसी प्रकार यहां 9वीं, 10वीं के शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को एनटीएसई, ओलंपियाड, गणित एवं विज्ञान पहेली की तैयारी कराई जा रही है, ताकि इससे इंजीनियरिंग एवं मेडिकल (नीट) की बेसिक तैयारी कराई जा सके। इसी तरह 11वीं, 12वीं के विद्यार्थियों को जेईई (मेंस/एडवांस) की तैयारी कराई जा सके। वर्तमान में 173 विद्यार्थियांें को जेईई मेंस और 61 विद्यार्थियों को एनडीए प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराया जा रहा है।
प्रयास विद्यालय का 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम लगभग शत्-प्रतिशत रहा है। वर्ष 2024 में 10वीं में 174 विद्यार्थी में से 123 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। इनमें 74 विद्यार्थी 90 प्रतिशत से भी अधिक अंक अर्जित किए। वहीं कक्षा 12वीं में 95 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए तथा जेईई मेंस में 62 विद्यार्थी क्वालीफाई हुए तथा इन 62 विद्यार्थियों में 33 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस क्वालीफाई किया। इसी तरह यहां के विद्यार्थियों ने आईआईटी में 05, एनआईटी में 04 तथा ट्रिपल आईटी में 09 विद्यार्थी ने प्रवेश प्राप्त करने में सफलता पाई है।
इस अवसर पर आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त पी.एस. एल्मा, अपर संचालक संजय गौड़, प्रयास आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी अरविन्द जायसवाल, वार्ड पार्षद श्रीमती सुशीला धींवर सहित छात्र-छात्राएं व कर्मचारी उपस्थित थे।
ईडी ने फिर लखमा को किया तलब, दस्तावेज और सीए के साथ होंगे पेश
रायपुर । शराब घोटाला मामले में में प्रवर्तन निदेशालय ने फिर पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को तलब किया है। लखमा बुधवार को आज संपत्ति समेत अन्य दस्तावेज लेकर ईडी कार्यालय पहुंचेंगे। ईडी ने उन्हें दस्तावेज और सीए के साथ पूछताछ के लिए बुलाया है। महीनेभर के भीतर लखमा आज तीसरी बार ईडी कार्यालय में पेश होंगे। लखमा के साथ उनके पुत्र को भी ईडी ने तलब किया है।
बता दें कि चर्चित शराब घोटाला में ईडी ने 28 दिसंबर को कवासी लखमा उनके पुत्र हरीश लखमा और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर दबिश दी थी। इस दौरान ईडी दस्तावेज और इलेक्ट्रानिक डिवाइस के साथ लखमा और उनके पुत्र का मोबाइल अपने साथ ले गई थी। इसके बाद दोनों पिता- पुत्र को पूछताछ के लिए तलब किया था।
सूत्रों के अनुसार ईडी की पूछताछ के दौरान लखमा ज्यादार सवालों का जवाब नहीं दे पाए हैं। विशेष रुप से अपनी संपत्ति के संबंध में ज्यादा बता नहीं पा रहे। खुद को अनपढ़ बताते हुए ईडी के ज्यादातर सवालों को टाल दे रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी वजह से ईडी ने उन्हें अब सीए के साथ तलब किया है। उल्लेखनीय है कि छापे के बाद ईडी ने लखमा के भ्रष्टाचार में शामिल होने के संबंध में पुख्ता सबूत मिलने का दावा किया था।
गणतंत्र दिवस पर राजभवन में होगा स्वागत समारोह, तैयारी के लिए हुई बैठक
रायपुर । गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में राजभवन में शाम 5:15 बजे से स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, पद्मश्री, पद्मभूषण से सम्मानित राज्य के नागरिकों, जनप्रतिनिधियोें सहित नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा।
राजभवन में गणतंत्र दिवस पर संध्याकाल में ‘एट होम फंक्शन‘ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारी के लिए बुधवार को राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार ने विभिन्न विभागों की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राजभवन परिसर एवं आस-पास की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, रोशनी एवं झालर व्यवस्था, ट्रैफिक, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, पार्किग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, आमंत्रण पत्रों का मुद्रण एवं वितरण एवं अन्य व्यवस्था के संबंध में सभी आवश्यक निर्देश दिये गये।
बैठक में रायपुर जिले के प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, राजभवन के अधिकारी, नगर निगम, लोकनिर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बिजली, उद्यानिकी, आयुष विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ ही एक ऐसा राज्य, जहां भांजे को माना जाता है भगवान का स्वरूप : मुख्यमंत्री
तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ
रायपुर । प्रभु राम छत्तीसगढ़ के कण-कण में बसे हुए हैं, जन-जन में बसे हुए हैं। भगवान श्रीराम हमारे भांचा राम हैं। पूरी दुनिया में छत्तीसगढ़ ही एक ऐसा राज्य है, जहां भांजे को भगवान स्वरूप में पूजते हैं, उनका चरण पखारते हैं। उन्हें दंडवत होकर प्रणाम करते हैं। हमारी सरकार की श्रीराम लला दर्शन योजना से राज्य के 20 हजार से अधिक लोग अयोध्या में भगवान श्रीराम का दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर उक्त बातें कही। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम लोग तातापानी संक्रांति परब में हर साल यहां आते हैं।
पिछले साल जब हम लोग यहां आए थे, तब इस पावन स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। परिणाम आप सबके सामने है, आज तस्वीर बहुत कुछ बदली-बदली सी नजर आ रही है। यहां विकास के काम तेजी से हुए हैं और लगातार हो ही रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। खासकर सरगुजा और बस्तर जिले में अनेक ऐसे सुंदर स्थान हैं, जो पूरी दुनिया के आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। ऐसे स्थलों को चिन्हित कर पर्यटन स्थलों का विकास तेजी से कराया जा रहा है। तातापानी भी ऐसी ही जगहों में से एक है। हम इन सभी दर्शनीय स्थलों को पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करेंगे। इससे रोजगार और आय के अवसर बढ़ेंगे। अभी हम लोगों ने 177 करोड़ रुपये के 198 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया है।
इनमें करीब 134 करोड़ रुपये की लागत के 140 कार्यों का भूमिपूजन और 43 करोड़ रुपये के 58 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा परिसर के निर्माण के लिए हम लोगों ने आज भूमिपूजन किया है, जिसके निर्माण से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बलरामपुर कॉलेज में ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत 300 बेटियों के हाथ पीले हुए हैं। उन्होंने सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए सभी के सुखमय गृहस्थ जीवन की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तातापानी संक्रांति परब बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का गौरव है। तातापानी दुनिया के उन चुनिंदा स्थानों में से एक है, जहां गर्म-पानी के कुंड के रूप में प्रकृति की शक्ति को प्रत्यक्ष देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि तातापानी संक्रांति परब का यह आयोजन समाज में एकता और सौहार्द का संदेश भी देता है। इस महोत्सव में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ ही पतंगबाजी और आरागाही हवाई पट्टी पर पैरासेलिंग का आनंद भी आप लोग उठा पाएंगे। यहां किसान संगोष्ठी और पंच-सरपंच सम्मेलन भी होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य सामने रखा है। इसी के अनुरूप हम भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ा रहे है।
पिछले एक साल में हमारी सरकार ने मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया है। इस साल छत्तीसगढ़ में धान की फसल अच्छी हुई है। 3100 रुपए क्विंटल के दाम से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान की खरीदी हो रही है। इस साल किसान भाइयों के घरों में रिकॉर्ड पैसा आने वाला है। अभी किसान भाइयों को धान के समर्थन मूल्य का भुगतान हो रहा है, शीघ्र ही उनके खातों में अंतर की राशि भी भेज दी जाएगी। हमारी सरकार राज्य के गरीब परिवारों को पांच साल तक निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया है। तेंदूपत्ता संग्रहण दर को हमने चार हजार रूपये से बढ़ाकर साढ़े 5 हजार रुपए प्रति मानक बोरा कर दिया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सभी आवासहीन पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।
हमने सरकार के शपथ ग्रहण के दूसरे दिन प्रदेश के आवासहीनों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए 3 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना की घोषणा की है। उन्होंने अगले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ को 4 लाख नए आवास के लिए सहमति दी है। उन्होंने कहा नये सर्वे में अब हितग्राहियों की मासिक आय सीमा बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा जिनके पास ढाई एकड़ सिंचित भूमि या पांच एकड़ असिंचित भूमि है, वे भी अब इस योजना के तहत पात्र होंगे ।
हितग्राही अब स्वयं भी अपने आवास हेतु मोबाइल एप के जरिए आवेदन और सर्वेक्षण कर सकते हैं। प्रदेश के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की गारंटी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से प्रदेश के लाखों परिवारों में खुशी और समृद्धि आई है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के कमजोर वर्गों के जीवनस्तर में सुखद बदलाव लाने का काम किया है। इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वकरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते, सरगुजा विधायक श्री राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मंत्री लखन लाल देवांगन बताये फ्लोरा मेक्स कंपनी को संरक्षण क्यों दे रहे : कांग्रेस
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मंत्री लखन लाल देवांगन फ्लोरा मेक्स कंपनी से अपने संबंधों के बारे में प्रदेश की जनता को स्पष्टीकरण दें। वे कंपनी के खिलाफ कार्यवाही क्यों नहीं होने दे रहे? पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के बीच में वे रोड़ा क्यों बन रहे है? महिलाओं को न्याय दिलाने के बजाय अब अपनी गलतियों का ठीकरा विपक्ष पर ठोकने की कोशिश बंद करे। फ्लोरा मैक्स कंपनी की पीड़ित महिलाएं मंत्री लखन लाल देवांगन के ऊपर कंपनी को संरक्षण देने का आरोप लगा रही है।
कंपनी के खिलाफ महिलाओं द्वारा किये जाने वाले आंदोलन से मंत्री लखन लाल देवांगन की तिलमिलाहट बताती है कि वे कंपनी के खिलाफ आंदोलन करने के कारण महिलाओं को धमका रहे थे। फ्लोरा मैक्स कंपनी की पीड़ित महिलाओं से अभद्रता के मामले में महिलाओं से माफी मांगे। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विपक्ष पर आरोप लगाकर मंत्री अपने जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। फ्लोरा मेक्स कंपनी के खिलाफ कार्यवाही किसके दबाव पर नहीं हो रही, महिलाओं पर गलत एफआईआर किसके दबाव में हुआ? सरकार फ्लोरा मेक्स कंपनी के जालसाजी की जांच सीबीआई से कराने का साहस क्यों नहीं दिखा रही?
भाजपा की सरकार को बने 1 साल पूरा हो गया, सरकार कार्यवाही क्यों नहीं कर रही? प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की पत्नी रेणु अग्रवाल का फ्लोरा मेक्स कंपनी से कोई लेना देना नहीं है। कंपनी ने कोरबा के माल में स्वसहायता समूह की महिलाओं के द्वारा निर्मित उत्पादों का शोरूम खोला था। रेणु अग्रवाल मॉल गयी थी वहां उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं के द्वारा निर्मित उत्पाद की दुकान को देखा था तथा महिलाओं के आग्रह पर फोटो खिंचवाया था, उनका कंपनी से कोई वास्ता नहीं था। पीड़ित महिलाओं ने मंत्री लखन लाल देवांगन पर कंपनी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
रेणु अग्रवाल, जयसिंह अग्रवाल पर कोई आरोप नहीं लगाया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के रमन सरकार के 15 साल में छत्तीसगढ़ चिटफंड कंपनियों का चारागाह बन गया था, तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह, उनकी पत्नी वीणा सिंह, पुत्र अभिषेक सिंह सहित उनका पूरा मंत्रिमंडल चिटफंड कंपनियों के दफ्तरों का उद्घाटन करते थे। कांग्रेस के पांच साल में चिटफंड कंपनियों पर कार्यवाही हुई, पीड़ितों को न्याय दिलाने की कोशिश हुई। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद एक बार फिर चिटफंड कंपनियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ 15 जनवरी को गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
रायपुर, जनवरी 2025/उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में 15 जनवरी को बिलासपुर स्थित गुरू घासीदास विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह आयोजित होगा।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला अनवरत रूप से जारी
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला अनवरत रूप से जारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रयागराज महाकुंभ में छत्तीसगढ़ पवेलियन: राज्य के लोगों के रुकने और उनके भोजन की निःशुल्क व्यवस्था
प्रयाग रेलवे स्टेशन के नजदीक है छत्तीसगढ़ पवेलियन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सशस्त्र सेना वयोवृद्ध दिवस पर शहीद सैनिकों के परिवारों का किया सम्मान
रायपुर जनवरी 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के पगुराबहार गांव में आयोजित 9 वें सशस्त्र सेना वयोवृद्ध दिवस पर सेना के वीर जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अपनी वीरता का प्रदर्शन कर राष्ट्रपति द्वारा सेना मेडल से सम्मानित भागलपुर निवासी 81 वर्षीय श्री अरुण कुमार का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंटकर उनके अदम्य साहस की सराहना की। अरुण कुमार ने अपने युद्ध के अनुभव साझा कर देशसेवा के गौरवशाली क्षणों को याद किया।
छत्तीसगढ़ ही एक ऐसा राज्य, जहां भांजे को माना जाता है भगवान का स्वरूप: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ ही एक ऐसा राज्य, जहां भांजे को माना जाता है भगवान का स्वरूप: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
राजधानी में हादसा: सड़क पार कर रही महिला को कार ने मारी टक्कर...
रायपुर। राजधानी के भगत सिंह चौक में बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। जानकारी के मुताबिक घायल महिला सड़क पार कर रही थी। तभी ऑल्टो ने ठोकर मार दी। महिला को मेकाहारा में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ओबीसी आरक्षण को शून्य करवाना चाहती थी कांग्रेस : अरुण साव
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर किया हमला, लगाया ओबीसी विरोधी होने का आरोप
रायपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कांग्रेस पर ओबीसी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के प्रयासों से पिछड़ा वर्ग को अधिकतम 50% आरक्षण सुनिश्चित हो रहा है। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आरक्षण का विरोध कर इसे शून्य करवाना चाहती थी। मंगलवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर वर्ग संघर्ष भड़काने और प्रदेश की कानून-व्यवस्था खराब करने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया।
अनारक्षित सीटों पर पिछड़े वर्ग का अधिक प्रतिनिधित्व
कांग्रेस पर तीखा हमला
साव ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने ओबीसी आरक्षण के विरोध में काम किया और ऐसे लोगों को पुरस्कृत किया जो ओबीसी आरक्षण रोकने के लिए कोर्ट गए थे। उन्होंने कांग्रेस की ऐतिहासिक नीतियों का हवाला देते हुए बताया कि कैसे कांग्रेस ने कालेलकर आयोग और मंडल आयोग की सिफारिशों को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। साव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आरक्षण विरोधी रही है।
आरक्षण पर भाजपा की स्पष्ट नीति
प्रेस वार्ता में अरुण साव ने सुप्रीम कोर्ट के आरक्षण से जुड़े प्रावधानों और 'ट्रिपल टेस्ट' की अनिवार्यता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने 2024 में राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग का गठन किया और उसकी सिफारिशों के आधार पर पंचायत और नगरीय निकायों में 50% तक आरक्षण सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के अनुरूप ही आरक्षण लागू किया गया है।
कांग्रेस पर वर्ग संघर्ष भड़काने का आरोप
साव ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मुद्दों के अभाव में वर्ग संघर्ष को हवा देकर राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के हर षड्यंत्र को उजागर करेगी और प्रदेश में शांति एवं विकास सुनिश्चित करेगी।
अन्य भाजपा नेता भी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े, प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
भाजपा ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि वह ओबीसी आरक्षण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे और जनता को गुमराह करना बंद करे। पार्टी ने विश्वास दिलाया कि पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए वह हरसंभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने किया वर्ष 2025 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन
रायपुर। मुख्यमंत्री साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष 2025 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया। कैलेंडर के कवर पेज में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री साय की फोटो के साथ 'सुशासन से समृद्धि की ओर' के मूलमंत्र को दर्शाया गया है। छत्तीसगढ़ शासन के वार्षिक कैलेंडर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ वासियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को दिखाया गया है। विमोचन के अवसर पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम और लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि 'सुशासन से समृद्धि' के मूलमंत्र पर आधारित यह कैलेंडर हमारे शासन की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का प्रतीक है। इसमें हमने राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाहित किया है, जो छत्तीसगढ़ को समृद्धि और विकास के नए आयामों तक ले जाएंगी। उन्होंने मकर संक्रांति के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साल हमारे प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली का स्वर्णिम वर्ष होगा।
क्यूआर कोड के नए फीचर्स ने कैलेंडर को बनाया खास
रजत जयंती वर्ष 2025 के कैलेंडर में कुछ नए फीचर्स को समाहित किया गया है जिसने इसे और आकर्षक बना दिया है। कैलेंडर के प्रत्येक माह में एक क्यूआर कोड दिया गया है, जिसमें उस माह के विशेष अवसरों पर आधारित मुख्यमंत्री के वीडियो संदेश को सुना जा सकता है। इसी के साथ ही नए संदेश और शासन की उपलब्धियों की जानकारी निरंतर मिलती रहेगी। कैलेंडर के प्रत्येक माह के लिए उस महीने का क्यू आर कोड ही एक्टिव रहेगा। इसके साथ ही कैलेंडर के प्रत्येक पेज में छत्तीसगढ़ से जुड़े प्रमुख तथ्य के बारे में भी बताया गया है।
कैलेंडर के प्रत्येक माह में दिखेगी शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की झलक
]शासकीय कैलेंडर के जनवरी माह में छत्तीसगढ़ सरकार की रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अयोध्या और काशी की निःशुल्क यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं की तस्वीर दिखाई गई है। इस योजना से बड़ी संख्या में प्रदेश के लोगों को प्रभु राम के दर्शन का लाभ मिल रहा है।
इसी तरह फरवरी माह में राजिम कुंभ कल्प के वैभव की तस्वीर को साझा किया गया है। वहीं मार्च माह में 70 लाख माताओं-बहनों की खुशियों को
दर्शाती तस्वीर है, जिनके जीवन में महतारी वंदन योजना से बड़ा बदलाव आया है। कैलेण्डर के अप्रैल माह में वनांचल में रहने वाले लोगों के जीवन में तेंदूपत्ता संग्रहण से आए बदलाव की तस्वीर है। शासन ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए पारिश्रमिक दर को 4 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार 500 रुपए कर दिया है।
मई माह में श्रमिकों के सम्मान में चलाई जा रही वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना की तस्वीर है। इस योजना के माध्यम से श्रमिकों के लिए 5 रुपए में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जून के महीने में स्कूली बच्चों की तस्वीर साझा की गई है। साथ ही छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू किए जाने और 18 स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई कराए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
इसी तरह जुलाई के महीने में किसानों की समृद्धि के लिए संचालित कृषक उन्नति योजना के बारे में जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ के किसान की खुशहाली की तस्वीर को प्रदर्शित किया गया है। अगस्त माह में देश की सुरक्षा में तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ मुख्यमंत्री की तस्वीर दिखाई गई है। सितंबर माह में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्के घर का सपना पूरा हो रहे खुशहाल हितग्राहियों की तस्वीर है। इन दोनों ही योजनाओं से विशेष पिछड़ी जनजातियों और गरीब परिवारों को आवास मुहैया हो रहा है। अक्टूबर माह में बस्तर संभाग की खुशहाली और बदलती हुई तस्वीर को साझा किया गया है। बस्तर ओलंपिक की इस तस्वीर में तीरंदाजी में हाथ आजमाते युवा अपने सुरक्षित भविष्य का सपना गढ़ रहे हैं। इसी तरह नवंबर माह में धान खरीदी महापर्व के गौरव को दिखाया गया है। वही दिसंबर माह में शासन की नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से दूरस्थ आदिवासी बहुल ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विकास और क्षेत्र में शांति स्थापना के संकल्प को प्रदर्शित किया गया है।
रायपुर में अपराध का बढ़ता ग्राफ: बदमाशों की संख्या में इजाफा, पुलिस के लिए चुनौती
रायपुर। राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में अपराध और अपराधियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक साल में 150 से अधिक नए बदमाशों की एंट्री हुई है। इनमें चाकूबाजी, मारपीट और हत्या जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधी शामिल हैं। पुलिस इन पर कार्रवाई के लिए अभियान चला रही है, लेकिन अपराधियों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रहीं।
हत्या के मामलों में 23% की वृद्धि
2023 की तुलना में 2024 में हत्या के मामलों में 23% वृद्धि हुई है। 2023 में जिले में 63 हत्याएं दर्ज की गई थीं, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 78 हो गई। पुलिस के लिए चिंता की बात यह है कि इनमें से 10 मामलों में अपराधी अब तक गिरफ्तार नहीं हो सके हैं। जनवरी महीने में ही जिले में 14 दिनों के भीतर आधा दर्जन से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं।
सूखा नशा अपराध की बड़ी वजह
विशेषज्ञों के अनुसार, सूखा नशा और शराब का प्रचलन अपराध बढ़ने का बड़ा कारण है। नशे की हालत में बदमाश अपनी सुध-बुध खो बैठते हैं और गंभीर अपराधों को अंजाम देने से नहीं हिचकते। हाल ही में गुढ़ियारी इलाके में एक हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें अपराधी सूखा नशा के प्रभाव में थे।
वर्चस्व की लड़ाई और बदमाशों की रंजिश
बदमाशों के बीच आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई भी अपराध बढ़ने का कारण बन रही है। हाल ही में गुढ़ियारी क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या और आजाद चौक में चाकूबाजी की घटना इसी वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थीं। पुलिस के लिए बदमाशों के बीच इन विवादों को रोकना बड़ी चुनौती है।
बदमाशों की बढ़ती संख्या: आंकड़े
पुलिस द्वारा 2024 में तैयार की गई नई सूची के अनुसार:
निगरानी बदमाश: 309
गुंडे बदमाश: 620
2023 में यह संख्या करीब 450 थी। नए बदमाशों में कई बाहरी राज्यों से आए अपराधी और अन्य जिलों के बदमाश शामिल हैं।
विशेषज्ञों की राय
सेवानिवृत्त एएसपी राजीव शर्मा ने सुझाव दिया कि पुलिस को न्यायालय के साथ समन्वय स्थापित कर आदतन अपराधियों की जमानत पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने बदमाशों की सामाजिक रूप से बेइज्जती करने और यूपी की तर्ज पर उनकी अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की सिफारिश की। इसके साथ ही मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों के बैंक खातों को फ्रीज और उनकी संपत्ति जब्त करने की जरूरत पर जोर दिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
सिटी एएसपी लखन पटले ने बताया कि पुलिस लगातार बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। समय-समय पर स्लम और ईडब्ल्यूएस इलाकों में छापेमारी की जा रही है। आदतन अपराधियों की थाना परेड और जिलाबदर जैसी कार्रवाई जारी है।
बढ़ते अपराध और बदमाशों की संख्या पर लगाम लगाना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका है। विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सख्त कानूनी कार्रवाई और सामाजिक जागरूकता ही इसका समाधान हो सकता है।