छत्तीसगढ़ / रायपुर
नए जज ने किया सेंट्रल जेल का औचक निरिक्षण
रायपुर । नवपदस्थ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर बलराम प्रसाद वर्मा ने केन्द्रीय जेल रायपुर के पुरूष सेल एवं महिला सेल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जेल परिसर एवं जेल बैरकों की साफ सफाई तथा कैदियों को प्रदान किए जाने वाले भोजन आहार का निरीक्षण किया जो संतोषजनक पाया गया।
जज ने जेल में स्थापित लीगल एड क्लिनिक के क्रियान्वयन का भी निरीक्षण किया और वहाँ उपस्थित होने वाले लीगल एड डिफेन्स कौन्सिल एवं न्यायमित्र (पी.एल.वी.) को वहाँ रहने वाले कैदियों को हरसंभव विधिक सुविधा प्रदान किये जाने हेतु प्रोत्साहित किया एवं कोई भी बंदी बिना विधिक प्रतिनिधि / अधिवक्ता के न रहे यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
केन्द्रीय जेल रायपुर में बी.पी. वर्मा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर द्वारा विधिक साक्षरता शिविर भी किया गया जिसमें वहाँ उपस्थित कैदियों को लीगल एड क्लिीनिक के कार्यशैली के बारे में जानकारी दी गई और कैदियों को उनके अधिकारों के बारे में बताया गया तथा व्यक्तिगत रूप से कैदियों की परेशानियों को भी उनके द्वारा सुना गया । केन्द्रीय जेल रायपुर में स्थापित हॉस्पिटल का भी निरीक्षण द्वारा किया गया वहाँ उपस्थित चिकित्सकों से मिलकर वहाँ भर्ती मरिजों की जानकारी ली गई और चिकित्सकों को निर्देशित किया गया कि मरिजों को कैदी या अपराधी ना समझते हुए केवल मरीज है यह समझकर मनवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए हर संभव उचित चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जावे।
नए साल के जश्न को लेकर तैयारियां जोरों पर, लेकिन, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
रायपुर । नए साल 2025 के जश्न की तैयारी रायपुर में ज़ोरों पर है। इस बार 80 से अधिक होटलों, रेस्टोरेंट्स और फार्म हाउसों ने शराब परोसने के लिए अनुमति मांगी है, जिसे प्रशासन ने सख्त नियमों के साथ मंजूरी दी है। जश्न मनाने वालों को नियमों का पालन करना होगा, वरना जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
रात 12:30 बजे तक बंद करने के निर्देश
आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि सभी कार्यक्रम 31 दिसंबर की रात 12:30 बजे तक बंद कर दिए जाएं। देर रात पार्टी करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
500 पुलिस जवानों की तैनाती: शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
20 चेक पॉइंट्स पर निगरानी: शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार और अन्य कानून तोड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी से होगी निगरानी
सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। तेलीबांधा, वीआईपी रोड और नवा रायपुर जैसे इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।
आबकारी विभाग की कड़ी नजर
आबकारी विभाग ने विशेष टीमें बनाई हैं, जो सुनिश्चित करेंगी कि होटलों और बार में शराब परोसने के समय का पालन हो। रात 12 बजे के बाद खुला पाया जाने पर जुर्माना और कार्रवाई होगी।
नाइट पेट्रोलिंग और सख्ती
31 दिसंबर की रात विशेष नाइट पेट्रोलिंग टीम सक्रिय रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, स्टंटबाजी, कार रेसिंग या खुले में पार्टी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एनजीटी गाइडलाइन के तहत आतिशबाजी
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। आतिशबाजी केवल तय स्थान और समय पर करने की अनुमति दी गई है।
आयोजकों के लिए खास गाइडलाइन
होटलों और रेस्टोरेंट्स को पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी।
सड़क पर पार्किंग पाए जाने पर वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
आयोजकों को सुनिश्चित करना होगा कि सभी कार्यक्रम नियमों और शांति व्यवस्था के तहत आयोजित हों।
नए साल का जश्न मनाने के दौरान सुरक्षा, समय और नियमों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। उल्लंघन करने पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
छत्तीसगढ़-झारखण्ड में NIA का छापा: नकदी व नक्सल सामग्री बरामद
रायपुर । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में नक्सल मामलों से जुड़ी बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। इस दौरान 1.5 लाख रुपये नकद समेत कई आपत्तिजनक नक्सल सामाग्री बरामद की गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड के गाराडीह में इलाके में 2023 में हुए नक्सल कैडर कृष्णा हांसदा की गिरफ्तारी के बाद छापेमारी की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित गरियाबंद और धमतरी जिले के 11 से अधिक संवदेनशील स्थानों पर भी छापेमारी की है।
NIA ने शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़े एक मामले में झारखंड के गिरिडीह में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक छापेमारी के दौरान संदिग्धों और नक्सलियों के घरों और अन्य परिसरों की एनआईए की टीमों ने गहन तलाशी ली, जिसमें कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।
जब्त की गई वस्तुओं की जांच की जा रही है। प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) के नक्सल कैडर कृष्णा हांसदा की गिरफ्तारी के बाद छापेमारी की गई। सीपीआई (माओवादी) के क्षेत्रीय समिति सदस्य हांसदा को जनवरी 2023 में डुमरी के लुसियो वन क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। NIA ने जून 2023 को इस मामले को अपने हाथ में लिया था। एनआईए ने कई संदिग्धों और नक्सलियों के बीच संबंधों का पता लगाया, जिनके बारे में माना जाता है कि वे गिरिडीह के पारसनाथ इलाके में सीपीआई (माओवादी) को रसद और इलेक्ट्रॉनिक सामान की आपूर्ति में शामिल थे।
इसके अलावा एनआई ने छत्तीसगढ़ के गरियाबंद और धमतरी जिलों के संवेदनशील माओवादी प्रभावित क्षेत्रों के रावनडिग्गी, सेमरा, मैनपुर, घोरागांव, केराबहरा और गरियाबंद गांवों के 11 संदिग्धों के ठिकानों पर पर भी छापेमारी की।
छत्तीसगढ़ में साल 2023 में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के बाद बड़ेगोबरा में पोलिंग पार्टी पर ब्लास्ट कर हमला किया था, जिसमें ITBP का एक हेड कॉन्स्टेबल शहीद हो गया था। घटना में नक्सलियों के मैनपुर-नुआपाड़ा डिवीजन से जुड़े होने का शक है। जिन संदिग्धों के परिसरों की आज तलाशी ली गई, उनके नाम मामले की एनआईए जांच के दौरान सामने आए थे।
जानकारी के अनुसार तलाशी के दौरान 1.5 लाख नकदी सहित नक्सलियों से संबंधित पर्चे, पुस्तिकाएं, मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस, सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई। आतंकवाद निरोधी एजेंसी ने अब तक इस मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया है।
मेकाहारा में ओपन हार्ट सर्जरी शुरू: 50 वर्षीय महिला का वाल्व रिप्लेसमेंट
रायपुर । डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के हार्ट सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने 50 वर्षीय महिला की सफल ओपन हार्ट सर्जरी कर मरीज को नया जीवन दिया है। हार्ट सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू के नेतृत्व में यह ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद महिला की हालत ठीक है और वह अभी डॉक्टरों की देखरेख में है। मरीज का वाल्व रिप्लेसमेंट हुआ है।
महिला की हार्ट वाल्व में थी सिकुड़न
महासमुंद निवासी 50 वर्षीय महिला मरीज को लगभग तीन साल से सांस फूलने की शिकायत थी। थोड़ा भी काम करने से हृदय की धड़कन बढ़ जाती थी जिसे हार्ट पल्पिटेशन कहा जाता है। अपनी इन्हीं समस्याओं के साथ महिला अम्बेडकर अस्पताल के एडवांस्ड कार्डियक इंस्टीट्यूट के हार्ट सर्जरी विभाग में डॉ. कृष्णकांत साहू के पास पहुंची। उन्होंने मरीज की पूरी जांच की। जाँच में पता चला कि हार्ट के वाल्व में सिकुड़न है और एक वाल्व में लीकेज है। हार्ट का वाल्व इतना सिकुड़ गया था कि, इनको डॉक्टर ने 3 साल पहले ही ऑपरेशन की सलाह दी थी मगर ओपन हार्ट सर्जरी का नाम सुनकर मरीज और उसके परिवार के लोग घबरा गए और उस वक्त उन्होंने ओपन हार्ट सर्जरी करवाने से मना कर दिया। फिर उसके बाद समस्या बढ़ती गई और मरीज पुन: एक बार फिर डॉ. कृष्णकांत साहू के पास पहुंची, जहां पर उन्होंने ने महिला को ओपन हार्ट सर्जरी से संबंधित सभी जानकारी दी। उनकी काउंसलिंग की। सर्जरी के बाद स्वास्थ्य में होने वाले सुधार के बारे में विस्तार से बताया।
26 दिसंबर को हुई सर्जरी
डॉ. कृष्णकांत साहू ने मरीज की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर को केस की गंभीरता और ओपन हार्ट सर्जरी की आवश्यकता के बारे में बताया। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के निर्देश पर तत्काल कार्डियक एनेस्थेटिस्ट, परफ्यूजनिस्ट और अन्य मानव संसाधन की व्यवस्था की गई। अंततः 26 दिसंबर को मरीज की ओपन हार्ट सर्जरी की गई और मरीज के हृदय में कृत्रिम वाल्व का प्रत्यारोपण किया और एक वाल्व को रिपेयर किया। इस ऑपरेशन को मेडिकल भाषा में माइट्रल वाल्व रिप्लेसमेंट बाय यूजिंग बाईलीफलेट मैटेलिक प्रोस्थेटिक वाल्व प्लस ट्राईकस्पिड वाल्व रिपेयर अंडर हार्टलंग मशीन कहा जाता है।
ऑपरेशन के बाद मरीज स्वस्थ
डॉ. साहू ने मरीज की वर्तमान हालत के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि, मरीज ने आज सुबह का नास्ता, दोपहर का लंच और रात का खाना अपने हाथों से खाया। मरीज की हालत में लगातार सुधार है। मरीज का ऑपरेशन करने वाली टीम में हार्ट सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू, कार्डियक एनेस्थेटिस्ट डॉ. वरुण, परफ्यूजनिस्ट राहुल और डिगेश्वर तथा नर्सिंग स्टाफ में राजेंद्र, नरेंद्र एवं चोवा राम शामिल रहे।
पेंड्रा में बारिश, राज्य के 4 संभाग में अलर्ट
रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश के चलते फसल नुकसान की भी चिंता किसानों को सताने लगी है। मौसम विभाग ने भी प्रदेश में बस्तर संभाग को छोड़कर चारों संभाग में बारिश के आसार जताए हैं।
समुद्र से आ रही नमी के कारण बारिश की स्थिति बन रही है। अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। हवा में नमी बढ़ने से कई जिलों में शुक्रवार को दिन का पारा सामान्य से अधिक रहा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार रहा। वहीं 11 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। 2 दिन बाद 4 डिग्री तक रात का तापमान गिर सकता है। आज बादल छाए हुए हैं। एक-दो जगह गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले दो दिनों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं है। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट आएगी।
नगर पालिका-पंचायत चुनाव: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को
रायपुर । नगरपालिकाओं और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2024-25 में मतदाता बनाने के लिए कार्यक्रमों में संषोधन किया गया है। नगरपालिकाओं और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन के लिए लोगों को मतदाता बनने का एक और अवसर प्राप्त हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2025 को की जाएगी।
छत्तीसगढ राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरीय निकायों और पंचायतों के मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 31 दिसंबर को किया जाएगा। निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराना, दावे/आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तारीख 06 जनवरी 2025 सोमवार 3 बजे तक दावे/आपत्तियों का निपटारा 09 जनवरी 2025 गुरूवार किया जाएगा। नगरीय निकायों और पंचायतों के मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी तय की गई है। ऐसे युवा मतदाता जिन्होंने 1 जनवरी 2025 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो, वह भी मतदाता बनने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकेंगे। इस तरह नई मतदाता सूची तैयार होने के बाद ही नगरीय निकाय के चुनाव होंगे।
नगरपालिकाओं और त्रि-स्तरीय पंचायतों के लिए निर्वाचक नामावली प्रारूप क-1 रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक रजिष्ट्रीकरण अधिकारी का दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2025 तक और प्रारूप क-1 में प्राप्त आवेदनों का निराकरण की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2025 निधारित की गई है। नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2025 को की जाएगी।
माँ बागेश्वरी मंदिर, कुदरगढ़ के विकास के लिए लक्ष्मी राजवाड़े ने लिखा पत्र
रायपुर। महिला-बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सचिव छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के प्रसाद योजना में शामिल सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ स्थित माँ बागेश्वरी मंदिर के कायाकल्प और सर्वांगीण विकास के लिए भारत सरकार को पुनः स्मरण पत्र जारी की है।
गौरतलब है कि प्रसाद योजना, भारत सरकार की एक योजना है जिसका मकसद धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक संवर्द्धन अभियान योजना के तहत, तीर्थ स्थलों को विकसित करने और उन्हें पहचान दिलाने पर ध्यान दिया जाता है। प्रसाद योजना के तहत पर्यटन स्थलों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए राज्य सरकार और केंद्र शासित प्रदेशों को वित्तीय सहायता दी जाती है, जिसमें सूरजपुर जिले के धार्मिक स्थल कुदरगढ़ मंदिर के कायाकल्प के लिए इसे ’प्रसाद’ योजना में शामिल किया गया है।
योजना के क्रियान्वयन में विधानसभा भटगावँ में माँ बागेश्वरी धाम में रोप वे, हेलीपेड, यज्ञ शाला, ज्योति कक्ष, सीढ़ी निर्माण, यात्री शेड, हाई मास्क लाइट, सी.सी.टी.वी., पेयजल, सेस्क्युरिटी चेक पॉइन्ट, शौचालय, हर्बल गार्डन, हाट-बाजार, अपशिष्ट प्रबंधन, यात्रियों की सुविधा हेतु बैटरी चलित वाहन, स्टॉप डेम विकास, प्रसाद किचन, प्रतीक्षालय आदि विकास कार्यों को सम्पन्न किये जा सकेंगे।
रायपुर जिले में 4 लाख 19 हजार 167 मीट्रिक टन धान खरीदी
रायपुर । रायपुर जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में धान की खरीदी की जा रही है। अब तक 139 उपार्जन केंद्रो से 964 करोड 43 लाख रूपए लागत का 4 लाख 19 हजार 167 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं आज जिले में 29 करोड 17 लाख रूपए कीमत पर 3624 किसानों से 12 हजार 680 टन धान खरीदी की गई।
एक साथ होंगे पंचायत और निकाय चुनाव
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए वोटर लिस्ट फिर से तैयार की जाएगी। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से कार्यक्रम जारी कर दिया है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, वोटर लिस्ट का पहला प्रकाशन 31 दिसंबर को किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में सिविल जज के 57 पदों पर निकली भर्ती
रायपुर । अगर आप छत्तीसगढ़ में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के पदों पर आवेदन करना चाहते हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सिविल जज भर्ती परीक्षा 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार अब 24 जनवरी तक आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के तहत 57 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
शैक्षणिक योग्यता
सिविल जज भर्ती परीक्षा में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से लॉ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए।
आयु सीमा:
उम्मीदवारों की उम्र 1 जनवरी 2025 को 21 से 35 साल के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, और अन्य पिछड़ा वर्ग (गैर क्रीमी लेयर) के उम्मीदवारों को आयु सीमा में 5 साल की छूट। महिलाओं (सभी वर्गों की) के लिए आयु सीमा में 10 साल की छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क:
छत्तीसगढ़ के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। राज्य से बाहर के उम्मीदवारों को 400 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा।
चयन प्रक्रिया:
सिविल जज भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में होगा:
प्रारंभिक परीक्षा (Prelims Exam): सबसे पहले उम्मीदवारों को प्रीलिम्स परीक्षा पास करनी होगी।
मुख्य परीक्षा (Main Exam): प्रीलिम्स पास करने के बाद मुख्य परीक्षा होगी।
इंटरव्यू (Interview): मुख्य परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू में बुलाया जाएगा।
अंत में, मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और फाइनल परिणाम घोषित किया जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार को CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर civil judge 2024 आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
अब आवेदन फॉर्म भरें और जरूरी दस्तावेज़ अपलोड करें।
फॉर्म को सबमिट करें और भविष्य के लिए प्रिंटआउट जरूर ले लें।
लखमा के करीबी सुशिल ओझा के भी घर पर ईडी का छापा...
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो जिलों में शनिवार सुबह ईडी की टीम ने बड़ा एक्शन लिया है। रायपुर में ईडी अधिकारियों ने पूर्व मंत्री कवासी लखमा के घर पर छापा मारा। इसके अलावा, सुकमा जिले में भी ईडी की टीम ने छापेमारी की। यहां अधिकारियों ने पूर्व आबकारी मंत्री और कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी के घर पर भी छापा मारा। इसके साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष जगन्नाथ राजू साहू के घर पर भी ईडी ने छापा डाला।
कांग्रेस नेता सुशील ओझा के ठिकानों पर भी रेड:
ईडी की टीम ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील ओझा के ठिकानों पर भी छापेमारी की है। जी.ई. रोड की चौबे कॉलोनी स्थित सुशील ओझा के घर पर ईडी की टीम पहुंची है। सुशील ओझा को पूर्व मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है। ईडी को कवासी लखमा के करीबी सुशील ओझा घर पर नहीं मिले हैं।उनकी पत्नी, भाई और नौकर समेत ड्राइवर से ईडी के अधिकारी पुछताछ कर रहे है।
रायपुर में ईडी की रेड:
ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम ने रायपुर के धरमपुरा स्थित पूर्व मंत्री और कोंटा विधायक कवासी लखमा के ठिकानों पर छापा मारा है। घर के बाहर बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। इसके अलावा, सुकमा में भी कवासी लखमा के बेटे हरीश लखमा सहित अन्य लोगों के ठिकानों पर जांच जारी है।
सुकमा में कवासी लखमा के घर पर भी ईडी की रेड:
रायपुर में कोंटा विधायक कवासी लखमा के घर के अलावा सुकमा में भी ईडी की टीम ने छापा मारा है। ईडी अधिकारियों ने कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी के घर पर भी छापेमारी की है। इसके अलावा, नगर पालिका अध्यक्ष जगन्नाथ राजू साहू के घर पर भी दबिश दी गई है।
शराब घोटाले के लेकर जांच:
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम शराब घोटाले मामले की जांच में जुटी हुई है, और इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है। छत्तीसगढ़ में करीब 2200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में पूर्व मंत्री कवासी लखमा का नाम भी शामिल है। ईडी ने इस घोटाले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर और अरुणपति त्रिपाठी को मास्टरमाइंड बताया है।
आरोप है कि जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब प्रदेश में बड़ा शराब घोटाला हुआ। इस घोटाले की जानकारी तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा को भी थी, और घोटाले के दौरान कमीशन का एक बड़ा हिस्सा पूर्व मंत्री कवासी लखमा के पास भी जाता था।
लखमा की कार से मिले अहम दस्तावेज, ईडी कर सकती है बड़ा खुलासा
रायपुर । छत्तीसगढ़ में हुए कथित शराब घोटाले को लेकर शनिवार को ईडी ने कई ठिकानों पर दबिश दी है। मामले को लेकर आज ईडी की टीम ने राजधानी से लेकर सुकमा तक पूर्व मंत्री कवासी लखमा, बेटा हरिश कवासी और सुकमा नगर पालिका अध्यक्ष राजू साहू के कई ठिकानों पर दबिश दी है।
इसी बीच खबर आ रही है कि कवासी लखमा की कार से ईडी के अधिकारियों को कई अहम दस्तावेज मिले हैं। कवासी लखमा की कार नंबर CG04 MM 0009 से अधिकारियों ये दस्तावेज बरामद किए हैं। हालांकि अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि दस्तावेज किन चीजों के हैं।
इसके अलावा कवासी के करीबी के चौबे कॉलोनी स्थित मकान में अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। वहीं सुकमा में उनके बेटे हरीश कवासी के शासकीय आवास पर अधिकारी पहुंचे हैं। इसके अलावा सुकमा में ही नगरपालिका अध्यक्ष राजू साहू के घर भी अधिकारी कार्रवाई कर रहे हैं। सुकमा में दोनों कांग्रेस नेताओं के घर 5 गाड़ियों में 10 से ज्यादा ईडी के अधिकारी पहुंचे हैं। आशंका जताई जा रही है कि छत्तीसगढ़ में हुए शराब घोटालों को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। दर्ज FIR में 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है। ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में कई नेता और अफसर अवैध सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दे रहे थे। रिपोर्ट्स ये पूरा सिंडिकेट सरकार के इशारों पर ही चलता रहा। तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा को भी इसकी जानकारी थी और कथित तौर पर कमीशन का बड़ा हिस्सा आबकारी मंत्री कवासी लखमा के पास भी जाता था।
ज्ञात हो कि इस मामले को लेकर 2161 करोड़ के शराब घोटाले के मामले में ACB ने 70 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। FIR में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा का नाम भी FIR में शामिल है, जिन्हें हर महीने 50 लाख दिया जाता था।
सादगी से होगा राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन
पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से शोक, आयोजन में कई बदलाव हुए
रायपुर गुरुवार सायं देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन के बाद अब रायपुर में आयोजित होने वाली 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2024 के कार्यक्रम में भी बदलाव हुए हैं। वनवासी विकास समिति द्वारा आयोजित की जा रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के विभिन्न कार्यक्रम रद्द किए गए हैं। डॉ मनमोहन सिंह जी के निधन के बाद देश में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है, जिसके बाद राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता की स्वागत समिति ने भी तय किया है कि प्रतियोगिता के दौरान होने वाली विशाल खेल ज्योति यात्रा, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मातृहस्त भोजन एवं प्रदर्शनी जैसे सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।
इस कार्यक्रम के उद्घाटन को भी सादगीपूर्ण एवं औपचारिक तरीके से करने का निर्णय लिया गया है। समय में बदलाव करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी को श्रद्धांजलि देने के बाद अब दोपहर 3 बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन किया जाएगा। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन के चलते प्रतियोगिता के समापन को भी सामान्य एवं औपचारिक रखा गया है।
गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है, जिसमें 25 प्रान्तों के 800 से अधिक जनजातीय खिलाड़ी तीरंदाजी एवं फुटबॉल के खेल में भाग लेने आये हैं। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्था भव्य एवं अभूतपूर्व रखी गई थी, किंतु डॉ मनमोहन सिंह के दिवंगत होने की खबर मिलते ही कार्यक्रम की पूरी रचना में परिवर्तन कर अब इसे सामान्य एवं औपचारिक रखने का निर्णय लिया गया है।
बीएड प्रशिक्षित शिक्षकों के साथ भाजपा सरकार अन्याय कर रही : दीपक बैज
रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार बीएड प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों के साथ अन्याय कर रही है। भले ही इन शिक्षकों की नौकरी पर संकट तकनीकी रूप से अदालती निर्णय के कारण आया है लेकिन सरकार चाहे तो इस समस्या का तत्काल निराकरण कर सकती है। सरकार के पास शिक्षा विभाग में ही अनेकों ऐसे पद है जहां समान वेतनमान पर इन 2897 शिक्षकों की नियुक्ति की जा सकती है। प्रयोगशाला सहायक, उच्च श्रेणी शिक्षकों के रूप में इनकी नियुक्तियां की जा सकती है। वर्तमान शिक्षा विभाग में 70 हजार पद रिक्त है। 33000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया सरकार रोक कर रखी हैं।
इन पदों पर इन शिक्षकों को समायोजित किया जा सकता है। सरकार इनके मामले में तत्काल निर्णय लेकर इनका समायोजन करे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के 2897 सहायक शिक्षक अपनी नौकरी बचाने के लिये आंदोलनरत है, धरने पर बैठे है सरकार है कि इस मामले में कोई निर्णय नहीं ले रही है। बीएड प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों की नौकरी बचाने सरकार के पास अनेकों विकल्प है, विभागीय डीएड परीक्षा का आयोजन भी करवा कर नौकरी यथावत बरकरार रख सकती है सरकार लेकिन इस सरकार की नीयत ठीक नहीं है। भाजपा सरकार नौकरी छीनने वाली सरकार है। इन शिक्षकों को सरकार ने भर्ती निकाल कर प्रक्रिया पूरी करने के बाद नियुक्ति दिया था।
अब अदालत के निर्णय के बाद गतिरोध आ रहा है तो सरकार इस मामले का समाधान निकाल डीएड प्रशिक्षित शिक्षकों के लिये अलग भर्ती निकाले तथा इन पहले से नियुक्ति पा चुके 2897 शिक्षकों की सेवा आगे सुनिश्चित रखने की व्यवस्था करें। इन शिक्षकों की भर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान ही हुआ था, ऐसा नहीं है भाजपा सरकार बनने के बाद भी तीसरी और चौथी काउंसलिंग 9 फरवरी 2024 तथा 7 मार्च 2024 को हुई थी तथा इनकी नियुक्तियां हुई थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इस मामले प्रभावित अधिसंख्यक शिक्षक बस्तर और सरगुजा संभाग के है तथा दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ है। 2897 में से 70 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति वर्ग से आते है। यह इन के भविष्य का सवाल है। सरकार इनके मामले में सहानुभूति पूर्वक निर्णय करें।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अम्बेडकर अस्पताल में ओपन हार्ट सर्जरी की सुविधा प्रारंभ
रायपुर । छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के हार्ट सर्जरी विभाग के कुशल डॉक्टरों की टीम ने 50 वर्षीय महिला की सफल ओपन हार्ट सर्जरी कर मरीज को नया जीवन दिया है। हार्ट सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू के नेतृत्व में यह सफल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद महिला की हालत ठीक है तथा वह अभी डॉक्टरों की देखरेख में है।
मरीज का वाल्व रिप्लेसमेंट हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य के निवासियों को नए वर्ष के आगमन पर ओपन हार्ट सर्जरी सुविधा की शुरुआत के लिए अस्पताल प्रबंधन को अपनी तरफ से शुभकामनाएं दी हैं। जायसवाल ने कहा है कि बहुत जल्द ही यहां बाईपास सर्जरी की शुरुआत भी होगी। महासमुंद निवासी 50 वर्षीय महिला मरीज को लगभग तीन साल से सांस फूलने की शिकायत थी। थोड़ा भी काम करने से हृदय की धड़कन बढ़ जाती थी जिसे हार्ट पल्पिटेशन कहा जाता है। अपनी इन्हीं समस्याओं के साथ महिला अम्बेडकर अस्पताल के एडवांस्ड कार्डियक इंस्टीट्यूट के हार्ट सर्जरी विभाग में डॉ. कृष्णकांत साहू के पास पहुंची। उन्होंने मरीज की पूरी जांच की।
जाँच में पता चला कि हार्ट के वाल्व में सिकुड़न है और एक वाल्व में लीकेज है। हार्ट का वाल्व इतना सिकुड़ गया था कि इनको डॉक्टर ने 3 साल पहले ही ऑपरेशन की सलाह दी थी मगर ओपन हार्ट सर्जरी का नाम सुनकर मरीज तथा उसके परिवार के लोग घबरा गए और उस वक्त उन्होंने ओपन हार्ट सर्जरी करवाने से मना कर दिया फिर उसके बाद समस्या बढ़ती गई और मरीज पुन: एक बार फिर डॉ. कृष्णकांत साहू के पास पहुंची, जहां पर उन्होंने ने महिला को ओपन हार्ट सर्जरी से संबंधित सभी जानकारी दी। उनकी काउंसलिंग की। सर्जरी के पश्चात स्वास्थ्य में होने वाले सुधार के बारे में विस्तार से बताया।
डॉ. कृष्णकांत साहू ने मरीज की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर को केस की गंभीरता तथा ओपन हार्ट सर्जरी की आवश्यकता के बारे में बताया। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल के निर्देश पर तत्काल कार्डियक एनेस्थेटिस्ट, परफ्यूजनिस्ट तथा अन्य मानव संसाधन की व्यवस्था की गई । अंततः 26 दिसंबर को मरीज की ओपन हार्ट सर्जरी की गई तथा मरीज के हृदय में कृत्रिम वाल्व का प्रत्यारोपण किया और एक वाल्व को रिपेयर किया।
इस ऑपरेशन को मेडिकल भाषा में माइट्रल वाल्व रिप्लेसमेंट बाय यूजिंग बाईलीफलेट मैटेलिक प्रोस्थेटिक वाल्व प्लस ट्राईकस्पिड वाल्व रिपेयर अंडर हार्टलंग मशीन कहा जाता है। डॉ. कृष्णकांत साहू ने मरीज की वर्तमान हालत के संबंध में जानकारी देते हुए बताया की मरीज ने आज सुबह का नास्ता, दोपहर का लंच तथा रात का खाना अपने हाथों से खाया। मरीज की हालत में लगातार सुधार है। मरीज का ऑपरेशन करने वाली टीम में हार्ट सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू, कार्डियक एनेस्थेटिस्ट डॉ. वरुण, परफ्यूजनिस्ट राहुल और डिगेश्वर तथा नर्सिंग स्टाफ में राजेंद्र, नरेंद्र एवं चोवा राम शामिल रहे।
छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों को न्यू ईयर का गिफ्ट
रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने नववर्ष के पहले ही लाखों कर्मचारियों को तोहफा दिया है। सरकार ने कर्मचारियों के मासिक भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसे लेकर वित्त विभाग ने आदेश भी जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि कर्मचारियों के मासिक भत्ते में बढ़ोतरी से उनका कामकाज और बेहतर हो सकेगा। विभिन्न सरकारी कर्मचारियों के यात्रा भत्ते की मासिक दरों में तीन गुने से ज्यादा बढ़ोतरी की है।
जानकारी के अनुसार संशोधित भत्ते के लिए राजस्व निरीक्षकों, विक्रय अमीन, सहायक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (ग्राम सेवक), सहायक विस्तार अधिकारी, पशु चिकित्सा के क्षेत्र सहायक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के हैंड पंप तकनीशियनों को शामिल किया गया है। इन्हें वर्तमान दर 350 रुपये प्रति माह को संशोधित कर 1,200 रुपये प्रति माह भत्ता दिया जाएगा।
इसके साथ ही जिला और तहसील स्तर के राजस्व विभाग के भृत्य एवं जमादार, वन विभाग और राजस्व विभाग के चेन मैन, न्यायिक एवं वाणिज्यिककर विभाग के प्रोसेस सर्वर और ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत पटवारियों की वर्तमान दर 300 रुपये प्रति माह में संशोधन कर 1,000 रुपये प्रति माह यात्रा भत्ता दिया जाएगा। यह संशोधन कर्मचारियों के कामकाज को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन…
रायपुर । छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। ईडी की टीम ने शराब घोटाला मामले में शनिवार सुबह रायपुर में पूर्व मंत्री कवासी लखमा घर पर छापा मारा। लखमा के धरमपूरा स्थित घर पर अधिकारियों की फौज पहुंची।
इस दौरान भारी संख्या में सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद रहे, जिन्होंने लखमा के निवास को घेरा लिया। इसी तरह, सुकमा में कवासी लखमा के बेटे हरीश लखमा सहित कई कांग्रेसी नेताओं के घर ED की कार्रवाई जारी है।
साथ ही सुकमा नगर पालिका अध्यक्ष राजू साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी और एक ठेकेदार के घर भी ईडी का एक्शन जारी है।
इनके यहां पड़ा छापा
राज्य के पूर्व आबकारी मंत्री व कांग्रेस नेता कवासी लखमा
उनके पुत्र व सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष् हरीश कवासी
सुकमा नगर पालिका अध्यक्ष राजू साहू के सुकमा व रायपुर के ठिकानों पर