छत्तीसगढ़ / रायपुर
मुख्यमंत्री श्री साय सिखों के दशम गुरु गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती समारोह में हुए शामिल
प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की दी शुभकामनाएँ
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के पण्डरी स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु गोबिंद नगर पहुँचकर सिखों के 10वें गुरू और खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती पर आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारा में मत्था टेककर गुरुग्रंथ साहिब की परिक्रमा की, साथ ही संकीर्तन में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने सिख समाज सहित प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को शॉल एवं कृपाण भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
आचार्य चाणक्य स्मृति दिवस पर व्याख्यान एवं विप्र विधायक सम्मान
छत्तीसगढ़ के खनन क्षेत्र में रोजगार की उपलब्धता, दिला रही राज्य के युवाओं को पलायन के दंश से राहत
61 लाख 28 हजार राशन कार्डधारियों ने किया नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन
25 फरवरी तक नवीनीकरण कार्य किए जाएंगे
रायपुर, छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का कार्य 25 जनवरी से जारी है। 17 फरवरी की स्थिति में 61 लाख 28 हजार 959 राशन कार्डधारियों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग द्वारा दी गई, ऑनलाइन सुविधा का लोग भरपूर लाभ उठा रहे हैं और स्वयं अपने मोबाइल से खाद्य विभाग के एप के जरिये राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं।
गौरतलब है कि राशनकार्ड नवीनीकरण का कार्य 25 फरवरी 2024 तक किया जा रहा है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग के द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाईल एप्प तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही द्वारा खाद्य विभाग की वेबसाइटhttp://khadya.cg.nic.inसे डाउनलोड किया जा सकता है। राशनकार्डधारी अपने मोबाईल में इस एप्प के जरिए नवीनीकरण के लिए इलेक्ट्रानिक आवेदन ऑनलाईन प्रस्तुत कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्राईड मोबाईल नहीं है अथवा जहां पर मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर ऑनलाईन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डों के नवीनीकरण हेतु इलेक्ट्रानिक आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा भी दी जा रही है।
अवैध खनन: 6 चैन माउंटेड मशीन सहित 57 वाहन जब्त
रायपुर । कलेक्टर चंदन कुमार के मार्गदर्शन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में खनिजों के अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरूद्ध कार्रवाई का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कलेक्टर के मार्गदर्शन में बीते 15 फरवरी को जिला खनिज टास्क फोर्स ने कई इलाकों में दबिश देकर रेत के अवैध खनन में लगे चैन माउण्टेड मशीन और वाहन जब्त किए। जिला खनिज टॉस्क फोर्स में राजस्व विभाग, खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे। टॉस्क फोर्स ने रेत, मुरुम, चूना पत्थर के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलग्न 51 वाहनों और 6 चैन माउण्टेड मशीनों को जब्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार बलौदाबाजार ने खनिज रेत के अवैध परिवहन कर रहे 22 वाहनों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। इसी तरह पलारी तहसील अंतर्गत ग्राम दतान (ख) में रात्रि में रेत के अवैध उत्खनन में संलग्न 2 चैन माउन्टेड मशीन एवं 3 हाईवा को नदी में रेत भराई के दौरान जब्त किया।
इसी प्रकार कसडोल तहसील अंतर्गत ग्राम भदरा में रात्रि में रेत के अवैध उत्खनन में संलग्न 3 चैन माउन्टेड मशीन को तथा ग्राम भदरा एवं सिनोधा में रेत से भरी 8 हाईवा को जब्त कर कसडोल थाने के सुपर्द किया गया है। छापामार कार्रवाई के दौरान तहसीलदार लवन ने रेत से भरी 8 हाईवा, खनिज विभाग की टीम ने 4 हाईवा जब्त कर थाना लवन में सुरक्षार्थ रखा गया है। तहसीलदार टुण्ड्रा एवं भाटापारा के द्वारा 3-3 वाहनों पर अवैध परिवहन का प्रकरण तथा मुरुम के अवैध खनन में प्रयुक्त हो रहे चैन माउण्टेड मशीन जब्त किया गया है। जब्त मशीनों और वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई की गई है।
विशेष पिछड़ी जनजातियों की बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री श्री साय का विशेष पिछड़ी जनजाति के विकास पर है विशेष जोर
बजट में 300 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में तैयार किये गये बजट में विशेष पिछड़ी जनजाति के सदस्यों के लिए 300 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। इस बजट प्रावधान से छत्तीसगढ़ में रह रहे बिरहोर, पहाड़ी कोरवा, बैगा, कमार और अबूझमाड़िया लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल पाएगा। घास-फूस के घरों की जगह वे पक्के घरों में रह सकेंगे। पेयजल की अच्छी सुविधा होगी। अभी अधिकांश विशेष पिछड़ी जनजाति की बस्तियों में पानी दूर से लाना होता है। कई बार इस जनजातीय समुदाय के लोग झिरिया आदि से पानी पीते हैं। अशुद्ध पेयजल की वजह से बीमारियां पनपती हैं।
देश में पहली बार इन विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना बनाई गई। यह योजना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु से शुरू की थी। छत्तीसगढ़ में इस योजना पर तेजी से क्रियान्वयन हो रहा है और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस पर सीधी नजर रख रहे हैं। बीते माह मुख्यमंत्री ने रायगढ़ जिले में बिरहोर बस्तियों का दौरा भी किया। उन्होंने यहां प्रधानमंत्री जनमन योजना के क्रियान्वयन की स्थिति देखी। मुख्यमंत्री ने इन बस्तियों में रहने वाले लोगों से संवाद भी किया। इन बस्तियों में रहने वाले लोगों को योजनाओं का लाभ मिलते रहे, इसके लिए लगातार कैंप लगाये जा रहे हैं। विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए 300 करोड़ रुपए का बजट उपलब्ध हो जाने से अब इन इलाकों में तेजी से विकास हो सकेगा। यह योजना इसलिए भी आवश्यक थी क्योंकि इन जनजातियों का भौगोलिक परिवेश बहुत कठिन है। जहां पर बस्तियां बसी हैं वहां तक पेयजल की सुविधा उपलब्ध करा पाना तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं दे पाना चुनौती होती थी लेकिन मुख्यमंत्री श्री साय के दृढ़ संकल्प के आगे रास्ता आसान हो गया है।
जनमन योजना के माध्यम से न केवल बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं अपितु इनके लिए रोजगार के अवसर भी इसके माध्यम से सृजित किये जा रहे हैं। सरगुजा और बस्तर की ओर फोकस की सरकार की नीति भी इन अवसरों को बढ़ाने की दिशा में काफी उपयोगी होगी। स्थानीय उद्यमशीलता को बढ़ावा देकर इन जनजातियों के लिए रोजगार सृजन हो सकेगा। इन योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने के लिए जनमन मित्र तथा सखी विशेष रूप से उपयोगी साबित हुए हैं। वे घर-घर जाते हैं पीवीटीजी से उनकी भाषा में बात करते हैं। सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हैं और फार्म भी भरवाते हैं। इसके बाद वे प्रशासनिक अधिकारियों के समन्वय से इन योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को देना सुनिश्चित कराते हैं।
‘रक्षाबंधन’ पर्व पर सामान्य अवकाश के स्थान पर सार्वजनिक अवकाश घोषित
रायपुर, 17 अगस्त 2024
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय द्वारा अधिसूचना के अनुसार 19 अगस्त रक्षाबंधन पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने 19 अगस्त 2024, सोमवार को ‘रक्षाबंधन’ पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य में पूर्व में सामान्य अवकाश घोषित किया गया था। नवीन अधिसूचना के अनुसार अब 19 अगस्त सोमवार को रक्षाबंधन पर्व पर छत्तीसगढ़ में निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 11 अक्टूबर 2023 जारी अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए यह अधिसूचना जारी की गई है।
छत्तीसगढ़ में डॉक्टरों की हड़ताल: रायपुर, जगदलपुर, कोरबा व जीपीएम में प्रदर्शन
रायपुर । कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई जिसको लेकर देशभर आक्रोश है। डॉक्टर सुरक्षा को लेकर काम बंद कर हड़तााल पर चले गए हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी है। हड़ताल की वजह से ज्यादातर सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बिगड़ने लगी है। इलाज के लिए मरीजों की लाइनें लग रही है तो वहीं परिजन भी परेशान हो रहे हैं। ऐसे में सिविल अस्पतालों में OPD बंद रहेगी। जिस वजह से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
बताया गया कि, कोलकाता में हुई घटना के विरोध में गैर-आपातकालीन सेवाओं को बंद रखने की घोषणा गई है। वहीं बताया गया कि, इमरजेंसी छोड़कर सभी सेवाएं 36 घंटे के लिए बंद रहेगी। इसी के साथ ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आवाहन में छत्तीसगढ़ के डॉक्टरों ने भी 24 घंटे की हड़ताल करने की घोषणा की है। इसके पहले कल यानी शुक्रवार को एम्स के डॉक्टरों ने हड़ताल किया। डॉक्टरों के हड़ताल में रहने के कारण ओपीडी प्रभावित हुई। फैकल्टी एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि, हम भी पूरे देश के अपने सहयोगियों के साथ एकजुटता में खड़े हैं। इस जघन्य कृत्य की निंदा करते हैं। अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि त्वरित कार्रवाई कर न्याय सुनिश्चित करें और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
जगदलपुर में शनिवार की सुबह मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया। जूडा अध्यक्ष डॉक्टर प्रशांत का कहना था कि इस हड़ताल में स्टॉफ नर्स और टेक्नीशियन भी शामिल रहेंगे, कोलकाता में घटित घटना और मेडिकल फील्ड से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर यह प्रोटेस्ट किया जा रहा है। जनरल सर्जन मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर अंतरा का कहना था कि ओपीडी से लेकर सभी सेवाए बंद रखा गया है, इस आंदोलन को बस्तर जिला दवा विक्रेता संघ, डेंटिस्ट एसोसिएशन और कई सामाजिक संगठनों ने भी घटना की तीव्र निंदा करने के साथ ही समर्थन भी दिया है।
कोरबा में भी डॉक्टरों की हड़ताल
कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज टीचर एसोसिएशन के द्वारा जिला मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने भी विरोध प्रदर्शन किया। जहां जिला मेडिकल कॉलेज परिसर पर सभी एकत्रित होकर काला फीता लगाकर काले कपड़े में नजर आए, उन्होंने विरोध स्वरूप एकत्रित होकर अपनी बातें रखी। डॉक्टरों की माने तो आज वह काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं वही सभी हड़ताल पर रहेंगे केवल आपातकालीन सेवाएं देंगे।
डॉक्टरों की माने तो मेडिकल प्रोडक्ट के तहत जो प्रावधान है उसमें कड़ाई से नियम बनाया गया है उसे तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए। कोलकाता में हुए नर्स के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं जो उसके साथ घटना घटी है वह किसी के साथ ना हो।
डॉक्टर टीचर्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी अनमोल मिंज ने बताया कि जिला मेडिकल कॉलेज में 132 डॉक्टर हैं जो आज सामूहिक अवकाश पर रहेंगे केवल आपातकालीन सुविधा दी जाएगी। कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज में भी डॉक्टर के साथ मारपीट और गाली गलौज जैसी घटना घट चुकी है। इसे लेकर उन्होंने विरोध प्रदर्शन भी किया था और इसकी शिकायत भी की गई थी इन सब बातों को लेकर वह आज फिर प्रदर्शन कर रहे हैं।
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही में डॉक्टरों का प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में बीते दिनों हुए लेडी डॉक्टर के साथ हुए कृत के विरोध में आज गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले के चिकित्सकों ने भी अपना समर्थन देते हुए एक घण्टे का विरोध प्रदर्शन किया है।। साथ ही मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही और चिकित्सको की सुरक्षा की मांग की है। दरअसल 9 अगस्त को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मेडिकल कालेज के एक लेडी डाक्टर के साथ रेप हुआ था। मामले में आरोपियों के द्वारा लेडी डॉक्टर को बेरहमी मारपीट की भी बात सामने आई थी घटना के विरोध में आज गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के डाक्टरो ने समर्थन करते हुए आज एक घंटे का हड़ताल किया। वहीं डाक्टरों ने प्रशासन से मांग की है की डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए पुलिस की व्यवस्था की जाए जिससे वह सुरक्षित महसूस कर सकें।
फोटो प्रदर्शनी में मिल रही ज्ञानवर्धक जानकारी, क्विज में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे बच्चे
रायपुर । कचहरी चौक स्थित टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आजादी की 78 वीं वर्षगांठ पर छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी का अवलोकन आम नागरिक महाविद्यालय के विद्यार्थियों और स्कूली बच्चें उत्साह पूर्वक कर रहे हैं। रायपुर के बी.पी. पुजारी स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, पी.जी.उमाठे स्वामी आत्मानंद शासकीय स्कूल रायपुर एवं अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई थी। जिसमें लगभग 100 बच्चों ने बढ़ चढ़कर कर भाग लिया। बच्चों को प्रदर्शनी के माध्यम से ज्ञानवर्धक बातें भी बताई जा रही है। ताकि बच्चों को आगे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने में आसानी हो क्विज के माध्यम से इतिहास, संस्कृति, अंग्रेजी, कृषि और रायपुर के प्रसिद्ध जगह और अन्य महत्वपूर्ण विषय के संबंध में प्रतियोगिता में प्रश्न पूछे गए और सही जवाब देने वाले बच्चों को तुरंत इनाम देकर पुरस्कृत भी किया गया।
छाया चित्र का अवलोकन कक्षा 12वीं की प्रिया मसीह, शेख सानिया, नोसिन, यश साहू, सेजल चंद्राकर, राखी साहू, लक्ष्मी साहू, प्रतिभा, यश साहू, जतिन आदि छात्र एवं छात्राओं ने बताया की आज उनको प्रर्दशनी देखर बहुत अच्छा लगा। जिसमें भारत के छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का परिचय सहित फोटो प्रदर्शनी देखकर छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी मिली।
विद्यार्थियों ने बताया कि छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से बहुत सारी ज्ञानवर्धक जानकारी मिल रही है। अन्य साथियों को भी इसकी जानकारी देंगे ताकि वे भी इसका लाभ उठा सकें। कक्षा 12वीं की शेख सानिया, राखी साहू, लक्ष्मी साहू एवं यश साहू, जतिन एवं अन्य विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लिया। प्रर्दशनी का श्रीमती आशा राठौर, अरविंद अग्रवाल एवं अन्य शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों ने भी अवलोकन किया।
दिव्य कला मेले में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं ऋण स्वीकृति पत्र किए गए वितरित
दिव्य कला मेले में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं ऋण स्वीकृति पत्र किए गए वितरित
रायपुर, 17 अगस्त 2024
राजधानी में आयोजित दिव्य कला मेले में मुख्य अतिथि केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री श्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारत सरकार की संस्था एलिम्को द्रारा दिव्य कला मेले में दिव्यांगजन को प्रोत्साहित करने के लिए टोकन के रूप में सहायक उपकरण वितरित किए गए। जिसमे बलौदाबाजार जिला के 4 दिव्यांगजनों श्री संतोष यादव, श्री पुष्पराज पुरेना, श्री धनंजय देवांगन, सुश्री रामसीला पटेल को मोटराइज्ड ट्राई सायकल और रायपुर के श्री देवांश शर्मा को व्हील चेयर प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान 11 दिव्यांगजनो को टोकन के रूप में ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिसमें रायपुर जिले के श्री रोहित कुमार वर्मा को ट्रैक्टर बाहर व्यवसाय हेतु 8 लाख 44 हजार रुपए, ई रिक्शा वाहन क्रय व्यवसाय के लिए क्रमशरू श्री सेवाराम साहू को 1 लाख 57 हजार रुपए, श्री चंदन गिलहरे को 3 लाख 44 हजार रुपए, बालादास मानिकपुरी को 2 लाख 79 हजार रुपए, बेमेतरा के श्री भूपेन्द्र सिंहा टेंट हाउस व्यवसाय के लिए 60 लाख 50 हजार रूपये, दंतेवाड़ा के श्री विक्रम सोनी को सेंट्रिंग प्लेट व्यवसाय के लिए 8 लाख 50 हजार रूपये, ट्रेक्टर-ट्रॉली कृषि सेवा हेतु जशपुर जिले के श्री अशोक यादव 7 लाख 52 हजार रूपये और श्री धनेश्वर यादव को 10 लाख 88 हजार रूपये, बलौदाबाजार जिले के श्री मनोज कुमार वर्मा को मेडिकल व्यवसाय के लिए 8 लाख 50 हजार रूपए, बलरामपुर की श्रीमती प्रतिमा जायसवाल को रेडिमेंट गारमेंट व्यवसाय हेतु 5 लाख रूपए, गौरेला-पेड्रा-मरवाही श्री गणपत कश्यप को किराना दुकान व्यवसाय हेतु 4 लाख 25 हजार रूपए की ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान की गई। ऋण स्वीकृति पत्र दिए जाने वाले इन दिव्यांगों में अस्थि बाधित, दृष्टि बाधित एवं मूक बधिर दिव्यांग शामिल है।
कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।
दिव्य कला मेला में मुख्यमंत्री श्री साय को पैरा शिल्प से निर्मित पोर्ट्रेट भेंट की गई
रायपुर, 17 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री श्री साय को राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आयोजित दिव्य कला मेला में कलाकार सुश्री हीरा धृतलहरे ने अपने हाथों से बनाई पैरा शिल्प पोर्ट्रेट भेंट की। सुश्री हीरा की भेंट पाकर मुख्यमंत्री ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सुश्री हीरा से कहा कि उनके पास पैरा शिल्प स्केच बनाने का अनूठा हुनर है और खूब अभ्यास कर इसको निखारना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रैक्टिस से परफेक्शन आता है, उसकी बारीकियाँ पता चलती है। लगातार प्रैक्टिस करके वो एक अच्छी शिल्पी बनकर देश-दुनिया में अपना और अपने प्रदेश का नाम रोशन कर सकती है।
विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में मॉडल बने लोरमी - श्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री ने लोरमी के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर में लोरमी के विकासखण्ड और तहसील स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की प्रगति और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में अधिकारियों से कहा कि लोरमी के विकास और वहां के नागरिकों को खुशहाल बनाने के लिए मैं भी आपकी टीम का हिस्सा हूं। हम सब मिलकर क्षेत्र का तेजी से विकास करेंगे और जन आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में लोरमी प्रदेश में नज़ीर बने, ऐसा काम हम सबको मिलकर करना है।
उप मुख्यमंत्री साव ने बैठक में कहा कि हम सबको मिलकर लोरमी की समस्याओं को दूर करना है। क्षेत्रवासियों को सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोरमी के लोगों के लिए नई कार्ययोजनाएं तैयार करें और उन्हें गंभीरता से अमलीजामा पहनाएं। उन्होंने लोक सेवक के तौर पर नागरिकों से अच्छा व्यवहार रखने और उनकी समस्याओं का तत्परता से निराकरण करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की के वे अच्छे कार्यों से अपनी पहचान बनाएं। अपने विभाग और खुद की प्रतिष्ठा बढ़ाएं। लोरमी में हो रहे कार्यों का दूसरे विकासखण्ड और तहसील अनुसरण करें, ऐसा काम करें।
साव ने बैठक में लोरमी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सहित सभी विभागों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने लोरमी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को शहर में नगर पालिका के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने को कहा। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को सिंचाई और घरेलू उपयोग के लिए क्षेत्र में पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साव ने जिला खाद्य अधिकारी को अचानकमार क्षेत्र में बारिश के दिनों में पर्याप्त राशन का भंडारण करने को कहा। उन्होंने पीडीएस दुकानों की संख्या बढ़ाने के साथ ही सभी दुकानों की व्यवस्था जांचने के भी निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री साव ने श्रम विभाग के अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए निर्देशित किया। उन्होंने संगठित क्षेत्र और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीकरण और योजनाओं की जानकारी देने शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने इन शिविरों में श्रमिकों को अन्य विभागों की योजनाओं की भी जानकारी देने को कहा। साव ने जनपद पंचायत कार्यालय में हेल्प-डेस्क स्थापित कर लोगों को अपेक्षित जानकारियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुंगेली जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम जी.एल. यादव, तहसीलदार शेखर पटेल, एसडीओपी माधुरी धिरही, जनपद पंचायत के सीईओ चंद्रकुमार धृतलहरे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लालजी चन्द्राकर, बीएमओ डॉ. जी.एस. दाऊ और बीईओ डी.एस. राजपूत सहित सभी विभागों के अधिकारी बैठक में मौजूद थे।
कोरबा-अंबिकापुर रेलवे लाइन को मंजूरी, बीजापुर भी जुड़ेगा रेल नेटवर्क से
रायपुर । छत्तीसगढ़ में रेल विकास को नई गति मिलने जा रही है। रेलवे ने राज्य की दो महत्वपूर्ण नई रेल परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है, जिसमें कोरबा से अंबिकापुर और बस्तर के बीजापुर को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाले प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर इस खुशखबरी की जानकारी साझा की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि "विष्णु के सुशासन में छत्तीसगढ़ के लिए खुशख़बरियों का दौर जारी है। अब सुदूर आदिवासी ज़िला बीजापुर भी रेलवे लाइन से जुड़ेगा। केंद्र सरकार द्वारा कोरबा से अंबिकापुर रेलवे लाइन को भी मंजूरी मिल गई है।"
मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के फायदे का परिणाम बताया और कहा कि अब बीजापुर भी तेजी से विकास की पटरी पर दौड़ेगा।
रेल मंत्रालय द्वारा मंजूर की गई पहली परियोजना महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से छत्तीसगढ़ के बचेली तक की 490 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन है, जो बीजापुर से होकर गुजरेगी। दूसरी परियोजना कोरबा से अंबिकापुर के बीच 180 किलोमीटर की रेलवे लाइन की है। इसके सर्वे और डीपीआर निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 16.75 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
BTI मैदान में दिव्य कला मेले का आगाज : छत्तीसगढ़ में बनेगा दिव्यांग पार्क, सांसद बृजमोहन की मांग पर केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने की घोषणा
रायपुर. मुख्यमंत्री साय ने आज राजधानी के बीटीआई ग्राउंड में दिव्य कला मेले का शुभारंभ किया. कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार भी शामिल हुए. उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल की मांग पर 5 एकड़ में दिव्यांग पार्क बनाने की घोषणा की.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि सामाजिक और न्याय अधिकारिता मंत्रालय ने दिव्य कल मेला का आयोजन किया है. केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार लगातार 8 बार सांसद रहे हैं. सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी अपराजेय योद्धा हैं. 8 बार विधायक के बाद पहली बार में सांसद बने हैं. सीएम ने कहा, दिव्यांगजनों को पहले विकलांग कहते थे वह अच्छा नहीं लगता था. प्रधानमंत्री ने दिव्यांग लोगों का सम्मान बढ़ाया, अब दिव्यांग कहने से अच्छा लगता है. मेले में लगे स्टाल का भ्रमण किए हैं. दिव्यांग कला मेला 7 दिनों तक चलने वाला है. जनता से आग्रह है कि वह मेला आएं और दिव्यांगों का उत्साह बढ़ाएं. दिव्यांगजन को आत्मनिर्भर बनाने लोन व्यवस्था होती है. समाज कल्याण विभाग की ओर से लोन उपलब्ध करया जा रहा है.
केंद्रीय सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, दिव्यांगों को पहले तरह तरह के नाम से बुलाया जाता था. दिव्यांगों के आरक्षण को 4 प्रतिशत किया गया. सुगम्य भारत अभियान प्रारंभ किया गया. बृजमोहन अग्रवाल हमारे साथ बोर्ड में शामिल थे. 16 दिव्यांग कला मेला का आयोजन अलग-अलग शहरों में हुआ है. दिव्य कला शक्ति का आयोजन राष्ट्रपति भवन से प्रारंभ किया गया था. दिव्य कला शक्ति का देशभर में 12 कार्यक्रम का आयोजन हुआ है. उन्होंने कहा, दिव्यांगों को आर्थिक, सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है. कार्यक्रम का उद्देश्य है कि दिव्यांग उद्यमियों को अपने उत्पाद की बिक्री के लिए एक प्लेटफॉर्म मिले. बृजमोहन अग्रवाल की मांग को स्वीकृति देते हुए केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा, छत्तीसगढ़ में 5 एकड़ जमीन में दिव्यांजनों के लिए दिव्यांग पार्क बनाया जाएगा.
छत्तीसगढ़ में अब तक 788.3 मि.मी. औसत वर्षा
रायपुर । राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 788.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 1 जून से 17 अगस्त सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1711.6 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 424.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 751.4 मिमी, बलरामपुर में 1128.3 मिमी, जशपुर में 613.4 मिमी, कोरिया में 777.4 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 788.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
इसी प्रकार, रायपुर जिले में 677.0 मिमी, बलौदाबाजार में 821.1 मिमी, गरियाबंद में 755.8 मिमी, महासमुंद में 567.9 मिमी, धमतरी में 726.3 मिमी, बिलासपुर में 708.1 मिमी, मुंगेली में 779.7 मिमी, रायगढ़ में 686.1 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 444.3 मिमी, जांजगीर-चांपा में 779.5 मिमी, सक्ती 653.3 मिमी, कोरबा में 985.7 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 749.5 मिमी, दुर्ग में 502.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 626.7 मिमी, राजनांदगांव में 831.6 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी में 924.0 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 585.2 मिमी, बालोद में 848.3 मिमी, बेमेतरा में 456.2 मिमी, बस्तर में 865.1 मिमी, कोण्डागांव में 795.2 मिमी, कांकेर में 1036.5 मिमी, नारायणपुर में 920.4 मिमी, दंतेवाड़ा में 1004.2 मिमी और सुकमा जिले में 1089.5 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।
सीएम साय और केन्द्रीय मंत्री ने दिव्य कला मेला का किया उद्घाटन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड पहुंचे।
केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित ‘‘दिव्य कला मेला‘‘ के उद्घाटन समारोह में होंगे शामिल।
दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अनूठी पहल
देश भर के दिव्यांग उद्यमियों कारीगरों के उत्पादों और शिल्प कौशल को प्रदर्शित किया जाएगा
मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पसंदीदा व्यंजनों का भी आनंद भी लिया जा सकेगा
कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के घर पर पहुंची पुलिस
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार कलेक्टर कार्यालय में आग लगाए जाने की घटना के बाद वहां की पुलिस शनिवार को दूसरी बार भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची है।
बता दें कि बलौदाबाजार कलेक्टर ऑफिस का घेराव करने के लिए सतनामी समाज कुछ माह पूर्व पहुंचा था। उस दौरान लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कलेक्टर ऑफिस में आग लगा दी थी। सरकार ने कलेक्टर और एसपी को तत्काल प्रभाव से वहां से हटा दिया था। इसी मामले को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को भी नोटिस दिया गया था, क्योंकि आगजनी की घटना के पूर्व भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी वहां उपस्थित थे।
उनके द्वारा वहां पर भाषण भी दिया गया था। इसे ही आधार बनाकर बलौदाबाजार पुलिस लगातार देवेंद्र यादव को नोटिस पर नोटिस दे रही थी, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। आज जब बलौदाबाजार पुलिस विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर पांच स्थित निवास पर पहुंची तो इसकी जानकारी के बाद उनके समर्थकों को भी हो गई। जिनके द्वारा पुलिस से बहस की गई। इस समय बलौदा बिहार पुलिस देवेंद्र यादव के घर के बाहर इंतजार कर रही है। फिलहाल देवेंद्र यादव अपने घर पर ही है।