छत्तीसगढ़ / रायपुर
राज्यपाल ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों सहित पूरे देशवासियों, सेना के जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल डेका ने अपने संदेश में कहा कि 15 अगस्त को भारत गौरवशाली आजादी के 77 वर्ष पूरा कर रहा है। हमारी आजादी की लड़ाई लंबी और कठिन थी और इसमें असंख्य बहादुर लोगों ने अपना बलिदान दिया। उन समस्त महापुरूषों और बलिदानियों को नमन करते हैं। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस सहित असंख्य सेनानियों ने अपने-अपने तरीकों से भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हमें उन असंख्य सेनानियों के बलिदान को नहीं भूलना चाहिए। इस आजादी को कायम रखने के लिए हमारी सेना के वीर जवानों और पुलिस कर्मियों ने भी अपनी शहादत दी है। उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
राज्यपाल डेका ने युवा पीढ़ी से भी आह्वान किया कि भारत की एकता और अखण्डता को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभायें।
स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री ओपी चौधरी जांजगीर-चांपा में करेंगे ध्वजारोहण
रायपुर । स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी जांजगीर-चांपा में ध्वजारोहण करेंगे तथा मुख्यमंत्री का संदेश वाचन करेंगे। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह सुबह 9.00 बजे जिला मुख्यालय स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर-चांपा में आयोजित होगा।
बंगाल के साथ छत्तीसगढ़ के भी डॉक्टर हड़ताल पर, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
रायपुर । कोलकाता में जूनियर डॉक्टर से रेप और मर्डर के विरोध में छत्तीसगढ़ के जूनियर डॉक्टर्स हड़ताल पर हैं। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल के बाहर करीब 300 जूनियर डॉक्टर्स हड़ताल पर बैठे हैं। इससे ओपीडी सेवाएं ठप हो गई हैं। वहीं जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के बाहर भी कहीब 100 डॉक्टर्स हड़ताल पर हैं, जिससे वार्ड और लैब का काम प्रभावित हुआ है।
देशभर के जूनियर डॉक्टर्स स्वास्थ्य क्षेत्र में सुरक्षा से संबंधित कानून बनाने की मांग कर रहे हैं। घटना के विरोध में डॉक्टर पहले से ही काली पट्टी बांधकर काम कर रहे थे और कैंडल मार्च भी निकाला था। एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह और जनरल सेक्रेटरी नवीन कुमार कोठारी ने मांग की है कि, देशभर में सेंट्रल हेल्थ वर्कर्स एंड हेल्थ एस्टेब्लिशमेंट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। अस्पताल में सीसीटीवी लगे और ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए।
दुर्ग में भी जूडा ने निकाली रैली
इस मामले में दुर्ग जिले में भी जूडा ने अस्पताल के बाहर रैली निकाली। करीब एक घंटे तक जमकर प्रदर्शन किया। मेडिकल स्टाफ ने कोलकाता जूडा रेप और मर्डर का विरोध करते हुए डॉक्टर्स की सुरक्षा की मांग रखी।
3000 से ज्यादा मरीज परेशान
रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में हर दिन अलग-अलग बीमारियों का इलाज कराने के लिए 3000 से ज्यादा मरीज पहुंचते हैं। इन मरीजों का चेकअप जूनियर डॉक्टर ही करते हैं। उनके हड़ताल पर जाने से सारी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अस्पतालों को ‘सेफ जोन’ घोषित करने की मांग
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को लेटर लिखकर देश के अस्पतालों को ‘सेफ जोन’ घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, इस शब्द की परिभाषा कानून में तय की जाए। इसके अलावा सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में पुलिस कैंप और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती करने की मांग की।
एसोसिएशन की ये हैं मांगें
1. इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सजा मिले।
2. अपराध को संभव बनाने वाली परिस्थितियों की विस्तृत जांच हो।
3. कार्यस्थल पर डॉक्टरों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
श्री दिगम्बर जैन महिला मंडल मालवीय रोड रायपुर की कार्यकारणी का गठन
श्री दिगम्बर जैन महिला मंडल मालवीय रोड रायपुर की कार्यकारणी का गठन
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पाठ्य पुस्तक निर्माण शुरू करने वाला पहला राज्य बना छत्तीसगढ़
रायपुर । छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत पाठ्य पुस्तक तैयार करने का कार्य प्रारंभ कर देश का पहला राज्य बनने का गौरव प्राप्त किया है। राज्य स्तरीय पाठ्य पुस्तक लेखन के लिए रायपुर में आयोजित की गई दो दिवसीय कार्यशाला के समापन पर एससीईआरटी के संचालक, राजेंद्र कुमार कटारा ने कहा कि पाठ्य सामग्री का निर्माण ऐसा होना चाहिए जिससे बच्चे अपने जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकें। उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी की पुस्तकों से सीखते हुए, छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा, संस्कृति और स्थानीयता को समाहित किया जाएगा।
एससीईआरटी के संचालक कटारा ने कहा, पुस्तक लेखन का कार्य जनवरी 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। बच्चों और शिक्षकों के लिए उपयोगी किताबों का निर्माण किया जाएगा। कुछ किताबों को एडॉप्ट करने की भी योजना है।’ छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा सचिव, सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा, ‘छत्तीसगढ़ पहला राज्य है जिसने राष्ट्रीय पाठ्यचर्या के अनुरूप राज्य की पाठ्यचर्या बनाई और आगे बढ़कर एनसीईआरटी के साथ तालमेल में पाठ्यपुस्तक निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। अगले वर्ष से कक्षा पहली से तीसरी और छठी की पाठ्यपुस्तकों को बदला जाएगा, जिसकी तैयारी एससीईआरटी ने प्रारंभ कर दी है।
कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रकाशन विभाग एनसीईआरटी, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो ए. के. राजपूत, आरआईई अजमेर के डॉ. पातंजली शर्मा, पंडित सुन्दरलाल शर्मा, केन्द्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान, भोपाल के प्राध्यापकप्रोफेसर वी.एस. मेहरोत्रा, एसोसियेट प्रोफेसर एनसीईआरटी, नई दिल्ली के डॉ. एम.वी.श्रीनिवासन, और एनसीईआरटी नई दिल्ली, एससीईआरटी छत्तीसगढ के संकाय सदस्य एवं प्रतिभागियों ने अपनी अपनी प्रस्तुति दिए और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप पुस्तक लेखन के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यशाला में एनसीईआरटी के विशेषज्ञ, डॉ. नीलकंठ कुमार, डॉ. शरबरी बनर्जी, डॉ. एम. श्रीनिवासन, प्रोफेसर ए.के. राजपूत, और प्रोफेसर वी.एस. मेहरोत्रा ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस कार्यशाला में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, एससीईआरटी के विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य, और अन्य संस्थाओं के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
राज्य में अब तक 762.1 मिमी औसत वर्षा, सर्वाधिक 1698.3 मिमी बीजापुर में
रायपुर । राजस्व-आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 762.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 1 जून से 14 अगस्त सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1698.3 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 389.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।
राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 709.2 मिमी, बलरामपुर में 1060.9 मिमी, जशपुर में 580.4 मिमी, कोरिया में 749.3 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 756.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
इसी प्रकार, रायपुर जिले में 658.7 मिमी, बलौदाबाजार में 790.9 मिमी, गरियाबंद में 735.8 मिमी, महासमुंद में 545.3 मिमी, धमतरी में 706.8 मिमी, बिलासपुर में 695.6 मिमी, मुंगेली में 734.2 मिमी, रायगढ़ में 638.1 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 419.4 मिमी, जांजगीर-चांपा में 720.6 मिमी, सक्ती 611.8 कोरबा में 965.4 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 715.2 मिमी, दुर्ग में 486.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 599.8 मिमी, राजनांदगांव में 813.8 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी में 916.1 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 560.6 मिमी, बालोद में 836.5 मिमी, बेमेतरा में 434.5 मिमी, बस्तर में 839.8 मिमी, कोण्डागांव में 786.5 मिमी, कांकेर में 1005.9 मिमी, नारायणपुर में 914.2 मिमी, दंतेवाड़ा में 999.2 मिमी और सुकमा जिले में 1075.6 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।
स्वतंत्रता दौड़ का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र प्रेम, सौहार्द, एकता-अखंडता को बढ़ावा देना : टंक राम वर्मा
स्वतंत्रता दौड़ में शामिल हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंक राम वर्मा
रायपुर । खेल-युवा कल्याण विभाग ने बुधवार सुबह बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित पंडित चक्रपाणि विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राष्ट्र के प्रति प्रेम, आपसी सौहार्द और एकता एवं अखंडता को बढ़ावा देना इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर उन्होंने दौड़ लगाकर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद तिरंगा फहराने स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सपूतों की भावना का सम्मान करने, देश के विकास और प्रगति के लिए खुद को समर्पित करने समाज में शांति और सद्भावना बनाए रखने की शपथ दिलाई।
स्वतंत्रता दौड़ में पंडित चक्रपाणि, गरूकुल, शाश्वत एवं पंडित लक्ष्मी प्रसाद तिवारी कन्या स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित लगभग 4 सौ से अधिक स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकार गण, अधिकारी-कर्मचारी दौड़ में शामिल हुए। छात्र-छात्राओं के उत्साह वर्धन के लिए मंत्री वर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी एवं पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी लगभग 2 किलोमीटर दौड़ पूरी की। इस दौरान विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही सभी छात्रों को निः शुल्क तिरंगा झंडा एवं वृक्षारोपण हेतु पेड़ का भी वितरण किया गया।
आईपीएस राहुल भगत समेत राज्य के 25 अधिकारियों-जवानों को मिला राष्ट्रपति पदक
रायपुर । वरिष्ठ आईपीएस और मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक देने की घोषणा की गई है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गृह मंत्रालय की तरफ से पदकों की घोषणा की गई। इसमें छत्तीसगढ़ के 25 अधिकारियों और जवानों के नाम शामिल हैं।
सराहनीय सेवा के लिए पदक MEDAL FOR MERITORIOUS SERVICE (MSM)
• राहुल भगत, पुलिस अधीक्षक, छत्तीसगढ़
• सुशील चंद्र द्विवेदी, पुलिस महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़
• राजकुमार मिंज, सहायक पुलिस अधीक्षक, छत्तीसगढ़
• गुरजीत सिंह ठाकुर, पुलिस उपाधीक्षक, छत्तीसगढ़
• प्रशांत श्रीवास्तव, सहायक कमांडेंट, छत्तीसगढ़
• प्रभुलाल कोमरे, कंपनी कमांडर, छत्तीसगढ़
• द्वारिका प्रसाद वर्मा, उप निरीक्षक, छत्तीसगढ़
• धरम सिंह नरेटी, हेड कांस्टेबल, छत्तीसगढ़
• रवीन्द्र कुमार ठाकुर, हेड कांस्टेबल, छत्तीसगढ़
वीरता पदक (जीएम) MEDAL FOR GALLANTRY (GM)
• शिशुपाल सिन्हा इंस्पेक्टर
• निर्मल जांगड़े सब- इंस्पेक्टर
• अमैया चिलमुल हेड कांस्टेबल
• फुला गोपाल हेड कांस्टेबल
• तुलाराम कुहरामी हेड कांस्टेबल
• गोपाल बोड्डू कांस्टेबल
• हेमन्त एंड्रिक कांस्टेबल
• मोती लाल राठौड़ कांस्टेबल
• गोविंद सोडी कांस्टेबल
• सुकारू राम कांस्टेबल
• मुन्ना कड़ती कांस्टेबल
• कृष्णा गली कांस्टेबल
• भीमा कांस्टेबल
• धनीराम कोरसा कांस्टेबल
• कृष्णा ताती कांस्टेबल
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक (पीएसएम) PRESIDENT'S MEDAL FOR DISTINGUISHED SERVICE (PSM)
आनंद सिंह रावत, सहायक कमांडेंट, छत्तीसगढ़
सुधार सेवा CORRECTIONAL सर्विस (जेल विभाग)
झीमन राम टोप्पो, हेड वार्डर
ज्ञानप्रकाश पैकरा, वार्डर।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया
रायपुर 14 अगस्त 2024/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज यहाँ मुख्यमंत्री निवास में पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वय श्री अरूण साव और श्री विजय शर्मा, विधायक श्री किरण देव, श्री शिवप्रकाश, श्रीआजय जामवाल और श्री पवन से भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री जूदेव का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने मुझे राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्वर्गीय श्री जूदेव का मुझे बहुत स्नेह मिला और उनके जीवन यात्रा से मैंने बहुत कुछ सीखा है। वे चाहते थे कि मैं छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनूं। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि उनका आशीर्वाद आज फलित हुआ।
स्वर्गीय श्री जूदेव ने आजीवन आदिवासी समुदाय के हित की लड़ाई लड़ी। सनातन संस्कारों को बचाए रखने के लिए वे समर्पित रहे। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए आदिवासी कल्याण और सुशासन स्थापित करने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है।
संभागायुक्त और कलेक्टर ने कर्मचारियों को वितरित किए झंडे
किया हर घर तिरंगा फहराने का अहवान
रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संभागायुक्त महादेव कावरे और कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों को झंडा वितरित किया। इस मौके पर, संभागायुक्त श्री कावरे और कलेक्टर डॉ सिंह ने कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा, हमारा देश एकता और अखंडता की प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य हर भारतीय के घर में तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना को प्रकट करना है। उन्होंने कहा कि वे इस अवसर का उपयोग अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों को निभाने के लिए करें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर गर्वित महसूस करें। साथ ही कहा कि इस तरह की पहल ने समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत किया और स्वतंत्रता दिवस को और भी विशेष बना दिया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरिकृष्ण जोशी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
शासन के मंशानुरूप योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाए: कृषि मंत्री
कृषि मंत्री ने अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा की
रायपुर । कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने बलरामपुर जिले प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में इस सत्र में स्वीकृत और पूर्व से चल रहे अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कृषि मंत्री श्री नेताम ने विभागवार योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की मंशानुरूप योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने में अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती हैं। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके इस उद्देश्य से अधिकारी-कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए।
बैठक में सर्वप्रथम कृषि मंत्री श्री नेताम ने जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुल-पुलिया, सड़क क्षतिग्रस्त हुए है साथ ही कई छात्रावास व आश्रम, स्कूलों सहित शासकीय भवनों में पानी की सीपेज की समस्या सामने आई है, जिसका समय पर निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले के पीवीटीजी समुदायों और वनांचल क्षेत्रों में मौसमी बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अवगत कराया कि स्वास्थ विभाग की टीम निरंतर पीवीटीजी बसाहटों वाले क्षेत्रों में पहुंचकर जांच कर रही है। आश्रम व छात्रावासों में भी बच्चों के निरंतर जांच तथा स्टाप डायरिया कैम्पेन के तहत् इन बीमारियों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कृषि मंत्री श्री नेताम ने जिले में संचालित समस्त आश्रम, छात्रावासों में मच्छरदानी की उपयोगिता सुनिश्चित करने के साथ सिकल सेल की स्क्रिनिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले से गुजरने वाले एनएच 343 में बलरामपुर से रामानुजगंज के बीच में बारिश के कारण निर्मित हुए गड्ढों को दुरूस्त करने के साथ पीडब्लयूडी विभाग के अधिकारियों को बारिश से क्षतिग्रस्त हुए सड़कों के मरम्मत करने के निर्देश दिये।
मंत्री श्री नेताम ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए खाद-बीज वितरण, भण्डारण, की जानकारी ली तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। श्री नेताम ने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को मैदानी स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा। बैठक में कलेक्टर रिमिजियुस एक्का, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर इन्द्रजीत बर्मन, संयुक्त कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव मंगल भवन का करेंगे लोकार्पण
विभाजन विभीषिका संगोष्ठी में भी होंगे शामिल
रायपुर । उप मुख्यमंत्री अरुण साव 14 अगस्त को अपने कोरबा जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे 14 अगस्त को दोपहर 12 बजे रायपुर से सड़क मार्ग से कोरबा जिले के पाली के लिए रवाना होंगे। वे दोपहर तीन बजे पाली नगर पंचायत में मंगल भवन का लोकार्पण करेंगे। वे वहां गांधी चौक में महात्मा गांधी की नवनिर्मित मूर्ति का अनावरण भी करेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री साव दोपहर 03:50 बजे पाली से कोरबा के लिए प्रस्थान करेंगे। वे शाम पांच बजे कोरबा के टी.पी. नगर में आशीर्वाद प्वाइंट में कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्वागत और अभिवादन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे विभाजन विभीषिका संगोष्ठी को भी संबोधित करेंगे। श्री साव शाम छह बजे आशीर्वाद प्वाइंट से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक मौन मार्च में शामिल होंगे। वे शाम सवा छह बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौक में मशाल प्रज्ज्वलन और विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। श्री साव शाम साढ़े छह बजे कोरबा से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। वे रात आठ बजे बिलासपुर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
बायोमेट्रिक उपस्थिति हेतु ऑनलाईन पोर्टल का करेंगे शुभारंभ
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 14 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आबकारी विभाग के बायोमेट्रिक उपस्थिति हेतु ऑनलाईन पोर्टल का शुभारंभ करेंगे तथा जशपुर जिले किलकिला में आयोजित संस्कृति गौरवगान एवं अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे।
जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 14 अगस्त को सुबह 10.30 बजे मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आबकारी विभाग के बायोमेट्रिक उपस्थिति हेतु ऑनलाईन पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री इसके पश्चात जशपुर जिले के किलकिला जाएंगे और वहां दोपहर 12.20 बजे से 1.20 बजे तक संस्कृति गौरवगान एवं अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री वहां से हेलीकॉप्टर से 2.55 बजे रायपुर वापस आएंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री अपरान्ह 3 बजे से 5.30 बजे तक मेडिकल कॉलेज सभागार रायपुर में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस संगोष्ठी में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री रायपुर के भारत माता चौक में संध्या 6.45 बजे से भारत माता की आरती कार्यक्रम शामिल होंगे।
माओवादी आतंक से प्रभावित क्षेत्रों में दिखने लगी विष्णु के सुशासन की झलक
माओवादी आतंक से प्रभावित क्षेत्रों में दिखने लगी विष्णु के सुशासन की झलक
धरसींवा टाडा के श्मशान मे भूख पानी से दर्जनों गायों का मौत*
*धरसींवा टाडा के श्मशान मे भूख पानी से दर्जनों गायों का मौत*
हौसला रखें और बड़ा सपना देखें - श्री रमेन डेका
राज्यपाल ने एसओएस बालिका गृह में बालिकाओं से की मुलाकात
रायपुर : राज्यपाल श्री रमेन डेका आज माना कैंप स्थित एसओएस बालिका गृह पहुंचे। श्री डेका ने वहां रह रही बालिकाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बालिकाओं को कम्बल, मिठाई तथा फल वितरित किये
इस बालिका गृह में अनाथ एवं एकल अभिभावक वाली बालिकाएं जिनकी उम्र 18 वर्ष तक है, निवास करती है। राज्यपाल ने बालिकाओं से कहा कि वे हौसला रखें और बड़ा सपना देखें तथा पूरा करने के लिए तन-मन से जुट जाए। उन्हें यह नहीं सोचना है कि वे अकेले है बल्कि पूरा समाज और सरकार उनके साथ है। एक-दूसरे के साथ हंसी-खुशी से मिलजुल कर रहे।
राज्यपाल ने बालिकाओं के समक्ष आदर्श महापुरुषों की जीवन गाथा का उल्लेख किया। महात्मा गांधी, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, श्री नेल्सन मंडेला की जीवनी से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। डॉ. कलाम ने मिसाइल बनाने का सपना देखा और उसे पूरा किया। नेल्सन मंडेला 26 वर्ष तक जेल में रहे फिर भी उन्होंने हौसला नहीं खोया और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति बने। राज्यपाल ने बालिकाओं से कहा कि वे भी महापुरूषों से प्रेरणा ले और हौसले तथा साहस के साथ जीवन में आगे बढ़ते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अपना मुकाम हासिल करे।
राज्यपाल श्री डेका ने बालिका गृह का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। बालिका गृह संचालिका श्रीमती ऋतु सिंह ने बताया महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित इस संस्था में 110 बच्चे वर्तमान में निवासरत है। श्री डेका ने बालिकाओं को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा।
इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक श्री मोतीलाल साहू, नगर पंचायत के अध्यक्ष श्री संजय यादव क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, बालिका गृह के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
सरकार और समाज बुर्जुगों के साथ है-श्री रमेन डेका
राज्यपाल ने माना कैंप के नवीन वृद्धाश्रम का अवलोकन किया
रायपुर : राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज माना कैंप में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नवीन वृद्धाश्रम का अवलोकन किया। वहां रहने वाले वृद्धजनों से बात चीत की और उनका हाल-चाल जाना।
राज्यपाल श्री डेका ने बुर्जुगों से बात-चीत के दौरान कहा कि समाज का वर्तमान परिदृष्य आधुनिक सभ्यता की देन है। रोजगार के लिए बच्चे अपने माता-पिता से दूर रहते है जिससे बुढ़ापे में बुर्जुग अकेले हो जाते है, जो बच्चे साथ है उनके पास भी बुर्जुगों के लिए समय नहीं है। कई लोगों को बुढ़ापे में अपना जीवन यापन करने में भी दिक्क्त होती है। आज के समय में भारतीय मूल्यांे को बनाये रखने में दिक्कत हो रही है। इसलिए वरिष्ठजन अपना हौसला बनाये रखें तथा आनंद से जीवन गुजारें। आपके साथ सरकार और समाज है, अपने को अकेला न समझें। उन्होंने कहा कि यहां निवास करने वाले वृद्धजनों को कोई समस्या हो तो उन्हें भी बता सकते है।
श्री डेका ने वहां उपस्थित सभी वृद्धजनों के पास जा कर उन्हें कम्बल, फल और मिठाई वितरित की।
कैंप में निवास करने वाली विस्थापित परिवारों की वृद्ध महिलाएं जो वर्तमान में अकेले निवास कर रही हैं उनसे श्री डेका ने मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना तथा उपस्थित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू, समाज कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, आश्रम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।