छत्तीसगढ़ / रायपुर
जल संरक्षण के लिए जल-जगार अनुकरणीय पहल: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जल-जगार से आया सकारात्मक और क्रांतिकारी परिवर्तन
विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि आज के परिवेश में जल संरक्षण बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री ने जलजीवन मिशन के तहत घर घर पानी देकर संदेश दिया है। पानी का मूल्य और महत्व को सभी को समझना होगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ी गीत के माध्यम से जल की महत्ता को बताया। पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री और कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कहा कि यह अपने आप मे एक नवाचारी कार्यक्रम है। धमतरी जिले में 04 बड़े जलाशय होने के बाद भी यहां का भूजल स्तर गिरना चिता का विषय है। सामुदायिक भागीदारी से जल संरक्षण किया जाना प्रशंसनीय है और इसे जन-जन का आंदोलन बनाना होगा। इसके अलावा महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, ने भी जिले में चल रहे जल जगार महोत्सव की सराहना करने हुए अनुकरणीय बताया। इस अवसर कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू, श्री श्रवण मरकाम, श्रीमती पिंकी शाह, श्री इंदर चोपड़ा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ नागरिक मंच पर मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई से मंडरा रहा बारिश का साया
रायपुर। छत्तीसगढ़ से मानसून अब अब विदा लेने को तैयार है, लेकिन इससे पहले चक्रवाती परिसंचरण बनने की वजह से छत्तीसगढ़ में इसके सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार राजधानी में रविवार को बादल आंशिक रूप से छाए रहेंगे और प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं। संभवत: बस्तर संभाग में ही बारिश की संभावनाएं बन रही हैं।
वहीं, दो दिनों के बाद प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार बन रहे हैं। इसी बीच शनिवार को प्रदेश में मानसून की सक्रियता सामान्य से कम ही रही। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
जिसमें सर्वाधिक बारिश माना एयरपोर्ट में दो मिलीमीटर दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्राें में इससे कम बारिश देखने को मिली। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस सुकमा में, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 20.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
यह बन रहा है सिस्टम
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे आसपास स्थित है। यह 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और आन्ध्रप्रदेश तट से दूर स्थित है, जो कि 1.5 से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसकी वजह से प्रदेश में हल्की बारिश होने की संभावनाएं बन रही हैं।
अधिकतम तापमान सभी जगह औसत से अधिक
मौसम विभाग के पिछले 30 वर्षाें के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान लगभग सभी क्षेत्रों में सामान्य औसत से अधिक है। आंकड़ों के अनुसार यह जगदलपुर में 3.3 डिग्री, रायपुर में 2.9 डिग्री, अंबिकापुर में 2.7 डिग्री, बिलासपुर व पेंड्रा रोड में दो डिग्री और दुर्ग में 1.1 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा।
न्यूनतम तापमान कहीं कम कहीं ज्यादा
इसके अलावा न्यूनतम तापमान उतार चढ़ाव भरा दिखाई दे रहा है। आंकड़ों के अनुसार यह अंबिकापुर में 0.4 डिग्री, जबकि पेंड्रा रोड में 0.2 डिग्री कम है। वहीं, जगदलपुर में यह 2.3 डिग्री, रायपुर में 1.4 डिग्री, बिलासपुर में 0.9 डिग्री और दुर्ग में 0.4 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य औसत से अधिक है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भगवान शिव के रुद्राभिषेक और महाआरती में हुए शामिल 108 जल संरचनाओं से एकत्र जल का किया अर्पण
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जल जगार महोत्सव में गंगरेल बांध की विशाल जलराशि के बीच भगवान शिव की प्रतिमा में जल अभिषेक किया। उन्होंने 108 चयनित जल संरचनाओं से लाए गए पानी को शिव जी की प्रतिमा पर अर्पण किया। इसके माध्यम से 108 जल संरचनाओं के पानी को महानदी में मिलाया गया। इससे जल बचाव एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। जल अभिषेक संकेत के रूप में वर्षा जल जो जहाँ भी गिरे और जब भी गिरे, उसे इकट्ठा करने और भूमिगत जल तालिकाओं और नदियों को फिर से भरने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जिले में पिछले कुछ वर्षों में, सामूहिक रूप से कई संरक्षण संरचनाएँ बनाई गई हैं। जल जगार महोत्सव में रूद्राभिषेक कार्यक्रम अंतर्गत जिले में चारों विकासखंडों में जल संरक्षण हेतु निर्मित किये गये 108 जल संरचनाओं, जिसमें अमृत सरोवर, जलाशय, पारम्परिक एवं ऐतिहासिक तालाब, परकोलेशन टैंकों से जल लाकर गंगरेल बांध में भगवान शिवजी की प्रतिमा में अभिषेक किया गया। ताकि जल को धार्मिकता से जोड़ते हुए लोगों को जल संरक्षण हेतु जागरूक व प्रोत्साहित किया जा सके। इसके पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने महानदी की महाआरती भी की। पंडितो ने विधि विधान से महानदी की आरती करने में सहयोग किया। जीवन देने वाली महानदी की वंदना एवं अनुष्ठान प्रकृति को जीवित रखने वाली नदियों की रक्षा और उनका संवर्धन करने की सामूहिक प्रतिज्ञा का प्रतीक है।
प्रियंका गांधी के दौरे पर भाजपा कांग्रेस की जुबानी जंग, सुंदरानी ने कहा- सरकारी तंत्र का प्रयोग कर भीड़ इकट्ठी, भगत का पलटवार, हर सभा में भारी भीड़…
रायपुर। प्रियंका गांधी के दौरे पर बीजेपी नेता श्रीचंद सुंदरानी ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि यह हवा-हवाई दौरा है. प्रियंका हो, खरगे हो, या राहुल गांधी, सरकारी तंत्र का प्रयोग कर भीड़ इकट्ठी की जा रही है. एक लाख की भीड़ का दावा करते हैं और 5 हजार लोगों को भी इकठ्ठा नहीं कर पाते हैं. सुंदरानी के बयान पर मंत्री अमरजीत भगत ने पलटवार करते हुए कहा कि हर सभा में भारी भीड़ जुट रही है.
भाजपा नेता श्रीचंद सुंदरानी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पौने 5 साल में सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही. आखिरी 2 महीने में घोषणाएं कर रहे, यह खोखली साबित होगी. अगर सीएम विकास कार्यों के प्रति गंभीर होते तो यहां विकास होता. छत्तीसगढ़ को 2003 से पहले की स्थिति में ला दिया है.
सोशल मीडिया पर भाजपा की वायरल सूची पर हो रहे विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी प्रजातांत्रिक है, सबको अपनी बात रखने का अधिकार है. सभी को टिकट मांगने का अधिकार है.
वहीं चुनाव से पहले फिर शुरू हुई भगवान राम को लेकर राजनीति पर सुंदरानी ने कहा कि ये कितने भी राम मंदिर की बात करें. 55 साल कांग्रेस ने राज किया. माता कौशल्या की याद इन्हें नहीं आई. भाजपा भगवान राम के आदर्शों को मानती आई है. कांग्रेस का चुनावी दिखावा है. प्रभु राम किसके साथ हैं हनुमानजी किसके साथ है. जब नवंबर में चुनाव होगा तो सारी चीजें खुलकर सामने आ जाएगी. भगवान राम और कौशल्या माता के प्रति कांग्रेस की आस्था नहीं हैं.
राजनीति से प्रेरित है बयान
प्रियंका गांधी को लेकर भाजपा नेता सुंदरानी के बयान पर मंत्री अमरजीत भगत ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का बयान राजनीति से प्रेरित है. यह मानसिक अवसाद का परिचायक है. कांग्रेस की हर सभा में भारी भीड़ जुट रही है. मुख्यमंत्री ने सौगातों का पिटारा खोला है. मुख्यमंत्री ने जिस दिन प्रभार लिया, उसी दिन किसानों का कर्ज माफ किया. उस वक्त कौन सा चुनाव था. किसानों के पक्ष में पैसा देने को केंद्र सरकार राजी नहीं थी. धान खरीदी या बरदाने का मामला हो. भाजपा के नेताओं ने कोई बयान नहीं दिया, ना ज्ञापन. केवल घड़ियाली आंसू बहाते हैं.
भगवान राम को लेकर श्रीचंद सुंदरानी के बयान पर मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि भगवान राम सबके है किसी के बपौती नहीं हैं. राम रग रग में बसे, कण कण में बसे. कौशल्या माता छत्तीसगढ़ की बेटी हैं. हम उन्हीं के दिशा-निर्देशों पर काम कर रहे,
सोशल मीडिया में वायरल सूची पर बीजेपी के विरोध को लेकर अमरजीत भगत ने कहा कि भाजपा अपने ही अंतर्द्वंद्व में फंसी है. दूसरे से उलझने और घेरने के चक्कर में खुद उलझ गई. भाजपा ईडी-आईटी के भरोसे चुनाव जीतना चाहती है. देश की एजेंसियों को निष्पक्ष रहना चाहिए. भाजपा पर शनि का ग्रह का साया है, इन्हें कोई नहीं बचा सकता. इनके सत्ता हासिल करने का सपना टूटेगा. इनके प्रत्याशी चुनाव तक मैदान में टिकेंगे या नहीं ये भी नहीं लग रहा |
धरा गया हुलिया बदलकर रायपुर में रह रहा आरोपी, मध्यप्रदेश पुलिस को दी सूचना…
रायपुर। मध्यप्रदेश में हत्या कर बीते 13 साल से नाम और हुलिया बदलकर रायपुर में फरारी काट रहे आरोपी को पुलिस ने पकड़ने में कामयाबी पाई है. रायपुर क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी मनोज सिंह को पकड़ने के बाद मध्यप्रदेश पुलिस को जानकारी दी है. आरोपी के खिलाफ हत्या, बलवा, हत्या का प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं.
रायपुर पुलिस के क्राइम ब्रांच के सघन चेकिंग अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब मध्यप्रदेश के सिंगरौली में हत्या कर बीते 13 सालों से रायपुर के अलग-अलग स्थानों में रह रहे आरोपी मनोज सिंह को टिकरापारा इलाके से धर दबोचा. क्राइम ब्रांच प्रभारी गिरीश तिवारी ने बताया कि आरोपी वर्ष 2010 में सिंघरौली में हत्या करने के बाद फ़रार चल रहा था. मध्यप्रदेश पुलिस को आरोपी के गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है |
मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने 'स्वीप महिला कार रैली' का आयोजन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने किया कारों के काफिले का नेतृत्व
उत्कृष्ट मतदान संदेश के साथ सजी कारों को पुरस्कृत किया गया
रायपुर. मतदाता जागरूकता कार्यक्रम “स्वीप“ के अंतर्गत आज रायपुर में महिला कार रैली का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले सहित सैकड़ों महिला कार चालकों ने इसमें हिस्सा लिया। महिला कार रैली के काफ़िले में उत्कृष्ट सजावट व संदेशों के साथ शामिल कारों के महिला चालकों को सम्मानित भी किया गया। कार रैली के माध्यम से मतदाताओं को 17 नवम्बर को होने वाले विधानसभा निर्वाचन में मतदान की अपील की गई। आयोजन में भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकों सहित रायपुर जिला प्रशासन के सभी विभागों, स्थानीय स्वयंसेवियों एवं सामाजिक संगठनों की महिला पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
सी.ई.ओ. श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने थामी जीप की स्टीयरिंग
छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने कार रैली में खुद स्टीयरिंग थामकर काफ़िले को लीड किया। रैली के दौरान उनके साथ जीप में सवार महिलाएं पूरे रास्ते भर लाउड स्पीकर पर मतदाताओं से 17 नवम्बर को मतदान अवश्य करने की अपील करते हुए दिखीं।
बी.टी.आई. ग्राउंड में सुबह से लगी कारों की लंबी लाइन
स्वीप कार रैली के लिए महिलाओं में खासा उत्साह दिखा। महिलाएं अपने कार की स्वयं सजावट कर सुबह से बी.टी.आई. ग्राउंड पहुंचने लगी थीं। महिलाओं के साथ उनके परिजन और सहेलियां भी कारों में सवार थीं, जो महिला कार चालकों का उत्साहवर्धन कर मतदाता जागरूकता का संदेश दे रही थीं।
पारंपरिक वेशभूषा में कार रैली में शामिल होने पहुंची महिलाएं
महिलाओं ने अपनी कार को आकर्षक सजावट देने के साथ ही स्वयं भी पारंपरिक पोशाक में रैली में शामिल हुईं। छत्तीसगढ़ी वेशभूषा के साथ ही महिलाएं महाराष्ट्रियन, बंगाली, ओड़िसी, दक्षिण भारतीय, गुजराती पारंपरिक पोशाक व पगड़ी पहनकर वीरांगनाओं की तरह इस रैली में पहुंची। महिलाएं बी.टी.आई. ग्राउंड में निर्वाचन गीत “मैं भारत हूँ...“ पर नृत्य व जुम्बा कर मतदान का संदेश देते दिखीं।
80 वर्षीय अख्तर कुरैशी के साथ चला राष्ट्रध्वज
लंबे समय से लकवाग्रस्त अख्तर कुरैशी भी कार रैली के दौरान मतदान के लिए सभी को प्रेरित करने पहुंचे। 80 बरस के अख्तर अपने साथ राष्ट्रध्वज लेकर इस रैली में शामिल हुए। सी.ई.ओ. श्रीमती कंगाले ने उनके हौसले की सराहना करते हुए उन्हें न केवल कार रैली में अपने साथ शामिल कीं, बल्कि उन्हें कार रैली के समापन स्थल साइंस कॉलेज मैदान में सम्मानित भी किया।
ई-कार व ई-रिक्शा की कार रैली में रही धूम
स्वीप महिला कार रैली में रोल्स रॉयस जैसी विंटेज कार, खुली जिप्सी, जीप के साथ इलेक्ट्रॉनिक कार व ई-रिक्शा सहित लगभग 200 कारें शामिल हुईं। उत्कृष्ट कार सजावट व संदेश के लिए श्रीमती अनुपमा तिवारी को प्रथम पुरस्कार, ई-कार व ई-रिक्शा को द्वितीय व तृतीय पुरस्कार मिला। सी.ई.ओ. श्रीमती कंगाले ने इन महिलाओं को पुरस्कृत कर सभी की सक्रिय सहभागिता के लिए सराहना की।
रैली में शामिल हुआ शहर
रैली में भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, नगर निगम के कमिश्नर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. श्री अबिनाश मिश्रा, सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय शर्मा, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री अभिषेक अग्रवाल और जिला पंचायत के अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.के. जोशी सहित जिला प्रशासन, पुलिस, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगर निगम, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित सभी विभाग शामिल हुए। रैली में प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री दामू अंबेडारे व कई स्वयंसेवी संस्थाओं व सामाजिक संगठनों के महिला पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में 17 नवम्बर को मतदान अवश्य करने की अपील नागरिकों से की।
प्रथम चरण के मतदान के लिए आज थमा प्रचार का शोर
दूरस्थ मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना
223 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे 40 लाख 78 हजार मतदाता
रायपुर. छत्तीसगढ़ में 7 नवम्बर को होने वाले प्रथम चरण के मतदान के लिए आज प्रचार का शोर थम गया। प्रथम चरण में 7 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए आज दूरस्थ मतदान केंद्रों के मतदान दलों को रवाना किया गया। इनमें कई मतदान दलों को हेलिकॉप्टर से रवाना किया गया है।
प्रथम चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 223 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं जिनमें 198 पुरूष तथा 25 महिला हैं।
प्रथम चरण के मतदान के दौरान प्रदेश के 40 लाख 78 हजार 681 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 19 लाख 93 हजार 937 पुरुष मतदाता, 20 लाख 84 हजार 675 महिला मतदाता तथा 69 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 5304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 200 संगवारी मतदान केंद्र हैं जहां सिर्फ महिला मतदान कर्मी ही पदस्थ रहेंगी।
प्रथम चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में से दस विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक तथा दस विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इनमें पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। वहीं मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा विधानसभा क्षेत्रों में सवेरे सात बजे से दोपहर तीन बजे तक वोट डाले जाएंगे।
राज्य में प्रथम चरण में मतदान वाले अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 13, भानुप्रतापपुर में 14, कांकेर में 9, केशकाल में 10, कोंडागांव में 8, नारायणपुर में 9, बस्तर में 8, जगदलपुर में 11, चित्रकोट में 7, दंतेवाड़ा में 7, बीजापुर में 8 , कोंटा में 8, खैरागढ़ में 11, डोंगरगढ़ में 10, राजनांदगांव में 29, डोंगरगांव में 12, खुज्जी में 10, मोहला-मानपुर में 9, कवर्धा में 16 तथा पंडरिया में 14 अभ्यर्थी निर्वाचन में भाग ले रहे हैं।
विदेशों में भी गोबर के दिए से जगमग होगी दिवाली
मनोहर गौशाला में बने गोबर के दिए
रायपुर । प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मनोहर गौशाला की ओर से नि:शुल्क गोबर के दिए वितरित किए जा रहे हैं। कामधेनु गौमाता के गोबर से निर्मित औषधीय युक्त गोबर के वैदिक दीपक भारत सहित विदेशों में भी दिवाली पर जगमगाएंगे।
इसके लिए मनोहर गौशाला की ओर से अमेरिका, ब्राजील सहित कई देश कोरियर के माध्यम से भेजे जा चुके हैं। देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी गोबर के दिए प्रेषित किए जा चुके हैं।
मनोहर गौशाला के मैनेजिंग ट्रस्टी अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने बताया, गोशाला में इस वर्ष दिवाली पर नि:शुल्क वितरण के लिए एक लाख से अधिक दीपक का निर्माण किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक करीब साढ़े चार लाख दीपक नि:शुल्क पिछले चार साल में वितरित किए जा चुके हैं।
पुष्य नक्षत्र पर चमका बाजार, जमकर हुई खरीदारी
रायपुर । दो दिनों के खरीदारी के महामुहुर्त पुष्य नक्षत्र में इस वर्ष दोनों ही दिन बाजार गुलजार रहा।
विशेषकर आटोमोबाइल सेक्टर की रफ्तार जबरदस्त रही और शनिवार व रविवार दो दिनों में ही प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा दोपहिया व एक हजार से ज्यादा कारों की बिक्री हो गई। कार व दोपहिया कंपनियों द्वारा दिए जा रहे आफरों का उपभोक्ताओं ने जमकर फायदा उठाया।
खरीदारी का महामुहुर्त पुष्य नक्षत्र इस वर्ष शनिवार व रविवार दोनों ही पड़ा और दोनों ही दिन बाजार गुलजार रहे। सराफा से लेकर आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ा बाजार सभी में धूम रही।
आटोमोबाइल कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं के लिए जबरदस्त आफर भी दिए गए। इनमें कारों में 70 हजार रुपये तक छूट के साथ ही दोपहिया में आकर्षक फाइनेंस आफर दियाजा रहा है। अपनी मनपसंद कार व दोपहिया लोगों को 90 फीसद तक फाइनेंस व लोएस्ट डाउन पेमेंट पर उपलब्ध है। आटोमोबाइल के साथ ही सराफा की रौनक भी जबरदस्त रूप से बढ़ गई।
पुष्य नक्षत्र पर हुई जबरदस्तखरीदारी को देखते हुएअब कारोबारियों को कहना है कि धनतेरस पर भी बाजार में धन की बारिश होगी। छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष अमर पारवानी का कहना है कि त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं के पास खरीदारी का अच्छा मौका रहता है।
सभी कंपनियों द्वारा उपभोक्ताओं के फायदे के लिए ही आफर दिए जाते है। उपभोक्ताओं को भी इसका इंतजार बना रहता है और वे इसका फायदा उठाते है। राडा के सचिव कैलाश खेमानी ने बताया कि ये सारे आफर उपभोक्ताओं के लिए है और उनके लिए काफी फायदेमंद है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष आटोमोबाइल सेक्टर की रफ्तार बढ़ी है और 15 फीसद तक कारोबार ज्यादा है।
सराफा में आभूषणों के नए कलेक्शन के साथ ही बनवाई में छूट
सराफा संस्थानों में त्योहारी सीजन व शादी सीजन के हिसाब से गहनों की नई रेंज के साथ ही बनवाई में विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ ही कुछ संस्थानों द्वारा उपहार योजनाएं भी चलाई जा रही है। कारोबारियों का कहना है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में काफी अच्छा करोबार की उम्मीद बनी हुई है। रवि पुष्य नक्षत्र के दिन भी दोपहर बाद से ही सराफा संस्थानों में ग्राहकों की भीड़ आने लगी,जो देर रात तक लगी रही।
टीवी, फ्रीज, वाशिंग मशीन के नए माडल के साथ ही आकर्षक छूट
इलेक्ट्रानिक्स बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ बनी हुई है। टीवी, फ्रीज, वाशिंग मशीन के नए माडलों के साथ ही उपभोक्ताओं को इन पर आकर्षक छूट दी जा रही है। साथ ही हर खरीदारी पर निश्चित उपहार दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं द्वारा भी इसे काफी पसंद किया जा रहा है। कारोबारियों का कहना है कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में काफी ज्यादा कारोबार की उम्मीद है।
कपड़े की हुई जमकर खरीदारी
वैसे कपड़े की खरीदारी हमेशा ही बनी रहती है और उपभोक्ताओं द्वारा बदलते फैशन के अनुसार खरीदारी की जाती है। इस वर्ष भी संस्थानों में त्योहारी सीजन व शादी सीजन के हिसाब से कपड़ों की नई रेंज उपलब्ध है। उपभोक्ताओं द्वारा जमकर खरीदारी भी की जा रही है। कपड़े संस्थानों में उपभोक्ताओं को आकर्षक छूट के साथ ही उपहार योजना का लाभ भी दिया जा रहा है।
स्मृति ईरानी ने बनाई चाय, सीएम भूपेश ने ली चुटकी...
रायपुर । चुनावी दौरे पर पहुंची केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बस्तर के कोंडागांव में एक कार्यकर्ता के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए चाय बनाई। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीएम भूपेश बघेल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके पास कोई काम नहीं बचा है।
सीएम ने चुटकी लेते हुए पूछा कि जिस गैस सिलेंडर से वह चाय बना रही हैं। वह 1200 रुपए वाला गैस सिलेंडर है या 400 वाला? उन्होंने तंज कसे हुए कहा कि पहले 400 रुपये था, तो बड़ा महंगा था। अभी 900 वाले में बना रहे हैं या 1200 वाले में?
बता दें कि छत्तीसगढ़ में चुनावी प्रचार प्रसार चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंत विश्वा सरमा छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं।
पांचों संभाग मुख्यालयों में एक साथ जारी हुआ कांग्रेस का घोषणा पत्र
रायपुर । कांग्रेस ने रविवार को विधानसभा चुनाव के लिये अपना घोषणा पत्र जारी किया। कांग्रेस के घोषणा पत्र का नाम “भरोसे का घोषणा पत्र” नाम दिया गया है। कांग्रेस ने कहा कि “वादा है फिर निभायेंगे” कांग्रेस का घोषणा पत्र सभी संभाग मुख्यालयों में एक साथ जारी किया गया। रायपुर में प्रभारी कुमारी सैलजा, राजनांदगांव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, बस्तर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, सरगुजा से उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव एवं बिलासपुर से तथा कवर्धा से घोषणा पत्र समिति के संयोजक मो. अकबर ने एक साथ जारी किया।
घोषणा पत्र जारी करने के पहले प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वह करती है। इस बार भी कांग्रेस का घोषणा पत्र जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला होगा। 2018 में कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में किसान, आदिवासी, युवाओं, महिलाओं सभी से वायदा किया था और उसको पूरा किया। 2023 में हमारे घोषणा पत्र में हर वर्ग का पूरा ख्याल रखा गया है। जनता कांग्रेस के घोषणा पत्र और उनको किये गये वायदों को गंभीरता से लेती है तथा उस पर भरोसा भी करती है जनता जानती है कांग्रेस का घोषणा पत्र उसकी सरकार विजन डाक्यूमेंट होता है। हम आम आदमी को सशक्त बनाने योजना लेकर आगे बढ़ रहे है।
2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहले ही घंटे में कांग्रेस की सरकार ने घोषणा पत्र को पूरा करना शुरू कर दिया था। लगभग 20 लाख किसानों का लगभग 10 हजार करोड़ कर्ज माफ किया गया। उसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यसचिव को बुला कर कांग्रेस का जनघोषणा पत्र देकर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के हर वायदे को पूरा करने हेतु कार्य योजना बनाया जाये इसी का परिणाम था कि पांच साल में भूपेश सरकार ने 36 में से 98 प्रतिशत वायदों को पूरा कर दिखाया।
भाजपा ने हमारी नकल करके हमने जो 17 गारंटिया घोषित कर के इस वर्ष भी घोषणा पत्र जारी किया है। हमारी नकल करके जनता को ठगने घोषणा तो कर दिया लेकिन उस पर भरोसा कौन करेगा?
कांग्रेस के घोषणा पत्र में :-
1. पहले की तहर इस बार भी होगा किसानों का कर्ज माफ - 2018 में कांग्रेस सरकार बनते ही 18.5 लाख किसानों का 9272 करोड़ रूपये कर्जा हमने माफ किया था इस बार भी कांग्रेस सरकार बनते ही उसी प्रकार कर्जा माफ होगा।
2. अब धान का मिलेगा 3200 रू. प्रति क्विंटल - राजीव गांधी किसान न्याय योजना में मिलने वाली इनपुट सब्सिडी सहित किसानों को मिलेगी धान की कीमत प्रति क्विंटल 3200 रू.।
3. 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी - पहले राज्य सरकार 15 क्विंटल धान प्रति एकड़ की धान खरीदी करती थी और इस वर्ष से 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी शुरू हो गई है।
4. 200 यूनिट बिजली फ्री - फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही 200 यूनिट तक की बिजली फ्री मिलेगी। यानी 200 यूनिट तक की बिजली का बिल नहीं आयेगा। 200 यूनिट से अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं को भी 200 यूनिट प्रति माह तक निःशुल्क बिजली मिलेगी।
5. सभी सरकारी स्कूलों/कालेजों में KG से लेकर PG तक शिक्षा मुफ्त - कांग्रेस सरकार बनते ही राज्य के उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत डिप्लोमा/स्नातक/स्नातकोत्तर के सभी वर्ग के छात्र-छात्राओं को शिक्षा एवं प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा। स्कूली शिक्षा पूर्ववत निःशुल्क रहेगी।
6. गैस सिलेंडर पर 500 रूपये मिलेगी सब्सिडी - फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही सभी वर्ग की माताओं एवं बहनों के लिये “महतारी न्याय योजना” लागू कर प्रति सिलेंडर के रिफिल करने पर 500 रूपये की सब्सिडी घर की महिला के बैंक खाते में सरकार द्वारा सीधे जमा की जायेगी।
7. तेंदूपत्ते का प्रति बोरा 6000 रू. और 4000 रू. सलाना बोनस भी - राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रति मानक बोरा 4000 रू. की जगह अब 6000 रू. मिलेगे और 4000 रू. सालाना बोनस अतिरिक्त।
8. 17.5 लाख गरीब परिवार को हम आवास देंगे - प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र 7.5 लाख परिवारों को केंद्र सरकार ने आवास नहीं दिया है। हम उन सभी 7.5 लाख परिवारों और 10 लाख अन्य जरूरतमंद परिवारों को “मुख्यमंत्री आवास न्याय योजना” के तहत हम आवास देंगे। इसके लिये हमने आर्थिक सर्वेक्षण करवा लिया है।
9. भूमिहीनों को मिलेंगे 10000 रू. प्रतिवर्ष - राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत आने वाले सभी हितग्राहियों को मिलने वाली राशि 7000 रूपये प्रतिवर्ष को बढ़ाकर 10000 रूपये प्रतिवर्ष की जायेगी।
10. लघु वनोपजों की MSP पर मिलेंगे अतिरिक्त 10 रू. प्रति किलो - हमारी सरकार ने 7 से बढ़ाकर 63 लघु वनोपजों को MSP पर खरीदना शुरू किया है। अब हमारा वादा है कि समर्थन मूल्य ( MSP ) के अतिरिक्त 10 रूपये प्रति किलो दिये जायेंगे।
11. अब 10 लाख रूपये तक का मिलेगा मुफ्त इलाज - डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत अब गरीब वर्ग को इलाज के लिये 5 लाख रूपये की बजाये 10 लाख रूपये तक मिलेंगे, साथ ही गरीबी रेखा से ऊपर ( APL ) को 50 हजार की बजाये अब 5 लाख रूपये तक की सहायता मिल सकेगी।
12. अब सभी सरकारी स्कूल बनेंगे स्वामी आत्मानंद स्कूल - राज्य के 6000 शासकीय हायर सेकेंड्री एवं हाई स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश एवं हिन्दी मीडियम स्कूलों में क्रमशः अपग्रेड करेंगे।
13. दुर्घटनाओं का इलाज मुफ्त - छत्तीसगढ़ के निवासियों की सड़क दुर्घटनाओं में तथा अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में “मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना” के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायेंगे।
14. स्व-सहायता समूह का भी होगा कर्जा माफ - फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही महिला स्व-सहायता समूहों तथा महिलाओं द्वारा सक्षम योजनांतर्गत लिये गये ऋण माफ किये जायेंगे।
15. तिवरा भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जायेगा - कांग्रेस की सरकार ने गन्ने से लेकर कोदो, कुटकी व रागी के समर्थन मूल्य घोषित किये थे। इस बार सरकार बनते ही राज्य के किसानों से तिवरा को भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जायेगा।
16. जातिगत जनगणना करायी जायेगी - “जिसकी जितनी आबादी, उसका उतना हक” को ध्यान में रखते हुये हम प्रदेश में जातिगत जनगणना करवायेंगे ताकि सामाजिक न्याय सुनिश्चित हो सके।
17. परिवहन व्यावसायियों के होंगे कर व कर्ज माफ - राज्य के परिवहन व्यवसाय से जुड़े 66000 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर, शास्ति और ब्याज के कर्ज की माफी की जायेगी।
18. युवाओं को उद्योग व्यवसाय ऋण में 50 प्रतिशत सब्सिडी - युवाओं को उद्योग व्यवसाय के लिये ऋण पर अब तक 40 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती थी। इब इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत सब्सिडी के साथ ऋण की सुविधा मिलेगी।
19. 700 नये RIPA का होगा निर्माण - फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही आगामी वर्षो में 700 नवीन ग्रामीण औद्योगिक पार्को (रीपा) की स्थापना करेंगे। इससे ग्रामीण औद्योगिक केंद्र की संख्या 300 से बढ़ाकर 1000 हो जायेगी।
20. अंत्येष्टि के लिये लकड़ी का प्रबंध - छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार दोबारा बनते ही शहरी निकाय क्षेत्रों में अंत्येष्टि के लिये लकड़ी का प्रबंध सरकार की ओर से किया जायेगा।
नगर निगम के जनसंपर्क में कार्यरत अजय वर्मा का निधन
रायपुर। पूर्व पत्रकार व नगर निगम रायपुर के जनसंपर्क/ प्रेस विभाग के में कार्यरत अजय वर्मा का सोमवार की सुबह एक निजी अस्पताल में दुखद निधन हो गया।
डगनिया निवासी 49 वर्षीय अजय वर्मा मूलत: पत्रकार थे और रायपुर से प्रकाशित होने वाले अखबारों में उन्होंने अपनी सेवाएं दी। मिलनसार अजय वर्मा ने नगर निगम रायपुर के जनसंपर्क/ प्रेस विभाग के में कार्य के दौरान भी अनेक पुस्तकें लिखी।लोकसभा चुनाव में उनकी ड्यूटी लगी हुई थी।इसी दौरान स्वास्थ्य ठीक न होने लो बीपी की शिकायत होने पर चौबे कालोनी के निजी अस्पताल में शुक्रवार को भर्ती किया गया । इसके बाद उन्हें देवेंद्र नगर के अस्पताल में लाया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वेंटिलेटर पर रखा गया था।जहां आज सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने ली चिकित्सा महाविद्यालय एवं अम्बेडकर अस्पताल की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
रायपुर,। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने आज पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर एवं इससेसंबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल एवं डीकेएस अस्पताल की आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर उच्च अधिकारियों की बैठक ली तथा मरीजों की जाँच एवं उपचार व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में उनके साथ विशेष सचिव स्वास्थ्य श्री चंदन कुमार, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं श्री ऋतुराज रघुवंशी, चिकित्सा महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. तृप्ति नागरिया एवं सीजीएमएससी की एमडी पद्मिनी भोई साहू भी मौजूद रहीं।
अपर मुख्य सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों की उपचार व्यवस्था एक अति आवश्यक सेवा में से एक है, इसलिए विभिन्न बीमारियों की खून संबंधी वे सभी जाँच जो वर्तमान में रीएजेंट्स की कमी के कारण नहीं हो पा रहे हैं, उनके लिए आदर्श आचार संहिता के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम को ध्यान में रखते हुए सीजीएमएससी के साथ समन्वय स्थापित कर अतिशीघ्र व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने एक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से दूसरे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में अति आवश्यक कन्स्यूमेबल एवं रीएजेंट्स के लिए इंटर मेडिकल कॉलेज ट्रांसफर (अंतर चिकित्सा महाविद्यालयीन स्थानांतरण) व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डी के एस अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिप्रा शर्मा, उप अधीक्षक डॉ. हेमंत शर्मा, चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर के पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरल, डॉ. देवप्रिय रथ, प्रशासनिक अधिकारी रंजना ध्रुव, लेखा अधिकारी ऋतु कौशिक, डॉ. दिवाकर धुरंधर तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रायपुर : श्रम मंत्री ने विभागीय काम-काज की समीक्षा की
मंत्री ने दिए सख्त निर्देश लंबित आवेदनों का 15 दिन में निराकरण करें
श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा है कि प्रदेश के शत्-प्रतिशत श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। श्रमिकों के हित को प्राथमिकता में लेते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। जिससे श्रमिकों के जीवन स्तर में बेहतर सुधार हो सके। उक्त बातें श्रम मंत्री श्री देवांगन ने विभागीय काम-काज की समीक्षा बैठक में कही। बैठक नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के सभाकक्ष में आयोजित थी। बैठक में श्रमायुक्त एवं सहसचिव श्रीमती अलरमेल मंगई डी, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की सचिव श्रीमती सविता मिश्रा, अपर श्रम आयुक्त श्री एस. एल जांगड़े सहित जिलों से आए श्रम विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
श्रम मंत्री श्री देवांगन ने बैठक में लंबित मामलों का 15 दिवस के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश के कुछ जिलों में श्रमिकों के पंजीयन फार्म को निरस्त कर दिया गया है। श्रमिको से अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर पंजीयन की प्रक्रिया शीघ्र ही पूरी कर ली जावे। अधिकारीगण यह सुनिश्चित करें कि हितग्राही को शासन की योजना का लाभ मिले। दस्तावेज की कमी को आधार बनाते हुए हितग्राही को वापस न लौटाया जाए। श्रमिक बहुल क्षेत्रों में मोबाईल कैम्प लगाकर मजदूरों का पंजीयन करने की प्रक्रिया पूर्ण करें। मजदूर बिना पंजीयन के किसी भी साईट में काम ना करें। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि 15 दिवस के भीतर जिलेवार योजना की समीक्षा की जाए और यदि इसके बाद ही योजना के क्रियान्वयन में प्रगति नहीं आई तो इसके लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि श्रमिकों के लिए किफायती दर पर शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना संचालित की जा रही है। अधिकारी अन्नपूर्णा दाल-भात केन्द्रों का निरीक्षण करें और वहां जाकर स्वयं भोजन कर इसकी गुणवत्ता को भी परखें।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में राज्य में 22 स्थानों पर दाल-भात केन्द्र संचालित किये जा रहे हैं। इसके अलावा और अन्य 22 स्थानों पर दाल-भात केन्द्र शुरू करने के लिए एमओयू किया गया है। मंत्री ने बैठक के दौरान महतारी जतन योजना, नोनी बाबू छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी पात्र श्रमिक परिवारों को इसका लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करें।
रायपुर : सी. आई. आई. के वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए उद्योग मंत्री
प्रदेश में बनेगी नई औद्योगिक नीति : मंत्री श्री देवांगन
रायपुर, 06 मार्च 2024
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा है कि प्रदेश में नई औद्योगिक नीति बनाई जाएगी। जिससे प्रेदश में नवीन उद्योग धंधा स्थापित हो और यहां के निवासियों को आजीविका के लिए काम मिल सके। उद्योग मंत्री श्री देवांगन आज जोरा स्थित एक निजी होटल में आयोजित कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इण्डस्ट्री (सी.आई.आई.) छत्तीसगढ़ की वार्षिक बैठक में शामिल हुए। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योग स्थापित होने से यहां के लोगों का नियोजन होगा। राज्य सरकार आगामी 5 वर्ष के लिए ऐसी औद्योगिक नीति (वर्ष 2024-2029) बनाएगी जिससे प्रदेश में उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों का भी ध्यान रखा जाएगा। देश के प्रधानमंत्री भी चाहते है कि युवाओं को अधिक से अधिक काम मिले जिससे उनके जीवन स्तर में बदलाव आ सके। सी.आई.आई के प्रदेश अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष श्री आशिष श्राफ ने उद्योग मंत्री का इस सम्मेलन में पधारने पर उनके प्रति आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव ने राजधानी रायपुर स्थित सिविल लाइन निवास में शिफ्ट होने के पूर्व की पूजा अर्चना
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित अपने निवास में शिफ्ट होने के पूर्व सपरिवार विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने पूजा उपरांत वरिष्ठ स्वजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सहित परिवारजन मौजूद रहे।
रायपुर : महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभिनव पहल : महतारी वंदन योजना
रायपुर, 06 मार्च 2024
महिला सशक्तिकरण की दिशा में आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने के लिए महतारी वंदन योजना एक कारगर कदम है। प्रदेश की महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा इस योजना की शुरूआत की गई है। गांव से लेकर शहर तक महिलाओ में जबरदस्त उत्साह देखा गया। महिलाओं को इस योजना से प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि दी जाएगी। साल में कुल 12 हजार की राशि भी मिलेगी। महिलाएं घर चलाने के साथ-साथ ही घर की बजट बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्हें घर की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना बखूबी आता है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक बल मिलेगा और उनके हाथों में एक राशि रहेगी। जिसका उपयोग वे कर सकेंगी।
जगदलपुर शहर के लालबाग निवासी श्रीमती आसमती कश्यप ने स्थानीय हल्बी बोली में बताया कि हम सभी महिलाएं बहुत खुश है कि उनके खाते में प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि आएगी। इसका उपयोग साग-सब्जी तथा अन्य जरूरत के लिए कर सकेंगी। बस्तर की महिलाओं ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की यह अनोखी पहल है।
आड़ावाल निवासी स्वाति राव ने कहा कि राशि का उपयोग अपनी जरूरी घरेलू सामान की पूर्ति करने के लिए करेंगी। आड़ावाल की श्रीमती कृष्णादेवी ने खुशी जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।
बलौदाबाजार नगर निवासी श्रीमती सुनीता यादव ने कहा सरकार ने प्रतिमाह 1 हजार रूपये देने का वादा किया था वह अब पूरा होने वाला है। आज मैंने महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन कर दी हूं। अब जो पैसा मिलेगा उसका उपयोग बच्चों की पढ़ाई एवं अन्य खर्चों के लिए करूंगी। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुखिया श्री विष्णुदेव साय को महतारी वंदन योजना प्रारंभ करने के लिए धन्यवाद देते हुए आभार जताया। इसी तरह कसडोल विकासखण्ड के ग्राम बल्दाकछार के विशेष पिछड़ी जनजाति निवासी श्रीमती तीजबाई कमार ने भी नजदीकी आंगनबाड़ी पहुंचकर महतारी वंदन योजना के लाभ लेने के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि मैं दैनिक मजदूरी एवं किसानी कार्य कर पैसा कमाती हूं अब इसके साथ ही मुझे प्रतिमाह 1 हजार रूपये मिलेेगा। जो मेरे अतिरिक्त आय का साधन होगा। मै इस पैसे का उपयोग अन्य दैनिक खर्चों में करूंगी। श्रीमती तीजबाई कमार ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। इसी तरह बलौदाबाजार विकासखण्ड के ग्राम परसाभदेर निवासी श्रीमती स्नेहा पैकरा ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए प्रारंभ की गई योजना महतारी वंदन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी महिलाओं से आवेदन करने की अपील की है।
गौरतलब है की प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना का लाभ प्रदेश के मूल निवासी विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यकक्ता महिलाओं को मिलेगा। इस योजना में शामिल होने के लिए परिवार की आर्थिक आय ढाई लाख रुपए से कम वार्षिक रखी गई है। इस योजना का लाभ विवाहित 21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं को मिलेगा। एक हजार रुपए सरकार की ओर से मिलना भी उनके आर्थिक विकास के लिए फायदेमंद साबित होगा। महिलाओं को मिलने वाली इस योजना का लाभ से उनके आर्थिक दशा में सुधार आएगी तथा यदि महिलाये कुछ पैसा बचा सके तो आगामी भविष्य के लिए उसका उपयोग कर सकती है।