छत्तीसगढ़ / रायपुर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए 28-29 सितम्बर को टीम सलेक्शन ट्रायल
समन्वय और तकनीकी सहायता के लिए खेल विभाग ने अधिकारियों को दी जिम्मेदारी
सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा ट्रायल, 6 टीमें बनेंगी
रायपुर. 25 सितम्बर 2026
रायपुर में होने वाले छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के टीमों के चयन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीमों के चयन के लिए रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में 28 सितम्बर और 29 सितम्बर को दो दिवसीय चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। चयन ट्रायल के सुचारू आयोजन, आवश्यक समन्वय एवं तकनीकी सहायता के लिए विभाग ने तीन अधिकारियों की टीम बनाई है। चयन ट्रायल के लिए आवश्यक तकनीकी एवं आयोजन संबंधी कार्यवाही छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों एवं मापदंडों के अनुसार की जाएगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को परिपत्र जारी कर खिलाड़ियों के चयन ट्रायल के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा है। विभाग ने निर्धारित तिथियों एवं समय पर चयन ट्रायल के आयोजन के साथ ही ट्रायल प्रारंभ होने के पहले चयन पूर्व मानदंडों और चयन प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। विभाग ने चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित मानदंडों के अनुरूप संपादित कर चयनित 6 टीमों की सूची एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित प्रतिवेदन खेल संचालनालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
खिलाड़ियों के चयन के लिए होने वाले ट्रायल को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने आवश्यक तकनीकी और आयोजन संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी तीन अधिकारियों को सौंपी है। इनमें खेल अधिकारी श्री दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर में हॉकी की वरिष्ठ प्रशिक्षक श्रीमती रश्मि संध्या एक्का और बिलासपुर में वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक श्री राकेश टोप्पो शामिल हैं।
21 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक होगी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग, 6 टीमें उतरेंगी
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चौलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चौंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। इन टीमों में खेलने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 28-29 सितम्बर को रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में सवेरे 9 बजे से आयोजित किए जा रहे हैं।
अनंत चतुर्दशी पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
भगवान श्रीहरि विष्णु की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए- मंत्री श्री चौधरी
रायपुर, 25 सितंबर 2026
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीहरि विष्णु से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि अनंत चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की आराधना की जाती है। यह पावन पर्व हमें सत्य, धर्म और सद्कर्म के मार्ग पर चलते हुए जीवन में सकारात्मकता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि अनंत चतुर्दशी के दिन गणेशोत्सव का भी समापन होता है और श्रद्धालु विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश को भावपूर्ण विदाई देते हैं। गणपति विसर्जन का यह अवसर श्रद्धा और उल्लास के साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश देता है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रार्थना की कि भगवान श्रीहरि विष्णु और विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की कृपा से छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें किया नमन
अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर, 25 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एकात्म मानववाद के प्रणेता और प्रखर राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति है। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उनका ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाना उनके विचारों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के संकल्प को अभिव्यक्त करता है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय का उनका दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण की दिशा में प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा का भाव सदैव देश और समाज को प्रेरित करता रहेगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्ग में जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता की अनूठी पहल
श्रमिकों के लिए ई-केवायसी शिविर, छात्राओं को करियर एवं साइबर सुरक्षा का मार्गदर्शन, सेवा सेतु शिविरों में समस्याओं का समाधान
रायपुर, 25 सितंबर 2026


प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से जनकल्याण, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत दुर्ग जिले में श्रमिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने, युवाओं को करियर मार्गदर्शन देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष पहल की जा रही है।

श्रमिकों के ई-केवायसी और पंजीयन संबंधी त्रुटियों के सुधार के लिए विशेष शिविर
श्रम विभाग द्वारा दुर्ग जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में पंजीकृत निर्माण और असंगठित श्रमिकों की सुविधा के लिए विशेष ई-केवायसी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सीएससी वीएलई के माध्यम से श्रमिक पंजीयन कार्ड में आधार कार्ड के अनुसार नाम, जन्मतिथि और पते सहित अन्य विवरणों की त्रुटियों का सुधार किया जा रहा है।

कृष्ण कुंज में 76 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
दुर्ग जिले के रिसाली सेक्टर स्थित कृष्ण कुंज, वार्ड क्रमांक 09 में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 76 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ललित चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सहभागिता की। श्री चंद्राकर ने कहा कि वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
छात्राओं को करियर मार्गदर्शन के साथ साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग में करियर काउंसलिंग एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को उच्च शिक्षा के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी युग में सही मार्गदर्शन और साइबर जागरूकता युवाओं को सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में डीएसपी श्रीमती भारती मरकाम, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना श्रीवास्तव, साइबर क्राइम ऑफिसर श्री संकल्प राय सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
सेवा सेतु शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का हो रहा त्वरित निराकरण
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘समस्या का समाधान आपके द्वार’ के उद्देश्य से सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को तिलक कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, शिक्षक नगर और तुलाराम कन्या विद्यालय, आर्य नगर में आयोजित शिविरों में 10 वार्डों के नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं समस्याओं के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर के दूसरे दिन कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें सफाई संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने दोनों शिविरों का निरीक्षण कर नागरिकों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और अधिकारियों को पात्र प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
26 सितंबर को सिकोला भाठा और कुशाभाऊ ठाकरे विद्यालय में लगेंगे शिविर
अभियान के अगले चरण में 26 सितंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिकोला भाठा एवं कुशाभाऊ ठाकरे विद्यालय में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें सिकोला भाठा, सिकोला बस्ती, औद्योगिक नगर, कैलाश नगर, शहीद भगत सिंह नगर, तितुरडीह, स्टेशन पारा, आमदी मंदिर और कातुलबोर्ड सहित संबंधित वार्डों के नागरिक अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
कौशल से सशक्त होंगे निर्माण श्रमिक, रोजगार के अवसरों को मिलेगी नई उड़ान
200 निर्माण श्रमिकों एवं उनके बच्चों को मिलेगा 480 घंटे का आवासीय तकनीकी प्रशिक्षण
रायपुर, 25 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को कौशल विकास से जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवा रायपुर, अटल नगर स्थित निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल (BOCW) एवं सिपेट रायपुर के मध्य कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए महत्वपूर्ण अनुबंध संपन्न हुआ।
श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह की उपस्थिति में हुए इस अनुबंध के तहत प्रदेश के 200 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों अथवा उनके बच्चों को कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 480 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के परिवारों को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ना तथा उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्लास्टिक प्रोसेसिंग, इंजेक्शन मोल्डिंग एवं एक्सट्रूज़न जैसे तकनीकी क्षेत्रों में व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को संबंधित उद्योगों में रोजगार के अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी, जिससे उनके परिवारों की आय एवं आजीविका को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
श्रमिक कल्याण के साथ परिवार सशक्तिकरण पर जोर
BOCW की इस पहल के माध्यम से केवल पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को ही नहीं, बल्कि उनके बच्चों को भी कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे श्रमिक परिवारों की अगली पीढ़ी को तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इस अवसर पर सचिव श्रम विभाग श्री हिमशिखर गुप्ता, डॉ. आलोक साहू, प्रधान निदेशक सिपेट रायपुर, श्री नितेश कुमार जैन प्रशासनिक अधिकारी, श्री गिरीश रामटेके सचिव, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा की कहानी : सेवा के संकल्प से खुली समृद्धि की राह
बिहान योजना ने बदला कौशिया का जीवन, साधारण गृहणी से 'लखपति दीदी' बन पेश की मिसाल
रायपुर, सितंबर 2026
समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं को स्वावलंबी और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शासन के सेवा के संकल्प से ग्रामीण क्षेत्रों में नई क्रांति ला रहा है। इस विशेष अभियान के तहत प्रशासनिक तत्परता से शासकीय योजनाओं और स्व-सहायता समूहों का लाभ समयबद्ध तरीके से सीधे महिलाओं तक पहुँचाया जा रहा है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़कर दुर्ग जिले के जनपद पंचायत पाटन के ग्राम पंचायत सिपकोहा की निवासी श्रीमती कौशिया निषाद ने अपने हुनर और कड़ी मेहनत से आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है।
श्रीमती कौशिया निषाद ने बताया कि वे कभी एक साधारण गृहणी के रूप में केवल खेतिहर कार्यों में परिवार का हाथ बंटाती थीं। सेवा संकल्प की मंशा के अनुरूप जब वे श्बाला मां महिला स्व-सहायता समूहश् से जुड़ीं, तो उन्हें आजीविका विस्तार के लिए वित्तीय सहयोग और मार्गदर्शन मिला। समूह के माध्यम से 15 हजार रुपए की आरएफ तथा 60 हजार रुपए की सीआईएफ राशि एवं बैंक ऋण की सहायता से उन्होंने फैंसी स्टोर, कपड़ा व पार्लर का व्यवसाय शुरू किया। इसके साथ ही बाड़ी विकास योजना तथा मनरेगा के तहत स्वीकृत 1.20 लाख रुपए की सहायता से मुर्गी शेड का निर्माण कराकर पशुपालन व पोल्ट्री गतिविधियों को भी अपनाया।
प्रशासनिक सहयोग, विभिन्न वित्तीय सुविधाओं और स्वयं की लगन के बल पर आज कौशिया निषाद विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों से प्रतिवर्ष लगभग 2 लाख रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित कर रही हैं। एक साधारण गृहणी से सफल उद्यमी बनकर ’लखपति दीदी’ के रूप में उभरीं कौशिया निषाद ने अपने परिवार को समृद्ध बनाने के साथ-साथ समाज में एक नई पहचान बनाई है।
विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा छत्तीसगढ़ का ग्रामीण पर्यटन मॉडल
लमना विलेज स्टे में ब्रिटेन के अतिथियों ने ग्रामीण जीवन, स्थानीय संस्कृति और हाट-बाजार का लिया अनुभव
लमना में दिखी संस्कृति और अपनत्व की खूबसूरत तस्वीर
रायपुर, 24 सितंबर 2026


छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ग्रामीण जीवनशैली, लोक संस्कृति और आत्मीय आतिथ्य अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है। पर्यटन के बदलते स्वरूप में अब पर्यटक केवल बड़े शहरों और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे गांवों की मिट्टी की खुशबू, स्थानीय खान-पान, परंपराओं, हस्तशिल्प और ग्रामीण जीवन को करीब से अनुभव करने में भी रुचि ले रहे हैं। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लमना विलेज स्टे में ब्रिटेन से पहुंचे पर्यटकों का प्रवास इसी बदलती पर्यटन तस्वीर की जीवंत मिसाल है।

ब्रिटेन से आए श्री फ्रैंक रोजर मार्सटन और श्रीमती जेनिफर मार्गरेट रेनफ्रू मार्सटन का लमना गांव पहुंचने पर ग्रामीणो ने पारंपरिक आत्मीयता के साथ तिलक लगाकर तथा ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच स्वागत किया। विदेशी अतिथियों ने भी ग्रामीणों के इस आत्मीय स्वागत का आनंद लिया और स्थानीय लोगों के साथ सहजता से घुल-मिलकर छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति को करीब से महसूस किया।

लमना विलेज स्टे में अतिथियों का अनुभव केवल ठहरने तक सीमित नहीं रहा। उन्हें गांव की गलियों, खेत-खलिहानों, पारंपरिक परिवेश और स्थानीय जीवन से परिचित कराने के लिए ‘विलेज वॉक’ कराया गया। इस दौरान अतिथियों ने ग्रामीणों से संवाद किया, स्थानीय जीवनशैली को समझा और गांव के सहज वातावरण का आनंद लिया। अतिथियों ने ग्रामीण परिवारों, बच्चों, महिलाओं और स्थानीय लोगों के साथ आत्मीय संवाद भी किया।

ग्रामीण हाट बना खास आकर्षण
लमना प्रवास के दौरान स्थानीय ग्रामीण हाट का भ्रमण विदेशी मेहमानों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। हाट में उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों से बातचीत की तथा मिट्टी के बर्तन, बांस से बने सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, स्थानीय खाद्य सामग्री, सब्जियों और अन्य ग्रामीण उत्पादों को करीब से देखा। ग्रामीण बाजार की चहल-पहल, स्थानीय उत्पादों की विविधता और लोगों के सहज व्यवहार ने अतिथियों को भारतीय गांव के वास्तविक जीवन का अनुभव कराया।
ग्रामीण जीवन से सीधे जुड़ने का अनुभव
लमना विलेज स्टे की खासियत यह है कि यहां पर्यटक केवल किसी स्थान को देखने नहीं आते, बल्कि स्थानीय जीवन का हिस्सा बनकर उसे महसूस करते हैं। ब्रिटिश अतिथियों ने ग्रामीण परिवेश में समय बिताया, स्थानीय लोगों के साथ बैठकर बातचीत की और पारंपरिक ग्रामीण वातावरण को नजदीक से जाना। गांव की सादगी, प्राकृतिक परिवेश और लोगों की सहज आत्मीयता ने उनके प्रवास को एक अलग तरह का अनुभव दिया।
छत्तीसगढ़ के पर्यटन पहचान में जुड़ रहा नया अध्याय
छत्तीसगढ़ में पर्यटन अब प्रकृति और दर्शनीय स्थलों से आगे बढ़कर अनुभव आधारित पर्यटन की ओर विस्तार कर रहा है। छत्तीसगढ़ में प्रकृति, जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, होमस्टे और इको-टूरिज्म को पर्यटन अर्थव्यवस्था से जोड़ने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। इससे स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसरों को जोड़ने वाले पर्यटन मॉडल को महत्व मिल रहा है।
प्रकृति, संस्कृति और ग्रामीण आतिथ्य का संगम है लमना
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मैकल पर्वत श्रृंखला, जंगल, जलप्रपात, धार्मिक स्थल और प्राकृतिक पर्यटन की विविध संभावनाएं मौजूद हैं। शिवघाट मनौरा, जलेश्वर धाम, लक्ष्मणधारा, झोजा जलप्रपात और धनपुर सहित अनेक प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थल शामिल हैं। लमना विलेज स्टे जैसे ग्रामीण पर्यटन केंद्र पर्यटकों को प्रकृति और स्थानीय जीवन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बस्तर से लमना तक—छत्तीसगढ़ में अनुभव आधारित पर्यटन की बढ़ती तस्वीर
पर्यटक अब केवल पर्यटन स्थलों के दर्शन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्थानीय जीवन, खान-पान, हस्तशिल्प, लोक संस्कृति और समुदाय के साथ जुड़ने वाले अनुभवों को भी महत्व दे रहे हैं। होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन इस बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ी बन रहे हैं।
लमना में ब्रिटेन के पर्यटकों का अनुभव इसी सोच को आगे बढ़ाता दिखाई देता है। यहां विदेशी मेहमानों ने किसी पर्यटन स्थल को दूर से देखने के बजाय गांव के बीच जाकर लोगों से मुलाकात की, ग्रामीण हाट में स्थानीय गतिविधियों को समझा और छत्तीसगढ़ के ग्रामीण जीवन की सहजता को महसूस किया।
विदेशी मेहमानों के लिए यादगार बना छत्तीसगढ़ का अपनापन
लमना प्रवास के दौरान श्री फ्रैंक रोजर मार्सटन और श्रीमती जेनिफर मार्गरेट रेनफ्रू मार्सटन ग्रामीणों के साथ तस्वीरें खिंचवाते, बच्चों से बातचीत करते और स्थानीय परिवारों के साथ समय बिताते नजर आए। वे ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के साथ आत्मीयता से मिले ।
विदेशी पर्यटकों का गांवों तक पहुंचना इस बात का संकेत है कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाएं अब नए क्षेत्रों और नए अनुभवों तक विस्तार पा रही हैं।
ग्रामीण पर्यटन के विस्तार से स्थानीय परिवारों, छोटे व्यवसायों, हस्तशिल्पकारों, ग्रामीण बाजारों, स्थानीय गाइडों और होमस्टे संचालकों के लिए आय एवं रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
लमना में ब्रिटेन के मेहमानों की यह यात्रा छत्तीसगढ़ के उस पर्यटन मॉडल की खूबसूरत झलक है, जहां प्रकृति के साथ संस्कृति, गांव के साथ आतिथ्य और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था आगे बढ़ती है। छत्तीसगढ़ की यही सहज, आत्मीय और जीवंत पहचान देश-दुनिया के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत पेंड्रा महाविद्यालय में रक्तदान शिविर
100 से अधिक विद्यार्थियों का रक्त समूह परीक्षण, 13 यूनिट रक्तदान कर युवाओं ने दिया मानव सेवा का संदेश
रायपुर, सितंबर 2026
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस के अवसर पर डॉ. भंवर सिंह पोर्ते शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पेंड्रा में यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में रक्त समूह परीक्षण एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर के दौरान 100 से अधिक प्रतिभागियों का रक्त समूह परीक्षण किया गया। वहीं पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों और अन्य सहभागियों ने 13 यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व, जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता तथा मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.पी. रोहिणी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए यूथ रेडक्रॉस सोसायटी, राष्ट्रीय सेवा योजना और सभी सहभागी छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर के आयोजन में जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत रात्रे एवं जिला ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहा।
सेवा की कहानी : दिव्यांग तोपसिंग को मिली बैटरी चालित ट्रायसायकल, अब बिना किसी सहारे के खुद चला रहे अपनी दुकान
रायपुर, सितंबर 2026
समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर दिव्यांगजनों को सुलभ और पारदर्शी तरीके से शासकीय योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प’ अभियान दुर्ग जिले में अत्यंत प्रभावकारी सिद्ध हो रहा है। प्रशासनिक तत्परता और त्वरित सेवा वितरण व्यवस्था के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत करंजा-भिलाई (वार्ड क्रं. 16) निवासी 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग श्री तोपसिंग साहू के जीवन में शासन की योजना ने आत्मनिर्भरता की नई किरण जगाई है।
श्री तोपसिंग साहू ने बताया कि वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए एक छोटा सा पान ठेला संचालित करते हैं। दिव्यांगता के कारण उन्हें अपनी दुकान तक आने-जाने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता था और प्रतिदिन दूसरों की सहायता पर निर्भर रहना पड़ता था। सेवा संकल्प की मंशा के अनुरूप जब उन्हें समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सहायक उपकरण प्रदाय योजना की जानकारी मिली, तो उन्होंने विभाग से संपर्क किया। जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें बैटरी चालित ट्रायसायकल प्रदान की गई। बैटरी चालित ट्रायसायकल मिलने के बाद तोपसिंग साहू की आवागमन संबंधी बड़ी समस्या दूर हो गई है।
अब वे बिना किसी की सहायता के स्वयं ही अपनी दुकान तक आसानी से आ-जा रहे हैं, जिससे उनके समय की बचत हो रही है और व्यापार संचालन में भी सहूलियत आई है। पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री तोपसिंग साहू ने इस सुगम व्यवस्था और त्वरित सहायता के लिए सरकार की संकल्प सेवा अभियान आधारित इस पहल की सरहना की और सहृदय आभार व्यक्त किया।
सेवा की कहानी : मिनी माता महतारी जतन योजना से श्रीमती रोशनी के मातृत्व को मिला आर्थिक संबल
रायपुर, 25 सितम्बर 2026
राज्य शासन द्वारा श्रमिक परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के पंजीयन के बाद उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, बीमा, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इन योजनाओं से श्रमिक परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहारा मिलने के साथ ही उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में मदद मिल रही है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर में कोण्डागांव के अस्पताल वार्ड निवासी श्रीमती रोशनी यादव को प्रसूति के उपरांत श्रम विभाग की मिनी माता महतारी जतन योजना का लाभ मिला। योजना के अंतर्गत उन्हें 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह सहायता उनके बच्चे के स्वास्थ्य, पोषण एवं आवश्यक देखभाल में उपयोगी साबित हो रही है।
श्रीमती यादव बताती हैं कि प्रसव के बाद नवजात शिशु की देखभाल के साथ दवाइयों, पोषण और अन्य आवश्यकताओं पर होने वाले खर्च की चिंता रहती थी। ऐसे समय में शासन से मिली 20 हजार रुपये की सहायता उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक संबल बनी। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रथम दो बच्चों के जन्म पर 20 हजार रुपये की सहायता
छत्तीसगढ़ शासन की मिनी माता महतारी जतन योजना के अंतर्गत पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों को प्रथम दो बच्चों के प्रसव पर 20 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों की माताओं एवं उनके बच्चों को प्रसव के दौरान तथा प्रसव के बाद स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
श्रम विभाग की ऐसी योजनाओं के माध्यम से शासन द्वारा श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा का आधार प्रदान किया जा रहा है। योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचने से माताओं को प्रसव के समय आर्थिक सहायता मिल रही है और नवजात बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की बेहतर देखभाल में भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। श्रीमती रोशनी यादव जैसी कई महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।
स्मार्ट सिटी के हर प्रोजेक्ट की बनेगी एसओपी, संचालन से कमाई तक का खाका होगा तैयार
प्रोजेक्ट्स की दीर्घकालिक उपयोगिता तय होगी, बेहतर इस्तेमाल और राजस्व सृजन पर फोकस
प्रमुख सचिव श्री बोरा ने पीपीपी मॉडल की संभावनाएं तलाशने के दिए निर्देश
स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में मंथन, प्रशिक्षण और क्षमता विकास पर भी जोर
रायपुर. सितम्बर 2026

बिलासपुर में स्मार्ट सिटी के तहत तैयार परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। हर प्रोजेक्ट के लिए एसओपी तैयार कर उसके बेहतर और दीर्घकालिक उपयोग का खाका तैयार किया जाएगा। नागरिकों के लिए इन परियोजनाओं का इस्तेमाल बढ़ाने के साथ राजस्व सृजन की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। जहां जरूरत होगी, वहां पीपीपी (PPP) मॉडल पर भी काम किया जाएगा।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में आज हुई बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 20वीं बैठक में विभिन्न विषयों पर मंथन किया गया। श्री बोरा ने स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं को प्रभावी तरीके से संचालित करने के साथ ही उनके बेहतर उपयोग और दीर्घकालिक स्थायित्व पर जोर दिया। उन्होंने संचालन एवं रखरखाव के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार करने और निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजनाओं के बेहतर उपयोग की संभावनाएं तलाशने के साथ राजस्व सृजन पर भी काम करने को कहा। उन्होंने आवश्यकतानुसार पीपीपी मॉडल की संभावनाओं पर भी आगे बढ़ने के निर्देश दिए।
बैठक में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बिलासपुर में चल रहे विकास कार्यों और परियोजनाओं की प्रगति से लेकर उनके भविष्य में संचालन जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ। नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगरीय अधोसंरचना को बेहतर बनाने से जुड़े विषय भी बोर्ड के सामने रखे गए। परियोजनाओं के संचालन, रखरखाव और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
प्रमुख विषय श्री बोरा ने परियोजनाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने मानव संसाधन की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से अधिक लोगों को जोड़ने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण और कार्य अनुभव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परियोजनाओं में कौन क्या जिम्मेदारी निभाएगा, इसे भी स्पष्ट रखने की बात कही गई।
बैठक में एजुकेशन हब में अकादमिक ब्लॉक के निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। उपलब्ध बीएससीएल (BSCL) निधि से प्रस्तावित कार्य को संस्थागत स्थायित्व और बेहतर उपयोग की दृष्टि से आगे बढ़ाने पर विचार किया गया। इनके साथ ही जल संबंधी कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
मंत्रालय से वर्चुअली आयोजित बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा के साथ संचालक श्री नीलेश महादेव क्षीरसागर तथा सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल शामिल हुए। वहीं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री भीम सिंह कंवर, चिप्स (CHiPS) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मयंक अग्रवाल, भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधि श्री सुजीत कुमार, बिलासपुर के कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह, बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री प्रकाश कुमार सर्वे और संचालक मंडल के अन्य सदस्य एवं अधिकारी बैठक में ऑनलाइन जुड़े।
बस्तर की पुष्पलता नागे बनीं 'लखपति दीदी'
बिहान योजना से बदली ग्रामीण महिलाओं की तकदीर
रायपुर, सितम्बर 2026
बस्तर जिले के ग्राम कालीपुर की रहने वाली उच्च शिक्षित पुष्पलता नागे ने आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक मिसाल पेश की है। स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब उन्हें नौकरी नहीं मिली, तो उन्होंने खुद का व्यवसाय स्थापित करने का संकल्प लिया।
शुरुआती दौर में जब वे पूंजी के लिए बैंकों के चक्कर लगा रही थीं, तो गारंटर न होने के कारण उन्हें निराशा हाथ लगी। ऐसे मुश्किल वक्त में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'लखपति दीदी' अभियान के दूरदर्शी विजन और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन ने पुष्पलता को नई दिशा दी।
शासन के सहयोग से संचालित स्व-सहायता समूह से जुड़कर पुष्पलता को महज 60 हजार रुपए का सुलभ और रियायती ऋण प्राप्त हुआ, जिसने उनकी किस्मत बदल दी। इस छोटी सी पूंजी का सदुपयोग करते हुए उन्होंने आधुनिक तरीके से उन्नत खेती की शुरुआत की। खेती से हुए मुनाफे को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कुक्कुट पालन का काम शुरू किया और फिर अपने कारोबार का विस्तार बड़े पैमाने पर मत्स्य पालन तक कर दिया।
कड़ी मेहनत और सरकार की जनहितैषी नीतियों के बल पर आज पुष्पलता सालाना पांच से सात लाख रुपये की आमदनी अर्जित कर रही हैं। वे न केवल अपने परिवार को सम्मानजनक जीवन दे रही हैं, बल्कि बस्तर के सुदूर अंचल में आत्मनिर्भर भारत की सशक्त पहचान बन चुकी हैं। पुष्पलता अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को देते हुए अन्य ग्रामीण महिलाओं को भी प्रेरित कर रही हैं कि वे शासन की 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं से जुड़ें और छोटे स्तर से शुरुआत कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनें।
सांसों की जंग जीतकर मैदानों में दौड़ी नन्हीं प्रेरणा
एक मासूम धड़कन की चमत्कारी वापसी
रायपुर, सितम्बर 2026
बचपन खेल-कूद, तितलियों के पीछे भागने और खिलखिलाने का नाम है, लेकिन बस्तर जिले की ग्राम लेण्ड्रा की मासूम प्रेरणा के लिए चंद कदम चलना भी किसी पहाड़ चढ़ने जैसा हो गया था। थोड़ा सा भी हिलने-डुलने पर उखड़ती सांसें और शरीर को जकड़ लेने वाली थकान उसके हंसते-खेलते बचपन को चुपचाप निगल रही थी। माता-पिता की आंखों में बेबसी थी और बच्ची के चेहरे से चंचलता गायब, मगर नियति ने इस नन्हीं जान के लिए एक नई सुबह तय कर रखी थी।
प्रेरणा के जीवन में मोड़ तब आया जब सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दरभा की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम उसके स्कूल में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंची। डॉक्टरों की अनुभवी नजरों ने प्रेरणा की थकी सांसों के पीछे छिपे खतरे को पल भर में भांप लिया। जांच में दिल की बीमारी के लक्षण दिखे, तो बिना एक पल गंवाए टीम उसे एमपीएम अस्पताल ले गई। वहां एसएमसी अस्पताल रायपुर के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. एसएस मोहंती ने इको टेस्ट किया और पुष्टि की कि प्रेरणा के नन्हें दिल को बचाने के लिए तुरंत ओपन सर्जरी की जरूरत है। यह खबर परिवार के पैरों तले जमीन खिसकाने वाली थी, लेकिन यहीं से डॉक्टरों और प्रशासन की फरिश्ता बनी टीम ने कमान संभाली।
प्रेरणा के माता-पिता की सहमति के बाद खण्ड चिकित्सा अधिकारी दरभा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के मार्गदर्शन में उसे रायपुर के एसएमसी अस्पताल ले जाया गया। ऑपरेशन थिएटर का दरवाजा बंद हुआ और शुरू हुई सांसों की सबसे बड़ी जंग। डॉ. मोहंती और उनकी सर्जिकल टीम के हुनर व तत्परता से वह जटिल सर्जरी पूरी तरह सफल रही और प्रेरणा के दिल की धड़कनों ने एक नया जीवन राग छेड़ दिया।
आज प्रेरणा को देखकर कोई कह ही नहीं सकता कि यह वही बच्ची है जो कभी चार कदम चलने में हांफ उठती थी। अब न तो उसकी सांसें फूलती हैं और न ही चेहरे पर थकान का साया नजर आता है। वह अपने बस्ते के साथ खिलखिलाते हुए स्कूल जा रही है और खेल के मैदानों में हवा से बातें कर रही है। अपनी बेटी को दोबारा जिंदगी की दौड़ में सबसे आगे देख भावुक माता-पिता बार-बार स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों का आभार जताते नहीं थक रहे। सही वक्त पर सही फैसले ने साबित कर दिया कि जब उम्मीद और संवेदना एक साथ खड़े हों, तो धड़कनें कभी हार नहीं मानतीं।
सेवा संकल्प अभियान : सेवा संकल्प से कुपोषण पर जीत, 16 सप्ताह में मिनाक्षी ने पाई सामान्य पोषण स्थिति
पोषण, परामर्श और सतत निगरानी से बदली तस्वीर, स्वस्थ बचपन की ओर बढ़ी मिनाक्षी
रायपुर, 25 सितंबर 2026
हर बच्चे का स्वस्थ बचपन, मजबूत भविष्य की पहली सीढ़ी है। इसी सोच के साथ 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए जिले में कुपोषित बच्चों की पहचान से लेकर उनके पोषण सुधार तक निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
'हमर स्वस्थ लइका' कार्यक्रम के माध्यम से नियमित वृद्धि निगरानी, पोषण सहयोग, परिवार परामर्श एवं सतत फॉलो-अप के जरिए बच्चों को स्वस्थ पोषण स्थिति की ओर लाया जा रहा है। इसी जनकल्याणकारी प्रयास का प्रेरणादायक उदाहरण है मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले ग्राम विकासखंड मोहला के ग्राम मुंजाल निवासी मिनाक्षी केशरी पिस्दा, जिसने गंभीर कुपोषण से जूझते हुए निरंतर देखभाल और पोषण सहयोग के माध्यम से महज 16 सप्ताह में सामान्य पोषण स्थिति हासिल की।
मिनाक्षी केशरी पिस्दा का जन्म 16 मार्च 2022 को हुआ। उसे 05 मई 2026 को “हमर स्वस्थ लइका” कार्यक्रम के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। नियमित वृद्धि निगरानी के दौरान उसका वजन 10 किलोग्राम एवं लंबाई 91.5 सेंटीमीटर दर्ज की गई। पोषण स्थिति के आकलन में मिनाक्षी को गंभीर तीव्र कुपोषित पाया गया। समय पर हुई इस पहचान ने उसके पोषण सुधार एवं स्वस्थ विकास की दिशा में आवश्यक हस्तक्षेप की शुरुआत की।
मिनाक्षी को कार्यक्रम के अंतर्गत नियमित देखभाल एवं फॉलो-अप में शामिल करते हुए उसकी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए संवर्धित घर ले जाने योग्य पोषण आहार (एटीएचआर) प्रदान किया गया। परिवार को इसके उचित उपयोग, सेवन की विधि तथा बच्चे को पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार देने के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा नियमित गृहभेंट, वृद्धि की निगरानी, परिवार को पोषण संबंधी मार्गदर्शन और सतत फॉलो-अप सुनिश्चित किया गया। परिवार की सहभागिता और विभागीय प्रयासों के समन्वय से मिनाक्षी की पोषण सुधार आगे बढ़ती रही।
लगातार 16 सप्ताह तक पोषण देखभाल, संवर्धित पोषण आहार, नियमित वृद्धि निगरानी एवं सतत फॉलो-अप का सकारात्मक परिणाम सामने आया। पंजीयन के समय 10.0 किलोग्राम वजन वाली मिनाक्षी का वजन 16 सप्ताह बाद बढ़कर 11.6 किलोग्राम हो गया, अर्थात उसके वजन में 1.6 किलोग्राम की वृद्धि हुई। इसी अवधि में उसकी लंबाई 91.5 सेंटीमीटर से बढ़कर 93.3 सेंटीमीटर हो गई। निरंतर पोषण देखभाल एवं निगरानी के बाद उसकी पोषण स्थिति गंभीर तीव्र कुपोषण से सामान्य पोषण स्थिति में आ गई।
मिनाक्षी की यह उपलब्धि इस बात का सकारात्मक उदाहरण है कि कुपोषण की समय पर पहचान, उचित पोषण हस्तक्षेप, परिवार आधारित देखभाल, नियमित वृद्धि निगरानी और सतत फॉलो-अप के माध्यम से बच्चों के पोषण एवं विकास में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। सेवा और संकल्प के माध्यम से अंतिम पंक्ति तक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता मिनाक्षी जैसे बच्चों के जीवन में प्रत्यक्ष परिवर्तन के रूप में दिखाई देती है। गंभीर कुपोषण से सामान्य पोषण स्थिति तक मिनाक्षी का सफर केवल उसके स्वस्थ होने की कहानी नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण के समन्वित प्रयासों से स्वस्थ बचपन की दिशा में बढ़ते कदम की प्रेरणादायक मिसाल है।
सेवा संकल्प अभियान से गांव में पहुंची विकास की रोशनी, 75 वर्षों का इंतजार हुआ खत्म
बिजली से बदली जिंदगी, सुशासन और जनकल्याण की संकल्पना हुई साकार
रायपुर, सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, सुशासन और जनकल्याण के उद्देश्यों को धरातल पर साकार करते हुए मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम सम्बलपुर के ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई रोशनी जगाई है।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड के ग्राम सम्बलपुर निवासी अनिल हिंडामी के परिवार के लिए बिजली का पहुंचना वर्षों से देखे जा रहे एक सपने के साकार होने जैसा है। आजादी के बाद लगभग 75 वर्षों तक गांव में विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी। सूर्य ढलते ही गांव अंधेरे में डूब जाता था। बच्चों को पढ़ाई करने में कठिनाई होती थी, मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता था तथा खेती सिंचाई के लिए डीजल पंप पर निर्भर थी।
मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत गांव में ट्रांसफार्मर एवं विद्युत पोल स्थापित कर घरों तक बिजली पहुंचाई गई। अनिल हिंडामी के घर में पहली बार विद्युत मीटर, बोर्ड और बल्ब लगा, जिससे उनके परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया। अब घर में पंखा और कूलर चल रहे हैं, रात में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध है और बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है। मोबाइल चार्जिंग की सुविधा घर पर ही उपलब्ध होने के साथ ही मोटर पंप से सिंचाई शुरू होने से कृषि कार्य भी सुगम हुआ है।
अनिल हिंडामी के लिए बिजली महज उजाले का साधन नहीं, बल्कि बेहतर जीवन और नई संभावनाओं की रोशनी है। बिजली की सुविधा मिलने से शिक्षा, कृषि और दैनिक जीवन से जुड़ी जरूरतें आसान हुई हैं तथा विकास के नए अवसरों का रास्ता खुला है। ग्राम सम्बलपुर में बिजली की पहुंच ने वर्षों के अंधकार को दूर कर ग्रामीणों के जीवन में सुविधा, आत्मविश्वास और उम्मीद का नया उजाला भर दिया है।
सेवा संकल्प अभियान : ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत पर्यावरण संरक्षण से युवा जागरूकता तक विविध गतिविधियां
कृष्ण कुंज में वृक्षारोपण कर दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश, पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
महाविद्यालयीन छात्राओं को मिला कैरियर मार्गदर्शन, साइबर अपराध और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
रायपुर,सितम्बर 2026


‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत दुर्ग जिले में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता, युवा मार्गदर्शन और साइबर सुरक्षा को लेकर विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल, पुलिस विभाग, वन विभाग तथा नगर पालिक निगम दुर्ग एवं रिसाली के समन्वय से आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कृष्ण कुंज में वृक्षारोपण, हरित क्षेत्र बढ़ाने का संदेश
अभियान के तहत रिसाली सेक्टर के वार्ड क्रमांक-09 स्थित कृष्ण कुंज में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर, दुर्ग महापौर श्रीमती अल्का बाघमार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वन विभाग, नगर पालिक निगम रिसाली एवं छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल के अधिकारियों के साथ नागरिकों ने पौधरोपण किया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया। नागरिकों को पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
’छात्राओं को मिला कैरियर मार्गदर्शन, साइबर सुरक्षा के बताए उपाय’
इसी क्रम में डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग में कैरियर काउंसलिंग एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक श्री ललित चंद्राकर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस विभाग एवं छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल के अधिकारी सहित महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम में अविश एडुकॉम के डायरेक्टर श्री नीलेश पारख ने छात्राओं को कैरियर से संबंधित मार्गदर्शन देते हुए भविष्य की संभावनाओं और बेहतर कैरियर विकल्पों के संबंध में जानकारी दी।
उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम और उप निरीक्षक श्री संकल्प राय ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने पर जोर दिया।
’सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की पहल’
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों और युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से एक ओर पौधरोपण और हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया, वहीं दूसरी ओर युवाओं को कैरियर निर्माण और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
निर्माण श्रमिकों के कौशल विकास को मिली नई दिशा, बीओसी और सिपेट के बीच हुआ महत्वपूर्ण अनुबंध
श्रम मंत्री, बीओसी अध्यक्ष की उपस्थिति में हुआ अनुबंध
200 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों अथवा उनके बच्चों को मिलेगा 480 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण, प्लास्टिक प्रोसेसिंग, इंजेक्शन मोल्डिंग एवं एक्सट्रूज़न में होंगे दक्ष
रायपुर, सितम्बर 2026
प्रदेश के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में श्रम विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। गुरुवार को नवा रायपुर, अटल नगर में श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के शासकीय निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल (बीओसी) एवं सिपेट रायपुर के बीच पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके बच्चों के कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण अनुबंध हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह उपस्थित रहे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 200 निर्माण श्रमिकों अथवा उनके बच्चों को 480 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्लास्टिक प्रोसेसिंग, इंजेक्शन मोल्डिंग एवं एक्सट्रूज़न जैसे तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों को पारंपरिक रोजगार के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ना है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उनके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें। कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से श्रमिक परिवारों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस अवसर पर सिपेट रायपुर के प्रधान निदेशक डॉ. आलोक साहू, प्रशासनिक अधिकारी श्री नितेश कुमार जैन, प्रबंधन तकनीकी श्री रविंद्र रेड्डी तथा बीओसी के सचिव श्री गिरीश रामटेके सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।