छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
6745 किशोरी बालिकाओं का किया गया एचपीवी टीकाकरण
राजनांदगांव । गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) से किशोरी बालिकाओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में एचपीवी टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत नीरज बाजपेयी स्कूल बोरी में एचपीवी टीकाकरण शिविर का आयोजन कर 14 से 15 वर्ष तक के 31 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। शिविर में एचपीवी टीकाकरण के उपयोग एवं महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। जिले में अब तक कुल 6745 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाया जा चुका है। शिविर में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
आयुष्मान आरोग्य मन्दिर चिरचारीकला में योगाभ्यास सत्र का आयोजन
राजनांदगांव । आयुष विभाग के निर्देशानुसार जिले के आयुष्मान आरोग्य मन्दिरों में योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत आयुष्मान आरोग्य मन्दिर चिरचारीकला में योग प्रशिक्षक विनोद कुमार सोनी द्वारा योगाभ्यास कराया गया। योग सत्र में शामिल ग्रामीणों को नियमित योगाभ्यास करने एवं योग को अपने दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रत्येक बुधवार को बीपी एवं शुगर के मरीजों को सेंटर में सुबह योग के लिए आने की सलाह दी गई। इस दौरान पौधरोपण किया गया तथा पौधों का वितरण किया गया।
राजनांदगांव की गौशाला पिंजरापोल सेवा, समर्पण और जनसहभागिता का आदर्श केंद्र : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष ने नवीन गौछाया परिसर का लोकार्पण एवं चिकित्सा तथा गौचारा परिसर का किया भूमिपूजन
राजनांदगांव । विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज गौशाला पिंजरापोल राजनांदगांव में नवीन गौछाया परिसर के लोकार्पण तथा चिकित्सा परिसर एवं गौचारा परिसर के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राज्य शासन की ओर से गौशाला के विकास के लिए 75 लाख रूपए की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने की। इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव तथा राज्य गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव को संस्कारधानी इसलिए कहा जाता है जब कोई घटना हो जाती है। उस घटना से एक बड़ा निर्णय निकल कर आता है, जो गौ माता के संवर्धन और संरक्षण के लिए होता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1904 में एक मार्मिक घटना के बाद स्वर्गीय रामलाल चोपड़ा ने गौशाला स्थापना का संकल्प लिया और समाज के सहयोग से इसकी शुरूआत हुई। आज 122 वर्षों की यह यात्रा जनसेवा, गौसंवर्धन और समाज की सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है। उन्होंने कहा कि गौशाला पिंजरापोल केवल गौशाला नहीं, बल्कि एक पवित्र तीर्थस्थल है, जहां समाज की आस्था और सेवा भावना का अद्भुत संगम दिखाई देता है। उन्होंने गौशाला के विकास में भूमि, संसाधन एवं आर्थिक सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का उल्लेख करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से यह गौशाला आज प्रदेश की सबसे सशक्त एवं समृद्ध गौशालाओं में शामिल है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नागरिकों से गौसेवा में नियमित सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार अपनी सामथ्र्य के अनुसार गौशाला से जुड़े और गौसंरक्षण के इस पुण्य कार्य में योगदान दें।
कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि इतनी समृद्ध परंपरा और 122 वर्षों के गौरवशाली इतिहास वाली गौशाला बहुत कम देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि यहां समाज का जुड़ाव, दानदाताओं की सहभागिता तथा गौसेवा के प्रति लोगों की संवेदनशीलता अनुकरणीय है। उन्होंने गौधाम योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य शासन गौसंरक्षण एवं गौसेवा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मंत्री रामविचार नेताम ने गौशाला में संचालित चिकित्सा सुविधाओं, पशु उपचार, शल्य चिकित्सा तथा प्रस्तावित आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने कहा कि गौशाला में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजे जाएं, जिन पर शासन स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री श्री नेताम ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को गौशाला में नियमित रूप से पशु चिकित्सकों एवं पशु चिकित्सा सहायक कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गौवंश को समय पर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम को अध्यक्ष राज्य गौ सेवा आयोग विशेषर सिंह पटेल, महापौर मधुसूदन यादव ने भी संबोधित किया। अध्यक्ष श्री गौशाला पिंजरापोल खूबचंद पारख ने स्वागत उद्बोधन देते हुए श्री गौशाला पिंजरापोल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में गौशाला के विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए अनेक समाजसेवियों एवं दानदाताओं ने उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग की घोषणा की। अतिथियों ने गौसेवा एवं गौसंरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए इसे समाज की साझा जिम्मेदारी बताया। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्र बैंक मार्यादित के अध्यक्ष सचिन बघेल, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास श्रीमती पूर्णिमा साहू, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, एमडी ठाकुर, गौशाला पिंजरापोल समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, दानदाता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मानसून के दौरान बाढ़ एवं आपदा से निपटने जिला प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
बाढ़ एवं जलभराव की सूचना पर तत्काल करें संपर्क, कंट्रोल रूम 24 घंटे सतर्क
राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिला, अनुविभाग एवं तहसील स्तर पर सहायता केंद्र सक्रिय
खैरागढ़ 30 जुलाई 2026/
जिले में मानसून 2026 के दौरान संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर जारी किए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति, बाढ़, जलभराव अथवा अन्य आपदा संबंधी सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम अथवा अधिकारियों से संपर्क करें।
जिला प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव दल पूरी तरह सतर्क हैं तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। आमजन से आग्रह है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता पड़ने पर निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन के अनुसार किसी भी बाढ़ अथवा आपदा संबंधी आपात स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07820-299631 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त पुलिस कंट्रोल रूम से 94792-47401 पर संपर्क किया जा सकता है।
अनुविभागीय स्तर पर सहायता के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), खैरागढ़ के दूरभाष क्रमांक 07820-299315 या 8839474206 तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), गण्डई-छुईखदान के दूरभाष क्रमांक 07743-263530 या 9407620657 उपलब्ध रहेंगे। इसी प्रकार तहसील स्तर पर तहसील खैरागढ़ के लिए 07820-224230, तहसील छुईखदान के लिए 07743-263503, तहसील गण्डई के लिए 07743-260506 तथा तहसील साल्हेवारा के लिए 07743-299647 या 9009832630 पर संपर्क कर आवश्यक सहायता एवं जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, बाढ़ या जलभराव की सूचना मिलने पर बिना विलंब इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि राहत एवं बचाव कार्य समय पर सुनिश्चित किए जा सकें।
प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (NSPC) के पोस्टर का विमोचन
खैरागढ़ 30 जुलाई 2026
राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (NSPC) के पोस्टर का विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं वाणिज्य तथा आबकारी मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने खैरागढ़ में किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 का आयोजन भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तत्वावधान में देशभर में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
प्रतियोगिता का आयोजन पांच श्रेणियों में किया जा रहा है। इसमें कक्षा पहली से पांचवीं, कक्षा छठी से आठवीं, कक्षा नौवीं से बारहवीं, महाविद्यालय स्तर तथा स्वतंत्र (ओपन) श्रेणी शामिल हैं। प्रतियोगिता पूरी तरह ऑनलाइन एवं निःशुल्क है, जिसमें प्रतिभागी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को तत्काल ई-प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता 15 जुलाई 2026 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेषर साहू, भाजपा कार्यसमिति सदस्य श्री घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति श्री दिनेश वर्मा, श्री नवनीत जैन, श्री आयाश सिंह, कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री लक्ष्य शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल, सहायक संचालक श्री मनोहर चंदेल, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव श्री कृष्ण कुमार वर्मा, श्री राजेश मेहता, श्री गोरेलाल वर्मा, श्री महेंद्र वर्मा, श्री रामा साहू, श्री भावेश कोचर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्टॉप डायरिया कैंपेन 2026: खजरी प्राथमिक शाला में बच्चों को स्वच्छ पानी और डायरिया से बचाव की दी गई जानकारी
खैरागढ़, 30 जुलाई 2026/
जिले के खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खजरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत "स्टॉप डायरिया कैंपेन-2026" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को डायरिया की रोकथाम, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को डायरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग, हाथों की नियमित सफाई, जल स्रोतों की स्वच्छता तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण और जल गुणवत्ता परीक्षण (वॉटर क्वालिटी टेस्टिंग) के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित जल परीक्षण और सुरक्षित पेयजल का उपयोग डायरिया सहित जलजनित बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बच्चों को स्वच्छ पानी पीने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक श्री ज्ञानेश्वर यादव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती चमेली नेताम, पंचगण तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के समन्वयक, आईसी एवं WQMS के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।
नियद नेल्लानार 2.0 अभियान को मिला गति
खैरागढ़ एवं छुईखदान के ग्राम पंचायत सचिवों का हुआ उन्मुखीकरण, घर-घर पहुंचकर वंचित हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा
खैरागढ़ 30 जुलाई 2026/
जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित नियद नेल्लानार 2.0 अभियान को गति प्रदान की जा रही है। कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत सचिवों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम में सचिवों को अभियान की कार्ययोजना, सर्वेक्षण प्रक्रिया, पात्रता सत्यापन, हितग्राहियों के पंजीयन तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र व्यक्तियों एवं परिवारों की पहचान करना है, जो पात्र होने के बावजूद अब तक शासन की किसी योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं।
अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम स्तरीय सत्यापन दल गठित किए गए हैं। इन दलों में सचिव, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक, मितानिन, सक्रिय महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य, किसान सगवारी तथा कोटवार को शामिल किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सचिव को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सत्यापन दल विभिन्न विभागों से प्राप्त सूची के आधार पर घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों का पात्रता अनुसार सत्यापन करेंगे। साथ ही सर्वेक्षण के दौरान ऐसे पात्र व्यक्तियों की भी पहचान की जाएगी, जिन्हें अब तक किसी शासकीय योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे सभी हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं सचिवों को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ फील्ड में जाकर सत्यापन कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि नियद नेल्लानार 2.0 शासन की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप पहल है। सभी अधिकारी एवं सचिव समन्वय और टीम भावना के साथ अभियान को सफल बनाएं तथा निर्धारित समय-सीमा में सर्वे कार्य पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्मुखीकरण के उपरांत अब सभी ग्राम पंचायतों में गठित दल घर-घर पहुंचकर सर्वे एवं सत्यापन कार्य प्रारंभ करेंगे। अभियान के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न व्यक्तिगत एवं परिवारमूलक शासकीय योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम छोर पर बसे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बुलडोजर चलाकर शासकीय घास भूमि से हटाया गया अतिक्रमण
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज डोंगरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम रीवागहन स्थित शासकीय घास भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रीवागहन निवासी संजय वर्मा द्वारा शासकीय घास भूमि पर टीन शेड का निर्माण कर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया था। राजस्व विभाग की टीम ने आज मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया तथा शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए ऐसे माaमलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान अंतर्गत निकाली गई भव्य गौ सम्मान शोभायात्रा
राजनांदगांव । राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान अंतर्गत जिला मुख्यालय राजनांदगांव में भव्य गौ सम्मान शोभायात्रा निकाली गई। गौ सम्मान शोभायात्रा महावीर चौक से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक, गुड़ाखु लाईन, आजाद चौक, सिनेमा लाइन, मानव मंदिर चौक, गुरूद्वारा जीई रोड, अम्बेडकर चौक होते हुए जिला कार्यालय पहुंचेगी।
जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम अभियान अंतर्गत एकत्रित लगभग 3.50 लाख से अधिक हस्ताक्षरों के साथ गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा प्रदान करने तथा केंद्रीय गौ मंत्रालय की स्थापना की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा गया। शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, गौ महिमा एवं गौमाता की उपयोगिता पर आधारित पोस्टर, बैनर तथा जनजागरण संदेशों के माध्यम से नागरिकों को गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। गौ सम्मान शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौ पालक, गौ सेवक उपस्थित थे।
औद्योगिक संस्थाओं में ग्रीन एनर्जी अपनाएं : कलेक्टर
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में उद्योगों में हरित ऊर्जा के उपयोग के लिए जिले की विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों की बैठक ली।
कलेक्टर ने उद्योगों के प्रतिनिधियों से उनके संस्थानों की वर्तमान विद्युत खपत एवं ऊर्जा आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने उद्योगों के प्रतिनिधियों को हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी उद्योगों से अपने संस्थानों में सौर ऊर्जा (सोलर) के माध्यम से विद्युत उत्पादन को प्राथमिकता देने कहा। उन्होंने कहा कि भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उद्योगों को अधिकतम बिजली का स्थानीय स्तर पर स्वयं उत्पादन करना चाहिए। इससे ऊर्जा सुरक्षा बढ़ेगी तथा उद्योगों की संचालन लागत भी कम होगी। कलेक्टर ने कहा कि सोलर संयंत्र स्थापना में यदि किसी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य समस्या आती है तो उद्योग प्रबंधन जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्रक्रिया को सरल बनाने एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी उद्योगों को एक माह के भीतर सोलर स्थापना की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने उद्योगों से कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दें जिनका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिले। उन्होंने कहा कि उद्योगों के सबसे बड़े हितधारक आसपास के ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक हैं। यदि उद्योग स्थानीय समुदाय के हितों को अपनी विकास दृष्टि से जोड़ेंगे तो उद्योग और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने उद्योगों से अपने परिसरों, कर्मचारियों के आवासीय परिसरों एवं अन्य उपलब्ध भवनों में रूफटॉप सोलर स्थापित करने तथा वर्चुअल नेट मीटरिंग जैसी व्यवस्थाओं का भी उपयोग करने की सलाह दी। जिन उद्योगों ने सोलर संयंत्र स्थापित कर लिए हैं, वे अन्य उद्योगों को हरित ऊर्जा के लिए प्रोत्साहित करने कहा।
बैठक में विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों ने अपने संस्थानों में सोलर परियोजनाओं एवं ऊर्जा उत्पादन की वर्तमान स्थिति तथा भावी योजनाओं की जानकारी दी। कई उद्योगों ने सोलर क्षमता विस्तार, रूफटॉप सोलर स्थापना तथा अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं पर कार्य किए जाने की जानकारी दी। कुछ उद्योगों ने प्रस्ताव तैयार होने एवं सर्वेक्षण पूर्ण होने की जानकारी देते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ करने की बात कही। बैठक में अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, सहायक श्रमायुक्त समीर मिश्रा सहित जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने लगाया फूड स्टॉल
राजनांदगांव । प्रयास आवासीय विद्यालय राजनांदगांव में विद्यार्थियों के सर्वागीण विकास एवं व्यवहारिक शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों द्वारा फूड स्टॉल का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा संचालित फूड स्टॉल में नींबू पानी, फिंगर चिप्स, स्वीट डिश, स्वीट कॉर्न, सूप, भेल, आलू गोलगप्पा, करोंदा चाट सहित विभिन्न व्यंजन तैयार किए गए थे।
फूड स्टॉल के लिए सामग्री का प्रबंधन, ग्राहकों से संवाद अन्य व्यवस्थाओं का संचालन विद्यार्थियों द्वारा किया गया। विद्यार्थियों में जीवनोपयोगी कौशल, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, आत्मविश्वास, संचार कौशल, व्यवहारिक अनुभव एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। फूड स्टॉल में अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं अभिभावकों में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
राजनांदगांव भाजपा किसान मोर्चा ने सुनी पीएम मोदी की 'मन की बात'
राजनांदगांव । भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला राजनांदगांव द्वारा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' का श्रवण किया गया। शहर उत्तर एवं दक्षिण मंडल का मुख्य आयोजन हीरामोती लाइन स्थित पार्षद रवि सिन्हा के निवास पर हुआ।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़े प्रेरणादायी संदेश को सुना। इस दौरान संगठन के निर्देशानुसार तस्वीरों को बूथ नंबर के साथ 'सरल ऐप' (Saral App) पर अपलोड भी किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दादूराम सोनकर, पार्षद व महाविद्यालय अध्यक्ष रवि सिन्हा, जिला शिक्षा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दीपक सिन्हा , प्रकल्प संयोजक एस.के. सिंह, किसान मोर्चा मंत्री भरत राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी सतीश यादव एवं जिला सोशल मीडिया प्रभारी रमेश सोनवानी बूथ अध्यक्ष संजय चौरसिया सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की बेटी इतिहास रचने से एक कदम दूर... गरीबी को हरा, पिता की मेहनत और जुनून से अब कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को दिलाएगी गोल्ड?
इलेक्ट्रिशियन पिता की सीमित आय, परिवार के त्याग और वर्षों की मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया, जहां अब पूरा देश उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद लगाए बैठा है।
राजनांदगांव। सोमवार को ग्लास्गो (स्काटलैंड) में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के 53 किग्रा वर्ग की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता पर पूरे देश की नजरें रहेंगी। इस मुकाबले में राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव भारत के लिए स्वर्ण पदक की प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं। वर्ष 2022 से लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी ने अपने प्रदर्शन से देश और प्रदेश दोनों का गौरव बढ़ाया है।
पिता के साथ व्यायामशाला से शुरू हुई खेल यात्रा
ज्ञानेश्वरी यादव की खेल यात्रा किसी आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से नहीं, बल्कि राजनांदगांव स्थित जय भवानी व्यायामशाला से शुरू हुई। उनके पिता दीपक यादव स्वयं बॉडी बिल्डिंग करते थे। जब ज्ञानेश्वरी सातवीं कक्षा में पढ़ती थीं, तब वह पिता के साथ व्यायामशाला जाने लगीं।
बेटी की मेहनत और लगन देखकर दीपक यादव ने कोच अजय लोहार से उन्हें वेटलिफ्टिंग का प्रशिक्षण देने का अनुरोध किया। उस दिन ज्ञानेश्वरी ने पहली बार बारबेल उठाया और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
सीमित आय में पूरा परिवार बना ताकत
ज्ञानेश्वरी के परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती आर्थिक थी। दीपक यादव इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे और महीने में केवल तीन से पांच हजार रुपये की आय होती थी। इसी कमाई से पूरे परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई, ज्ञानेश्वरी की विशेष डाइट, खेल किट, जूते और प्रतियोगिताओं में भाग लेने का खर्च पूरा किया जाता था।
परिवार ने कई बार अपनी जरूरतों को पीछे रखा, लेकिन ज्ञानेश्वरी की तैयारी में कभी कमी नहीं आने दी। यही त्याग आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।
एक साइकिल पर तय होता था संघर्ष का सफर
ग्राम भोड़िया से दीपक यादव रोज सुबह अपने बच्चों को लेकर करीब आठ किलोमीटर साइकिल चलाकर राजनांदगांव पहुंचते थे। बच्चे पहले स्कूल जाते और फिर घंटों व्यायामशाला में अभ्यास करते। रात करीब 11 बजे पूरा परिवार उसी साइकिल से गांव लौटता था।
घर पर मां दुर्गा यादव सीमित संसाधनों में पूरे परिवार की जिम्मेदारी निभाती थीं। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद परिवार ने कभी ज्ञानेश्वरी के सपनों को टूटने नहीं दिया।
20-20 घंटे काम कर बेटी का सपना किया पूरा
दीपक यादव बताते हैं कि उन्होंने कई बार 20-20 घंटे तक काम किया, लेकिन बेटी की डाइट और प्रशिक्षण के साथ कभी समझौता नहीं किया। पासपोर्ट बनवाने से लेकर प्रतियोगिताओं में भेजने तक हर तैयारी समय रहते पूरी की जाती थी। उन्हें विश्वास था कि संघर्ष ही एक दिन उनकी बेटी को बड़ी सफलता दिलाएगा।
पहला पदक बना करियर का टर्निंग प्वाइंट
ज्ञानेश्वरी यादव के करियर में वर्ष 2017 अहम साबित हुआ। दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने पहला कांस्य पदक जीता। इसी उपलब्धि ने परिवार का आत्मविश्वास बढ़ाया कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।
इसके बाद वर्ष 2022 में भुनेश्वर में आयोजित जूनियर महिला वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनका चयन पटियाला स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान की अकादमी के लिए हुआ। इसी वर्ष उन्होंने कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई।
जन्मदिन से पहले चुना अभ्यास
ज्ञानेश्वरी के पिता के अनुसार, परिवार कभी उनका जन्मदिन भी ठीक से नहीं मना सका। दोस्तों के साथ समय बिताने और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने जैसी कई सामान्य खुशियों का उन्होंने त्याग किया। वर्षों तक उनका जीवन स्कूल, व्यायामशाला और अभ्यास तक ही सीमित रहा। यही अनुशासन आज उन्हें देश की भरोसेमंद वेटलिफ्टरों में शामिल करता है।
लगातार बढ़ता गया उपलब्धियों का सफर
वर्ष 2022 में ग्रीस में आयोजित जूनियर विश्व वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के बाद ज्ञानेश्वरी ने लगातार सफलता हासिल की। वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें सहायक उप निरीक्षक पद पर नियुक्त किया। हालांकि परिवार का संघर्ष पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ। राजनांदगांव में लिया गया घर अब भी ऋण पर है और उसकी किस्त पूरा परिवार मिलकर चुका रहा है।
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में वर्ष 2023 की एशियन यूथ एवं जूनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप का रजत पदक, कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के जूनियर और सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक, वर्ष 2024 विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व, वर्ष 2025 राष्ट्रीय खेलों का स्वर्ण पदक तथा वर्ष 2026 एशियाई सीनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में रजत और कांस्य पदक शामिल हैं। अब ग्लास्गो में होने वाले मुकाबले में पूरे देश को उनसे एक और स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद है।
आत्मनिर्भर बन रही राजनांदगांव जिले की ग्राम पंचायतें
ग्राम पंचायत मुसराकला, अछोली और अर्जुनी के घर-घर पहुंची सौर ऊर्जा, अतिरिक्त बिजली उत्पादन से बन रहे ऊर्जादाता
राजनांदगांव । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से राजनांदगांव जिले में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। डोंगरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत मुसराकला, अछोली एवं डोंगरगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत अर्जुनी इस योजना के सफल क्रियान्वयन से आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायी मिसाल बनकर उभरी हैं। इन ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में ग्रामीण रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाकर न केवल अपना बिजली बिल शून्य कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली का उत्पादन कर ऊर्जा संरक्षण और आय अर्जित करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं।
डोंगरगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत मुसराकला में अब तक 29 घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। 10 आवेदन स्थापना की प्रक्रिया में हैं तथा 16 नए परिवारों ने भी योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन कराया है। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती गायत्री टेम्भुरकर ने बताया कि उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में ग्राम सभा, पंचायत बैठकों तथा व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से लगातार लोगों को योजना की जानकारी दी जा रही है, जिससे ग्रामीण बड़ी संख्या में योजना से जुड़ रहे हैं। सरपंच श्रीमती गायत्री ने बताया कि वे स्वयं ने माह अप्रैल 2026 में अपने घर पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर संयंत्र स्थापित कराया। पहले उनके घर का बिजली बिल लगभग 1200 रूपए प्रतिमाह आता था, लेकिन अब बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त बिजली का उत्पादन भी हो रहा है, जिसका लाभ आगामी समय में मिलेगा।
इसी तरह ग्राम पंचायत अछोली में भी योजना को लेकर लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। यहां लगभग 50 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं तथा 15 से अधिक नागरिकों ने पंजीयन कराया है जो प्रक्रियाधीन हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच नंद कुमार साहू ने बताया कि पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर बिजली विभाग, बैंक तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना की पूरी जानकारी दी गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पहले कई परिवारों का मासिक बिजली बिल 1000 रूपए से 2 हजार रूपए तक आता था, जबकि अब बिजली बिल शून्य होने के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर भविष्य में आय प्राप्त करने का अवसर भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
डोंगरगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत अर्जुनी में भी लगभग 47 घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। गांव में दूर से दिखाई देने वाले सोलर पैनल ग्रामीणों की जागरूकता और बदलती सोच का प्रतीक बन गए हैं। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती ललिता साहू ने बताया कि ग्रामीणों को घर-घर जाकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम सभा और सूर्यसभा आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। जिससे ग्रामीण प्रेरित होकर अपने घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाकर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे भी स्वयं लगभग 4 माह पूर्व अपने घर पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर संयंत्र लगाया। पहले उनके घर का बिजली बिल 1800 से 2000 रूपए प्रतिमाह तथा गर्मी के मौसम में 3 हजार रूपए से अधिक तक पहुंच जाता था, जबकि अब बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। लोग इसे केवल बिजली बचत का माध्यम नहीं, बल्कि भविष्य की आर्थिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी साधन मान रहे हैं। योजना से लाभान्वित परिवार स्वयं अन्य लोगों को प्रेरित कर रहे हैं, जिससे गांवों में सौर ऊर्जा अपनाने का अभियान जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। जिले में अब तक योजना के अंतर्गत 8 हजार 871 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 4 हजार 317 हितग्राहियों के घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। 3 हजार 205 हितग्राहियों को शासन की ओर से सब्सिडी का लाभ प्राप्त हो चुका है तथा 1 हजार 155 परिवारों का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। शेष प्रकरणों में दस्तावेजों का सत्यापन, संयंत्र स्थापना एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूर्ण की जा रही हैं।
राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान अंतर्गत भव्य गौ सम्मान शोभायात्रा 27 को
राजनांदगांव । राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान अंतर्गत 27 जुलाई 2026 को राजनांदगांव नगर के महावीर चौक में सुबह 8 बजे विजय मंत्र जाप एवं गौमाता का पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात् सुबह 11 बजे मातृशक्ति सिर पर पवित्र कलश धारण कर तथा बैलगाड़ी में हस्ताक्षर शीट के साथ भव्य गौ सम्मान शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा महावीर चौक से प्रारंभ होकर भगतसिंह चौक, आजाद चौक एवं सिनेमा लाइन सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला कार्यालय पहुंचेगी। जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम अभियान अंतर्गत एकत्रित लगभग 3 लाख हस्ताक्षरों के साथ गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा प्रदान करने तथा केंद्रीय गौ मंत्रालय की स्थापना की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा जाएगा। शोभायात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, गौ महिमा एवं गौमाता की उपयोगिता पर आधारित पोस्टर, बैनर तथा जनजागरण संदेशों के माध्यम से नागरिकों को गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी गौभक्तों एवं नागरिकों से इस जनजागरण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान देश के प्रत्येक जिले में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत पिछले कई दिनों से जिले की सभी तहसीलों एवं विभिन्न ग्रामों में बैठकें आयोजित कर, वॉल पेंटिंग तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से व्यापक जनजागरण किया गया। इस अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का उत्साहजनक सहयोग प्राप्त हुआ है। विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई तथा विभिन्न समाजों के प्रमुखों तक अभियान का संदेश पहुंचाया गया। अभियान के परिणामस्वरूप गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। नागरिकों ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा गाय के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ठोस एवं व्यापक निर्णय लेने की अपेक्षा की गई है। गौ सम्मान शोभायात्रा में जिले की सभी तहसीलों से गौभक्त, संत-महात्मा, समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधि, पार्षद, ग्राम सरपंच, युवा, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।
शासन द्वारा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए सेवा सेतु की पहल महत्वपूर्ण : कलेक्टर
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव की उपस्थिति में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी द्वारा पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में आधार, सेवा सेतु, सामान्य सेवा केन्द्र (सीएससी) संचालकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला हुआ।
कार्यशाला में राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के आधार, सेवा सेतु, सीएससी संचालकों के कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शासन जनमानस के जीवन को आसान बनाने के लिए कार्य कर रही है। जिसमें हमारी भागीदारी होना चाहिए। जनमानस के हितों के लिए सभी को प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य करें। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करने कहा। उन्होंने कहा कि शासन की इस महती योजना से नागरिकों को बिजली के बिल से मुक्ति मिल जाएगी। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी सेंटर संचालक को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिथ्या एवं भ्रामक खबरें फैलाने वाले तथा कार्य में लापरवाही करने वाले संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी आधार, सेवा सेतु, सामान्य सेवा केन्द्र संचालक समाज एवं देश के विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने के लिए सेवा सेतु की पहल की गई है। जिसमें प्रशासनिक सेवाओं को आम नागरिक तक सरल, त्वरित व डिजिटल माध्यम से पहुंचाने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आय, जाति, निवास, विवाह प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, राजस्व सहित 570 से अधिक सेवाएं एक ही ऑनलाईन प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराई गई हैं।
कलेक्टर ने सीएससी सेंटर के सुचारू संचालन के लिए कम्प्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आय, जाति, निवास सहित अन्य सेवाओं में लगने वाले आवश्यक दस्तावेज की सूची बनाकर नागरिकों को जानकारी दें। जिससे कार्यों में एकरूपता आएगी और लोगों का विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी संचालक बेहतर तरीके से कार्य करें तथा इस बात का ध्यान रखें कि नागरिकों के प्रकरणों का निरस्तीकरण न हो। उन्होंने सभी एसडीएम को आधार सेवा पोर्टल के तहत लंबित प्रकरणों तथा निरस्त प्रकरणों की समीक्षा करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि जिस तरह सेतु से आवागमन मजबूत बनता है, उसी तरह जनमानस की सेवा के लिए सभी समन्वित एवं प्रतिबद्धतापूर्वक कार्य करेंगे एवं सेवा सेतु कार्यों में गति लाएं। एसडीएम एवं तहसीलदार सेवा सेतु के कार्यों की समीक्षा करें एवं इस कार्य को बेहतर बनाएं। कलेक्टर ने आधार, सेवा सेतु, सामान्य सेवा केन्द्र संचालकों से बात की तथा उन्हें जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने कहा। उन्होंने कहा कि समस्याओं के निराकरण के लिए पटवारी आवेदनकर्ता को फोन लगाएं एवं संदेश भी भेज सकते हैं, जिसके बेहतर परिणाम मिलेंगे।
कार्यशाला में स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर आधार प्रभात सिंह ने कहा कि सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी निष्ठापूर्वक कार्य करें। दस्तावेजों का आकलन एवं सत्यापन कर अपलोड करें। कार्यशाला को यूआईडीएआई हैदराबाद खुर्शीद आलम, आधार राज्य मैनेजर प्रभात सिंह, सीएससी राज्य प्रमुख जयनारायण पटेल, सीएससी प्रोजेक्ट मैनेजर नीरज हरदेव, राजपत्र कार्यालय के पवन आईन्ड, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय एवं अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा ने भी संबोधित किया। जिला ई-डिस्ट्रिक प्रबंधक सौरभ मिश्रा ने बताया कि पहले तीन सेवाएं-राजस्व, नगरीय, पंचायत क्षेत्र में सेवाएं दी जा रही थी। जिसका दायरा बढ़ाकर विभिन्न विभागों को शामिल करते हुए 570 सेवाएं दी जा रही हैं। जिसके माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को समय-सीमा में सेवाएं सरलता पूर्वक आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने प्रजेंटेशन के माध्यम से तीनों जिलों में आवेदन तथा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यशाला में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आधार, सेवा सेतु, सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम जीआर मरकाम, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव अनिकेत साहू, एसडीएम डोंगरगढ़ विश्वास कुमार, डिप्टी कलेक्टर श्रीकांत कोराम, डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी, डिप्टी कलेक्टर अमिय श्रीवास्तव, सहायक जिला ई-प्रबंधक आशीष स्वर्णकार, जिला आधार समन्वयक अंकित सिंह एवं अन्य अधिकारी सहित राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के आधार, सेवा सेतु, सीएससी संचालक उपस्थित रहे।
राजनांदगांव जिले में अब तक 2695.9 मिमी वर्षा दर्ज
- जिले में आज 19.1 मिमी बारिश हुई
राजनांदगांव । राजनांदगांव जिले में इस वर्ष चालू मानसून वर्ष में 1 जून 2026 से अब तक जिले के सभी 7 तहसीलों में 2695.9 मिमी बारिश एवं औसत 385.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी अनुसार डोंगरगढ़ तहसील में 381.6 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील में 436 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 502.7 मिमी, घुमका तहसील में 259.5 मिमी, छुरिया तहसील में 327.5 मिमी, कुमरदा तहसील में 445.3 मिमी, डोंगरगांव तहसील में 343.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। अब तक सर्वाधिक वर्षा राजनांदगांव तहसील में 502.7 मिमी दर्ज की गई है। इसी तरह आज राजनांदगांव जिले के सभी 7 तहसीलों में 19.1 मिमी एवं औसत 2.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। डोंगरगढ़ तहसील में 1.7 मिमी, लाल बहादुर नगर तहसील में 10.5 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 0.6 मिमी, घुमका तहसील में 2.5 मिमी, छुरिया तहसील में 0.7 मिमी, कुमरदा तहसील में 1 मिमी, डोंगरगांव तहसील में 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक वर्षा लाल बहादुर नगर तहसील में 10.5 मिमी दर्ज की गई है।