छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से रोशन हुआ कामती साहू का घर
सौर ऊर्जा से बिजली बिल हुआ शून्य, हर माह हो रही हजार रूपए की बचत
राजनांदगांव ।
छुरिया विकासखंड के दूरस्थ वनांचल ग्राम मोरकुटूम्ब की निवासी मितानीन प्रशिक्षक कामती बाई साहू के घर में अब सूरज की रोशनी केवल उजाला ही नहीं करती, बल्कि आर्थिक समृद्धि का भी माध्यम बन गई है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत उनके घर की छत पर स्थापित 3 किलोवॉट क्षमता के सोलर रूफटॉप प्लांट ने उनके परिवार की मासिक बिजली लागत लगभग समाप्त कर दी है।
कामती साहू ने बताया कि वे मितानीन प्रशिक्षक के रूप में कार्य करती हैं तथा उनके पति का किराने की दुकान है। पहले हर माह बिजली बिल एक हजार रूपए से अधिक आता था, जिससे घरेलू खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। योजना के बारे में जानकारी मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आवेदन किया और घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया। सोलर पैनल लगने के बाद इस माह उनका बिजली बिल शून्य आया, जिससे लगभग एक हजार रूपए की बचत हुई। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल की स्थापना के लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रूपए तथा राज्य सरकार से 30 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त हुई। कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सहायता मिलने से बिना आर्थिक कठिनाई के सोलर प्लांट लगाना संभव हो सका। अब उनका परिवार अपनी आवश्यकता की बिजली स्वयं तैयार कर रहा है तथा अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर उसका भी लाभ प्राप्त कर रहा है।
कामती साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केवल आर्थिक बचत ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपारिक ऊर्जा स्त्रोतों पर निर्भरता कम होती है, जिससे प्रदूषण में कमी आती है और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए, ताकि हर घर, हर गांव और हर मोहल्ला स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा से जुड़ सके। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के परिवारों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इससे आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षणकृतीनों उद्देश्यों की एक साथ पूर्ति हो रही है।
नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना से साधना साहू का स्कूल पहुंचना हुआ आसान
नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना से बालिकाओं की शिक्षा को मिली नई रफ्तार
राजनांदगांव
शासन की नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना जिले की बालिकाओं के लिए शिक्षा की राह को आसान बना रही है। इस योजना के माध्यम से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने के लिए नि:शुल्क सायकल उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढऩे के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो रही है। पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय राजनांदगांव में अध्ययनरत कक्षा 9वीं की छात्रा साधना साहू ने बताया कि उन्हें योजना के अंतर्गत नि:शुल्क सायकल मिली है। साधना ने बताया कि वे वार्ड क्रमांक 1 बजरंगपुर नवागांव से विद्यालय आती हैं। पहले उन्हें स्कूल आने के लिए ऑटो का इंतजार करना पड़ता था या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय पर विद्यालय पहुंचने में कठिनाई होती थी। अब सायकल मिलने से वे बिना किसी परेशानी के समय पर स्कूल पहुंच सकेंगी और पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाएंगी।
इसी विद्यालय की कक्षा 9वीं की छात्रा पूजा भिमनानी ने भी योजना के अंतर्गत नि:शुल्क सायकल प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। सायकल मिलने से विद्यालय आने-जाने की सुविधा आसान हो गई है, जिससे नियमित रूप से अध्ययन करने में मदद मिलेगी। विद्यालय की अन्य छात्राओं खुशबू साहू एवं लता साहू को भी नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना का लाभ मिला है। छात्राओं ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना न केवल उनकी शिक्षा को गति दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा भी दे रही है। नि:शुल्क सरस्वती सायकल योजना बालिकाओं के लिए केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक सशक्त कदम है। यह योजना शिक्षा तक आसान पहुंच सुनिश्चित कर बालिकाओं के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य कर रही है।
सहकारिता से मजबूत होगा गांव और किसान : सचिन सिंह बघेल
➡️ 29 जून से 6 जुलाई तक मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह : भरत वर्मा
राजनांदगांव।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय दो दिवसीय पत्रकार सम्मेलन एवं नारी शक्ति सम्मान समारोह राजनांदगांव में आयोजित-नामदेव
राजनांदगांव. चंद्रशेखर आजाद एवं लोकमान्य तिलक जयंती के अवसर पर दिनांक 22 एवं 23 जुलाई 2026 को राजनांदगांव के पदमश्री गोविन्दराम निर्मलकर ऑडिटोरियम गौरवपथ राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ प्रदेश के लोकप्रिय हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र नामदेव टाईम्स के 22वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय दो दिवसीय पत्रकार सम्मेलन एवं एक सौ एक नारी शक्ति का सम्मान समारोह का भव्य आयोजन राजनांदगांव में किया जा रहा है। उपरोक्त कार्यक्रम के सूत्रधार दिनेश नामदेव ने बताया कि इस बार राजनांदगांव में भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार किया गया है। उक्त कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से प्रदेश स्तर पर चयनित प्रतिभाओं में एक सौ एक महिलाओं को नारी शक्ति अवार्ड 2026 प्रदान किया जाएगा। एवं प्रदेश स्तर पर पत्रकारों को श्रीगणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता अलंकरण से सम्मानित किया जावेगा। उपरोक्त दोनों सम्मान हेतु प्रत्येक चयनित प्रतिभाओं को पांच प्रकार की विशेष सामग्री जिसमें मोमेन्टो, शाल, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल व पेन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित होंगे। प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मेलन एवं नारी शक्ति सम्मान समारोह के प्रथम दिवस दिनांक 22 जुलाई को कांग्रेस पार्टी के सम्मानित अतिथिगणों का आगमन, उदघाटन समारोह के अवसर पर होगा। प्रथम दिवस पत्रकारों का सम्मेलन में पत्रकारिता की दशा और दिशा पर परिचर्चा होगा तथा उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि का तुलादान आम फल व कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अतिथि महोदय को बूंदी लड्डुओं से तौला जाएगा। तत्पश्चात प्रथम दिवस के द्वितीय सत्र में आंचलिक कवि सम्मेलन का कार्यक्रम होगा। तत्पश्चात पधारे हुए समस्त अतिथियों को सम्मान, प्रतीक चिन्ह, मोमेन्टो, शाल श्रीफल व पेन प्रदान कर किया जाएगा एवं द्वितीय दिवस दिनांक 23 जुलाई 2026 को समापन समारोह के मुख्य अतिथि का तुलादान कार्यक्रम मेंं मौसमी फल चिरई जामुन से व कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सम्मानित अतिथि को बूंदी लड्डू से तौला जाएगा। पत्रकार सम्मेलन एवं नारी शक्ति समारोह के सूत्रधार दिनेश नामदेव ने आगे बताया कि समस्त सम्मानित महिला एवं पुरूषों के लिए रूकने की व्यवस्था पृथक पृथक किया गया है और दोनों दिन की भोजन की पूर्ण व्यवस्था सुबह-शाम आयोजन समिति की ओर से रहेगा। पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया है जिसमें नामदेव टाईम्स के प्रदेश संवाददाता शेख मुस्ताख कासिम भाई को कार्यक्रम का संयोजक व व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई है। उक्त दो दिवसीय कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु नामदेव टाईम्स के संरक्षक सलाहकार हनु नायक (हनुमान) दुर्ग को महिलाओं को पृथक से रूकने हेतु व्यवस्था व सुरक्षा की जिम्मेदारी सौपी गई है। आयोजन समिति के पदाधिकारीगणों में सर्वश्री आदित्य शिवम अधिवक्ता दुर्ग को विधिक सलाहकार नामदेव टाईम्स का नियुक्त किया गया है।इसी कड़ी में श्री हर्ष अग्रवाल अधिवक्ता उच्च न्यायालय बिलासपुर को नामदेव टाईम्स के विधिक सलाहकार के रूप में नियुक्ति प्रदान किया गया है। आयोजन सदस्यगणों में ऋषिकेशनदास नामदेव टाईम्स के संवाददाता रायपुर संभाग, श्री ईश्वर श्रीवास, श्री धीरज द्विवेदी, श्री राजीव लोचन मिश्रा, श्री अमर मलिक डोंगरगढ़, श्रीमती नुरून निशा दुर्ग, श्रीमती कांति मौर्य समाजसेवी राजनांदगांव, श्री वैभव माधवानी बालोद, रवि कुमार साहू गुण्डरदेही, श्री विजय आनंद सोनी भंवरमरा राजनांदगांव, श्री तरूण पटेल संपादक राजधानी रिपोर्टर राजनांदगांव, श्री कमलेश यादव एडिटर सत्यसांई दर्शन लाइव। उपरोक्त जानकारी कार्यक्रम के सूत्रधार दिनेश नामदेव ने दी।
नई दिल्ली में राहुल गांधी से मिले विशु अजमानी, जन्मदिन की दी बधाई
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार
ऑनलाईन नामांकन 31 जुलाई तक आमंत्रित
राजनांदगांव। भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नई दिल्ली द्वारा 3 दिसम्बर अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल www.awards.gov.in पर निर्धारित श्रेणियों में ऑनलाईन नामांकन व आवेदन 31 जुलाई 2026 तक प्रस्तुत कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय समाज कल्याण विभाग राजनांदगांव से प्राप्त की जा सकती है।
जिले के सभी पंचायतों में 24 जून को ग्रामसभा का आयोजन
आवास प्लस 2.0 सर्वे का होगा वाचन एवं अंतिम अनुमोदन
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार राज्य में ग्रामीण प्रगति और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए 24 जून 2026 को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्रामसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे अंतर्गत चिन्हित परिवारों की सूची का वाचन किया जाएगा तथा ग्रामसभा के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की सूची का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सूची का प्रदर्शन कर ग्रामीणों के समक्ष उसका वाचन किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की जाएगी। आवास प्लस 2.0 सर्वे सूची के अलावा ग्रामसभा में नए परिवारों के नाम जोडऩे की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों की पहचान करना है, जो अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभ से वंचित हैं। सत्यापन एवं ग्रामसभा अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात पात्र परिवारों की सूची शासन को प्रेषित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों से 24 जून को आयोजित ग्रामसभा में उपस्थित होकर आवास प्लस 2.0 सर्वे सूची के सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता शत-प्रतिशत निभाएं। ग्रामसभा आवास प्लस 2.0 सर्वे की सूची का सत्यापन निर्धारित 12 मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। इनमें पक्की छत या पक्का दिवाल वाला घर, दो से अधिक कमरों वाले घर, मोटर चलित तीन या चार पहिया वाहन, यंत्रीकृत तिपहिया व चौपहिया कृषि उपकरण, 50 हजार रूपए या अधिक की सीमा वाला किसान क्रेडिट कार्ड, परिवार का कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो, सरकार के पास पंजीकृत गैर कृषि उद्यम, आय 15 हजार रूपए प्रतिमाह से अधिक हो, आयकर दाता, व्यावसायिक करदाता तथा 2.5 एकड़ या उससे अधिक सिंचित भूमि, पांच एकड़ या उससे अधिक असिंचित भूमि रखने वाले परिवार शामिल है। आवास प्लस 2.0 की सूची सिस्टम आधारित एवं एआई जनरेटेड है। ग्रामसभा आवास प्लस 2.0 सर्वे सूची का ग्रामसभा से सत्यापन पश्चात प्राथमिकता कम के मापदंड अनुसार ऐसे हितग्राही जिनको पहली के लाभार्थी, दिव्यांग सदस्य वाले परिवार, व्यस्क सदस्य का अभाव, महिला-मुखिया व विधवा, साक्षरता का अभाव, आश्रयविहीन परिवार, निराश्रित, मैला ढोने वाले परिवार, विशेष पिछड़ी जनजाति समूह, कानूनी रूप से मुक्त कराए गए बंधुआ मजदूर, गंभीर बीमारी से पीडि़त सदस्य वाले परिवार, वार्षिक पारिवारिक आय का स्तर के आधार पर निर्धारण किया जाएगा। सूची में नाम जोडऩे के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि की मांग या वसूली किए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त की राशि का होगा भुगतान
जिले के 99746 किसान को 19 करोड़ 95 लाख रूपए की मिलेगी सहायता
राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 20 जून 2026 को शाम 3.45 बजे तारकेश्वर हुगली पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त की राशि का आधार बेस्ड भुगतान प्रणाली के माध्यम से सीधे किसानों के खाते में हस्तांतरण किया जाएगा। इसके तहत जिले के 99746 किसान को 19 करोड़ 95 लाख रूपए का भुगतान किया जाएगा। भारत सरकार द्वारा आजीविका के लिए केवल कृषि फार्म पर निर्भर रहने वाले लघु, सीमांत एवं दीर्घ कृषकों को वर्षभर कृषि फार्म में कोई भी आर्थिक समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरूआत की गई है। योजना के तहत किसानों को हर 3 माह में 2000 रूपए कुल 6000 रूपए प्रतिवर्ष की आर्थिक सहायता प्रदान किया जा रहा है।
शासन के निर्देशानुसार 20 जून 2026 को किसान उत्सव दिवस के रूप मनाया जाएगा। जिला एवं विकासखंड स्तर में कृषि विज्ञान केन्द्र एवं विकासखंड कार्यालय, पंचायत मुख्यालय, प्राथमिक कृषि सहकारी समिति, मंडी में लाभार्थी किसानों की उपस्थिति में किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से किया जाएगा। किसानों एवं नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम से किसान व नागरिक ब्रॉडकास्ट लिंक https://pmindiawebcast.nic.in के माध्यम से शामिल हो सकते है। किसान उत्सव दिवस को सफल बनाने के लिए कार्यक्रम के दिन मोबाईल, लेपटॉप से लिंक कनेक्ट कर व निकटतम कार्यक्रम स्थल में उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागी व साक्षी बनने की अपील की गई है।
चूना पत्थर (गिट्टी) का अवैध परिवहन करने पर 2 वाहन को जप्त
राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज का अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा बीजाभांठा, तुमड़ीबोड़, कोहका, मारगांव, दीवानभेड़ी, मचानपार, मटिया, डोंगरगांव क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कोहका क्षेत्र में चूना पत्थर (गिट्टी) का अवैध परिवहन करने पर 2 वाहनों को जप्त किया गया। इसके तहत ग्राम पटपर निवासी भोला देवदास के स्वामित्व के माजदा सीजी 08 एएफ 0152 से वाहन चालक मनोज एवं चिचोला निवासी अशरफ अली के स्वामित्व के हाईवा सीजी 08 एएन 8053 से वाहन चालक भैया लाल द्वारा चूना पत्थर (गिट्टी) का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए जप्त कर थाना तुमड़ीबोड़ को सुपुर्द किया गया। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के रोकथाम के लिए लगातार गस्त व निगरानी की जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष 20 एवं 21 जून को राजनांदगांव प्रवास पर
राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 20 एवं 21 जून 2026 को राजनांदगांव जिले के प्रवास पर रहेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 20 जून को दोपहर 2 बजे शंकर नगर रायपुर से कार द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 3.30 बजे स्पीकर हाऊस राजनांदगांव पहुंचेंगे व समय आरक्षित रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष शाम 4.15 बजे स्पीकर हाऊस राजनांदगांव से कार द्वारा प्रस्थान कर शाम 4.25 बजे पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम पहुंचेंगे एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष शाम 5.25 बजे पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम से कार द्वारा प्रस्थान कर स्पीकर हाऊस राजनांदगांव पहुंचेंगे एवं समय आरक्षित रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 21 जून को सुबह 7.35 बजे स्पीकर हाऊस राजनांदगांव से कार द्वारा प्रस्थान कर सुबह 7.45 बजे दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव पहुंचेंगे एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष सुबह 9 बजे दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव से कार द्वारा प्रस्थान कर स्पीकर हाऊस राजनांदगांव पहुंचेंगे व समय आरक्षित रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष दोपहर 12.50 बजे स्पीकर हाऊस राजनांदगांव से कार द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम पहुंचेंगे एवं हल्बा समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष दोपहर 2 बजे पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम से कार द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.10 बजे स्पीकर हाऊस राजनांदगांव पहुंचेंगे व समय आरक्षित रहेगा।
जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का दिग्विजय स्टेडियम में आयोजन
अबूझमाड़ मल्लखंब अकादमी के कलाकार द्वारा विशेष मल्लखंब योग प्रदर्शन का आयोजन
जिला प्रशासन द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील
राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सुबह 7 बजे से सुबह 7.45 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। सामूहिक योगाभ्यास के पश्चात अबूझमाड़ मल्लखंब अकादमी के कलाकार द्वारा विशेष मल्लखंब योग प्रदर्शन एवं योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। योग से निरोग रहने के लिए तथा नियमित योग अभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का यह संदेश जन- जन तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों, युवाओं, खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सामूहिक योगाभ्यास तथा मल्लखंब योग प्रदर्शन कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की गई है।
कृषि विभाग द्वारा उर्वरकों की कालाबाजारी पर की गई कार्रवाई
- अनियमितता पाए जाने पर कृषि केंद्र का विक्रय परिसर सील
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में किसानों को सहकारी एवं निजी क्षेत्रों के माध्यम से आवश्यक मात्रा में उर्वरकों का सुगम, पारदर्शी एवं निर्धारित दर पर वितरण सुनिश्चित करने तथा उर्वरकों की अवैध जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कृषि विभाग की टीम द्वारा राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत घुमका स्थित देवांगन कृषि केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रेता के पास बिना अभिलेख एवं वैध दस्तावेजों के 39 बैग डीएपी, 24 बैग 20 : 20 : 0 :13 तथा 8 बैग 28 : 28 : 0 उर्वरक का भंडारण पाया गया, जो प्रथम दृष्टया अवैध प्रतीत हुआ।
कृषि विभाग की टीम द्वारा जांच में पाया गया कि डीएपी उर्वरक निर्धारित भंडारण स्थल के बजाय अन्य स्थान पर रखा गया था, जो उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन है। इसके अलावा उपस्थित किसानों के बयान दर्ज किए गए, जिनमें डीएपी उर्वरक 2400 रूपए प्रति बैग तथा यूरिया 700 रूपए प्रति बैग की दर से विक्रय किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक विक्रय किए जाने संबंधी शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया। उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन पाए जाने पर कृषि विभाग द्वारा संबंधित विक्रेता के विक्रय परिसर को सील करने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में उर्वरक निरीक्षक अविनाश दुबे एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मिथलेश साहू शामिल रहे।
इसी तरह कृषि विभाग की टीम द्वारा शिकायत मिलने पर राम कृषि केंद्र अर्जुनी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रेता द्वारा बिल न देना, पंजी का संधारण सही तरीके से ना होना, बिना पर्चा देखे खाद का विक्रय करना सहित अन्य अनियमित पाई गई। जिसके कारण 7 दिवसों के लिए जप्ती सुपुर्दगी की कार्रवाई करते हुए विक्रय प्रतिबंध लगाया गया एवं नोटिस दिया गया। कृषि विभाग द्वारा किसानों के हितों के संरक्षण तथा उर्वरकों की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
ग्राम मुरमुंदा में स्वच्छता त्यौहार का आयोजन
राजनांदगांव । जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत मुरमुंदा में स्वच्छता त्यौहार का आयोजन किया गया। प्रत्येक शनिवार को ग्राम पंचायतों में आयोजित स्वच्छता त्यौहार के तहत ग्राम पंचायत मुरमुंदा के विभिन्न चौक-चौराहों की साफ-सफाई की गई और ग्रामीणों को नियमित सफाई के लाभ के बारे में बताया गया। ग्राम मुरमुन्दा का बड़े तालाब का यह स्थल प्रवासी पक्षियों का निवास स्थल है। पर्यावरण के संरक्षण के तहत ग्राम के बड़े तालाब में कचरा संग्रहण एवं श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव ने ग्रामीणों को ग्रामसभा में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कचरा के चारों प्रकार के बारे में बताया एवं नियमित सफाई रखने कहा। उन्होंने ग्रामीणों से कचरा संग्रहण करने व यूजर चार्ज समय पर देने का आग्रह किया। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, तहसीलदार अमीय श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत सरपंच, पंच, अतिरिक्त सीईओ जनपद पंचायत डोंगरगढ़, पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं स्वच्छ भारत मिशन से विकासखण्ड समन्वयक व संकुल समन्वयक, सचिव, रोजगार सहायक, महिला समूह की महिलाएं, स्वच्छाग्राही दीदी एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता त्यौहार में हिस्सा लिया।
मुरूम एवं चूना पत्थर गिट्टी खनिज का उत्खनन एवं परिवहन करने पर 1 जेसीबी, 2 हाईवा एवं 1 माजदा जप्त
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज का अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा डोंगरगांव तहसील के ग्राम बीजाभाठा, लक्ष्मणभरदा, सालिकझिटिया, डोंगरगांव, कुमरदा, अर्जुनी क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अवैध रूप में मुरूम एवं चूना पत्थर गिट्टी खनिज का उत्खनन एवं परिवहन करने पर 1 जेसीबी, 2 हाईवा एवं 1 माजदा को जप्त कर थाना डोंगरगांव को सुपुर्द किया गया। इसके तहत खैरागढ़ निवासी किशोर पटेल के स्वामित्व की जेसीबी मशीन सीजी 08 बीए 2050 से वाहन चालक हरेन्द्र निषाद द्वारा मुरूम का अवैध उत्खनन करने एवं राजनांदगांव निवासी दुर्गेश देवांगन के स्वामित्व की हाईवा सीजी 08 एएन 4987 से वाहन चालक तोमन साहू द्वारा मुरूम का परिवहन करने तथा राजनांदगांव निवासी रोमील गोलछा के स्वामित्व की हाईवा सीजी 08 एबी 6714 से वाहन चालक विकास एवं अर्जुनी निवासी हरि साहू के स्वामित्व के माजदा सीजी 15 एसी 2651 से वाहन चालक सूरज कुमार द्वारा चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए जप्त कर थाना डोंगरगांव को सुपुर्द किया गया। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के रोकथाम के लिए लगातार गस्त व निगरानी की जा रही है।
खनिज विभाग की कार्रवाई में रेत एवं चूना पत्थर, गिट्टी का अवैध परिवहन करने पर 4 हाईवा जप्त
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज का अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा राजनांदगांव तहसील के ग्राम भर्रेगांव, खुटेरी, सुरगी, इंदामारा, भानपुरी, मोहारा तथा डोंगरगांव तहसील के ग्राम खुज्जी, मटिया, बगदई, परना, खुर्सीपार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेत एवं चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करने पर 4 हाईवा को जप्त किया गया। इसके तहत प्रशांत सिन्हा के स्वामित्व के हाईवा सीजी 08 एडब्ल्यू 2701 से वाहन चालक संजय साहू द्वारा रेत का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए जप्त कर थाना सुरगी एवं मूलचंद्र चंद्राकर के स्वामित्व के हाईवा सीजी 24 यू 8885 से वाहन चालक मनीष कुमार द्वारा चूना पत्थर गिट्टी का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए जप्त कर थाना डोंगरगांव को सुपुर्द किया गया। दीपक सोनकर के स्वामित्व के हाईवा सीजी 05 एपी 3581 से वाहन चालक गोकुल धनकर एवं बिट्टू अग्रवाल के स्वामित्व के हाईवा सीजी 08 बीए 4631 से वाहन चालक रमेश पटेल द्वारा रेत का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए जप्त कर थाना तुमड़ीबोड़ को सुपुर्द किया गया। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण की रोकथाम के लिए लगातार गश्त व निगरानी की जा रही है।
ग्राम बनहरदी में स्वच्छता त्योहार उत्साह व जनभागीदारी के साथ मनाया गया
राजनांदगांव । सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के परिपालन में जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में जनपद पंचायत डोंगरगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत बनहरदी में स्वच्छता त्योहार उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम अंतर्गत ग्राम में ग्रामीणों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, नालियों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छता दीदियों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एमएल चंद्रवंशी ने सर्वोच्च न्यायालय के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने गांवों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से प्रत्येक ग्राम पंचायत में इन नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण तथा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने कहा। जनपद पंचायत डोंगरगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोशनी भगत टोप्पो एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से घर-घर कचरा संग्रहण एवं समय पर यूजर चार्ज देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य करने वाले स्वच्छाग्रहियों को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच पूजा साहू, उपसरपंच भुवन साहू स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक डॉ. छोटे लाल साहू, यूनिसेफ एसीई से बसंत मरकामड़े, बीसी मेघा कुर्रे, करारोपण अधिकारी वीरेंद्र तिवारी, ओपी जैन, कुंदन लाल मांडवी सहित पंच, उप अभियंता, तकनीकी सहायक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी द्वारा किसानों को दी गई मौसम आधारित समसामयिक सलाह
राजनांदगांव । जिले एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में हरी खाद जैसे मूंग, ढैंचा या सनई की बुवाई का सबसे उपयुक्त समय 15 मई से जून के अंत तक है। खरीफ की मुख्य फसल जैसे धान की बुवाई या रोपाई से लगभग 45-50 दिन पहले हरी खाद बोनी चाहिए। हरी खाद के प्रबंधन अंतर्गत मानसून की पहली बारिश के साथ या पर्याप्त सिंचाई सुविधा होने पर 15 मई के बाद इसकी बुवाई शुरू कर सकते हैं।
राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों के लिए मूंग, ढैंचा और सनई सबसे बेहतर विकल्प माने जाते हैं। जब हरी खाद की फसल 35 से 40 दिन की हो जाए और उसमें फूल आने शुरू हो, तब उसे रोटावेटर या हल की मदद से मिट्टी में दबा दें। इससे मिट्टी में नाइट्रोजन और जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ती है, जिससे रासायनिक उर्वरकों जैसे यूरिया पर निर्भरता कम होती है।
वर्तमान समय में किसान अपने खेतों की मृदा जांच कराएं एवं जांच उपरांत मृदा में उपलब्ध पोषक तत्वों के अनुरूप उचित एवं संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें। जिससे मृदा स्वास्थ्य एवं रासायनिक उर्वरकों का दुष्प्रभाव कम हो सके। साथ ही साथ किसान खरीफ फसल की बोनी के पूर्व खेतों में लगने वाले कृषि यंत्र एवं उपकरणों की व्यवस्था कर आवश्यक मरम्मत कर लें और मिट्टी पलट हल (एमबी प्लाव) का प्रयोग गहरी जुताई हेतु करें एवं पॉलिथीन से ढंक दें। जिससे खरपतवार, मृदा जनित बीमारी एवं कीड़ों के अंडे नष्ट हो जायेगें। धान की सीधी बुवाई हेतु उचित समय मानसून के पूर्व मई के अंतिम सप्ताह से जून के द्वितीय सप्ताह तक करें।
किसान को खरीफ में जिन फसलों की बुवाई करनी हो उनकी उन्नतशील जातियों के बीज जैसे-धान (इंद्रावती धान, एमटीयू 1153, विक्रम टीसीआर, छत्तीसगढ़ धान 1919 इत्यादि), सोयाबीन (आरएससी-10-46, आरएससी -11-15, आरएससी - 11-07 इत्यादि), अरहर (छत्तीसगढ़ अरहर 1, छत्तीसगढ़ अरहर 2, राजीवलोचन इत्यादि), मक्का (पूसा हाईब्रिड 1, विवेक मक्का संकर 51, सीजी अगेती संकर मक्का-1 इत्यादि) एवं मूंग (पीकेवीएकेएम-4, मालवीय ज्योति, शिखा इत्यादि) की व्यवस्था जरूर कर लें। फल उद्यान (बाग) लगाने के इच्छुक किसान 1*1*1 मीटर का गढ्डा तैयार कर उसे उपचार हेतु धूप में खुला छोड़ दें, साथ ही लगाने हेतु फलों की किस्मों जैसे- आम की किस्म- दशहरी, लंगड़ा, छत्तीसगढ़ नंदीराज एवं अमरूद की किस्म इलाहाबाद सफेदा, लखनऊ-49 आदि का चयन कर पौध लाने की व्यवस्था करें। केला एवं पपीता के पौधों में टपक सिंचाई की व्यवस्था होने पर प्रतिदिन शाम के समय एक घंटा सिंचाई करें तथा बाढ़ पद्धति से प्रत्येक 3-4 दिनों में सिंचाई करें। पपीता फल के बीज रोपण का कार्य मौसम साफ रहने पर करें। इसे पालीबेग में लगाये, ताकि मानसून आते ही मुख्य: खेत में लगा सके।
पपीता के उपयुक्त किस्म पूसा नन्हा, पूसा डवार्फ का चयन किसान कर सकते हैं। फल वृक्षों में थाला का निर्माण करें। खाद एवं उर्वरक की संतुलित मात्रा का प्रयोग करें। वर्षाकालीन सब्जी वाली फसलों जैसे - भिंडी, भटा, मिर्च, खीरा, कद्दू, लौकी, मूली, फूलगोभी इत्यादि फसलों की खेती के लिए खेत की तैयारी करें एवं बीजों का व्यवस्था करें। भिंडी एवं भटे में फल बेधक कीटों से बचाने हेतु 10 फिरोमेन ट्रेप प्रति एकड़ लगाए तथा कीट ग्रस्त पौधे के ऊपरी मुरझाएं हिस्से को मसलकर तोड़ देवें। दुधा: पशुओं को दिन में 4-5 बार ताजा पानी पिलाएं। गर्मी के मौसम में प्रतिपशु प्रतिदिन 50-60 ग्राम नमक अवश्य खिलाएं। अधिक दूध उत्पादन के लिए पशुओं को हरा चारा 25 से 30 किलो प्रतिदिन खिलाएं। हरे चारे एवं सूखे चारे का अनुपात 3 : 1 रखें और मवेशियों को 25-30 ग्राम मिनरल मिक्सचर प्रतिदिन चारे के साथ मिलाकर अवश्य खिलाएं। पशु बाड़े को हवादार बनाये एवं गीले बारदाने लटकाकर ठंडा रखें।