छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव
पंडित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना, चयन परीक्षा 23 मार्च को
राजनांदगांव । पंडित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन 23 मार्च 2025 को दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक परीक्षा केन्द्र एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पेण्ड्री राजनांदगांव में किया गया है।
परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी को छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग का होना अनिवार्य है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी से प्राप्त की जा सकती है। परीक्षा में शामिल होने के लिए पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र अध्ययनरत शाला में 14 फरवरी 2025 तक जमा कर सकते है।
कृषक उन्नति योजना से संवर रही किसानों की जिंदगी
नवीनतम एवं आधुनिक कृषि करने के लिए हुए प्रेरित
राजनांदगांव। कृषक उन्नति योजना से किसानों की जिंदगी संवर रही है। उनके जीवन स्तर का उन्नयन हुआ है और वे नवीनतम एवं आधुनिक कृषि करने के लिए प्रेरित हुए है। शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी होने पर किसान खुश हैं। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोखला के किसान श्री गोवर्धन दास साहू ने बताया कि वर्ष 2023-24 का बोनस लगभग 2 लाख रूपए की राशि मिली है। दो वर्ष की बकाया बोनस राशि 1 लाख रूपए मिली है।
वहीं इस वर्ष धान बिक्री से 5 लाख 65 हजार रूपए की राशि खाते में आ गई है। उन्होंने बताया कि लगभग 2 लाख रूपए बोनस और प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को धान का अच्छा मूल्य दे रही है। जिससे किसानों को अब बचत हो रही है और किसानों में आधुनिक कृषि यंत्रों एवं आधुनिक पद्धति से खेती करने में रूझान बढ़ा है। इससे उपज में वृद्धि हो रही है। किसान गोवर्धन दास साहू ने बताया कि उन्होंने प्राप्त राशि से ट्रेक्टर एवं थ्रेसर मशीन खरीदा है तथा खेती-किसानी एवं घरेलू कार्य में राशि का उपयोग कर रहे है। उन्होंने बताया कि उनके पास 12.5 एकड़ जमीन है तथा इस वर्ष उनके पूरे धान की बिक्री हो गई है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को बहुत धन्यवाद दिया।
राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुरगी के किसान सुकृत दास साहू ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की अपेक्षा छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का अच्छा मूल्य मिल रहा है, जिससे उनके जीवन में परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष धान बिक्री से 1 लाख 11 हजार रूपए की राशि प्राप्त हुई थी। वहीं दो वर्ष की बकाया राशि 60 हजार रूपए प्राप्त हुआ। इस राशि का उपयोग वह अपने घर का नवीनीकरण करने के लिए कर रहे हैं। 3 एचपी का मोटर पंप खरीदे हैं तथा राशि का उपयोग खेती-किसानी में कर रहे हैं।
पीले सरसों के फूलों से गुलजार खेतों की बिखरी मनोरम छटा
किसानों में बढ़ा फसल विविधीकरण के लिए रूझान
राजनांदगांव। पीले सरसों के फूलों से गुलजार खेतों की बिखरी मनोरम छटा कह रही है, जिले में फसल परिवर्तन के आगाज की दास्तां...। रबी सीजन में सरसों के खेती का यह मनोहारी दृश्य है, राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम जंगलेशर के प्रगतिशील कृषक अशोक रामचंद्र गुप्ता, अमित गुप्ता एवं प्रसन्न कुमार जैन के खेतों का। जिले के किसान शासन की योजना का भरपूर लाभ ले रहे है। साथ ही उनमें फसल विविधीकरण के लिए रूझान बढ़ा है। अशोक रामचंद्र गुप्ता के 11 एकड़ खेत में मक्का, किसान अमित गुप्ता के 4 एकड़ खेत में सरसों तथा किसान प्रसन्न कुमार जैन के 11 एकड़ खेेत में गेहू एवं 8 एकड़ खेत में सरसों की खेती की जा रही है।
किसानों को कृषि विभाग से मक्का प्रदर्शन के तहत 20 किलो प्रति हेक्टेयर 95544 किस्म का बीज प्राप्त हुआ है तथा छत्तीसगढ़ सरसो वेरायटी का बीज किसानों को प्रदाय किया गया है। किसानों ने बताया कि खरीफ वर्ष 2024 में धान की खेती करने के बाद अब धान के बदले सरसों, गेहूं एवं मक्के की खेती की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को किसान हितैषी विभिन्न योजनाओं के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा बीज प्रदाय किया गया है तथा कीट प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है, जिससे अच्छी फसल हो रही है। उल्लेखनीय है कि ग्राम जंगलेशर के उन्नतिशील किसानों ने 50 एकड़ में धान के बदले मक्का, 15 एकड़ में सरसो तथा 30 एकड़ में गेहूं की फसल लगाई गई है। कृषि विभाग द्वारा मक्का एवं सरसों का नि:शुल्क बीज प्रदाय किया गया है। इन फसलों में लागत कम और फायदा ज्यादा है।
जिला प्रशासन द्वारा फसल चक्र परिवर्तन के लिए किसानों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है तथा इसके लिए जल संवर्धन, स्वच्छता एवं फसल संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है, जिससे किसानों में धान के बदले कम पानी की आवश्यकता वाले फसल की तरफ किसानों का रूझान बढ़ा है और अब किसान गेहूं, सरसों, मक्का, चना, दलहन-तिलहन सहित अन्य उद्यानिकी फसलों को अपना रहे हैं। यह एक सुखद परिवर्तन है।
फसल चक्र परिवर्तन पानी की कमी को ध्यान में रखते हुए लेना आवश्यक हो गया है, इससे जमीन उपजाऊ होती है तथा खरपतवार में कमी आती है। इन फसलों से किसानों को अच्छा मुनाफा होता है। सरसों की खेती में प्रति एकड़ 5 हजार रूपए खर्च होता है तथा प्रति एकड़ 6-7 क्विंटल उत्पादन होता है, जिससे लगभग 40-42 हजार रूपए शुद्ध लाभ होता है। धान के बदले अन्य फसलों में पानी कम लगता है। वहीं बीमारी एवं देखरेख की कम आवश्यकता होती है। किसानों ने बताया कि गेहूं की खेती में प्रति एकड़ 5 हजार रूपए खर्च होता है तथा 15-17 क्विंटल उत्पादन होता है, जिससे लगभग 30 हजार रूपए तक आमदनी होती है। मक्का की खेती में प्रति एकड़ 15 हजार रूपए खर्च होता है तथा उत्पादन 30-40 रूपए प्रति क्विंटल उत्पादन होता है तथा लगभग 60 हजार रूपए लाभ मिलता है।
बड़े बकायेदारों की कटेगी बिजली, वसूली के लिए चलाया जाएगा अभियान
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी द्वारा राजनांदगांव जिले के 24 बडे़ बकायदारों के बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी कर ली गई है। साथ ही बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले शासकीय विभाग, घरेलु, एवं गैर घरेलु उपभोक्ताओं से बकाया राजस्व वसूली के लिए व्यापक स्तर पर चलाया जायेगा।
राजनांदगांव जिले के बड़े घरेलु बकायेदार उपभोक्ता श्रीमती सुजाता डाकलिया, बकाया राशि 1 लाख 90 हजार, निर्मलचंद जैन, बकाया राशि 1 लाख 70 हजार, राकेष लोहिया, बकाया राशि 1 लाख 94 हजार, श्रीमती प्रीति कोठारी, बकाया राशि 5 लाख 90 हजार, श्रीमती संगीता जैन, बकाया राशि 1 लाख 7 हजार, नीतीश अग्रवाल, बकाया राशि 2 लाख 18, तिलोकचंद बैद, बकाया राशि 1 लाख 48 हजार, प्रमोद कुमार निशाद, बकाया राशि 1 लाख 9 हजार, अटल कुमार, बकाया राशि 1 लाख 12 हजार, डॉ. दीक्षित सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, बकाया राशि 1 लाख 92 हजार, तीरथराम पटेल, बकाया राशि 1 लाख 9 हजार, हरिओम मिनरल्स, बकाया राशि 1 लाख 45 हजार, आर.डी. मिनरल्स, बकाया राशि 1 लाख 94 हजार, अर्चना पाइप्स, बकाया राशि 1 लाख 70 हजार, गीता एग्रो, बकाया राशि 2 लाख 52 हजार, वेलकम पालीमर्स, बकाया राशि 1 लाख 85 हजार, षांतीविजय राइस मिल, बकाया राशि 1 लाख 4 हजार, एसकेआर इंडस्ट्रीज, बकाया राशि 1 लाख 56 हजार, राजनांदगांव पाइप फैक्ट्री, बकाया राशि 7 लाख 6 हजार, एबीस एक्सपोर्ट, बकाया राशि 1 लाख 8 हजार रुपए जिनका बिजली कनेक्शन काटा जाएगा।
विदित हो कि बिजली कंपनी द्वारा बिजली बिल देयकों के भुगतान में विलंब होने पर उपभोक्ताओं का लगातार ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है, जिससे वे बिजली बिल समय पर जमा कर देंवें। मैदानी अधिकारी एवं उनकी टीम बकायेदार उपभोक्ताओं के पास स्वयं पहुंचकर बिजली बिल पटाने के लिए अनुरोध भी कर रहे हैं।
राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वितरण द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में बकाया राजस्व वसुली के लिए युद्धस्तर अभियान चलाने हेतु सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी के परिपेक्ष्य में शासकीय विभाग, घरेलु एवं गैर घरेलू कनेक्शनों के बकायेदारों के साथ ही औद्योगिक श्रेणी के बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदन एवं बकाया राशि वसूली की कार्यवाही की जा रही है।
इस अभियान के साथ ही उपभोक्ताओं को लाइन विच्छेदन से बचने के लिए समय पर विद्युत बिल राशि का भुगतान मोर बिजली ऐप के माध्यम से करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। तथा उन्हें छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त 400 यूनिट तक हॉफ बिजली बिल योजना के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है। केंद्र शासन द्वारा संचालित पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 300 यूनिट तक फ्री बिजली एवं शासन द्वारा प्रदत्त सब्सिडी बारें में अवगत कराया जा रहा है। उन्होने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि विद्युत देयकों का भुगतान नियमित रूप से करें ताकि विच्छेदन की कार्यवाही से होने वाली असुविधा से बचा जा सके। बिजली बिल का नियमित भुगतान नहीं करने पर उपभोक्ताओं को राज्य सरकार की बिजली बिल हॉफ योजना का लाभ भी नही मिल पायेगा। क्योंकि बिजली का नियमित भुगतान नहीं होने से वे स्वतः अपात्र हो जायेंगें।
एसआईटी जांच में खुलासा : पुलिस भर्ती में आरक्षक ने अभ्यर्थियों से लिए थे पैसे
राजनांदगांव । आरक्षक भर्ती मामले में संदिग्ध रहे पुलिस आरक्षक अनिल रत्नाकर द्वारा आत्महत्या मामले में अब एसआईटी की रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक मृतक आरक्षक इस पूरी गड़बड़ी में शामिल था और उसने अभ्यर्थियों से अंक बढ़ाने के एवज में पैसे लिए थे। उसके द्वारा लगाए गए बड़े अफसरों पर आरोप भी निराधार पाए गए। इसके अलावा उसकी मौत भी आत्महत्या होना ही पाया गया।
उल्लेखनीय है कि, 17 दिसंबर को आरक्षक भर्ती मामले में गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद ही संदिग्ध लोगों की सूची तैयार की गई थी।
इस सूची में शामिल आरक्षक अनिल रत्नाकर ने फांसी लगाकर आंत्महत्या कर ली थी। उसने अपने हाथ में एक सुसाईडल नोट भी लिखा था।
जिसके बाद जांच के लिए आईजी दीपक झा ने एसआईटी का गठन किया था। समुचित जांच के लिए देवचरण पटेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के नेतृत्व में 4 सदस्यीय विशेष जांच टीम का गठन 22 दिसंबर को किया गया था। विशेष जांच टीम द्वारा अंतरिम जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है।
अधिकारियों के शामिल होने के सबूत नहीं
पुलिस विभाग के मुताबिक, एसआईटी द्वारा अब तक की जांच में उपलब्ध तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर, बैंक स्टेटमेंट गवाहों के कथनों से किसी भी वरिष्ठ अधिकारी का भर्ती प्रक्रिया की गड़बड़ी में शामिल होने के साक्ष्य नहीं पाया गया है।
मामले में विशेष जांच टीम द्वारा जांच में 42 गवाहों का कथनों, तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सीडीआर, बैंक स्टेटमेंट का विश्लेषण किया गया है।
जांच पर यह पाया गया कि मृतक अनिल रत्नाकर द्वारा अभ्यर्थियों के नंबर में हेरफेर किया गया है।
अंतरराज्यीय चोर पकड़ाए : चार चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
राजनांदगांव । जिले में डोंगरगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। जहां पुलिस ने पकड़े गए चोरी के चार आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी किए गए लैपटॉप टीवी और सोने चांदी के जेवरात के साथ एक चार पहिया वाहन जब्त किया है।
यह पूरा मामला राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कालकापारा का है। जहां पीड़िता विजेता शिंदे ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि बीते 6 जनवरी की रात को कुछ अज्ञात चोरों के द्वारा उसके घर का ताला तोड़कर अलमारी से जेवरात एवं नगद की चोरी कर ली गई है।
पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने अलग-अलग टीम बनाकर मामले की जांच शुरू की गई।
जिसमें शहर में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरा की जांच की गई। सीसीटीवी में एक चार पहिया सफेद वहां संदिग्ध हालत में घूमते हुए पुलिस को दिखाई दी। जिसका पीछा करने पर राजनांदगांव में भी 6 जनवरी की शाम को या वहां और 7 जनवरी की रात्रि को इस वाहन में एक घर में घुसकर कुछ व्यक्तियों के द्वारा चोरी का प्रयास करते दिखाई दिए।
डोंगरगढ़ में पाई गई गाड़ी
इसके बाद पुलिस ने राजनांदगांव शहर में लगे शासकीय कमरों की मदद से इस वहां का वाहन क्रमांक निकला जो MH 15 GR 3442 पाया गया।
इसके बाद बीते 14 जनवरी को संदिग्ध इको स्पोर्ट्स को दुबारा डोंगरगढ़ क्षेत्र में घूमते हुए देखने की सूचना मिलने पर डूंगरगढ़ पुलिस और साइबर सेल की टीम ने संदिग्ध वाहन की पता तलाश की और 15 जनवरी की सुबह ग्राम गाजमर्रा चंद्रगिरी पहाड़ी के पीछे तालाब के पास संदिग्ध वाहन इको स्पोर्ट्स मिली। जिसमें चालक सहित चार व्यक्ति सवार थे।
चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान चांदी के जेवरात एक टीवी एक लैपटॉप और दो नाग लोहे का रोड जब्त किया है। पुलिस ने शातिर चोर गिरोह के चार आरोपीयो तन्मय मालेकर, आकाश नोनकर, राजेश झोटिंग और जयदीप वर्मा को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।
शासन की योजनाओं से श्रमिक हो रहे लाभान्वित
22 हजार 479 श्रमिकों को 11 करोड़ 49 लाख 34 हजार 880 रूपए से किया गया लाभान्वित
राजनांदगांव । शासन द्वारा श्रम विभाग अंतर्गत श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जिले में श्रमिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभ मिल रहा है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के पंजीकृत श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं से 2 अक्टूबर 2024 से 2 जनवरी 2025 तक 21 हजार 59 हितग्राहियों को केन्द्रीयकृत डीबीटी) के माध्यम से 9 करोड़ 28 लाख 29 हजार 880 रूपए से निर्माण श्रमिकों को लाभान्वित किया गया।
इस योजना अंतर्गत नि:शुल्क गणवेश एवं पुस्तक कॉपी हेतु सहायता योजनांतर्गत 4125 हितग्राहियों को 55 लाख 28 हजार रूपए, मिनीमाता महतारी जतन योजनांतर्गत 771 हितग्राहियों को 1 करोड़ 54 लाख 20 हजार रूपए, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजनांतर्गत 1576 हितग्राहियों को 3 करोड़ 15 लाख 20 हजार रूपए, मुख्यमंत्री नौनीहाल छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत 13603 हितग्राहियों को 2 करोड़ 81 लाख 36 हजार रूपए, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजनांतर्गत 57 हितग्राहियों को 57 लाख रूपए, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजनांतर्गत 186 हितग्राहियों को 37 लाख 20 हजार रूपए, मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजनांतर्गत 620 हितग्राहियों को 21 लाख 38 हजार 380 रूपए, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेघावी शिक्षा सहायता योजनांतर्गत 121 हितग्राहियों को 6 लाख 67 हजार 500 रूपए से लाभान्वित किया गया।
छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल अंतर्गत 15 दिसम्बर 2024 से 7 जनवरी 2025 तक 1420 हितग्राहियों को 2 करोड़ 21 लाख 5 हजार रूपए से लाभान्वित किया गया। इसके अंतर्गत असंगठित कर्मकार प्रसूति सहायता योजनांतर्गत 598 हितग्राहियों को 1 लाख 19 हजार 60 हजार रूपए, असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजनांतर्गत 95 हितग्राहियों को 95 लाख रूपए, असंगठित कर्मकार के बच्चों हेतु छात्रवृत्ति सहायता योजनांतर्गत 727 हितग्राहियों को 6 लाख 45 हजार रूपए से केन्द्रीयकृत (डीबीटी) के माध्यम से लाभान्वित किया गया।
ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंच पदों का आरक्षण
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2024-25 अंतर्गत सरंपंच एवं पंच पदों के लिए लॉट निकालकर आरक्षण की कार्रवाई की गई। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंच पदों हेतु आरक्षित किया गया। जिले के 408 ग्राम पंचायतों के लिए सरपंच पद के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला वर्ग हेतु आरक्षण की कार्रवाई की गई। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए कुल 39 सरपंच पद में से 21 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है, शेष 18 पद मुक्त रखा गया है। इसी तरह अनुसूचित जनजाति वर्ग के कुल 102 पदों में से 52 पद महिलाओं एवं 50 पद मुक्त रखा गया है। अन्य पिछड़ा वर्ग के कुल 64 पदों में से 33 पद महिलाओं एवं 31 पद मुक्त रखा गया है।
अनारक्षित वर्ग के लिए 203 पदों में से 102 पद महिलाओं एवं 101 पद मुक्त रखा गया है। इसी प्रकार जिले के 408 ग्राम पंचायतों के लिए 5 हजार 645 पंच पदों के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं महिला वर्ग हेतु आरक्षण की कार्रवाई की गई। अनुसूचित जाति वर्ग के कुल 550 पदों में से 372 पद महिला वर्ग एवं 178 पद मुक्त रखा गया है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के कुल 1383 पदों में से 790 महिला वर्ग एवं 593 पद मुक्त रखा गया है। अन्य पिछड़ा वर्ग के कुल 1031 पदों में से 590 पद महिला वर्ग एवं 441 पद मुक्त रखा गया है। अनारक्षित वर्ग के कुल 2681 पदों में से 1437 पद महिला वर्ग एवं 1244 पद मुक्त रखा गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना : पात्र हितग्राहियों के नाम सर्वे सूची में जोड़ा जा रहा
योजना के क्रियान्वयन में वर्ष 2024-25 से वर्ष 2028-29 तक वृद्धि किये जाने का लिया गया निर्णय
राजनांदगांव । भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय ग्राम विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन में वर्ष 2024-25 से वर्ष 2028-29 तक वृद्धि किये जाने का निर्णय लिया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत वर्ष 2018 में तैयार की गई आवास प्लस की सूची के अनुसार छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही सूची को नये मापदण्ड अनुसार संशोधित भी किया जाएगा तथा नये मापदण्ड के आधार पर सभी पात्र परिवारों को आवास प्लस सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्वे करने वाले प्रगणक का पंजीयन आवास साफ्ट पोर्टल पर अनिवार्य कर दिया गया है।
सर्वे करने के लिए ग्राम पंचायत के सचिव एवं आवास मित्र को प्रगणक बनाया गया है। शासन के निर्देशानुसार जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना- अंतर्गत सभी पात्र परिवारों के सर्वे का कार्य आवास प्लस ऐप के माध्यम से किया जा रहा है। अगर किसी कारण से सर्वे हेतु कोई पात्र परिवार छूट जाता है, तो हितग्राही ग्राम पंचायत के सचिव से संपर्क कर अपना सर्वे करा सकते हैं। पात्र हितग्राही स्वयं आवास प्लस एप के माध्यम से अपनी जानकारी अपलोड कर सकते हंै। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के समाधान के लिए संबंधित जनपद एवं ग्राम पंचायत के सचिव, आवास मित्र एवं रोजगार सहायक से संपर्क किया जा सकता है।
अग्निवीर वायु सैनिक के पदों पर भर्ती, 27 तक ऑनलाईन पंजीयन
राजनांदगांव । भारतीय वायुसेना द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के अविवाहित पुरूष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर वायु सैनिक के पदों पर भर्ती के लिए पात्र एवं इच्छुक युवाओं से 27 जनवरी 2025 तक वेबसाईट https://agnipathvayu.cdac.in पर ऑनलाईन पंजीयन व आवेदन आमंत्रित किया गया है। अग्निवीर वायु सैनिक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता कक्षा 12वीं, इंजीनियरिंग डिप्लोमा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक एवं अंग्रेजी विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। उम्मीदवार की जन्मतिथि 1 जनवरी 2005 से 1 जुलाई 2008 के मध्य होनी चाहिए।
उम्मीदवार की न्यूनतम ऊंचाई 152 सेमी होनी चाहिए। उम्मीदवार को चयन हेतु कम्प्यूटर आधारित ऑनलाईन लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा, अनुकूलन दक्षता परीक्षण एवं चिकित्सा परीक्षण में उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी भारतीय वायु सेना के वेबसाईट एवं दूरभाष क्रमांक 011-25694209, 25699606 तथा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र राजनांदगांव से या कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07744-299523 से संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।
26 एवं 30 जनवरी को शुष्क दिवस घोषित
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी संजय अग्रवाल ने 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस एवं 30 जनवरी 2025 को महात्मा गांधी निर्वाण दिवस पर शुष्क दिवस घोषित किया है।
कलेक्टर ने 26 जनवरी एवं 30 जनवरी को राजनांदगांव जिले की सभी देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों, रेस्टोरेन्ट बार, होटल बार, क्लब एवं मद्य भण्डारण-भण्डागार को सम्पूर्ण दिवस बंद रखने के निर्देश दिए है तथा संस्थानों में मदिरा का संव्यवहार पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
रिक्त पदों के लिए 30 तक आवेदन
पालना कार्यकर्ता एवं पालना सहायिका
राजनांदगांव । एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) अंतर्गत बख्शी वार्ड क्रमांक 4 के पालना केन्द्र में पालना कार्यकर्ता के 1 पद एवं पालना सहायिका के 1 पद तथा तुलसीपुर वार्ड क्रमांक 17 के पालना केन्द्र में पालना कार्यकर्ता के 2 पद एवं पालना सहायिका के 2 पद हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया है।
पदों पर नियुक्ति के लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदक 30 जनवरी 2025 तक कार्यालय एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) जिला राजनांदगांव छत्तीसगढ़ में सीधे अथवा पंजीकृत डाक से आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
दावा-आपत्ति 27 तक
राजनांदगांव । एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) अंतर्गत जनता कालोनी वार्ड क्रमांक 30 आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 1, बैगापारा वार्ड क्रमांक 32 आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 1 व 2 में आंगनबाड़ी सहायिका तथा झुलेलाल वार्ड क्रमांक 40 आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 3 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की निरीक्षण एवं परीक्षण पश्चात वरीयता क्रमानुसार प्राविधिक मूल्यांकन पत्रक तैयार कर जारी किया गया है।
जारी प्राविधिक मूल्यांकन पत्रक के संबंध में दावा-आपत्ति 27 जनवरी 2025 तक कार्यालय एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) में उपस्थित होकर आवेदन पत्र के माध्यम से दर्ज करा सकते है। जारी प्राविधिक मूल्यांकन पत्रक का अवलोकन कार्यालय एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना राजनांदगांव (शहरी) एवं कार्यालय नगर पालिक निगम राजनांदगांव के सूचना पटल पर किया जा सकता है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 को
राजनांदगांव । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी 2025 को सुबह 11 बजे शासकीय विभागों, पीएसयू कार्यालय एवं शिक्षण संस्थानों अन्य संस्थानों में मतदाता शपथ दिलाई जाएगी।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का हो रहा संचालन
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। जिले के उल्लास शिक्षा केन्द्रों में साक्षरता कक्षाओं का संचालन स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा नवाचारी गतिविधियों का प्रयोग करते हुए किया जा रहा है। जिसमें पठन-पाठन के साथ ही डिजिटल साक्षरता, आपदा प्रबंधन, कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता, विधिक साक्षरता, चुनावी साक्षरता जैसे अन्य विषयों की जानकारी दी जा रही है।
जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता रश्मि सिंह द्वारा राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम जराही में संचालित उल्लास आदर्श साक्षरता केन्द्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि केन्द्र प्रवर्तित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम 15 वर्ष से अधिक उम्र के किसी कारणवश पढ़ाई नहीं कर पाने वाले व्यक्तियों के लिए प्रारंभ किया गया है। जिसके तहत स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा पठन-पाठन कराया जा रहा है, ताकि अंक ज्ञान, अक्षर ज्ञान प्राप्त करें।
उन्होंने स्वयंसेवी शिक्षकों को शिक्षार्थियों की रूचि के लिए नियमित पठन-पाठन का लाभ बताने कहा, जिससे उनके परिवार में शिक्षा का माहौल निर्मित हो सके। ग्राम जराही के उल्लास आदर्श साक्षरता केन्द्र में 26 असाक्षरों को स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा पठन-पाठन कराया जा रहा है। स्वयंसेवी शिक्षकों ने पढ़ाने के संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि हमें अपने गांव के हमारे ही पारिवारिक सदस्यों एवं गांव के अन्य जनों के साथ साक्षरता कक्षाओं का संचालन करने में आनंद की अनुभूति हो रही है। खेल-खेल के माध्यम से शिक्षार्थियों को अक्षर ज्ञान अंक ज्ञान एवं जीवन की महत्वपूर्ण उपयोगी बातो को बताया जा रहा है। साथ ही बुजुर्गों से हमें भी अनुभव प्राप्त हो रहा है। उल्लास शिक्षा केन्द्र में शिक्षार्थी, स्वयंसेवी शिक्षक, संकुल समन्वयक एवं प्रधान पाठक उपस्थित थे।
गणतंत्र दिवस समारोह राजपथ में शामिल होंगी समूह की दीदीयां
राजनांदगांव । गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2025 को नई दिल्ली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत जिला राजनांदगांव से कुल 6 महिलाएं शामिल होगी। शासन द्वारा नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए प्रदेश से स्वसहायता समूह की कुल 12 महिलाओं का चयन किया गया है। जिसमें सर्वाधिक 6 महिलाएं राजनांदगांव जिले से हैं। इसी क्रम में राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली में आयोजित एट होम रिसेप्शन कार्यक्रम में राष्ट्रपति से सम्मानित किये जाने हेतु राजनांदगांव विकासखण्ड के ग्राम कुसमी की लखपति दीदी एवं जय मां अम्बे स्व सहायता समूह की दिव्या निषाद का नाम शामिल है।
राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस कार्यक्रम हेतु पूरे देशभर से 10 लखपति दीदी को आमंत्रित किया गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ से राजनांदगांव जिले की लखपति दीदी दिव्या निषाद का चयन किया गया है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ में आयोजित परेड में सम्मिलित होने हेतु राजनांदगांव विकासखण्ड के ग्राम गठुला अंतर्गत नारी शक्ति स्वसहायता समूह से 4 सदस्य हुमेश्वरी साहू, संगीता साहू, सुजीता साहू एवं हेमबाई साहू को आमंत्रित किया गया है। इसी प्रकार नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से भेंट हेतु आयोजित कार्यक्रम के लिए राजनांदगांव विकासखण्ड के ग्राम कोपेडीह की कृषि सखी एवं प्रतिज्ञा स्वसहायता समूह की सविता यादव को आमंत्रित किया गया है।
प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होंगे सार्थक जैन
राजनांदगांव । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के तनाव और डर को दूर करने के लिए को दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा के आठवें संस्करण के लिए राजनांदगांव जिले से पीएमश्री सर्वेश्वरदास नगर पालिक निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राजनांदगांव के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी सार्थक जैन का चयन हुआ है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विद्यार्थी सार्थक जैन रवाना हो गए है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विद्यार्थी सार्थक जैन को परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश में लगभग 20 लाख विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ है। जिले से लगभग 75 हजार विद्यार्थी, शिक्षक एवं पालकों ने पंजीयन किया है। इस वर्ष पंजीयन के बाद अलग-अलग थीम पर परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और यह कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर आयोजित हो रहे है। 12 एवं 13 जनवरी को दिल्ली कार्यक्रम के बाद अंत में बच्चे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रूबरू होंगे। राजनांदगांव के सार्थक जैन का चयन ध्यान व स्मृति का निर्माण-खेल मानसिकता के थीम के लिए हुआ है।