छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
12 दिसम्बर को सामान्य सभा व सामान्य प्रशासन समिति की बैठक
सूरजपुर/09 दिसंबर/2025
जिला पंचायत सूरजपुर की सामान्य प्रशासन समिति एवं सामान्य सभा की बैठक 10 दिसंबर 2025 को निर्धारित की गई थी, जिसमें आंशिक संशोधन करते हुए समीक्षा बैठक 12 दिसंबर 2025 को समय 11:00 बजे से जिला पंचायत के सभा कक्ष में श्रीमती चंद्रमणी पैकरा की अध्यक्षता में आहूत की जाएगी।
कलेक्टर ने किसानों से की अपील - धान खरीदी हेतु एग्रीस्टैक पोर्टल में छूटे हुए खबरों को सभी किसान जल्द से जल्द कराएं दर्ज
सूरजपुर/09 दिसम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप एवं कलेक्टर श्री एस जयवर्धन के निर्देशन में जिले में धान खरीदी जारी है। परंतु धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान अनेक पंजीकृत किसानों के खसरा नंबर एग्रीस्टैक पोर्टल से नहीं जुड़े होने के कारण किसानों को धान विक्रय में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी कृषकों से अपील की है कि वे अपने छूटे हुए खसरा नंबरों को जल्द से जल्द एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज कराएं।
उल्लेखनीय है कि जिले के 28385 खसरे अब भी एग्रीस्टैक पोर्टल में नहीं जुड़े हैं। ये खसरे एग्रीस्टैक पोर्टल में नहीं जुड़ने से किसानों को धान विक्रय में असुविधा हो रही है और जब वे धान खरीदी केंद्रों में टोकन कटाने के लिय पहुंच रहे हैं तो उन्हें पूर्ण रकबे पर टोकन कटाने से वंचित होना पड़ रहा हैं। कलेक्टर ने अपने अपील में कहा है कि असुविधा से बचने के लिए सभी किसान नजदीकी लोक सेवा केंद्र में जाकर अपने रकबे को ऑनलाइन दर्ज करवा सकते हैं। साथ ही वर्तमान में सभी धान खरीदी केंद्रों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। गौरतलब है कि किसानों की इस असुविधा को दूर करने के लिए राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं समिति के कर्मचारी किसानों से लगातार संपर्क कर रहे हैं।
ग्राम हीराडबरी में 11 दिसंबर को आयोजित होगा विकासखण्ड स्तरीय पशु मेला
सूरजपुर/09 दिसबंर 2025
विकासखण्ड सूरजपुर अंतर्गत ग्राम हीरा डबरी में 11 दिसंबर 2025, दिन गुरुवार को विकासखण्ड स्तरीय पशु मेला उत्सव एवं पशु प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का संचालन पशुधन विकास विभाग, विकासखण्ड सूरजपुर द्वारा किया जा रहा है।
उक्त मेले में पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में अपने पशुधन के साथ भाग लेने हेतु विभाग द्वारा अपील किया गया है।
प्राथमिक शाला उरांवपारा मदनेश्वरपुर बच्चों ने निकाला साक्षरता रैली उल्लास भारत के अंतर्गत महापरीक्षा में भाग लेने के लिए प्रधानपाठक संजय साहू ने किया आह्वान
सूरजपुर, 06 दिसम्बर 2025
जिला कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन और जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा, जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू के निर्देशन में कल रविवार को होने वाले उल्लास भारत के अंतर्गत होने वाले महापरीक्षा में भाग लेने के लिए प्राथमिक शाला उरांवपारा मदनेश्वरपुर के बच्चों ने गांव में रैली निकालकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया साथ ही लोगों से आह्वान किया कि वे रविवार को होने वाले महापरीक्षा में भाग लेकर साक्षर बने और देश में साक्षर होने की भूमिका निभाए। बच्चों ने बैनर पोस्टर बनाकर और नारे के साथ लोगो को आह्वान किया। प्रधानपाठक संजय साहू के नेतृत्व ने प्राथमिक शाला और माध्यमिक शाला के बच्चों ने साथ में रैली निकाला, लोगो के घर घर जाकर संपर्क किया और उन्हें समझाए रविवार को होने वाले महापरीक्षा में भाग लेवे। साक्षर होकर ही देश की प्रगति में भाग ले सकते हैं और देश के उन्नति में सहभागी हो सकते हैं। देश में उन्नत खेती के लिए भी आज पढ़ा लिखा होना बहुत जरूरत है, देश के किसान रीढ़ के हड्डी होते हैं ऐसे में साक्षर होकर देश को मजबूत बनाए और आगे बढ़ाएं। आज के इस रैली के कार्यक्रम में प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक संजय साहू, रामकृपाल साहू, अनिमा बेक, शोभा रानी किस्पोट्टा माध्यमिक शाला से राजेश्वर साहू,छोटेलाल बर्मन,सोनवानी और रेखा गुप्ता रैली से सहभागी बने ।
विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ओड़गी के सभागार में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न
सुरजपुर, 06 दिसम्बर 2025
आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी का औचक निरीक्षण आदरणीय ’मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 के0 डी. पैकरा सर जी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप नामदेव सर जी के द्वारा विभिन्न वार्डों व कक्षों का निरीक्षण पश्चात सामान्य वार्ड में मरीजों से हॉल चाल पूछताछ किये, मरीजों के लिये बेहतर स्वास्थ्य हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये निरीक्षण के दौरान प्रसूति कक्ष, वैक्सीन कक्ष, आयुष्मान भारत कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, लेबोरेट्री कक्ष, डॉक्टर ड्यूटी कक्ष सहित सभी कक्षो का निरीक्षण करके अस्पताल की बुनियादी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराए जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ओड़गी के अधिकारी और कर्मचारी सहित फील्ड स्तर से उपस्थित समस्त अधिकारी और कर्मचारियों की मासिक समीक्षा बैठक ली गई,जिसमें अनेकानेक सुझाव व मार्गदर्शन दिशा निर्देश दिये गए ,समीक्षा के दौरान मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत सभी सेवाओं, शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम की सभी सेवाएँ सहित नियमित टीकाकरण, सिकल सेल एनीमिया शत प्रतिशत स्क्रिनिंग,मुख्यमंत्री हॉट बाजार योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, गहन डायरियाँ नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा ,आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत छुटे हुए हितग्राहियों, लाभार्थियों का वय वन्दन कॉर्ड बनाये जाने,जन आरोग्य समिति की प्रत्येक महीने बैठक आयोजित करना, स्वास्थ्य मेला अंतर्गत सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, एनसीडी कार्यक्रम अंतर्गत हाइपरटेंशन डायबिटीज की स्क्रीनिंग, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति ,परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत स्थाई, अस्थाई विधि आरसीएच एवं एचएमआईइस के विरुद्ध कम उपलब्धि पर समीक्षा टी0वी0 कार्यक्रम सर्वेक्षण में क्वालिटी सरवेलेन्स, मलेरिया रोग नियंत्रण,कुष्ठ उन्मूलन सहित राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम ,ओरल हेल्थ प्रोग्राम एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं बचाव हेतु अनेकानेक दिशा निर्देश दिए गए इस दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ0 धनेश्वर चन्द्रा, डॉ. विजय चौहान, टीवी कार्यक्रम से जिला सम्बवयक श्री नवरंगे जी, बीपीएम श्री सखन आयाम बीटीओ श्री देवनाथ रवि,सहित सेक्टर प्रभारी अधिकारी खोंड,धरसेड़ी एवं सेक्टर सुपरवाइजर, समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रम के नोडल ,कुष्ठ प्रभारी मलेरिया टीबी, सुपरवाइजर,एसटीएएस,डीईओ ओड़गी फील्ड स्तर से समस्त आरएचओ, एएनएम ,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर से ,नर्सिंग स्टाफ,अधिकारी कर्मचारी सहित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्री मैट्रिक बालक एवं बालिका आश्रम और छात्रावास में यूनिसेफ और ज़िला प्रशासन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम सुचारू रूप से कार्य करता हुआ
सूरजपुर/06 दिसंबर 2025
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के मार्गदर्शन व महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिवासी विकास विभाग और UNICEF एवं एग्रिकोन फाउडेशन के सहयोग से आज सूरजपुर भैयाथान और ओडगी ब्लॉक के आश्रम एवं छात्रावासों में जागरूकता अभियान कार्यक्रम किया गया।
इस अभियान की शुरुआत 27 नवंबर 2025 को बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर की गई थी। कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षकों की उपस्थिति में पोस्ट मैट्रिक छात्र, अन्य युवा व बच्चो को किशोर सशक्तिकरण, बाल विवाह मुक्त सूरजपुर, पोक्सो एक्ट, लिंग आधारित हिंसा रोकने हेतु विस्तृत जानकारी दी जा रही है ।
प्री मैट्रिक व छोटे बच्चों को गुड टच बैड टच, स्वच्छता,स्वास्थ्य और सुरक्षा की जानकारी दी गई, समाज में, छात्रावास, अपनें घर, स्कूल में नेक व्यवहार, अनुशासन और स्वावलंबन की भावना के साथ शिक्षा में पहल के लिए (पढ़ाई का कोना, रूप नहीं गुण और आज क्या सिखा) आदि प्राप्त करने के गुण सिखाया गये और साथ ही 1098 चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर महिला हेल्प लाइन नंबर 181 बताया जा रहा है ।
इसके साथ ही सभी छात्रों और बच्चों को बाल विवाह मुक्त सूरजपुर बनाने की शपथ भी दिलाई जा रही है। बच्चों को जागरूक करने के लिए यूनिसेफ सूरजपुर जिला समन्वयक श्री हितेश निर्मलकर, सूरजपुर ब्लॉक समन्वयक अंबुज मिश्रा, भैयाथान अक्सेन गुर्जर, ओडगी धनराज जगते सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 80 क्विंटल धान जब्त
सूरजपुर । खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत सूरजपुर जिले में धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर प्रशासन की निगरानी लगातार जारी है। इस कड़ी कार्रवाई के क्रम में जनपद पंचायत प्रतापपुर के ग्राम चाचीडांड (डांडकारवां) में शुक्रवार सुबह बड़ी कार्यवाही हुई, जिसमें अवैध धान जब्त किया गया। सूचना के आधार पर राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने सुबह लगभग 5 बजे मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। टीम ने देखा कि एक छहपहिया वाहन में धान का अवैध परिवहन किया जा रहा है। वाहन में कुल 200 बोरी, यानी लगभग 80 क्विंटल धान लदा हुआ था। प्रशासन की टीम ने तुरंत वाहन को रोककर धान जब्त कर लिया।
अवैध परिवहन में उपयोग किए गए वाहन सहित समस्त जब्त धान को आगे की प्रक्रिया के लिए सहकारी समिति रेवटी को सुपुर्द कर दिया गया। इससे यह सुनिश्चित किया गया कि धान सुरक्षित रूप से उपार्जन केंद्र तक पहुंचे और अवैध कारोबार को रोका जा सके।
इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रतापपुर, नायब तहसीलदार प्रतापपुर और खाद्य निरीक्षक प्रतापपुर ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम ने मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध धान को जब्त किया। प्रशासन ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में धान की खरीदी और परिवहन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और अनुशासित बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से की जा रही है।
सूरजपुर प्रशासन ने किसानों और परिवहन कारोबारियों को भी चेतावनी दी है कि धान का अवैध परिवहन या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों की अवहेलना करने वाले के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी कहा कि धान खरीदी केंद्रों और परिवहन मार्गों पर नियमित गश्त जारी रहेगी और सभी अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। इस कार्रवाई से किसानों और स्थानीय समाज में संदेश गया कि प्रशासन धान की खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है। यह घटना सूरजपुर में धान के अवैध परिवहन और भंडारण को रोकने में प्रशासन की सक्रिय भूमिका को उजागर करती है और यह सुनिश्चित करती है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में सभी नियमों का पालन हो।
सुगम आवागमन की दिशा में बड़ा कदम: मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत किया सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
सूरजपुर, 05 दिसंबर 2025


छत्तीसगढ़ में ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आज महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ग्राम नवाटोला, तेलगवां, माडर में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, पंच-सरपंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि गांवों का हर मौसम में सुचारू रूप से विकास से जुड़ाव बना रहे।
योजना के तहत कुल 0.90 किमी लंबाई की सीसी सड़कों एवं नाली निर्माण का कार्य स्वीकृत हुआ है। इनमें ओडगी नवाटोला मुख्य मार्ग से खालबहरा मार्ग तक 0.20 किमी सड़क, लागत 17.07 लाख रुपए,मेन रोड भंडारापारा से बगीचा मार्ग तक 0.20 किमी सड़क, लागत 17.07 लाख रुपए,देवलपारा से संतलाल तक 0.50 किमी सड़क, लागत 40.23 लाख रुपए शामिल है।
इन निर्माण कार्यों पर कुल 74.37 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे दैनिक आवागमन आसान होगा तथा छात्रों, किसानों और कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। बारिश के मौसम में भी परिवहन व्यवस्था अब निर्बाध रहेगी।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना गांवों में सतत विकास और मजबूत बुनियादी ढांचे की दिशा में राज्य सरकार की प्राथमिकता को दर्शाती है। आने वाले समय में ऐसे और भी कार्यों को गति दी जाएगी ताकि प्रत्येक गांव बेहतर सड़क सुविधा से जुड़ सके।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा के धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण
सूरजपुर, 05 दिसंबर 2025

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सल्का और ग्राम बन्ना स्थित धान खरीदी केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने खरीद व्यवस्था, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, तौल मशीनों, मापक उपकरणों और धान उपार्जन से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
इस दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने केंद्र में उपस्थित किसानों से संवाद स्थापित कर उनकी सुझाव और जरूरतों के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि शासन की ओर से की गई व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं तथा उन्हें धान बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आ रही है। मंत्री ने समर्थन मूल्य, तुलाई की गति, बारदाना उपलब्धता और परिवहन की स्थिति पर भी किसानों से विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के धान की समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित खरीदी के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की उपज का सही मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की सतत मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कार्यवाही सुनिश्चित हो।
निरीक्षण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अवैध धान परिवहन पर रखें कड़ी निगरानी - कलेक्टर
सूरजपुर । कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में आज समय सीमा की बैठक आहूत की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, समय सीमा के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की तथा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त मांग एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें।
कलेक्टर ने धान खरीदी की प्रगति और व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी के विषय पर उन्होंने खाद्य, सहकारिता व मार्कफेड से क्रमवार उद्यापन की जानकारी ली। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को उनके केंद्रों का निरीक्षण करने, कटे हुए टोकन की जानकारी लेने तथा स्टेकिंग आदि के संबंध में अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिये। उन्होने सभी चेक पोस्ट पर ड्यूटीरत अधिकारियों को अवैध धान के आवक और अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिये। उन्होने चेकिंग व्यवस्था सुदृढ़ व पारदर्शिता बनाने की बात कही। उन्होने स्पष्ट किया कि अवैध परिवहन करते पाये जाने वाले वाहन पर संबंधित तत्काल कार्यवाही करें, वाहन को सीज कर प्रकरण दर्ज करें और वाहन को थाने में सुपूर्द कर मंडी नियम के तहत अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होने खरीदी केंद्रों में धान की नमी जांच, तौल उपकरण, मिलान पर्ची व्यवस्था, ऑनलाइन एंट्री और तौल प्रक्रिया पारर्शिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने आगामी अर्धवार्षिक परीक्षाओं के संबंध में जानकारी ली। जिस पर शिक्षा विभाग के संबंधित द्वारा बताया गया कि 12 दिसंबर से 20 दिसंबर तक अर्धवार्षिक परीक्षा हेतु तिथि का निर्धारण किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को पारदर्शिता के साथ परीक्षा का आयोजन कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम आये इसके लिए तय सिलेबस का बार-बार रिवीजन कराने की बात कही। इसके साथ ही कलेक्टर ने आपार आईडी के संबंध में अद्यतन जानकारी ली गई।
बैठक में पीएम सूर्य घर, उज्ज्वला योजना, वय वंदना व आयुष्मान योजना के प्रगति के संबंध में जानकारी ली गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, सर्व एसडीएम, सर्व सीएमओ, सर्व जनपद सीईओ व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सूरजपुर में सड़क हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत में आरक्षक की मौत
सूरजपुर । जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात परशुरामपुर से वारंट तामील कर लौट रहे।
रामानुजनगर थाने में पदस्थ आरक्षक दलसाय कोराम की सरईपारा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में गंभीर रूप से चोट लग गई।
उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान आज उनकी मौत हो गई।
रामानुजनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज का बलिदान अतुलनीय - भूलन सिंह मरावी
सूरजपुर, 28 नवंबर 2025
शासकीय रेवती रमण स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर एवं शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रेमनगर भूलन सिंह मरावी ,मुख्य श्री इंदर भगत (प्रदेश अध्यक्ष जनजाति गौरव समाज) विशिष्ट अतिथि श्रीमती स्वाति सिंह (अध्यक्ष जनपद पंचायत सूरजपुर) , यशवंत प्रताप सिंह (अध्यक्ष जनभागीदारी समिति) के उपस्थिति में आयोजित हुआ। समारोह का शुभारंभ माननीय अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती एवं जनजातीय समाज के विभूतियों के छाया चित्र में माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। जिले के अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.एन.दुबे ने स्वागत उद्बोधन के साथ समस्त अतिथियों का अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने जनजातीय विरासत एवं संस्कृति के संबंध में प्रकाश डाला साथ ही उपस्थित छात्र-छात्राओं से उनके विरासत को संजोकर रखने हेतु प्रेरित किया।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित इंदर भगत ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक, आर्थिक एवं सामाजिक योगदान विषय पर विस्तृत विवरण मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया। इंदर भगत ने भारतवर्ष के विकास एवं उसके प्रगति के लिए जनजातीय समुदाय के योगदान को विस्तृत रूप से प्रस्तुत किया। इस क्रम में श्री भगत ने भारत के स्वतंत्रता हेतु जनजातीय समाज द्वारा किए गए विभिन्न क्रांतियों का क्रमबद्ध विवरण साझा किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालयीन छात्र एवं छात्राओं ने रंगारंग एवं मनमोहक नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं परंपरा को प्रकट किया। इस मौके पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को प्रदर्शित किया। उक्त कार्यक्रम में शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य श्री बृजलाल साहू ,दोनों महाविद्यालय के संयोजक आनंद पैकरा , दिग्विजय सिंह, सह संयोजक, डॉ. सलीम किस्पोट्टा एवं सुश्री पूजांजली भगत सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जल शक्ति जन भागीदारी अभियान में सूरजपुर का शानदार प्रदर्शन
पूर्वी क्षेत्र की केटेगरी-3 में 12 वां स्थान
राष्ट्रपति से 25 लाख का मिला पुरस्कार
सूरजपुर , 22 नवंबर 2025
सूरजपुर जिले को जल शक्ति जन भागीदारी अभियान में शानदार प्रदर्शन किया है। जिले को इस प्रदर्शन के चलते राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों विगत दिनों दिल्ली में आयोजित समारोह में पूर्वी क्षेत्र की केटेगरी-3 में 12 वां स्थान प्राप्त किया है। सूरपुर जिले के कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरूस्कार ग्रहण किया। पुरूस्कार के रूप मे जिले को 25 लाख रूपए प्राप्त हुआ। जल शक्ति जन भागीदारी अभियान के बेहतर क्रियान्वयन से प्रदेश एवं जिला का गौरव बढ़ा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जिले की इस सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है।
विगत 18 नवंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार एवं जल संचय जन भागीदारी पुरस्कार वितरण समारोह में सूरजपुर जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एवं भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के मंत्री श्री सी. आर. पाटिल द्वारा प्रदान किया गया।
सूरजपुर जिले की ओर से यह पुरस्कार जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री अरुण कुमार मिश्रा ने ग्रहण किया। पुरस्कार प्राप्त कर लौटने पर श्री मिश्रा ने कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने श्री मिश्रा को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
ज्ञात हो कि जल शक्ति जन भागीदारी अभियान 1-0 जल संचय संरचनाओं के निर्माण एवं उनके डेटाबेस तैयार करने पर केंद्रित एक राष्ट्रीय अभियान है। इसके अंतर्गत सूरजपुर जिले ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए जल संरक्षण के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाया तथा सतत एवं दीर्घकालिक जल प्रबंधन की दिशा में प्रभावी प्रयास किए।
इस उपलब्धि के साथ सूरजपुर जिले ने न केवल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान सुदृढ़ की है, बल्कि जल संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी आधारित मॉडल को एक सफल उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया है।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने ओड़गी में सड़क एवं पुलिया निर्माण का किया औचक निरीक्षण
गुणवत्ता पर नाराजगी, पुनः निर्माण और कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
सूरजपुर, 21 नवंबर 2025

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के धरसेड़ी-कर्री-कुप्पी मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सड़क और पुलिया का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने नव-निर्मित सड़क की गुणवत्ता, सामग्री के उपयोग तथा संपूर्ण निर्माण प्रक्रिया का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि सड़क के कई हिस्सों में निर्माण मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया है और कार्य अभी भी अधूरा है। इस पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को पूरे मार्ग का पुनः निर्माण मानक गुणवत्ता के साथ कराने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें आमजन की जीवनरेखा हैं, जिस पर आवागमन, एम्बुलेंस सुविधा, बच्चों की स्कूल पहुँच और आवश्यक सेवाओं की निर्भरता होती है। इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, ओड़गी क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
पंडो समाज के बसंत को 73 साल बाद फिर राष्ट्रपति से मिलने की आस
वर्ष 1952 में पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद से बसंत पंडो की सूरजपुर में हुई थी मुलाकात
राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने 6 वर्षीय गोलू को गोद में उठाकर नाम रखा था बसंत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर अपनी स्मृतियों को साझा करने बसंत पंडो की है इच्छा
सुरजपूर/19 नवम्बर 2025

छत्तीसगढ़ की धरती सरगुजा एक बार फिर इतिहास का साक्षी बनने जा रहा है। वर्ष 1952 में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के सुरजपूर आगमन के बाद अब वर्ष 2025 में वर्तमान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को अंबिकापुर पहुंचने वाली हैं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू के इस प्रवास से पूरे जनजातीय समाज में उत्साह का महौल है, इस उत्साह के बीच सबसे ज्यादा भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ नाम है 80 वर्षीय बसंत पंडो का जिन्होंने देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद से 6 वर्ष की आयु में वर्ष 1952 में मुलाकात की थी। वर्तमान राष्ट्रपति के इस आगमन से पंडो समाज के बसंत पंडो को उनसे मिलने की आस जगी है। वे राष्ट्रपति श्रीमति मुर्मू से मिलकर प्रथम राष्ट्रपति से मिलने की अपने संजोए हुए स्मृतियों को साझा करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि 1952 में सरगुजा दौरे के दौरान देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 06 वर्षीय ‘गोलू’ को गोद में उठाकर उसका नाम ‘बसंत’ रखा था। आज 80 वर्ष के बसंत पंडो उस क्षण को अपने जीवन की सबसे बड़ी स्मृति मानते हैं। अब वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर न सिर्फ पंडो समाज की प्रमुख मुद्दों को बताना चाहते हैं, बल्कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद से जुड़े अपने उस अनमोल अनुभव को भी साझा करना चाहते हैं, जिसे वे आज तक अपने दिल में संजोए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि सूरजपुर में जहां देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद रुके थे उसे ‘राष्ट्रपति भवन’ के रूप में जाना जाता है। पंडो समाज को विश्वास है कि बसंत की यह मुलाकात उनके समुदाय के लिए नए बदलाव की शुरुआत बनेगी। दरअसल यह भी उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से जनजातीय समाज प्रमुखों केे भी मिलने का कार्यक्रत प्रस्तावित है।
जल शक्ति जन भागीदारी अभियान 1.0 के अंतर्गत सूरजपुर जिले को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 लाख रूपये की पुरस्कार राशि की गई प्रदान
सूरजपुर/18 नवंबर 2025
आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार व जल संचय जन भागीदारी पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू व मंत्री जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार श्री सी. आर. पाटिल के कर कमलों से जल शक्ति जन भागीदारी अभियान 1.0 के अंतर्गत सूरजपुर जिले को उसके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 लाख रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। जल शक्ति जन भागीदारी अभियान 1.0 जल संचय संरचना निर्माण तथा उनका डाटा बेस तैयार करने हेतु एक सफल अभियान है, जिसके अंतर्गत सूरजपुर जिले ने पूर्वी क्षेत्र की केटेगरी तीन में बारहवां रैंक हासिल किया है। कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन के नेतृत्व व जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में यह सफलता प्राप्त की गई है।
उपरोक्त पुरस्कार सूरजपुर जिले से जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री अरुण कुमार मिश्रा के द्वारा ग्रहण किया गया।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर सूरजपुर में भव्य “यूनिटी मार्च”
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के नेतृत्व में जनसैलाब उमड़ा, जनप्रतिनिधियों की
गरिमामयी उपस्थिति ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
सूरजपुर, 17 नवम्बर 2025


अखंड भारत के शिल्पकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सूरजपुर में आज भव्य “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया।जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सम्मिलित होकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य अपना रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इसी दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाना राष्ट्र के प्रति गर्व और कृतज्ञता का अवसर है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी।सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रनिष्ठा का सर्वाेत्तम उदाहरण है। त्याग, सेवा और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने की उनकी सोच सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
इस विशाल पदयात्रा में हजारों नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्यजन और अधिकारी शामिल हुए। “भारत माता की जय”, “सरदार पटेल अमर रहें” और “वंदे मातरम्” के उद्घोषों से पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।पदयात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे माँ समलेश्वरी महामाया मंदिर, केनापारा से हुआ। रैली तेलाईकछार, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, व्हीएम नर्सिंग कॉलेज, अम्बेडकर चौक, शिवानंदपुर वार्ड क्रमांक 12 होते हुए बस स्टैंड विश्रामपुर में सम्पन्न हुई। 8 से 10 किलोमीटर लंबी इस रैली में शहरवासियों का उत्साह देखते ही बनता था।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणी महाराज, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी, तथा पूर्व गृहमंत्री एवं छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा भी उपस्थित रहे।सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में सरदार पटेल की दूरदृष्टि, राष्ट्रनिर्माण में योगदान और राष्ट्रीय एकता के संदेश को रेखांकित किया।
यूनिटी मार्च के दौरान जयनगर आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। रैली मार्ग में स्वच्छता जागरूकता के तहत श्रमदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया गया।
रैली में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा, रेडक्रॉस सोसायटी सूरजपुर के अध्यक्ष श्री बाबूलाल अग्रवाल, कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद थे।