छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी
समावेशी और व्यापार करने के अनुकूल बजट : व्यवसायी
मोहला । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज बजट पेश किया गया। बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के व्यावसायी श्री सलीम ने कहा कि यह बजट समावेशी बजट है और सभी वर्ग के लोगों का ख्याल रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट से व्यवसायी लोगों को अपना अच्छा व्यवसाय करने का सुनहरा अवसर मिलेगा । उन्होंने कहा कि बजट में रखा गया प्रावधान राज्य के लोगों को उत्साह वर्धन करने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि बजट में रखे गए प्रावधान से राज्य के सभी क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नवीन जिला मोहला मानपुर में भी इस बजट का व्यापक असर देखने को मिलेगा। उन्होंने बजट को राज्य के हितार्थ में एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताया है।
बजट से मिलेगी किसानों को उन्नति की राह : किसान
मोहला । राज्य शासन द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए किसान विष्णुराम गावड़े ने कहा कि यह बजट किसानों के लिए समृद्धि की राह खुलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नति की ओर अग्रसर करने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तुत बजट में किसानों के हित को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत बजट में मेहनतकश किसानों के पसीनो को नवाजा गया है। इसके लिए उन्होंने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश निश्चित रूप से आने वाले समय में समृद्ध और खुशहाल राज्य बनने की ओर अग्रसर होगा।
सुदूर वनांचल के मंडावीटोला क्षेत्र से जनपद सदस्य निर्वाचित हुईं गैंदकुंवर ठाकुर
मोहला । नवगठित मोहला मानपुर अम्बागढ़ चैकी जिले के मोहला विकासखण्ड के सुदूर वनांचल के ग्राम मुरेर निवासी श्रीमती गैंदकुंवर ठाकुर के जनपद पंचायत क्षेत्र मंडावीटोला से जनपद सदस्य निर्वाचित होने पर अंचल में अत्यंत हर्ष व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि श्रीमती गैंदकुंवर ठाकुर सुदूर वनांचल के आदिवासी बाहुल्य बहुत छोटे से ग्राम मुरेर से आजादी के बाद पहली बार सरपंच उसके पश्चात् जनपद सदस्य निर्वाचित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इसके पहले ग्राम मुरेर के किसी भी व्यक्ति को सरपंच एवं जनपद सदस्य बनने का अवसर प्राप्त नहीं हुआ था। श्रीमती गैंदकुंवर ठाकुर वर्ष 2020 में ग्राम पंचायत मार्री से सरपंच निर्वाचित हुई थी। अभी हाल ही में सम्पन्न त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के अंतर्गत उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जनपद पंचायत क्षेत्र मंडावीटोला से जनपद सदस्य निर्वाचित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
विदित हो कि आज से कुछ साल पहले तक ग्राम मुरेर की पहचान दुर्गम एवं सुविधाविहिन गांव में होता था। ग्राम मुरेर से मुख्य मार्ग तक आवागमन हेतु मार्ग भी नहीं था। इसके साथ ही आज भी ग्राम मुरेर के वासियों को बस एवं आवागमन की सुविधा के लिए पास के गांव मार्री एवं देववाड़वी में जाना पड़ता है। ऐसे सुदूर वनांचल के छोटे से गांव मुरेर की महिला को पहले सरपंच उसके पश्चात जनपद सदस्य निर्वाचित होने का सौभाग्य मिलने पर ग्राम मुरेर सहित अंचल वासियों में सर्वस्त्र हर्ष व्याप्त है। श्रीमती गैंदकुंवर ठाकुर के जनपद सदस्य निर्वाचित होने पर गोण्डवाना समाज के अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय अध्यक्ष चन्द्रेश ठाकुर, सचिव पुरूषोत्तम मंडावी, ग्राम मुरेर के पटेल थानुराम नुरेटी, लतखोर नुरेटी, हेमलाल नेताम, बलीराम जुरेशिया, चतुर सिंह नुरूटी, शंकर निर्मलकर, बिहारीलाल पटेल, लीलाधर बढ़ाई, शिक्षक किशन परतेती, गुलाब गावरे, जयचंद पटेल, बिष्णु नुरेशिया, रेशन नुरूटी सहित पूरे जनपद क्षेत्र के लोगों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई प्रेषित की है।
मानपुर पहुंची NIA की टीम, इस मामले में हो रही कार्रवाई...
मोहला । मोहला- मानपुर, अंबागढ़- चौकी जिले के मानपुर मुख्यालय में NIA ने दबिश दी। जानकारी के मुताबिक, औधी थाना क्षेत्र के चार इलाकों में टीम ने अपनी दबिश दी है। बताया जा रहा है कि, बीजेपी नेता बिरझू तारम की हत्या के आरोप में कई गिरफ्तारियां की गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह NIA, आईटीबीपी, जिला पुलिस बल के सुरक्षा घेरे के साथ मानपुर स्थित दो जगहों पर छापा मार कार्रवाई प्रारंभ होने की खबर सामने आई है। मानपुर नगर मे दो जगह तथा औधी थाना क्षेत्र के चार जगहों पर NIA ने दस्तक दी। NIA की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
एसपी ने दी मामले की जानकारी
इस मामले में एसपी यशपाल सिंह ने बताया कि, विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा नेता बिरझू तारम की हत्या औंधी थाना क्षेत्र के सरखेड़ा गांव में नक्सलों के द्वारा की गई थी। जिसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी कर रही है। इसी जांच को लेकर NIA की टीम जिले में दस्तक दी है और गिरफ्तारियां भी की जा रही है।
हत्याकांड में शामिल लोगों की गिरफ्तारियां तय
सरखेडा निवासी भाजपा नेता बिरझू तारम की नक्सलियों से टारगेट किलिंग कराने वाले लोगों की एक लम्बे समयांतराल अब गिरफ्तारी तय की जाने की खबर है। जिसके लिए सुबह की पहली किरण के साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी मानपुर- औंधी पहुंचकर 6 जगहों पर ताबड़तोड़ छापा मार कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के संकेत मिले हैं।
हिरासत मे लिए गए हैं सरकारी कर्मचारी
गुप्त सूचना के अनुसार, नक्सलियों को लंबे समय से साथ देने वाले तथा भाजपा नेता बिरझू तारम हत्याकांड में शामिल लोगों की गिरफ्तारी सुबह से एनआईए कि टीम कर रही है। उन लोगों में शासकीय कर्मचारी, जेल में बंद नक्सल नेता सुरजू टेकाम के बेहद करीबी भी शामिल है।
एकटकन्हार के 132 केवी उपकेंद्र में 40 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत
मोहला । छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा पारेषण व वितरण प्रणाली का सुदृढ़ीकरण एवं क्षमता वृद्धि का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसी कड़ी में नवीन जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी के ग्राम एकटकन्हार (मोहला) में स्थित 132/33 के.व्ही. अति उच्चदाब उपकेन्द्र में लगभग 5 करोड़ रूपये के लागत से 40 एम.व्ही.ए. के अतिरिक्त नये पॉवर ट्रांसफार्मर को ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने ऊर्जीकृत किया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक सबस्टेशन आनंद राव, संजय पटेल, राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट, अधीक्षण अभियंता पी0पी0 सिंह, शंकेश्वर कंवर, सुनील कुमार भुआर्य, कार्यपालन अभियंता ए0के0 रामटेके, वीरेन्द्र कुमार, एम0 आर0 सिरके, श्रीमती रूबी चन्द्राकर, सहायक अभियंता भूषण वर्मा, प्रवीण शुक्ला, शिरीष मिलिंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालन अभियंता वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि इस उपकेन्द्र की क्षमता 40 एम.व्ही.ए से बढ़कर 80 एम.व्ही.ए. हो गया है। इस 40 एम0व्ही0ए0 के नये पॉवर ट्रांसफार्मर के क्रियाशील हो जाने से इस उपकेन्द्र से निकलने वाले 33 के.व्ही. फीडरों मोहला, मानपुर एवं दिघवाड़ी के माध्यम से मोहला, मानपुर एवं अम्बागढ़ चौकी विकासखण्ड के 495 ग्रामों के लगभग 71 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर गुणावत्ता की बिजली पर्याप्त वोल्टेज पर प्राप्त होगी, साथ ही लो वोल्टेज एवं लाईन में व्यवधान की समस्या दूर होगी।
दिव्यांग बिराजो बाई ने किया मतदान, लोकतंत्र में दी सहभागिता
मोहला । स्थानीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत चिल्हाटी की दिव्यांग बिराजो बाई ने मतदान किया। उन्होंने मतदान कर हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने अपने गांव के चुनाव में मतदान कर खुश है। उन्होंने मतदान करने के उपरांत अपने गांव के अन्य लोगों को भी मतदान करने का संदेश दिया। उनसे बात करने पर उन्होंने कहा कि मतदान करना संवैधानिक अधिकार है, हर नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
कलेक्टर-एसपी ने महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदाताओं से भेंट कर मतदान करने प्रोत्साहित किया
मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने रविवार को स्थानीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के विभिन्न ग्राम पंचायतों के साथ छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर, महाराष्ट्र सीमा से लगे ग्राम पंचायत चिल्हाटी, कोरचाटोला पहुंचकर मतदान केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं को मतदान करने प्रोत्साहित किया। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मतदाताओं का मतदान के प्रति रुझान को देखकर कलेक्टर और एसपी ने प्रसन्नता जाहिर किया। इन क्षेत्र के मतदाताओं को बिना किसी भय के मतदान के प्रति रुझान देखने को मिला। कलेक्टर और एसपी ने इन क्षेत्र में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए की गई आवश्यक व्यवस्था का जायजा लिया।
कलेक्टर और एसपी पहुंचे महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जाएगा
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र सीमा में पहुंचकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा में लगे जवानों का हाल चाल जाना। सुरक्षा में लगे जवानों का हौसला आपजाही करते हुए उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन आपके साथ है। आप बेफिक्र होकर निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।
शांतिपूर्ण निर्वाचन सम्पन्न
जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण निर्वाचन कार्य संपन्न हुआ। सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं ने उत्साह पूर्वक मतदान किया। मतदान कार्य में लगे अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से निष्ठा पूर्वक कर्तव्य निर्वहन किया गया।
पारदर्शिता से निर्वाचन संपन्न होने पर कलेक्टर ने आभार व्यक्त किया
स्थानीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के सभी ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्ण निर्वाचन कार्य संपन्न होने पर कलेक्टर ने सभी मतदाताओं, जिले के नागरिकगणों, राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों, निर्वाचन लड़ रहे अभ्यर्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों, सुरक्षा में लगे जवानों, मतदान कार्य के लिए नियुक्त अधिकारी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कलेक्टर-एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह ने गुरुवार को पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जनपद पंचायत मोहला के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से भेंट कर मतदान करने प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान मतदाताओं के लिए की गई आवश्यक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान के प्रति मतदाताओं का रुझान की जानकारी लिया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिनभर मतदान को लेकर अपडेट लेते रहे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री हेमेंद्र भूआर्य उपस्थित थे।
शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न
स्थानीय निर्वाचन के अंतर्गत जनपद पंचायत मोहला के सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न हुआ। सभी मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण, पारदर्शिता पूर्वक निर्वाचन संपन्न हुआ। जिला प्रशासन एवं पुलिस पुलिस प्रशासन द्वारा की चाक चौबंद व्यवस्था के चलते सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुआ। मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न होने पर कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
जनपद पंचायत मोहला के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने पर कलेक्टर ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी कर्मचारियों, स्थानीय मतदाताओं, निर्वाचन कार्य नियुक्त सुरक्षा कर्मियों, मीडिया कर्मियों, क्षेत्र के नागरिक गणों के प्रति आभार प्रकट किया है। कलेक्टर ने कहा कि सभी के प्रयास से निर्वाचन बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है।
पंचायत चुनाव: मोहला विकासखंड में मतदान संपन्न
मोहला। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत आज मोहला विकासखंड में मतदान प्रक्रिया उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुई। लोकतंत्र के इस महापर्व में क्षेत्र के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया।
विशेष रूप से वार्ड क्रमांक-19 निवासी 75 वर्षीय कृषक शक्तिराम मुरेटी ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव में भी उनके जोश और जागरूकता ने क्षेत्र के अन्य नागरिकों को भी प्रेरित किया। मतदान के बाद उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की। पूरे मोहला क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें यह दर्शा रही थीं कि लोग अपने अधिकार को लेकर जागरूक और उत्साहित हैं। प्रशासन और निर्वाचन आयोग की ओर से सुरक्षा और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। लोकतंत्र के इस पर्व में हर वर्ग और आयु के मतदाताओं ने भाग लेकर अपने कर्तव्य का पालन किया और जिम्मेदारी का परिचय दिया।
नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी से निर्दलीय प्रत्याशी अनिल मानिकपुरी विजयी
मोहला । नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी से निर्दलीय प्रत्याशी अनिल मानिकपुरी विजयी घोषित किया गया है। अनिल मानिकपुरी को कुल 2771 वोट प्राप्त हुआ है। उन्होंने गुलाब गोस्वामी को 361 वोटों से पराजित किया। गुलाब गोस्वामी को 2410 वोट प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार मनीष साहू को 826 वोट एवं दिनेश ताम्रकार को 74 वोट प्राप्त हुआ है। नोटा में 44 वोट डाला गया है। गणना प्रेक्षक डॉ के मैचियों (आई एफ एस) की उपस्थिति में वोटो की गणना किया गया। विजयी प्रत्याशी अनिल मानिकपुरी को रिटर्निंग ऑफिसर हेमेंद्र भूआर्य ने निर्वाचन प्रमाण पत्र भेंट कर शुभकामनाएं दिया।
नपं अंबागढ़ चौकी के लिए पार्षदों का निर्वाचन परिणाम घोषित
मोहला । नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के लिए पार्षदों का निर्वाचन परिणाम घोषित किया गया है। पार्षदों का निर्वाचन परिणाम इस प्रकार है। वार्ड क्रमांक 1 से खेदी बाई को विजयी घोषित किया गया है। उन्हें कुल 231 वोट प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार वार्ड 2 से सुरेश नेताम को विजयी घोषित किया गया है। उन्हें कुल 244 मत प्रात हुआ है। वार्ड क्रमांक 3 रितेश मेश्राम को विजयी घोषित किया गया है। उन्हें 144 वोट प्राप्त हुआ है।
वार्ड क्रमांक 4 से दिलीप कुंभकार विजय घोषित किया गए है। उन्हें 210 वोट मिला है। वार्ड क्रमांक 5 से ईश्वरी धुर्वे विजय घोषित किया गया है। उन्हें 195 मत वोट प्राप्त हुआ है। वार्ड क्रमांक 6 से विनोद डेहरिया विजय घोषित किया गया है। उन्हें 116 वोट प्राप्त हुआ है। वार्ड क्रमांक 7 से गोपीचंद देवांगन विजय घोषित किया गया है। उन्हें 223 वोट प्रात हुआ है। वार्ड क्रमांक 8 से उषा यादव विजयी घोषित किया गया है। उन्हें 292 वोट मिला है। वार्ड क्रमांक 9 से मुकेश सिंहा विजयी घोषित किया गया है। उन्हें 97 वोट मिला है। वार्ड क्रमांक 10 से झरनेश कुंभकार विजय घोषित हुआ है। उन्हें 212 मत प्राप्त हुआ है। वार्ड क्रमांक 11 से कविता यादव विजयी घोषित किया गया है। उन्हें 142 वोट मिला है।
वार्ड क्रमांक 12 से किशुन लाल पटेल विजयी हुआ है। उन्हें 210 मत प्राप्त हुआ है। वार्ड क्रमांक 13 से उमाशंकर निषाद विजयी घोषित किया गया है। उन्हें 157 वोट प्राप्त हुआ है। वार्ड क्रमांक 14 से पवन गुप्ता विजयी हुआ है। उन्हें 235 वोट प्राप्त हुआ है। वार्ड क्रमांक 15 से कांशी राम निषाद विजय घोषित किया गया है। उन्हें 338 वोट मिला है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह एवं गणना प्रेक्षक डॉ के मैचियों (आई एफ एस) की उपस्थिति में मतगणना हुई। रिटर्निंग ऑफिसर हेमेंद्र भूआर्य ने विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र भेंटकर शुभकामनाएं दिया।
पंचायत चुनाव के लिए मतदान दलों को मिला प्रशिक्षण
मोहला । जनपद पंचायत मोहला के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्थानीय निर्वाचन कार्य संपन्न कराने के लिए नियुक्त मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला मास्टर ट्रेनर भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां और दायित्व, आवश्यक प्रपत्रों को भरने, मतदान के दौरान किए जाने वाले दायित्व इत्यादि के संबंध में बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया।
पीठासीन अधिकारी, मतदान दल 1, मतदान दल 2 मतदान 3 व 4 को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहला में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों को प्रशिक्षण में बताए गए निर्देशों का भली भांति पालन करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी पूर्वक निर्वाचन कार्य संपन्न कराने में अपनी सार्थक सहभागिता सुनिश्चित करने कहा।
मतगणना में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया
मोहला । नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत मतगणना कार्य को संपन्न करने के लिए नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों को शासकीय लाल चक्रधर श्याम शाह महाविद्यालय में प्रशिक्षण दिया गया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हेमेंद्र भूआर्य की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र सारस्वत ने मतगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया। ईव्हीएम के माध्यम से नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पार्षदों की मतों की गणना के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
श्रमिकों को मतदान के लिए मिलेगा अवकाश
मोहला । नगर पालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत श्रमिकों को मतदान के लिए अवकाश की सुविधा दिया जाएगा। नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी में 11 फरवरी को एवं पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत 17 फरवरी 20 फरवरी एवं 23 फरवरी को मतदान तिथि निर्धारित है। कारखाना अधिनियम के अंतर्गत इस अवसर पर ऐसे कारखाने जो सप्ताह के सातों दिन कार्य करते हैं, वहां प्रथम एवं द्वितीय पाली के श्रमिकों को मतदान के दिन दो-दो घंटे का अवकाश घोषित किया गया है। जिससे कारखाना में काम करने वाले श्रमिक बारी-बारी से मतदान की सुविधा प्राप्त कर सके।
वेयर हाउस में ईव्हीएम व व्हीव्ही पैड मशीनों की जांच
मोहला। नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2024-25 की तैयारियों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार वोटिंग कम्पार्टमेंट स्थानीय निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए। इसी क्रम में ईव्हीएम एवं व्ही व्ही पैड वेयरहाउस गोदामए, ग्राम माडिग़पीडिग धेनु का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान वोटिंग कम्पार्टमेंट की व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, एवं गोदाम की संरचना का गहनता से परीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि वोटिंग कम्पार्टमेंट स्थानीय निर्वाचन कार्यालय को शीघ्रता से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही ईव्हीएम एवं व्ही व्ही पैड की सुरक्षा एवं उपयोग संबंधी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता पर संतोष व्यक्त किया।
ईव्हीएम मशीन का डेमोंस्ट्रेशन
मोहला । राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जि़ला प्रशासन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा जि़ला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी के मार्गदर्शन में नगरीय निकाय निर्वाचन के पूर्व नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के वार्ड वासियो मतदाताओं को ईव्हीएम मशीन के उपयोग का डेमोंस्ट्रेशन दिया जा रहा।
नगर पंचायत अंबागढ़ के लिए भाजपा की लिस्ट जारी...
मोहला । भाजपा ने नगरी निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसी कड़ी में मोहला, मानपुर- अंबागढ़, चौकी अनुसूचित जनजाति जिले के एकमात्र नगर पंचायत अंबागढ़, चौकी में बीजेपी ने मंडल अध्यक्ष गुलाब गोस्वामी को नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। इसी तरह पार्षदों की भी सूची जारी की गई है। पिछले 15 वर्षों से अंबागढ़ चौकी नगर पंचायत में कांग्रेस का कब्जा है।
वार्ड नंबर 1 लतामण्डावी- पूर्व पार्षद
वार्ड नंबर 2 सुरेश नेताम- (पूर्व पार्षद)
वार्ड नंबर 3 देवानंद नेवरे- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 4 दिलीप कुम्भकार- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 5 इश्वरी धुर्वे- (पूर्व पार्षद)
वार्ड नंबर 6 मोहसिन भाई- (पूर्व पार्षद)
वार्ड नंबर 7 सुगम पटेल- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 8 उषा यादव- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 9 धर्मेंद्र साहू- (पूर्व पार्षद)
वार्ड नंबर 10 अविनाश त्रिपाठी- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 11 कविता यादव- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 12 किशुन पटेल- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 13 चेतना शर्मा- (नया चेहरा)
वार्ड नंबर 14 पवन गुप्ता- (पूर्व पार्षद)
वार्ड नंबर 15 काशी निषाद- नया चेहरा।