छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ में गौण खनिज रेत खदानों की ई-निलामी का आयोजन
मोहला 30 अक्टूबर 2025
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में कलेक्टर (खनिज शाखा) द्वारा गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन पट्टा खदानों के आवंटन के लिए इलेक्ट्रॉनिक निलामी (रिवर्स ऑक्शन) आयोजित की जा रही है। इस प्रथम चरण में कुल दो खदानों – तोलुम और कहगांव, दोनों तहसील मानपुर में – का आवंटन किया जाएगा। निलामी में भाग लेने के लिए अर्हता प्राप्त बोलीदाता ही शामिल हो सकते हैं। तकनीकी और वित्तीय बोली 14 नवंबर 2025 को सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होकर 20 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन MSTC पोर्टल स्वीकार की जाएगी। निविदा की विस्तृत नियमावली और शर्तें खनिज साधन विभाग की वेबसाइटhttps://chhattisgarhmines.gov.in/जिला कार्यालय की वेबसाइट https://mohla-manpur-ambagarhchowki.cg.gov.in/ तथा संबंधित ग्राम पंचायत और जिला पंचायत भवनों के सूचना पटल पर देखी जा सकती हैं।
महिला आजीविका संकुल संगठन मोहला का वार्षिक अधिवेशन सम्पन्न
महिलाओं की एकता, प्रेरणा और सशक्तिकरण का रहा अद्भुत संगम
मोहला 30 अक्टूबर 2025
दिशा महिला आजीविका संकुल संगठन, मोहला द्वारा वार्षिक अधिवेशन आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, सरपंच ग्राम पंचायत मोहला श्री गजेन्द्र पुरामें, ग्राम पटेल श्री होरी लाल साहू उपस्थित रहे।
अधिवेशन में अतिथियों द्वारा संकुल संगठन के आजीविका साधन के रूप में ऑटो रिक्शा का शुभारंभ किया गया। इस पहल से महिला स्व-सहायता समूहों के आत्मनिर्भरता को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में संगठन की पदाधिकारियों ने वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसमें वार्षिक टर्नओवर, आय-व्यय विवरण तथा आगामी कार्ययोजना शामिल रही। इसके साथ ही लखपति दीदियों ने अपनी सफलता तथा कृषि एवं पशु सखियों ने अनुभव साझा किए। मौके पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई प्रेरणा उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया। इस अवसर पर संकुल संगठन की सभी सदस्य, ग्रामवासी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति की उपस्थिति में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न
मोहला 30 अक्टूबर 2025
भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे चरण की घोषणा कर दी गई है। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण किया जायेगा। इस संबंध में आज जिला कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम की तिथि वार जानकारी देने के उद्देश्य से बैठक ली गई।
बैठक में कलेक्टर ने मुद्रण, प्रशिक्षण, घर-घर जाकर गणना चरण, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, दावे और आपत्ति अवधि, सूचना चरण सुनवाई और सत्यापन अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुद्रण, प्रशिक्षण हेतु 28 अक्टूबर से 3 नवंबर घर-घर जाकर गणना चरण हेतु 4 नवंबर से 4 दिसंबर, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसंबर, दावे और आपत्ति अवधि 9 दिसंबर से 8 जनवरी, सूचना चरण सुनवाई और सत्यापन 9 दिसंबर से 31 जनवरी, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी को होगा।
बैठक में कलेक्टर ने जानकारी दी की विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य से प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ना तथा अयोग्य व्यक्ति को मतदाता सूची से हटाना है। मतदाता के रूप में पंजीयन के लिये भारत के संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार व्यक्ति भारत का नागरिक होने, 18 साल की आयु पूर्ण करने, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होने जैसी योग्यताएं निर्धारित है। इस संबंध में अंतिम गहन पुनरीक्षण 21 साल पहल 2002 से 2004 के बीच किया गया था। छत्तीसगढ़ में पुनरीक्षण की कार्यवाही वर्ष 2003 में पूर्ण की गयी थी। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि जिले के समस्त मतदान केन्द्रों में बूथ लेवल अधिकारियों की नियुक्ति की कार्यवाही पूर्ण कर ली गयी है। बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला हेमेंद्र भूआर्य, एसडीएम श्री अमित नाथ योगी सहित निर्वाचन कर्मचारी उपस्थित थे।
- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान किये जाने वाले महत्वपूर्ण कार्य
बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा आयोग के निर्देशानुसार वर्ष 2003 की मतदाता सूची तथा वर्तमान मतदाता सूची का टेबलटॉप मिलान कार्य पूर्ण किया गया है साथ ही उनका सत्यापन कार्य बीएलओ एप्प के माध्यम से किया जा रहा है। प्रावधानों के अनुसार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पंजीकृत प्रत्येक मतदाता के लिये गणना प्रपत्र प्रिंट कर बूथ लेवल अधिकारियों को प्रदाय करेंगे। गणना प्रपत्र में समस्त आवश्यक जानकारी पूर्व से प्रिंटेड फार्म में रहेगी। बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदाताओं से संकलन किये गये गणना प्रपत्र के माध्यम मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कार्यवाही करेगा। ऐसे समस्त मतदाता जिनका नाम पिछले पुनरीक्षण 2003 की मतदाता सूची से मैच, लिंक नहीं होगा अथवा जिनका इन्युमरेशन फार्म प्राप्त नहीं होगा उन्हें नोटिस जारी करेगा। नोटिस जारी किये गये मतदाताओं की सुनवाई कर उनकी मतदाता सूची में पात्रता, योग्यता के बारे में परीक्षण कर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने अथवा नहीं करने के संबंध में निर्णय लेंगे। ईआरओ द्वारा साप्ताहिक अंतराल में प्राप्त दावे आपत्तियों की सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। निर्वाचक, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगें कि कोई पात्र नागरिक मतदाता पंजीयन से न छुटे, कोई अपात्र व्यक्ति का मतदाता पंजीयन न हो, बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं का इन्युमरेशन फार्म भरने में सहयोग करेंगे तथा संकलन कर इआरओ, एईआरओ को जमा करेंगें। बूथ लेवल अधिकारी के द्वारा मतदाताओं के घर कम से कम 3 बार भ्रमण किया जायेगा। मतदाताओं के द्वारा स्वयं भी अपना इन्युमरेशन फार्म प्रिंट किया जा सकेगा विशेषकर ऐसे मतदाता जो अस्थायी रूप से अपने घर से बाहर है।
- जरूरी दस्तावेज
केंद्र या राज्य सरकार, पीएसयू के नियमित कर्मचारी या पेंशनर्स को जारी कोई भी पहचान पत्र या पेंशन भुगतान आदेश। सरकारी या स्थानीय प्राधिकरणों, बैंकों, डाकघरों, एलआईसी या पीएसयू द्वारा 1 जुलाई 1987 से पहले जारी कोई भी पहचान पत्र या प्रमाणपत्र। जन्म प्रमाणपत्र जो किसी सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी हो। पासपोर्ट, मैट्रिकुलेशन या शैक्षणिक प्रमाणपत्र जो किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय द्वारा जारी किया गया हो। स्थायी निवास प्रमाणपत्र जो राज्य प्राधिकरण द्वारा जारी किया गया हो। वन अधिकार प्रमाणपत्र जाति प्रमाणपत्र जो सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया हो। राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर से संबंधित प्रमाणपत्र जहां लागू है। फैमिली रजिस्टर, जो राज्य या स्थानीय प्राधिकरण द्वारा तैयार किया गया हो। भूमि या मकान आवंटन प्रमाणपत्र, जो सरकार द्वारा जारी किया गया हो।
- मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या
मोहला-मानपुर एवं आंशिक खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 23 हजार 417 हैं। जिसमें मोहला-मानपुर विधानसभा क्षेत्र में 85 हजार 34 पुरुष एवं 88 हजार 967 महिला मतदाता शामिल है। इसी प्रकार आंशिक खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के 24 हजार 152 पुरुष मतदाता एवं 25 हजार 264 महिला मतदाता शामिल हैं।
संतुलित आहार से आई मुस्कान, मानव की कहानी हर मां के लिए संदेश
मेरा बेटा अब स्वस्थ है नम्रता बाई ने जताई अपनी खुशी
मोहला । ग्राम रानाटोला, विकास खंड मोहला जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का नन्हा मानव आज स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी रहा है। कभी कमजोरी और कुपोषण से जूझ रहे मानव की कहानी आज पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है। मानव का जन्म 23 अप्रैल 2023 को हुआ था। 8 अक्टूबर 2024 को जब आंगनबाड़ी केंद्र में उसकी जांच की गई, तो पाया गया कि उसकी लंबाई के अनुसार वजन बहुत कम था कृ केवल 6.6 किलोग्राम। शरीर कमजोर था और खेलने-कूदने की इच्छा भी नहीं थी। उसकी मां, नम्रता बाई, बेटे की कमजोरी से चिंतित थीं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि बच्चों के सही विकास के लिए केवल पेट भरना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि पौष्टिक और संतुलित आहार देना भी जरूरी है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया और परिवार को समझाया कि कैसे संतुलित आहार और साफ-सफाई से बच्चे के जीवन में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने नम्रता बाई को सम्वर्धित टेक होम राशन के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से इसे देने की सलाह दी। साथ ही, उन्हें घर पर पौष्टिक आहार जैसे दलिया, मूंग दाल की खिचड़ी, अंडा और हरी सब्जियां बनाने के तरीके सिखाए गए। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने निरंतर गृह भेंट कर मानव के स्वास्थ्य पर नजर रखी और हर सप्ताह उसका वजन व लंबाई मापी। इन प्रयासों का असर जल्द ही दिखने लगा। 16 हफ्तों में मानव का वजन बढ़कर 7.7 किलोग्राम हो गया और अब वह सामान्य श्रेणी में आ चुका है। पहले जहां वह कमजोर और सुस्त था, वहीं अब वह सक्रिय, खेल-कूद में रुचि रखने वाला और ऊर्जावान बच्चा बन गया है। उसकी भूख में सुधार हुआ है और शरीर में ताकत लौटी है। सबसे बड़ी बात यह कि परिवार का आत्मविश्वास भी वापस आया है।
नम्रता बाई ने बताया कि मुझे लगा था कि मेरा बेटा हमेशा कमजोर ही रहेगा, लेकिन सम्वर्धित टेक होम राशन ने उसकी सेहत में सकारात्मक बदलाव लाया। आज मानव खुश और स्वस्थ है। मैं हर मां से कहना चाहती हूं कि आंगनबाड़ी से मिलने वाला राशन बच्चों को जरूर खिलाएं। इस परिवर्तन में सम्वर्धित टेक होम राशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से मानव को आवश्यक पोषक तत्व और ऊर्जा समय पर मिलती रही। यह अतिरिक्त पोषण उसके शारीरिक विकास के लिए आधार बना। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने लगातार प्रेरणा दी और परिवार ने निर्देशों का ईमानदारी से पालन किया।
कलेक्टर ने ली जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक
जल जीवन मिशन की प्रगति पर कलेक्टर ने की समीक्षा, लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश
मोहला। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक ली। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता महेश सिंह, सहायक कार्यपालन अभियंता एपी शर्मा, छत्रपाल धुर्वे सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2024-25 तक पूर्ण हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2025-26 के लक्ष्य निर्धारण पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही मिशन अंतर्गत प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा नव-नियुक्त सरपंच, सचिव तथा ग्राम स्वच्छ जल समिति के सदस्य एवं पम्प ऑपरेटर को प्रशिक्षण दिए जाने हेतु प्रशिक्षण बजट की प्रशासकीय स्वीकृति पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संदर्भ विभाग द्वारा विकासखंड मानपुर के ग्राम पंचालफड़की, ख्वासफड़की, नवागांव, बेसली, तोलूम और कुम्हारी में कार्यरत मैसर्स आकसोन इंफ्राटेक प्रा. लि.का अनुबंध समिति के समक्ष निरस्तीकरण हेतु प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि ठेकेदार को बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं किया गया।
साथ ही वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्यय आकलन की समीक्षा की गई और मिशन कार्यों की प्रगति को गति प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सही पोषण से नन्हे मानव को कुपोषण से मिली निजात
संतुलित आहार से लौटी मेरे बच्चे की मुस्कान- मां नम्रता बाई ने जताई अपनी खुशी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , 28 अक्टूबर 2025
कमजोर शरीर और हमेशा सुस्त रहने वाला दो साल का नन्हा मानव जिसे देखकर हमेशा उनका परिवार चिंतित रहा करता था। मां नम्रता बाई बेटे मानव को लेकर अपने आस पड़ोस में पूछती की ऐसा क्या करे की मानव सामान्य हो जाये पर जानकारी के अभाव में वो हमेशा अपना मन मारकर इसे अपनी किस्मत समझ लेती थी। ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने मां नम्रता बाई से संपर्क किया जिसमें उन्होंने माता को उचित पोषण एवं संतुलित आहार के संबंध में जानकारी दी।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला विकासखण्ड के सूदूर अंचल में बसे ग्राम रानाटोला निवासी मानव का शरीर तो कमजोर और उसे खेलने-कूदने की इच्छा भी नहीं होती थी। उसकी मां, नम्रता बाई, बेटे की कमजोरी से चिंतित थीं, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि बच्चों के सही विकास के लिए केवल पेट भरना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि पौष्टिक और संतुलित आहार देना भी जरूरी है।
आंगनबाड़ी केंद्र में जब उसकी जांच की गई, तो पाया गया कि उसकी लंबाई के अनुसार वजन बहुत कम था, केवल 6.6 किलोग्राम। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया और परिवार को समझाया कि कैसे संतुलित आहार और साफ-सफाई से बच्चे के जीवन में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने नम्रता बाई को सम्वर्धित टेक होम राशन के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से इसे देने की सलाह दी। साथ ही, उन्हें घर पर पौष्टिक आहार जैसे दलिया, मूंग दाल की खिचड़ी, अंडा और हरी सब्जियां बनाने के तरीके सिखाए गए। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने निरंतर गृह भेंट कर मानव के स्वास्थ्य पर नजर रखी और हर सप्ताह उसका वजन एवं लंबाई का माप किया गया।
इन प्रयासों का असर जल्द ही दिखने लगा और 16 हफ्तों में मानव का वजन बढ़कर 7.7 किलोग्राम हो गया और अब वह सामान्य श्रेणी में आ चुका है। पहले जहां वह कमजोर और सुस्त था, वहीं अब वह सक्रिय, खेल-कूद में रुचि रखने वाला और ऊर्जावान बच्चा बन गया है। उसकी भूख में सुधार हुआ है और शरीर में ताकत लौटी है। सबसे बड़ी बात यह कि परिवार का आत्मविश्वास भी वापस आया है।
नम्रता बाई ने बताया कि मुझे लगा था कि मेरा बेटा हमेशा कमजोर ही रहेगा, लेकिन सम्वर्धित टेक होम राशन ने उसकी सेहत में सकारात्मक बदलाव लाया। आज मानव खुश और स्वस्थ है। मैं शासन का आभार व्यक्त करना चाहती हूं और हर मां से कहना चाहती हूं कि आंगनबाड़ी से मिलने वाला राशन बच्चों को जरूर खिलाएं। इस परिवर्तन में सम्वर्धित टेक होम राशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से मानव को आवश्यक पोषक तत्व और ऊर्जा समय पर मिलती रही। यह अतिरिक्त पोषण उसके शारीरिक विकास के लिए आधार बना। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने लगातार प्रेरणा दी और परिवार ने निर्देशों का ईमानदारी से पालन किया।
सीएचसी मोहला में हुआ सफल सिजेरियन ऑपरेशन, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
सीएचसी में स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, गर्भवती माताओं को मिलेगा लाभ
13 अक्टूबर 2025
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ग्राम गिधाली की गर्भवती महिला कुलेश्वरी पति अर्जुन का सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। इस महत्वपूर्ण शल्यक्रिया को स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद बनकर, डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. सीमा ठाकुर एवं डॉ. एस.आर. कोवाची की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पूरा ऑपरेशन पूरी तरह सुरक्षित रहा और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति से अब उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं को प्रसव हेतु राजनांदगांव या निजी अस्पतालों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में ही सिजेरियन ऑपरेशन एवं संपूर्ण जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इससे मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलेगी। यह सुविधा विशेष रूप से उन ग्रामीण महिलाओं के लिए लाभकारी साबित होगी। जिन्हें पहले औंधी से राजनांदगांव तक लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी।
इस उपलब्धि से क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं को समय पर सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित होंगी परिणामस्वरूप मातृ मृत्यु दर में भी कमी आएगी।
मृदा सुधार हेतु ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण, किसानों को मिला सॉइल हेल्थ कार्ड
संतुलित उर्वरक प्रयोग से बढ़ेगी उपज, बनी रहेगी मृदा स्वास्थ्य
मोहला 9 अक्टूबर 2025
जिले में मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजनांतर्गत ग्राम पंचायत दनगढ़, भोजटोला एवं माडिंग पीडिंग भुर्सा में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तीनों ग्राम पंचायतों के सरपंच, ग्राम पटेल, पंच एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा सहायकगण उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य पत्रक का वितरण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा किसानों से संतुलित मात्रा में उर्वरक एवं खाद का प्रयोग करने की अपील की गई। जिससे न केवल फसल की उपज बढ़ेगी, बल्कि उत्पादन लागत में भी कमी आएगी। जिससे किसानों की आय में भी वृद्धि होगी, साथ ही मृदा का स्वास्थ्य स्थिर एवं टिकाऊ बना रहेगा।
कार्यक्रम में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री असीम सिन्हा द्वारा किसानों को मृदा स्वास्थ्य पत्रक की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि खेती में टिकाऊपन बनाए रखने हेतु मृदा के स्वास्थ्य को संरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि एक ही फसल को बार-बार लगाना, असंतुलित उर्वरक एवं कीटनाशकों का उपयोग, फसल अवशेष जलाना, अत्यधिक जुताई एवं मृदा कटाव से मृदा स्वास्थ्य में गिरावट होती है। इसके समाधान के संबंध में बताया कि संतुलित खाद के उपयोग के साथ-साथ केंचुआ खाद वर्मी कम्पोस्ट घर पर बनाना, हरी खाद जैसे ढँचा, सनई, मूंग, लोबिया आदि को फसल चक्र में शामिल करना तथा जैव उर्वरक जैसे अजोला, नील हरित काई, राइजोबियम, फास्फोरस एवं पोटाश सॉल्यब्लाइजिंग बैक्टीरिया आदि के उपयोग से मृदा को उपजाऊ और स्वस्थ रखा जा सकता है।
विभागीय अधिकारी द्वारा किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने की सलाह दी गई। जिससे मृदा की उर्वरता बनी रहे और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि मृदा स्वास्थ्य का सीधा प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है, इसलिए मृदा का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। सॉइल हेल्थ कार्ड के माध्यम से किसान को अपने खेत की मिट्टी में पाए जाने वाले 16 पोषक तत्वों जैसे नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम, सल्फर, कार्बन, जिंक, आयरन, मैंगनीज, बोरोन आदि की जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वैज्ञानिक आधार पर खाद एवं उर्वरकों का चयन किया जा सकता है। विश्लेषण परिणाम के आधार पर ग्राम पंचायत दनगढ़ के किसानों को प्रति एकड़ औसत सिफारिश मात्रा में कंपोस्ट या गोबर खाद 1.36 टन, यूरिया 47.80 किलोग्राम, डीएपी 57.60 किलोग्राम, सिंगल सुपर फास्फेट 116 किलोग्राम एवं म्युरेट ऑफ पोटाश 4.4 किलोग्राम उपयोग करने की सलाह दी गई।
वन व राजस्व भूमि का अभिलेखीकरण एवं अद्यतन करें रिकॉर्ड-कलेक्टर श्रीमती प्रजापति
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने वन विभाग की ली बैठक
मोहला 9 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट वीसी कक्ष में वन विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें वन विभाग में संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में एक पेड़ मां के नाम अभियान, पट्टा वितरण, नामांतरण के लंबित प्रकरण व पशुधन हानि पर आर्थिक सहायता जैसे विभिन्न विषयों पर समीक्षा की। बैठक में डीएफओ श्री दिनेश पटेल, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने बैठक में वन विभाग को निर्देशित किया कि छुरिया देवी माता मंदिर परिसर मोहला में आकर्षक पुष्प पौधों का रोपण कर परिसर का सौंदर्यीकरण करें। इस दौरान उन्होंने लंबित नामांतरण प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने वन विभाग को राजस्व विभाग से समन्वय कर कार्य करने एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को नामांतरण प्रक्रिया की समुचित ट्रेनिंग देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांतरण संबंधी प्रक्रिया की सही जानकारी होना आवश्यक है, जिससे लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण हो सके। बैठक में जिले की वन भूमि एवं राजस्व भूमि के भौगोलिक क्षेत्रफल पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने भौगोलिक आंकड़ों के समुचित अभिलेखीकरण एवं रिकॉर्ड को अद्यतन करने हेतु निर्देशित किया।
- निर्माण एजेंसियों की बैठक लेकर लंबित कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले के निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन, प्रगतिरत, लंबित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीजीएमएससी को जिला अस्पताल निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए सीएमएचओ कार्यालय के कार्य को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आरईएस के स्वीकृत कार्यों की जानकारी लेते हुए अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी के नवीन स्वीकृत कार्यों एवं प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग को छात्रावासों के मरम्मत कार्यों के संबंध में विशेष निर्देश दिए।
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत कोरवा में ग्राम सभा आयोजित
जनजातीय किसानों को कृषि नवाचार एवं फसल बीमा योजना की दी गई जानकारी
मोहला 9 अक्टूबर 2025
जनजातीय समुदाय के विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिले में चल रहे आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत विकासखंड मोहला के ग्राम कोरवा में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, शासकीय योजनाओं और सतत कृषि पद्धतियों से जोड़ना था।
ग्राम सभा के दौरान किसानों से कृषि से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिनमें एग्रीस्टेक पंजीयन, धान की फसल में लगने वाले कीट एवं व्याधियों से बचाव के उपाय और आगामी रबी फसलों की तैयारी प्रमुख रहे। कार्यक्रम में किसानों को कीट प्रबंधन, रोग नियंत्रण की नवीन तकनीकें, उन्नत बीज चयन, फसल चक्र परिवर्तन एवं पोषक तत्व प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती इंद्राबाई कोमरे, ग्राम सरपंच श्रीमती दिलेश्वरी कोमा सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान अंतर्गत किसानों को उनकी फसल बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उनके बीमा दस्तावेज सीधे उपलब्ध कराना एवं फसल बीमा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है। जनप्रतिनिधियों द्वारा किसानों को समय पर बीमा पंजीयन, दावा प्रक्रिया और बीमा लाभ प्राप्त करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को न केवल तकनीकी जानकारी प्रदान की गई बल्कि उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया गया।
जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण हेतु बनाए कार्ययोजना-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति
- कोटपा अधिनियम के पालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- शासन की पुनर्वास नीति पर भी हुई विस्तृत चर्चा
मोहला 7 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कलेक्टोरेट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिले में कानून व्यवस्था, मादक पदार्थों की रोकथाम, आबकारी नियंत्रण, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और पुनर्वास नीति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसपी श्री यशपाल सिंह, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री दुकालू राम ध्रुव सहित पुलिस, आबकारी और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने हेतु पुलिस व आबकारी विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना बनाए एवं नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में कोटपा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं नक्सल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास नीति की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों के लिए आवास भूमि चिन्हांकन, आर्थिक सशक्तिकरण एवं कौशल उन्नयन की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाइयों एवं रणनीति पर समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सभी विभागों को समन्वित प्रयास के निर्देश दिए, ताकि बेहतर परिणाम प्राप्त किया जा सके।
आदिम जाति विभाग निर्माण कार्यों में लाए तेजी-कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति
- छात्रावास निर्माण, वनाधिकार पट्टा, आदि कर्मयोगी अभियान और शिक्षा योजनाओं पर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
- कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा, कहा बेहतर परिणाम हेतु बनाए कार्ययोजना
- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने ली आदिम जाति एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक
मोहला 7 अक्टूबर 2025
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के अधिकारी श्री संजय कुर्रे, शिक्षा विभाग के अधिकारी श्री योगदास साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रावास निर्माण कार्य, वन अधिकार पट्टा, भूमि आवंटन एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जिले में छात्रावासों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन, अप्रारंभ एवं पूर्ण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने टेंडर प्रक्रिया में विलंब को लेकर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने विभाग को अतिशीघ्र कार्य आदेश जारी करने के निर्देश। उन्होंने जिले में चल रहे आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा करते हुए सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के आयोजन के निर्देश दिए। वन अधिकार डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने जियो-टैगिंग के कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने पीएम श्री शालाओं, समग्र शिक्षा, अपार आईडी तथा जाति प्रमाण पत्र निर्माण कार्य में प्रगति लाने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र एवं अपार आईडी अनिवार्य रूप से बनाए। उन्होंने जिले के कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान : मानपुर में मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन
शिविर के माध्यम 261 मरीज हुए लाभांवित
मोहला । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर प्रारंभ स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक पूरे देश में संचालित किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एनीमिया जैसी बीमारी से मुक्त कर स्वस्थ और मजबूत परिवार की नींव रखना था। अभियान के अंतर्गत महिलाओं की नि:शुल्क खून की जांच, स्वास्थ्य परीक्षण एवं शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशन एवं सीएमएचओ डॉ. विजय खोब्रागडे के मार्गदर्शन में 01 अक्टूबर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर में मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ एवं अन्य चिकित्सा अधिकारियों द्वारा विकासखण्ड मानपुर के ग्रामीण मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ.गिरीश खोब्रागडे ने जानकारी दी कि ग्राम स्तर पर पूर्व में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए थे। जिनमें चिन्हित गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को मितानिन, एमटी, एनएम एवं आरएचओ के सहयोग से इस मेगा हेल्थ कैम्प में लाया गया। कैम्प में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा स्त्री रोग के 45, हड्डी रोग के 25, शिशु रोग के 24, सर्जरी के 8 एवं नेत्र रोग के 47 मरीजों का सफलतापूर्वक इलाज किया गया। इस तरह कुल 261 मरीजों को शिविर के माध्यम से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर डीपीएम श्री राकेश कुमार वर्मा, डॉ.मोहन टिकम, डॉ. देवेन्द्र ठाकुर, डॉ.सुनील गायकवाड एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर प्रजापति ने पीएम आवास निर्माण व राजमिस्त्री प्रशिक्षण का किया निरीक्षण
मोहला। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आज विकासखंड मोहला के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे पीएम आवास के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे ग्राम सांगली एवं मडिय़ानवाड़वी पहुचें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों एवं राजमिस्त्री प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चन्द्राकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर प्रजापति ने युवा राजमिस्त्री प्रशिक्षार्थियों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राजमिस्त्री कार्य एक महत्वपूर्ण एवं स्थायी रोजगार का माध्यम है। जिसकी मांग हमेशा छोटे से लेकर बड़े निर्माण कार्यों में बनी रहती है। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को टाइल्स फिटिंग जैसे अन्य कार्यों में कौशल के साथ निपुर्णता लाने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होनें कहा निर्माण में स्थानीय के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी काफी रोजगार के अवसर है, जिससे बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सांगली एवं मडिय़ानवाड़वी में लगे महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर कार्य पारदर्शिता एवं जवाबदेही की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम सुवरबोड़ के निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्रीमती झेलो बाई से निर्माणाधीन आवास के संबंध में चर्चा करते हुए कार्य गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर प्रजापति ने पीएम आवास निर्माण व राजमिस्त्री प्रशिक्षण का किया निरीक्षण
मोहला । कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने आज विकासखंड मोहला के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे पीएम आवास के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे ग्राम सांगली एवं मडिय़ानवाड़वी पहुचें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों एवं राजमिस्त्री प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चन्द्राकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर प्रजापति ने युवा राजमिस्त्री प्रशिक्षार्थियों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राजमिस्त्री कार्य एक महत्वपूर्ण एवं स्थायी रोजगार का माध्यम है। जिसकी मांग हमेशा छोटे से लेकर बड़े निर्माण कार्यों में बनी रहती है। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को टाइल्स फिटिंग जैसे अन्य कार्यों में कौशल के साथ निपुर्णता लाने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होनें कहा निर्माण में स्थानीय के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी काफी रोजगार के अवसर है, जिससे बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सांगली एवं मडिय़ानवाड़वी में लगे महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर कार्य पारदर्शिता एवं जवाबदेही की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम सुवरबोड़ के निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्रीमती झेलो बाई से निर्माणाधीन आवास के संबंध में चर्चा करते हुए कार्य गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।
दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम : जिले की सभी 185 ग्राम पंचायतों में किया गया सामूहिक प्रसारण
मोहला । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में शासन की एक विशेष पहल के तहत दीदी के गोठ रेडियो कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशन तथा सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का प्रसारण जिले की सभी 185 ग्राम पंचायतों में सामूहिक रूप से किया गया। जिसे ग्राम पंचायत भवनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पंचों, सचिवों, स्व-सहायता समूह की दीदियों तथा जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुना। रेडियो कार्यक्रम दीदी के गोठ में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी साझा की। इसमें लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद, जनमन आवास, विशेष परियोजना आवास, आवास सूची निर्धारण, किस्तों की प्रक्रिया तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल थीं।
सामूहिक प्रसारण के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल योजना की विस्तृत जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से मिली, बल्कि उन्हें अपनी समस्याएँ और सुझाव रखने का भी अवसर मिला। जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल को ग्रामीणों द्वारा खूब सराहा गया। कार्यक्रम न सिर्फ सूचना प्रसार का माध्यम बना, बल्कि जन-संवाद और सहभागिता को भी बढ़ावा देने वाला सशक्त मंच साबित हुआ।
करंट लगने से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम
मोहला । छत्तीसगढ़ के मोहला जिले में करंट हादसे से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में माता, पिता और बेटा शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ हादसा
घटना पाटन खास थाना क्षेत्र के पागरी गांव की है। रविवार रात को सुरतराम बोगा (62) अपनी बाड़ी में काम करने गए थे। इसी दौरान वह बिजली करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने पहुंचे बेटे रूपलाल बोगा (27) और बाद में पत्नी भागबती बाई (58) भी करंट से चिपक गईं। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में पसरा मातम
जब देर रात तक पिता-पुत्र घर नहीं लौटे, तो महिलाएं उन्हें खोजने पहुंचीं और हादसे का मंजर देखकर दहाड़ मारकर रो पड़ीं। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।