छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़
परीक्षण शिविर में 150 से अधिक दिव्यांग और वृद्धजन हुए लाभान्वित
सांसद कमलेश जांगड़े ने 3 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर वितरित किए
सारंगढ़ बिलाईगढ़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की संस्था एलिम्को जबलपुर के समन्वय से जिले के समाज कल्याण विभाग द्वारा विकासखंड बिलाईगढ़ में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु आंकलन सह परीक्षण शिविर का आयोजन गुरुवार को किया गया। सांसद जांजगीर चांपा कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शिविर में तीन दिव्यांगजनों को उनके बाधारहित आवागमन के लिए व्हीलचेयर प्रदान किया गया। सांसद श्रीमती जांगड़े द्वारा शिविर को संबोधित करते हुए दिव्यांगजनों की सहायता के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। परीक्षण शिविर में चिन्हित दिव्यांगजनों को भारत सरकार की एडीप योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर संबल योजना के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में दिव्यांगजनों को रोजगार स्वरोजगार से जोड़ने हेतु मार्गदर्शन दिया जाकर कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए आवेदन प्राप्त किया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए गठित भारत माता वाहिनी का प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क बस पास एवं पेंशन योजना का फार्म भी लिया गया। इस अवसर अनुविभागीय अधिकारी डॉ वर्षा बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एफ आर निराला , बीएमओ डॉक्टर वैष्णव, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ रामजी शर्मा, डॉक्टर प्रकाश कुर्रे, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आर बी तिवारी, समाज शिक्षा संगठक गजेंद्र साहू, उपसंचालक समाज कल्याण विनय तिवारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दिव्यांग एवं वरिष्ठजन उपस्थित हुए। इस शिविर में स्वास्थ्य एवं पंचायत विभाग का बेहतर सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन, रूपरेखा, आयोजन उप संचालक समाज कल्याण विनय तिवारी के द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
बिक्रमपाली में पशु मेला का आयोजन
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिले के पशुधन विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय पशु मेला का आयोजन बरमकेला विकासखण्ड के ग्राम बिक्रमपाली में 28 फरवरी को आयोजित किया जाएगा जिसमें उन्नत पशुधन, उन्नत बकरा, बकरी, सूकर देशी गाय, बैल एवं भैंस प्रजाति के पशुओं का प्रदर्शनी किया जायेगा। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य पशुपालकों को पशु सेवा करने में प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। प्रदर्शनी के पश्चात् समस्त वर्ग (पशु, पक्षी संवर्ग) को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार सामग्री के रूप में प्रदान की जावेगी। इस पशु मेला में शामिल होने के लिए सभी पशुपालकों, ग्रामीणों, इच्छुक नागरिकों, जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद पंचायत सदस्य, स्थानीय सरपंच एवं प्रशासनिक अधिकारी को उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ महेंद्र कुमार पांडे ने आमंत्रित किया है।
20 दिन से लापता युवक का मिला कंकाल, चार आरोपी गिरफ्तार
बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 20 दिनों से लापता युवक का जला हुआ कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बेलादुला थाना क्षेत्र की है।
मृतक युवक की पहचान मनोज साहू के रूप में हुई है, जो बैंगपाली गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, 4 फरवरी की रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने तेंदुदरहा गांव गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 5 फरवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में जंगल से खून के धब्बे और तीन लकड़ी के डंडे बरामद हुए, लेकिन मनोज का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
20 दिन बाद खुला राज
लगभग 20 दिनों बाद, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 फरवरी की रात 12 बजे वे जंगली सुअर का शिकार करने के लिए खेत में विद्युत करंट बिछा रहे थे। सुबह 4 बजे करंट प्रवाहित तार में फंसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। जब आरोपियों ने मौके पर जाकर देखा तो मृतक मनोज साहू था। घबराहट में आरोपियों ने शव को ट्रैक्टर ट्रॉली में डालकर ग्राम चारपाली से बोडा रोड चिलमघाटी के पास खेत में ले जाकर पैरावट (कूड़े-कचरे) में जला दिया।
जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
अगले दिन, आरोपियों ने मोटरसाइकिल से लौटकर लकड़ी और पैरा डालकर शव को पूरी तरह जला दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटनास्थल की तलाशी ली, जहां से मानव कंकाल और अन्य अवशेष बरामद किए गए। फॉरेंसिक जांच में पुष्टि हुई कि यह कंकाल मनोज साहू का ही था।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में राजेश सिंह नेताम, गौरसिंह सिदार, भानुसिंह नेताम और चौन सिंह जगत को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी ग्राम तेंदुदरहा के निवासी हैं। घटना में उपयोग किए गए ट्रैक्टर और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
18 दिन से लापता युवक का नहीं मिला सुराग, परिजन रो-रोकर बेहाल
सारंगढ़ । जिले के बेलादुला चौकी क्षेत्र के साहू परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के छोटे बेटे मनोज साहू का 18 दिनों से कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। अब माता-पिता पुलिस प्रशासन से हाथ जोड़कर गुहार लगा रहे हैं कि उनके बेटे को जल्द से जल्द खोजा जाए।
गायब होने की घटना
मनोज साहू 5 फरवरी को दोपहर 3 से 4 बजे के बीच अचानक लापता हो गया। जब वह घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ बेलादुला चौकी पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तलाश शुरू की। इसी बीच, पास के जंगल में मात्र 1-2 किलोमीटर की दूरी पर खून के धब्बे मिलने की सूचना मिली। यह खबर सुनते ही परिजनों और ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में अब तक क्या हुआ?
खून के धब्बे मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी। मौके पर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। जंगल में मिले खून के धब्बों और अन्य साक्ष्यों को फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही, कुछ संदेहास्पद व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है। वहीं, थाना प्रभारी और बिलाईगढ़ एसडीओपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मनोज के परिजन बेहद दुखी और परेशान हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से पुलिस प्रशासन से अपने बेटे को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगाई है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस जल्द कोई ठोस जानकारी नहीं देती, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। परिजनों ने यह भी कहा कि 18 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक कोई ठोस सबूत नहीं जुटा पाई है, जिससे उन्हें प्रशासन की कार्रवाई पर संदेह हो रहा है।
क्या पुलिस सुलझा पाएगी यह गुत्थी?
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले को कब तक सुलझा पाती है और मनोज साहू को सुरक्षित वापस ला पाती है या नहीं। परिजनों और ग्रामीणों की नजरें पुलिस की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।
पंचायत चुनाव में फर्जी मतदान का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा
बिलाईगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान बिलाईगढ़ विकासखंड में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन ग्राम पंचायत करियाटार के आश्रित ग्राम दाऊबंधान के मतदान केंद्र क्रमांक 156 पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
विवाद तब खड़ा हुआ जब मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की गई। मतदान प्रक्रिया के दौरान कुल 74 लोगों ने वोट डाले थे, लेकिन जब मतगणना हुई, तो 78 वोटों की गिनती सामने आई। इस अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए मतदान अधिकारियों को घेर लिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने दी समझाइश
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार देवराज सिदार और एसडीओपी विजय ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि वे इस मामले में आधिकारिक अपील दर्ज कर सकते हैं, और उचित जांच के बाद समाधान निकाला जाएगा।
इसके बाद, सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटी को सील किया गया और स्ट्रांग रूम भेजा गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो पाई।
फर्जी मतदान को लेकर बढ़ी चिंता
इस घटना ने पंचायत चुनावों में फर्जी मतदान और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या पुनर्मतदान की संभावना बनती है।
सारंगढ़ गोलीकांड: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, छापे के दौरान अवैध हथियार व शराब बरामद
सारंगढ़ । सारंगढ़ गोलीकांड के मुख्य फरार आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने व्यापक छापेमारी की। इस दौरान सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं शराब बरामद की।
अवैध हथियार और शराब की बरामदगी
16 फरवरी को थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ के अपराध क्रमांक 75/25 के तहत दर्ज धारा 296, 191(2), 191(3), 190, 109, 103(1) बीएनएस 25, 27 आर्म्स एक्ट में फरार आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत की तलाश में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया था।
इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के साथियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। थाना कोसीर पुलिस ने प्रशांत भारद्वाज उर्फ चिंकी (28 वर्ष) और जनार्दन टंडन (40 वर्ष), दोनों निवासी सिंहनपुर के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुए। इस पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 58/25 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
कच्ची शराब की बरामदगी
इसी क्रम में आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत की तलाश के दौरान पुलिस ने उसके अन्य साथी दिलीप यादव उर्फ गब्बर (24 वर्ष), निवासी सिंहनपुर के घर छापा मारा। यहां से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/25 धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा, कृष्णा सिंह राजपूत की पत्नी के भतीजे चमन लहरे (23 वर्ष) के घर छापेमारी के दौरान 50 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इस पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 57/25 धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी चमन लहरे को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
अपराधियों का पूर्व रिकॉर्ड
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनकी पूरी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है और मुख्य आरोपी कृष्णा सिंह राजपूत की तलाश में लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
भटगांव नगरीय निकाय चुनाव: बीजेपी प्रत्याशी विक्रम कुर्रे की बड़ी जीत
बिलाईगढ़ । बिलाईगढ़ विधानसभा के नगर पंचायत भटगांव में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मतगणना शांतिपूर्ण सम्पन्न कराई। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विक्रम कुर्रे ने भारी मतों से जीत हासिल की।
बीजेपी प्रत्याशी विक्रम कुर्रे को कुल 3,820 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पार्टी के कमलेश कुर्रे को 1,513 वोटों से पराजित किया। कमलेश कुर्रे को कुल 2,307 वोट मिले। वहीं, बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के ढोलाराम सायतोड़े को 879 वोट प्राप्त हुए और उन्हें 2,941 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। निर्दलीय प्रत्याशी मनोज कुमार टंडन को 970 वोट मिले, जिससे वे 2,850 वोटों से पराजित हुए।
पार्षद पदों पर विजयी उम्मीदवार:
पार्षदों की बात की जाए तो वार्ड 1 में प्रवेश दुबे जीते, वार्ड 2 में महादेवा यादव जीते, वार्ड 3 में दुर्गेश्वरी जीते, वार्ड 4 में लीलाधर वैष्णव जीते, वार्ड 5 में बृजभूषण केशरवानी जीते तो वार्ड 6 में प्रदीप देवांगन जीते, वार्ड 7 में देवेंद्र यादव जीते जबकि वार्ड 8 में रेवती रमाकांत पटेल जीते, वार्ड 9 में रामकुमार सिदार जीते है तथा वार्ड 10 में अमीरुन निशा खान जीते, वार्ड 11 में रेणु सोनी जीते इसी तरह वार्ड 12 में मनोहर टंडन जीते तो वार्ड 14 में सरिता व वार्ड 15 में संतोष कुर्रे ने जीत हासिल की।
नवनिर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपे गए
मतगणना प्रक्रिया समाप्त होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर नीलिमा अग्रवाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।
भटगांव में हुए इस चुनाव में जनता ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिली।
सारंगढ़ में विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या, 4 गिरफ्तार, 1 फरार...
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला मुख्यालय सारंगढ़ में गोलीकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत की तलाश जारी है।
क्या है मामला?
घटना गुरुवार को सूर्या बेकरी के सामने हुई। बताया जा रहा है कि प्लास्टिक जलाने को लेकर हुए विवाद में ललिता बघेल, पिंटू जांगड़े, कृष्णा राजपूत और उनके अन्य साथियों ने बेकरी के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और झगड़ा किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मुखलाल मांझी को सीने में गोली मार दी गई।
गोली लगने से मुखलाल मांझी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने एक मैगजीन, एक गाड़ी और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। हालांकि, मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्याशी को 10-11 फरवरी के अखबार में प्रकाशित होने वाले उनके विज्ञापन का प्रमाणन अनिवार्य
जारी होने से दो दिन पूर्व कराना होगा प्रमाणन
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । नगरपालिका आम निर्वाचन अंतर्गत नगरीय निकाय अध्यक्ष और महापौर प्रत्याशी को मतदान के एक दिन पूर्व 10 फरवरी और मतदान दिन 11 फरवरी को समाचार पत्र में राजनीतिक प्रकृति के विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन जिला एमसीएमसी समिति से कराया जाना आवश्यक है। जिले के नगर पंचायत अध्यक्ष अभ्यर्थियों को एमसीएमसी समिति स्थानीय निर्वाचन कार्यालय सारंगढ़ से प्रमाणन ले सकते हैं। प्रकाशन की तिथि के कम से कम दो दिन पहले इस प्रमाणन के लिए कोई भी पंजीकृत या अपंजीकृत राजनीतिक दल, कोई भी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार, संगठन, संघ, व्यक्ति, कोई आवेदन भी कर सकता है।
अन्य व्यक्ति को देना होगा शपथ पत्र
इसके लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन किया जा सकता है। विज्ञापन के उत्पादन की लागत, क्या विज्ञापन किसी उम्मीदवार या पार्टियों के चुनाव की संभावनाओं के लाभ के लिए है, से संबंधित विवरण। यदि विज्ञापन किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के अलावा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा जारी किया जाता है तो उस व्यक्ति को शपथ पर बताना होगा कि यह राजनीतिक दल या उम्मीदवार के लाभ के लिए नहीं है और उक्त विज्ञापन किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार द्वारा प्रायोजित या कमीशन या भुगतान नहीं किया गया है। एक बयान कि सारा भुगतान चेक या डिमांड ड्राफ्ट द्वारा किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश
राजनीतिक दल और कोई भी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के अलावा तीसरे पक्ष के विज्ञापन पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश रोक नहीं लगाता है, लेकिन आदेश में कहा गया है कि तीसरा पक्ष किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के लाभ के लिए या उसके खिलाफ विज्ञापन नहीं दे सकते।
एक ईवीएम में अध्यक्ष और पार्षद के लिए 11 को मतदान करेंगे मतदाता
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । नगरपालिका आम निर्वाचन में जिले के नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए 11 फरवरी 2025 को मतदान होगा। जिले के मतदाता एक ही ईवीएम मशीन में दो पद के लिए मतदान करेंगे। मतदान के बाद बीप की आवाज के साथ मशीन की लाइट जलेगी। जिले में विभिन्न स्थानों में मतदान प्रचार दल द्वारा मतदाताओ को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
बहुपदीय ईवीएम
नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए बहुपदीय ईवीएम मशीन का उपयोग किया जाएगा। इसमें ईवीएम को दो भागों में रिजल्ट 1 और रिजल्ट 2 के आधार पर बांटा गया है। इसमें 16 बटन है जिसमें से पहले बटन में महापौर या अध्यक्ष का पदनाम आरक्षित किया गया है। उसके बाद क्रमशः 4 अभ्यर्थियों के नाम और नोटा को शामिल किया गया है। इसी प्रकार 7 नंबर का बटन पार्षद पद नाम के लिए आरक्षित किया गया है, जिसमें बटन 8 से 14 तक प्रत्याशी और 15वा बटन नोटा के लिए निश्चित है। अंतिम 16वा अंतिम बटन अंडर वोट, नो वोट (इंड) है। अध्यक्ष, महापौर और पार्षद पद के उम्मीदवार अधिक होने की स्थिति में एक से अधिक ईवीएम का आवश्यकता अनुसार उपयोग किया जाएगा।
सामान्य प्रेक्षक ने किया रेंडमाईजेशन : ईवीएम का किया कमीशनिंग
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । सामान्य प्रेक्षक ग्रीष्मी चांद ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेश कुमार साहू, पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, राजनीतिक दलों के अभ्यर्थी की उपस्थिति में मतदान दल और मतदान केंद्र का दल गठन (रेंडमाइजेशन) की। इसके साथ ही स्ट्रांग रूम, कृषि उपज मंडी परिसर सारंगढ़ में जिले के नगर पंचायत में होने वाले मतदान के लिए ईवीएम मशीनों में चुनाव चिन्ह, अभ्यर्थी का नाम आदि इंस्टॉल (कमीशनिंग) कार्य किया गया। इस अवसर पर निर्वाचन आयोग के 6 इंजीनियर उपस्थित थे।
मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व की अवधि में प्रचार प्रसार पूर्णतः प्रतिबंधित
सारंगढ़ बिलाईगढ़ । नगरपालिका आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद अभ्यर्थियों को 11 फरवरी के शाम 5 बजे मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व की अवधि में किसी भी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र, नारेबाजी या प्रचार प्रसार पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने वाला व्यक्ति, दल, भारतीय दण्ड विधान के तहत दण्डनीय होगा।
टंकराम वर्मा ने किया भटगांव का दौरा, बीजेपी प्रत्याशी के लिए मांगा वोट...
बिलाईगढ़ । राजनीतिक पार्टियों की चुनावी दौरा लगातार जारी है। पार्टी के नेता और मंत्री क्षेत्र का लगातार दौरा कर रहे हैं और अपने-अपने पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट माँग रहें है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा बिलाईगढ़ विधानसभा के नगर पंचायत भटगांव का दौरा किया। जहाँ नगर पंचायत भटगांव के बीजेपी प्रत्याशी विक्रम कुर्रे के पक्ष में आम जनता को संबोधन कर वोट माँगा। साथ ही पार्टी से चुने गए सभी वार्डों के पार्षदों के लिये भी उन्होंने वोट माँगा।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर के शीतला मंदिर चौक में उनका जोरदार स्वागत किया। मंत्री टंकराम वर्मा ने आगे आम सभा को संबोधित करते हुये केंद्र सरकार सहित राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी और भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार बनाने जनता से अपील की।
उन्होंने आगे काँग्रेस पार्टी की भूपेश सरकार पर जमकर हल्ला बोला, कहा भूपेश की सरकार जनविरोधी सरकार था जिन्होंने जनता की हित में कोई काम नहीं कि। पूरे पांच साल तक जनता को ठगने का काम किया।
नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारी पर चुनाव प्रचार करने का आरोप, शिकायत दर्ज
बिलाईगढ़ । नगर पंचायत बिलाईगढ़ में एक प्लेसमेंट कर्मचारी के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है। आरोप है कि कर्मचारी ने चुनाव प्रचार में सक्रिय भागीदारी की, जिसे लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की गई है।
नगर पंचायत बिलाईगढ़ के प्लेसमेंट कर्मचारी दिनेश शर्मा के खिलाफ हितेश जायसवाल ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत सौंपी है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि दिनेश शर्मा ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दामोदर दास दुबे के पक्ष में चुनावी रैली में भाग लिया और प्रचार सामग्री हाथ में लेकर प्रचार-प्रसार किया। इस तरह, एक सरकारी कर्मचारी होते हुए उन्होंने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया।
शिकायतकर्ता का दावा है कि उनके पास दिनेश शर्मा द्वारा प्रचार करते हुए वीडियो सबूत भी मौजूद हैं, जो जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने मांग की है कि उक्त कर्मचारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जिला निर्वाचन अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और क्या कार्रवाई की जाती है।
प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक हुआ लापता, हत्या की आशंका...
सरसिंवा। सारंगढ़ जिले में सरसिंवा थाना क्षेत्र के बेलादुला चौकी में एक युवक की गुमशुदगी का मामला सामने आया है, जिसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए बुधवार रात 3 से 5 बजे के बीच गया था, जिसके बाद से वह लापता है।
जंगल में मिले खून के धब्बे...
परिजनों ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इसी बीच घटनास्थल से करीब 1-2 किलोमीटर की दूरी पर जंगल में खून के धब्बे और खून से सने डंडे मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया है। इससे युवक की हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय, बिलाईगढ़ एसडीओपी विजय ठाकुर और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल युवक की तलाश जारी है, और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पूरी छानबीन के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक कहां है और उसके साथ क्या हुआ।
बिलाईगढ़ में नामांकन रद्द कराने को लेकर मारपीट, दोनों पक्षों पर FIR दर्ज
बिलाईगढ़ । ग्राम पंचायत धौराभांठा "घो" में सरपंच नामांकन पर्ची को रद्द कराने के मामले को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इस घटना में एक दुकानदार और उनके बेटे के साथ मारपीट की गई, जिसकी शिकायत पर सरसिंवा थाना में दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर काउंटर केस बनाया गया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
शिकायतकर्ता का आरोप
शिकायतकर्ता हेतराम साहू और उनके बेटे के अनुसार, गांव के पूर्व सरपंच हीरालाल साहू और करन साहू, कुछ ग्रामीणों के साथ गिरसा में स्थित उनकी दुकान पहुंचे। धोखे से किसी काम का हवाला देकर बुलाया और उन पर सरपंच नामांकन पर्ची को रद्द करवाने का दबाव डाला। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता का बेटा महेश्वर साहू शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। किसी तरह दोनों वहां से भागकर सरसिंवा थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों का आरोप है कि थाना में पहले उनकी बात नहीं सुनी गई, क्योंकि मारपीट करने वाले लोग सत्ताधारी दल के बड़े नेताओं के करीबी बताए जा रहे हैं। हालांकि, काफी देर बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
पुलिस का बयान
इस पूरे मामले पर सरसिंवा थाना प्रभारी राजेश कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार डरा हुआ है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इस घटना को लेकर ग्रामवासियों में भी चर्चा तेज हो गई है।
नपं भटगांव के लिए कांग्रेस ने कमलेश कुर्रे को दिया टिकिट
बिलाईगढ़ । निकाय-पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत भटगांव में अनुसूचित जाति से कमलेश कुर्रे को टिकिट दी है। जबकि बिलाईगढ़ नगर पंचायत के सामान्य सीट में चंद्रशेखर भट्ट को टिकिट दिया गया साथ ही सरसिंवा नगर पंचायत अनुसूचित जाति महिला सीट में श्रीमती मोनिका बंजारे तो पवनी नगर पंचायत में अन्य पिछड़ा वर्ग हेतु इंदुभूषण दास पड़वार को दी गई है।
वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने पहले ही अपनी सूची जारी कर दी थी जिसमें सरसिंवा नगर पंचायत में श्रीमती गुलेचन बंजारे की टिकिट दी गई है तो वहीं नगर पंचायत भटगांव में विक्रम कुर्रे, बिलाईगढ़ नगर पंचायत में रामनारायण देवांगन और पवनी नगर पंचायत में कुलदीपक साहू को बीजेपी ने टिकिट दी हैं।