छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर
जिले में छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव 2025 की आचार संहिता हुई समाप्त
एमसीबी । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डी. राहुल वेंकट के आदेशानुसार छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 की प्रक्रिया पूरी हो गई है। निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 25 फरवरी 2025 को मतगणना समाप्त होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। इसके साथ ही राज्य में लागू आदर्श आचरण संहिता को प्रभाव शून्य घोषित कर दिया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के इस निर्णय के बाद अब शासन-प्रशासन द्वारा रुके हुए विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान लागू आचार संहिता के कारण नई योजनाओं की घोषणा और सरकारी कार्यों पर प्रतिबंध था, लेकिन अब इन पाबंदियों के हटने से प्रशासनिक गतिविधियां पुनः सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त के आदेश के बाद पंचायतों में नव-निर्वाचित प्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
नगर निगम चिरमिरी में स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियाँ शुरू
नव निर्वाचित महापौर कर रहे मॉनिटरिंग
एमसीबी । जिले के चिरमिरी नगर पालिक निगम के नवनिर्वाचित महापौर राम नरेश राय ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के तहत चिरमिरी शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम के आयुक्त राम प्रसाद आचला, सहायक अभियंता विजय बधावन, स्वच्छता अधिकारी उमेश तिवारी, ज़िला समन्वय (पीआईयू), प्रवीण सिंह व संबंधित अधिकारियों के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर फ़ीडबैक लिया।
महापौर राय ने चिरमिरी के विभिन्न क्षेत्रों का घूमघूम कर दौरा किया व साफ़-सफ़ाई व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। नगर निगम के आयुक्त राम प्रसाद आचला को भी महापौर ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने निर्देशित किया। महापौर ने आमजनों से भी अपील करते हुए कहा कि गिला व सूखा कचरा अलग-अलग रखने और कचरा को वाहन में डालने के लिए आग्रह किया। महापौर ने बताया कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के लिए नगर निगम जो भी काम रहा है, उन्हें जन-जन तक पहुँचाया जाना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर लोगों को जागरूक भी किया। इस दौरान महापौर ने नगर निगम के फायर स्टेशन का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों से बात की व निगम के कार्य में तेजी लाने अधिकारियों को निर्देशित किया।
ममता सिंह और प्रिया बनीं नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य
एमसीबी । जिला निर्वाचन अधिकारी डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार और रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम शर्मा के मार्गदर्शन में 19 फरवरी को खड़गवां जनपद पंचायत में पंचायत निर्वाचन के तहत मतदान और मतगणना की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
मतगणना के परिणामस्वरूप निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 09 (देवाडांड) से ममता सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रेणुका जगदीश सिंह मोरपच्ची को हराकर जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत दर्ज की। वहीं निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 10 (खड़गवां) से प्रिया ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी सोनवती को मात देकर विजय हासिल की। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतगणना और सारणीकरण की कार्यवाही कलेक्ट्रेट परिसर, चैनपुर में संपन्न हुई। इसके उपरांत, रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम शर्मा द्वारा निर्वाचित उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
पंचायत चुनाव के दौरान मतपेटी लूटने का प्रयास: 100 आरोपियों पर मामला दर्ज
मनेन्द्रगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के दौरान मतदान केंद्र में घुसकर मतपेटी लूटने का प्रयास करने वाले 7 नामजद सहित 100 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस घटना की शिकायत वनरक्षक योगेश्वर सिंह ने थाना खडगवां में दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार 16 फरवरी को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान केन्द्र कमांक 26 अतिरिक्त भवन कटकोना में सैनिक भाल चन्द के साथ पीठासीन अधिकारी मुकदेव राम भगत एवं मतदान दल के कर्मचारियों के साथ जाने और चुनाव कराने के दौरान शांति व्यवस्था ड्युटी हेत लगा था।
चुनाव के बाद 17 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे, जब मतदान दल मतगणना कर रहा था, उसी समय बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसी दौरान, ग्राम कटकोना के आरोपी राम सिंह, राम अधार, दिनेश वियार, आरत, शिवकुमार, भजन, जगत और उनके लगभग 100 सहयोगी मतदान केंद्र के पास पहुंचे। उन्होंने वहां उपस्थित कर्मचारियों से अभद्र भाषा में गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने वनरक्षक योगेश्वर सिंह और सैनिक भालचंद पर हमला कर दिया तथा मतदान केंद्र का दरवाजा तोड़ते हुए चार आरोपी मतदान कक्ष में घुस गए। उन्होंने मतपेटी लूटने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस पर आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जब पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी हस्तक्षेप करने पहुंची, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। प्रार्थी की शिकायत पर थाना खडगवां में अपराध क्रमांक 31/2025 के तहत धारा 191(2), 296, 351(2), 115, 132, 324(3), 333, 62 बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में दूसरे चरण का मतदान 20 को
एमसीबी । मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में द्वितीय चरण का मतदान 20 फरवरी को संपन्न होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डी. राहुल वेंकट के निर्देशानुसार और रिटर्निंग अधिकारी जिला पंचायत अंकिता सोम शर्मा के मार्गदर्शन में इस प्रक्रिया को निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से संचालित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले में कुल 148 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 65,274 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 33,293 महिला और 31,981 पुरुष मतदाता शामिल हैं। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, आवागमन के रूट का सत्यापन और वल्नरेबिलिटी मैपिंग की कार्रवाई को भी पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही मतदान दलों पर प्रभावी नियंत्रण और पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के लिए विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में घाघरा, केल्हारी, डुगला, कछौड़, मुसरा, बिहारपुर, कठौतिया, घुटरा, नागपुर, बरबसपुर, सरभोका, सिरौली, बंजी, लालपुर तथा भौंता को मिलाकर कुल 15 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, जिससे मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ किया मतदान दलों का स्वागत
एमसीबी । मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के विकासखंड मनेंद्रगढ़ में 20 फरवरी को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान होगा। इसके लिए बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लालपुर में मतदान दलों को सामग्री का वितरण किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डी. राहुल वेंकट ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम लिंगराज सिदार, तहसीलदार यादवेंद्र कैवर्त्य, जनपद सीईओ वैशाली सिंह, वाहन नोडल अधिकारी दयानंद तिग्गा और निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मतदान दलों के रवाना होने के बाद जब वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनका पुष्प गुच्छ देकर भव्य स्वागत किया। स्थानीय लोगों के इस गर्मजोशी भरे स्वागत ने लोकतंत्र के इस महापर्व को और भी खास बना दिया। प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।
मनेन्द्रगढ़ खड़गवां की दोनों जनपद पंचायतों पर कांग्रेस का कब्जा
मनेंद्रगढ़ । जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारी हार का सामना करना पड़ा है। मनेंद्रगढ़ खड़गवां के दोनों जिला पंचायत क्षेत्रों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।
जीत का विवरण:
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 9: कांग्रेस समर्थित ममता सिंह विजयी रहीं। उन्होंने भाजपा समर्थित पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह को हराया।
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10: कांग्रेस समर्थित प्रिया मसराम ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा समर्थित पूर्व जनपद अध्यक्ष सोनमति उर्रे को हराकर बड़ी सफलता हासिल की।
इस जीत के साथ कांग्रेस ने क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि भाजपा के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इन चुनावी नतीजों का असर स्थानीय राजनीति पर स्पष्ट रूप से दिख सकता है।
जिले के सभी नगरीय निकायों की मतगणना सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण व पारदर्शी रूप से संपन्न
एमसीबी । राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डी. वेंकट राहुल के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में एमसीबी जिले के सभी नगरीय निकाय चुनाव के तहत 11 फरवरी को हुए मतदान की मतगणना की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ मतगणना स्थलों में संपन्न हुई। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय में नियुक्त प्रेक्षकगणों ने मतगणना कार्य को अपनी निगरानी में संपन्न कराया। निर्वाचन के परिणामों की घोषणा के उपरांत विजयी अभ्यर्थियों को रिटर्निंग ऑफिसरों ने प्रमाण पत्र प्रदान किया।
वहीं मतगणना कार्य को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला अधिकारी, पुलिस प्रशासनिक अधिकारी, मतगणना कार्मिकों और सुरक्षा कार्मिकों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा की प्रतिमा यादव ने विजय हासिल की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रभा पटेल को पराजित कर जीत दर्ज की। रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें विजयी घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसी तरह नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की 22 वार्डों की पार्षदों की गणना की गई जिसमें से 10 पार्षद भाजपा से, 09 पार्षद कांग्रेस से और 03 निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की।
वहीं दूरांचल क्षेत्र की नगर पंचायत जनकपुर में भाजपा प्रत्याशी कौशल पटेल ने जीत दर्ज की। जनकपुर की 15 वार्डों की पार्षदों की गणना में 11 पार्षद भाजपा से, 02 पार्षद कांग्रेस से और 02 निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की। वहीं झगराखांड नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी रीमा रमेश यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी चम्पा जयसवाल को हराकर विजय प्राप्त की।
झगराखांड की 15 वार्डों की पार्षदों की गणना में 09 पार्षद भाजपा से, 05 पार्षद कांग्रेस से और 01 निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की।इसके साथ ही नई लेदरी नगर पंचायत से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह राणा ने अपने प्रतिद्वंद्वी विष्णु दास पनिका को पराजित कर जीत दर्ज की। नई लेदरी की 15 वार्डों की पार्षदों की गणना में 07 पार्षद भाजपा से, 05 पार्षद कांग्रेस से और 03 निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की। वहीं कोयलांचल क्षेत्र की नगर पंचायत खोंगापानी से कांग्रेस प्रत्याशी ललिता रामा यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी वंदना लोहार को पराजित कर विजय हासिल की। खोगापानी की 15 वार्डों की पार्षदों की गणना में 10 पार्षद भाजपा से, 03 पार्षद कांग्रेस से और 02 निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की।
खड़गवां पंचायत चुनाव के लिए लगी अधिकारियों की ड्यूटी
एमसीबी । मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भतरपुर जिले के खड़गवां विकासखंड में 17 फरवरी को त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव का आयोजन किया जा रहा है। चुनाव की सुचारू एवं शांतिपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
जनपद पंचायत खड़गवां विकासखंड के सलका पंचायत में नायब तहसीलदार नीरज कान्त तिवारी, उधनापुर पंचायत में नायब तहसीलदार महेन्द्र कुमार, दुबछोला पंचायत में सहायक आबकारी अधिकारी शशिकला पैकरा, कोड़ा पंचायत में खाद्य अधिकारी जतिन देवांगन, ठग्गांव पंचायत में जिला प्रबंधक उमेश पाण्डेय और रतनपुर पंचायत में महिला एवं बाल विकास अधिकारी शुभम बंसल को नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, बरदर पंचायत में जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य विभाग) पुष्पेन्द्र सोनी और कटकोना पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन के राजेश जैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारी सेक्टर अधिकारियों एवं मतदान दल से समन्वय स्थापित कर चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग करेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
चिरमिरी नगर निगम के गणना पर्यवेक्षक-सहायकों को मिला प्रशिक्षण
एमसीबी । जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में, रिटर्निंग अधिकारी विजयेन्द्र सिंह सारथी की अध्यक्षता में नगर निगम चिरमिरी के मंगल भवन, मालवीय नगर वेस्ट चिरमिरी पोड़ी में मतगणना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मतगणना 15 फरवरी को नगर पालिक निगम चिरमिरी के मालवीय नगर वार्ड क्रमांक 01 स्थित मंगल भवन में आयोजित की जाएगी, जिसकी शुरुआत प्रातः 9 बजे से होगी। इस चुनाव में कुल 40 वार्डों के लिए पार्षदों का चयन किया जाएगा, जबकि महापौर पद के लिए भी मतगणना की जाएगी। निष्पक्ष और पारदर्शी मत गणना सुनिश्चित करने के लिए 40 गणना टेबल लगाए गए हैं, जहां 40 गणना पर्यवेक्षक, 80 गणना सहायक और 6 रिजर्व दल के अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। इन सभी अधिकारियों को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया गया। पहला 7 फरवरी को और दूसरा 13 फरवरी को संपन्न हुआ। जिसमें महापौर पद के लिए कुल 5 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 40 पार्षद सीटों के लिए कुल 119 प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़े हैं।
मतगणना केंद्र पर अभ्यर्थियों एवं उनके गणन अभिकर्ताओं के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। महापौर प्रत्याशियों और उनके गणन अभिकर्ताओं की कुल संख्या 205 है, जबकि वार्ड पार्षद प्रत्याशी एवं उनके गणन अभिकर्ताओं की संख्या 200 है, तथा लगभग 400 से 430 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। वहीं रिटर्निंग अधिकारी विजयेन्द्र सिंह सारथी ने बताया कि प्रत्येक गणना मेज पर उसकी दफ्ती लगाकर टेबल क्रमांक एवं वार्ड क्रमांक प्रदर्शित की जायेगी। गणना कार्य में लगे सभी अधिकारी/कर्मचारियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था से मतगणना स्थल में प्रवेश दिया जायेगा। मतगणना हॉल में मोबाइल, किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, स्मार्ट वॉच ले जाना प्रतिबंधित होगा। गणना का कार्य आयोग द्वारा निर्धारित समय पर प्रारंभ होगा।
कंट्रोल यूनिट ऑन कर सभी सील का मिलान उपरांत मतपत्र लेखा से सभी जानकारी का मिलान कर कंट्रोल यूनिट को ऑन कर सभी प्रदर्शित जानकारी को मिलान किया जायेगा। तत्पश्चात रिजल्ट 1 बटन दबाने हेतु ग्रीन पेपर सील को उंगली से दबाकर रिजल्ट 1 का बटन दबाया जायेगा। जिसमें क्रमवार पहले महापौर उम्मीदवार क्रमवार मत प्रदर्शित होगा। उसके बाद क्रमवार पार्षद पद के उम्मीदवार क्रमवार प्राप्त मत प्रदर्शित होगा। सर्वप्रथम निर्वाचन कर्तव्य मतपत्र की गणना रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रारंभ की जायेगी। तथा गणना का परिणाम प्रारूप-21(क) तैयार किया जायेगा। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा टेबुलेशन कराकर गणना का अंतिम परिणाम तैयार किया जायेगा। इस प्रशिक्षण में रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
चिरमिरी नपानि चुनाव की मतगणना की तैयारियों की समीक्षा
एमसीबी । नगर पालिक निगम चिरमिरी के आम निर्वाचन 2024-25 की मतगणना 15 फरवरी को सुबह 9 बजे से मंगल भवन, मालवीय नगर वेस्ट चिरमिरी पोड़ी में होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार और उप जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में रिटर्निंग अधिकारी विजयेन्द्र सारथी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मतगणना बैठक कराई गयी। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका आम निर्वाचन 2025 के लिए मतगणना से जुड़े आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करने के लिए 14 फरवरी को दोपहर 12 बजे निगम सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रिटर्निंग अधिकारी विजयेन्द्र सारथी, नगर निगम आयुक्त राम प्रसाद आंचला, श्याम देशपाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले के नगरीय निकाय निर्वाचन शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न, 69.27% रहा मतदान प्रतिशत
एमसीबी । छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत जिले में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार और उप जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चली। विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे मतदान प्रतिशत भी उत्साहजनक रहा।
जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में हुए चुनाव में महिला और पुरुष मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न हुआ, जिसमें कुल मतदान प्रतिशत 69.27% रहा। नगर पालिका निगम चिरमिरी की 40 वार्डों में कुल 54,188 मतदाताओं में से 18,326 पुरुष और 17,884 महिलाओं ने मतदान किया। कुल मतदान 36,210 हुआ और मतदान प्रतिशत 66.82% दर्ज किया गया। नगर पालिका परिषद् मनेन्द्रगढ़ की 22 वार्डों में कुल 26,604 मतदाताओं में से 9,199 पुरुष और 9,131 महिलाओं ने मतदान किया। इसमें कुल 18,330 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत 68.90% रहा। इसी साथ नगर पंचायत झगराखांड की 15 वार्डों में कुल 5,512 मतदाताओं में से 2,250 पुरुष और 2,358 महिलाओं ने मतदान किया। इसमें कुल 4,608 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत 83.60% दर्ज किया गया।
इस तरह नगर पंचायत खोंगापानी में कुल 11,947 मतदाताओं में से 4,151 पुरुष और 4,110 महिलाओं ने मतदान किया। जिसमे कुल 8,261 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत 69.15% रहा। साथ ही नगर पंचायत नई लेदरी की 15 वार्डों में कुल 3,851 मतदाताओं में से 1,496 पुरुष और 1,548 महिलाओं ने मतदान किया। इसमें कुल 3,044 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत 79.04% रहा। वहीं नगर पंचायत जनकपुर की 15 वार्डों में कुल 3,933 मतदाताओं में से 1,501 पुरुष और 1,493 महिलाओं ने मतदान किया। इसमें कुल 2,994 लोगों ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 76.13% दर्ज किया गया।
इस तरह, जिले में कुल 1,06,035 मतदाताओं में से 36,923 पुरुष और 36,524 महिलाओं ने मतदान किया। कुल 73,447 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और जिले में मतदान प्रतिशत 69.27% रहा।
निर्वाचन अधिकारियों तथा राजनीतिक दलों की उपस्थिति निकायों की संवीक्षा
एमसीबी । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन के निर्देशानुसार नगर पालिका निमग, नगर पालिका परिषद तथा नगर पंचायत के आम निर्वाचन 2025 हेतु मतदान के दूसरे दिन जिले में नियुक्त प्रक्षेक के समक्ष निकायों की संविक्षा की जानी है। जिसके के परिपालन में 12 फरवरी को जिले में नियुक्त प्रेक्षक दुष्यंत कुमार रायस्त, रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक निटर्रिंग ऑफिसर तथा राजनीतिक दल के समक्ष किया गया। सर्व प्रथम नगर पंचायत खोंगापानी के 15 मतदान केंद्रों में से 15 प्रतिशत से कम और 15 प्रतिशत से ज्यादा निकाय के औसत मतदान से किया गया जो कि 69.15 प्रतिशत है। मतदान केंद्र क्रमांक 02 जहां कुल मतदान प्रतिशत 84.88 है तथा मतदान केंद्र क्रमांक 15 जहां कुल मतदान प्रतिशत 50.84 रहा। इन मतदान केंद्रों के मतदाता रजिस्टर चिन्हित मतपत्र, पीठासीन की डायरी तथा मतपत्र लेखा से मिलान कर संवीक्षा की गई जो सही पाया गया।
नगर पंचायत नई लेदरी के 15 वार्डों में संपन्न हुए चुनाव की समीक्षा की गयी। नई लेदरी के 3 मतदान केंद्रों को रेण्डम चुन कर मतदाता रजिस्टर चिन्हित मतपत्र, पीठासीन की डायरी तथा मतपत्र लेखा से मिलान कर संवीक्षा की गई जो सही पाया गया। नगर पंचायत झगराखांड में मतदान का औसत प्रतिशत 83.60 रहा। प्रेक्षक द्वारा मतदान केंद्र क्रमांक 05 जिसका मतदान प्रतिशत 90.65 रहा व न्यूनतम मतदान प्रतिशत मतदान केंद्र क्रमांक 07 जिसका मतदान प्रतिशत 76.90 रहा की संवीक्षा किया गया। जिसमें मतदाता रजिस्टर, पीठासीन की डायरी, चिन्हित प्रति, एवं मतपत्र लेखा से मिलान किया गया जो कि सही पाया गया।
नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ 22 वार्डों में 34 मतदान केंद्रों में से मतदान केंद्र क्रमांक 06, 13, 16, 18 तथा मतदान केंद्र क्रमांक 22 की संविक्षा की गई। जिसमें मतदाता रजिस्टर, पीठासीन की डायरी, चिन्हित प्रति, एवं मतपत्र लेखा से मिलान किया गया जो कि सही पाया गया। नगर पालिका निगम चिरमिरी के 40 वार्डों की 75 मतदान केन्द्रों में से मतदान केन्द्र क्रमांक 04, 47 तथा मतदान क्रमांक 55 की रेंडम चुनाव कर संवीक्षा किया गया । तत्पश्चात् चिन्हित प्रति, पीठासीन की डायरी, मतपत्र लेखा, मतदाता रजिस्टर का मिलान किया गया। जिसमें सभी दस्तावेजों का मिलान के दौरान सही पाया गया । वहीं नगर पंचायत जनकपुर के 15 वार्डों की 15 मतदान केन्द्रों की स्थानीय निर्वाचन की औसत मतदान प्रतिशत 76.17 है तथा सबसे अधिक मतदान मतदान केन्द्र क्रमांक 06 में 84 प्रतिशत एवं सबसे कम मतदान मतदान क्रमांक 02 एवं 15 में 66 प्रतिशत रहा । मतदान केन्द्र क्रमांक 15 की पीठासीन अधिकारी की रजिस्टर एवं चिन्हांकित प्रति, मतपत्र लेखा का अवलोकन कर मिलान किया गया । मिलान के पश्चात आंकड़े सही पाये गए । किसी भी मतदान केन्द्र से कोई आपत्ति प्राप्त नहीं है । मतदान दिवस के दिन कोई भी मतदान संबंधी अपराध/घटना होना नहीं पाया गया है।
संवीक्षा बैठक में सभी रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के साथ राजनीतिक दल से विशेष सोनी एवं संतोष कुमार सोनी (आप), भावेश जैन, राम गोपाल यादव और किरण कुमार कुजूर (एनआईसी), विवेक अग्रवाल (बीएसपी), धमेंद्र पटवा, श्रीमती सुनैना विश्वकर्मा, राजेश सोंधिया, राजेश कुमार, नीतू मनहरे, शीला उरांव, दया शंकर यादव, आदित्य राज डेविड, रामचरित द्विवेदी (बीजेपी) और निर्दलीय से बलबीर कौर कालरा अन्य जनप्रतिधि उपस्थित रहे।
रिटर्रिंग अधिकारी जिला पंचायत ने ली सेक्टर अधिकारियों की बैठक
रिटर्रिंग अधिकारी एवं मतदान दल का महत्वपूर्ण कड़ी है सेक्टर अधिकारी
एमसीबी । त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के दौरान मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन, आवागमन के रूट का सत्यापन, वल्नरेबिलिटी मैपिंग की कार्यवाही के तथा मतदान दलों पर प्रभावी नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र तथा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु आज कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में रिटर्निंग अधिकारी जिला पंचायत अंकिता सोम शर्मा ने सेक्टर अधिकारियों की बैठक ली। इससे पूर्व मास्टर ट्रेनर ने सभी सेक्टर अधिकारियों को सेक्टर अधिकारी के दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने बताया कि सेक्टर विभाजन एवं सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति- जिले के अंतर्गत आने वाले पंचायतों में स्थित मतदान केन्द्रों पर कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराये जाने के लिए पर्यवेक्षण हेतु आवश्यक संख्या में सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। क्षेत्र की भौगोलिक संरचना (नदी, पहाड़ इत्यादि की अवस्थिति) मतदान केन्द्रों की परस्पर दूरी, पहुंच मार्गों की स्थिति आदि को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र का निर्धारण इस प्रकार किया जाए कि संबंधित अधिकारी मतदान के दिन प्रत्येक मतदान केन्द्र पर कम से कम दो बार भ्रमण कर सकें।
सेक्टर अधिकारियों के दायित्व- सेक्टर अधिकारियों को विशेष रूप से यह देखना चाहिए कि जिस भवन में मतदान केन्द्र स्थापित किया गया है, उस तक पहुंच मार्ग की हालत कैसी है? यदि भवन या पहुंच मार्ग में कुछ मरम्मत/सुधार कार्य करना आवश्यक हो तो उन्हें इस संबंध में तत्काल अपना प्रतिवेदन जिला निर्वाचन अधिकारी को देना चाहिए ताकि ये संबंधित विभाग/संस्था से ऐसे कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करा सकें। सेक्टर अधिकारी को यह भी देखना चाहिए कि मतदान केन्द्रों पर आवश्यक फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था एवं इमरजेंसी लाइट आदि की व्यवस्था में कोई समस्या तो नहीं है। यदि किसी प्रकार की समस्या की आशंका हो तो उन्हें संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अथवा तहसीलदार/ नायब तहसीलदार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कर उसके निराकरण के लिए समय पर पहल करनी चाहिए।
सेक्टर अधिकारियों के निम्नांकित कर्तव्य विशेष रूप से महत्वपूर्ण है-
मतदान की तारीख के पूर्व - मतदान दलों के प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्रशिक्षण केन्द्र पर उपस्थित रहना चाहिए तथा दलों के पीठासीन अधिकारियों से परिचय प्राप्त करना चाहिए। मतदान की प्रक्रिया के संबंध में दल के किसी अधिकारी की कोई पृच्छाएं या शंकाएं हों तो उनका समाधान करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक मतदान दल का पीठासीन अधिकारी अपने कर्तव्यों से भली-भांति अवगत हो जाए। सेक्टर अधिकारी के प्रभार के क्षेत्र के मतदान केन्द्रों के लिए जिस दिन सामग्री वितरित की जाए, उस दिन उन्हें वितरण केन्द्र पर स्वयं उपस्थित रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक दल ने आवश्यक सामग्री प्राप्त कर ली है
और उसकी भली-भांति जांच भी कर ली है। मतदान दलों की निर्धारित तारीख और व्यवस्था के अनुसार अपने गंतव्य के लिए रवाना कराने का भी दायित्व सेक्टर अधिकारी का ही है। यदि किसी दल में कोई पीठासीन अधिकारी/मतदान अधिकारी अनुपस्थित हो तो उसके स्थान पर एवजीदार को भेजे जाने की व्यवस्था भी वे ही करेंगे। मतदान दलों के प्रस्थान करने के पश्चात सेक्टर अधिकारी का स्वयं भी उनके पीछे-पीछे प्रत्येक मतदान केन्द्र का भ्रमण करना अपेक्षित है। वे मतदान दल के केन्द्र पर पहुंच जाने के संबंध में दल के पीठासीन अधिकारी से प्रमाण-पत्र प्राप्त करें और उसे वापसी पर रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपे। यदि किसी केन्द्र में व्यवस्था संबंधी कोई कमी रह गई हो तो उसे स्थानीय तौर पर पटवारी/राजस्व निरीक्षक आदि की मदद से निपटाया जाना चाहिए ।
मतदान के दिन- मतदान के दिन सेक्टर अधिकारी से यह अपेक्षित है कि वे प्रात काल से ही मतदान केन्द्रों का भ्रमण प्रारंभ कर दें। उन्हें अपने बाहन में कुछ अतिरिक्त मतपेटियां तथा अमिट स्याही की शीशियां आदि आवश्यक सामग्री रखकर चलना चाहिए। सेक्टर अधिकारी को अपने साथ आरक्षित दलों में से दो मतदान अधिकारियों को भी अपने वाहन में बैठाकर ले चलना चाहिए ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति का तत्परता से सामना किया जा सके। सेक्टर अधिकारी को अपने क्षेत्र में एक सिरे से मतदान केन्द्रों का भ्रमण प्रारंभ करते हुए दोपहर तक सभी केन्द्रों को एक बार देख लेना चाहिए। मतदान की समाप्ति के पश्चात् उन्हें फिर से, अपने क्षेत्र के दूसरे सिरे से मतदान केन्द्रों से भ्रमण प्रारंभ कर बारी-बारी से सभी केंद्रों का भ्रमण करना चाहिए। भ्रमण के दौरान यदि किसी मतदान केन्द्र पर कोई समस्या दिखे तो उसके निदान के लिये तत्काल समुचित कार्यवाही की जानी चाहिए। अपने क्षेत्र की प्रत्येक महत्वपूर्ण घटना की जानकारी उन्हें तुरंत निकटस्थ पुलिस थाने या पुलिस नियंत्रण कक्ष अथवा रिटर्निंग आफिसर को देनी चाहिए।
भ्रमण के दौरान किसी मतदान केन्द्र पर यदि यह दिखे कि पीठासीन अधिकारी द्वारा कोई कठिनाई अनुभव की जा रही है तो सेक्टर अधिकारी को उसके निराकरण में उसकी यथावश्यक सहायता की जानी चाहिए। परन्तु उन्हें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वे पीठासीन अधिकारी की ओर से स्वयं कोई निर्णय नहीं ले सकते हैं। वे पीठासीन अधिकारी को केवल आवश्यक मार्गदर्शन/सुझाव दे सकते हैं। मतदान पूर्ण होने के बाद, सामान्यतः मतगणना मतदान केन्द्र पर ही की जाती है। अतः मतगणना पूर्ण होने के बाद या यदि मतगणना खंड मुख्यालय पर कराए जाने का निर्णय लिया गया हो तो मतदान पूर्ण होने के बाद प्रत्येक मतदान दल पूर्व से निर्धारित परिवहन व्यवस्था के अनुसार मुख्यालय वापिस आयेगा।
सेक्टर अधिकारी को मतदान दलों के वाहन के साथ ही वापस आना चाहिए। सेक्टर अधिकारी को मतदान प्रक्रिया के दौरान नियत समय पर निर्धारित प्रपत्र में रिटर्निंग ऑफिसर के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी और राज्य निर्वाचन आयोग को अवगत कराना चाहिए। सेक्टर अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले प्रपत्र-1, प्रपत्र-2. प्रपत्र 3, प्रपत्र-4 परिशिष्ट सोलह में दिये गये हैं। उक्त प्रपत्रों की प्रतियां सेक्टर अधिकारी को जिला निर्वाचन अधिकारी/ रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा आदेश के साथ भेजी जाये। रिटर्निंग अधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को मदतान केंद्र के खिड़की तथा दरवाजों समुचित रूप से खुलने एवं बंद की स्थिति को ठीक करने, जिन मतदान केन्द्रों में बाउड्रीवॉल नहीं है वहां पर बास, बल्ली लगाकर घेरने के निर्देश दिये। उन्होंने नेटवर्क विहीन मतदान केंद्रों में रनर लगाने के साथ ही पानी, प्रकाश, शौचालय एवं छाया की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। बैठक में जिले त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 में नियुक्त सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।
विकासखण्ड मनेंद्रगढ़ के ग्राम सिरौली में किया गया मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
एमसीबी । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जिले के नगरीय निकाय तथा त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 में मतदाताओं को अपनी सहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत सिरौली में “मतदाता जागरूकता अभियान“ का कार्यक्रम किया गया, जिसमें स्वसहायता समूह के दीदियों तथा ग्राम पंचायत के सदस्यों के द्वारा नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया तथा संकल्प लेकर सही प्रतिनिधि का चुनाव करने का निर्णय किया।
जनपद पंचायत से मतदाता जागरूकता अभियान की नोडल अधिकारी मंजुला कौरव द्वारा उद्बोधन देकर लोगों को जागरूक किया गया, कि वह अपने कर्तव्य का निर्वहन अपने अधिकारों की तरह करें। एक सही व्यक्ति का चुनाव करके देश और राज्य के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
खोंगापानी में मतदाताओं को दिया गया ईवीएम का प्रशिक्षण
एमसीबी । आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 को देखते हुए नगर पंचायत खोंगापानी के वार्ड क्रमांक 09 (मेन मार्केट, शुक्रवार बाजार) में मतदाताओं के लिए ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और मतदान प्रक्रिया की बारीकियों को समझा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया।
उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं को ईवीएम का सही उपयोग करना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम के संचालन की पूरी प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिससे नागरिक किसी भी प्रकार की भ्रांति से मुक्त होकर अपने मताधिकार का सही तरीके से उपयोग कर सकें। मास्टर ट्रेनर ने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से मतदान करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाएं। इस अवसर पर नोडल अधिकारी सहित वार्ड के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई और मतदान प्रक्रिया से जुड़े अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया।
ई लेदरी वार्ड क्रमांक 10 में मतदाताओं को किया गया ईवीएम के प्रति जागरूक
एमसीबी। आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के मद्देनजर नगर पंचायत नई लेदरी के वार्ड नंबर 10 में मतदाताओं के लिए ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण आंगनबाड़ी केंद्र के पास संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर ने ईवीएम की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए मतदाता को ईवीएम का सही उपयोग कैसे करना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान मतदाताओं को ईवीएम के संचालन की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया, जिससे वे किसी भी प्रकार की भ्रांति से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। मास्टर ट्रेनर ने नागरिकों को यह संदेश दिया कि वे बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का उपयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी सहित वार्ड के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई और मतदान प्रक्रिया को लेकर अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित मतदाताओं ने जागरूकता बढ़ाने के इस प्रयास की सराहना की और चुनाव में उत्साहपूर्वक भाग लेने का संकल्प लिया।