छत्तीसगढ़ / बस्तर
अमित शाह के दौरे को लेकर बस्तर में फोर्स अलर्ट पर
बस्तर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 4 अक्टूबर को बस्तर दौरा लगभग तय माना जा रहा है। इसके लिए प्रशासन ने जगदलपुर के लाल बाग मैदान में तैयारी शुरू कर दी है। अमित शाह बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगे। साथ ही वे लाल बाग मैदान में भी आम सभा को संबोधित करेंगे।
दरअसल, बस्तर सांसद और दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप समेत अन्य सदस्यों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दशहरा में शामिल होने न्योता दिया था। शाह ने इस पर्व में आने की हामी भरी थी। अब प्रशासन भी तैयारियों में जुट चुका है। हालांकि, बस्तर में शाह का और कौन-कौन सा कार्यक्रम होगा ये अभी स्पष्ट नहीं है।
लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि वे नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों और सरेंडर्ड नक्सलियों से मिल सकते हैं। अंदरूनी इलाके के कुछ ग्रामीणों से भी मुलाकात कर सकते हैं। शाह के अलावा छत्तीसगढ़ के CM समेत कई मंत्री, विधायक और सांसद भी बस्तर दशहरा में शामिल हो सकते हैं।
अमित शाह ने 'एक्स' पर लिखा नक्सलवाद से मुक्त और शांति की ओर अग्रसर बस्तर अपने पर्व-त्योहार धूम-धाम से मना रहा है। आदिवासी संस्कृति और विरासत का प्रमाण 75 दिनों तक मनाया जाने वाला बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में आने का निमंत्रण मिला है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं।
कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व और नवरात्र के मद्देनजर इमरजेंसी सर्विसेस को 24 घण्टे सक्रिय रखने के निर्देश
आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने करें सार्थक प्रयास-कमिश्नर श्री डोमन सिंह
मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन में अद्यतन प्रगति लाने के निर्देश
जगदलपुर, 24 सितम्बर 2025
कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने कहा कि अंचल के जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और उपचार सुविधाएं देने के लिए संवेदनशीलता के साथ सार्थक प्रयास करें। इस दिशा में जिला अस्पताल सहित सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाएं, साथ ही मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों के द्वारा अंदरूनी इलाकों के ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुनिश्चित करें। कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा के दौरान उक्त निर्देश दिए। उन्होंने वर्तमान में विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व और नवरात्र के मद्देनजर मां दन्तेश्वरी शक्तिपीठ में दर्शनार्थ आने वाले पदयात्रियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर जोर देते हुए पदयात्रियों के लिए पदयात्री सेवा केंद्रों में प्राथमिक उपचार व्यवस्था, मेडिकल टीम की रोस्टर के अनुरूप ड्यूटी सुनिश्चित करने सहित सम्बंधित ईलाके के स्वास्थ्य केन्द्रों पर इमरजेंसी सर्विसेस को 24 घण्टे सक्रिय रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कमिश्नर ने शासन की मंशानुरूप आयुष्मान भारत से हरेक जरूरतमंद को उपचार सुविधाओं की उपलब्धता हेतु आयुष्मान कार्ड पंजीयन प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान कार्ड का सेचुरेशन जल्द से जल्द सुनिश्चित करने की दिशा में विशेष अभियान चलाकर शिविर लगाकर लक्षित सभी लोगों का पंजीयन किया जाए। पंजीयन से छूटे हुए व्यक्तियों को लक्षित कर प्रत्येक सप्ताह सूची को अपडेट करें और पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं अन्य मैदानी अमले के सहयोग से इन लक्षित लोगों को लाभान्वित करने पहल किया जाए। उन्होंने कलस्टर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित पंजीयन शिविरों के बारे में सम्बंधित ईलाके के हाट-बाजारों एवं गांवों में कोटवारों के जरिए नियमित तौर पर मुनादी करवाए जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन हेतु ध्यान केंद्रित करने पर जोर देते हुए कहा कि सबसे पहले दोनों आंख के पीड़ितों को प्राथमिकता दी जाए। चिन्हित मरीजों को निर्धारित एसओपी के अनुरूप ऑपरेशन थियेटर एवं अन्य सुविधाओं की उपलब्धता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। सर्जन की उपलब्धता के लिए स्थानीय स्तर पर समन्वय करने सहित अनुबंध के आधार पर भी विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाए। कमिश्नर ने क्षय रोग उन्मूलन की गहन समीक्षा के दौरान क्षय रोग पीड़ितों को पौष्टिक आहार प्रदाय हेतु सभी ग्राम पंचायतों को निक्षय मित्र बनाने पर बल देते हुए कहा कि इस पहल के जरिए सम्बंधित पीड़ित की देखरेख में स्थानीय समुदाय भी सहभागिता निभाएगी। उन्होंने जिला एवं ब्लॉक स्तर के शासकीय कार्यालयों को भी निक्षय मित्र बनाने के निर्देश दिए और स्वयंसेवी संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को इस पुनीत कार्य के लिए स्वेच्छा के अनुरूप जुड़ने के लिए उन्हें अभिप्रेरित किए जाने कहा। वहीं निजी नर्सिंग होम सहित क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब को अनिवार्य रूप से निक्षय मित्र बनाने के निर्देश दिए।
नियमित लगाएं हाट-बाजार स्वास्थ्य शिविर
कमिश्नर ने कहा कि बस्तर में हाट-बाजार का एक अलग महत्व एवं अस्तित्व है जिसमें सबसे ज्यादा जरूरतमंद आबादी निर्भर है। इसे ध्यान रखकर हाट-बाजार में अंदरूनी ईलाके से आए ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित करने के लिए सकारात्मक पहल किया जाए। इन स्वास्थ्य शिविरों में ब्लॉक स्तरीय मेडिकल टीम सहित नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के अमले की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही प्रत्येक सप्ताह के कार्यों की मॉनिटरिंग किया जाए। उन्होंने मोबाईल मेडिकल यूनिट की उपयोगिता साबित करने के लिए भी कहा। वहीं अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं जरूरतों को सुदृढ़ करने पर बल देते हुए जिला एवं अनुविभाग स्तरीय जीवनदीप समिति की बैठक नियमित रूप से किए जाने कहा। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर बांडेड डॉक्टरों को प्रभारी चिकित्सक का दायित्व सौंपकर जनता को इन युवा डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
आश्रम-छात्रावास के बच्चों का नियमित करें स्वास्थ्य परीक्षण
कमिश्नर ने स्कूल, आश्रम-छात्रावास सहित आवासीय विद्यालयों के बच्चों का नियमित तौर पर स्वास्थ्य परीक्षण करने पर बल देते हुए कहा कि इन संस्थाओं के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसे ध्यान रखकर यहां के बच्चों का स्वास्थ्य जांच के साथ ही जरूरत के अनुरूप ईलाज के लिए भी पहल किया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण कार्यक्रम की सेवाओं की उपलब्धता पर फोकस करें, जिससे स्वास्थ्य केन्द्रों के माध्यम से संस्थागत प्रसव तथा इससे जुड़ी योजनाओं के कारगर कार्यान्वयन में उपलब्धि हासिल हो सके। बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, अधोसंरचना जरूरतों एवं उपकरणों की उपलब्धता इत्यादि की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त, सयुंक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ शांडिल्य, सीएमएचओ डॉ संजय बसाक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। वहीं जिलों से सम्बंधित सीएमएचओ,डीपीएम और बीएमओ वर्चुअल तौर पर जुड़े रहे।
महिला पॉलिटेक्निक के प्रशिक्षणार्थियों ने औद्योगिक क्षेत्रों का किया भ्रमण
जगदलपुर, 23 सितम्बर 2025
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र जगदलपुर के द्वारा गत दिवस महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज जगदलपुर के चार ट्रेडों में चिन्हांकित 20 महिला प्रशिक्षणार्थियों को औद्योगिक क्षेत्रों का विजिट कराया गया। जिसमें मसाला उद्योग, बेकरी उत्पाद एवं बास कला केंद्र से संबंधित उद्योगों की जानकारियां प्राप्त की व उद्योग से संबंधित उनकी विभिन्न शंकाओं को उद्योगपतियों के द्वारा दूर किया गया।
साथ ही इन प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के मुख्य महाप्रबंधक श्री अजीत सुन्दर बिलुंग, सहायक प्रबंधक श्री प्रफुल्ल कुमार लाखन, उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी और पॉलीटेक्निक के प्रशिक्षक श्री विपिन मिश्रा मौजूद थे ।
बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन आज से शुरू
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा से की पंजीयन की शुरूआत
बस्तर ओलंपिक से बस्तर की दशा और दिशा बदली, विश्व मानचित्र पर बनेगी अलग पहचान – श्री अरुण साव
दंतेवाड़ा में विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ देने की घोषणा की
22 सितम्बर 2025





बस्तर संभाग में आगामी अक्टूबर-नवम्बर में होने वाले बस्तर ओलंपिक के लिए आज से पंजीयन प्रारंभ हो गया। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने आज दंतेवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में इसकी औपचारिक शुरूआत की। बस्तर ओलंपिक के दौरान आयोजित होने वाले खेलों में भाग लेने के लिए खिलाड़ी 20 अक्टूबर तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। बस्तर ओलंपिक का विकासखंड स्तर पर आयोजन 25 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक, जिला स्तरीय आयोजन 5 नवम्बर से 15 नवम्बर तक तथा संभाग स्तरीय आयोजन 24 नवम्बर से 30 नवम्बर तक किया जाएगा। वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप और विधायक श्री चैतराम अटामी भी पंजीयन के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन की शुरूआत करते हुए कहा कि पिछले वर्ष आयोजित बस्तर ओलंपिक से बस्तर की दशा और दिशा बदली है। आने वाले समय में बस्तर विश्व के मानचित्र पर अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा। यहां की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी चमक बिखेरेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले बस्तर ओलंपिक में एक लाख 62 हजार खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया था। इस वर्ष दो लाख खिलाड़ियों के पंजीयन का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी बस्तर ओलंपिक की प्रशंसा की थी। इस आयोजन को पूरे देश में लोकप्रिय बनाना है। बस्तर के हर गांव के हर बच्चे और युवा की भागीदारी इसमें सुनिश्चित करना है। श्री साव ने कार्यक्रम में दंतेवाड़ा जिले में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए पांच करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर आज बस्तर ओलंपिक के लिए पंजीयन का शुभारंभ किया जा रहा है। बस्तर अनेक मामलों में समृद्ध है, चाहे वह खेल हो, संस्कृति हो या अन्य कोई क्षेत्र... बस्तर ने हमेशा अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। बस्तर अपनी अनूठी परंपराओं और रीति-रिवाजों के कारण विशेष महत्व रखता है, जिन्हें हमारे पूर्वज आदिकाल से निभाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस्तर ओलंपिक से इन प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में बस्तर ओलंपिक में भाग लेने की अपील की।
विधायक श्री चैतराम अटामी और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार ने भी पंजीयन के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित किया। राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, दंतेवाड़ा जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुंजाम, दंतेवाड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय, जिला पंचायत के सीईओ श्री जयंत नाहटा और डीएफओ श्री सागर जाधव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।
आईटीआई में अतिथि व्याख्याता पद पर भर्ती हेतु 25 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित
जगदलपुर, 22 सितम्बर 2025
जिला बस्तर नोडल अंतर्गत संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में स्वीकृत प्रशिक्षण अधिकारी के रिक्त पदों पर प्रशिक्षण सत्र 2025-2026 के लिये मेहमान प्रवक्ता हेतु आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन निर्धारित प्रारूप में स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक अथवा स्वयं उपस्थिति के माध्यम से कार्यालय प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था भानपुरी जिला-बस्तर (छ.ग.) 494224 में आवेदन जमा कर सकते है। इन्सटूमेन्ट मैकेनिक, वुड वर्क टेक्नीशियन और बेम्बू वर्क (बांस शिल्प) के एक एक पदों की भर्ती हेतु आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि दिनांक 25 सितम्बर को सायं 5 बजे तक है। उक्त रिक्त पदों हेतु अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता, अनुभव इत्यादि की जानकारी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बस्तर एवं भानपुरी के सूचना पटल पर देखी जा सकती है।
राज्य स्तरीय रोजगार मेला के लिए 23 एवं 24 सितम्बर को होगा पंजीयन
जगदलपुर, 22 सितम्बर 2025
राज्य शासन ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बेहद खास पहल की है। इसके तहत बेरोजगारों के लिए 9 और 10 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में राज्य में काम कर रहीं 114 कंपनियां युवाओं को 8 से 10 हजार जॉब देगीं। इस रोजगार मेले के लिए रोजगार विभाग की वेबसाइट पर पंजीयन जारी हैं। इस बीच औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बस्तर में रोजगार पंजीयन शिविर का आयोजन 23 एवं 24 सितंबर 2025 को प्रातः 10 बजे सायं 05 बजे तक किया जाएगा, जो भी आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी पंजीयन नहीं करवाएं हैं। इस संस्था के प्राचार्य श्री एके मंडले द्वारा उक्त रोजगार मेला में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड के साथ उक्त नियत तिथि पर उपस्थित होकर अपना पंजीयन करवाने का आग्रह किया गया है।
बस्तर ओलम्पिक के लिए पंजीयन प्रारंभ
खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं आत्मसमर्पित नक्सलियों को सीधे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अवसर मिलेगा
22 सितम्बर 2025
बस्तर अंचल के युवाओं को खेलों की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा “बस्तर ओलम्पिक 2025-26” का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए खिलाड़ियों का पंजीयन शुरू हो गया है। सरकार ने सभी संभागायुक्त और जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग इस आयोजन का मुख्य आयोजन विभाग होगा जबकि गृह (पुलिस) विभाग को नोडल विभाग नियुक्त किया गया है। विकासखण्ड स्तर पर आयोजन समिति का गठन संबंधित कलेक्टरों द्वारा किया जाएगा। जिला और संभाग स्तरीय समितियाँ सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार गठित की गई हैं। जिला स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत या किसी वरिष्ठ राज्य प्रशासनिक अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।
शुभंकर एवं लोगो
बस्तर ओलम्पिक का शुभंकर और लोगो पिछले वर्ष की तरह इस बार भी “वन भैंसा” और “पहाड़ी मैना” होंगे। इनका उपयोग व्यापक प्रचार-प्रसार में किया जाएगा। शासन ने सभी जिलों को प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, पंजीयन सुविधा और अन्य तैयारियाँ तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए है। यह आयोजन बस्तर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने, युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और शासन एवं जनता के बीच संबंध मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगी।
राज्य शासन की मंशा है कि इस आयोजन के माध्यम से बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिले तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा मिले। इस आयोजन की खासियत यह है कि नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों एवं आत्मसमर्पित पूर्व नक्सलियों को सीधे संभाग स्तर पर प्रतिभागिता का अवसर दिया जाएगा। इससे उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।वेटलिफ्टिंग और हॉकी की प्रतियोगिताएँ जिला स्तर से होंगी जबकि अन्य खेलों में विकासखण्ड से लेकर संभाग स्तर तक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
इस प्रतियोगिता का आयोजन त्रिस्तरीय स्वरूप में विकासखण्ड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा। आयोजन में 11 खेल होंगे जिसमे एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी जैसे खेल शामिल होंगे। प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर वर्ग में होगी।
प्रतियोगिता में शामिल खेल
आयोजन में एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊँची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस का आयोजन होगा। तीरंदाजी में इंडियन राउंड 30 और 50 मीटर, वेटलिफ्टिंग में जूनियर व सीनियर वर्गों के लिए अलग-अलग भार वर्ग और कराते में आयु एवं वजन के आधार पर वर्ग निर्धारित किए गए हैं। कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और फुटबॉल में भी खिलाड़ियों को व्यापक अवसर मिलेगा। रस्साकशी केवल महिला सीनियर वर्ग के लिए प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में आयोजित होगी।
पंजीयन 22 सितम्बर से 20 अक्टूबर तक
प्रतियोगिता के लिए पंजीयन प्रक्रिया 22 सितम्बर से 20 अक्टूबर 2025 तक चलेगी। इसके बाद 25 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक विकासखण्ड स्तरीय, 5 से 15 नवम्बर तक जिला स्तरीय और 24 से 30 नवम्बर तक संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। प्रतियोगिता दो आयुवर्गों में होगी, जूनियर वर्ग 14 से 17 वर्ष तक तथा सीनियर वर्ग जिसमें कोई आयु सीमा नहीं रहेगी।
स्वास्थ्य शिविर में 292 श्रमिकों ने कराया स्वास्थ्य जांच
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 के आयोजन के तहत् श्रम विभाग द्वारा गुरूवार को बकावंड विकासखण्ड के ग्राम पंचायत धोबीगुड़ा में श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया। इस स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल 292 श्रमिक लाभान्वित हुए तथा 38 श्रमिकों का नवीन पंजीयन किया गया। शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा श्रमिकों के रक्तचाप, मधुमेह, खून की जांच की गई एवं निःशुल्क दवा वितरण किया गया।
श्रम पदाधिकारी भुपेन्द्र नायक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर हरिस एस के मार्गदर्शन में जिले के श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने के लिए निःशुल्क श्रमिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है। जिसके तहत जिला मुख्यालय के अलावा प्रत्येक विकासखण्ड में भी शिविर का आयोजन किया जा रहा है इसी क्रम में आज दरभा विकासखण्ड के छोटे चितापुर में भी शिविर का आयोजन किया गया है।
अंतर-महाविद्यालयीन क्विज, समूह चर्चा व भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
जगदलपुर । स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, जगदलपुर एवं शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर, बस्तर के संयुक्त तत्वाधान में आज दिनांक 17 सितम्बर 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती समारोह के अंतर्गत अंतर-महाविद्यालयीन क्विज, समूह चर्चा एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बस्तर जिले के 10 महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर संभाग उच्च शिक्षा के अपर संचालक डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव गुहे ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया एवं उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा, विभिन्न परंपराओं के संरक्षण एवं शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगार मेलों एवं कार्यक्रमों में भाग लेकर रोजगार के अवसरों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में क्विज में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, जगदलपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण एवं समूह चर्चा प्रतियोगिता में शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी कलेक्टर नंदिनी साहू मैडम उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों को समझने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर पूरे बस्तर जिले से लगभग 70 प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। मंच संचालन बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा निहारिका साहू एवं बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अलीसा पांडेय ने किया।
कलेक्टर हरिस एस ने किया बस्तर विकासखंड क्षेत्र का निरीक्षण
जगदलपुर। कलेक्टर हरिस एस ने आज बस्तर विकासखंड क्षेत्र का निरीक्षण दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत गोड़ियापाल, चेराकुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर ग्राम विकास के कार्ययोजना को बेहतर बनाने के लिए ग्राम के आदि सहयोगी, साथी कैडर को निर्देशित किया, उन्होंने ग्राम विकास के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की भी अपील की। इसके अलावा नवीन राशन कार्ड बनाने, राशन कार्ड में संशोधन और मनरेगा जॉब कार्ड बनाने संबधित शिविर का अवलोकन किया। साथ ही शिविर में बैंकों से संबंधित कार्यों और बीमा योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को देने के लिए निर्देशित भी किया।
निरीक्षण के दौरान गोड़ियापाल के आश्रम-छात्रावास का आकस्मिक जायजा लिया, उन्होंने आश्रम की भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने आश्रम में सतत स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। इसके अलावा उन्होंने सोनारपाल में महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित रेडी टू ईट यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, जनपद पंचायत के सीईओ श्री चुरेन्द्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचे और आश्रम-छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही, आदि कर्मयोगी अभियान के कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन से भी संवाद कर उनके सुझाव और समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मां दंतेश्वरी देवी मंदिर दंतेवाड़ा दर्शन हेतु पदयात्रियों के लिए बनाए गए सेवा केन्द्र
पूर्व वर्षों की तरह माई दंतेश्वरी के दर्शन हेतु पदयात्री की सुविधा के लिए आपके द्वारा पदयात्री सुविधा केन्द्र का निर्माण कर पदयात्रियों को विशेष सुविधा प्रदान की जाती थी। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 22 सितम्बर 2025 से 02 अक्टूबर 2025 के मध्य बस्तर दशहरा, नवरात्र पर्व के अवसर पर इस वर्ष माँ दंतेश्वरी के दर्शन हेतु दंतेवाड़ा जाने वाले पदयात्रियों की सुविधा के लिए जगदलपुर से दंतेवाड़ा के मध्य विभिन्न स्थानों पर पदयात्री सेवा केन्द्रों की स्थापना की जानी है। इन केन्द्रों में पदयात्रियों के विश्राम, आवास, भोजन आदि की व्यवस्था की जाती है। इस कार्य में विगत वर्षो की भांति इस वर्ष भी आपका सहयोग अपेक्षित है।
आगामी शारदीय नवरात्रि के दौरान दंतेश्वरी माता के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले पदयात्रियों की सुविधा हेतु बस्तर जिले में 21 स्थानों पर पदयात्री सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य पैदल यात्रा करने वाले भक्तों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करना है।
इन सेवा केंद्रों की स्थापना और संचालन का दायित्व विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को सौंपा गया है। इन केंद्रों पर पदयात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा, जल पान, विश्राम और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
यहां सभी 21 पदयात्री सेवा केंद्रों और उनके संचालन के लिए नियुक्त संस्थाओं की जानकारी दी गई है, जिसके अनुसार में आसना में संचालित सेवा केंद्र में ग्राम पंचायत आसना, जिया डेरा में दि बस्तर डिस्ट्रिक्ट आंध्रा एसोसिएशन जगदलपुर, जीएमडी मसाला जगदलपुर एवं रोटरी क्लब जगदलपुर आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेंगी। इसके साथ ही गीदम नाका में बस्तर परिवहन संघ, बालाजी कोल्ड स्टोरेज में श्री संजीव कपूर, कोल्ड स्टोरेज जगदलपुर गीदम रोड में श्री अभिषेक राव एवं केवीआर ब्रदर्स तितली गार्डन, डिमरापाल में सुख सागर देवी प्रबंधन महाविद्यालय जगदलपुर, बड़े मारेंगा में ग्राम पंचायत मारेंगा और श्री बाबा रामदेव मंदिर समिति जगदलपुर केशलूर में बस्तर चेम्बर आॅफ कामर्स और ग्राम पंचायत केशलूर, परपा (तोकपाल) में ग्राम पंचायत परपा (तोकपाल) एवं बिल्डर एसोसियेशन ऑफ इंडिया, मावलीभाटा में ग्राम पंचायत मावलीभाटा बुरूंगपाल में ग्राम पंचायत बुरूंगपाल, डिलमिली में ग्राम पंचायत डिलमिली, तिरथुम में श्री गुलजार सिंह गीदम रोड जगदलपुर एवं ग्राम पंचायत तिरथुम, कोडे़नार रीपा में खनिज व्यवसायी संघ किलेपाल एवं ग्राम पंचायत कोड़ेनार, बास्तानार में मां दंतेश्वरी सेवा समिति एवं ग्राम पंचायत बास्तानार, किसकेपारा में सांई सुविधा केंद्र जगदलपुर एवं ग्राम पंचायत किसकेपारा, बागमुण्डी पनेड़ा में पदयात्री सेवा केंद्र जगदलपुर और ग्राम पंचायत बडे ़किलेपाल, आड़ावाल में सोमानी कोल्ड स्टोरेज आड़ावाल एवं ग्राम पंचायत आड़ावाल, टियूसगुड़ा में आर्ट ऑफ लिविंग और ग्राम पंचायत टियूसगुड़ा, बकावंड में ग्राम पंचायत बकावंड और गिरोला में ग्राम पंचायत गिरोला द्वारा पदयात्री सेवा केंद्र का संचालन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में शारदीय नवरात्रि के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर के दर्शन हेतु आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इस वर्ष नवरात्रि का पर्व 22 सितंबर से आरंभ होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाएगी। विशेष रूप से दंतेवाड़ा की प्रसिद्ध दंतेश्वरी माई के दर्शन के लिए दूर-दूर से पदयात्री आते हैं और उनकी सेवा-सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पदयात्री सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। ये केंद्र भोजन, जलपान, चिकित्सा सहायता और विश्राम की सुविधाएं प्रदान करेंगे। ये सेवा केंद्र नवरात्रि के दौरान 24 घंटे कार्यरत रहेंगे ताकि दंतेश्वरी माता के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बस्तर दशहरा में शामिल होंगे अमित शाह
बस्तर। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर दशहरा में शामिल होने न्योता दिया है। इस दौरान गृहमंत्री ने भी न्योता स्वीकार किया और कहा कि वे बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार की रस्म में शामिल होने बस्तर जरूर आएंगे। दरअसल, पिछले करीब 618 साल से बस्तर दशहरा पर्व मनाया जा रहा है। खास बात है कि यह पर्व करीब 75 दिनों तक चलता है और यहां रावण का दहन नहीं होता है, बल्कि रथ की परिक्रमा करवाई जाती है। यही इसकी प्रसिद्धि की सबसे बड़ी वजह है।
इसके साथ ही दशहरा समिति के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री और अन्य सांसदों को भी न्योता दिया। रायपुर में CM विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव,
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, भाजपा प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा को विशेष आमंत्रण दिया है।
बस्तर दशहरा : बारसी उतारनी रस्म के साथ रथ निर्माण की प्रक्रिया प्रारम्भ
जगदलपुर । विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के तीसरे प्रमुख अनुष्ठान बारसी उतारनी रस्म आज विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। यह रस्म 75 दिनों तक चलने वाले इस अनूठे त्योहार में रथ निर्माण की शुरुआत का प्रतीक है। बस्तर के ऐतिहासिक दशहरा में इस रस्म का विशेष महत्व है, जिसमें रथ बनाने के लिए उपयोग होने वाले पारंपरिक औजारों जैसे बारसी, कुल्हाड़ी, हथौड़ा आदि की पूजा की जाती है।
स्थानीय कारीगरों और समुदाय के लोगों ने इस पारंपरिक रस्म में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूजा के बाद रथ निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई। इस वर्ष चार छक्के के फूल रथ का निर्माण किया जाएगा। इस रथ पर आरूढ़ होकर मां दंतेश्वरी द्वारा बुधवार 24 सितंबर तृतीया तिथि से सोमवार 29 सितम्बर सप्तमी तिथि तक प्रतिदिन नव निर्मित फूल रथ की परिक्रमा होगी। यह रस्म पाट जात्रा और डेरी गढ़ाई जैसी शुरुआती रस्मों के बाद संपन्न हुई, जो रथ निर्माण की प्रक्रिया प्रारम्भ करने का प्रतीक है।
बस्तर दशहरा, जो अपनी सांस्कृतिक और आदिवासी परंपराओं के लिए जाना जाता है, न केवल स्थानीय लोगों बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों को भी आकर्षित करता है। बारसी उतारनी के सफल समापन के साथ ही अब त्योहार के अगले चरणों की तैयारियां जोरों पर हैं।
वन मंत्री कश्यप के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, फरसागुड़ा कार्यालय में तोड़फोड़
जगदलपुर । वन मंत्री केदार कश्यप पर सरकारी गेस्ट हाउस के एक कर्मचारी ने मारपीट का आरोप लगाया है। इस घटना के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जगदलपुर के फरसागुड़ा स्थित मंत्री के कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों और सुरक्षा बलों के बीच झूमाझटकी हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
रायपुर में भी कांग्रेस का घेराव
रायपुर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री केदार कश्यप के बंगले का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे समेत जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी शामिल थे।
भाजपा ने किया विरोध
भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस की इस कार्रवाई को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा, “नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा था कि कांग्रेसी कार्यकर्ता चमचे हैं, लेकिन यह भी सच है कि वे गुंडागर्दी और तोड़फोड़ करते हैं। महिला पुलिस कर्मी के साथ बदसलूकी और मंत्री कश्यप के कार्यालय में की गई हिंसा बेहद शर्मनाक है। जनता इस कृत्य का जवाब जरूर देगी।”
बाढ़ प्रभावित मांदर में सहकारी बैंक की खास पहल
पासबुक वितरण और माइक्रो एटीएम से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
05 सितम्बर 2025

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय पिछले दिनों बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई एवं जमीनी निरीक्षण करते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से किए जा रहे राहत एवं पुर्नवास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों को सभी स्तरों पर संवेदनशीलता एवं तत्परता से प्रशासनिक मदद दिए जाने के निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुपालन में अतिवृष्टि से प्रभावित गाँव मांदर के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। कलेक्टर बस्तर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के प्राधिकृत अधिकारी श्री हरिस एस के द्वारा शाखा लोहंडीगुड़ा और आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अलनार ने बाढ़ पीड़ितों को उनके जरूरी दस्तावेज और पैसों तक पहुंचने में मदद की है।
बाढ़ पीड़ितों को मिली बड़ी मदद
बाढ़ के कारण मांदर गाँव के कई घरों का घरेलू सामान बह गया था, जिसमें ग्रामीणों के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी शामिल थे। इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक जैसी चीजें शामिल थीं, जिनके बिना सरकारी योजनाओं और बैंक सेवाओं का लाभ उठाना मुश्किल हो रहा था।
पासबुक और माइक्रो एटीएम से हुआ भुगतान
ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जगदलपुर के प्राधिकृत अधिकारी के द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक लोहंडीगुड़ा ने गाँव में ही नवीन बैंक पासबुक का वितरण किया गया। इसके साथ ही आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अलनार ने माइक्रो एटीएम मशीन की व्यवस्था की है। इसके माध्यम से जिन किसानों के पास एटीएम कार्ड था, उन्हें तत्काल उनकी जरूरत के अनुसार नकदी का भुगतान किया जा रहा है।
किसानों को मिली खेती के लिए राहत
इस पहल से सबसे अधिक फायदा उन ग्रामीण परिवारों को हुआ है, जिनकी खेती-किसानी के लिए पैसे निकालने की सख्त जरूरत थी। नई पासबुक मिलने से वे अब अपने बैंक खाते से आसानी से रकम निकाल सकते हैं, जिससे उन्हें अपनी फसल और खेती से जुड़े कार्यों को फिर से शुरू करने में मदद मिलेगी। इस मुश्किल घड़ी में बैंक और समिति द्वारा किए गए इस प्रयास ने ग्रामीणों को एक बड़ा सहारा दिया है, जिससे वे अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर सकें।
मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देश पर त्वरित अमल
बाढ़ पीड़ितों को राशन-ईलाज के साथ अब जरूरी दस्तावेज बनाने का काम भी शुरू
तत्काल मुआवजा और सहायता से मिली बड़ी राहत
रायपुर, 04 सितम्बर 2025

बस्तर संभाग में पिछले सप्ताह हुई अतिवृष्टि ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया था। अपने विदेश दौरे से लौट कर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दंतेवाड़ा पहुंचकर संभागीय बैठक में जिला कलेक्टरों को राहत और बचाव कार्यो में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिये थे। अब मुख्यमंत्री के इस निर्देश पर तेजी अमल किया जा रहा है। बाढ़ पीड़ित नागरिकों को जहां एक ओर राशन, ईलाज और दवाईयां के साथ-साथ गैस चुल्हे और सिंलेण्डर दिये गये हैं वहीं राहत शिविरों में उनके दैनिक जीवन की उपयोगी सभी व्यवस्थाएं भी की गई है। अब बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही नुकसान का वास्तविक आंकलन और अन्य जरूरी सहायता तथा मुआवजा देने की कार्यवाही पर भी तेजी से अमल किया जा रहा है। बाढ़ के पानी में खराब या नष्ट हो गये जरूरी दस्तावेजों को बनाने का काम भी राजस्व विभाग ने शुरू कर दिया हैं। बाढ़ की इस भीषण आपदा में छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय नेतृत्व में एक संवेदनशील पहल कर त्वरित राहत कार्य और सहायता-मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर पीड़ित परिवारों को एक बड़ी राहत दी है।
बाढ़ से प्रभावित गाँवों में राहत दल तेजी से काम कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रभावित गांवों में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बस्तर जिले के लोहन्डीगुड़ा तहसील के मांदर गांव के प्रभावित किसानों को किसान किताब वितरित की जा रही है, जो बाढ़ के कारण बह गई थी। किसान किताब के मिलने से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और भविष्य में किसी भी सहायता के लिए पात्र बनने में मदद करेगी। वहीं प्रभावितों को नवीन राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड एवं बैंक पासबुक तैयार कर प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला प्रशासन की टीमें नुकसान का आकलन करने के लिए घर-घर सर्वे कर रही हैं और पात्रता के अनुसार तत्काल राहत राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर कर भुगतान कर रही हैं।
सरकार का ध्यान इस बात पर है कि किसी भी पीड़ित परिवार को उनकी जरूरत के समय अकेला न छोड़ा जाए। इसके लिए, मकान क्षति सहित पशु, फसल और घरेलू सामग्री की क्षति का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर, हर एक प्रकरण पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है, ताकि जरूरतमंद प्रभावितों तक मुआवजा राशि सीधे और समय पर पहुँच सके।
स्थानीय प्रभावित परिवारों ने सरकार की इस पहल की सराहना की है। एक प्रभावित ग्रामीण श्री मुरहा पटेल ने कहा कि हमने सोचा था कि बाढ़ के बाद सब कुछ खत्म हो गया, लेकिन सरकार की इस त्वरित मदद ने हमें फिर से जीवन को नये सिरे से शुरू करने की उम्मीद दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिला आधिकारियों की इस पहल को प्रशासन की ओर से एक मजबूत और मानवीय दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है। जो यह दर्शाता है कि आपदा की घड़ी में सरकार न सिर्फ राहत कार्य बल्कि पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। इस तरह के प्रयास बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से सहारा देते हैं, जिससे उन्हें जीवन को सामान्य पटरी पर लाने में मदद मिलती है।
बस्तर में भारी भूस्खलन: सरगीगुड़ा पहाड़ समतल; जनहानि नहीं
जगदलपुर । बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में लगातार हो रही भारी बारिश से सरगीगुड़ा गांव के पास बड़ा भूस्खलन हुआ। बुधवार को हुई इस घटना में सरगीगुड़ा पहाड़ का लगभग 500 मीटर ऊंचा हिस्सा बहकर समतल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, पहाड़ टूटकर बड़े-बड़े पत्थर नीचे गिरने लगे, लेकिन गांव की आबादी लगभग 300 मीटर दूर होने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक सर्वे में पता चला कि लगभग 5 एकड़ क्षेत्रफल में फैला यह पहाड़ पूरी तरह समतल हो गया है।
बास्तानार में भी भूस्खलन, आवागमन प्रभावित
लालगुड़ा पंचायत के सरगीगुड़ा के अलावा बास्तानार पहाड़ में भी भूस्खलन की घटना दर्ज हुई। इससे कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। विभाग के कर्मचारी दोनों पहाड़ों का विस्तृत सर्वे कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार भारी बारिश से पहाड़ियों की मिट्टी और चट्टानें ढीली होकर नीचे खिसक रही हैं, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई।
“इतनी तेज बारिश पहले नहीं देखी” – ग्रामीण
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इतनी तेज बारिश नहीं देखी थी। बुधवार को मूसलधार बारिश के कारण सभी ग्रामीण अपने घरों में दुबके रहे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पहाड़ का मलबा गांव की दिशा में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वन विभाग ने जारी की सतर्कता अपील
चित्रकोट उप वन मंडलाधिकारी योगेश कुमार रात्रे ने पर्यटकों और ग्रामीणों से अपील की है कि बरसात के दौरान पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करें।
मौसम अपडेट: बस्तर में बारिश जारी
मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर में मानसून का असर बरकरार है। शुक्रवार को जिले में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि तापमान 24°C से 30°C के बीच रहा।
शनिवार को दोपहर से शाम तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान 23°C से 29°C के बीच रहेगा और आर्द्रता अधिक होगी। हवा की गति 15-20 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। स्थानीय प्रशासन ने बाढ़ व जलभराव की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।