छत्तीसगढ़ / बस्तर
बिजली गुल से 15 गांव के लोग परेशान, चालू होने पर लो वोल्टेज
जगदलपुर । बिजली की समस्या से बस्तर को निजात मिलती नहीं दिख रही है। इसमें सबसे ज्यादा समस्या ग्रामीण क्षेत्रों में बनी हुई है। आलम ये है कि रोजाना 8 से 10 बार बिजली गुल हो रही है। इसके साथ ही लो वोल्टेज की समस्या भी बढ़ गई है। बिजली कंपनी उपभोक्ताओं को राहत देने बिजली व्यवस्था सुचारू बनाने का दावा कर रही है, लेकिन धरातल पर इसका कोई फायदा होता नहीं दिख रहा है।
हाल में मानसून पूर्व मेंटेनेंस के तहत बिजली कंपनी ने मेंटेनेंस अभियान भी चलाया, लेकिन आलम ये है कि इस मेंटेनेंस के बावजूद उपभोक्ताओं की समस्या खत्म होती नहीं दिख रही है। इसी बीच मंगलवार को शहर से करीब 5 से 7 किमी के दायरे में आने वाले करीब 15 से ज्यादा गांवों में लो वोल्टेज की समस्या आ गई। मंगलवार की शाम करीब 8 बजे से शुरू हुई समस्या बुधवार को दोपहर करीब 12.30 बजे ठीक हो पाई। इस बीच रातभर लो वोल्टेज और वोल्टेज फ्लक्चुएशन की समस्या बनी रही। शहर से लगे ग्राम सरगीपाल, नियानार, जाटम सहित करीब 15 से ज्यादा गांव के 15 से 20 हजार लोगों को इससे प्रभावित होना पड़ा।
शिकायतों के बावजूद बिजली कंपनी ने इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते रातभर लो वोल्टेज और वोल्टेज फ्लक्चुएशन की समस्या जारी रही। इधर राज्य सरकार के मोर बिजली एप का भी कोई फायदा उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा है।
बिना हेलमेट तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर करें कार्रवाई: कलेक्टर
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश
जगदलपुर। कलेक्टर हरिस एस ने कहा कि बिना हेलमेट तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा नगरीय क्षेत्र में मुख्य सड़क पर अतिक्रमण करने वालो पर निरंतर कार्यवाही नगर निगम करे और ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार कार्यवाही करें । सोमवार की शाम जिला कार्यालय के आस्था सभा कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने कहा कि शाम के समय शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लिए सभी मुख्य मार्गों में जांच कर कार्रवाई किया जाना चाहिए। इसके साथ ही पर्यटन स्थलों के समीप भी शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के वाहनों का निरीक्षण किया जाए। उन्होंने शहर से लगे हाईवे पर संकेतक बोर्ड लगाने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर भी चर्चा किया। कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारी को जगदलपुर शहर के प्रमुख चैराहों पर कार्यक्रम आयोजन की अनुमति नहीं देने के लिए निर्देश दिए ताकि आवागमन बाधित ना हो। उन्होंने महारानी अस्पताल में ट्रामा सेंटर की व्यवस्था को संचालित करने के भी निर्देश दिए। आवारा पशुओं की सड़कों को रोड से हटाने एवं कार्यवाही में कलेक्टर ने कहा कि पशुओं को काऊ कैचर से पकड़ कर कांजी हाउस में रखें और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पास करवाकर स्थल को चिन्हित करवाएं ।बैठक में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि इंटरसेप्टर के माध्यम अधिक स्पीड में वाहन चलाने वालो पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने हैवी लोडेड वाहनों का बायपास सड़क का अधिक उपयोग करवाने पर जोर दिया । स्कूलों बसों का निरीक्षण-परमिट शर्तों का उल्लंघन पर कार्यवाही पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन से चर्चाकर क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करने वाले ऑटो और वैन पर भी समझाईश देकर कार्यवाही करें। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य पहलुओं के साथ साथ जगदलपुर शहर के अंदर पार्किंग व्यवस्था को सुधार करने और स्थल का चयन करने पर चर्चा किया गया । बैठक में आरटीओ डी बंजारे सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे ।
डेंगू की चपेट में 40 लोग, जगदलपुर शहर में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
जगदलपुर । मानसून अभी पूरी तरह से बरसा भी नहीं है और बस्तर में डेंगू का प्रकोप फिर बढ़ने लगा है। साल दर साल डेगू के संक्रमण के सैकड़ों मामले सामने आ चुके हैं और कई लोगों की इसमें मौत भी हो चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग एवं नगरी प्रशासन इस पर लगाम लगाने में नाकाम रहा है। हैरानी की बात है कि जनवरी से अब तक 40 से अधिक डेंगू पॉजिटिव जगदलपुर शहर की एक लाख की आबादी के अंदर पाए गए हैं।
यह संक्रमण काफी तेजी से बढ़ भी रहा है। मुख्य रूप से शहरी क्षेत्र के मरीज निकले, जिन वार्डों में साफ-सफाई और गंदगी के मामले ज्यादा हैं, वहां मरीजों में डेंगू के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। मरीजों को चिन्हांकित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड किट जांच टीम को तैनात किया है और शहर के 48 वार्डों में यह टीम सर्वे कर रही है, जिसमें कई घरों में लार्वा पाए जाने के मामले भी सामने आए हैं।
विभाग का दावा है कि, क्षेत्र को कॉन्टैमिनेट भी किया जा रहा है और जहां-जहां डेंगू के लारवा पाए जाने की संभावना है, उन जगहों को साफ कर मच्छरों के पनपना की संभावनाएं खत्म की जा रही है। साल 2022 में रिकॉर्ड 2041 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद वर्ष 2023 में 68 वर्ष 2024 में अब तक 12 डेंगू के मरीज मिले 2025 की शुरुआती महीने में ही एक साथ 40 मरीज सामने आए हैं, जिससे डेंगू के आउटब्रेक का खतरा मंडराने लगा है।
वन विभाग ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
जगदलपुर । वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बस्तर वन मंडल द्वारा वन विद्यालय के प्रांगण में हरित योग, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता के मार्गदर्शन में शासन द्वारा मान्यता प्राप्त योग शिक्षक अमीन लीला द्वारा योगाभ्यास करवाया गया।
अमीन ने योग के माध्यम से मानसिक शारीरिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर प्रभाव की जानकारी दी, नियमित योग करने के फायदे को समझाया और साथ ही योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया।कार्यक्रम में उप वनमंडलाधिकारी जगदलपुर, बस्तर, चित्रकूट, समस्त परिक्षेत्र अधिकारी, उप वनक्षेत्रपाल, वनपाल, वनरक्षक तथा प्रशिक्षु वनपाल, वनरक्षक उपस्थित रहे।
एनआईए ने आईईडी विस्फोट में शामिल गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ पेश की चार्जशीट
जगदलपुर । दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर में अप्रैल 2023 को जवानों से भरी वाहन को आईईडी विस्फोट से उड़ाने में शामिल एक गिरफ्तार नक्सली बांद्रा ताती के खिलाफ एनआईए के अधिवक्ता संजय शुक्ला ने जगदलपुर के विशेष न्यायालय में चार्जशीट पेश की है। विदित हो कि इस वारदात में डीआरजी के 10 जवान बलीदान हुए थे, एवं एक वाहन चालक की मौत हो गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार एनआईए ने जांच के दौरान पाया कि गिरफ्तार नक्सली बांद्रा ताती छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के एक गांव में दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ (डीकेएमएस) का अध्यक्ष था। वह अरनपुर में हुए हमले में इस्तेमाल किए गए आईईडी के परिवहन में शामिल था । जिसका उद्देश्य भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेडऩे और लोगों के मन में आतंक पैदा करना था।
साथ ही आपराधिक साजिश के तहत सुरक्षा बलों के हथियार लूटना था। गिरफ्तार नक्सली बांद्रा ताती के पास विस्फोटक सामग्री थी, जो उसे नक्सली संगठन से मिली थी । एनआईए की जांच के अनुसार वह नक्सल साजिश की बैठकों में भी शामिल हुआ था । राज्य पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान 2023 में 26 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की थी, एनआईए की इस मामले की जांच जारी है।
बीमा के नाम पर 20 लाख की ठगी करने वाले दो ठग यूपी से गिरफ्तार
बस्तर । छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने बीमा के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। ठगों ने बस्तर के एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर को झांसा देकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक सलभ सिन्हा ने सोमवार को इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रिटायर्ड बैंक मैनेजर आनंदराव देशमुख से ठगों ने खुद को एक फर्जी बीमा कंपनी IRDR का अधिकारी बताकर संपर्क किया। उन्होंने बंद पड़ी इंश्योरेंस पॉलिसी का लाभ दिलवाने के नाम पर अलग-अलग चरणों में 20 लाख रुपये आनंदराव से वसूल लिए।
कुछ समय तक कोई लाभ नहीं मिलने पर आनंदराव देशमुख को जब धोखाधड़ी की आशंका हुई तो उन्होंने तत्काल बस्तर पुलिस से संपर्क कर मामला दर्ज कराया। ठगी की गंभीरता को देखते हुए एसपी बस्तर सलभ सिन्हा के निर्देश पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने मामले की गहराई से जांच शुरू की। जांच के दौरान बस्तर पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठगों का लोकेशन उत्तर प्रदेश के नोएडा क्षेत्र में ट्रेस किया। इसके बाद टीम ने नोएडा में तीन दिनों तक लगातार कैंप कर आरोपियों की तलाश की और आखिरकार दो आरोपियों – लवकुश और राहुल कुमार को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने ठगों के पास से 7 मोबाइल फोन, कई बैंक ATM कार्ड, ठगी में प्रयुक्त दस्तावेज और अन्य तकनीकी सामग्री जब्त की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने और किन-किन राज्यों या लोगों को अपना शिकार बनाया है।
एसपी सलभ सिन्हा ने बताया कि रिटायर्ड बैंक मैनेजर द्वारा समय रहते रिपोर्ट दर्ज कराए जाने और पुलिस की तत्परता से ठगों को समय रहते दबोच लिया गया, जिससे और कई लोगों के साथ संभावित ठगी की घटनाएं टल गईं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था से बीमा, निवेश या इनाम जैसे झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस अब ठग गिरोह के अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित ठग गिरोह हो सकता है जो देश के अलग-अलग हिस्सों में बीमा और निवेश के नाम पर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता है। बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई को ठगी के बढ़ते मामलों के बीच एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है और इससे अन्य जिलों में भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद बढ़ी है।
लापरवाही बरतने के कारण मुण्डागांव ग्राम पंचायत सचिव निलंबित
जगदलपुर। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बस्तर प्रतीक जैन द्वारा पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता, लापरवाही बरतने के कारण मुण्डागांव ग्राम पंचायत सचिव जोगेन्द्र पाण्डे को निलंबित किया गया है। मुख्यमंत्री जन शिकायत पोर्टल में ऑनलाईन शिकायत पर जिला पंचायत के द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बस्तर को जांच दल गठित कर शिकायत की जाँच कराई गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत, बस्तर से प्राप्त जाँच प्रतिवेदन के अनुसार जांच में 15वें वित्त आयोग (ग्राम पंचायत मद) अंतर्गत कराये गये कार्य हेतु राशि रूपये 93,46,952 मात्र का आहरण किया जाना पाया गया।
उक्त राशि में से राशि रूपये 60,77,417 का मूल्यांकन एवं व्हाऊचर्स प्रस्तुत किया गया . तथा रूपये 32,69,535 का मुल्याकन एवं व्हाऊचर्स प्रस्तुत नहीं किये जाने व प्रगतिरत कार्यों का मुल्यांकन नहीं होने, जनपद पंचायत बस्तर द्वारा ग्राम पंचायत, मुण्डागांव को अन्य मदों से 10 कार्यों के लिये राशि रूपये 13लाख 08 हजार जारी की गई है, इसी प्रकार ग्राम पंचायत गुनपुर में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत जनपद पंचायत से कुल 07 कार्यों की स्वीकृति प्रदान करते हुए 07लाख,40 हजार जारी की गई थी।
किन्तु मुण्डागांव ग्राम पंचायत सचिव जोगेन्द्र पाण्डे को साप्ताहिक समीक्षा बैठकों में कार्य पूर्ण करने हेतु लगातार निर्देशित किये जाने के बाद भी उक्त कार्यों को पूर्ण कराये जाने हेतु कोई गंभीरता नहीं दिखाने के फलस्वरूप जोगेन्द्र पाण्डे को उच्चाधिकारी के आदेश-निर्देशों की अवहेलना, अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता,लापरवाही बरतने तथा छत्तीसगढ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 72 के तहत् ग्राम पंचायत सचिव के विहित कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन नहीं करने के कारण जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन द्वारा ग्राम सचिव जोगेन्द्र पाण्डे को छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के नियम 4 (1) (क) के तहत् तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में जोगेन्द्र पाण्डे का मुख्यालय कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत, बस्तर निर्धारित किया गया है। साथ ही निलंबन अवधि में छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील), नियम, 1999 के नियम, 13 के तहत् नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
बस्तर के नौजवान अपने प्रयासों से खत्म करेंगे माओवादी विचार उप मुख्यमंत्री शर्मा
जगदलपुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के नौजवान अपने प्रयासों से माओवादी विचार को खत्म कर देंगे। बस्तर के नौजवान विकास की बात करेगा और सुरक्षा बल के जवान अपने कर्तव्य के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। आज के युवाओं के मध्य में संचार साधनों का अधिक उपयोग किया जाता है इस सोशल मीडिया पर बस्तर की सकारात्मक माहौल की बात जरूर की जाए। बस्तर का विकास, बस्तर के मॉडल से होगी और बस्तर के हिसाब से होगी। बस्तर का जल, जंगल, जमीन बस्तर के निवासियों, युवाओं का है। शासन शांति के लिए हर संभव कार्य कर रही है अभी जो सुरक्षा बल कैंप है ओ भविष्य में लघु वनोपज संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन केंद्र के रूप में विकसित की जाएगी। उन्होंने पूर्व में नक्सलियों द्वारा किए गए घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलियों ने कई निर्दोष आम जनता और सुरक्षा बल के जवानों की हत्या की है।
नक्सलियों के विद्रूप चरित्र को उजागर करना होगा। भारत के विचारधारा में माओवाद का कोई जगह नहीं है। माओवाद गतिविधियों से क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को क्षति पहुंची, आम नागरिकों या निविदाकारों से पैसे की उगाही की गई, आम आदमी की नृशंस हत्या की गई। इसलिए बस्तर में अब नक्सलवाद समाप्त होना चाहिए। बस्तर के नक्सल हिंसा से प्रभावितों ने दिल्ली में जाकर राष्ट्रपति, केंद्रीय गृहमंत्री को अपनी व्यथा बताई साथ ही जंतर मंतर, जेएनयू कैम्पस में नक्सलवाद के खिलाफ नारे लगाए। आज नक्सल हिंसा पीड़ित अपनी बात बड़े-बड़े जगह में रख रहे हैं। साथ ही नक्सलियों को मुख्य धारा में जुड़ने और शासन की पुनर्वास नीति के तहत लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मंगलवार को जगदलपुर के पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार में बस्तर शान्ति समिति के तत्वावधान में आयोजित माओवाद के विद्रुप चेहरा बीजिंग से बस्तर तक विचार गोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हम बस्तरवासी पिछले चार दशक से माओवाद के दंश को सह रहे हैं और माओवादी समस्या के कारण समग्र विकास में पिछड़े हुए हैं लेकिन अब आम जनता इन माओवादियों से मुक्त होने के लिए जागरूक हो चुकी है तथा विकास की मुख्यधारा में जुड़ने के फलस्वरूप एक बड़ा बदलाव परिलक्षित हो रही है।
बस्तर के लोग सुख-शान्ति एवं खुशहाली की ओर अग्रसर होने के लिए उत्सुक हैं। इसे ध्यान रखकर केन्द्र एवं राज्य सरकार आगामी मार्च 2026 तक माओवाद समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए संकल्प लेकर कटिबद्धता से पहल कर रही है। जिससे माओवादियों का समूल नाश अवश्यंभावी है और समूचे बस्तर में शान्ति, समृद्धि एवं खुशहाली आएगी तथा बस्तर की वादियों में फिर से ढोल-मांदर की थाप सुनाई देगी।
गोष्ठी में बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि एक समय वनों से आच्छादित बस्तर क्षेत्र में 1980 के दशक से नक्सल गतिविधि बढ़ी, जिससे क्षेत्र में विकास में बाधा बनी। अब बस्तर की धरा में आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से क्षेत्र में सुरक्षा बलों के प्रयासों से जरूर शांति होगी। विचार गोष्ठी में बस्तर सांसद महेश कश्यप, फिल्म निर्देशक सुदीप्तो सेन, बस्तर शांति समिति के सदस्य दशरथ कश्यप, पूर्व विधायक राजा राम तोड़ेम और बस्तर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने बस्तर में नक्सल गतिविधियों के कारण बस्तर के स्वरूप में हुए परिवर्तन पर अपना वक्तव्य रखे। गोष्ठी में चीन में 3-4 जून 1989 की रात तियानमेन चौक में लोकतंत्र की मांग करने और माओवाद समस्या पर केंद्रित वृत्तचित्र का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में गृहमंत्री और वनमंत्री ने युवाओं से संवाद भी किया।
साथ ही इस दौरान विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, महापौर संजय पांडे, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, एसपी शलभ सिन्हा और जिला प्रशासन के अधिकारी, बस्तर अंचल के विभिन्न समाज प्रमुख, समाजसेवी एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, पत्रकारगण और बड़ी संख्या में युवाओं के साथ गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। ज्ञात हो कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी को आदर्श मानकर नक्सली (माओवादी) बस्तर में जल, जंगल, जमीन की बात करते हैं।
उसी चीन में 3-4 जून 1989 की रात तियानमेन चौक में लोकतंत्र की मांग करने वाले 10 हजार छात्रों को टैंक से कुचल दिया गया। नक्सलियों के आदर्श माओ त्से तुंग ने कहा था कि “राजनीतिक शक्ति बंदूक की नली से निकलती है।” इस विचारधारा को लेकर नक्सलियों (माओवादियों) ने वर्षों से बस्तरवासियों को उनके अधिकारों से वंचित रखते हुए, बस्तर की भूमि में हजारों निर्दोष आदिवासियों को व सैकड़ों सुरक्षा कर्मियों को मौत के घाट उतारा है। बस्तर इन नक्सलियों (माओवादियों) की खोखली विचारधारा से आजाद होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है,तो विचार पर संवाद करने का कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया गया था।
सर्व हिंदू समाज बस्तर संभाग के नई कार्यकारिणी सदस्यों की गई घोषणा
जगदलपुर । बस्तर संभाग मुख्यालय के मां दुर्गा मंदिर शांति नगर वार्ड में आज सर्व हिंदू समाज बस्तर संभाग द्वारा आयोजित बैठक में नई कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा निर्वाचन अधिकारी महेंद्रकांत संघाणी द्वारा की गई । सर्व हिंदू समाज के पूर्व के बैठक में अध्यक्ष पद हेतु धर्मचंद शर्मा एवं सचिव पद के लिए रंजीत पांडेय निर्विरोध निर्वाचित हुए थे, और इस बैठक में प्रबंध कार्यसमिति के सदस्यों के नामों की घोषणा की गई । इस दौरान बड़ी संख्या में सनातनी बंधुगण मातृ शक्ति उपस्थित रहे। बैठक में मौजूद सर्व हिंदू समाज सभी सदस्यों ने हिंदू समाजों के हित में सर्व हिंदू समाज को उत्तरोत्तर अग्रसर करने नई कार्यसमिति के सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
निर्वाचन अधिकारी महेंद्रकांत संघाणी ने सर्व हिंदू समाज नई कार्यसमिति के सदस्यों की घोषणा कर इसकी पूरी जानकारी देते हुए बताया कि नई कार्यसमिति में संरक्षक मंडल में महेंद्र कांत संघाणी, अशोक अरोरा, वी बालकृष्ण, दशरथ कश्यप, शारदा प्रसाद सिंग, जगत सिंह ठाकुर के संरक्षण में सर्व हिंदू समाज के संचालन हेतु अध्यक्ष धर्मचंद शर्मा, सचिव रंजीत पांडेय, उपाध्यक्ष जे पी सिंह, सुदर्शन पाणिग्रही, योगेश सिंग ठाकुर, सह सचिव सुनील दास, निर्मल यादव, मुकेश शर्मा, कोषाध्यक्ष शिव नारायण चांडक, सह कोषाध्यक्ष तेजपाल जसवाल, सुंदर भोजवानी, कार्यकारिणी सदस्यों में वीएम. दूधी, मनोरंजन राय, वी वासुदेव, कौशिक शुक्ला, सुनील गिरधर, किशोर जाधव, जेके. पाराशर, नीलकंठ पांडे, सोन साय कश्यप, हेमंत साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी, सुकमा में मुठभेड़ जारी
जगदलपुर । छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में एक नक्सली के मारे जाने की खबर है।
फिलहाल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मामला किस्टाराम थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि किस्टाराम के जंगलों में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं।
इसी सूचना के आधार पर DRG, STF, कोबरा की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन पर निकाला गया था।
जब जवान मौके पर पहुंचे तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का जवाब दिया। फिलहाल, एक नक्सली के मारे जाने की खबर है। सुकमा पुलिस ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
सैन्य शौर्य के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
भारत माता की जयघोष और वंदे मातरम् के नारों के साथ वीर सैनिक के शौर्य को किया नमन
अम्बिकापुर । सैन्य शौर्य के सम्मान में मेड्राकला में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने भाग लेकर देशप्रेम का परिचय दिया।
इस गरिमामयी आयोजन में अम्बिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल,लूण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, डीडीसी श्रीमती पायल तोमर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राधा रवि, भारत सिंह सिसोदिया, कलेक्टर विलास भोसकर, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, तथा अपर कलेक्टर सुनील नायक, जनपद सीईओ राजेश सेंगर सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
रैली के दौरान भारत माता की जयघोष और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस आयोजन ने न केवल वीर सैनिकों के शौर्य को नमन किया, बल्कि युवाओं को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित भी किया।
बकावण्ड तहसीलदार ने अवैध रेत परिवहन करते दो टिप्पर वाहन पकड़ा
जगदलपुर । बस्तर जिले के बकावण्ड तहसील अंतर्गत इन्द्रावती नदी एवं भास्केल नदी में हो रहे अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन द्वारा सख्ती के बावजूद रेत माफियाओं की गतिविधियां लगातार जारी हैं। वर्षों से कुछ ठेकेदारों द्वारा ग्राम पंचायत के सदस्यों और सरपंचों की मिलीभगत से अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
शनिवार को बकावण्ड तहसीलदार श्रीमती जागेश्वरी गावड़े एवं अनुविभागीय अधिकारी ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए दो टिप्पर वाहन को अवैध रेत परिवहन करते पकड़कर नगरनार थाना को कार्यवाही हेतु सौंपा गया है। इस कार्यवाही से सभी अवैध उत्खनन गतिविधियां बंद पड़ी हैं और क्षेत्र में रेत माफिया की उपस्थिति नहीं देखी गई है।
जनता के हित में कटिबद्धता के साथ काम कर रही सरकार : विधायक किरण देव
जगदलपुर । सांसद बस्तर महेश कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचे और प्रदेश के सर्वांगीण विकास में सभी की सहभागिता हो। इसी उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। सभी जागरूक नागरिकों ने आवेदनों के माध्यम से अपनी मांग रखी है जिसका विभागों द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर निराकरण किया गया और समाधान शिविर में जानकारी दी जा रही है।
सांसद ने कहा कि सुशासन तिहार में आवेदनों का निराकरण जिस तेजी के साथ किया गया यह सतत रूप से जारी रहेगी। सरकार इस दिशा में लगातार सार्थक प्रयास करेगी। उन्होंने नागरिकों से शासन की जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित होकर विकास में सहभागी बनने का आग्रह किया। सांसद कश्यप मंगलवार को नगर पालिक निगम जगदलपुर के पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड के माहेश्वरी भवन में आयोजित समाधान शिविर को सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर विधायक जगदलपुर किरण देव ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में कटिबद्धता के साथ सजग होकर काम कर रही है। सरकार गठन होने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हर गारंटी को पूरा कर रही है।
इस सुशासन तिहार का उद्देश्य आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्या-मांग का निराकरण करना है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं से हर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करना है। जो जनता का जुड़ाव इन शिविरों में होने के साथ ही उनकी व्यापक सहभागिता को दर्शाता है। विधायक किरण देव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रीगण सरकार की इस सुशासन को शहर से गांव तक पहुंचाने के लिए भरी दुपहरी में गांवों में जाकर चौपाल लगाकर जनता से सीधे मुखातिब हो रहे हैं और उनकी समस्या निदान करने सहित जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा भी ले रहे हैं। उन्होंने जगदलपुर नगर निगम में विकास कार्यों को सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं के साथ ही राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत आवास निर्माण, महतारी वंदन योजनांतर्गत हितग्राहियों का चयन आदि के लिए वार्ड पार्षदों को सकारात्मक पहल किए जाने कहा। साथ ही नागरिकों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए आग्रह किया। आरंभ में महापौर संजय पांडे ने सुशासन तिहार के अंतर्गत जनता की समस्या-मांगों के निराकरण के बारे में अवगत कराया और इस दिशा में निरंतर सजग होकर पहल करने आश्वस्त किया। इस दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया गया। वहीं 06 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं 03 शिशुओं को अन्नप्रासन्न करवाया। इस मौके पर चार हितग्राहियों को नवीन राशनकार्ड प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अवगत कराया गया कि समाधान शिविर में नगर निगम क्षेत्र के माता सन्तोषी वार्ड, रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड, गुरु घासीदास वार्ड, महारानी वार्ड,पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड एवं महेन्द्र कर्मा वार्ड सम्मिलित थे। उक्त समाधान शिविर में प्राप्त कुल 244 आवेदन पत्रों में सभी आवेदनों का निराकरण किया गया। नगर निगम क्षेत्र में कुल 3010 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। जिसमें 2706 आवेदन पत्रों का निराकरण किया जा चुका है, शेष आवेदन पत्रों के निराकरण के बारे में आवेदकों को अवगत कराया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ लौहशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, नगर निगम के अध्यक्ष खेमसिंह देवागन सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वार्ड पार्षद तथा नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
बस्तर में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें पूर्ण : डॉ. कमलप्रीत सिंह
नुबंध के अनुरूप नियत समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश
जगदलपुर । सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. कमलप्रीत सिंह ने कहा कि बस्तर अंचल की स्थानीय आवश्यकता के मद्देनजर यहां पर कनेक्टिविटी विस्तार के लिए सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित कर अनुबंध के अनुसार नियत समय-सीमा में पूर्ण करें। साथ ही महत्वपूर्ण भवन निर्माण कार्यों को वरीयता देकर तेजी के साथ संचालित कर शीघ्र पूर्ण करें। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में ज्यादा ध्यान केंद्रीत करें और भारत माला प्रोजेक्ट सड़क को जोड़ने वाली सड़कों सहित 10 वर्ष से अधिक पुराने राज्य मार्गों के नवीनीकरण कार्य को प्राथमिकता देकर पूर्ण करने पर फोकस करें। वर्किंग सीजन में निर्माण कार्यों में अद्यतन प्रगति लाने के लिए टीम भावना के साथ काम कर आशाजनक रिजल्ट हासिल करें। सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. कमलप्रीत सिंह सोमवार को स्थानीय कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभागार में बस्तर राजस्व संभाग अंतर्गत लोक निर्माण विभाग में संचालित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा के दौरान उक्त निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के पहले पूर्ण होने वाले पुल-पुलिया के लिए एप्रोच मार्ग अनिवार्य रूप से बनाए जाने की आवश्यकता निरूपित करते हुए कहा कि इन पुल-पुलिया में एप्रोच मार्ग निर्मित होने से आम जनता को आवाजाही में मदद मिलेगी।
सचिव लोक निर्माण डॉ. सिंह ने विभाग में संचालित सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों की कार्यवार प्रगति की जानकारी ली और निर्देशित किया कि हरेक निर्माण कार्य की कार्यादेश के साथ ही सम्बन्धित निर्माण कार्य को योजनाबद्ध ढंग से नियमित तौर पर संचालित करने हेतु पर्याप्त निर्माण सामग्री,मशीनरी, उपकरण और श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने सहित निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप कार्य को पूर्ण करें। निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता के मानकों के अनुपालन करवाने के लिए नियमित तौर पर क्षेत्र भ्रमण कर निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
ठेकेदारों की क्षमता के अनुरूप काम देने पर बल
सचिव लोक निर्माण ने ठेकेदारों को उनकी क्षमता के अनुरूप कार्य देने पर बल देते हुए कहा कि सम्बन्धित ठेकेदार के पास प्लांट, मशीनरी, उपकरण इत्यादि पर्याप्त संसाधन की उपलब्धता को अनिवार्य रूप से दृष्टिगत रखें और एक साथ तीन-चार निर्माण कार्य लेकर रखने वाले ठेकेदारों के कार्यों की मॉनिटरिंग पर अधिक ध्यान केंद्रीत करें। निर्माण कार्यों को नियमित तौर पर संचालित नहीं करने वाले, कार्य में धीमी प्रगति वाले,अतिरिक्त समय देने के पश्चात भी निर्माण कार्य में प्रगति नहीं लाने वाले तथा काम को लम्बे समय तक बंद रखने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के तहत कार्रवाई करें। वहीं काम को अपूर्ण छोड़कर जाने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध काली सूची में शामिल करने सहित किसी भी निविदा प्रक्रिया से बाहर रखने सम्बन्धी कड़ी कार्रवाई करें।
उपयुक्त स्थल पर करें भवन निर्माण
सचिव लोक निर्माण ने सार्वजनिक भवन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक भवनों तथा आवासों का सदुपयोग सुनिश्चित हो, इसे दृष्टिगत रखते हुए ऐसे स्थलों पर सड़क, पेयजल एवं बिजली की उपलब्धता सहित उक्त सुविधाओं को आसानी से सुलभ कराए जाने की स्थिति का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने इस सम्बंध में भवन निर्माण हेतु स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर उपयुक्त स्थल चयनित किए जाने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा को ध्यान रखकर करें सड़कों का निर्माण
सचिव लोक निर्माण ने सड़कों के निर्माण में सड़क सुरक्षा के मानकों का परिपालन करने पर बल देते हुए कहा कि दुर्घटना को रोकने के लिए बेहतर प्रयास करें। दुर्घटनाजन्य स्थलों को चिन्हित कर संकेतक बोर्ड, डिवाईडर, गति अवरोधक को उपयुक्त स्थान पर लगाने सहित ब्लिंकर भी लगाएं। इन सभी सुरक्षा सम्बन्धी मानकों को ध्यान रखकर नवीन सड़क निर्माण हेतु कारगर कार्ययोजना तैयार करें। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीन आरआरपी फेज-एक के प्रगतिरत कार्यों, आरसीपीएलडब्ल्यूईए के कार्यों सहित समस्त योजनाओं के सड़क, भवन एवं सेतु निर्माण तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों, वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल निर्माण कार्यों की प्राक्कलन प्रगति इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विजय भतपहरी सहित मुख्य अभियंता लोक निर्माण बस्तर परिक्षेत्र जीआर रावटे, मुख्य अभियंता सेतु निर्माण एसके कोरी, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिकी टीआर कुंजाम और बस्तर एवं कांकेर मण्डल के अधीक्षण अभियंता, बस्तर परिक्षेत्र अंतर्गत भवन एवं सड़क, सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं विद्युत एवं यांत्रिकी के सभी कार्यपालन अभियंता तथा निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार उपस्थित रहे।
सभी अधिकारी संवेदनशील होकर विभागीय कार्यों का करें संपादन : डॉ.कमलप्रीत सिंह
बस्तर प्रभारी सचिव ने किया विभागीय कार्यों की समीक्षा
जगदलपुर । बस्तर जिला प्रभारी सचिव डॉ.कमलप्रीत सिंह ने कहा कि बस्तर आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, यहाँ पर शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन में सभी अधिकारी संवेदनशील होकर संपादन करें। प्रभारी सचिव श्री सिंह ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कही। बैठक में सुशासन तिहार के प्राप्त आवेदनों पर चर्चा कर उनके गुणवत्ता पूर्ण निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निराकरण की जानकारी सुशासन शिविर में आवेदन कर्ता को देने के लिए निर्देशित किए। बैठक में प्राप्त आवेदनों का विभाग समीक्षा भी किए जिसमे सामाजिक पेंशन के प्रकरण, उज्ज्वला योजना के आवेदन,शौचालय के आवेदन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वन अधिकार मान्यता पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही करने कहा ।
इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के कचरा संग्रहण व निर्मित शेड के तहत सेग्रीगेशन, प्रधानमंत्री आवास योजना स्थायी प्रतीक्षा सूची पीडब्लूएल में बचे हुए परिवार एवं आवास प्लस की प्रगति, मनरेगा,आंगनबाड़ी पीडीएस भवन, कुआ निर्माण के कार्यो की समीक्षा किए । उन्होंने समीक्षा के दौरान पीएमजीएसवाय के स्वीकृत कार्यो को मई जून तक पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।पीएमजीएसवाय -4 और जुगा के छुटे बसाहटो को भी जोड़ कर विकास कार्य करें।
प्रभारी सचिव ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली अन्तर्गत राशन सामाग्रियों का भण्डारण एवं वितरण में गुड़ व चना की उपलब्धता का संज्ञान लिया। मध्यान भोजन योजना, शिक्षक युक्तियुक्तकरण, शिक्षक विहीन स्कूल, का समीक्षा करते हुए कहा कि एक ही परिसर में संचालित स्कूलों के शिक्षकों का उपयोग शिक्षक की कमी वाले में किया जा सकता है। उन्होंने छात्रवृत्ति में स्वीकृत विद्यार्थियों को राशि डिसबर्स की गैप का संज्ञान लिया उसके बचे राशि का भुगतान जल्द करवाने के निर्देश दिए ।कौशल विकास में प्रशिक्षण के बाद उसका रोजगार की व्यवस्था का संज्ञान लिया। पीएम विश्वकर्मा योजना अन्तर्गत प्रशिक्षण पीएमकेवीवाय योजना अंतर्गत प्रशिक्षण उपरांत उनके स्कील का एसेसमेट करवाने कहा ।
कृषि एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग प्रधानमंत्री सम्मान निधि में ई केवायसी की स्थिति,आधार सिडिंग की स्थिति, लैण्ड सिडिंग की स्थिति की प्रगति। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, रबी-खरीफ में धान का रकबा कितना है। धान के बदले अन्य योजना हेतु , लघु वनोपज का संग्रहण ऑन लाईन पेंमेट की स्थिति, तेदुपत्ता का संग्रहण अन्य लघु वनोपज संग्रहण, इमली संग्रहण, वन्य प्राणी द्वारा जनहानि की समीक्षा किये । लोक निर्माण विभाग के जिले में स्वीकृत, प्रगतिरत, सड़कों के मरम्मत संधारण कार्य भवन निर्माण कार्य, निर्माण कार्य में विलंब करने वाले ठेकेदारों को हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए । जल जीवन मिशन के संबंध में पानी की उपलब्धता का स्त्रोत का संज्ञान लिया। जल-जीवन में पाईप लाईन ओवरहेड पम्प को चालू हालत में रखें और सभी घर में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। नक्सल पीडितों के पुनर्वास की कार्यवाही, शराब व गांजा पर नियंत्रण, सड़क दुर्घटना के मामलों में हेल्मेट का उपयोग को बढावा दे,चालानी कार्यवाही करें। म्यूल अकाउंट ,चिटफण्ड कम्पनी पर कार्यवाही करते हुए साइबर फ्रांड के लिए जागरूकता कैम्पेन का आयोजन करें।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम,स्टैण्ड अप इंडिया योजना, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन में जिला अभिलेखागार का कम्प्यूटीकरण की स्थिति का संज्ञान लेकर बैकअप डाटा भी रखें। इसके अलावा उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में रेडी टू ईंट व पोषण आहार के प्रदाय करने स्थिति आंगनबाड़ी केन्द्रों में शौचालय व पेयजल की उपलब्धता का संज्ञान लिया। महिला एवं बाल विकास के अन्य विंग का एसडीएम स्तर के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाए। नगर निकाय के विकास कार्यों की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रगति, सामाजिक पेंशन की स्थिति , पीएचसी में दवाईयों की, संस्थागत प्रसव, पीएम जन आरोग्य योजना, आयुष्मान कार्ड सहित श्रम विभाग के योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा किए। इस अवसर पर कलेक्टर हरिस एस, सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कमिश्नर ने की उसुर,कोंटा,ओरछा और दुर्गकोंदुल ब्लॉकों के अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से चर्चा
रिकॉर्ड रूम को मतदान स्ट्रांग रूम के तर्ज पर रखें ताकि राजस्व रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखा जाए
जगदलपुर । कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि उसुर,कोंटा,ओरछा और दुर्गकोंदुल जैसे अंदरूनी ब्लॉकों में आप लोगों को द्वारा कार्य किया जा रहा है। इस वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आप लोगों के कार्यों की समीक्षा की जा रही है। सभी राजस्व अधिकारी नामांतरण बंटवारा और एफआरए के कार्यों को अभियान के रूप में कार्य करें। राजस्व के प्रकरण को समय सीमा के अंदर निराकरण करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर श्री सिंह सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बीजापुर जिले के उसुर, सुकमा जिले के कोंटा,नारायणपुर जिले के ओरछा और कांकेर जिले के दुर्गकोंदुल के राजस्व अधिकारियों सहित ब्लॉक के शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत विभाग, कृषि और पीएचई विभाग के अधिकारियों से संवाद कर आवश्यक निर्देश दिए।
कमिश्नर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से उनके अनुभाग से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा,वन अधिकार मान्यता प्रमाण पत्र, रिकॉर्ड रूम, निर्णित प्रकरणों को रिकॉर्ड रूम में जमा किया जाना के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि राजस्व के प्रकरणों को रिकॉर्ड रूम में व्यवस्थित रखें, रिकॉर्ड रूम को मतदान स्ट्रॉग रूम के तर्ज पर रखें ताकि राजस्व रिकॉर्ड और वन अधिकार मान्यता पत्र के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखा जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉक मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए नेटवर्क की व्यवस्था दुरुस्त रखें। साथ ही तहसीलदार-नायब तहसीलदार कार्यालय में नामान्तरण, सीमांकन, बंटवारा, वन अधिकार मान्यता प्रमाण पत्र का संज्ञान लिया। कमिश्नर ने कहा कि वन विभाग द्वारा एफआरए के प्रकरण पर कार्यवाही नहीं होने पर कमिश्नर कार्यालय को जानकारी देने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के द्वारा आधार कार्ड,राशन कार्ड, सुशासन तिहार के लक्ष्यों की जानकारी दी। इस पर आधार कार्ड और राशन कार्ड का लक्ष्य के आधार जानकारी देने के निर्देश दिए।
खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा न्योता भोज,सरस्वती साईकिल वितरण,मध्यान्ह भोजन का संज्ञान लिया और कमिश्नर ने न्योता भोज का आयोजन अधिक से अधिक करवाएं और जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही समर कैंप का आयोजन के सम्बन्ध में कार्ययोजना का संज्ञान लिया । मध्यान्ह भोजन बनाने वाले सहायिकाओं का भुगतान स्थिति का संज्ञान लिया।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में जनेरिक औषधियों की उपलब्धता, पेयजल-विद्युत व्यवस्था,मौसमी बिमारियों की रोकथाम, आयुष्मान कार्ड का संज्ञान लिए मितानिनों की दवा पेटी का परीक्षण करवाकर दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सभी अनुभागीय अधिकारी राजस्व या तहसीलदारों के द्वारा बीच-बीच में स्वास्थ्य कर्मियों की दवाइयों की जांच किया जाए। ओरछा जैसे क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड का अनुमानित लक्ष्य के आधार पर कार्ड बनाने हेतु नेट की सुविधा स्थल पर शिविर आयोजित करने कहा।परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास से गर्म भोजन, टीएचआर, आगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल एवं विद्युतीकरण का व्यवस्था का संज्ञान लिया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन का समय का भी संज्ञान लिया।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से खाद, बीज की उपलब्धता का संज्ञान लिया, सुशासन तिहार शिविर आयोजन से पहले खाद बीज का भंडारण और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सहायक अभियंता सीएसईबी से पुलिस कैम्पों में विद्युतीकरण, विद्युत विहीन ग्राम,ग्रामों में नियमित विद्युत आपूर्ति का संज्ञान लिया। सभी एसडीएम से विद्युत व्यवस्था का नियमित उपलब्धता का संज्ञान लिया।
अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी से पेयजल की आपूर्ति,खराब हैण्ड पम्प की मरम्मत का संज्ञान लेते हुए कहा कि पेयजल, नल जल कनेक्शन की मांग को तत्काल मौका मुआयना कर कार्य पूर्ण करने कहा। बरसात से पहले पाइप परिवर्तन कर लें और क्लोरिन डालकर क्लीन करवाएं। बैठक में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य तथा ब्लॉक स्तर पर अनुपस्थित रहने वाले कोंटा सहायक अभियंता सीएसईबी और उसुर ब्लॉक के प्रभारी तहसीलदार को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर आरती वासनीकर, गीता रायस्त सहित सभी संबंधित विभाग के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बस के पिछले पहिए की चपेट में आने से महिला की मौत
जगदलपुर । जिले के थाना तोकापाल क्षेत्र में आज शनिवार की सुबह करीब 6 बजे एक महिला को जगदलपुर से बैलाडीला की ओर जा रही एक बस ने अपनी चपेट में ले लिया, महिला के ऊपर बस का पिछला पहिया चढ़ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकॉज भिजवाया दिया है। वहीं बस को अपने कब्जे में लेते हुए तोकापाल थाने ले जाया गया है। तोकापाल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तोकापाल निवासी चमारिन बघेल उम्र 60 वर्ष अपने घर से सुबह किसी काम से निकली थी। इसी दौरान जगदलपुर से बैलाडीला के लिए निकली रॉयल ट्रैवल्स की बस ने उसे चपेट में ले लिया। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।