छत्तीसगढ़ / बस्तर
बस्तर राजमहल से 135 साल बाद निकलेगी बारात, 100 राजघराने बनेंगे बाराती
जगदलपुर । बस्तर राजमहल से 135 वर्ष बाद बारात निकलने जा रही है और इसमें देश भर के 100 से अधिक राजघराने बाराती बनेंगे। राजमहल में पिछली शादी वर्ष 1923 में महारानी प्रफुल्ल कुमारी देवी की हुई थी, पर तब बारात नहीं निकली थी।
अंतिम बार 1890 में राजा रुद्रप्रताप देव की बारात यहां से निकली थी। पांच पीढ़ियों के बाद अब 20 फरवरी को बस्तर महाराजा कमलचंद भंजदेव की शादी हो रही है। इस समारोह में देश-भर के 100 राजघराने शामिल हो रहे हैं। 135 वर्ष बाद बस्तर राजपरिवार की कुलदेवी बस्तर की आराध्या मां दंतेश्वरी भी बाराती बनकर नागौद जाएंगी।
20 फरवरी को है विवाह
दंतेवाड़ा से मां दंतेश्वरी का छत्र और छड़ी विवाह समारोह में सम्मिलित होने मंगलवार की शाम जगदलपुर पहुंच चुका है। 45 वर्षीय कमलचंद्र का विवाह सतना मध्य प्रदेश के किला नागौद के महाराजा शिवेंद्र प्रताप सिंह की पुत्री भुवनेश्वरी कुमारी के साथ 20 फरवरी को होने जा रहा है।
बस्तर से इसके लिए दो चार्टड प्लेन मध्य प्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट तक के लिए बुक किए हैं। छोटे चार्टर्ड प्लेन में मां दंतेश्वरी के साथ कमलचंद्र भंजदेव व परिवार के सदस्य होगे। दूसरा चार्टर्ड प्लेन बारातियों को लेने ला जाने दो से तीन फेरे जाएगा। यहां बता दें कि राजा प्रवीरचंद्र का विवाह दिल्ली व इसके बाद राजा विजयचंद्र व भरतचंद्र का विवाह गुजरात में हुआ था।
विवाह से देश में पहुंचेगी बस्तर की सकारात्मक छवि
बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव ने बताया कि विवाह समारोह में सम्मिलित होने बहुत से रजवाड़ों के सदस्य आ रहे हैं। कई दशक बाद बस्तर राजमहल में विवाह हो रहा है, जिसमें देश भर से राजघराने के सदस्य व अतिथि आ रहे हैं।
बस्तर की पहचान नक्सलवाद से हैं, और इस विवाह समारोह में जब देश भर के लोग यहां आएंगे तो उनकी धारणा बदलेगी। इनमें से कई बस्तर तो कई लोग सीधे नागौद किले आ रहे हैं। इनमें मध्यप्रदेश के सिंधिया राजघराने के सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजस्थान के जयपुर राजघराने की सदस्य व उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी हैं।
इसके साथ ही समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री सीएम विजय शर्मा, अरुण साव, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, सरगुजा राजघराने के वंशज व पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, मेवाड़ के महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह राणा, गुजरात के बड़ौदा राजघराने से गायकवाड़ परिवार, ओडिशा के पटनागढ़ राजघराने से उपमुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह, त्रिपुरा से विक्रम माणिक्यदेव, ओडिशा के मयूरभंज व गोहिल राजघराना सहित सौ से अधिक राज परिवार के सदस्य समारोह में सम्मिलित होंगे।
शहरी भूमि की सही पहचान के लिए 'नक्शा' पायलट प्रोजेक्ट का वर्चुअल शुभारंभ
जगदलपुर । भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मध्यप्रदेश के रायसेन में नेशनल सिटी सर्वे प्रोजेक्ट का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। शहरी भूमि की सही पहचान के लिए नक्शा एक वर्षीय पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से पूरे देश के 26 राज्यों और 03 केन्द्र शासित प्रदेश के 35 वर्ग किलोमीटर से कम क्षेत्रफल एवं 02 लाख से कम आबादी वाले 152 शहरों में उक्त सर्वेक्षण किया जाएगा।
इस पायलट प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य व्यापक डिजिटल भूमि रिकॉर्ड सुनिश्चित करना है, जिससे शहरी भूमि रिकॉर्ड पूरी तरह से डिजिटाइज और जीआईएस मैप किए जाएंगे, जिससे सुलभ और पारदर्शी डेटा सुनिश्चित होगा। यह आपदा प्रबंधन, पर्यावरण योजना और स्मार्ट सिटी विकास में उपयोगी होगा। भूमि विवादों में कमी और कानूनी स्पष्टता के जरिए स्पष्ट और अद्यतन स्वामित्व रिकॉर्ड से विवाद कम होंगे, कानूनी प्रक्रियाएं तेज होंगी और संपत्ति अधिकार मजबूत होंगे।
अदालती मामलों, कानूनी दस्तावेजीकरण और ऐतिहासिक भूमि डेटा विश्लेषण में सहायता मिलेगी। वहीं त्वरित और अधिक प्रभावी शहरी योजना बनाने में मदद मिलेगी। सटीक भूमि डेटा से बेहतर जोनिंग, बुनियादी ढांचें के विकास और शहरी विस्तार में न्यूनतम अवधि लगेगी। परिवहन योजना, आवासीय परियोजनाओं और सतत शहरी विकास में सहायता मिलेगी। आपदा प्रबंधन योजना को अधिक प्रभावी बनाएगा। प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन में सुधार और शहरी निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। केंद्रीकृत डिजिटल कर प्रशासन प्रणाली से शहरी स्थानीय निकायों का राजस्व संग्रह बेहतर होगा और रियल एस्टेट वैल्यूएशन, नगरपालिका वित्त योजना और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार में सहायक होगा। संपत्ति लेनदेन और ऋण प्राप्ति को सरल बनाने हेतु प्रमाणित भूमि रिकॉर्ड से खरीद, बिक्री और पट्टे की प्रक्रिया तेज, सुरक्षित और धोखाधड़ी मुक्त होगी, जिससे ऋण स्वीकृति आसान होगी। बैंकिंग, बंधक स्वीकृति और भूमि-आधारित निवेशों के लिए उपयोगी होगा।
शहरी भूमि की सही पहचान के लिए नक्शा एक वर्षीय पायलट प्रोजेक्ट के वर्चुअल शुभारंभ कार्यक्रम के लाईव प्रसारण को स्थानीय श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों सहित नागरिकों ने देखा। इस अवसर पर कलेक्टर हरिस एस ने कहा कि इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत छत्तीसगढ़ के तीन शहरों में पहले चरण में ड्रोन से यह सर्वेक्षण 16 मार्च से शुरू होगी। जिसमें धमतरी, अम्बिकापुर और जगदलपुर सम्मिलित हैं। इस डिजिटल सर्वेक्षण के माध्यम से अद्यतन नक्शा तैयार होने तथा अद्यतन भूमि रिकॉर्ड के फलस्वरूप जगदलपुर शहर के सुनियोजित विकास को बेहतर ढंग से सुनिश्चित कर सकेंगे। इस अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर संजय पांडे ने कहा कि भारत सरकार की यह पहल शहरों के योजनाबद्ध विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। डिजिटल सर्वेक्षण के जरिए तैयार नक्शा एवं डेटा से शहरी भूमि प्रबंधन को सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ शहर के व्यवस्थित विकास के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इस पायलट प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन में सभी लोगों की सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर नगर पालिक निगम के नवनिर्वाचित पार्षदगण और अन्य जनप्रतिनिधियों सहित अपर कलेक्टर सीपी बघेल, एसडीएम भरत कौशिक तथा अन्य अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
जगदलपुर को व्यवस्थित करने के लिए व्यापारी भी करें सहयोग : कलेक्टर
कलेक्टर-एसपी ने व्यापारियों से की शहर की व्यवस्थित यातायात के संबंध में चर्चा
जगदलपुर। कलेक्टर हरिस एस ने कहा कि चौराहों का जगदलपुर शहर की व्यवस्थित यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई के लिए सभी व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शहर के मध्य बड़ी गाड़ियों से सामान लाने के निर्धारित समय का पालन करना आवश्यक है और दुकान संचालक को अपने शॉप के समीप आवश्यक सफाई, नालियों में कचरा डालने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण करें, साथ ही उन्होंने दुकानों के सामने सड़क पर विक्रय के सामानों की प्रदर्शनी लगाकर सड़क यातायात को बाधित करने की प्रवृत्ति से बचने की अपील की। इसके लिए उन्होंने प्रशासन को आवश्यक सहयोग करने के साथ ही आगामी दिनों में नगर निगम और यातायात विभाग के द्वारा कार्यवाही की जाने पर व्यवस्था बनाने में साथ देने भी कहा। सोमवार को कलेक्टर हरिस और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा जगदलपुर के बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स, बस्तर परिवहन संघ और विभिन्न स्थलों के व्यापारी समूह के प्रतिनिधियों से शहर की यातायात व्यवस्था के संबंध में जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में चर्चा कर रहे थे ।
बैठक में व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शहर की व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव दिए, जिसका प्रशासन के अधिकारियों ने स्वागत किया। कलेक्टर ने बड़ी मालवाहक वाहनों का शहर में मध्य से गुजरने की जगह बायपास मार्ग का उपयोग पर जोर दिया। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर के विकास, व्यापारियों द्वारा व्यवसाय हेतु सड़कों पर कब्जा, कचरा प्रबंधन, सदर बाजार, संजय मार्केट, शहीद पार्क की पार्किंग और दुकानों के संबंध में तथा मुख्य मार्ग के शराब दुकान को शहर के अन्य क्षेत्र में स्थानांतरित करने पर चर्चा किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के कई महत्त्वपूर्ण शहरों में से जगदलपुर एक व्यवस्थित और प्लानिंग से बसा शहर है। ऐतिहासिक महत्व वाले इस शहर को हमें व्यवस्थित पार्किंग, यातायात व्यवस्था देना है। साथ ही वाहन चालकों को भी निर्धारित मापदंड और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार वाहन चलाना है। शहर में गाड़ियों की लगातार संख्या बढ़ रही है, पड़ोसी राज्य और संभाग का प्रमुख मार्केट स्थल होने से भी अन्य जगहों की व्यापारियों का आना रहता है, इसलिए व्यापारियों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था हेतु प्रशासन, नगर निगम, पुलिस और व्यापारियों की एक स्थाई समिति गठित करने का सुझाव का स्वागत करते हुए अपनी सहमति दी। साथ ही दुर्घटनाजन्य स्थलों पर रिफ्लेक्टर की व्यवस्था करने के लिए व्यापारियों को कहा। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त निर्भय साहू, आईपीएस आकाश श्रीश्रीमाल, आरटीओ डी बंजारे और सभी व्यापारी समूह के प्रतिनिधि उपस्थित थे ।
भाजपा के महापौर उम्मीदवार संजय 8 हजार 762 मतों से जीते
जगदलपुर । नगर पालिक निगम जगदलपुर में भाजपा के महापौर उम्मीदवार संजय पांडेय 8 हजार 762 मतों के अंतर से विजयी हुए हैं। उन्हें 38 हजार 38 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार मलकीत सिंह गैदू को 29 हजार 276 वोट मिले हैं। वहीं, भाजपा के 30 वार्ड पार्षद जीतकर निगम पंहुचने में सफल रहे, जब कि कांग्रेस के 16 वार्ड पार्षद विजयी हुए, और 2 निर्दलीय पार्षद की जीत हुई है। 48 वार्ड पार्षद के लिए कुल 154 उम्मीदवार मैदान में थे। इसके अलावे महापौर के लिए तीन अन्य उम्मीदवारों में आम आदमी पार्टी के समीर खान को सबसे अधिक मात्र 760 मत प्राप्त हुए वहीं शिवसेना की पिंकी ठाकुर को मात्र 339 मत प्राप्त हुए हैं, एक निर्दलिय उम्मीदवार रोहित सिंह आर्य को मात्र 478 मत प्राप्त हुए हैं।
नगर पंचायत जैजैपुर का अध्यक्ष होगा निर्दलीय
जगदलपुर । जैजैपुर नगर पंचायत में इस बार ना कांग्रेस और ना भाजपा पर मतदाताओं ने विश्वास दिखाने के बजाए निर्दलियों पर विश्वास जताया है। सबसे अधिक चौकाने वाला परिणाम अध्यक्ष पद के लिए रहा जहां जनता ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को नकारते हुए निर्दलीय प्रत्याशी बलराम चन्द्रा (बल्लू गौटिया) को अध्यक्ष पद के लिए चुना। 15 सीटों पर हुए चुनाव में से 8 पर निर्दलीय, 6 पर भाजपा और एक सीट पर कांगे्रस प्रत्याशी जीते है। हालत को देखकर यह कहा जा सकता है कि इस बार जैजैपुर नगर पंचायत में निर्दलियों का वर्चस्व रहेगा। यदि कांगे्रस प्रत्याशी निर्दलियों का समर्थन कर देते है तो उनकी संख्या 8 से बढ़कर 9 हो जाएगी। वहीं दूसरी ओर विपक्ष में बैठने वाली भाजपा भी गठजोड़ की राजनीति कर सकती है और निर्दलियों को अपने पार्टी में शामिल कर सकते है।
अध्यक्ष – श्री बलराम चन्द्रा (बल्लू गौटिया) (निर्दलीय)
पार्षद – वार्ड 1 – सुकदेव दिव्य – भाजपा
2 प्रभाकर चन्द्रा (निर्दलीय)
3 राजकुमार यादव (निर्दलीय)
4 राजा यादव (भाजपा)
5 मंजुला थवाईत (भाजपा)
6 कुमार चन्द्रा (निर्दलीय)
7 बसंत साहू (निर्दलीय)
8 दीपचंद अग्रवाल (निर्दलीय)
9 नरेंद्र प्रजापति (भाजपा)
10 झनकेश्वरी चन्द्रा (निर्दलीय)
11 सोनसाय देवांगन (भाजपा)
12 अमृत चन्द्रा (कांग्रेस)
13 दिगंबर साहू (भाजपा)
14 सूर्या चन्द्रा बाबा (निर्दलीय)
15 सुध राम सारथी (निर्दलीय)
मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर स्कीम : बैठक में प्रकरणों की समीक्षा
जगदलपुर । कलेक्टर हरिस एस की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में हिट एंड रन मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर स्कीम 2022 के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक में पीड़ितों को दिए जाने वाले विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई।
इस दौरान समिति द्वारा उक्त योजनांतर्गत जवाहर नगर वार्ड जगदलपुर निवासी श्रीमती प्रमिला मांझी पति स्वर्गीय उदयचंद मांझी को दो लाख रुपए की मुआवजा राशि प्रदान करने का अनुमोदन किया गया। बैठक में कलेक्टर ने हिट एंड रन केस में पीड़ितों को दिए जाने वाले मुआवजा सम्बन्धी लंबित दावा प्रकरणों की जांच कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कर प्रस्तुत किए जाने के निर्देश सम्बन्धित अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को दिए। साथ ही दावा प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में परिवहन अधिकारी डीसी बंजारे सहित सभी एसडीएम, पुलिस अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
रिटर्निंग-सेक्टर अधिकारियों को दी गई उनके दायित्वों की जानकारी
जगदलपुर । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरिस एस ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत जिले में तीन चरणों में निर्वाचन की कार्यवाही की जा रही है। पहले चरण में 17 फरवरी को जगदलपुर और दरभा में और दूसरे चरण में 20 फरवरी को बस्तर और लोहाड़ीगुड़ा में तथा तीसरे चरण में 23 फरवरी को बकावंड, बास्तानार एवं तोकापाल में निर्वाचन की प्रक्रिया होगी।
इस निर्वाचन में मतदान बैलेट पेपर से होगी, साथ ही मतगणना भी मतदान केंद्र में किया जाएगा। इसके लिए सभी सेक्टर अधिकारी अपने मतदान दलों को प्रोत्साहित कर रखें, सभी आवश्यक प्रपत्रों में सही जानकारी भरवाएं। साथ ही सभी मतदान दल पूरी मतगणना उसी मतदान केन्द्र में करवाकर ही आना सुनिश्चित करें। अंदरूनी क्षेत्र के मतदान केंद्रों या संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता के साथ करवाएं। सभी सेक्टर अधिकारी क्षेत्र के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों का सम्पर्क नम्बर जरूर रखें। इसके अलावा मतदान दलों की जरूरी व्यवस्था को सुनिश्चित करवाएं। वाहनों की व्यवस्था के लिए रूट चार्ट के आधार पर कार्ययोजना के साथ व्यवस्था किया जाए। महिला कर्मचारियों की व्यवस्था पर चर्चा किया गया। मतदान केन्द्र की मूलभूत व्यवस्था को सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने बैठक में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच के मतपत्र की स्थिति और रिजर्व दल की व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण वर्मा ने सेक्टर अधिकारियों को आवश्यक जानकारी भी दी।
मास्टर ट्रेनर्स द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतदान एवं मतगणना के दौरान आवश्यक पत्रकों को भरने के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं सेक्टर अधिकारियों को मतदान केन्द्रों की मूलभूत सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने सहित रिटर्निंग अधिकारी एवं सेक्टर अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में जानकारी दी गई। इस बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के सभी रिटर्निंग अधिकारी और सेक्टर अधिकारी उपस्थित थे।
वनों को आग से बचाने की सूचना देने टोलफ्री नम्बर 18002337000 जारी
जगदलपुर। निदेशक कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जगदलपुर द्वारा ग्रीष्मकाल के दौरान वनों को आग से बचाव करने के लिए ग्रामीणों से सहयोग प्रदान किए जाने की अपील में कहा गया है कि 15 फरवरी 2025 से अग्नि सीजन प्रारंभ हो रहा है
तथा 15 जून 2025 तक चलने वाले अग्नि सीजन में वनों को अग्नि से बचाना विभाग की पहली प्राथमिकता है।
अतएव उक्त अवधि में किसी भी नागरिक, ग्रामीणजन को जंगल में आग की घटना का पता चल रहा हो या दिखाई दे रही हो तो कृपया 24x7 टोल फ्री नम्बर 18002337000 पर सूचना देकर प्रकृति की अमूल्य धरोहर वनों को बचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिससे कांगेर घाटी नेशनल पार्क के अमले और स्थानीय वन संसाधन एवं प्रबंधन समितियों के द्वारा वनों को अग्नि से बचाव हेतु त्वरित प्रयास किया जा सके।
बाइक की ठोकर से युवक की मौत
जगदलपुर । भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम सालेमेटा में रहने वाला युवक अपने घर से पैदल सामान लेने निकला, लेकिन एक बाइक सवार ने ठोकर मार दी घटना में उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसे इलाज के लिए मेकाज में भर्ती किया गया था जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि सालेमेटा निवासी कमलेश यादव 26 वर्ष 5 फरवरी की शाम 7 बजे पैदल घर से कुछ दूर स्थित किराना दुकान में सामान लेने के लिए जा रहा था, कि अचानक से पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने ठोकर मार दी थी। इलाज के दौरान मौत हो गई।
पेड़ से टकराई बाइक युवक की हुई मौत कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में रहने वाले किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय लखेश्वर 5 फरवरी को अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोटा की ओर जा रहा था कि अचानक रास्ते में पड़ने वाले जंगल के मोड़ में मोटरसाइकिल पेड़ से जा टकराई। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया उसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव लाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले डाक्टरों ने उसे कोंडागांव रेफर किया। मेकॉज में मौत हो गई।
नगरीय निकाय-पंचायती चुनाव के मद्देनजर बस्तर जिले की पुलिस अलर्ट मोड में
जगदलपुर । बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में बस्तर पुलिस के द्वारा आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती चुनाव 2025 के मद्देनजर एवं आदर्श आचार संहिता के पालन में शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने अभियान चलाया गया।
इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अति. पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली शिवानंद सिंह के नेतृत्व में 40 से अधिक जवानो की मौजूदगी में आज सओमवार सुबह 4 बजे से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बस्तर पुलिस द्वारा शहर के कालीपुर अटल आवास में बाहर से आए व्यक्तियों एवं उनके संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने लगभग 1000 से अधिक व्यक्तियों की जांच एवं पूछताछ किया गया और आवश्यक दस्तावेजो की जांच की गई एवं शहर में आगामी चुनाव के दौरान शांति पूर्ण वातावरण बनाये रखने सभी को समझाइश दी गई।
निर्वाचन आयुक्त ने किया ईवीएम के लाइव डेमो का अवलोकन
स्वामी आत्मानंद स्कूल के मतदान केंद्रों की व्यवस्था का लिया जायजा
जगदलपुर । राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह एक दिवसीय बस्तर जिले के प्रवास के दौरान जगदलपुर शहर के संजय बाजार के समीप जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को मतदान प्रणाली में प्रयुक्त की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के लाइव डेमोंस्ट्रेशन का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से मशीन के उपयोग और महापौर, पार्षद प्रत्याशियों के लिए मतदान करने के संबंध में चर्चा किए। साथ ही डेमोस्ट्रेशन कार्य में लगे अधिकारियों से मशीन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
संजय बाजार के समीप स्वामी आत्मानंद स्कूल के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया, उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्र दिवाल लेखन की सराहना किए, इसके साथ ही संगवारी बूथ, महिला मतदान केंद्र की व्यवस्था का भी संज्ञान लिया। इस निरीक्षण के दौरान कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डॉ सर्वेश्वर भूरे, नोडल अधिकारी पुलिस ओपी पाल, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
निर्वाचन आयुक्त ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण, चुनाव तैयारियों का लिया जायजा
जगदलपुर । आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने मंगलवार को धरमपुरा स्थित मॉडल कालेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया और मतदान सामग्री वितरण एवं मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कमिशनिंग की तिथि, सुरक्षा व्यवस्था, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर नगर पंचायत के लिए ईवीएम मशीनों को कमिशनिंग प्रक्रिया के बाद रवाना की व्यवस्था का भी संज्ञान लिया। अधिकारियों ने बताया कि मशीनों की जांच के बाद बस्तर नगर पंचायत के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता से कार्य करें और सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करें। इस निरीक्षण के दौरान कमिश्नर डोमन सिंह, आई जी सुंदरराज पी, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डॉ सर्वेश्वर भूरे, नोडल अधिकारी पुलिस ओ पी पाल, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरिस एस , पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
नशीली दवाई के साथ तस्कर गिरफ्तार
जगदलपुर। अवैध रूप से नशीली दवाईयां बेचने वाले आरोपी युवक को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से प्रतिबंधित नशीली दवाई जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली को सूचना मिली कि केन्द्रीय विद्यालय कुम्हारपारा जगदलपुर आम रास्ता गली में एक व्यक्ति अवैध नशीली गोली दवाई बिक्री हेतु ग्राहक का तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस अफसरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली शिवानंद सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्यवाही हेतु रवाना किया गया।
टीम के द्वारा वहां पहुंचकर, मुखबिर के बताये हुलिये अनुसार संदेही को टीम द्वारा घेराबंदी कर, हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर गोलमोल जवाब देने लगा।
संदेही ने अपना नाम विजय नाग निवासी कुम्हारपारा जगदलपुर का रहने वाला बताया, उसके कब्जे से अवैध नशीली कैप्सूल कुल 48 नग एवं नगदी रकम 100/- रूपये, मिला।
जिस संबंध में पूछताछ करने पर संदेही ने वैधानिक प्रत्युत्तर प्रस्तुत नहीं दिया। आरोपी का उक्त कृत्य एनडीपीएस एक्ट की परिधि में आने पर उक्त दवाईयों को आरोपी के कब्जे से कुल 48 नग दवाई फोन जुमला कीमती 475.2/-रुपये को बरामद किया गया है। आरोपी के विरूद्ध थाना कोतवाली में धारा 21-ख एनडीपीएस. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर, आरोपी गिरफ्तार किया गया।
महात्मा गांधी निर्माण दिवस पर शुष्क दिवस घोषित
जगदलपुर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हरिस एस द्वारा 30 जनवरी को ’महात्मा गांधी निर्माण दिवस’ के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है। महात्मा गांधी निर्माण दिवस पर बस्तर जिले में स्थित सभी प्रकार की मदिरा दुकाने अर्थात् देशी मदिरा सी.एस.2, विदेशी मदिरा एफ.एल.1, विदेशी मदिरा एफ.एल.1, एफ.एल.3 (होटल बार). एफ. एल.7 (सैनिक कैटिन) एवं मद्य भण्डारण भण्डागार जगदलपुर को 29 जनवरी को समयावधि पश्चात् बंद करने एवं 30 जनवरी (गुरुवार) को बंद रखे जाने हेतु आदेशित किया गया है।
महात्मा गांधी निर्माण दिवस पर शुष्क दिवस घोषित
जगदलपुर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हरिस एस द्वारा 30 जनवरी को ’महात्मा गांधी निर्माण दिवस’ के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित किया गया है। महात्मा गांधी निर्माण दिवस पर बस्तर जिले में स्थित सभी प्रकार की मदिरा दुकाने अर्थात् देशी मदिरा सी.एस.2, विदेशी मदिरा एफ.एल.1, विदेशी मदिरा एफ.एल.1, एफ.एल.3 (होटल बार). एफ. एल.7 (सैनिक कैटिन) एवं मद्य भण्डारण भण्डागार जगदलपुर को 29 जनवरी को समयावधि पश्चात् बंद करने एवं 30 जनवरी (गुरुवार) को बंद रखे जाने हेतु आदेशित किया गया है।
निकाय-पंचायत चुनाव के लिए प्रेक्षक नियुक्त
जगदलपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एनआरडीए सचिन भूतड़ा को जिले के नगरीय निकाय-त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन कार्य हेतु प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक नियुक्त होने के उपरांत बुधवार 29 जनवरी को प्रेक्षक सचिन भूतड़ा सर्किट हाउस जगदलपुर में ठहरे हुए हैं। सर्व साधारण आम जनता निर्वाचन कार्य के संबंध में उनसे कार्यालयीन समय प्रातः साढ़े 10 बजे से 12 बजे तक सम्पर्क कर सकते हैं। प्रेक्षक सचिन भूतड़ा का मोबाइल नंबर 88783-86050 है।
निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीद रहे सम्भावित अभ्यर्थी
जगदलपुर । नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 के तहत अधिसूचना जारी होने के साथ ही बुधवार से नाम निर्देशन पत्र दाखिला आरंभ हो गई है। नगरीय निकाय निर्वाचन के अंतर्गत जिले के नगर पालिक निगम जगदलपुर हेतु शुक्रवार को महापौर के लिए 02 नामांकन पत्र तथा वार्ड पार्षद हेतु 20 नामांकन पत्र क्रय किए गए। वहीं नगर पंचायत बस्तर के लिए शुक्रवार को अध्यक्ष हेतु 01 तथा वार्ड पार्षद के लिए 02 नामांकन पत्र क्रय किए गए।
इस तरह अब तक नगर पालिक निगम जगदलपुर हेतु महापौर के लिए 02 तथा पार्षद हेतु 33 नामांकन पत्र क्रय किया गया है। वहीं अब तक नगर पंचायत बस्तर के लिए अध्यक्ष हेतु 01 तथा पार्षद के लिए 03 नामांकन पत्र क्रय किया गया है। ज्ञातव्य है कि नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत जिले के नगरीय निकायों के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 28 जनवरी 2025 तक निर्धारित है। वहीं दूसरे दिन 29 जनवरी को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी और 31 जनवरी तक अभ्यर्थिता से नाम वापस ली जा सकेगी। जिले के दोनों नगरीय निकायों के लिए 11 फरवरी को मतदान होगी और 15 फरवरी को मतगणना होगी।