छत्तीसगढ़ / बस्तर
निक्षय मित्रों ने टीबी मरीजों को वितरित किए फूड बास्केट किट
जगदलपुर । कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष हरिस एस के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जनपद पंचायत लोहंडीगुड़ा सभागार में टीबी मरीजों को रेडक्रॉस निक्षय मित्रों ने जनभागीदारी से प्रदत्त फूड बास्केट किट वितरित किए।
यह किट वितरण कार्यक्रम जिला पंचायत सदस्य चंद्रभान कश्यप एवं उपाध्यक्ष बसंत कश्यप के हाथों किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 60 टीबी मरीजों को फूड बास्केट किट वितरित की गई। ये मरीज विकासखंड के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों के निवासी थे, जिन्हें जनभागीदारी से एकत्र की गई सामग्री से तैयार की गई पोषण किट प्रदान की गई।
रेडक्रॉस सोसाइटी का यह प्रयास टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान करने और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में मदद करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बस्तर की बहनों ने 1001 राखी भेजकर सैनिकों को दिया सम्मान और प्रेम का भावनात्मक संदेश
जगदलपुर, 30 जुलाई 2025/
बस्तर जिले की स्काउट्स और गाइड्स बहनों ने एक राखी सैनिक भाइयों के नाम अभियान के तहत 1001 राखियाँ बनाकर देश की सेवा में जुटे सैनिकों के प्रति अपना प्रेम और सम्मान व्यक्त किया है। यह पहल सांसद और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव तथा राज्य सचिव कैलाश सोनी के आह्वान पर की गई थी।
जिला मुख्य आयुक्त और महापौर श्री संजय पाण्डे के साथ ही जिला आयुक्त और जिला शिक्षा अधिकारी श्री बीआर बघेल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न विद्यालयों में गाइड कैप्टन और रेंजर लीडर के नेतृत्व में गाइड और रेंजर बहनों ने इन राखियों का निर्माण किया। बस्तर जिले के विद्यालयों ने इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 1001 राखियाँ तैयार कीं, जिन्हें बुधवार 29 जुलाई को जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने इन राखियों को स्काउट गाइड शाखा के जिला संगठन आयुक्त श्री दशरूराम यादव और जिला प्रशिक्षण आयुक्त श्री जेपी पाठक को सौंपा। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ने देश की सेवा में लगे सिपाहियों के लिए बच्चियों द्वारा दिए जा रहे इस भावनात्मक संदेश की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हमारी बच्चियां आगे आ रही हैं, निश्चित ही यह हमारे विकसित भारत की बदलती तस्वीर है। उन्होंने सभी गाइड्स, रेंजर बहनों और उनके लीडर्स को शुभकामनाएं दीं, जिन्होंने छात्राओं को इस नेक कार्य के लिए प्रोत्साहित किया। यह अभियान सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है, साथ ही युवाओं में देशभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करता है।
एव्हीएफओ पद पर भर्ती हेतु 11 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित
जगदलपुर, 30 जुलाई 2025
कार्यालय संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जगदलपुर के द्वारा बस्तर जिले के अंतर्गत सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के रिक्त 15 पदों पर एकमुश्त मासिक मानदेय पर भर्ती हेतु आवेदन पत्र मूल प्रमाण पत्रों की सत्यापित छायाप्रति सहित पंजीकृत डाक के माध्यम से आगामी 11 अगस्त 2025 तक आमंत्रित किए गए हैं। उक्त पद हेतु आवश्यक शैक्षणिक योग्यता के तहत मान्यता प्राप्त संस्था से बायोलॉजी विषय में 12 वीं उत्तीर्ण एवं वेटनरी पॉलीटेक्निक डिप्लोमाधारी होना चाहिए। इन पदों पर एक वर्ष की अवधि के लिए मासिक मानदेय पर भर्ती किया जाएगा। कृत्रिम गर्भाधान कार्य में दक्षता रखने वाले एवं बस्तर जिले के मूल निवासी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के आधार पर आवेदकों का चयन किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता के प्राप्तांक एवं अनुभव के आधार पर कुल अंक 100 होंगे, अधिकतम 10 अंक अनुभव पर 90 अंकों की गणना निर्धारित शैक्षणिक अर्हता के प्राप्तांक के आधार पर की जाएगी। अनुभव की गणना प्रत्येक पूर्ण वर्ष के लिए 2 अंक होंगे, जो अधिकतम 10 अंकों तक देय होगा। अनुभव का लाभ शासकीय कार्य में नियुक्ति आदेश में लागू होगा। अभ्यर्थियों की आयु 01 जनवरी 2025 की स्थिति में 18 से 35 वर्ष के मध्य होना चाहिए। वर्गवार रिक्त पदों के अंतर्गत अनारक्षित वर्ग में 03 पद मुक्त एवं एक पद महिला के लिए, अनुसूचित जनजाति वर्ग में 07 पद मुक्त एवं 02 पद महिला हेतु तथा अन्य पिछड़ा वर्ग में 02 पद मुक्त के लिए निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी आवेदन सम्बन्धी पत्राचार कार्यालय सयुंक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं चांदनी चैक, जगदलपुर जिला- बस्तर ( छत्तीसगढ़ ) पिन 494001 के पते पर कर सकते हैं। भर्ती सम्बन्धी विस्तृत जानकारी बस्तर जिले की अधिकारिक वेबसाइट bastar.gov.in पर देखी जा सकती है।
बस्तर जिला को स्वर्ण और तोकापाल ब्लॉक को मिला कांस्य पदक
आकांक्षी जिला और ब्लॉक का संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह टाउन हॉल में आयोजित
जगदलपुर । आकांक्षी जिला और ब्लॉक का संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन शहर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में बुधवार को किया गया। कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डेय ने आकांक्षी जिला और आकांक्षी ब्लॉक संपूर्णता अभियान के लिए काम करने वाले सभी अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने स्वच्छता अभियान में सभी को सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में संपूर्णता अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विभाग स्वास्थ्य, शिक्षा, समग्र शिक्षा, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। आकांक्षी ब्लॉक तोकापाल विकासखंड को कांस्य पदक दिया गया जिसे सीईओ जनपद पंचायत के नेतृत्व में विकासखंड के अन्य अधिकारियों ने सामूहिक रूप से ग्रहण किया। बस्तर जिले को आगामी 2 अगस्त को रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में आकांक्षी जिला का राज्य स्तरीय गोल्ड पदक प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में कलेक्टर हरिस एस ने बताया कि नीति आयोग के द्वारा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखण्ड के अंतर्गत सम्पूर्णता अभियान 4 जुलाई से 30 सितम्बर 2024 संचालित किया गया था। जिसका मुख्य उददेश्य 6 सूचकांकों में सम्पूर्णता प्राप्त करना था। स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत 6 इंडिकेटर में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करना था। इस सम्पूर्णता अभियान के सफल संचालन के लिए सकारात्मक परिणाम के साथ हमने बस्तर जिले में महत्वपूर्ण चरण को पूरा किया है। इस अवधि मंे सभी 6 इंडिकेटर पर कार्य करते हुए ग्रामीण एवं अंदरूनी क्षेत्र मे लाभार्थियों को सेवा प्रदान किया गया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमलों ने गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, शिशु टीकाकरण, पोषण योजना से जोड़ने का काम किए। कृषि विभाग द्वारा स्वाईल हेल्थ कार्ड का समय पर जांच कर किसानों को जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकों का वितरण, बच्चों का नियमित स्कूलों में उपस्थिति सुनिश्चित किया गया। पंचायत विभाग ने कार्यो के क्रियान्वयन करवाने प्रमुख भूमिका निभाई। सभी विभागों के प्रयास से और जनभागीदारी से लक्ष्य को प्राप्त किया गया है और यह निरंतर जारी रहेगा। बस्तर जिला को आकांक्षी जिला के तहत् राज्य में गोल्ड तथा आकांक्षी ब्लाॅक के तहत तोकापाल को कांस्य पदक मिला है। कार्यक्रम में सभापति खेमसिंह देवांगन, जन प्रतिनिधि वेद प्रकाश पांडेय ने भी संबोधित किया। इसके अलावा एमआईसी के सदस्य, अन्य पार्षदगण, पंचायत पदाधिकारियों सहित उप संचालक पंचायत बीरेंद्र बहादुर, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल सहित अन्य अधिकारी और सम्मान प्राप्त कर रहे कर्मचारी उपस्थित थे।
सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी पद के लिए आवेदन 11 अगस्त तक
जगदलपुर । कार्यालय संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जगदलपुर के द्वारा बस्तर जिले के अंतर्गत पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों के रिक्त पदों पर एकमुश्त मासिक मानदेय के आधार पर भर्ती हेतु आवेदन पत्र मूल प्रमाण पत्रों की सत्यापित छायाप्रति सहित पंजीकृत डाक के माध्यम से 11 अगस्त तक आमंत्रित किए गए हैं।
उक्त पद के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता के तहत मान्यता प्राप्त संस्था से बायोलॉजी विषय में 12 वीं उत्तीर्ण एवं वेटनरी पॉलीटेक्निक डिप्लोमा होना चाहिए। इन पदों पर एक वर्ष के लिए मासिक मानदेय पर भर्ती किया जाएगा। कृत्रिम गर्भाधान कार्य में दक्षता एवं बस्तर जिले के मूल निवासी को प्राथमिकता दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव के आधार पर आवेदकों का चयन किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता के प्राप्तांक एवं अनुभव के आधार पर कुल अंक 100 होंगे अधिकतम 10 अंक अनुभव पर 90 अंकों की गणना निर्धारित शैक्षणिक अर्हता के प्राप्तांक के आधार पर की जाएगी।
अनुभव की गणना प्रत्येक पूर्ण वर्ष के लिए 2 अंक होंगे। जो अधिकतम 10 अंकों तक देय होगा। अनुभव का लाभ शासकीय कार्य में नियुक्ति आदेश में लागू होगा। अभ्यर्थियों की आयु 01 जनवरी 2025 की स्थिति में 18 से 35 वर्ष के मध्य होना चाहिए। चयन उपरांत अभ्यर्थी को उनके पदस्थापना स्थान में ही निवासरत होकर सेवा प्रदान किया जाना अनिवार्य होगा। उक्त नियुक्तियां कलेक्टर जिला बस्तर द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा, शासकीय नियंत्रण जिला स्तर पर संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जिला बस्तर होंगे। अभ्यर्थी आवेदन सम्बन्धी पत्राचार कार्यालय सयुंक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं चांदनी चैक, जगदलपुर जिला-बस्तर ( छत्तीसगढ़ ) पिन 494001 के पते पर कर सकते हैं। भर्ती से सम्बंधित विस्तृत जानकारी बस्तर जिले की अधिकारिक वेबसाइट bastar.gov.in पर देखी जा सकती है।
उद्यानिकी फसलों के लिए फसल बीमा आवेदन 31 जुलाई तक
जगदलपुर । खरीफ फसल सीजन वर्ष 2025-26 हेतु उद्यानिकी फसलों के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत बीमा करवाने हेतु इच्छुक कृषक 31 जुलाई तक अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। जिसके टमाटर, बैंगन, मिर्च, अदरक, केला, पपीता तथा अमरूद हेतु किसानों को न्यूनतम 5 प्रतिशत प्रीमियम राशि का भुगतान करना होगा और शेष प्रीमियम राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा दिया जाएगा।
टमाटर के लिए प्रति हेक्टेयर एक लाख 20 हजार रुपए की बीमित राशि है, जिसके लिए किसानों को मात्र 06 हजार रुपए का प्रीमियम देना होगा। बैंगन के लिए प्रति हेक्टेयर 77 हजार रुपए की बीमा राशि निर्धारित की गई है, जिसके लिए किसानों को प्रीमियम के तौर पर मात्र तीन हजार 850 रुपए का भुगतान करना होगा। मिर्च की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 68 हजार रुपए की बीमा राशि निर्धारित की गई है, जिसके लिए किसानों को प्रीमियम के तौर पर तीन हजार 400 भुगतान करना होगा। एड ऑन कवरेज हेतु प्रति हेक्टेयर 22 हजार रुपए निर्धारित की गई है, जिसके लिए 1100 रुपए का भुगतान और करना होगा।
अदरक की खेती के लिए एक लाख 50 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर बीमा राशि निर्धारित की गई है, जिसके लिए प्रीमियम की राशि 07 हजार 500 रुपए निर्धारित की गई है। केले की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 85 हजार रुपए बीमा राशि तथा 04 हजार 250 रुपए निर्धारित की गई है। एड ऑन के रूप में प्रति हेक्टेयर 80 हजार रुपए की बीमा राशि तथा 04 हजार रुपए की प्रीमियम राशि और निर्धारित की गई है। पपीते की खेती के लिए 87 हजार रुपए बीमा राशि तथा 04 हजार 350 रुपए प्रीमियम राशि निर्धारित की गई है। एड ऑन के रूप में प्रति हेक्टेयर 38 हजार रुपए बीमा राशि तथा एक हजार 900 रुपए प्रीमियम राशि निर्धारित की गई है। अमरूद की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 45 हजार रुपए बीमा राशि तथा 02 हजार 250 रुपए प्रीमियम राशि निर्धारित की गई है। बीमा कंपनियां 14 स्थानों पर स्थापित स्वचालित मौसम स्टेशनों से प्राप्त मौसम संबंधी आंकड़ों के आधार पर किसानों को बीमा दावा भुगतान करेंगी।
फसल बीमा योजनांतर्गत प्राकृतिक आपदाओं जैसे-कम वर्षा, अधिक वर्षा, बेमौसम वर्षा, कीट एवं व्याधि प्रकोप से अनुमानित उपज में कमी के आधार पर फसल क्षतिपूर्ति का लाभ दिया जाएगा। योजना अंतर्गत लगाए गए फसल का एक ही बार बीमा का लाभ प्राप्त कर सकता है। एक रकबे का एक से अधिक बार बीमा होने की स्थिति में बीमा कंपनी द्वारा ऐसे सभी दावों को निरस्त कर दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए बीमा कंपनी, संबंधित बैंक, स्थानीय उद्यानिकी विभाग के ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी अथवा सहायक संचालक उद्यानिकी जिला बस्तर के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। किसानों द्वारा टोल फ्री नंबर 1800-419-0344 पर भी संपर्क किया जा सकता है। यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचाने और उनकी आय में स्थिरता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
तीरथगढ़ मोटल को निजी संस्था को सौंपा, जल्द शुरू होगी पर्यटकों के लिए सुविधा
जगदलपुर । बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तीरथगढ़ जलप्रपात पर स्थित पर्यटन विभाग का वर्षों से बंद पड़ा मोटल अब 30 वर्षों के लिए एक निजी संस्था को लीज पर सौंपा गया है। बस्तर जिले में चित्रकोट की तर्ज पर तीरथगढ़ में भी दस साल पहले पर्यटकों के लिए ठहरने और भोजन की व्यवस्था को लेकर पर्यटन विभाग ने एक बहुप्रतीक्षित योजना बनाई थी। लेकिन निर्माण के दौरान ही यह भवन कुप्रबंधन, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हो गया। कई सालों से यह मोटल बंद पड़ा था और खंडहर में तब्दील होने की ओर अग्रसर था। अब पर्यटन विभाग ने इसे एक निजी संस्था को लीज पर देकर फिर से शुरू करने के निर्णय से बहुत जल्द ही यह मोटल आबाद हो सकेगा।
चित्रकोट की तर्ज पर पर्यटकों को सुविधाएं देने के उद्देश्य से तीरथगढ़ जलप्रपात पर स्थित पर्यटन विभाग ने एक मोटल बनाया गया था, लेकिन कुप्रबंधन और उदासीनता के चलते कभी सक्रिय नहीं हो सका। वर्तमान में मोटल में रिनोवेशन का कार्य जोरों पर है। भवन की मरम्मत के साथ-साथ परिसर में नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं, ताकि कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों को रात्रि विश्राम व भोजन की सुविधा मिल सके। स्थानीय ग्रामीण लिंगराज, हेमवती बघेल, पूर्णिमा का मानना है कि मोटल के चालू होने से न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अगर निजी संस्था इसे सही तरीके से चलाती है, तो यह कांगेर घाटी सहित तीरथगढ़ के पर्यटन को नई दिशा दे सकता है।
अंदरूनी क्षेत्र नागलसर में लगा शिविर, ग्रामीणों के स्वास्थ्य जांच सहित दी गई स्वास्थ्य शिक्षा
जगदलपुर। जगदलपुर विकासखण्ड अन्तर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानगुर के अधीन अंदरूनी वनग्राम नागलसर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गुरुवार एवं शुक्रवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक द्वारा स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकों और चिकित्सा दल को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएल दरियो, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएस टेकाम एवं स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान गांव के ग्रामीणों से भेंटकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई और उन्हें स्वच्छता एवं साफ-सफाई रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग, गर्म एवं ताजा भोजन का सेवन करने सहित बुखार-मलेरिया एवं उल्टी दस्त से पीड़ित होने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार करवाने संबंधी स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। इस मौके पर क्षेत्र के सेक्टर सुपरवाइजर शिव भंडारी ने बताया कि ग्राम नागलसर में सोमवार 21 जुलाई को डीएमओ, बीएमओ और सुपरवाइजर द्वारा विजिट किया गया था। इस ग्राम की कुल जनसंख्या 503 और घरों की संख्या 92 है जिसमें 80 घर और 400 की जनसंख्या को एमएमसी 12 के तहत कवर कर लिया गया है। गुरूवार को एमएमसी के दौरान रमेश पिता सुखमन 6 वर्ष भी मलेरिया से पीड़ित पाया गया था जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानगुर में रेफर किया गया। टीम द्वारा शुक्रवार को सर्वे करने पर 2 वर्षीय बालिका ममता पिता मांगेन भी मलेरिया से पीड़ित पाई गई, जिसे जांच के पश्चात तत्काल दवाई की खुराक दी गई। क्षेत्र के अन्य ग्राम मिलकुलवाड़ा, नागलसर एवं कोलावाड़ा में मलेरिया रोधी दवाई का छिड़काव भी पिछले माह किया जा चुका है।
मृतक बालक अमित नाग को शनिवार से हल्का बुखार था उनके माता-पिता के द्वारा ग्राम के सिरहा को दिखाया गया। सोमवार को मितानिन द्वारा जांच करने पर मलेरिया की पुष्टि हुई और सोमवार को ही प्रथम खुराक दी गई। इसके बाद मंगलवार को द्वितीय खुराक दिया गया एवं बुधवार की रात को उल्टी नहीं रुकने और तबीयत बिगड़ने पर मितानिन द्वारा रात 10 बजे एम्बुलेंस बुलवाकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल डिमरापाल ले जाया गया, जहां पर मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही बच्चे की मृत्यु हो गई। गांव के परिवारों के सभी सदस्यों की स्वास्थ्य जांच करने पर किसी भी परिवार के अन्य सदस्यों को बुखार या मलेरिया नहीं पाया गया। ग्राम नागलसर में तीन मितानिन हैं जो स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर एमएमसी 12 कार्यक्रम के तहत संपूर्ण ग्राम का मलेरिया जांच कर रही है। चिरायु टीम के द्वारा भी शुक्रवार को ग्राम के सभी स्कूल और हॉस्टल में बच्चों की जांच कर दवाई का वितरण किया गया। वर्तमान में उक्त ग्राम में आगामी एक सप्ताह तक स्वास्थ्य शिविर लगाकर क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखने की निर्देश सीएमएचओ द्वारा संबंधित चिकित्सकों सहित मैदानी अमले को दिए गए हैं।
आकलन शिविर में शामिल हुए दिव्यांगजन, एक माह बाद मिलेगा कृत्रिम अंग
जगदलपुर। कलेक्टर हरिस एस के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के द्वारा दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदाय करने हेतु (कृत्रिम हाथ एवं पैर ) निर्माण के लिए नाप लेने आकलन शिविर का आयोजन 25 जुलाई को अस्थि बाधितार्थ बालगृह आड़ावाल जगदलपुर में किया गया। जिसमें बस्तर जिले के विभिन्न क्षेत्रों सहित कांकेर जिले के भी दिव्यांगजनों सहित उनके परिजन सम्मिलित हुए।
उपसंचालक समाजकल्याण जगदलपुर ने बताया कि उक्त शिविर में कुल 62 दिव्यांगजनों ने अपने परिजनों के साथ उपस्थित होकर कृत्रिम हाथ व पैर निर्माण के लिए नाप दिलाकर सामग्री प्राप्त करने हेतु अपना पंजीयन करवाया है। इस हेतु सम्बंधित दिव्यांगजनों के परिजनों ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण करवाया है। इस दौरान उक्त सभी दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को दोपहर का भोजन भी उपलब्ध करायी गई। इन सभी दिव्यांगजनों को आगामी एक महीने के बाद शिविर आयोजित कर कृत्रिम हाथ व पैर प्रदान किया जाएगा।
आकलन शिविर में सीनियर पीएण्डओ जिला चिकित्सालय दन्तेवाडा अनिरूद्ध प्रसाद तथा उनके सहयोगियों द्वारा उक्त मानव सेवा के पुनीत कार्य में आवश्यक सहायता प्रदान किया गया। इसके साथ ही समाजकल्याण विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मैदानी कर्मचारियों ने आकलन शिविर में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इस मौके पर भेजापदर निवासी दिव्यांगजन अंनतराम, उपनपाल के कुंभकरण कश्यप, केशलुर निवासी कमलोचन, बाघमोहलई के सुमनराम आदि ने बताया कि ग्राम पंचायत के माध्यम से दी गई जानकारी के आधार पर इस शिविर में आए हैं, उन्होंने कृत्रिम पैर के लिए यहां पर माप करवाया है।
कांगेर घाटी में हिरण का शिकार करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
जगदलपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में हिरण के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। यह मामला 17 जुलाई को तीरथगढ़ बिट के कक्ष क्रमांक 165 में सामने आया था, जहां एक मृत हिरण के शरीर में तीर लगा पाया गया था।
यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर जगदलपुर से दरभा मार्ग के बीच पेदावाड़ा बैरियर के पास हुई थी। नियमित गश्त के दौरान परिक्षेत्र सहायक, बिट गार्ड और गश्ती दल को हिरण का शव मिला। मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विशेष जांच दल की त्वरित कार्रवाई
वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अज्ञात शिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच दल ने तीरथगढ़, पैदावाड़ा, दरभा और कोटमसर सहित आसपास के इलाकों में सुराग जुटाए। मुखबिर की सूचना पर तीरथगढ़ के पटेलपारा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीनों ने शिकार की बात स्वीकार की।
आरोपियों को भेजा गया जेल
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक संदीप बालगा और सहायक वन संरक्षक कमल नारायण तिवारी के निर्देशन में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वन विभाग ने दी कड़ी चेतावनी
निदेशक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गश्त, निगरानी और गुप्तचर तंत्र को सक्रिय किया गया है। अवैध शिकार की गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि वन्यप्राणियों के शिकार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
बस्तर में 'बिहान' से लखपति दीदी बनने की ओर अग्रसर महिलाएं
एकीकृत खेती और संबद्ध गतिविधियों से बढ़ रही आय
रायपुर, 20 जुलाई 2025

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के तहत राज्य में महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। बस्तर जिले में जगदलपुर, तोकापाल, लोहंडीगुड़ा और दरभा - इन चार विकासखंडों में चिन्हांकित 16 इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर्स के माध्यम से लगभग 4600 परिवारों को एकीकृत खेती और संबद्ध गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य समूह से जुड़ी महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनाना है, जिससे वे सालाना एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर सकें।
'बिहान' परियोजना के तहत, पारंपरिक खेती से हटकर उन्नत किस्म के बीजों और नई तकनीकों का उपयोग करके अधिक मात्रा में उत्पादन पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही, पौधों में होने वाले रोगों की रोकथाम के लिए भी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
सब्जी उत्पादन से आत्मनिर्भरता की राह
परियोजना के पहले चरण में, स्वसहायता समूह से जुड़ी 1800 से अधिक दीदियों ने अपने घरों के बाड़ी में 5 से 10 डिसमिल भूमि पर लतर वाली सब्जियों जैसे करेला, बरबटी, लौकी, तरोई और गिलकी का उत्पादन शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने मल्चिंग और मचान जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया है।
ग्राम कलचा के जयंती बघेल बिहान स्व सहायता समूह' की सदस्य हैं और लगभग 15 डिसमिल में सब्जी उत्पादन कर रही हैं। इसी तरह ग्राम नेगीगुड़ा की पद्मा बघेल 'रुपशिला स्व सहायता समूह' से जुड़ी हैं और 10 डिसमिल में सब्जी उगा रही हैं। ग्राम बीजापुट की चंपा बघेल 'जीवन ज्योति स्व सहायता समूह' की सदस्य हैं और 25 डिसमिल में, जबकि ग्राम करणपुर की हीरामणि 'दुलार देई स्व सहायता समूह' की सदस्य हैं और 5 डिसमिल में सब्जी उत्पादन कर रही हैं।
इस पहल से गांवों में सब्जियों का पर्याप्त उत्पादन हो रहा है, जिससे न केवल स्वयं के परिवार के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, बल्कि बाजार से सब्जी खरीदने पर होने वाले खर्च में भी कमी आ रही है। इस बचत राशि का उपयोग महिलाएं अपनी दैनिक आवश्यकताओं, बच्चों की पढ़ाई, संपत्ति निर्माण या नए व्यवसाय में कर सकती हैं।
इसके अलावा, अतिरिक्त सब्जी को स्थानीय बाजारों और छोटी मंडियों में बेचकर महिलाएं अपनी आय बढ़ा रही हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।g भविष्य में, बस्तर में उत्पादित सब्जियों की मांग के अनुरूप जिले के बाहर भी इनकी आपूर्ति की योजना है।
एक सदस्य, कई आजीविका गतिविधियां
'बिहान' परियोजना का लक्ष्य एक सदस्य को तीन से चार आजीविका गतिविधियों से जोड़ना है। इसमें सब्जी उत्पादन के अलावा मक्का, पशुपालन (मुर्गी, बकरी), वनोपज (इमली प्रसंस्करण), मछली पालन और लघु धान्य उत्पादन जैसी संबद्ध गतिविधियां भी शामिल हैं, जो महिलाओं की आय वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
'बिहान' की यह पहल बस्तर की ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे सही मायने में 'लखपति दीदी' बन सकेंगी।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में घायल हिरण की मौत
जगदलपुर। बस्तर के कांगेर वैली (कांगेरघाटी) राष्ट्रीय उद्यान से एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। सोमवार दोपहर पेदावाड़ा चौक के पास एक तीर से घायल हिरण भागते हुए नेशनल हाईवे-30 तक आ पहुंचा और वहीं गिर पड़ा। राहगीरों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, लेकिन जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक हिरण तड़पते हुए दम तोड़ चुका था। यह घटना न केवल जंगल क्षेत्र की संवेदनशीलता को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अब शिकारियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे हाईवे किनारे तक अपने मंसूबों को अंजाम देने से नहीं चूक रहे।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के एसडीओ कमल तिवारी ने बताया कि मृत हिरण के शरीर में तीर गड़ा मिला है, जिससे यह स्पष्ट है कि उस पर शिकार की कोशिश की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद हिरण का विधिवत अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं अज्ञात शिकारियों की तलाश शुरू कर दी गई है। वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे गश्त और निगरानी के दावों पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। हाईवे से सटे जंगलों में वन्यजीव सबसे ज्यादा खतरे में हैं और ऐसी घटनाएं इस ओर इशारा करती हैं कि शिकारी अब जंगलों तक ही सीमित नहीं रह गए हैं।
तेज रफ्तार कार पुल से टकराई, दो महिलाओं की हुई मौत
जगदलपुर। कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सारबेड़ा के पास गुरुवार की शाम एक तेज रफ्तार कार पुल से जा टकराई, इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सीट बेल्ट खुल जाने की वजह से एक की जान बच गई, घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पीएम के लिए भिजवा दिया। वहीं बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के दौरान यह हादसा हुआ है।
हादसे में चालक भी घायल हो गया था, जिसे बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फरसगांव में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि फरसगांव थाना क्षेत्र के सारबेड़ा के पास गुरुवार की शाम को तीन लोग, जिसमें दो महिलाएं व एक युवक रायपुर से कोंडागांव के लिए आ रहे थे। रास्ते में कार चालक को अचानक से झपकी आ गई और गाड़ी पुल से जा टकराई, इस हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में कोंडागांव के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष जैनेंद्र ठाकुर की पत्नी और शर्मिला सरकार शामिल हैं, जो नगर पालिका परिषद कोंडागांव की कर्मचारी थीं। कार के पुल से टकराते ही दोनों महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चालक की ओर का एयर बैग खुल जाने की वजह से चालक बच गया। कार शर्मिला सरकार का बेटा ही चला रहा था, घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए नेशनल हाइवे-30 पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने जल्द ही बहाल कर दिया।
बस्तर में जापानी बुखार का कहर: 2 बच्चों की मौत, 19 मामले, प्रशासन अलर्ट
जगदलपुर । छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) का खतरा एक बार फिर गहराने लगा है। 2025 के शुरुआती साढ़े छह महीनों में 19 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें दो बच्चों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक 13 केस बस्तर जिले, 3 बीजापुर, और 3 अन्य जिलों से मिले हैं। लोहांडीगुड़ा और केसलूर क्षेत्रों में हुई मौतों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
बच्चों पर सबसे ज्यादा असर
यह वायरल बीमारी 1 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों को तेजी से प्रभावित करती है। सीएमओ डॉ. बसाक के अनुसार, JE मस्तिष्क में सूजन पैदा करता है, जिससे बुखार, उल्टी, दौरे और बेहोशी जैसे लक्षण नजर आते हैं। यह बीमारी कई बार स्थायी विकलांगता या मौत का कारण भी बन सकती है।
मच्छरों से फैलता संक्रमण
JE वायरस कुलेक्स मच्छरों से फैलता है, जो खेतों, गड्ढों और जलभराव वाले क्षेत्रों में पनपते हैं। बस्तर जैसे वन और ग्रामीण क्षेत्र इस संक्रमण के लिए संवेदनशील हैं। मानसून के आते ही जोखिम कई गुना बढ़ गया है।
इलाज की सुविधा डिमरापाल अस्पताल में
बस्तर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में जापानी बुखार की जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरनाशक दवाओं का छिड़काव, मच्छरदानी वितरण और ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान तेज कर दिए हैं।
प्रशासन और स्वास्थ्य अमला अलर्ट पर
बस्तर प्रशासन ने JE को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य टीमें तैनात की गई हैं। गांव-गांव जाकर लोगों को साफ-सफाई, मच्छरों से बचाव और शुरुआती लक्षणों की पहचान के बारे में बताया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चों में बुखार, सिरदर्द, सुस्ती, उल्टी या दौरे जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए जल्द इलाज जरूरी है।
कृषक उन्नति योजना से किसानों को मिलेगी आदान सहायता
दलहन-तिलहन और लघु धान्य फसलों सहित मक्का एवं कपास की खेती को मिलेगा बढ़ावा
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जिसे धान का कटोरा कहा जाता है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के किसानों के कल्याण के साथ ही प्रदेश में विभिन्न कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने का कार्य भी कर रही है। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को दलहन-तिलहन और लघु धान्य फसलों के साथ ही मक्का एवं कपास की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्रति एकड़ दस हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान किया जाएगा।
राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना का फायदा धान के अलावा दलहन, तिलहन, मक्का, लघु धान्य फसल कोदो-कुटकी एवं रागी और कपास की फसल लेने वाले किसानों को भी मिलेगा। उन्हें प्रति एकड़ दस हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। राज्य शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग ने योजना के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कृषि विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य का अधिकांश क्षेत्र वर्षा आधारित होने से मौसमीय प्रतिकूलता एवं कृषि आदान लागत में वृद्धि के कारण कृषि आय में अनिश्चितता बनी रहती है। इनके कारण किसान फसल उत्पादन के लिए आवश्यक आदान जैसे उन्नत बीज, उर्वरक, कीटनाशक, यांत्रिकीकरण एवं नवीन कृषि तकनीकी में पर्याप्त निवेश नहीं कर पाते हैं।
राज्य सरकार द्वारा कृषि में पर्याप्त निवेश एवं काश्त लागत में राहत देने के लिए कृषक उन्नति योजना प्रारंभ की गई है। राज्य शासन ने फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन देने, दलहन व तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार तथा इनके उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य के साथ चिन्हित अन्य फसलों पर आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। कृषक उन्नति योजना का लाभ केवल उन्ही कृषकों को मिलेगा जिन्होने एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन कराया है। विगत खरीफ मौसम में एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीकृत ऐसे कृषक जिन्होंने धान की फसल ली है तथा प्रदेश की सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया है, ऐसे किसानों द्वारा धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल के लिए किसान पोर्टल में पंजीयन तथा गिरदावरी में रकबे की पुष्टि के उपरांत मान्य रकबे पर 11 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। खरीफ सीज़न में दलहन, तिलहन, मक्का, लघु धान्य फसल कोदो-कुटकी एवं रागी और कपास उगाने वाले किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन तथा गिरदावरी में रकबे की पुष्टि उपरान्त मान्य रकबे पर दस हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता प्रदान की जाएगी।
कृषक उन्नति योजना के नवीन दिशा-निर्देशों के अनुसार विधिक व्यक्तियों जैसे ट्रस्ट, मण्डल, प्राइवेट लिमिटेड, समिति, केन्द्र एवं राज्य शासन की संस्था, महाविद्यालय आदि संस्थाओं को योजना से लाभ लेने की पात्रता नहीं होगी। जो कृषक प्रमाणित धान बीज उत्पादन कार्यक्रम लेते हैं, और सामान्य धान भी सहकारी समितियों में विक्रय करते है, उनके द्वारा कुल विक्रय की जाने वाली धान की मात्रा, उनके कुल धारित रकबे की सीमा से अधिक नहीं होना चाहिए। इसे छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित एवं छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड द्वारा आपसी समन्वय से सुनिश्चित किया जाएगा। कृषकों को आदान सहायता राशि का भुगतान कृषि भूमि सीलिंग कानून के प्रावधानों के अध्याधीन किया जाएगा। कृषकों को आदान सहायता राशि उनके बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से की जाएगी। खरीफ सीजन-2025 में प्रदेश के किसानों से उपार्जित धान की मात्रा पर धान (कॉमन) पर 731 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 15 हजार 351 रुपए प्रति एकड़ तथा धान (ग्रेड-ए) पर 711 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 14 हजार 931 रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
बीज उत्पादक किसानों द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड को विक्रय किए गए धान बीज पर निर्धारित आदान सहायता राशि की कृषकवार मांग का विवरण बीज निगम द्वारा संचालक कृषि को प्रेषित किया जाएगा। योजना के बारे में अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या कृषि विभाग के विकासखण्ड मुख्यालयों में स्थित कार्यालयों से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। छत्तीसगढ़ सरकार का यह प्रयास धान के साथ ही अन्य फसलों को बढ़ावा देने की दिशा में मील का एक पत्थर साबित होगा।
जल संसाधन विभाग के अंतर्गत उप अभियंता भर्ती परीक्षा 20 को
तीन महाविद्यालयों को बनाया गया है परीक्षा केंद्र
जगदलपुर । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जल संसाधन विभाग के अंतर्गत उप अभियंता सिविल एवं उप अभियंता भर्ती परीक्षा (डब्ल्यूआरएसई 25) 20 जुलाई 2025 रविवार को समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के लिए 3 केंद्र बनाए गए है जो कि परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1701 शासकीय काकतीय पी.जी. कालेज, धरमपुरा नं. 02 जगदलपुर , क्रमांक 1702 शासकीय दन्तेश्वरी पी.जी. महाविद्यालय शांति नगर जगदलपुर , क्रमांक 1703 शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, धरमपुरा नं. 03 जगदलपुर में आयोजित किया जा रहा है ।
परीक्षा में समस्त परीक्षार्थी वर्तमान वर्ष का प्रवेश पत्र लेकर आना अनिवार्य है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर मायानन्द चन्द्रा 9926759295, प्राचार्य शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं समन्वयक डॉ. अनिल श्रीवास्तव 9827491253 और सहायक समन्वयक डॉ. अजय सिह ठाकुर 7000974126 को बनाया गया है ।
खड़ी ट्रक से टकराई बस, ड्राइवर-हेल्पर की मौत
बस्तर। जिले में सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर आ रही मनीष ट्रेवल्स की यात्री बस बस्तर थाना क्षेत्र में माजीसा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस के ड्राइवर और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे, जो अधिकतर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ड्राइवर बस में ही बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल करना पड़ा।
घटना की सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को बस से निकालकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल बाकी यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।