छत्तीसगढ़ / बस्तर
12वीं में तीन अंक कम आने पर छात्रा ने लगाई फांसी
जगदलपुर ,जगदलपुर शहर के निर्मल स्कूल की एक छात्रा ने सीबीएसई की 12वीं परीक्षा में सिर्फ तीन अंक कम आने पर अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के द्वारा उठाये गए कदम से परिवार के लोग सदमे में आ गए। वहीं घटना की जानकारी लगते ही बोधघाट पुलिस भी मौके पर आ पहुंची। छात्रा के शव को पीएम के लिए ले जाया गया है।
बता दें कि शहर के निर्मल स्कूल में पढ़ने वाली हर्षिता सोनी 12वीं कक्षा में कामर्स की छात्रा थी। सोमवार की सुबह जब रिजल्ट घोषित किया गया तो हर्षिता ने भी अपना रिजल्ट देखा, जहां उसकी उम्मीद से तीन अंक कम आए। 3 अंक कम आने पर वह दुखी हो गई। परिजनों ने बताया कि नंबर कम आने की वजह से बेटी परेशान हो गई। फिर अपने कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी लगते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जहां शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एलईडी वेन के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार
जगदलपुर । राज्य शासन के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के चिन्हित रूट चार्ट के अनुसार हाट-बाजारों और ग्राम पंचायतों में एलईडी वेन तथा कला जत्था के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में कला जत्था दल के कलाकारों द्वारा अपनी रोचक प्रस्तुति के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके अंतर्गत अब तक जिले के बस्तर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत केशरपाल, भानपुरी, देवड़ा, रेटावंड एवं लामकेर सहित नगर पंचायत बस्तर और विकासखण्ड दरभा के ग्राम पंचायत चिंगीतराई में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया है। कला जत्था दल के माध्यम से ग्रामीणों को महतारी वंदन योजना, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, रामलला दर्शन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन, आयुष्मान योजना सहित शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। कला जत्था दल द्वारा इन योजनाओं पर आधारित संदेशपरक गीत, नाटक एवं प्रहसन के जरिए ग्रामीणों को अवगत कराया जा रहा है। वहीं एलईडी वेन के माध्यम से योजनाओं पर केंद्रित चलचित्र का प्रदर्शन कर ग्रामीणों को जानकारी दी जा रही है। जिसे ग्रामीणजन तन्मयता के साथ देखकर योजनाओं की जानकारी से अवगत हो रहे हैं।
जगदलपुर के 3 केन्द्रों में पीईटी-पीपीएचटी परीक्षा 13 को
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल ने 13 जून को प्रातः 9 बजे से अपरान्ह 12.15 बजे तक प्रथम पाली में पीईटी परीक्षा तथा अपरान्ह 2 बजे से सांयकाल 5.15 बजे तक द्वितीय पाली में पीपीएचटी परीक्षा का आयोजन किया है।
दोनों प्रवेश परीक्षा जगदलपुर स्थित 3 केन्द्रों पर दो पाली में होगी। जिसके तहत परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1701 शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा नम्बर 02 जगदलपुर में प्रथम एवं द्वितीय पाली में क्रमशः 400-400 परीक्षार्थी, परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1702 शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय धरमपुरा नम्बर 03 में प्रथम पाली में 147 तथा द्वितीय पाली में 400 परीक्षार्थी और परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1703 शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल क्रमांक-1 जगदलपुर में केवल द्वितीय पाली में 315 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
नोडल अधिकारी व्यावसायिक परीक्षा द्वारा अवगत कराया गया है कि इन दोनों परीक्षा हेतु अभ्यर्थियों को वर्तमान वर्ष का प्रवेश पत्र लेकर आना अनिवार्य है। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर नीतिश वर्मा मोबाइल नंबर 75872-93201 को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ : इस मंदिर को कहा जाता है बस्तर का रामेश्वर, भगवान राम ने की थी शिवलिंग की स्थापना
बस्तर जिला मुख्यालय से 18 किमी दूर रामपाल गांव में एक शिवालय हैं
जगदलपुर : इस मंदिर को लेकर कि वदंती है कि जब भगवान वनवास काल के दौरान यहां पहुंचे तो उन्होंने यहां शिवलिंग की स्थापना कर पूजा- अर्चना की थी। कहा जाता है कि मंदिर के जिस शिवलिंग की वर्तमान में पूजा की जा रही है वह भगवान राम के हाथों स्थापित है। इस मंदिर को बस्तर का रामेश्वर भी कहा जाता है। दक्षिण प्रवेश से पहले प्रभु राम ने रामपाल के बाद सुकमा जिले के रामाराम के चिटपिट्टीन माता मंदिर आराधना की थी। रामपाल का शिवलिंग रामायणकालीन होने की पुष्टि विद्वानों ने और शोध संस्थानों ने की है।
ग्रामीण कहते हैं कि इस मंदिर से भगवान राम का सीधा संबंध है, क्योंकि मंदिर का शिवलिंग 30 फीट ऊंचा है। बाहर 5 फीट का हिस्सा दिखता है, बाकी जमीन में है। ऐसा शिवलिंग रामायणकालीन ही हो.. सकता है। इस स्थान के विकास से सरकार जुड़े तो गांव के साथ ही पूरे बस्तर का विकास होगा और यह स्थान छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र में छा जाएगा। वर्तमान में जब अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा हो रही है तो एक बार इस मंदिर को लेकर चर्चा बढ़ गई है।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का अंतिम रिहर्सल
जगदलपुर । स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों के लिए अंतिम रिहर्सल लालबाग मैदान में किया गया। मुख्य अतिथि की भूमिका में अपर कलेक्टर सीपी बघेल रहे, उन्होंने परेड की सलामी ली। साथ में कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने भी परेड की सलामी ली।
कलेक्टर विजय ने तैयारियों का जायजा लेकर समय पर सभी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस परेड का नेतृत्व डीएसपी दीपमाला कुर्रे, सेकंड कमांड डोमेन्द्र सिन्हा कर रहें है। परेड में 15 टुकडियां शामिल हो रही है जिसमें सीआरपीएफ बस्तरिया बटालियन, सीआरपीएफ 80 बटालियन, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, 19वीं पोखरण वाहिनी, जिला बल पुलिस, वन विभाग, नगर सेना, जिला बल, एनसीसी और स्काउट गाइड के जवान है।
जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे। रिहर्सल में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, आयुक्त नगर निगम हरेश मंडावी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल योगेश देवांगन, एसडीएम भरत कौशिक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
वन अपराध में लिप्त सात वाहन राजसात
रायपुर : वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर राज्य में वन्य अपराध में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में वन विभाग बस्तर वनमण्डल द्वारा अलग-अलग परिक्षेत्रों में लकड़ी के अवैध परिवहन में संलिप्त विभिन्न प्रकार के 07 वाहनों को राजसात किया गया है। राजसात की कार्यवाही की विधिवत सुनवाई उपरान्त प्राधिकृत अधिकारी एवं उप वनमण्डलाधिकारी जगदलपुर द्वारा शासन के पक्ष में राजसात करने संबंधी आदेश पारित किया गया। राजसात किये गये वाहनों में 01 मोटर सायकल, 02 पिकअप वाहन, 01 बोलेरो वाहन, 01 स्कार्पियो वाहन, 01 तवेरा वाहन एवं 01 इनोवा वाहन शामिल हैं, जो कि अवैध रूप से कुल 3.245 घन मीटर काष्ठ परिवहन में संलिप्त पाये गये। उक्त सभी वाहन 30 दिवस की अपील अवधि में वाहन मालिकों द्वारा अपील नहीं किये जाने के कारण अंतिम रूप से शासन के पक्ष में राजसात किये गये। यह कार्यवाही भारतीय वन अधिनियम 1927 एवं छत्तीसगढ़ वनोपज व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की विभिन्न धाराओं के तहत की गयी।
उप वनमण्डलाधिकारी जगदलपुर श्री देवलाल दुग्गा ने बताया कि वन अपराध में संलिप्त वाहनों के राजसात की कार्यवाही करने से लकड़ी तस्करों में हड़कम्प मचा हुआ है। हमारे वन अमला द्वारा वन प्रबंधन समितियों के माध्यम से वन अपराध की रोकथाम हेतु लोगों को जागरूक किया जाता है। साथ ही वन अपराध की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में मुखबीर रखे गये हैं, जो वन अपराधों की सूचना तत्काल वनकर्मी को देते हैं, ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गोपनीयता रखते हुए विभाग में निर्धारित पुरस्कार राशि दिये जाने का प्रावधान है।
बस्तर वनमण्डल के वनमण्डलाधिकारी श्री उत्तम कुमार गुप्ता ने बताया कि वनमंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार एवं मुख्य वन संरक्षक श्री आर.सी. दुग्गा के मार्गदर्शन में वन एवं वन्यप्राणी अपराधों में लिप्त आरोपियों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। अधीनस्थ वन अमला को वन अपराध में लिप्त आरोपियों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं साथ ही समस्त उप वनमण्डलाधिकारियों को वन अपराध में लिप्त वाहनों को विधि अनुसार त्वरित कार्यवाही करते हुए राजसात करने की कार्यवाही के निर्देश दिये गये हैं।
छोटे भाई ने की थी माँ और बड़े भाई की हत्या, पुलिस ने किया डबल मर्डर का खुलासा
जगदलपुर । जगदलपुर में हुए डबल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शहर के रिहायशी इलाके में हुए डबल मर्डर का पुलिस ने 24 घंटों के अंदर खुलासा किया। बताया जा रहा है कि, छोटे बेटे ने ही अपनी मां और बड़े भाई की हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई की रात सूने मकान में मां-बेटे की हत्या हो गई। जबकि, छोटा बेटा नितेश गंभीर रूप से घायल मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
जांच में पता चला कि, घायल नितेश ने ही अपनी मां और बड़े भाई की हत्या की है। बताया जा रहा है कि, नितेश पैसों को लेकर परेशान था। हत्या वाली रात दोनों भाई में इसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। झगड़े के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई पर पत्थर से हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए आई मां पर भी उसने हमला कर दिया। इसके बाद दोनों का रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और घटनाक्रम को ऐसा दिखाया जैसे कि, हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया हो। फिलहाल पुलिस ने आरोपी नितेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि, मृतका गायत्री गुप्ता (50 वर्ष) अनुपमा चौक के पास अपने दो बेटों नीलेश गुप्ता (32 वर्ष) और नितेश गुप्ता (29 वर्ष) के साथ रहती थी। गुरुवार की सुबह जब पड़ोसियों ने घर खुला देखा तो पता करने के लिए अंदर गए। जहां उन्हें खून से लथपथ मां-बेटे की लाशें मिली। वहीं, दूसरे कमरे में बेटा नितेश गंभीर रूप से घायल मिला था।
नक्सलियों द्वारा बिछाए आईईडी में पैर गवाने वाले नक्सल पीड़ितों को मिला कृत्रिम पैर का सम्बल
आभार जताने अपने कृत्रिम पैर से चलकर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निवास पहुंचे नक्सल पीड़ित
रायपुर : वनोपज संग्रहण या खेती कार्य जैसे अपनी दैनिक जीवनचर्या के बीच जंगलों के रास्ते गुजरते समय नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी बमों में ब्लास्ट की अलग-अलग घटनाओं में अपना पैर गंवाकर अपाहिज की दर्दभरी जिंदगी जी रहे बस्तर के ग्रामीणों को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश व उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर कृत्रिम पैर का संबल मिल रहा है। पहले चरण में नक्सल हिंसा प्रभावित ऐसे 6 लोगों को फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर समाज कल्याण परिसर माना कैंप रायपुर में कृत्रिम पैर लगाकर चलने की ट्रेनिंग दी गई। आईईडी ब्लास्ट में पैर खोने के बाद से चलने फिरने के लिए दूसरों पर निर्भर हो गए ये लोग अब कृत्रिम पैर पाकर इतने उत्साहित हैं कि खुद अपने पैरों से चलकर आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निवास अपनी खुशी व्यक्त करने पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि बस्तर क्षेत्र के लगभग 70 नक्सल पीड़ितों ने बस्तर शांति समिति की पहल पर विगत सितंबर माह में दिल्ली जाकर जंतर मंतर में प्रदर्शन करने के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह तथा राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें आप बीती बताते हुए बस्तर में शांति की गुहार लगाई थी। वहीं दिल्ली से लौटकर वे आए तो उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने निवास कार्यालय में एक-एक पीड़ितों से बात कर उनका हालचाल जाना था और उनका हौसला बढ़ाया था और आईईडी ब्लास्ट में पैर गवा चुके पीड़ितों के कृत्रिम पैर लगवाने के निर्देश दिए थे।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार आईईडी ब्लास्ट में अपने अंग खोने वाले ग्रामीणों का समाज कल्याण विभाग के सहयोग से ऐसे नक्सल हिंसा पीड़ितों को कृत्रिम अंग लगाने की शुरुआत हो गई है। कृत्रिम पैर लगाने के लिए बस्तर से 9 नक्सल पीड़ित का आना तय हुआ था, किंतु व्यक्तिगत कारणों से 3 पीड़ित अभी नहीं पहुंच पाए। इस प्रकार 6 नक्सल पीड़ित गुड्डू लेकाम बीजापुर, अवलम मारा बीजापुर, सुक्की मड़कम सुकमा, सोमली खत्री बीजापुर, खैरकम जोगा बीजापुर, राजाराम बीजापुर को फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर समाज कल्याण परिसर माना कैंप रायपुर में कृत्रिम पैर लगाए गए।
कृत्रिम पैर लगने के बाद इनकी जिंदगी एक नई करवट ले रही है। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा के निवास पहुंचे इन नक्सल पीड़ितों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे अच्छा महसूस कर रहे हैं। कदम-कदम पर किसी और के सहारे की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिंदगी में अब आगे बढ़ने और कुछ हासिल करने की सोच सकते हैं। हालांकि नक्सलियों ने जो छीना है उसकी भरपाई नहीं हो सकती। लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता से उन्हें कृत्रिम पैर सुलभ होने के साथ जीवन में नया उत्साह आया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया।
बस्तर में डबल मर्डर, मां और बेटे की बेरहमी से हत्या
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के बीचों बीच एक सूने घर में डबल मर्डर हुआ है. जिसमें मां और उसके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. वहीं परिवार के एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है. जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. हत्याकांड की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गए हैं. वहीं बस्तर एसपी ने मौके पर मोर्चा संभाल लिया है. यह घटना धरमपुरा रोड अनुपमा चौक के पास की है.
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अनुपमा चौक निवासी गायत्री गुप्ता (50 वर्ष) अपने दो बेटों नीलेश गुप्ता (32 वर्ष) और नितेश गुप्ता (29 वर्ष) के साथ रहती थीं. वह घर के सामने छोटी सी दुकान चलाती थीं. तीनों बीती रात शादी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. करीब 11 बजे घर वापस लौटने के बाद रात को जब तीनों सोए हुए थे, तब अज्ञात हमलावरों ने पीछे दरवाजे से घर में घुसकर तीनों पर एक के बाद एक हमला कर दिया. इसमें मां और बड़े बेटे की तो मौके पर ही मौत हो गई, आरोपियों ने दूसरे बेटे नितेश को बंधक बनाकर उस पर ब्लेड से हमला कर दिया और उसे बाथरूम के पास मृत अवस्था में छोड़ दिया. इस खूनीखेल खेल के बाद आरोपी फरार हो गए.
ब्लॉक कांग्रेस किरंदुल ने एडीआरएम ईस्ट कॉस्ट रेलवे को सौंपा ज्ञापन कई ज्वलंत मुद्दों को लेकर घेरा रेलवे को
किरंदुल. ईस्ट कॉस्ट रेलवे के एडीआरएम का किरंदुल दौरा था, विगत कई दिनों से किरंदुल में हो रही भारी बारिश के चलते रेलवे कॉलोनी भी पूरी तरह जलमग्न हो गई है जिससे स्थानीय रहवासियों में काफ़ी रोस था जो एडीआरएम के सामने देखने को मिला सालों से रेलवे की नालियो की सफ़ाई ना होने के कारण पानी सड़को से होता हुआ लोगो के घरों में घुस रहा है इसलिए ब्लॉक कांग्रेस किरंदुल ने बबलू सिद्दीक़ी और राजू रेड्डी के नेतृत्व में एडीआरएम को स्टेशन में रोककर ज्ञापन दिया और अविलंब सभी माँगो को पूरी करने को कहा ।
आम जनता को आवागमन हो रही परेशानी किरंदुल कि गौरवपथ गड्ढों में तब्दील !
किरंदुल। लौह नगरी किरंदूल में भारी अतिवृष्टि के चलते किरंदुल वासियों की जन जीवन काफी प्रभावित हो रहा जिसके चलते उन्हें अपनी घर द्वार छोड़कर मंगल
भवन में रहने को आज भी मजबूर हैं. वही लोगो के चलने के लिए बनाई गई 12 करोड़ की लागत से निर्मित गौरवपथ जिसकी कुल लम्बाई 2 की मी हैं आज वह मुख्य
सड़क अपनी अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही हैं अभी त्योहारो समय हैं लोगो की आवाजाही और बढ़ गई हैं गौरवपथ पर बनी इन बड़े बड़े गड्ढों के चलते आवाजाही मे
काफ़ी दिक्क़तो का सामना करना पड़ रहा हैं नगर के विभिन्न जगहों मे भगवान गणेश की स्थापना की गई हैं इस दौरान ग्याराह दिन को भगवान गणेश जी को इन्ही
बड़े-बड़े गड्ढों से होकर विसर्जन के लिये तालाब को जाना पड़ेगा लेकिन इस ओर ध्यान देने वाला कोई नहीं हैं ? यह गौरवपथ बनकर महज डेढ़ से दो साल हो रहा हैं
लेकिन आज इस गौरवपथ में बड़े बड़े गड्डे बन गये हैं जो किसी बड़ी सड़क दुर्घटना को आमंत्रण दे रही हैं.
कैंडिडेट, सियासत और जीत का दावाः PCC चीफ बैज का BJP पर हमला, बोले- बीजेपी ने हारे प्रत्याशियों को टिकट देकर कांग्रेस की जीत पक्की कर दी…
बस्तर. छत्तीसगढ़ विधानसभा के तारीखों के ऐलान होते ही चंद घंटों में बीजेपी ने अपनी 64 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. ऐसे में अब कुल 90 में से 85 कैंडिडेट तय हो चुके हैं, जो विधानसभा चुनाव लड़ने वाले हैं. केवल 5 सीट ही ऐसी है जहां प्रत्याशियों की घोषणा करना बाकी है. वहीं अब पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बीजेपी के प्रत्याशियों की सूची पर हमला बोला है. बैज ने कहा, भारतीय जनता पार्टी ने हारे हुए प्रत्याशियों को एक बार फिर टिकट देकर कांग्रेस की जीत पक्की कर दी है.
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की खेल महोत्सव 2024-25 अन्तर्गत दो दिवसीय संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता सम्पन्न
बस्तर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीता ओव्हरऑल चैंपियनशिप का खिताब
लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत एवं लगन से आगे बढ़ें-सांसद श्री महेश कश्यप
स्पर्धा में हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना सबसे बड़ी उपलब्धि- विधायक श्री किरणदेव
जगदलपुर : हार-जीत स्पर्धा का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन जो असफल होकर अपने दक्षता में सुधार कर भविष्य में श्रेष्ठतम प्रदर्शन के द्वारा परचम लहराता है वह ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसलिए किसी भी खिलाड़ी को असफलता से निराश नहीं होना चाहिए और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। यह बात सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप ने धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता समापन समारोह को मुख्य आतिथ्य की आसंदी से सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह उम्र दिशा तय करने का है, इसलिए अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत एवं लगन से आगे बढ़ें। इस संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बस्तर जिले की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ओव्हरऑल चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक जगदलपुर श्री किरणदेव ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में जीत-हार से भी बड़ी उपलब्धि स्पर्धा में शामिल होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है और इसमें भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी बधाई के हकदार हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्तर अब तेजी से बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है। यहां की प्रतिभाएं अब खेलकूद सहित हर क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित कर रहे हैं। भविष्य में और ज्यादा मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन से अपनी दक्षता सिद्ध करें। इस अवसर पर विजयी खिलाड़ियों तथा टीमों को मैडल, ट्रॉफी तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। वहीं अन्य प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही टीमों के प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं खेल प्रशिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस दौरान महापौर श्रीमती सफीरा साहू तथा अन्य जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राओं के अलावा खेलप्रेमी गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
PCC चीफ ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- राम के नाम पर मांगती वोट है महंगाई और बेरोजगारी को नहीं बनाती मुद्दा
जगदलपुर. पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने हसदेव मामले में एक बार फिर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. दीपक बैज ने जगदलपुर में बयान देते हुए कहा कि, आदिवासी चेहरा आगे कर भारतीय जनता पार्टी दिल्ली से प्रदेश में रिमोट कंट्रोल के जरिए सरकार चल रही है.
दीपक बैज ने केंद्र की मोदी सरकार पर कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार को ईडी और आईटी के जरिए बदनाम करने का आरोप भी लगाया. साथ ही कहा कि, भाजपा राम के नाम पर वोट मांगती है. भाजपा महंगाई और बेरोजगारी को मुद्दा नहीं बनाती.
बारिश से जगदलपुर का पारा 12 डिग्री गिरा
रायपुर । बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से मंगलवार को प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल गया है। विशेषकर जगदलपुर में हुई झमाझम बारिश के चलते वहां का अधिकतम तापमान 12 डिग्री गिर गया। मंगलवार सुबह से ही बादल छाने के साथ ही प्रदेश भर में ठंडी हवाएं भी चली। हालांकि दोपहर के वक्त तेज धूप भी निकल गई और इसके चलते उमस व गर्मी बढ़ी, लेकिन देर शाम फिर से मौसम का मिजाज बदल गया और रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चली। बारिश व ठंडी हवाओं ने अधिकतम तापमान में गिरावट ला दी है। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री दर्ज किया गया,जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। साथ ही पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा,जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। दुर्ग का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया,जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रहेगा, उसके बाद ही मौसम का रुख बदलेगा। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से मौसम में ठंडकता भी बढ़ेगी और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को वृहद राजस्व पखवाड़ा के प्रचार-प्रसार हेतु चयनित स्थलमुनादि करवाने के निर्देश
जगदलपुर । कलेक्टर विजय दयाराम के. ने राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिले के तहसीलों में राजस्व पखवाड़ा आयोजन के लिए शेड्यूल जारी किया है।
शेड्यूल के अनुसार 8 जुलाई को नानगुर तहसील के पुसपाल में, 09 जुलाई बास्तानार तहसील के मुतनपाल में, 16 जुलाई को कोड़ेनार, 10 जुलाई को भानपुरी तहसील के मुण्डागांव में , 11 जुलाई को तोकापाल तहसील के एर्राकोट में, 12 जुलाई को लोहण्डीगुडा तहसील के मारडूम और 19 जुलाई को अलनार में, 13 जुलाई को दरभा तहसील के केशापुर और 20 जुलाई को कोलेंग, 15 जुलाई को बस्तर तहसील के ईच्छापुर में, 16 जुलाई को बकावण्ड तहसील के कोसमी में और 17 जुलाई को करपावण्ड तहसील के जैबेल मेें राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को वृहद राजस्व पखवाड़ा के प्रचार-प्रसार हेतु चयनित स्थल के आसपास के गांवों में कोटवारों के माध्यम से मुनादि करवाने के निर्देश दिए हैं, ताकि उस क्षेत्र के अधिक से अधिक ग्रामीण चयनित स्थल पर उपस्थित होकर राजस्व संबंधित कार्यों का निराकरण करवा सकें।
बस्तर में सामुदायिक पुलिसिंग से बैकफुट पर लाल आतंक
बस्तर में सामुदायिक पुलिसिंग से बैकफुट पर लाल आतंक, नौ महीनों में मारे गए 188 नक्सली
बस्तर। पिछले नौ महीने के भीतर छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में पांच- पांच किलोमीटर की दूरी पर 31 नए सुरक्षा कैंप स्थापित होने से नक्सलियों की कमर टूटती नजर आ रही है। सुरक्षा बल के जवान हर मोर्चे पर सफल हो रहे हैं।
इसके पहले सुरक्षा कैंप की दूरी अधिक होने से नक्सली जवानों को नुकसान पहुंचाने में कामयाब होते रहे हैं मगर अब परिस्थितियां नक्सलियों के विपरीत हो चुकी हैं। एक बार फिर दंतेवाड़ा-नारायणपुर जिला के सीमाई क्षेत्र में सुरक्षाबल के साथ हुए मुठभेड़ में 31 नक्सली मारे जा चुके हैं। इसे न केवल छत्तीसगढ़ के बल्कि देश के इतिहास में सबसे बड़ा एनकाउंटर माना जा रहा है। पिछले नौ महीनों में 188 नक्सली मारे गए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों के 250 कैंप और नियद नेल्लानार योजना (आपका अच्छा गांव) के तहत 58 नए कैंप स्थापित करने की रणनीति बनाई है। इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग का दायरा बढ़ाया गया है। ताकि नक्सल प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय लोगों व पुलिस के बीच गहरी दोस्ती हो सके।