छत्तीसगढ़ / धमतरी
दसवीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
रायपुर की निजी संस्था देगी रोजगार
धमतरी । राजधानी रायपुर की निजी कंपनी में फील्ड ऑपरेशन सुपरवाईजर के तहत डिप्लोमा ऑफ राईडर्स इन रैपीडो-फील्ड जॉब के लिए पांच युवाओं की जरूरत है। यह दसवीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। सहायक संचालक जिला कौशल विकास प्राधिकरण डॉ.शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि राजधानी रायपुर स्थित कलेक्टोरेट कार्यालय के सामने टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन प्राईवेट लिमिटेड में दसवीं पास युवाओं को रोजगार प्रदाय किया जाएगा।
इसमें कंपनी द्वारा हितग्राहियों को सुबह 10 बजे से शाम 07 बजे तक काम करना होगा और इसके लिए कंपनी 14 हजार रूपये मासिक वेतन देगी। इस काम के लिए हितग्राही के पास स्वयं का दो पहिया वाहन, ड्राईविंग लायसेंस और हेलमेट होना अनिवार्य है। जिले के ऐसे इच्छुक युवक जो टेक्नोटॉस्क बिजनेस साल्यूशन प्राईवेट लिमिटेड, रायपुर के माध्यम से रोजगार प्राप्त करना चाहते हैं, वे दिनांक सात अप्रैल से 10 अप्रैल तक अपने समस्त दस्तावेज के साथ जिला कौशल विकास प्राधिकरण, प्रथम तल, जिला पंचायत धमतरी में उपस्थित होकर संपर्क कर सकते है।
निर्माणाधीन आवास का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
माटीकला प्रशिक्षण केन्द्र में सुविधायें विकसित करने के दिये निर्देश
धमतरी । कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज अपने कुरूद प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत् बन रहे घरों का अवलोकन किया और इसकी मैदानी हकीकत जानी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत किए जा रहे सर्वे की प्रगति, योजना के तहत पात्र-अपात्र हितग्राहियों की संख्या और अब तक बन चुके आवास तथा उनके भुगतान आदि की जानकारी उपस्थित अधिकारियों से ली। इस दौरान कलेक्टर ने गांव में जल जीवन मिशन अंतर्गत पानी की उपलब्धता, पेयजल की नियमित आपूर्ति, बोर की संख्या सहित जल स्त्रोत की उपलब्धता आदि के बारे में ग्रामीणों से चर्चा की।
कलेक्टर मिश्रा ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की हितग्राही ग्राम उमरदा की श्रीमती निर्मला बाई के घर भी पहुंचे और घर निर्माण की गुणवत्ता देखी। श्रीमती निर्मला बाई ने कलेक्टर को बताया कि वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत उसका घर स्वीकृत हुआ है। योजना अंतर्गत 2 किश्तों का भुगतान उसे प्राप्त हो गया है, जिसकी मदद से उन्होंने अपने मकान को छत लेबल तक पूरा कर लिया है। श्रीमती निर्मला ने बताया कि घर पूरा करने के लिए अंतिम किश्त अभी मिलनी बाकी है, किश्त मिलते ही छत ढलाई का भी काम पूरा हो जायेगा। कलेक्टर ने उक्त कार्य को शीघ्र पूरा करने कहा।
प्रवास के दौरान कलेक्टर ने मंदरौद स्थित माटीकला प्रशिक्षण भवन का भी अवलोकन किया। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से गांव व गांव के आसपास कुम्हार परिवारों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि माटीकला से अधिक से अधिक कुम्हार परिवारो को जोड़कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करें। ताकि उनके कार्य में आधुनिकता अनुरूप निखार आ सके। इसके लिए भवन में सभी मूलभूत सुविधायें जैसे बिजली, पानी, शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव, एसडीएम कुरूद नभसिंह कोसले के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रैक्टिकल परीक्षा में खुलेआम नकल
नगरी । नगरी से डीएलएड की प्रैक्टिकल परीक्षा में सामूहिक नकल कराने का मामला सामने आया है। परीक्षार्थी खुलेआम मोबाइल देखकर नक़ल करते हुए दिखे। इतना ही नहीं नक़ल कराने के बदले सभी से पैसा भी लिया गया। यह सब खेल परीक्षा प्रभारी की मौजूदगी में हुआ है। जिसके कारण कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान डाइट नगरी का है। जहां पंडित सुंदर लाल शर्मा की ओर से संचालित डीएलएड द्वितीय वर्ष की प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें परीक्षार्थी खुलेआम नक़ल करते हुए दिखे। जिसका विडियो सामने आया है, विडियो में दिख रहा है कि, शिक्षकों के मौजूद रहते हुए भी मोबाइल से उत्तर लिख रहे हैं।
परीक्षा प्रभारी की मौजूदगी में नक़ल
इस मामले का सीसीटीवी विडियो भी सामने आया है। प्रभारी की मौजदगी में खुलेआम मोबाइल से नक़ल का खेल चल रहा है। व्यवस्था प्रभारी रुपए कलेक्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। परिक्षार्थी मोबाइल सामने रखकर परीक्षा दे रहे हैं, और एक शख्स सभी से पैसा ले रहा है।
01 अप्रैल 2025 से मनरेगा श्रमिकों को मिलेंगे प्रति दिवस 261.00 रूपये की मजदूरी
धमतरी । महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 01 अप्रैल 2025 से भारत सरकार, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम 2005 (2005 का 42) की धारा 6 की उपधारा (1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय की अधिसूचना सं.का,आ, 463(अ) तारीख 26 फरवरी 2013, के तहत संशोधन की गई है।
तत्संबंध में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में मनरेगा के अकुशल श्रमिकों के लिए 01 अप्रैल 2025 से नयी मजदूरी दर 261.00 रूपये प्रति दिवस निर्धारित किया गया है। वर्ष 2024-25 में मजदूरी दर 243.00 रूपये प्रति दिवस था, वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर श्रमिकों की मजदूरी दर 261.00 रूपये प्रति दिवस हो गया। वर्तमान में प्रत्येक दिवस पर कार्य करने वाले महिला व पुरूष श्रमिकों को समान रूप से मजदूरी के रूप में 261.00 रूपये मिलेंगे।
आगे उन्होंने यह भी बताया कि-महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना प्रारंभ से लेकर अब तक दैनिक मजदूरी दर इस प्रकार रही है। वर्ष 01 दिसम्बर 2006 से 62.63 रूपये, 01 मई 2007 से 66.70 रूपये, 01 नवम्बर 2007 से 69.00 रूपये, 01 अप्रैल 2008 से 72.23 रूपये, 01 अक्टूबर 2008 से 75.00 रूपये, 01 नवम्बर 2009 से 83.73 रूपये, 04 जनवरी 2010 से 100.00 रूपये, 01 जनवरी 2011 से 122.00 रूपये, 01 जनवरी 2012 से 132.00 रूपये, 01 अप्रैल 2013 से 146.00 रूपये, 01 अप्रैल 2014 से 157.00 रूपये, 01 अप्रैल 2015 से 159 रूपये, 01 अप्रैल 2016 से 167.00 रूपये, 01 अप्रैल 2017 से 172.00 रूपये, 01 अप्रैल 2018 से 174.00 रूपये, 01 अप्रैल 2019 से 176.00 रूपये, 01 अप्रैल 2020 से 190.00 रूपये, 01 अप्रैल 2021 से 193.00 रूपये, 01 अप्रैल 2022 से 204.00 रूपये, 01 अप्रैल 2023 से 221.00 रूपये, 01 अप्रैल 2024 से 243.00 रूपये, 01 अप्रैल 2025 से 261.00 रूपये है। इस आशय की जानकारी संबंधित पंचायत एवं निर्माण एजेंसियों को व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु नोटिस बोर्ड या मुनादी के माध्यम से कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
सावरेंगा कांटा तालाब, लायब्रेरी में वाईफाई की सुविधा मिलेगी
कलेक्टर ने किया निरीक्षण, कार्ययोजना तैयार करने दिये निर्देश
धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज जिले के रत्नाबांधा चैक के समीप संचालित लायब्रेरी पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से लायब्रेरी में विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने लायब्रेरी में उपस्थित विद्यार्थियों से चर्चा की।
कलेक्टर ने उपस्थित विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में भी पूछा और उनका मार्गदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि लायब्रेरी में आने वाले विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप यहां कुर्सियां की कमी है। इसके साथ ही साफ-सफाई हेतु एक कर्मचारी की भी आवश्यकता है। विद्यार्थियों ने कलेक्टर को जानकारी देते हुए यह भी बताया कि परिसर में वायफाई की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें इंटरनेट के माध्यम से जानकारी एकत्रित करने में भी परेशानी होती है। कलेक्टर ने अधिकारियों निर्देशित किया कि वे इन समस्याओं का तत्काल निराकरण कर जानकारी देवें।
इस दौरान कलेक्टर ने धमतरी शहर के कांटा तालाब का भी निरीक्षण किया और तालाब को संवारने के लिए समीप में बनाये जाने वाले जिम ऐरिया, पाथवे, चिल्ड्रन प्ले एरिया को देखा और अधिकारियों से इन सभी कामों का प्रपोजल तैयार कर सक्षम स्वीकृति लेने की बात कही। कलेक्टर ने नगर के ह्दय स्थल पर बनाये गये मकई गार्डन का भी अवलोकन किया और इसके सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई आदि के लिए कार्ययोजना बनाने कहा। इस दौरान कलेक्टर ने बालक चैक में बनाये जा रहे शापिग काम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया और उक्त कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रिया गोयल, उपायुक्त पीसी सार्वा के अलावा नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना : देश के प्रतिष्ठित कम्पनियों में युवाओं को किया जाएगा प्रशिक्षित
धमतरी । जिले में बेरोजगार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के की कवायद की जा रही है। इसके लिए केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत देश की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे सेल, एनटीपीसी, पीजीसीआईएल, एसईसीएल, जिंदल, एचडीएफसी बैंक आदि में युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। योजना के तहत आवेदन के लिए आगामी 31 मार्च तक स्थानीय भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक रूद्री (धमतरी) और जिले के विभिन्न आईटीआई संस्थानों में शिविर लगाया जा रहा है।
संस्था के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना ने बताया कि धमतरी जिले के युवाओं के लिए पंजीयन एवं आवेदन के लिए विशेष शिविर लगाया जा रहा है। इच्छुक युवा इस शिविर में उपस्थित होकर निःशुल्क पंजीयन एवं आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता की जानकारी देते हुए प्राचार्य ने बताया कि 21 से 24 वर्ष तक की आयु के दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक पास ऐसे विद्यार्थी, जो नियमित उच्च शिक्षा में पंजीकृत न हों और किसी किसी नियमित जॉब अथवा नियोजन में कार्यरत न हो तथा आवेदक के परिवार का कोई सदस्य शासकीय सेवा में न हो एवं वार्षिक आय 8 लाख से अधिक न हो पात्र होंगे।
आवेदन प्रक्रियाः प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन पोर्टल https://pminternship.mca.gov.in पर इच्छुक युवा निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं। आवेदन लोक सेवा केंद्रों या स्वयं के मोबाइल से भी किया जा सकता है। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र (10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक), सभी अंकसूची की प्रति, बैंक पासबुक के पहले पृष्ठ की छायाप्रति, आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना होगा। संस्था के प्राचार्य ने धमतरी जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपनी नौकरी पाने की संभावना को मजबूत करें। शिविर के संबंध में अधिक जानकारी के लिए शासकीय पॉलिटेक्निक रूद्री, धमतरी या संबंधित आईटीआई संस्थानों से संपर्क किया जा सकता है।
किसान पंजीयन अनिवार्य, बिना पंजीयन नहीं मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
आधार नंबर की तरह किसानों को भी यूनिक नंबर, पंजीयन की अंतिम तिथि 31 मार्च
धमतरी । जिले के सभी कृषि भूमिधारक किसानों को आधार नंबर की तरह ही यूनिक पहचान नंबर देने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन किया जा रहा है। किसानों को यूनिक पहचान नंबर मिल जाने से खेती-किसानी के लिए चलाई जा रही शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में बड़ी आसानी होगी। किसान पंजीयन के लिए 31 मार्च 2025 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। केन्द्र सरकार की एग्री टैक परियोजना के तहत किसानों को इस पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। बिना पंजीयन के भविष्य में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने के लिए किसान अपने नजदीक के प्राथमिक सहकारी समिति या जिले के किसी भी चॉईस सेंटर या लोक सेवा केन्द्र पर सम्पर्क कर सकते हैं। धमतरी जिले में अभी तक 88 हजार 106 किसानों को एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीकृत कर उनके यूनिक किसान नंबर फॉर्मर आईडी जारी किए जा चुके हैं।
कृषि विभाग के उप संचालक मोनेश साहू ने बताया कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराकर फॉर्मर आईडी बनवाने वाले किसानों को फसल बीमा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, केसीसी, फसल ऋण जैसी कई सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को बार-बार अपने दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। पंजीयन के बाद मिले कार्ड से ही सभी योजनाओं का लाभ किसानों को आसानी से मिल सकेगा। उप संचालक ने यह भी बताया कि जो किसान अपना पंजीयन एग्रीस्टैक पोर्टल पर नहीं कराएंगे, उन्हें भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ेगा। श्री साहू ने बताया कि किसानों को यूनिक पहचान नंबर प्राप्त करने के लिए अपनी कृषि भूमि के दस्तावेज जैसे-ऋण पुस्तिका, बी-1 के साथ आधार कार्ड की प्रति और आधार कार्ड से सम्बद्ध मोबाईल नंबर बताना होगा। किसानों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर लोकसेवा केन्द्रों में संबंधित जानकारी पोर्टल पर ऑनलाईन दर्ज की जाएगी। दर्ज जानकारी का सत्यापन राजस्व विभाग के सक्षम अधिकारी द्वारा किया जाएगा। इसके बाद किसानों को यूनिक पहचान नंबर जारी किया जाएगा।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी यूनिक पहचान के लिए जल्द से जल्द लोकसेवा केन्द्र जाकर या नजदीकी सहकारी समिति में संबंधित पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराकर पंजीयन करा लें और यूनिक पहचान मिलने के बाद प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना सहित खेती-किसानी के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का आसानी से फायदा लें।
कलेक्टर पहुंचे पॉलीटेक्निक कॉलेज
एनआईटी रायपुर के सहयोग से जिले के विद्यार्थियों को मिलेगा स्टार्टअप के लिए मार्गदर्शन
धमतरी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा आज सुबह रुद्री स्थित भोपाल राव पावर पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचे। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनसे भविष्य के बारे में कैरियर के बारे में बात की। दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपने छात्र जीवन के अनुभव भी साझा किए और सभी को मेहनत कर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने की समझाईश दी।
एनआईटी रायपुर के विशेषज्ञ आयेंगे धमतरी, स्टार्टअप के लिए मिलेगा मार्गदर्शन
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनके कैरियर ऑप्शन्स के बारे में बात की और उनसे सरकारी नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने के बारे में जाना। श्री मिश्रा ने विद्यार्थियों को बताया कि अपना स्टार्टअप शुरू करने वाले विद्यार्थियों के लिए जल्द ही धमतरी में रायपुर के एनआईटी से विषय विशेषज्ञ मार्गदर्शन देने आयेंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए एनआईटी के साथ पार्टनरशिप की है। कलेक्टर ने बताया कि विशेषज्ञ विद्यार्थियों को एग्रीटेक, फ़ूड प्रोसेसिंग, इंटरनेट आधारित व्यवसायिक गतिविधियों के साथ वनोपज आधारित इकाई स्थापना के लिए भी मार्गदर्शन देंगे। विशेषज्ञों द्वारा धमतरी या आसपास के जिलों के रिसोर्सेज के आधार पर उत्पाद बनाना, उनके लिए मार्केटिंग और सेल्स के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बनाये गए प्रोडक्ट्स को जिले और राज्य ही नहीं, बल्कि देश के बाहर बेचने के लिए भी सहयोग किया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि विद्यार्थी अपने ख़ुद के आईडिया को भी बताकर विशेषज्ञों से जानकारी ले सकेंगे। धमतरी के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और उसके लिए सभी जानकारियां उपलब्ध कराने एनआईटी, आईआईएम सहित दूसरे बड़े औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
जिला पंचायत की सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अखिल भारतीय सेवाओं के लिए आयोजित परीक्षाओं की तैयारियों के अपने अनुभव साझा किए। श्रीमती श्रीवास्तव ने इन परीक्षाओं में सफलता के लिए कड़ी मेहनत और ख़ुद से प्रतियोगिता को सफलता सूत्र बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को हर दिन बेहतर करने की सलाह दी ।
आवास प्लस 2 के छूटे हितग्राहियों का सर्वे 30 अप्रैल तक
धमतरी । जिला पंचायत धमतरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से निहारिका बारिक, प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं रजत बंसल, संचालक प्र.म.आ.यो.ग्रा की अध्यक्षता में की गई। समीक्षा में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव, कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
विडियो कांफ्रेस के माध्यम से प्रमुख सचिव द्वारा निर्देशित किया कि वर्ष 2024-25 में जिले को प्राप्त आवास लक्ष्य 21875 में से 18775 आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है, शेष आवासों की स्वीकृति समयानुसार किये जाने आदेशित किया गया। 30 मार्च 2025 तक जिले को अधिक से अधिक आवास पूर्ण कर वृहद स्तर पर गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कराने के भी निर्देश दिये गये। विदित हो कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रथम चरण के स्वीकृत 8874 आवासांे में जिले द्वारा 3950 आवास पूर्ण कर लिया गया है, जनमन अंतर्गत लक्षित 1281 आवासो में 752 आवास पूर्ण हो चुके है, जो कि लक्ष्य का 58.70 प्रतिशत है।
धमतरी जिले में अच्छी प्रगति को देखते हुए एवं अन्य जिलो को के प्रोत्साहित लिए के लिए धमतरी के तर्ज पर नवाचर कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश प्रमुख सचिव ने दिये। वही वर्तमान में चल रहे आवास प्लस 2.0 मेें छुटे पात्र हितग्राहियों का सर्वे पोर्टल में 30 अप्रेल 2025 तक एन्ट्री करने के निर्देश दिये गये। आवास प्लस 2.0 में 20 मार्च 2025 तक कुल 1567 हितग्राहियो का सर्वे किया गया है जो कि शत-प्रतिशत नहीं है, अतः सर्वे में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिये गये। वर्तमान में सचिवों के हड़ताल में होने के कारण सर्वे कार्य में रोजगार सहायकों संलग्न किये जाने के निर्देश दिये गये।
पीएम आवास योजना से गरीबों के पक्के आशियाना का सपना हो रहा पूरा
धमतरी । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के व्यक्तियों के लिए आवास निर्माण में बेहद सहायता प्रदान करने वाली योजना है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ऐसे गरीब परिवार जो अपना खुद का पक्का मकान नहीं बना पा रहे थे उनके लिए यह बहुत सहायक हुई है। इस योजना का लाभ उठाकर आज हितग्राही अपना स्वयं का पक्का मकान आसानी से बना पा रहा है। इस योजना के तहत सभी गरीब परिवार जो इस योजना का लाभ लेने हेतु पात्रता रखते है. उनके सपनों का आशियाना तैयार किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत जनपद पंचायत कुरूद से वर्ष 2024-25 में लाभान्वित ग्राम पंचायत अंवरी की हितग्राही दौलत राम की यह कहानी है। दौलत राम स्वयं व अपने 4 पुत्री और 1 पुत्र के साथ निवासरत है। उनकी पत्नी नहीं होने के कारण अपने परिवार का बड़ी मुश्किल से भरण-पोषण कर पाता था। ग्राम पंचायत अंवरी में हितग्राही कबाड़ी का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। दौलत राम कबाड़ी का कार्य करके इतने पैसे नहीं बचा पाते थे. जिससे वह अपने लिए एक पक्का मकान बना सके। हितग्राही दौलत राम अपने पुश्तैनी कच्ची मकान में रहते थे। बरसात के दिनों में इस मकान में इनका गुजर-बसर बढ़ा ही कष्ट दायी हो जाता था। मकान के दीवार में सीलन आ जाती थी, ऊपर मकान में कच्ची छत होने के कारण पानी टिपकता था और मिट्टी का दिवाल होने के कारण चूहों ने भी जगह-जगह बिल बना लिए थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए पात्रता रखने के कारण दौलत राम का नाम आवास निर्माण हेतु ग्राम पंचायत द्वारा चयन किया गया जिसके फलस्वरुप उसके आवास निर्माण का कार्य प्रारंभहुआ। उन्हें इस योजना के बारे में अधिक जानकारी जनपद पंचायत द्वारा आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम में मिला। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में उन्हें यह पता चला कि इस योजना के तहत हमें कितनी कितनी राशी कब-कब मिलेगी और कैसे हमें अपना आवास अच्छे से बनाना है। अब हेमीन बाई का परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित पक्के मकान में बहुत सुख पूर्वक निवास कर रहे है।
धमतरी में अजब गजब, महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म
धमतरी: धमतरी के एक निजी अस्पताल में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है. जिले के निजी अस्पताल में महिला की डिलीवरी हुई. पहले तीन बेटियों का जन्म हुआ और उसके बाद बेटे का जन्म हुआ. धमतरी में अब तक का यह पहला केस है. इस बात की हर ओर चर्चा हो रही है. सभी चारों नवजात बच्चे का वजन कम है. इसलिए उन्हें बेबी वार्मर मशीन में रखा गया है. एक साथ चार बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी की लहर है
समय से पहले हुई डिलीवरी: नगरी ब्लॉक के नंदेश्वर नेताम के यहां चार चार खुशियां आई है. नंदेश्वर का कहना है कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा है कि उनके चार बच्चे हुए हैं. घर में काफी खुशी है. मेरी शादी को 4 वर्ष हुए हैं, मेरी पत्नी लक्ष्मी नेताम सिलाई का काम करती है और मैं मजदूरी का काम करता हूं. मेरी पत्नी लक्ष्मी नेताम ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया. इनमें तीन लड़की और 1 लड़का है. निर्धारित समय से पहले 7 महीने में ही डिलवरी हुई है.
हमारी शादी चार साल पहले हुई थी. मेरी पत्नी लक्ष्मी को गर्भ नहीं ठहर रहा था. एक बार गर्भ ठहरा भी लेकिन वह मिसकैरेज हो गया. उसके बाद हमने डॉक्टरी इलाज की मदद ली. अब एक साथ चार बच्चों का जन्म हमारे यहां हुआ है-नंदेश्वर नेताम, नवजात बच्चों के पिता
निजी नर्सिंग होम में हुई डिलीवरी: सभी चार बच्चों की डिलीवरी निजी नर्सिंग होम में हुई है. इससे पहले नगरी अस्पताल में नंदेश्वर की पत्नी लक्ष्मी को भर्ती कराने पर पता चला कि गर्भ में चार बच्चे हैं. जिसके बाद नगरी अस्पताल से लक्ष्मी को धमतरी के उपाध्याय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. यहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन से प्रसव कराने का फैसला किया. लक्ष्मी की स्थिति को देखते हुए सिजेरियन यानि की ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराने का फैसला लिया गया. लक्ष्मी को पहले तीन लड़कियां हुई. उसके बाद एक बेटा पैदा हुआ. इस तरह कुल चार बच्चों को लक्ष्मी ने जन्म दिया.
प्री मेच्योर डिलीवरी होने के कारण बच्चों को इंटेंसिव केयर यूनिट में रखा गया है. अभी बच्चे और उनकी माता के सेहत को सामान्य होने में समय लगेगा. पहला बच्चा 1 किलो 500 ग्राम, दूसरा बच्चा 1 किलो 300 ग्राम, तीसरा बच्चा 1 किलो 100 ग्राम और चौथा बच्चा 900 ग्राम का है.-डॉ रश्मि उपाध्याय, स्त्री रोग विशेषज्ञ
डॉक्टरों ने जताई हैरानी: एक साथ चार बच्चों के जन्म को लेकर डॉक्टरों ने हैरानी जताई है. डॉक्टरों ने कहा कि आम तौर पर आईवीएफ यानी इन विट्रो फर्टिलाइजेशन तकनीक का प्रयोग करने पर 2 या ज्यादा बच्चे होते हैं. ये प्राकृतिक रुप से हुआ है, डॉक्टरों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में ऐसे मामले नहीं के बराबर हैं. भारत देश में केरल प्रदेश के मणप्पुरम जिले में सबसे ज्यादा जुड़वा बच्चों का रिकॉर्ड है.
समय सीमा में निपटाएं राजस्व प्रकरण : कलेक्टर
धमतरी। जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों को लेकर आज कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की और उचित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों की बैठक में कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने इस दौरान नामांतरण, अविवादित बंटवारा, विवादित राजस्व प्रकरणों, अभिलेख दुरूस्ती और त्रुटि सुधार प्रकरणों, भू-अर्जन, सीमांकन सहित डायवर्सन प्रकरणों की जानकारी ली। कलेक्टर ने इन सभी प्रकरणों की राजस्व अधिकारी न्यायालयवार समीक्षा की। मिश्रा ने बड़ी संख्या में लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताई और सीमांकन, बटांकन, नामांतरण जैसे प्रकरणों में भी निर्धारित समय से अधिक अभी तक पेशी पर पेशी बुलाने पर रोक लगाने की बात कही। बैठक में पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय, अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों में शासन द्वारा निर्धारित समयावधि में ही निपटारा सुनिश्चित किया जाए। पेशी पर पेशी अब नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि बार-बार पेशी पर बुलाने से हितग्राहियों को काफी परेशानी होती है। ना केवल उनका पैसा-समय बर्बाद होता है, बल्कि वे अन्य जरूरी काम भी नही ंकर पाते हैं। कलेक्टर ने पेशियों में कमी लाते हुए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को ई-कोर्ट में दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड दुरूस्तीकरण और त्रुटि सुधार के लंबित प्रकरणों पर भी चिंता जताई। कलेक्टर ने रिकॉर्ड दुरूस्तीकरण के लिए तहसीलदारों को पटवारियों के माध्यम से अभियान चलाने के लिए भी कहा।
वरिष्ठ अधिकारी करें अधीनस्थ कार्यालयों का सतत् निरीक्षण
बैठक में कलेक्टर ने अपर कलेक्टर और एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में तहसीलदारों तथा नायब तहसीलदार राजस्व न्यायालयों का सतत् निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए निर्धारित रोस्टर तैयार करने को कहा। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान कार्यालय की सभी शाखाओं के रिकॉर्ड का बारिकी से अवलोकन करने और शासकीय कार्य में लापरवाही नजर आने पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कानून व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सूचना तंत्र मजबूत करने को कहा। उन्होंने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में होने वाली घटना- दुर्घटनाओं की जानकारी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस अधिकारियों को भी देने के निर्देश दिए।
कुख्यात बदमाश की पीट-पीटकर हत्या, ग्रामीणों पर शक...
धमतरी । जिले के बिरेझर चौकी क्षेत्र के मड़ेली गांव में एक कुख्यात बदमाश की हत्या कर दी गई है। मृतक का नाम बिट्टा बताया जा रहा है, जो इलाके में अपनी आपराधिक गतिविधियों के कारण कुख्यात था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज थे, और उसके आतंक से ग्रामीण परेशान थे।
ग्रामीणों ने की हत्या?
सूत्रों के मुताबिक, बिट्टा की हत्या गांव के ही कुछ लोगों ने की है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हत्या में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आवास प्लस सर्वे 2.0 कार्य 31 मार्च तक
धमतरी । जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत स्थायी प्रतिक्षा सूची एवं आवास प्लस 2018 की पात्रता सूची में छुटे हुए पात्र परिवारों का सर्वे किया जाना है। उक्त कार्य हेतु आवास प्लस सर्वे 2.0 का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसे पंचायत स्तर पर पंजीकृत प्रगणकों (पंचायत सचिव/रोजगार सहायक) द्वारा किया जा रहा है, जिसकी अंतिम तिथि 31.03.2025 निर्धारित की गई है।
इस संबंध में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत अंतर्वेशन एवं बर्हिवेशन मानदंड निर्धारित किया गया है। स्वतः अंतर्वेशन के लिए मानदंड हैं - आश्रयविहीन परिवार, बेसहारा- भीख मांग कर जीवन यापन करने वाले, हाथ से मैला ढोने वाले, आदिम जनजातीय समूह, वैधानिक रूप से मुक्त कराए गए बंधुआ मजदूर।
बर्हिवेशन मापदंड (संशोधित)-मोटरयुक्त तिनपहिया-चौपहिया वाहन, मशीनीकृत तिपहिया-चौपहिया कृषि उपकरण,पचास हजार रुपए अथवा इससे अधिक ऋण सीमा वाले किसान क्रेडिट कार्ड, वे परिवार, जिनका कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो, सरकार के पास पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवार वे परिवार, जिनका कोई सदस्य पन्द्रह हजार रुपए से अधिक प्रतिमाह कमा रहा हैं। आयकर देने वाले परिवार, व्यवसाय कर देने वाले परिवार, वे परिवार जिनके पास 2.5 एकड या इससे अधिक सिंचित भूमि हो, वे परिवार, जिनके पास 5 एकड़ या इससे अधिक असिंचित भूमि हो।
ऑफिस टायमिंग पर जीरो टॉलरेंस, अधिकारी-कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें
धमतरी । पदभार संभालते ही नवनियुक्त कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के अधिकारी-कर्मचारियों को कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक ऑफिस में उपस्थित रहकर काम करने की हिदायत दी है। कलेक्टर ने आज सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की संक्षिप्त बैठक बुलाई। उन्होंने सबसे पहले ऑफिस टायमिंग पर अपनी जीरो टॉलरेंस नीति की बात की। मिश्रा ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित उपस्थिति समय सुबह 10 बजे कार्यालय में आना होगा। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कार्यालयों को भी अवगत कराने को कहा। कलेक्टर ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि कार्यालयीन समय पर उपस्थित नहीं होने या औचक निरीक्षण के दौरान बिना कारण-बिना सक्षम स्वीकृति के अनुपस्थित पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, श्रीमती रीता यादव, नगरनिगम आयुक्त सुश्री प्रिया गोयल सहित जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सप्ताह में सोमवार एवं गुरूवार को सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक उपस्थित रहेंगे। इन दोनों दिन अधिकारी आकस्मिक कार्य को छोड़कर किसी दौरे आदि पर नहीं रहेंगे। सप्ताह के दोनों दिन अधिकारी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। मिश्रा ने इसकी सूचना के लिए सभी कार्यालयों में बोर्ड लगवाने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में निर्माण विभागों के कामों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों के लिए जारी होने वाली निविदाओं में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि काम पूरा हो जाने के बाद पूरी प्रक्रिया कर निर्माण एजेंसियों का भुगतान जल्द से जल्द कर दिया जाए। कलेक्टर ने बिना किसी कारण के निर्माण एजेंसियों का भुगतान रोकने की शिकायतें मिलने पर कार्रवाई करने की हिदायत अधिकारियों को दी। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों का सतत् निरीक्षण करने और गुणवत्तापूर्ण काम कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
ग्रामीण आबादी भूमि सर्वे के बाद अधिकार अभिलेख का प्रारंभिक प्रकाशन 07 को
धमतरी । स्वामित्व योजना के तहत जिले के 501 राजस्व ग्रामों में स्थित ग्रामीण आबादी भूमि का ड्रोन से सर्वेक्षण कर अधिकार अभिलेख तैयार करने की प्रक्रिया जिले में जारी है। कार्यान्वयन एजेंसी द्वारा जिले के अंतर्गत कुकरेल, धमतरी, मगरलोड, भखारा के क्रमशः 03, 03, 08, 02 कुल 16 ग्रामों के 35 शीटों का मसौदा मानचित्र आवश्यक सुधार एवं आबादी भूमि के सभी भूखण्डों को क्रमांकित कर संपत्ति धारकों का विवरण निर्धारित प्ररूप में प्रविष्ट कर उपलब्ध कराया गया है।
प्ररूप अधिकार अभिलेख का प्रारंभिक प्रकाशन ’परिशिष्ट-7’ में किया जाना है। सूची में दर्शित ग्रामों के प्ररूप अधिकार अभिलेख का प्रारंभिक प्रकाशन 07 मार्च से संबंधित ग्राम पंचायत में कराया जाना है। प्रारंभिक प्रकाशन होने के तिथि से 15 दिन तक हितबद्ध व्यक्ति, प्राधिकृत अधिकारी के समक्ष दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेगा। तहसीलदार ई-कोर्ट में प्रकरण दर्ज कर ईश्तहार का ग्रामवार प्रकाशन करेंगे तथा निर्धारित 15 दिन तक दावा-आपत्ति प्राप्त कर सुनवाई के बाद प्रकरण का निराकरण करेंगे।
प्रकाशन की अवधि में यदि किसी संपत्ति धारक द्वारा किसी भी प्रकार का दावा आपत्ति नहीं किया जाता है तो अंतिम प्रकाशन की कार्यवाही प्रारंभ कर अधिकार अभिलेख निर्माण की जा सकेगी। संबंधित तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि वे ग्राम कोटवार के माध्यम से मुनादी कराना सुनिश्चित करें। सर्व साधारण के लिए उद्घोषणा जारी करने, सूचनाओं की तामिली की अभिस्वीकृति का पंजी संधारण करने एवं ई-कोर्ट में लंबित प्रकरणों की सूची तैयार करने के लिए तहसीलवार प्राधिकृत अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है।
चाकूबाजी मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार
धमतरी । बदला लेने की भावना से चाकूबाजी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार किए गए है। राजकुमार यादव के साथ राजबीर सिंग मेहरा उर्फ गिन्नी, जग्गू उर्फ जागेश यादव, जग्गू का चाचा राजेश यादव,दो अन्य साथी विधि से संघर्षरत बालक के साथ वाद-विवाद लड़ाई-झगडा हुआ था उसी बात को लेकर बदला लेने के लिए राजवीर सिंग मेहरा उर्फ गिन्नी, जग्गू उर्फ जागेश यादव,जग्गू का चाचा राजेश यादव,दो अन्य साथी विधि से संघर्षरत बालक दिनांक 02.03.25 के सुबह करीब 09.30 बजे ललित मिश्रा उर्फ गन्नू के साथ मोटर सायकल में राजकुमार यादव को लेकर बबलू गुपचुप वाला के घर के सामने नयापारा वार्ड धमतरी पहुंचा था कि राजकुमार यादव को मोटर सायकल से खिंचकर उतार कर अश्लील गाली गलौच कर जान से मारने की नियत से एक राय होकर मारने लगे तभी राजवीर सिंग मेहरा उर्फ गिन्नी, जग्गू उर्फ जागेश यादव एवं उनके दो साथी विधि से अपने अपने पास रखे नुकीले एवं धारदार वस्तु से राजकुमार के शरीर में कई बार मारकर प्राण घातक चोंट पहुंचाये हैं।
जग्गू का चाचा राजेश यादव हांथ मुक्का तथा डंडा से मारपीट किये है कि अपराध विवेचना में आरोपियों का पता किया जाया जो आरोपी जागेश उर्फ जग्गू यादव राजेश यादव उर्फ खुबू का पता किया गया जो मिला थाना लाया गया आरोपी जागेश उर्फ जग्गू यादव राजेश यादव उर्फ खुबू से गवाहों के समक्ष पृथक पृथक पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी राजवीर सिंग उर्फ गिन्नी, जागेश उर्फ जग्गू यादव राजेश यादव उर्फ खुबू के पेश करने पर समक्ष गवाहों चाकू एवं लकड़ी का डंडा व् बांस का डंडा को जप्त लिया गया कि प्रकरण सदर में आरोपी जागेश उर्फ जग्गू यादव राजेश यादव उर्फ खुबू का कृत्य अपराध सदर धारा का अपराध घटित करने के पर्याप्त साक्ष्य सबुत पाए जाने से आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अप.क्र.- 45/25 धारा -126 (2),109 (1), 296,351(3),3(5), 190, 191(2), (3) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। एवं दोनों विधि से संघर्षरत बालक को जिला किशोर न्याय बोर्ड में पेश की जा रही है।
नाम आरोपी
(1) राजबीर सिंग मेहरा उर्फ गिन्नी पिता सुखवीर सिंग मेहरा उम्र 19 वर्ष सा. रिसाई पारा मेमन जमात खाना के पास थाना सिटी कोतवाली जिला धमतरी(छ.ग.)
(2) जागेश उर्फ जग्गू यादव पिता स्व. कुबेर यादव उम्र 25 वर्ष सा. शीतला मंदिर के पास नयापारा वार्ड धमतरी थाना सिटी कोतवाली जिला धमतरी (छ.ग.)
(3) राजेश यादव उर्फ खुबू पिता बिसंभर यादव उम्र 48 वर्ष सा. शीतला मंदिर के पास नयापारा बार्ड धमतरी थाना सिटी कोतवाली जिला धमतरी (छ.ग.)