बाढ़ से बचाव के लिए जिले में 24 घंटे संचालित होगा नियंत्रण कक्ष
कोरिया । मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं, विशेषकर बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय रायपुर के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में कोरिया जिला में बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।
यह नियंत्रण कक्ष कक्ष क्रमांक 31 में स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सतत रूप से संचालित रहेगा। किसी भी आपातकालीन स्थिति की जानकारी देने अथवा सहायता प्राप्त करने के लिए नागरिक बाढ़ नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07836- 232330 पर संपर्क कर सकते हैं।
डिप्टी कलेक्टर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 42 कर्मचारियों को नियंत्रण कक्ष में ड्यूटी पर तैनात किया गया है, जो तीन शिफ्ट के अनुसार कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त 6 कर्मचारियों को रिज़र्व में रखा गया है, ताकि किसी कर्मचारी की अनुपस्थिति अथवा अवकाश या आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्रदान करेंगे।
बाढ़ पूर्व तैयारियों के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक राहत एवं बचाव संसाधनों की व्यवस्था भी कर ली गई है। संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है तथा आपसी समन्वय के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत बाढ़ नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।