भाजपा ने प्रेस वार्ता में कांग्रेस के दावों की पोल खोली
बालोद |
2025-07-23 18:41:40
भाजपा ने प्रेस वार्ता में कांग्रेस के दावों की पोल खोली
बालोद।भारतीय जनता पार्टी ने आज जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को उजागर किया।
पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने कहा कि – “भ्रष्टाचारियों को बचाने प्रदेश की जनता को परेशानी में डाला जा रहा है। इसे ही कहते हैं – चोरी ऊपर से सीना जोरी।” उन्होंने शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी में प्रदेश की जनता का पैसा लूटा गया और अब जब जांच में आरोपी सामने आ रहे हैं, तो कांग्रेस उन्हें बचाने मैदान में उतर आई है।
जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने प्रेस वार्ता में कोयला आवंटन और पर्यावरण स्वीकृति से जुड़े भूपेश बघेल सरकार के आधिकारिक आदेश के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ने अशोक गहलोत को कोल ब्लॉक आवंटित किया और अडानी को खदानों का ऑपरेटर बनाया।
16 अक्टूबर 2019 को पर्यावरण स्वीकृति की सिफारिश, 31 मार्च 2021 को ओपन कास्ट गारे पेलमा सेक्टर-2 के लिए एमओयू, 19 अप्रैल 2022 को स्टेज-1 और 23 जनवरी 2023 को स्टेज-2 वन स्वीकृति की सिफारिश भेजी गई थी।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के तत्कालीन मंत्री बीडी कल्ला व सीएम अशोक गहलोत ने खुद कोल ब्लॉक आवंटन के लिए पत्राचार किया, जिसे जनता ने भी देखा। प्रेसवार्ता में भाजपा ने तीन सवाल दागे जिनमें 1) कांग्रेस, मनमोहन सिंह सरकार के कोल ब्लॉक फैसलों पर माफी मांगेगी क्या? 2) भूपेश बघेल अब अपने घर व राजीव भवन की बिजली बंद करेंगे क्या? 3) क्या कांग्रेस हर आरोपी के समर्थन में खड़ी होगी, जैसे भूपेश बघेल के बेटे के मामले में?
राकेश यादव ने तंज कसा कि जब सवाल पूछे जाते थे तो भूपेश बघेल बिजली बंद करने की सलाह देते थे, अब वो खुद अपनी बिजली बंद करेंगे क्या?
प्रेस वार्ता में हरिश कटझरे, कमल पनपालिया, वीरेन्द्र साहू, शेखर वर्मा, नरेंद्र सोनवानी, बिल्ला मनहर सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।