ईरान के तेल मंत्री ने इस्तीफा दिया, शीर्ष अधिकारी नियुक्त
तेहरान । अमेरिका के कड़े प्रतिबंधों के बीच ईरान के तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसकी जानकारी ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय ने दी। बताया जा रहा है कि पाकनेजाद ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। फिलहाल के लिए नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को नियुक्त किया गया है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इस्तीफा स्वीकार कर NIOC के प्रमुख हामिद बोवार्ड को कार्यवाहक तेल मंत्री नियुक्त करने की सिफारिश की है।
सरकारी प्रसारक IRIB ने बताया कि पाकनेजाद ने कुछ समय पहले निजी कारणों से इस्तीफा देने की पेशकश की थी, लेकिन उनके इस अनुरोध को शुरू में अस्वीकार कर दिया गया था। अधिकारी के अनुसार, पेजेश्कियन ने पाकनेजाद से पद पर बने रहने का अनुरोध किया था। हालांकि, मंत्री के बार-बार पद छोड़ने के आग्रह के बाद राष्ट्रपति ने अंततः उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
पेजेश्कियन ने पाकनेजाद के ईमानदार सेवा की सराहना की है।
अमेरिका के साथ पिछले 7 महीनों में जारी युद्ध के बीच ईरान की अर्थव्यवस्था पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। अमेरिका की नौसैनिक नाकाबंदी और कड़े प्रतिबंधों के चलते देश को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने तेल भंडार बेचने में काफी कठिनाई हो रही है। युद्ध के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अभी भी तनाव बना हुआ है, जहां से दुनिया के पांचवें हिस्से के तेल-गैस की आपूर्ति होती है। यहां अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी है।