छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारें अधिकारी-कर्मचारी : कलेक्टर तुलिका प्रजापति

संविधान दिवस पर कलेक्टोरेट में दिलाई गई शपथ, समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों के प्रति निष्ठा का लिया संकल्प

कवर्धा- भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला कार्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। सभी ने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए उनके अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों एवं दायित्वों का भी बोध कराता है। संविधान में समाहित आदर्श हमें एकजुट होकर समरस, शांतिपूर्ण और सशक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि संविधान के प्रति सम्मान केवल शपथ लेने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपने आचरण, व्यवहार और कार्यप्रणाली में भी उतारना आवश्यक है। प्रत्येक शासकीय सेवक का दायित्व है कि वह अपने कार्यों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करे तथा आम नागरिकों के अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करे।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा बिना किसी भेदभाव के आम जनता की समस्याओं का निराकरण करना भी संवैधानिक मूल्यों के प्रति सच्ची निष्ठा का परिचायक है। संविधान के आदर्शों का पालन करके ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, डिप्टी कलेक्टर सहित कलेक्टोरेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की गरिमा बनाए रखने तथा उसके मूल्यों और आदर्शों के अनुरूप अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Leave Your Comment

Click to reload image