छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

खदान, किसानों की कर्जमाफी और 55 लाख एकड़ जमीन के कथित घोटाले पर किसान मोर्चा का हल्लाबोल, 26 नवंबर को सौंपेंगे ज्ञापन

किसान महाबैठक में तीन बड़े प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, सात दिन में कार्रवाई की मांग; मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कवर्धा। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानों से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डोलोमाइट खदान की प्रस्तावित गतिविधियों का विरोध, बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए कर्जमाफी तथा प्रदेश में लगभग 55 लाख एकड़ जमीन के कथित फर्जी पंजीयन और बिक्री की जांच की मांग को लेकर मोर्चा ने आंदोलन का ऐलान किया है। इन मुद्दों पर 22 नवंबर 2026 को कवर्धा कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किसान महाबैठक में जिले के सभी विकासखंडों से सैकड़ों किसान शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलनकारी अनिल दुबे ने की। बैठक में किसानों से जुड़े तीनों प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। निर्णय लिया गया कि 26 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम जिलाधीश कबीरधाम को ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

डोलोमाइट खदान और ग्रामीण सड़कों के निर्माण का विरोध

किसान मोर्चा का पहला प्रस्ताव छाटा (झा) क्षेत्र में प्रस्तावित डोलोमाइट खदान और चूना कारखाने से जुड़ा है। मोर्चा ने आरोप लगाया कि इस परियोजना से जिले से लगे आधा दर्जन से अधिक गांवों के किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों की आजीविका तथा पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापन का हवाला देते हुए मोर्चा ने बताया कि दिसंबर 2025 में खनिज विभाग, नया रायपुर के माध्यम से अडानी समूह की प्रस्तावित गतिविधियों के तहत पुश्तैनी भूमि और विभिन्न गांवों की सड़कों के उपयोग से संबंधित प्रस्ताव सामने आया था। किसानों ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में खनन गतिविधियों और औद्योगिक स्थापना पर रोक लगाने की मांग की है। मोर्चा का कहना है कि संबंधित ग्रामीण किसी भी प्रकार का कल-कारखाना नहीं चाहते।

इसी से जुड़े मैनपुरी गांव के सड़क निर्माण का मामला भी बैठक में उठाया गया। मोर्चा ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सहमति के बिना दुर्ग-कवर्धा के डंपर एवं ट्रकों के माध्यम से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। किसानों ने निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर गांधीवादी तरीके से सत्याग्रह कर निर्माण कार्य का विरोध किया जाएगा। मोर्चा ने 26 नवंबर से छाटा से मैनपुरी तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी घोषणा की भी जानकारी दी है। इस संबंध में जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक को सूचना दिए जाने की बात कही गई है।

बेमौसम बारिश से धान नुकसान के बाद संपूर्ण कर्जमाफी की मांग

दूसरा प्रस्ताव बेमौसम बारिश और अचानक आए चक्रवाती मौसम के कारण धान की फसल को हुए नुकसान से संबंधित रहा। मोर्चा का कहना है कि किसानों को घोषित मुआवजे के साथ-साथ कर्जमाफी की भी आवश्यकता है। जिलाध्यक्ष महेंद्र कौशिक ने प्रस्ताव रखते हुए कहा कि कबीरधाम सहित पूरे छत्तीसगढ़ के किसानों का समस्त कृषि कर्ज माफ किया जाना चाहिए। उनका तर्क है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक संकट से उबारने के लिए कर्जमाफी अधिक प्रभावी राहत साबित हो सकती है। मोर्चा ने उद्योगपतियों के बड़े कर्ज माफ किए जाने का हवाला देते हुए किसानों के कर्ज भी उसी तरह माफ करने की मांग उठाई है।

55 लाख एकड़ सरकारी और अन्य जमीन के फर्जी पंजीयन का आरोप, जांच की मांग

तीसरा प्रस्ताव प्रदेश में जमीनों के कथित फर्जी पंजीयन और अवैध बिक्री से जुड़ा रहा। किसान मोर्चा ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 55 लाख एकड़ शासकीय भूमि, आदिवासी भूमि, राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन, वन भूमि, तालाबों तथा मंदिर-मठों की संपत्तियों का कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी पंजीयन और बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। मोर्चा के अनुसार इस संबंध में शपथपत्र के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें महासमुंद के जिलाधीश विजय लंगेह सहित कई लोगों के नामों का उल्लेख होने का दावा किया गया है।

मोर्चा ने दुर्ग जिले में शासकीय भूमि से जुड़े मामले में नगर निगम के अधिकारियों पर भी गंभीर आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। संगठन का कहना है कि शिकायतों के साथ प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। मोर्चा ने इस मामले में केंद्र और राज्य सरकार से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

कबीरधाम में जमीन खरीदी-बिक्री और टेंडर प्रक्रिया की जांच की मांग

किसान मोर्चा ने कबीरधाम जिले में भी जमीनों की खरीदी-बिक्री, राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र, आदिवासी भूमि पर अनुमति तथा विभिन्न विभागों की टेंडर प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग भी जिलाधीश के समक्ष रखी जाएगी।

बैठक में जिलाध्यक्ष महेंद्र कौशिक, कवर्धा ब्लॉक अध्यक्ष सुंदरलाल कौशिक, भरत वर्मा, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष जगदम्बा साहू, सहसपुर लोहारा ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर राम सिन्हा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने प्रस्तावों का समर्थन किया। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि 26 नवंबर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव तथा दुर्ग संभाग के आयुक्त को भी भेजी जाएगी। किसान मोर्चा ने चेतावनी दी है कि किसानों और ग्रामीणों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image